भारत तिब्बत सहयोग मंच की प्रांत कार्यकारिणी का विस्तार प्रांत अध्यक्ष अजय सिंह ने राष्ट्रीय महामंत्री पंकज गोयल की अध्यक्षता में किया। इस दौरान अशोक कुमार नैहरिया को प्रांत उपाध्यक्ष, प्रेम सिंह ठाकुर को प्रांत उपाध्यक्ष, शमशेर नैहरिया को प्रांत युवा प्रभारी, अक्षय कुमार शर्मा को प्रांत मीडिया प्रभारी का दायित्व दिया गया। अजय सिंह ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि हम सबकों मिलकर संगठन की सुदृढ़ता के लिए काम करना है और भारत तिब्बत के परस्पर प्रेम भाव को बनाएं रखना है। उन्होंने कहा कि भारत और तिब्बत एक ही परिवार है, जिनकी संस्कृति व सभ्यता ही उनकी पहचान है।
विक्रम बत्रा महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग में फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। सीनियर्स ने जूनियर्स के लिए कई रंगारंग प्रस्तुतियां दी। वही जूनियर्स ने भी बेहतरीन प्रस्तुतियां देकर माहौल को बहुत संगीतमय बना दिया। इस अवसर पर पार्टी में मिस फ्रेशर स्वीटी रणजीत सिंह और शिवानी को मिस पर्सनालिटी चुना गया। विभाग में कार्यरत प्राध्यापक प्रोफेसर कल्पना ऋषि व प्रोफेसर सुनीता कटोच इस कार्यक्रम में मौजूद रहे और उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी व विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की। इस कार्यक्रम का आयोजन पालमपुर में वाइन एंड डाइन रेस्टोरेंट में किया गया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चम्बा के राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संग्रहालय भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा स्थापित किया गया है और देश के विभिन्न आकांक्षी जिलों में 75 विज्ञान संग्रहालय स्थापित करना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दृष्टिकोण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विज्ञान संग्रहालयों को बनाने का मुख्य उद्देश्य न केवल आम लोगों और विशेष रूप से छात्रों को स्वतंत्र भारत के पिछले 75 वर्षों के दौरान भारत की वैज्ञानिक यात्रा और उपलब्धियों से अवगत करवाना है, बल्कि स्कूली छात्रों में वैज्ञानिक सोच पैदा करना भी है। उन्होंने कहा कि इस संग्रहालय का नाम पंडित जयवंत राम उपमन्यु विज्ञान संग्रहालय रखा गया है। पंडित जयवंत राम उपमन्यु हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पहले अध्यक्ष और स्टेट हाई स्कूल चंबा में भारतीय मूल के पहले मुख्याध्यापक थे। जयराम ठाकुर ने कहा कि डीबीटी एनआईपीजीआर-पंडित जयवंत राम उपमन्यु विज्ञान संग्रहालय राजकीय ब्वायज वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा में स्थापित किया गया हिमाचल प्रदेश का पहला विज्ञान संग्रहालय है जो ”आजादी का अमृत महोत्सव“ का ही एक हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस विज्ञान संग्रहालय को लोगों में विज्ञान की शिक्षा और विज्ञान के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह विज्ञान संग्रहालय क्षेत्र में विज्ञान की शिक्षा को बढ़ावा देने, विशेषकर युवाओं और लोगों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तत्वावधान में देश के आकांक्षी जिलों में विज्ञान संग्रहालयों की स्थापना से भारत सरकार के समग्र शिक्षा अभियान को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ प्लांट जीनोम रिसर्च (एनआईपीजीआर) भारत सरकार के जैव प्रौद्योगिकी विभाग (डीबीटी) का एक स्वायत्त संस्थान है जो बुनियादी विज्ञान और अनुवाद कार्य दोनों पर ध्यान केंद्रित करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगतिशील भारत के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और उपलब्धियों के स्मरण एवं इनके सम्मान में केंद्र सरकार ने देश की आजादी के 75वें वर्ष को ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के रूप में मनाने की सराहनीय पहल की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव उन सभी लोगों को समर्पित है, जिन्होंने भारत को एक प्रमुख वैश्विक शक्ति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने भी हिमाचल प्रदेश के अस्तित्व के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य पर प्रदेश भर में 75 कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। ये कार्यक्रम उन सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए मनाए जा रहे हैं जो कि इन 75 वर्षों में राज्य के विकास में भागीदार रहे हैं।
कुल्लू में अंतरराष्ट्रीय दशहरे उत्सव का आयोजन धूम धाम से किया जा रहा है। वहीं अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरे को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना कुल्लू कॉलेज के स्वयंसेवी प्रशासन की भरपूर मदद कर रहे। एनएसएस के स्वयंसेवी दशहरे के दौरान विभिन्न प्रकार की सेवाएं दे रहे है । एनएसएस कुल्लू के प्रेस सचिव सौरव नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि कुल्लू कॉलेज के 28 स्वयंसेवी दशहरे में ट्रैफिक नियंत्रण, कलाकेंद्र में प्रशासन की मदद कर रहे है। उन्होंने ने कहा कि एनएसएस के स्वयंसेवी हर सामाजिक क्षेत्र में अपनी सेवाएं देते है। इसी के नियमित दशहरे में आई जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, उस हेतु कुल्लू के स्वयं सेवियों ने प्रशासन की मदद करने का निर्णय लिया। इसमें हिमांशु, हर्ष, सत्यम, मुकुल, यतिन, विपाशा, सुबिता, खुशबू, अंशिका आदि स्वयंसेवी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर चुनावों के समय जनता को गुमराह करने के लिए झूठी घोषणाएं कर रहे हैं। 70 हजार करोड़ के कर्ज में दबी सरकार के पास कर्मचारियों को वेतन व पेंशन देने के पैसे नहीं है और मुख्यमंत्री जयराम रोजना हजारों करोड़ के विकास कार्यों की झूठी घोषणाएं कर रहे हैं। चुनावों के समय सरकार को बताना चाहिए कि पांच साल में क्या किया। लेकिन जयराम घोषणाएं कर रहे हैं, जो पूरी होने वाली नहीं है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करोड़ों रुपए खर्च कर प्रदेश का स्थापना दिवस का उत्सव मना रहे हैं। जहां रैली स्थल पर ही दर्जनों पत्थर लगाकर विकास कार्यों के शिलान्यास कर रहे हैं। विकास के लिए न तो बजट को कोई प्रावधान किया गया है और न ही जमीन का पता है, विकास के झूठे पत्थर लगाए जा रहे हैं। सुरजीत ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पांच साल विकास करने में नाकाम रहे हैं। जिससे प्रदेश की जनता ने सत्ता परिवर्तन का मन बना लिया है। जनता के सामने आम आदमी पार्टी मजबूत विकल्प के रुप में हैं जिसे जनता पसंद कर रही है। सुरजीत ठाकुर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर हमला करते हुए कहा कि वह प्रदेश में सबसे अधिक कर्ज लेने वाले और जीरो विकास कराने वाले मुख्यमंत्री के रुप में पहचाने जाएंगे। जयराम सरकार ने प्रदेश में 70 हजार करोड़ से अधिक का कर्ज चढ़ा दिया है। प्रदेश सरकार आर्थिक दिवालिया पन के कगार पर है।
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस स्पोर्ट्स सेल में प्रदेश महासचिव बनाए जाने पर रितेश चौहान ने युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी,अभिनव कुमार चेयरमैन स्पोर्ट्स सेल, नादौन के विधायक ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी जो भी जिम्मेवारी पार्टी ने उन्हें दी उसका निर्वाहन उन्होंने ईमानदारी से किया और आगे भी वह ईमानदारी पार्टी द्वारा दी गई ज़िमेदारी को निभाएंगे। उन्होंने कहा कि आज युवा बेरोजगारी के कारण नशे की तरफ बढ़ रहा है। आने वाले समय में युवाओं के लिए खेल से संबंधित उनको सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी ताकि युवा नशे की तरफ न जाएं। युवाओं को खेलों की तरफ आकर्षित करने के लिए पंचायत स्तर पर कार्य किया जाएगा।
जिला मंडी में युवा कांग्रेस द्वारा पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र ठाकुर और युवा कांग्रेस जिला मंडी प्रवक्ता डिम्पल शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता रखी गई। आश्रय शर्मा द्वारा पिछले कल कांग्रेस पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दिया गया और कांग्रेस पार्टी पर कई गंभीर आरोप लगाए। इसको लेकर युवा कांग्रेस के जिला प्रवक्ता डिम्पल शर्मा ने कहा कि आश्रय शर्मा द्वारा की गई टिप्पणी दुखद है। उन्होंने कहा कि बड़े शर्म की बात है कि जिस व्यक्ति को कांग्रेस पार्टी ने कई अहम पदों पर रखा आज वे अपनी महत्वाकांक्षा के चलते संगठन के वरिष्ठ नेताओं पर उंगली उठा रहे। वहीं युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र ठाकुर ने आश्रय शर्मा के परिवार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह ठीक कहा करते थे कि 'ये आया राम गया राम है'। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने पंडित सुखराम का सम्मान करते हुए आश्रय शर्मा को 2019 में लोकसभा का प्रत्याशी बनाया, परंतु यह तो लगभग साढ़े चार लाख वोटों से हारते हैं ,और अब 2022 में फिर से पार्टी छोड़कर अब उन्हीं पर आरोप लगा रहे है।
हिमाचल प्रदेश में 52 से लेकर 73 बर्फानी तेंदुए के मिलने का अनुमान हैं। हिमाचल बर्फानी तेंदुए और इसके शिकार बनने वाले जानवरों का मूल्यांकन करने वाला पहला राज्य है। राज्य वन विभाग के वन्यप्राणी प्रभाग ने प्रकृति संरक्षण फाउंडेशन बंगलूरू के सहयोग से राज्य में बर्फानी तेंदुए की गिनती की है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के स्नो लैपर्ड पॉपुलेशन असेसमेंट इन इंडिया के प्रोटोकोल के आधार पर बर्फानी तेंदुए की गिनती का आंकलन किया गया है। तीन साल तक बर्फानी तेंदुए की गिनती की गई। आजकल वन्यप्राणी सप्ताह मनाया जा रहा है। जिसमें वन्य प्राणियों के सरंक्षण व संवर्धन के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। राजीव कुमार, प्रधान मुख्य संरक्षक (पीसीसीएफ) वन्यजीव ने बताया कि जम्मू कश्मीर उत्तराखंड में बर्फानी तेंदुए पाए जाते हैं। बर्फानी तेंदुए का घनत्व 0.08 से 0.37 प्रति सौ वर्ग किलोमीटर है। स्पीति, पिन घाटी और ऊपरी किन्नौर के हिमालयी क्षेत्रों में बर्फानी तेंदुए और उसके शिकार जानवरों आइबैक्स और भरल का घनत्व सबसे अधिक पाया गया। उन्होंने बताया कि दस स्थलों भागा, हिम, चंद्र, भरमौर, कुल्लू, मियार, पिन, बसपा, ताबो और हंगलंग में हिम तेंदुओं का पता चला है। भागा अध्ययन से यह भी पता चला है कि बर्फानी तेंदुए की एक बड़ी संख्या संरक्षित क्षेत्रों के बाहर है। हिमाचल प्रदेश में 640 पक्षियों की प्रजातियाँ रेकॉर्ड की गई है। इनमें से 7 किस्म की दुर्लभ मुर्गा प्रजातियाँ भी मिली है। जिसमें जुजुराना भी शामिल है। हिमाचल के वनों में अभी भी वन्य प्राणियों की कई प्रजातियाँ हैं जिनके बारे में शोध करने की जरूरत है। स्नो लेपर्ड को लेकर “सिक्योर हिमालय प्रोजेक्ट” भी चलाया जा रहा है जिसमें लोगों को वन्य प्राणियों के बारे में लोगों को जागृत कर वनों में ना जाने व स्नो लेपर्ड जैसे दुर्लभ जानवरों का शिकार ना करने के प्रति जागरूक करवाया जा रहा है।
संभाग उतर हिमाचल भाग कुल्लू अंचल मनाली में ग्राम स्वराज के बैनर तले अभ्यूदय यूथ क्लब द्वारा खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। यह अंचल स्तरीय प्रतियोगिता लरानकेलो आज संपन्न हो गई। इस समारोह के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि भक्त राम रहे, जो लरानकेलो के पूर्व प्रधान रह चुके हैं। इसमें 9 संचो की टीमों ने भाग लिया था। मार्च पास में संच शिरड की टीम विजेता रही और खराहल की टीम द्वितीय रही। कबड्डी में बाल वर्ग में संच शिरड की टीम प्रथम और नगर की टीम द्वितीय स्थान पर रही। शिशु घट में प्रथम शिरड रहा और द्वितीय कुल्लू ग्रामीण संच की टीम रही। हाइ जम्प में बाल वर्ग में प्रथम राघव, द्वितीय रक्षित और तृतीय अखिल रहा। इसी के साथ भाषण में पलक दोहरानाला प्रथम रही। खेलकूद कार्यक्रम में सभी संतो से आए समिति पदाधिकारी ने पूरा सहयोग दिया। मनाली अंचल की आयोजन समिति और व्यवस्था समिति में मुख्य भूमिका में नगर के दुनी चंद, शिरड से राजेश, खराहल से रविंदर, दोहरनाला से राम सिंह, नगवाई से चमन लाल, हिरनी से गणेश ने कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरा योगदान दिया। कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि चाँद स्वरूप रहे। चांद स्वरूप नगर के रहने वाले है और वर्तमान मे चेयरमैन फॉरेस्ट एसोसिएशन के दायित्व पर है। उनके साथ मनोहर लाल रिटायर एडीपीओ कुल्लू, साथ में लरान पंचायत की प्रधान कौशल्या रही। इस कार्यक्रम में मनाली अंचल की पूरी संच टोली, अंचल टोली और आचार्य बहने उपस्थित रही। सभी आए हुए अतिथियों ने अभ्युदय यूथ क्लब और एकल अभियान की सराहना करते हूए बच्चों के अच्छे भविष्य की कामना की, अंचल मनाली ग्राम स्वराज योजना प्रमुख नीलम कार्यक्रम की संयोजक रही।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने चुनाव आयोग से आग्रह किया है कि वह प्रदेश में चुनाव तिथि घोषित कर जल्द आदर्श आचार संहिता लागू करें। उन्होंने कहा है कि प्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यकाल का दो माह से कम का समय रह गया है, इसके चलते भाजपा अपने राजनीतिक लाभ के लिए सरकारी मशीनरी के साथ सत्ता का खुलकर दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने प्रदेश में भाजपा के केंद्रीय मंत्रियों, नेताओं के आने और उनकी आवभगत पर हो रहें सरकार के करोड़ो के खर्च पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि चुनाव आयोग को इसका संज्ञान लेते हुए सरकारी धन व मशनिरी के दुरुपयोग पर तुरंत रोक लगानी चाहिए। प्रतिभा सिंह ने इस संदर्भ में चुनाव आयोग का इस ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा है कि सत्ता के दुरुपयोग के साथ-साथ प्रदेश में भाजपा आजादी के अमृत महोत्सव के आयोजन के नाम पर अपने पार्टी के झंडे तले चुनाव प्रचार कर रही है। उन्होंने इस आयोजन पर भी रोक लगाने की मांग चुनाव आयोग से की है। उन्होंने चुनाव आयोग से प्रदेश में आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन को सुनिश्चित करने को कहा है। प्रतिभा सिंह ने चुनाव आयोग से ईवीएम पर भी कड़ी नजर रखने के साथ-साथ उसकी सुरक्षा को पुख्ता करने को कहा है, जिससे उसमे कोई सेंधमारी न कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बर्फीले क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी से पहले प्रदेश में एक साथ चुनाव करवाये जाने चाहिए।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इसी माह 13 तारीख को प्रस्तावित चंबा दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज चंबा में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को प्रधानमंत्री के आकांक्षी जिला चंबा के दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए पर्याप्त और पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री 180 मेगावाट की बजोली जल विद्युत परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा वह 48 मेगावाट की चांजू-3 जल विद्युत परियोजना और 30.5 मेगावाट की दयोथल चांजू जल विद्युत परियोजना का शिलान्यास करेंगे तथा पीएमजीएसवाई-3 का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री चंबा के प्रसिद्ध चौगान में जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो इसके लिए पर्याप्त व्यवस्था किए जाएं और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए भी उचित व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चंबा शहर की ओर जाने वाली सड़कों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के अलावा शहर और उसके आसपास बसों एवं अन्य वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाहनों का सुचारू और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि आम जनता को कोई परेशानी न हो। जयराम ठाकुर ने संबंधित अधिकारियों को शहर में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसभा से पहले और इसके उपरांत शहर में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद चंबा के अधिकारियों को रैली से पहले और रैली के उपरांत शहर तथा उसके आसपास सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे चंबा शहर को आकर्षक और खूबसूरती से सजाया जाना चाहिए।
बड़े दुखी होकर आश्रय आखिरकार कांग्रेस से निकले, जाते हुए बहुत निकले दिल के मलाल लेकिन फिर भी कम निकले....आखिरकार आश्रय शर्मा ने कांग्रेस को अलविदा कह ही दिया। वैसे जिस दिन अनिल शर्मा ने भाजपा के साथ रहने का ऐलान कर दिया था, उसी दिन ये तय हो गया था कि आश्रय भी जल्द कांग्रेस को अलविदा कह देंगे और हुआ भी ऐसा ही। जाते-जाते आश्रय अपनी दिल की भड़ास भी निकाल कर गए। उनके चुनाव लड़ने से लेकर अब तक कांग्रेस में उनपर क्या बीती,आश्रय ने प्रेस कांफ्रेंस में तमाम सितम बयां किये। इस 'दर्द-ए-आश्रय' के एपिसोड में वीरभद्र सिंह, कौल सिंह ठाकुर और कांग्रेस के तमाम वो नेता जो आश्रय के अनुसार उनके साथ नहीं खड़े थे, उन सभी का ज़िक्र हुआ। विशेषकर आश्रय ने वीरभद्र सिंह परिवार और कौल सिंह को लेकर भड़ास निकाली। अपने विदाई भाषण में आश्रय ने कहा कि पंडित सुखराम की आखिरी इच्छा थी कि उनकी अंतिम सांस उस पार्टी में निकले जहाँ उन्होंने ताउम्र काम किया है, इसलिए 2019 में वे कांग्रेस में वापस आएं। आशर्य ने ये भी कहा कि जब कांग्रेस के तमाम दिग्गज लोकसभा चुनाव लड़ने को तैयार नहीं थे तो राहुल गाँधी ने पंडित सुखराम से उन्हें चुनाव लड़ाने का आग्रह किया। फिर आश्रय ने वीरभद्र सिंह और ठाकुर कौल सिंह पर उनके विरोध में चुनाव में काम करने का आरोप भी जड़ा। साथ ही एक ऑडियो टेप का हवाला देकर वीरभद्र सिंह परिवार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगा दिए। बहरहाल आश्रय का कांग्रेस में 'आश्रय' ठीक उसी तरह समाप्त हुआ, जैसा अपेक्षित था। पुराना है आने -जाने का ये सिलसिला एक दल से दूसरे में आने जाने का सुखराम परिवार का सिलसिला पुराना है। पहले पंडित सुखराम ने कांग्रेस छोड़कर हिमाचल विकास कांग्रेस बनाई थी जिसके चलते 1998 में कांगेस की सत्ता वापसी नहीं हो सकी थी। पांच साल भाजपा के साथ गठबंधन सरकार में रहने के बाद सुखराम परिवार कांग्रेस में लौट आया और 2017 तक कांग्रेस में रहा। पर विधानसभा चुनाव से ठीक पहले 2017 में पंडित सुखराम का परिवारकांग्रेस पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हुआ था। अनिल शर्मा ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीत के बाद उन्हें प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री का पद मिला था। पर 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले पंडित सुखराम और आश्रय शर्मा ने कांग्रेस में वापसी कर ली थी, जबकि अनिल शर्मा भाजपा में रह गए थे। इसके बाद आश्रय ने कांग्रेस टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा। इसके चलते अनिल शर्मा को मंत्रीपद से हाथ धोना पड़ा था और अनिल शर्मा भाजपा में होकर भी एक किस्म से भाजपा में नहीं थे। इस बीच बीती 24 तारीख को अनिल शर्मा ने भाजपा के साथ आगे बढ़ने का फैसला लिया था और उनके बेटे आश्रय ने भी कांग्रेस को अलविदा कह दिया।
हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों में से रामपुर वो सीट है जहाँ कभी भाजपा को जीत नसीब नहीं हुई। यहां के राज परिवार यानी वीरभद्र सिंह के परिवार का असर इस सीट पर इस कदर है कि प्रत्याशी कोई भी हो, कांग्रेस को वोट राजपरिवार के नाम पर पड़ते है। मौजूदा विधायक नंदलाल भी राजपरिवार के करीबी है और तीन बार से विधायक है, किन्तु वीरभद्र परिवार के अभेद किले रामपुर में अब विधायक नंदलाल के खिलाफ मुखालफत के स्वर तेज होते दिख रहे है। कांग्रेस के ही एक गुट विशेष ने नदलाल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और टिकट बदले जाने को आवाज बुलंद कर दी है। रामपुर की राजमाता प्रतिभा सिंह खुद प्रदेश कांग्रेस की प्रमुख है और उनकी ही क्षेत्र में कांग्रेसियों के ये तल्ख तेवर जाहिर है कई सवाल खड़े कर रहे है। उधर विधायक नन्दलाल राजपरिवार के आशीर्वाद के बुते एक बार फिर टिकट की दौड़ में आगे है। इसके साथ ही नंदलाल ने प्रतिभा सिंह को अगला मुख्यमंत्री भी घोषित करके अपनी निष्ठा का प्रमाण देने का प्रयास किया है। नंदलाल ने कहा कि अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी और प्रतिभा सिंह मुख्यमंत्री बनेगी।
कसुम्पटी निर्वाचन हलके में पिछले चार चुनाव लगातार हार चुकी भाजपा की राह इस बार भी मुश्किल दिख रही है। दरअसल रूप दास कश्यप के बाद इस सीट पर भाजपा को कोई ऐसा नेता नहीं मिला जो विजय दिलवा सके। एक दमदार नेता की भाजपा की खोज कहाँ जाकर खत्म होती है, ये देखना रोचक होगा। रूप दास कश्यप के बाद भाजपा ने इस सीट पर तरसेम भारती, प्रेम ठाकुर और विजय ज्योति सेन को आजमाया, लेकिन ये सभी नेता विफल रहे। अब एक बार फिर विधानसभा चुनाव दस्तक दे चुके है और भाजपा प्रत्यशी कौन होगा, इसे लेकर अटकलें जारी है। जानकारों की माने तो इस सीट पर पार्टी किसी नए चेहरे को उतारने की तैयारी में है। अतीत पर निगाह डाले तो 2017 में भाजपा टिकट पर चुनाव लड़ने वाली विजय ज्योति सेन करीब साढ़े नौ हज़ार वोट से चुनाव हारी थी। गौर करने वाली बात ये है की उस चुनाव में सीपीआईएम प्रत्याशी ने साढ़े चार हज़ार से ज्यादा वोट लिए थे, फिर भी विजय ज्योति को कांग्रेस प्रत्याशी अनिरुद्ध सिंह से करारी शिकस्त मिली। 2012 में भाजपा ने प्रेम सिंह को टिकट दिया था लेकिन वे भी करीब दस हज़ार वोट से हारे। तब विजय ज्योति निर्दलीय चुनाव लड़ी थी और करीब साढ़े छ हज़ार वोट लेने में कामयाब हुई थी। 2007 में भाजपा ने तरसेम भारती को टिकट दिया था जो करीब सात हज़ार वोट से हारे थे। तब पार्टी के बागी रूपदास कश्यप दस हज़ार वोट ले गए थे, जो भाजपा की हार का मुख्य कारण बना। वहीं 2003 में रूपदास कश्यप करीब साढ़े तीन हज़ार वोट से हारे थे। अब चुनाव दस्तक दे चुके है और भाजपा का प्रत्याशी कौन होगा इसके लेकर अटकलों का बाज़ार गर्म है। पिछले चुनाव में पार्टी प्रत्याशी रही विजय ज्योति सेन मैदान में डटी है। उनके अतिरिक्त पृथ्वी विक्रम सेन, प्रेम ठाकुर, नरेश चौहान, राकेश शर्मा सहित कई दावेदार तो चर्चा में है ही, एक नाम और है जो भाजपा टिकट की दौड़ में शामिल है। ये दावेदार है भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य केशव चौहान। राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के इलेक्टेड डायरेक्टर केशव चौहान को सीएम जयराम ठाकुर की गुडबुक्स में माना जाता है। माहिर मानते है कि चौहान की जमीनी पकड़ को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और वे भी भाजपा टिकट के प्रमुख दावेदार है। बतौर समाजसेवी चौहान लम्बे समय तक क्षेत्र में सक्रिय है और इसका लाभ उन्हें मिल सकता है। बहरहाल इन सभी दावेदारों के अलावा भी कई और नाम है और जाहिर है टिकट किसी एक को मिलना है। उधर भाजपा के लिए सबसे जरूरी ये है कि मैदान में कोई बागी उम्मीदवार न हो।
विधानसभा चुनाव की रणभेरी बज चुकी है और प्रदेश में कभी भी आचार संहिता लग सकती है। माना जा रहा है कि नवंबर की शुरुआत में प्रदेश में मतदान हो सकता है। तमाम 68 विधानसभा सीटों पर चुनावी समां बंध चूका है और इन्ही में से एक सीट है कसौली, जिसे हॉट सीट माना जा रहा है। दरअसल ये प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ राजीव सैजल का निर्वाचन क्षेत्र है, वे यहाँ से लगातार तीन बार विधायक बन चुके है और संभवतः चौथी बार चुनाव लड़ने के लिए मैदान में हो। पर इस बार डॉ राजीव सैजल की राह आसान नहीं दिख रही, दरअसल मंत्री बनने के बाद लोगों की उनसे अपेक्षाएं काफी बढ़ गई और इन अपेक्षाओं के बोझ पर वे खरे उतरे या नहीं, ये फैक्टर ही चुनाव के नतीजे तय करेगा। पिछले तीन चुनाव के नतीजों पर नज़र डाले तो 2007 में डॉ राजीव सैजल नए कैंडिडेट थे और उनका मुकाबला वीरभद्र सरकार के मंत्री और कसौली के दिग्गज नेता रघुराज से था। पर एंटी इंकम्बैंसी रघुराज पर भारी पड़ी और सैजल आसानी से चुनाव जीत गए। हालांकि इससे अगले दो चुनाव डॉ सैजल हारते -हारते बचे है और दोनों ही बार उनका मुकाबला था विनोद सुल्तानपुरी से, जो इस बार फिर कांग्रेस के कैंडिडेट हो सकते है। जाहिर है विनोद को लेकर क्षेत्र में कुछ सहानुभूति है और डॉ सैजल के लिए एंटी इंकम्बैंसी, ऐसे में यहाँ सैजल को फूंक फूंक कर कदम रखने होंगे। इस बीच चर्चा भाजपा से किसी नए उम्मीदवार को उतारने की भी है लेकिन ऐसा कोई चेहरा फिलहाल मैदान में नहीं दीखता। सुल्तानपुरी के भाजपा में शामिल होने की अटकलें भी लगती रही है लेकिन फिर खुलकर इसका खंडन कर चुके है। निगाह अगर कांग्रेस की सियासत पर डाले तो कसौली में एक गुट विशेष को विनोद स्वीकार नहीं है और ये ही उनकी पिछली दो हार का कारण माना जाता है। हालहीं में एक राजस्व अधिकारी वीआरएस लेकर कांग्रेस में शामिल हुए है और माना जाता है कि विनोद विरोधी गुट इन्हे उम्मीदवार बनाना चाहता था, पर अब मौजूद स्थिति में विनोद का टिकट लगभग तय माना जा रहा है। कसौली में मौजूदा सियासी स्तिथि की चर्चा हरमेल धीमान के जिक्र के बिना पूरी नहीं हो सकती। कुछ माह पहले ही हरमेल धीमान भाजपा छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए है और इस निर्वाचन क्षेत्र में आम आदमी पार्टी का मुख्य चेहरा बन चुके है। हरमेल धीमान बतौर समाजसेवी वर्षों से सक्रिय है और ये फैक्टर चुनाव में उन्हें निसंदेह लाभ पहुचायेगा। दीलचस्प बात ये है की उनके साथ न सिर्फ भाजपा बल्कि कांग्रेस छोड़कर भी लोग आम आदमी पार्टी में आएं है। माहिर मानते है कि दोनों तरफ के नाराज नेता -कार्यकर्त्ता भी मौका आने पर हरमेल धीमान की मदद कर सकते है। बहरहाल कसौली में त्रिकोणीय मुकाबला तय है और यहाँ कौन जीतेगा और कौन हारेगा, कुछ नहीं कहा जा सकता। इस हॉट सीट पर हरमेल धीमान की मौजूदगी क्या गुल खिलाती है, ये देखना रोचक होगा।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर जिला सोलन में आईपीएससी अंडर-19 गर्ल्स सॉकर टूर्नामेंट के दूसरे व तीसरे दिन के खेल में डेली कॉलेज इंदौर और मेयो कालेज अजमेर के मध्य एक रोमांचक मुकावला हुआ। दोनों ही टीमें एक-दूसरे पर भारी पड़ रहीं थीं। मेयो कॉलेज अजमेर की दिविना ने दो खिलाड़ियों को चकमा देते हुए अपनी टीम के लिए पहला गोल किया, लेकिन डेली कॉलेज इंदौर की सोम्य ने पल्टबार करते हुए अपनी टीम को बराबरी पर खड़ा कर दिया। मेयो कॉलेज अजमेर की दिविना ने मैच के अंतिम क्षणों में एक और गोल करके अपनी टीम को विजय दिलाई। मेयो कालेज अजमेर की दिविना को ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ से नवाज़ा गया। एक अन्य मैच में पाइनग्रोव स्कूल और दि लारेंस स्कूल सनावर के बीच मैच खेल गया। दि लारेंस स्कूल सनावर ने यह मैच बड़ी आसानी से 3-1 से जीत लिया। दि लारेंस स्कूल सनावर की इनाया कुमार को शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ से पुरस्कृत किया गया। दिन के तीसरे दिन एक अन्य मैच में मॉड्रन स्कूल-नई दिल्ली नें एक तरफ़ा मुकावले में दि सागर स्कूल को 5-0 से करारी शिकस्त दी। मॉड्रन स्कूल- नई दिल्ली की लड़कियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक के बाद एक गोल दागे। सुहावी धूपिया ने अपनी टीम के सर्वाधिक तीन गोल किए। सुहावी धूपिया को ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ से नवाज़ा गया। एक अन्य मैच में बिरला बालिका विद्यापीठ-पिलानी और ताशी नामग्याल अकादमी-गंगटोक के मध्य रोमांचक मुकावला हुआ। दोनों टीमें एक-दूसरे पर भारी पड़ रहीं थीं। दोनों टीमों ने अपनी-अपनी टीम के लिए दो-दो गोल किए। दोनों टीमों के मध्य खेला गया मैच बराबरी पर छूटा। बिरला बालिका विद्यापीठ-पिलानी की रितुल राज और ताशी नामग्याल अकादमी-गंगटोक की नोर्पंदी लेपचा ने अपनी-अपनी टीमों के लिए दो-दो गोल किए। बिरला बालिका विद्यापीठ-पिलानी की रितुल राज को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ से नवाज़ा गया। एक अन्य एक तरफ़ा मुकावले में दि लारेंस स्कूल सनावर ने डीपीएस-मथुरा को 11-0 से पराजित कर अपनी टीम को अगले दौर में प्रवेश करवाया। दि लारेंस स्कूल सनावर की अनन्या गोयल को शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ से पुरस्कृत किया गया। दिन के अंतिम मैच में डीपीएस-आरके पुरम और मेयो कॉलेज गर्ल्स स्कूल-अजमेर के मध्य रोमांचक मुकावला हुआ। आधे समय तक दोनों टीमें गोल करने में असमर्थ रहीं, लेकिन मेयो कॉलेज गर्ल्स स्कूल-अजमेर की दिविना ने मैच के अंतिम क्षणों में मैच का रुख ही बदल दिया और अपनी टीम के लिए मात्र गोल से विजय दिलाई। मेयो कॉलेज गर्ल्स स्कूल-अजमेर की दीक्षा को उसके शानदार खेल के लिए ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ से नवाज़ा गया।
विनायक ठाकुर । देहरा टेक्नोलॉजी के दौर में साइबर अपराधियों ने भी ठगी के कई नए तरीके ईजाद कर लिए हैं। वहीं, अगर आप भी फेसबुक चलाते हैं तो यह ख़बर आपके लिए ही है। हैकर्स ने फेसबुक आईडी का सहारा लेना शुरू कर दिया है। आपकी फेसबुक आईडी का इस्तेमाल आपके मित्रों और करीबियों से रुपए ऐंठने के लिए हो रहा है। खास बात यह कि रुपए को गुगल एकाउंट या फोन पे के माध्यम से देने का निवेदन भी किया जा रहा है। ऐसा ही एक वाक्या तहसील डाडासीबा में एक व्यक्ति के साथ पेश आया। जब हैकर्स द्वारा उन्हें, उनके ही निकटवर्ती गांव के निवासी की फ़ेसबुक आईडी से मैसेंजर पर मैसेज के ज़रिये अपने दोस्त की लड़की के बीमार होने तथा दिल्ली के एक अस्पताल में एडमिट होने का हवाला देकर गूगल-पे या फोन-पे एकाउंट में रुपए ट्रांसफर करने की बात कही गई, लेकिन पत्रकार ने सूझबूझ के चलते ऑनलाइन पेमेंट नहीं कर पाने की असमर्थता जताई। वहीं, जब इस बारे उक्त व्यक्ति द्वारा पड़ताल की गई, तो पता चला कि सम्बंधित व्यक्ति द्वारा किसी से भी फ़ेसबुक मैसेंजर के जरिए पैसे नहीं मांगे गए हैं। जब स्क्रीनशॉट दिखाया, तो उनके होश ही उड़ गए। उन्हें यह समझ में आ गया कि उनकी फेसबुक आईडी को किसी ने हैक कर लिया है। डीएसपी देहरा विशाल वर्मा ने बताया कि यदि आपका कोई फेसबुक दोस्त है, जो आपसे फोन करने के बजाय फेसबुक मैसेज के जरिए पैसे मांगता है, तो रुपए ट्रांसफर करने से पहले संबंधित व्यक्ति से फोन पर बात जरूर कर लें। अपना यूजर आईडी एवं पासवर्ड किसी से शेयर न करें। इसके अलावा निजी जानकारियां व फोटो पोस्ट करने में सावधानी बरतें और किसी भी अनजान लिंक व मैसेज पर क्लिक करने से बचें।
प्रतिमा राणा। पालमपुर आशीष बुटेल, वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर, पूर्व विधायक प्रवीण शर्मा खुली जीप में तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। महा तिरंगा यात्रा में समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के अतिरिक्त हजारों लोग शामिल हुए और पालमपुर से धर्मशाला तक सड़क के किनारे तिरंगे के सम्मान में स्कूलों के बच्चें, युवक मंडल, महिला मंडल, व्यापार मंडल, आम जनमानस तथा जनप्रतिनिधि मानव श्रृंखला के रूप में खड़े रहे। इस अवसर पर शांता कुमार ने चारों समाजसेवी संस्थाओं को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए बधाई दें। उन्होंने कहा की तिरंगा देश देश के आजादी के लिए अपना बलिदान देने वाले लोगों की याद हमें दिलाता है। तिरंगा भारतवर्ष के मान-सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि समाजिक संस्थाओं द्वारा राष्ट्रहित के इस पुनीत कार्य में सभी दलों को आमंत्रित करना सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रतन अटल बिहारी वाजपेई ने कहा थी कि पार्टियों और दलों की दीवारें छोटी हैं और राष्ट्र का मंदिर सबसे बड़ा है। उन्होंने कहा कि देश और राष्ट्रहित के कार्यों में सभी को एक साथ मिलकर चलना चाहिए। इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं इंसाफ संस्था के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, जिला अध्यक्ष हरिदत्त शर्मा, पर्यटन प्रकोष्ठ के संयोजक विनय शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता उमेश दत्त, नगर निगम पालमपुर की महापौर पूनम वाली, उपमहापौर अनीश नाग, पार्षद सुरेंद्र ठाकुर, देवेंद्र राणा, समाजसेवी संस्था भारतीय जन सेवा संस्था के अध्यक्ष अनिल गौड़, श्रीगीता पीठ के अध्यक्ष जितेश गुरु, ओम मंगलम संस्था से गोपेश शर्मा, मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, मीडिया समन्वयक विश्व चक्षु सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में चल रहे आईपीएससी अंडर-19 गर्ल्स सॉकर टूर्नामेंट के तीसरे दिन दोपहर बाद प्रतियोगिता का 11वां मैच द सागर स्कूल-अलवर और मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स-राय के मध्य खेला गया। मैच बहुत अधिक रोमांचक एवं काँटे की टक्कर वाला रहा। मैच के 20 मिनटों तक के अथक संघर्ष के पश्चात भी स्कोर 0-0 था। संघर्ष चलता रहा एवं 22वें मिनट में मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स-राय की सानिया नें ज़बरदस्त गोल करके अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। 59वें मिनट में फिर से सानिया नें एक ओर गोल करके मोती लाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स-राय को 2-0 से विजयश्री दिलाई। प्रतियोगिता का 12वां मैच द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल-इंदौर और बिरला बालिका विद्यापीठ-पिलानी के मध्य खेला गया, जिसमें बिरला बालिका विद्यापीठ-पिलानी नें शानदार जीत हासिल की। बिरला बालिका विद्यापीठ-पिलानी की आकृति सिंह, जर्सी नम्बर 9 को ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ दिया गया। तीसरे दिन की शाम सभी खिलाड़ियों एवं उनके साथ आए कोचिज़ एवं मैनेजर्स को पाइनग्रोव स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह द्वारा अपने निवास स्थान में रात्रि भोजन के लिए आमंत्रित किया गया था। लजीज भोजन के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी प्रबंध था। सभी खिलाड़ियों की दिनभर की थकान मिटाने एवं अगले मुकाबलों के लिए अपने आप को उत्साहित करने के लिए इससे उच्चतर विकल्प नहीं हो सकता। सभी ने पार्टी का भरपूर आनंद उठाया। प्रतियोगिता के चौथे दिन क्वार्टर फाइनल्स शुरू हुए। प्रतियोगिता का पहला क्वार्टर फाइनल द लॉरेंस स्कूल-सनावर और मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स-राय के बीच खेला गया, जिसमें द लॉरेंस स्कूल-सनावर नें 3-0 से जीत दर्ज करके सेमी फाइनल्स में प्रवेश किया। द लॉरेंस स्कूल-सनावर की श्रीन चौहान को ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ दिया गया। दूसरा क्वार्टर फाइनल मॉड्रन स्कूल- नई दिल्ली तथा पाइनग्रोव स्कूल के बीच हुआ, जिसमें पाइनग्रोव स्कूल ने 2-0 से जीत दर्ज की। पाइनग्रोव स्कूल की सुबेक्षा नें ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ अपने नाम किया।
प्रतिमा राणा। पालमपुर भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं बॉल फेडरेशन के चेयरमैन त्रिलोक कपूर ने पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में ताबड़-तोड़ 4 ट्यूबेल पढियारखर के लछूं गांव, दियोग्राम, चंदरोपा, और घाड का उद्घाटन करने के उपरांत चारों क्षेत्रों में रखी अलग-अलग जनसभाओं में जनता को संबोधित करते हुए कहा। चारों ही पंचायतों में प्रदेश भाजपा के महामंत्री त्रिलोक कपूर का भव्य स्वागत हुआ। कई वर्षाें से चली आ रही मांगों को लेकर चारों ही क्षेत्रों के लोगों ने कहा कि हम आज तक कभी स्थानीय विधायक तो कभी भी विभाग के चक्कर लगाते रहे, पर आज तक हमारी किसी ने नहीं सुनी, जबकि त्रिलोक कपूर के सामने एक बार ही मांग रखने पर पानी की समस्या को खत्म करके इन्होंने जो लोगों की पीड़ा को समझा है, उससे हम लोग भी इनके कर्जदार हो गए हैं और आने वाले चुनावों में इनका कर्ज भारतीय जनता पार्टी को वोट डालकर उतारेंगे। चारों ही क्षेत्रों में हुई अलग-अलग जनसभा को संबोधित करते हुए त्रिलोक कपूर ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम की डबल इंजन की सरकार लोगों की हर समस्या को हल करने के लिए प्रतिबध है। हिमाचल में जल शक्ति विभाग में प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा किए गए कार्यों को लेकर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी जी ने अपने बिलासपुर दौरे के दौरान खूब सराहना की। उन्होंने कहा कि अगर नेता में काम करने की इच्छा शक्ति हो तो कोई भी काम मुश्किल नहीं होता। आज अगर पालमपुर क्षेत्र की बात की जाए तो यहां पर जो भी विकास हुआ है, वह केवल मात्र भाजपा की ही देन है, जबकि चार पीढ़ियों से राज करने वाले आज तक लोगों को पीने के लिए पानी मिले यह भी सुनिश्चित नहीं कर पाए। और अगर भाजपा की बात की जाए तो पालमपुर में कृषि विश्वविद्यालय, वेटरनरी कॉलेज, सीएसआईआर, गोपालपुर में चिड़ियाघर, पालमपुर का बस अड्डा, पालमपुर का बस डिपो, सौरभ वन विहार जैसा पर्यटन स्थल माननीय शांता कुमार और भाजपा की देन है। उन्होंने कहा कि यही नहीं इन 5 वर्षों में जयराम ठाकुर के विशेष आशीर्वाद से आजादी के 75 सालों बाद खंड विकास कार्यालय, पालमपुर में नगर निगम का तोहफा, पालमपुर अस्पताल में 15 करोड़ रुपए की लागत से 100 बेड के लिए भव्य बिल्डिंग, अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट, गोपालपुर उप तहसील, लोक निर्माण विभाग का उप मंडल, बनूरी में जल शक्ति विभाग का उप मंडल और कई सालों से चली आ रही अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय की मांग को भी मुख्यमंत्री ने पूरा करके जनता को समर्पित कर दिया है। इस मौके पर चारों क्षेत्रों के लोगों ने अपनी समस्याओं को भी त्रिलोक कपूर के समक्ष रखा और जिनमें अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया।
पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय में विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ प्रतिमा राणा। पालमपुर चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो एच के चौधरी डॉ. जीसी नेगी पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय में कॉलेज लाइब्रेरी-कम-रीडिंग रूम का उद्घाटन किया। उन्होंने नए रीडिंग रूम की सराहना करते हुए सुविधा और ज्ञान प्राप्त करने में पुस्तकों के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विभिन्न निरीक्षण टीमों ने भी कॉलेज में ऐसी सुविधाओं के निर्माण पर जोर दिया है। वातानुकूलित पुस्तकालय नवीनतम पुस्तकों, पत्रिकाओं, पत्रिकाओं, कंप्यूटरों, एर्गोनोमिक कुर्सियों आदि से सुसज्जित है। कॉलेज के डीन डॉ. मनदीप शर्मा ने कुलपति का स्वागत किया और नई सुविधा के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कॉलेज पुस्तकालय के प्रभारी डॉ. अतुल गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट तहसील अर्की की ग्राम पंचायत बागा (करोग) में कल्याण विभाग द्वारा अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर अधिवक्ता रोहित शर्मा द्वारा विस्तार से जानकारी दी गई।इसके साथ-साथ कल्याण विभाग द्वारा संचालित अन्य लोक कल्याणकारी योजनाओं के बारे में तहसील कल्याण अधिकारी अर्की द्वारा विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर प्रधान बागा (करोग) सुरेंद्रा, उप प्रधान श्याम लाल, बीडीसी सदस्य बनिता सहित काफी संख्या में मौजूद रहे।
समझाया मतदान का भी महत्व, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ भी रहा मैगा नाटी का थीम आलाेक। कुल्लू कुल्लू के ऐतिहासिक रथ मैदान का मंजर शुक्रवार को हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करने वाला था जहां जिला की 7500 महिलाएं पारंपरिक परिधानों में गीत संगीत और वाद्य यंत्रों की स्वरलहरियों के बीच महानाटी का प्रदर्शन कर रही थी। बता दें कि दशहरा महापर्व में महानाटी की यह परंपरा वर्ष 2015 से आरंभ हुई, जब 9900 महिलाओं ने एक साथ मैगा नाटी करके लिमका बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में अपना नाम दर्ज करवाकर तथा गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड प्रमाण पत्र प्राप्त करके एक इतिहास रच दिया था और कुल्लू की अप्रतिम संस्कृति को विश्व पटल पर पहचान दिलाकर जिला व प्रदेश को गौरवान्ति किया। महानाटी में जिला के दूरवर्ती पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर हर हिस्से से महिलाएं अपने पारम्परिक परिधानों मैरून व काले रंग के पट्टू व चांदी के आभूषणों में सुसज्जित होकर समूहों में रथ मैदान पहंुची। देसी व विदेशी सैलानियों सहित हर कोई इस नजारे को अपने मोबाईल और कैमरों में कैद करते नजर आएं। कुल्लवी गानों व वाद्य यंत्रों की धुनों पर महानाटी करीब एक घण्टे तक अनवर्त चली। व्यवस्था इस प्रकार से की गई थी जहां एक-एक महिला और नाटी का एक-एक कदम स्पष्ट दिखाई दे रहा था। ऐसा लग रहा था। मानों हजारों महिलाओं ने महीनों तक इसका अभ्यास किया हो। यही विशेषता है कुल्लवी नाटी की जहां कदम एक साथ चलते हैं और नृत्य में भी किसी प्रकार की भिन्नता नजर नहीं आती। भारतीय निर्वाचन आयोग की टीम विशेषतौर पर स्वीप यानि सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता के थीम पर आधारित इस मैगा नाटी में आमंत्रित की गई थी। इनमें भारतीय निर्वाचन आयोग के सचिव अमित कुमार, ए.एस.ओ. हितेष कुमार व स्वीप समन्वयक आर.के. सिंह महानाटी के गवाह बने। सचिव ने महानाटी का हरी झंडी दिखाकर श्रीगणेश किया। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ तथा समाज को नशामुक्त बनाओ भी महानाटी के थीम थे। हजारों गुव्बारें छोड़े गए स्वीप का लोगो वाला बड़ा वैलून लगातार हवा में लहराता रहा। महिलाओं ने महानाटी के समय थीम पर आधारित नारों की पट्टिकाएं भी अपने हाथों में ली थी, जिन्हें वे हवा में लहराती नजर आई। निर्वाचन आयोग के इन अधिकारियों ने स्वीप की एम्बेसडर आंचल ठाकुर, डिक्की डोलमा व राधा से भी मुलाकात की और मतदाता शिक्षा में उनके योगदान की सराहना की। शिक्षा व भाषा एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर बंजार के विधायक सुरेन्द्र शौरी सहित महानाटी में पहुंचे और महानाटी में शामिल भी हुए। उन्होंने जिलाभर से आई महिलाओं का अपनी संस्कृति के प्रचार प्रसार के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह गौरव की बात है कि जिला की महिलाएं अपनी समृद्ध संस्कृति को बचाने के लिये निरंतर प्रयास कर रही हैं और भावी पीढ़ियों को भी एक सकारात्मक संदेश देने की महत्वपूर्ण जिम्मेवारी भी भूमिका को निभा रही हैं। क्या कहते हैं डीसी आशुतोष गर्ग उपायुक्त आशुतोष गर्ग जो इस महानाटी के प्रणेता व सूत्रधार बने, ने कहा कि दशहरा में महानाटी की परंपरा को कायम रखने के उद्देश्य से दशहरा समिति ने बहुत दिन पहले ही यह निर्णय लिया था कि महानाटी में अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी हो। जिला के सभी भागों से महिलाओं को आमंत्रित किया जाए। इसके लिये खण्ड विकास अधिकारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, महिला मंडलों व स्वयं सेवी संस्थाओं के साथ पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधियाें का सहयोग लिया गया। उन्होंने कहा कि महानाटी का उद्देश्य जिला की समृद्ध संस्कृति को भावी पीढ़ियों तक पहंुचाने के साथ-साथ देश विदेश में इसका प्रचार प्रसार करना तथा समाज को अनेक महत्वपूर्ण अभियानों के बारे में शिक्षित करना भी है। सुनयना शर्मा की भी रही बड़ी भूमिका जिला पर्यटन एवं विकास अधिकारी सुनयना शर्मा की महानाटी के आयोजन में बहुत बड़ी भूमिका रही। वह पहले दिन से ही अपने इस दायित्व में जुट गई थी और इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को रथ मैदान तक पहुंचाने में अपना भरपूर योगदान किया। रथ मैदान में महानाटी के लिये सुव्यवस्थित तीन अलग अलग सर्कल बनाए गए ताकि महिलाओं को अपने सर्कल से बाहर न जाना पड़े और नाटी का अनुशासन बना रहे। क्या कहती है अंतरराष्ट्रीय स्कीयर आंचल ठाकुर अंतरराष्ट्रीय स्कीयर स्वर्ण पदक विजेता और स्वीप की ब्राण्ड एम्बेसडर आंचल ठाकुर ने कहा कि महानाटी के माध्यम से समाज को अनेक प्रकार के संदेश देने का मातृशक्ति ने बड़ा काम किया है। उन्होंने कहा कि आज यह देखकर खुशी होती है कि बेटियां समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अपना वर्चस्व स्थापित कर रही हैं। हम निश्चित तौर पर एक विकसित समाज की ओर बढ़ रहे हैं, जहां बेटियों को उपयुक्त अवसर प्रदान किये जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं का आहवान किया कि वे अपने फोटोयुक्त पहचान पत्र अवश्य बनवाएं और मतदान करके लोकतंत्र को मजबूत करने में अपना योगदान करें।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला कांग्रेस ने प्रदेश सरकार द्वारा चुनावों के मद्देनजर की जा रही घोषणाओं पर रोक लगाने की मांग चुनाव आयोग से की है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा है कि हिमाचल में विधानसभा चुनाव का ऐलान होने में कुछ ही दिन बचे है और प्रदेश सरकार झूठी लोक लुभावनी घोषणाएं कर रही हैं। मुख्यमंत्री और इनके मंत्री भी इन दिनों रात को भी शिलान्यास और आधे अधूरे कार्यों का उद्घाटन करने में जुटे हैं, जबकि चुनावी आचार संहिता लगने वाली है। नरेश चौहान ने कहा कि जब सरकार का आखिरी समय चल रहा है, तो उस समय इस तरह की घोषणाएं चुनावी घोषणाओं के अलावा कुछ भी नहीं है। सरकार द्वारा की जा रही घोषणाओं के लिए बजट का कोई प्रावधान नहीं किया गया है और ये घोषणाएं कभी धरातल पर उतरने वाली नहीं है। यह लोगों को लुभाने का प्रयास है। सप्ताह में दो-दो कैबिनेट कर रहे जयराम ठाकुर नरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर चुनावों के मद्देनजर कैबिनेट बैठकें भी लगातार कर रहे हैं। सप्ताह में दो-दो कैबिनेट बैठक कर कर झूठे फैसले कर रहे हैं। इसी तरह सरकार आखिरी वक्त में विभिन्न विभागों में भर्तियां निकाल रही है, जबकि सरकार के पास भर्तियां करने के लिए वक्त नहीं है। उन्होंने कहा कि युवाओं को लुभाने और उनको गुमराह करने के लिए सरकार इस तरह के फैसले ले रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि पूरे पांच वर्ष में सरकार ने बेरोजगारी को दूर करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। जिस कारण आज हिमाचल बेरोजगारी के मामले में देश में टॉप का राज्य बना गया है। अब आखिरी वक्त सरकार को युवाओं की याद आ रही है। उन्होंने चुनाव आयोग से इसका संज्ञान लेने की मांग की है। पांच साल काम किया होता तो आज यह स्थिति न होती नरेश चौहान ने कहा कि जयराम सरकार ने बीते पांच वर्षाें में कोई काम नहीं किया। सरकार कर्ज पर कर्ज लेती रही और प्रदेश को 70 हजार करोड़ के कर्ज में डूबो दिया। जयराम सरकार ने कर्ज का पैसा फिजूल खर्जी में उड़ा दिया। अब जयराम सरकार को यह पूरा भरोसा हो गया कि सता उसके हाथों से जा रही है। इसके चलते अब सरकार सक्रियता दिखा रही है और झूठी घोषणाएं कर लोगों को गुमराह करने का आखिरी प्रयास कर रही है। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की है कि सरकार की घोषणाओं पर तुरंत रोक लगाए।
विनायक ठाकुर । देहरा उद्यान विभाग की ओर से दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत नलेटी विकास खंड प्रागपुर में किया गया। शिविर का शुभारंभ ब्लॉक समिति सदस्य कुलदीप चंद्र व ग्राम पंचायत प्रधान अंकुश शर्मा ने किया। शिविर उद्यान विभाग देहरा के विशेषज्ञ डॉ. जोगेंद्र सिंह व डॉ. गोमरा ने किसानों व बागवानों को सुक्ष्म सिंचाई योजना तथा विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी। प्रगतिशील किसान विजय कुमार ने भी बागवानों एवं किसानों को एचपी शिवा प्रोजेक्ट की जानकारी दी तथा अपने अनुभव साझा किए। इस शिविर में 90 किसानों एंव बागवानों ने भाग लिया। शिविर के समापन अवसर पर उद्यान विभाग कांगड़ा के उपनिदेशक डॉ. कमलशील नेगी ने एचपी शिवा प्रोजेक्ट के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इसके अलावा किसानों और बागवानों की समस्याओं का निवारण किया। इस शिविर में विकास खंड प्रागपुर व देहरा के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी भाग लिया।
अनूप । सुजानपुर देशभर में गोवंश में फैले लंपी रोग के खिलाफ सुजानपुर के युवा सामने आए हैं। उन्होंने क्षेत्र की कई गाउ का इलाज करवा कर उन्हें ठीक करने की मुहिम छेड़ी है। सुजानपुर के युवा वर्ग में सूरज, तरुण, सौरभ, संदीप और पंकज आदि ने क्षेत्र में लोगों को अपना मोबाइल नंबर साझा करते हुए कहा कि लोग उनसे इस बीमारी के खिलाफ लड़ाई में संपर्क कर सकते हैं। लोगों की हर संभव सहायता की जाएगी। उक्त सभी युवाओं ने कहा कि लंपी त्वचा रोग के खिलाफ लड़ाई केवल पशुपालकों की नहीं, बल्कि हम सभी की है। कोरोना काल की तरह एकजुट होकर लड़ेंगे, तो जीत निश्चित है। इसी कड़ी में सुजानपुर के स्थानीय युवाओं द्वारा लंपी रोग से पीड़ित एक गौ माता का इलाज करवाया गया। युवाओं ने कहा कि गोवंश में फैल रहा लंपी स्किन रोग अत्यंत संक्रामक है। उन्होंने पशुपालकों से अपील करते हुए कहा कि अपने पशुओं को इससे बचाने के लिए आवश्यक सावधानियों का पालन करें। पशुओं में इस रोग के लक्षण नजर आने पर नजदीकी पशु चिकित्सा संस्था में संपर्क करें या वह मोबाइल नंबराें 7018253309, 8544756738, 7018507040, 8580542548, 7807015419 पर सहायता के लिए संपर्क कर सकते हैं।
मनीष ठाकुर। इंदाैरा (डमटाल) विकास खंड इंदौरा की ग्राम पंचायत तोकि मार्केट के नजदीक एनएच रोड पर पानी की निकासी के लिए नाले की खुदाई की जा रही है, जिससे निकलने वाली धूल मिट्टी सुबह से शाम तक स्थानीय लोगों व दुकानदारों के लिए परेशानियां खड़ी कर रही है। स्थानीय लोगों व दुकानदारों ने बताया कि हमें अपने घरों व दुकानों में सुबह से शाम तक कई बार सफाई करनी पड़ती है। क्योंकि नाले की धूल तथा मिट्टी से हमारे घरों व दुकानों का सारा सामान खराब हो जाता है और सांस लेने में भी बहुत दिक्कत होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग को इस ओर अपना ध्यान केंद्रित करना चाहिए नाले की खुदाई के बाद सड़क पर पानी का छिड़काव करना चाहिए, ताकि धूल मिट्टी न उड़े और किसी को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
मीनाक्षी। रामपुर बुशहर रामपुर मुख्यालय के साथ थांटी लहसा मार्ग पर वाहन दुर्घटना ग्रस्त होने का मामला सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रात लगभग 10 बजे एक पिकअप (एचपी-06बी-2603) थांटी- लहसा रोड से लगभग 30 से40 मीटर नीचे गिर गया, जिसमें 03 व्यक्ति वाहन में बैठे थे। दो व्यक्तियों के नाम राजवंत पुत्र श्याम दत्त गांव भामराला पीओ बहली तहसील रामपुर जिला शिमला हिमाचल प्रदेश उम्र 38 वर्ष, दलीप सिंह पुत्र भाग चंद गांव थड़ी पीओ देवनगर तहसील रामपुर जिला शिमला हिमाचल प्रदेश आयु 31 वर्ष घायल हो गए। एक व्यक्ति विनोद कैथ पुत्र शालिग राम गांव बशाड़ी पीओ नरेण तहसील रामपुर जिला शिमला आयु 30 वर्ष की मृत्यु हो गई। खबर की पृष्टी डीएसपी रामपुर चंद्रशेखर ने की है। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है और घायलों का उपचार के लिए भेजा गया था। आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
*प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से कांग्रेस में निराशा और हताशा *प्रधानमंत्री के दौरे से भाजपा में ऊर्जा का संचार भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के बिलासपुर और कुल्लू जिले के दौरे के बाद कांग्रेस पार्टी में घोर निराशा और हताशा है। कांग्रेस के लोग अनाप-शनाप और तथ्यहीन बयानबाजी कर रहे हैं। ये संकेत हैं कि कांग्रेस को अपनी हार स्पष्ट दिखाई दे रही है। डॉ0 राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस के समय में एम्स केवल महानगरों तक सीमित थे लेकिन मोदी जी ने 70 लाख आबादी वाले हिमाचल जैसे छोटे प्रदेश को एम्स का उपहार दिया है। यह दर्शाता है कि मोदी जी का हिमाचल प्रदेश से कितना गहरा लगाव है। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल को अनेकों उपहार दिए हैं। ऊना में बन रहा पीजीआई का सैटेलाइट सेंटर, बल्क ड्रग पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क इसके उदाहरण हैं। डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश मेडिसन मैनुफैक्चिरिंग में विशिष्ट स्थान रखता है और आने वाले समय में दवाइयां बनाने के लिए उपयोग में लाया जाने वाला कच्चा माल भी बल्क ड्रग पार्क के कारण हिमाचल में ही तैयार किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी जी ने अपने साढ़े आठ वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश की हर जरूरत का ख्याल रखा है। उन्होंने कहा कि मोदी जी की रैली के कारण हिमाचल के आम जन मानस में उत्साह के वातावरण का निर्माण हुआ है क्योंकि केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व और हिमाचल में जयराम ठाकुर की अगुवाई में चल रही डबल इंजन सरकार ने प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने हिमाचल दौरे के बाद युवा और महिलाओं में भारी उत्साह है। प्रधानमंत्री जी ने अपने आपको “हिमाचल का बेटा“ और “हिमाचल को अपना दूसरा घर“ बताया है जोकि प्रदेश वासियों के लिए बड़े सम्मान का विषय है। और हिमाचल प्रदेश को हजारों करोड़ों रुपये की सौगातें समय-समय पर दी हैं। हमारी डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश के कोने-कोने का चहुंमुखी विकास करवाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बताए कि जब केन्द्र और प्रदेश में कांग्रेस की एक साथ सरकारें थीं तो उन सरकारों में कौन सा इंजन चल रहा था और कौन सा इंजन हांफ गया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के दौरे के बाद कांग्रेस पार्टी में घोर निराशा है और कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता अनाप-शनाप बयानबाजी कर प्रदेश की जनता को गुमराह करने प्रयास कर रहें हैं जिसमें कांग्रेस पार्टी सफल नहीं हो पाएगी। डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि न केवल स्वास्थ्य के क्षेत्र में बल्कि केन्द्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को अन्य योजनाओं के माध्यम से भी लाभान्वित किया है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस उस जहाज की तरह है जिसका कप्तान लापता है और यात्री एक-एक करके कांग्रेस का जहाज छोड़ कर जा रहे हैं। नया कप्तान बनने के लिए 15 से अधिक नेता अपनी जुगत भिड़ा रहे हैं लेकिन दिल्ली का नेतृत्व उन्हें मिलने के लिए समय भी नहीं देता। उन्होंने कहा कि बिलासपुर और कुल्लू जिले के दौरे के बाद कांग्रेस पार्टी में निराशा का वातावरण व्याप्त है।
राजकीय महाविद्यालय ढलियारा के प्रबंधन विभाग (बीबीए) द्वारा साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा और पुलिस की भूमिका पर एक विशेषज्ञ वार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें डॉ खुशहाल चंद शर्मा (आई.पी.एस) पुलिस अधीक्षक कांगडा ने मुख्यातिथि की भूमिका निभाई। विशाल वर्मा पुलिस उपाधीक्षक देहरा भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यातिथि महोदय ने साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा और पुलिस की भूमिका के बारे में बताते हुए कहा कि साइबर अपराध जिसे कंप्यूटर अपराध के रूप में भी जाना जाता है, अवैध उद्देश्यों के लिए एक उपकरण के रूप में कंप्यूटर का उपयोग है, जैसे: धोखाधड़ी, बौद्धिक संपदा की तस्करी, व्यक्तिगत जानकारी की चोरी या गोपनीयता का आक्रमण, सड़क सुरक्षा उपायों का उपयोग करके सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षा के बारे में बताया और कहा कि हमें यातायात नियम जैसे हेलमेट पहनना, धीमी गति में वाहन चलाना इत्यादि का पालन करें एवं समाज में पुलिस की भूमिका के बारे में बताया। कार्यक्रम के अंत में मुख्यातिथि द्वारा महाविद्यालय के सड़क सुरक्षा संघ के छात्रों को सड़क सुरक्षा व साइबर अपराध से संबंधित पुस्तिकाओं का वितरण किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डा स्वदीप सूद,बीबीए समन्वयक प्रो० करन सिंह पठानिया,प्रो सुशील भार्दवाज,प्रो बलवित सिंह ने मुख्यातिथि का धन्यवाद किया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय प्राचार्य डा स्वदीप सूद, प्रो करन सिंह पठानिया, प्रो सुशील भार्दवाज, प्रो गुलशन धीमान, प्रो संजीव जसवाल, प्रो सुरेश राणा, प्रो ब्रजेशवर, प्रो राजीव, प्रो देवन महाजन, प्रो रोहित, प्रो रुचिका, प्रो प्रियांका, प्रो अंकिता, प्रो अनुज, प्रो अमित, प्रो बलवित सिंह, प्रो दीक्षा तथा महाविद्यालय के सभी छात्र उपस्थित रहे।
बददी साई मार्ग पर ऑल आउट बनाने वाली कंपनी के कामगारों की क्रमिक भूख हड़ताल दसवें दिन में प्रवेश कर गई है। वीरवार को करतार सिंह, फुलन और आशा देवी और राजेंद्र कुमार अनशन पर बैठे। उधर, हड़ताल में शामिल कामगार पंकज मिश्रा पिछले 2 अक्तूबर से निजी अस्पातल में भर्ती है। उसे तीन यूनिट खून चढ गया है और अभी भी उसकी तबियत बिगड़ती जा रही है। कामगार संदीप, पंकज, नरेश कुमार, शिव ओमकार, संतोष, शेलेंद्र, प्रेमपाल और रामपाल ठाकुर ने बताया कि कामगार एक माह छह दिन से हड़ताल पर है लेकिन उनकी कहीं पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। लगातार प्रतिकूल मौसम में कामगारों कंपनी के आगे बैठने से उनकी हालत बिगड़ रही है और श्रम कार्यालय और कंपनी संचालक उनकी मांग को नहीं मान रहे है। उल्टा उन्हें कचरा बताते है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उनको न्याय नहीं मिलता है तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने लाहौल-स्पीति जिला के ताबो स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र में ‘सेब दिवस एवं किसान मेले में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा किसानों के साथ सीधा संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यहां के किसानों ने परम्परागत कृषि पद्धति को अभी भी संरक्षित रखा है जो हम सभी के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि कुल्लू दशहरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनसे प्रदेश में प्राकृतिक खेती के बारे में जानकारी ली है। राज्यपाल ने बताया कि प्रधानमंत्री ने उनसे इस दिशा में विशेष प्रयास करने को कहा ताकि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक खेती में देश के अग्रणी राज्य के रूप में उभर सके। उन्होंने किसानों से इस दिशा में आगे आने और आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित आदर्श खाद्य प्रसंस्करण इकाई का लोकार्पण भी किया। इस इकाई में सेब और अन्य स्थानीय फसलों के उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इस इकाई के माध्यम से किसानों और स्वयं सहायता समूहों को काफी लाभ मिलेगा। इससे किसान बेहतर उत्पाद बनाने और इन्हें कम से कम समय में बाजार तक पहुंचाने में सक्षम होंगे। राज्यपाल ने केंद्र के परिसर का भी निरीक्षण किया और सेब की फसल की जानकारी हासिल की। उन्होंने ‘पिति शिंगपा’ पुस्तक का विमोचन भी किया।
कसौली निर्वचन क्षेत्र में समाजसेवी और आम आदमी पार्टी नेता हरमेल धीमान का जनसम्पर्क अभियान जारी है। हरमेल धीमान जहाँ भी जा रहे है, उन्हें लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में दशहरे के अवसर पर हरमेल धीमान ने परवाणु, धर्मपुर और जाबली में आयोजित कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। सभी आयोजनों में पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत हुआ। हरमेल धीमान न कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है और सभी को भगवान श्री राम के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके बताएं मार्ग पर चलना चाहिए। इस बीच हरमेल धीमान ने कहा कि वे हमेशा बतौर समाजसेवी ऐसे आयोजनों में शामिल होते आ रहे है और हमेशा उन्होंने हरसंभव सहयोग किया है। वे राजनीति में सेवा के उद्देश्य से आएं है, वे अब भी सेवा कर रहे है और अगर जनता उन्हें मौका देगी तो भी वे सेवा ही करेंगे। भगवान श्री राम ने उन्हें सब कुछ दिया है, राजनीति उनके लिए कमाने का जरिया नहीं है बल्कि सेवा का माध्यम है।
रिवाज़ बदले भी हैं और बदलेंगे भी, उक्त शब्द भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं वूल फेडरेशन के चेयरमैन त्रिलोक कपूर ने अपनी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहे। कपूर ने कहा कि आज़ादी के अमृतकाल में हिमाचल में सचमुच रिवाज़ बदल रहा है। घोषणा होने के बाद हिमाचल ने कई प्रोजेक्टों को अटकते, झटकते, भटकते देखा है, लेकिन नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद, जगत प्रकाश नड्डा के राष्ट्रीय फलक पर चमकने के साथ और जयराम ठाकुर के संघर्ष पथ पर तपस्या करते हुए हिमाचल ने पिछले 5 वर्षों में कई रिवाज बदले है। पांच साल में परियोजना के पूरे होने का रिवाज़ बदलते हिमाचल ने एम्स को देखा है। हिमालय के सीने को चीर कर अटल टनल के माध्यम से हिमाचल ने लाहौल को देखा है। इन पांच वर्षों में 60 वर्ष के ऊपर के सभी बजुर्गों को पेंशन मिलना भी बड़े रिवाज़ को बदलना जैसा ही था। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि रिवाज़ बदलने की परिपाटी हिमाचल में सामाजिक तौर पर काफी गहरी है। पूरे देश मे घूंघट से मुक्ति हिमाचल में ही हुई थी, दहेजप्रथा, सती आदि कुप्रथाओं को त्याग करने के रिवाज़ बदलने की शुरआत हिमाचल से ही हुई थी।रिवाज़ बदलने को हिमाचल वासी हमेशा ही आतुर दिखते है। उन्होंने कहा कि बार-बार सरकार बदलने, पांच साल बाद सरकार बदलने से हिमाचल के सतत विकास को चोट लगती थी। केंद्र से अलग पार्टी की सरकार बना कर हिमाचल की तरक्की प्रभावित होती रही है। हिमाचल ने 2009 में केंद्र की कांग्रेस सरकार द्वारा प्रदेश के विशेष राज्य के दर्जे को छीनते हुए देखा है। हिमाचल में इस बार इन्ही बिन्दुओ को देखते हुए रिवाज़ बदलने की आहट हर चौक, चौराहे, चौपाल, हाट, घराट और बाज़ार में दिख रही है। त्रिलोक कपूर ने कहा कि रिवाज़ बदलने को लेकर प्रदेश की सभी राजनीतिक दल चर्चा कर रहे हैं, विपक्ष भी रिवाज़ को लेकर नारे लाया है, लेकिन हिमाचल के हित मे रिवाज़ बदलना ही उपयुक्त है, जिसकी केंद्र सरकार उसकी राज्य सरकार, जिस सरकार ने विकास के आयाम स्थापित किये है उनकी ही फिर से सरकार। निश्चित तौर पर सरकार बदलने का रिवाज़ हिमाचल में बदलने वाला है।
जिला परिषद उपाध्यक्ष नरेश कुमार दर्जी ने ग्राम पंचायत दलोट के वार्ड नंबर 7 साईं गांव का दौरा किया। इस दौरान समस्त गांव वासियों ने उन्हें सड़क समस्या से अवगत करवाया। गांव वासियों ने कहा कि सड़क में पानी की निकासी सही ढंग से ना होने की वजह से गांव वासियों को चलने फिरने में काफी दिक्कत आ रही है और स्कूटर बाइक का ले जाना भी मुश्किल हो रहा है। यहां पर पीडब्ल्यूडी विभाग का टारिंग का काम लगा हुआ था जिसे गुस्से में आकर गांव वासियों ने बंद करवा दिया था। इस कार्य को भी जिला परिषद उपाध्यक्ष नरेश कुमार दर्जी ने शुरू करवाया। दर्जी ने गांव वासियों को आश्वासन दिया है कि 1 हफ्ते के भीतर प्रशासन की मदद से उनकी समस्याओं को दूर करवाया जाएगा। यदि प्रशासन इसके ऊपर कोई सुनवाई नहीं करता है तो जिला परिषद उपाध्यक्ष नरेश कुमार दर्जी अपने पैसों से इस समस्या को दूर करवाएंगे।
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता विकेंद्र सूद ने पीएम मोदी के हिमाचल दौरे पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में भीड़ जुटाने के लिए जयराम सरकार ने सैकड़ों सरकारी बस लगा दी। जिससे मंडी, कुल्लू, बिलासपुर, हमीरपुर के बस स्टैंड में हजारों यात्री सफर के लिए बसों को इंतजार करते रहे लेकिन बसें नहीं मिली। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। जयराम सरकार को मोदी की रैली में भीड़ जुटाना जरुरी है और आम आदमी की कोई चिंता नहीं है। आज प्रदेश के लाखों लोग यात्रा के लिए बस न मिलने से परेशान हुए हैं। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार ने मोदी की रैली में गांवों से लोग लाने के लिए 2000 के करीब सरकारी बसें लगा दी हैं। जिससे बस स्टैंड यात्रियों से तो भरे रहें लेकिन बसें नहीं मिलीं। सभी बसें मोदी की रैली के लिए लोगों को लाने और वापस छोड़ने में ही दिन भर लगी रहीं हैं। प्रधानमंत्री मोदी की रैली के बसों के बुक होने के कारण प्रदेश के करीब 2000 से अधिक रुट प्रभावित हुए हैं। सरकार ने यात्रियों की सफर के लिए कोई वैकल्पिक प्रबंध नहीं किया। आप प्रवक्ता विकेंद्र सूद ने कहा कि सरकार को मोदी की रैली के लिए बसें बुक करना था तो लोगों को सफर के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी। जिससे प्रदेश के लाखों यात्रियों को परेशानी न होती। लेकिन जयराम सरकार को आम जनता की कोई चिंता नहीं है।
पुलिस थाना लंबागांव के अंतरगर्त पड़ते मक्कड़ गांव के 21 वर्षीय युवक की नाग नगुली के पास बुधवार सुबह साढ़े दस बजे के करीब झरने में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अंकित कुमार उर्फ अंकू पुत्र राजेश कुमार गांव मक्कड़ डाकघर जयसिंहपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार युवक का मंगलवार को जन्मदिन दिन था। उसका जन्मदिन मनाने उसकी मौसी का लड़का व दोस्त भी आए हुए थे। ये दोनों मंगलवार रात को अंकित के घर ही ठहरे हुए थे। बुधवार को अंकित अपनी मौसी के लड़के व दोस्तों के साथ गांव से करीब चार किलोमीटर दूर नाग नगुली के पास झरने में नहाने चला गया। अंकित और उसके दोस्त जैसे ही झरने में नहाने उतरे। इतने में पानी गहरा होने के कारण अंकित चट्टान में फंस गया। अंकित को तैरना नहीं आता था। दोस्तों ने उसको निकालने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसे बाहर नहीं निकाल सके। बाद में शोर मचाने पर आसपास के युवाओं ने अंकित को पानी से बाहर निकाला। तब तक अंकित की मौत हो चुकी थी। अंकित ने पालमपुर में आयोजित अग्निपथ भर्ती में ग्राउंड टेस्ट पास कर लिया था। अब मेडिकल होना बाकी था। उसकी एक बड़ी बहन है, जिसकी भी अभी तक शादी नहीं हुई है। पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। लंबागांव पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पालमपुर भेज दिया है। डीएसपी बैजनाथ बीडी भाटिया ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी ने कहा कि मामले की पूरी बारीकी से छानबीन की जाएगी।
जवाली उपमंडल के अंतरगर्त एकल अभियान द्वारा अंचल नगरोटा सूरियां के हरसर में अभ्युदय यूथ क्लब के बैनर तले अंचल स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन अंचल अध्यक्ष दिनेश निखिल की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इसमें जीत राम शर्मा व विहिप के विभागअध्यक्ष सुरेश गुलेरिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इसमें 10-14वर्ष के बच्चों ने कबड्डी, कुश्ती, दौड़,लांगजंप, हाई जंप प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में शविंद्र जंबाल, रजनीश और सुनीता ने बतौर रैफरी अपनी सेवाएं प्रदान की। विजेता खिलाड़ियों को समिती द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। खेल प्रतियोगिता में एकल विद्यालय के 11 संच के करीबन 150 बच्चों ने भाग लिया। इस मौके पर एकल अभियान से 11संच के संच प्रमुख भाग से भाग अभियान प्रमुख बलविंदर सिंह, भाग ग्राम स्वराज योजना प्रमुख मनोज कुमार, भाग प्रशिक्षण प्रमुख रजनी, अंचल से प्रशिक्षण प्रमुख रमा कुमारी, ग्राम स्वराज योजना प्रमुख अर्पणा शर्मा सहित कई अन्य लोग भी मौजूद रहे।
चौसकु हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय अनुसंधान और कृषि प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में भारतीय चावल अनुसंधान संस्थान और एडवांटा सीड्स, यूपीएल लिमिटेड हैदराबाद के साथ सहयोग करेगा। कुलपति प्रो एच.के.चौधरी ने यह खुलासा अपने हैदराबाद में भारतीय चावल अनुसंधान संस्थान, राजेंद्रनगर का दौरा करने के दौरान किया। उन्होंने बताया कि भारतीय चावल अनुसंधान संस्थान प्रमुख भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद है। कुलपति प्रो.एच.के.चौधरी ने आईआईआरआर के निदेशक डॉ. आर एम सुंदरम और विभागाध्यक्षों और वैज्ञानिकों के साथ चावल अनुसंधान और संबंधित गतिविधियों के बारे में विस्तार से चर्चा की। डॉ. सुंदरम ने कुलपति को अनुसंधान, किस्मों और प्रौद्योगिकियों के बारे में जानकारी दी। कुलपति ने डॉ सुंदरम को चावल के क्षेत्र में अनुसंधान सहयोग पर चौसकु हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के साथ हाथ मिलाने का प्रस्ताव दिया जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। कुलपति ने एडवांटा सीड्स, यूपीएल लिमिटेड हैदराबाद का भी दौरा किया और कृषि फसलों पर उनकी प्रयोगशालाओं, पॉलीहाउस, अनुसंधान एवं विकास सुविधाओं का दौरा किया। उन्होंने एडवांटा सीड्स के अधिकारियों और वैज्ञानिकों के साथ विस्तृत बातचीत की।
अखिल भारतीय हरिजन लीग शाखा अर्की के सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम अर्की केशव राम से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम अर्की केशव राम को एक ज्ञापन भी सौपा। महासचिव संत राम पंवर ने बताया कि ग्राम पंचायत पारनु के गांव कंसवाला के स्थाई निवासी धनीराम को पिछले काफी दिनों से पीने के पानी की समस्या से झूझना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर हरिजन समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपरोक्त परिवार के सदस्यों को पानी की समस्या से निजात दिलाने एवं उनके घर के नजदीक गांव के लोगों द्वारा दीया तारने से संबंधित एक पत्र एसडीएम अर्की से मिलकर समस्या से निजात दिलाने बारे आग्रह किया। वही,एसडीएम अर्की ने गंभीरता से इस समस्या को सुनकर जल्द से जल्द निपटारा करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर लीग अध्यक्ष चुनी लाल बंसल, महासचिव संतराम पंवर,वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैलाश चंद भाटिया, संत लाल गुलाटी, अर्की ब्लॉक कांग्रेस एससी-एसटी के अध्यक्ष सीडी बंसल, सुरेंद्र गर्ग, वीएन बंसल सहित अन्य मौजूद रहे।
ज्वालामुखी उपमण्डल के अन्तर्गत पड़ते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लगड़ू के एनएसएस कैडेट्स को कानून, यातायात प्रबंधन व इसके नियम के बारे में जागरूकता विषय पर जागरूक किया गया। पुलिस चौकी लगड़ू के इंचार्ज एएसआई बलदेव शर्मा द्वारा प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लगड़ू के अनुरोध पर बच्चों को जागरूक गया। लगभग 80 कैडेट्स, स्कूल स्टाफ और एसएमसी पर्सनल के लोगों द्वारा कार्यक्रम में भाग लिया।
व्यापार मंडल डाडा सीबा के प्रधान राजेंद्र सिंह गोगा की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के अलावा व्यापारी वर्ग भी मौजूद रहे। इस दौरान व्यापार मंडल के चैयरमैन राजेंद्र सिंह गोगा ने जानकारी देते हुए बताया कि तीसरा रक्तदान शिविर आठ अक्टूबर शनिवार को सिविल हॉस्पिटल डाडा सीबा में लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि रक्तदान शिविर पिछले दो साल से डाडा सीबा में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने रक्तदान करने के इच्छुक लोगों से आग्रह किया है कि वे आठ अक्टूबर को इस महादान का हिस्सा बनें।
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव नीरज शर्मा ने प्रेस में जारी बयान में कहा कि ज्वालामुखी युवा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के 102 बूथों पर पूर्व विधायक संजय रत्न के द्वारा करवाए गए विकास कार्यों को जनता के घर द्वार पहुंचाने का कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि संजय रत्न ने अपने कार्यकाल में शिक्षा,सड़क, पीने के पानी, स्वास्थ्य के क्षेत्र में करोड़ों रुपए खर्च किए व प्रशासनिक इकाइयों को खोलने का कार्य जनहित में किया है। नीरज ने कहा कि आज पूरे ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में संजय रत्न द्वारा करवाए गए विकास कार्यों की लहर चल रही है। गांव-गांव में संजय रत्न को जनता का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है। इस मौके पर युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष सादिक , महासचिव सुनील, कबीर, लकी, नीरज, सुशील, कपिल, अजय, प्रदीप, रवि, सक्षम, मनोज, राकेश, रोहित, अंकु, मोहित अमन आदि मौजूद रहे।
पाइनग्रोव स्कूल सूबाथू के संचालन एवं प्रशासन प्रबंधक कैप्टन रेणु शर्मा, हेड टीचर पंकज शर्मा के साथ 13 छात्रों का एक प्रतिनिधि मंडल लेस बी मोर विषय पर केंद्रित राउंड स्क्वायर सम्मलेन के लिए 10 दिवसीय यूके दौरे पर था। इस सम्मलेन में 35 देशों के कुल 2052 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विभिन्न देशों से आए छात्र पहले तीन दिनों के लिए ऑक्सफ़ोर्ड विश्वविद्यालय ठहरे। उसके बाद सभी विद्यार्थियों ने न्यू थिएटर ऑक्सफ़ोर्ड में आयोजित उद्घाटन समारोह में भाग लिया। राउंड स्क्वायर सम्मलेन के शुरूआती राउंड में स्क्वायर आदर्शों और सम्मलेन के महत्त्व पर बाराजा शामिल थे। उसके बाद कार्यक्रम में सरंक्षण स्वयं सेवकों द्वारा संचालित ऊर्जा, पर्यावरण साहसिक, नेतृत्व साँस्कृतिक विविधता और सामाजिक सेवा पर चर्चा की गई। इस दौरान छात्रों ने अन्य गतिविधियों जैसे ऑक्सफ़ोर्ड टाउन हाल में सेलीड डांस, लैटिमर अपर स्कूल में एक फिल्म और पिज्जा नाईट, वर्ल्ड एंड वंडर्स शो एंड इवेंट, आइस ब्रेकर गेम्स में भी भाग लिय। वहीं विद्यार्थियों ने लैटिमर अपर स्कूल में पियाजा टेम्स रिवरबोट के माध्यम से रोमांचिक दर्शनीय स्थलों की यात्रा के साथ-साथ हीथ्रो गैटविक और सेंट्रल लंदन के लिए शटल स्थानांतरण के अलावा वनस्पतियों और जीवों के बारे में जागरूक किया गया।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज बिलासपुर जिला के कोठीपुरा में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का दौरा किया तथा विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। लगभग 1471 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित इस संस्थान का उद्घाटन बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। लगभग 247 एकड़ क्षेत्र में फैले 750 बिस्तरों वाले इस चिकित्सा संस्थान में प्रदेशवासियों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर एम्स के निदेशक डॉ. वीर सिंह नेगी ने भाजपा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री का स्वागत किया और संस्थान के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी। एम्स परिसर के निरीक्षण के बाद जगत प्रकाश नड्डा तथा जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री के रैली स्थल लुहणू मैदान का दौरा भी किया। इस अवसर पर सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, उपायुक्त पंकज राय, पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
मनोज शर्मा। अर्की 3 अक्तुबर को अर्की क्षेत्र के पहाड़ी गांव झुंडला की मनमोहक वादियों में स्थित देव मढोड़ मेला का आयोजन संपन्न हुआ। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार प्राचीन काल से देव मढोड़ इस स्थान पर विराजमान है। यह स्थानीय लोगों के ईष्टदेव है। पिछले 30 वर्षों से देव मढोड़ मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में भारी संख्या में युवाओं, महिलाओं व बच्चो ने मेले का आकर्षण बढा़ दिया। देव मढोड़ की विशेष पूजा में लोगों ने भाग लिया व भंडारे का आनंद लिया। देव मढोड़ समिति द्वारा आयोजित इस मेले में कबड्डी खेल प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रही। प्रतियोगिता में रैफरी रतन लाल, (डीपीई) व चमन लाल ठाकुर (पीईटी) स्कोर कीपर हरीश ठाकुर, पंकज शर्मा व चमन लाल टाईम कीपर जीत राम (डीएम) रहे। कबड्डी के फाइनल में बलेरा बनाम ममलीग के बीच हुए रोमांचक मैच में ममलीग टीम बलेरा को हराकर चैंपियन बनी। विजेता टीम को 8100 रूपए पुरस्कार राशि व ट्राफी दी गई। शतरंज में योगेश जोशी विजेता व गौरव उप-विजेता रहे। शतरंज प्रतियोगिता में कुनिहार चैस एशोसिएशन का सहयोग रहा। मेले में मुख्यातिथि के रूप में अर्की विकास समिति के संयोजक राजेंद्र ठाकुर रहे। उन्होंने इस मेले के आयोजन पर 11000 रूपए दानराशि दी तथा सोलर लाईट देने के लिए कहा। मीडिया के माध्यम से मेले का लाइव प्रसारण हेमराज द्वारा किया गया। वीडियो व फोटोग्राफी अभय कंवर द्वारा की गई। देव मढोड़ समिति अध्यक्ष ब्रजभूषण गौतम, उपाध्यक्ष शशिकांत, सचिव दीनानाथ, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार, सदस्य कृष्ण कांत, भूपेंद्र, देवेंद्र, ललित, कैलाश, वीरेंद्र आदि द्वारा मेला आयोजन का प्रबंधन किया गया। वरिष्ठ सदस्य जयदेव शास्त्री, कैलाश, अमर देव व बीडीसी कुनिहार कमल आदि मौजूद रहे। युवा बीडीसी सदस्य शशिकांत ने इस मेले के प्रचार प्रसार में अहम योगदान दिया। शशिकांत ने स्थानीय जनता का इस मेले में भाग लेने के लिए आभार प्रकट किया। पुलिस, मैडिकल, पानी व बिजली सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रशासन का भी आभार प्रकट किया। मेले में मुख्यातिथि के रूप में अर्की विकास समिति के संयोजक राजेंद्र ठाकुर रहे। उन्होंने इस मेले के आयोजन पर 11000 रूपए दानराशि दी तथा सोलर लाईट देने की कि घाेषणा।
नेहा पराशर । गगरेट महादेव पब्लिक सीनियर सेकेंडरी सकूल दौलतपुर चौक में दशहरे के उपलक्ष्य पर छात्रों द्वारा विभिन्न प्रकार के चार्ट बनाए गए और रामायण के महत्व पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर स्कूल प्रशासन द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए, जिसमें स्लोगन सहित स्कूल के स्टाफ द्वारा छात्रों को भगवान राम से जुड़े संस्कारों के बारे में बताया गया, तो वहीं यह भी बताया कि किस प्रकार प्रभुराम ने महा पराक्रमी रावण पर विजय प्राप्त की थी, जबकि इस मौके पर पेंटिंग प्रतियोगिता भी करवाई गई विद्यार्थियों ने अपने-अपने किरदारों की विशेषताओं का भी वर्णन किया। अंत में बुराई व अहंकार पर अच्छाई व सच्चाई की जीत का संदेश देते हुए रावण दहन किया गया। इस अवसर पर स्कूल की चेयरमैन ममता शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रही और उन्होंने छात्रों को सच्च बोलने और अच्छे संस्कारो के प्रति प्रेरित किया। इस अवसर पर स्वस्तिक शर्मा व अनमोल शर्मा उपस्थित रहे।
दिलीप सिरमौरी ने युवाओं को गीत-संगीत के माध्यम से बताया मतदान का महत्व गगन शर्मा। पांवटा साहिब निर्वाचक रजिस्ट्रिकरण अधिकरी एवं उपमंडल अधिकारी (ना) पांवटा साहिब विवेक महाजन ने जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा क्षेत्र 58-पांवटा साहिब में आज राजकीय महाविद्यालय परिसर भरली में युवा मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में निर्वाचन विभाग द्वारा स्वीप कार्यक्रम के जिला आइकॉन दिलीप सिरमौरी ने युवाओं को गीत-संगीत तथा व्यंगात्मक तथ्यों के माध्यम से मतदान हेतु जागरूक किया। विवेक महाजन ने बताया कि कार्यक्रम में युवा मतदाताओं ने बढ़-चढकर भाग लिया। मतदाताओं को इस कार्यक्रम के माध्यम से चुनाव संबंधित विभिन विषयों पर जानकारी उपलब्ध करवाई गई। इस अवसर पर निर्वाचन कानूनगो मदन लाल, प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय भरली टीएस चौहान, प्रवक्ता सुशील तोमर व स्वीप नोडल अधिकारी जीवन जोशी उपस्थित रहे।
राज सोनी । करसोग ऐतिहासिक नगरी पांगणा की पुरातन संस्कृति की पहचान लिए दुर्गाष्टमी पर आयोजित होने वाला 'आठी मेला' धूम-धाम से संपन्न हो गया। पांगणा में लाहौल मेले के बाद यह दूसरा मेला है। इस मेले में सुकेत अधिष्ठात्री राज-राजेश्वरी महामाया पांगणा और छण्डयारा महामाया के देव रथो ने ढाढी बाजगियो तथा हार के जातरूओ सहित भाग लिया। आठी मेले का मुख्य आकर्षण छण्डयारा से लगभग छह किलोमीटर दूरी पर स्थित पांगणा तक की रथ शोभायात्रा तथा महामाया मंदिर से दोनों देवियो की मेला स्थल देहरी तक की ढोल-नगारो संग निकलने वाली शोभायात्रा है। इस अवसर पर पांगणा ही नहीं अपितु पूरे सुकेत क्षेत्र, जिला, प्रदेश व देश की समृद्धि और सुख शांति के लिए प्राचीन परंपरा के अनुसार नारियल की बलि दी गई। पुरातत्व संरक्षण के लिए पुरातत्व चेतना संघ मण्डी द्वारा स्वर्गीय चन्द्रमणी कश्यप पुरातत्व राज्य पुरस्कार से सम्मानित डाक्टर जगदीश शर्मा, महामाया मंदिर समिति के अध्यक्ष कुशल महाजन महासचिव अनुपम गुप्ता का कहना है कि शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर सुकेत की आदि राजधानी पांगणा के देहरी मंदिर में सात्विक विधान से महामाया पांगणा की पूजा संपन्न हुई। दुर्गाष्टमी के अवसर पर कभी पांगणा के पश्चिम में देहरी नामक स्थान पर भैंसे की बलि देने की परम्परा थी, लेकिन लगभग डेढ़ दशक से भैसे की बलि बंद है। देहरी मे कोलकाता (कालकूट) से यहां प्रतिष्ठित महाकाली रूपा महामाया का मंदिर है। सुकेत रियासत के राजवंश के 52 चंद्रवंशी शासक देहरी वाली कलकत्ता काली के उपासक रहे है। इतिहासकार, साहित्यकार व सुकेत संस्कृति-साहित्य और जन कल्याण मंच पांगणा के अध्यक्ष डॉ. हिमेंद्र बाली 'हिम' का कहना है कि स्थानीय उपलब्ध लिखित साहित्य के अनुसार देहरी के समीपस्थ ढुंगरू गांव में लगभग 1500 वर्ष पूर्व साईबेरिया की बर्बर 'डुंगर' जाति रहती थी। इस जाति की बर्बरता से जब लोग त्रस्त हुए, तो उसी काल में बंगाल का राजकुमार बीरो हिमालय में अपने लिए नए राज्य की खोज में यहां पहुंचा। उत्पीड़ित लोगों के आग्रह पर राजकुमार ने बर्बर डुंगर जाति के नाश के लिये अपनी इष्ट देवी कालकूट की महाकाली का आह्वान किया। इनका कहना है कि 'आठी उत्सव' हमारी पुरातन संस्कृति व सामुदायिक सहयोग की पहचान है।खुशहाली की किरणें फैलाते ऐसे-ऐसे उत्सवों का संरक्षण करना ही हमारी पहचान है। पांगणा की कला-संस्कृति के वैभव, लोक उत्सव, लोक गीत, लोक गाथाओं और लोकोत्सवों को बचाने के लिए सरकार व कला संस्कृति व भाषा विभाग को भी प्रयास करने चाहिए।देहरी का मंदिर भारतीय कला की धरोहर माना जाता है। यहा पर सूर्य देव की ईरानी कला से प्रभावित मूर्ति तथा वरुणदेव की मूर्ति भी प्रकट हुई है। यह मंदिर आज जर्जर हालत में है। प्रदेश सरकार, पुरातत्व विभाग तथा पर्यटन विभाग यदि भारतीय संस्कृति की इस धरोहर को संरक्षित करें, तो यह पर्यटकों, पुरातत्व प्रेमियों तथ शोद्धार्थियों की पहली पसंद बन सकता है। सूर्यास्त के साथ ही देवी के दोनों रथों ने भावपूर्ण अंतिम मिलन कर अपने साजिंदाे, कारदारों सहित विदाई लेकर अपनी-अपनी देव कोठियो को प्रस्थान कर दिया।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट गांधी युवा क्लब पारनु द्वारा गांधी जयंती के उपलक्ष्य पर दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंचायत प्रधान पारनु केशव राम व उपप्रधान खेम राज वर्मा ने किया। क्लब के प्रधान हेमंत वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिताओं में मुख्य खेल वॉलीबॉल व कबड्डी रहे, जिसमें लगभग 17 टीमों ने भाग लिया। प्रधान केशव राम ने अपने संबाेधन में कहा कि आज के युग में जहां युवा नशे की ओर भाग रहें हैं। वहीं, गांधी युवा क्लब द्वारा युवाओं का रुख खेलों की ओर मोड़ने हेतु सराहनीय प्रयास किया है। उन्होंने आयोजकों को बधाई भी दी। उन्होंने आयोजकों को 5100 रुपए की राशि प्रदान किए, जबकि प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्यातिथि जल शक्ति विभाग अधीक्षण अभियंता हेमंत तंवर रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीम को नकद पुरस्कार सहित ट्राफियों से नवाजा। मुख्यातिथि जल शक्ति विभाग अधीक्षण अभियंता हेमंत तंवर ने कहा कि युवाओं को खेलकूद जेसी गतिविधियों और हर रोज व्याम को अपने जीवन का हिस्सा बनाना अति आवश्यक है। युवा क्लब द्वारा आयोजन की सराहना करते हुए कहा की इस तरह के आयोजन से स्थानीय प्रतिभाएं उभरती है और नशे की परवृति खत्म होती है।उन्होंने गांधी युवा क्लब पारनु के लिए आयोजन हेतु 31,000 देने की घोषणा की, जिसके लिए क्लब के सदस्यों ने उनका धन्यवाद किया। गांधी युवा क्लब पारनु के प्रधान हेमंत वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में कबड्डी का फाइनल मुकाबला साई हॉस्टल बिलासपुर और बंदला टीम के बीच हुआ, जिसमें साई हॉस्टल विजेता रही। वॉलीबाल के फाइनल मुकाबले में महाराजा अग्रसेन यूनिवर्सिटी बद्दी ने तुन टीम को हरा कर प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। मुख्यातिथि द्वारा कब्बड्डी की विजेता टीम को 11000 नकद साथ ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 8100 नकद साथ ट्रॉफी से नवाजा गया, जबकि वॉलीबाल की विजेता टीम को 11000 नकद साथ ट्राफी और उपविजेता टीम को 8100 नकद साथ ट्राफी द्वारा नवाजा गया। इस अवसर पर प्रधान हेमंत वर्मा, सत्य प्रकाश, कुलदीप राठौर, हरी ओम, नरेश ठाकुर, हेम राज शर्मा, अजय कुमार, महेंद्र कुमार, अशोक कुमार, दिनेश कुमार, देव राज राठौर, ललित ठाकुर, हेम राज व प्यारे लाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।


















































