शिक्षा विभाग द्वारा एनएसएस स्वयंसेवियों का एक दिवसीय कैंप का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शाहपुर में 21 दिसम्बर को किया था। इस कैंप का उद्देश्य प्रीआरडी कैंप के लिए स्वयंसेवियों का चयन करना था। इस कैंप में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ज्वालामुखी की स्वयंसेवी निराली चौधरी का चयन प्रीआरडी कैंप के लिए हुआ था। निराली चौधरी ने प्रीआरडी कैंप में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोंदपुर बनेड़ा जिला ऊना में 27 दिसंबर से 31 दिसंबर तक भाग लिया। अब इसका चयन 26 जनवरी को रिज मैदान पर आयोजित राज्य स्तरीय एनएसएस प्रेड के लिए हो गया है। स्कूल प्रधानाचार्या मंजू चौधरी ने एनएसएस पीओ अजय कुमार, नीलम कुमारी और निराली के माता पिता को इस उपलब्धि पर बधाई दी और निराली के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घनागुघाट में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस कैंप का समापन विधिवत रूप से हुआ। जिसमें रूप राम शर्मा पूर्व प्रधानाचार्य ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। विद्यालय से ही सेवानिवृत्त हो रहे प्रकाश शर्मा व मनोहर शास्त्री विशेष अतिथि में रूप में शरीक हुए। इस मौके पर एनएसएस प्रभारी देशराज गिल ने शिविर की सात दिन हुई रूपरेखा को मुख्यातिथि के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवियों द्वारा इस शिविर के दौरान साफ सफाई की गई और लोगों को स्वच्छता बारे जागरूक किया। शिविर में मुख्यवक्ता के रुप मे ग्राम प्रधान व अन्य ने स्वयंसेवकों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रूप राम शर्मा, विनोद बंसल, उमा महेश्वर, पुष्पेंद्र कुमार, जोगिंदर सिंह, शीला देवी, अशोक कुमार, रामलाल, अजय, राजबाला, सुमन कौर, कुलदीप कुमार, मदन सिंह, मदनलाल, ज्वाला दास, अमर सिंह, शांति देवी व देवी सिंह उपस्थित रहे।
थाना देहरा की संसारपुर टैरेस पुलिस चौकी के तहत पड़ती ग्राम पंचायत कस्बा जागीर में रविवार सुबह 4 बजे एक मामला सामने आया है, जिसमें घर के आंगन में महिला बेहोश अवस्था में पाई गई जिसके सिर व शरीर में चोटें आई हैं। पंचायत प्रधान नरेश कुमार कस्बा जागीर ने जानकारी देते हुये बताया कि रविवार सुबह 4 बजे के करीब स्थानीय गाँव की महिला त्रिशला कुमारी धर्मपत्नी अशोक कुमार की सुबह 4 बजे के करीब चिल्लाने की आवाजें आने लगी तो स्थानीय लोग महिला के घर पर पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि महिला घायल अवस्था में अपने घर के आंगन में बेहोश अवस्था में खून से लथपथ पड़ी हुई थी। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने महिला को तुरंत सिविल अस्पताल डाडासीबा पहुंचाया जिसे वहां पर प्रथम चिकित्सा उपचार दिया गया। महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया। मिली जानकारी के अनुसार उक्त महिला घर पर अकेली थी व उसके दो बच्चे हैं, वह दोनों नौकरी करते हैं और पति भी घर से बाहर लुधियाना नौकरी करते हैं। महिला के साथ हादसा कैसे हुआ इसके बारे में अभी कुछ जानकारी नहीं मिली है और पुलिस इस पर जानकारी जुटा रही है। उधर इस संबंध में चौकी प्रभारी संसारपुर टैरेस संजीव कुमार ने बताया पुलिस मौके पर गई थी व वहीं मामले की जांच की जा रही है। वहीं डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने कहा कि महिला सुबह घायल अवस्था में घर के आंगन में पड़ी थी जिसके सिर पर चोटें आई हैं। जिसे स्थानीय लोगों ने प्राथमिक चिकित्सा के लिए डाडासीबा अस्पताल पहुंचाया व अब महिला को टांडा रैफर किया गया है। अभी महिला ने यही बताया है कि उसे कुछ भी याद नहीं है। महिला के ब्यान के बाद ही मामले का पता चलेगा व पुलिस की जांच जारी है।
राजकीय महाविद्यालय रक्कड़ में शनिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ मुख्यातिथि संयुक्त शिक्षा निर्देशक डॉ आशिथ मिश्रा द्वारा किया गया। सर्वप्रथम राजकीय महाविद्यालय जवालाजी के प्राचार्य डॉ सुशील कुमार बस्सी, प्राचार्य डॉ अनिल डोगरा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रक्कड़ के प्रधानाचार्य अनिल डोगरा और एनएसएस प्रभारी नमिता सेखड़ी द्वारा सरस्वती मां को दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस दौरान सयुंक्त शिक्षा निर्देशक डॉ आशिथ मिश्रा ने अपने वक्तव्य में कहा कि हमें वर्तमान समय में मेहनत करनी चाहिए तभी हमारा भविष्य अच्छा हो सकता है। वहीं उन्होंने कहा कि हमें निस्वार्थ भाव से कर्म करते हुए अपनी आंतरिक अभिव्यक्क्तियों को सार्थक मंच प्रदान करना चाहिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्वयंसेवियों को एनएसएस के इतिहास के बारे में भी अवगत करवाया। कार्यक्रम में मंच संचालन सहायक हिंदी आचार्य मीना कुमारी द्वारा किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के सहायक आचार्य अंग्रेजी प्रो० सुषमा कुमारी, वाणिज्य संकाय के सहायक आचार्य प्रो० रजनीश शर्मा और अधीक्षक सत्यकाम शर्मा भी उपस्थित रहे।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में 2 जनवरी से 8 जनवरी तक एनएसएस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जानकारी देते हुए प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने बताया कि एनएसएस का सात दिवसीय कैंप दो जनवरी से आठ जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान स्वयंसेवियों से विभिन्न प्रकार की गतिविधियां करवाई जाएगी तथा विभिन्न रिसोर्स पर्सन के द्वारा बहुमूल्य जानकारी प्रदान करवाई जाएगी।
नववर्ष के आगमन और कोरोना से लड़ाई लड़ने के लिए अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट बागा में ट्रक चालकों को सैनिटाइजर व मास्क उपहार के रूप में वितरित किए गए। यह आयोजन कंपनी के लॉजिस्टिक्स विभाग द्वारा आयोजित किया गया। इकाई प्रमुख अल्ट्राटेक सीमेंट बागा विवेक माथुर ने साल 2021 की विदाई व साल 2022 के शुभारंभ के अवसर पर बधाई देते हुए सभी चालक बंधुओं को सैनिटाइजर व मास्क उपहार के रूप में वितरित किए, ताकि सभी चालक सुरक्षा सुरक्षित रहें। इस दौरान नववर्ष के आगमन पर बागा सीमेंट वर्क्स द्वारा नव वर्ष का उत्सव साथ बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
ग्राम पंचायत सूरजपुर में विकास कार्यों को लेकर 2 जनवरी को समीक्षा बैठक आयोजित की जायगी। पंचायत प्रधान ओमप्रकाश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे पंचायत कार्यालय में विकास कार्यों से सम्बंधित एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया जाएगा। पंचायत प्रधान ओमप्रकाश शर्मा ने सभी महिला मंडल, वक मंडल व समस्त परिवारों से इस बैठक में भाग लेने का आग्रह किया है।
विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल संगठनात्मक जिला देहरा के प्रागपुर प्राखंड में गीता जयंती समारोह व बैठक संगठन के सह मंत्री जिला देहरा तिरलोक चंद शर्मा की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पवन बजरंगी ने की। इस मौके पर पवन बजरंगी ने जहां संगठनात्मक गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी, वही मौजूदा सामाजिक हालात पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति पर मुगलों, अंग्रेजों के जमाने से ही प्रहार होते आऐ हैं, जो आज भी बदस्तूर जारी है। अंग्रेजी हुकूमत ने लोगों को अपनी सभ्यता व संस्कृति से दूर करने हेतु बहुत षड्यंत्र रचे और हमारी शिक्षा पद्धति को प्रभावित किया यही कारण रहा है कि आज हमारी भावी पिढीयां अपने धर्म संस्कृति से दूर हो जाती है। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष मुकेश कुमार, प्राखंड अध्यक्ष तिलक राज, प्राखंड विशेष संपर्क प्रमुख सुभाष सुभाष चंद, उपाध्यक्ष अरूण डोगरा, अनुज शर्मा उपस्थित रहे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बस्सी तहसील जोगिंदरनगर में शनिवार को कलस्टर स्तरीय उत्कृष्ट स्कूल प्रबंधन समिति का चयन किया गया। प्रधानाचार्य गुरविंदर कौर ने बताया कि क्लस्टर स्तरीय उत्कृष्ट स्कूल प्रबंधन समिति में कुल 16 पाठशालाओं ने भाग लिया। माध्यमिक स्तर में राजकीय माध्यमिक पाठशाला, बल्ह चल्हारग प्रथम व राजकीय माध्यमिक पाठशाला गदियाड़ा दूसरे स्थान पर रहे। हाई स्कूल में राजकीय उच्च पाठशाला मझारनू प्रथम व राजकीय उच्च पाठशाला मनारू दूसरे स्थान पर रहे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बस्सी प्रथम व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला द्राहल दूसरे स्थान पर रहे। उत्कृष्ट स्कूल प्रबंधन समितियों को इस अवसर पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। किरण ठाकुर, विनोद गुलेरिया व रुबिन ठाकुर ने उत्कृष्ट एसएमसी के चयन में जज के रूप में भूमिका अभिनीत की।
उपमण्डल देहरा के अन्तर्गत पड़ते ख़बली में शनिवार को पुलिस गश्त एवम ट्रैफिक चेकिंग के दौरान गाँव मरयाली डाकघर ख़बली निवासी व्यक्ति के कब्जे से 9 बोतल देसी शराब बरामद की गई है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
किसानों के खेतों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध करवाकर उनकी आर्थिकी को सुदृढ़ करने तथा लोगों को पेयजल उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत जलशक्ति मण्डल पांवटा द्वारा चालू वित वर्ष के दौरान 60 टयूब वैल स्थापित किये जा रहे हैं, जिन पर लगभग 24 करोड़ रूपये की राशि व्यय की जा रही है। यह जानकारी ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी ने पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के गांव सूरजपुर में 19 लाख रूपये से अधिक की राशि से निर्मित होने वाले सिंचाई टयूब वैल के भूमि पूजन के उपरान्त उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि जल शक्ति मण्डल पांवटा द्वारा चालू वित वर्ष के दौरान लोगों को पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 12 टयूब वैल स्थापित किये जा रहे हैं, जिन पर 9 करोड़ 36 लाख रूपये की राशि व्यय की जा रही है। इससे पूर्व, ऊर्जा मंत्री ने 38 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले पातलियों न01 तथा न0 2 सिंचाई टयूब वैल का भी भूमि पूजन किया। उन्होंने बताया कि इन ट्यूबवैलों के स्थापित होने से इस क्षेत्र की 20 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार जन हितैषी है, जिसने सामाजिक सुरक्षा पेंशन हेतु आयु सीमा को 80 साल से घटाकर 70 वर्ष किया, जिसके तहत बुजुर्गों को 1500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है। इस अवसर पर भाजपा मण्डलअध्यक्ष अरविन्द गुप्ता, पंचायत समिति अध्यक्ष हितेन्द्र कुमार, अधिशाषी अभियन्ता जलशक्ति अरशद रहमान, अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण के केएल चौधरी, भाजपा नेता राहुल चौधरी, चरणजीत सिंह, प्रधान ग्राम पंचायत पातलियों सज्जन कुमार सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहें।
इस बार फिर राजकीय उच्च पाठशाला तयामल के नवमी कक्षा में पढ़ने वाले छात्र वरुण कुमार ने अपने स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दरअसल वरुण कुमार का साइंस मॉडल राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुआ है। यह मॉडल वरुण ने अपने साइंस अध्यापक कपिल देव के मार्गदर्शन से तैयार किया है। बता दें कि इस मॉडल को बनाने के लिए विद्यार्थी को सरकार की ओर से 10 हजार रुपए दिए गए थे। इस उपलब्धि के लिए छात्र वरुण कुमार को स्कूल में मुख्य अध्यापक व समस्त स्टाफ द्वारा सम्मानित किया गया।
डाडासीबा बाज़ार में व्यापर मंडल के प्रधान राजिंदर सिंह गोगा, व्यापार मंडल के उपप्रधान सूरज वर्मा व व्यापार मंडल के सचिव सुनील शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को व्यापार मंडल के सौजन्य से नववर्ष के आगमन पर हलवा बांटकर नए साल का जश्न मनाया गया। इस मौके पर कृष्ण दत्त शर्मा, रितेश शर्मा, सतीश कुमार, रमेश धीमान, रजत सूद ,आकाश, कुलभूषण डोगरा, नवीन मेहता, राकेश, महिंद्र वालिया, संजीव कुमार, गुरमीत, प्रेम मैहरा, राजीव मन्हास, रविंद्र सोनी, सुनील गुरपाल, संदीप कुमार, अजय सोनी आदि उपस्थित रहे।
कंडाघाट विकास खंड की सायरी पंचायत के मनसा माता मंदिर परिसर में पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन सायरी इकाई ने नव वर्ष उत्सव समारोह बड़े ही धूमधाम से मनाया। समारोह में पूर्व मंत्री एवं सोलन विधानसभा क्षेत्र के विधायक कर्नल धनीराम शांडिल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। समारोह की अध्यक्षता वीके शर्मा अध्यक्ष अखिल भारतीय पैरा मिलिट्री फोर्सेज ने किया। इसके साथ ही केडी शर्मा जिलाध्यक्ष पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति जिला सोलन इस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश के राज्य नाट्य दल ने हिमाचल प्रदेश की विभिन्न विकासात्मक उपलब्धियों की गीत, संगीत व नाटक के माध्यम जानकारी दी। इस दौरान सांस्कृतिक दल द्वारा सुंदर नाटी से सभी का दिल मोह लिया। मुख्य अतिथि धनी राम शांडिल ने पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक इकाई सायरी द्वारा आयोजित नव वर्ष कार्यक्रम की सराहना की व कार्यक्रम में 2003 के बाद बंद हुई पेंशन का मुद्दा भी सरकार से जल्द हल करवाने की बात कही।शांडिल ने सायरी इकाई के इस सफल आयोजन के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपए दिए। इस दौरान केडी शर्मा अध्यक्ष जिला अध्यक्ष, जिला सोलन विभिन्न इकाईयो के अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव ठाकुर, डीडी कश्यप, बेली राम राठौर, रूप राम, जगदीश, सूर्य कांत जोशी सहित वरिष्ठ पेंशनर्ज मौजूद रहे।
डीएवी पब्लिक स्कूल आलमपुरजिला कांगड़ा हिमाचल प्रदेश में नववर्ष बड़े ही उत्साह व उमंग के साथ मनाया गया l इस अवसर पर कक्षा एलकेजी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने अनेक गतिविधियों द्वारा अपनी भागीदारी निभाई। विद्यार्थियों ने अनेक प्रतियोगिताओं जैसे बैलून डेकोरेशन, न्यू ईयर कैप, कार्ड मेकिंग में भाग लियाl साथ ही उन्होंने पारिवारिक महत्व पर निबंध व फैमिली ट्री पोस्टर्स भी बनाए l इस अवसर पर विद्यालय में एक चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें कई छात्रों ने भाग लिया व आकर्षक बधाई कार्ड बनाएl डीएवी के समस्त उच्च अधिकारियों आर्यरत्न डॉ.पूनम सूरी पद्मश्री अवार्डी, डॉ वी सिंह, पी सोफत, डॉ.बीसी जोशन, वीके यादव, प्रधानाचार्य बिक्रम सिंह ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को नववर्ष की बधाई दी व अच्छे स्वास्थ्य की मंगलकामना कीl साथ ही विद्यार्थियों को उनके निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने का आशीर्वाद दिया।
तीन जनवरी से शुरू होने वाले बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए आज से रजिस्ट्रेशन की शुरुआत हो रही है। अभी टीका 15 से 18 साल के बच्चों को लगेगा। आज से करीब एक हफ्ते पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बच्चों के लिए कोरोना वैक्सीनेशन का ऐलान किया था। बच्चों के लिए फिलहाल वैक्सीन का सिर्फ एक विकल्प होगा, जो 'कोवैक्सीन' होगा। सबसे पहले gov.in वेबसाइट पर जाएं। अगर कोविन पर रजिस्टर्ड नहीं हैं तो पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा, यहां आपको बच्चे का नाम, उम्र जैसी कुछ जानकारियां देनी होगी। इसके बाद रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद मोबाइल पर कन्फर्मेशन मैसेज आएगा। फिर अपने इलाके का पिन कोड डालें। इसके बाद वैक्सीनेशन सेंटर की लिस्ट आ जाएगी, फिर तारीख और समय के साथ अपना वैक्सीनेशन स्लॉट बुक करें। ये सबकुछ करने के बाद आप वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर अपने बच्चे को कोरोना का टीका लगवा सकेंगे। वैक्सीनेशन सेंटर पर जाने से पहले आपको आइडेंटिटी प्रूफ और सीक्रेट कोड की जानकारी देनी होगी, जो रजिस्ट्रेशन करने पर मिलती है। बच्चों का कोरोना वैक्सीनेशन सरकारी सेंटर पर होगा। साथ ही निजी अस्पताल में भी बच्चे को वैक्सीन लगवा सकते हैं। सरकारी वैक्सीनेशन सेंटर पर बच्चों को मुफ्त वैक्सीन लगेगी। जबकि निजी अस्पतालों में वैक्सीन की कीमत चुकानी होगी। बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए तमाम राज्यों ने कमर कस ली है. इसके लिए तमाम तैयारियां भी जोरों पर चल रही हैं। बच्चों का वैक्सीनेशन इस वक्त वक्त की मांग है और इसीलिए ये बेहद जरूरी है। देश में 15 से 18 साल की उम्र के करीब 8 करोड़ बच्चे हैं। वैक्सीनेशन का फायदा इन तमाम बच्चों को मिलेगा और कोरोना के खिलाफ लड़ाई में हमारे बच्चे मजबूत होंगे।
जोगिंद्रनगर: 2 साल के बाद राजीव गांधी डिग्री कॉलेज जोगिंद्रनगर में एबीवीपी द्वारा टैलेंट हंट प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में माइंड ऑपरेशन अकादमी के निदेशक राम प्रकाश ठाकुर ने शिरकत की और बच्चों को नशे से दूर रहने के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आजकल बच्चे दिन प्रतिदिन गलत आदतों का शिकार हो रहे हैं इसकी वजह से समाज का बहुत ज्यादा नुकसान हो रहा है। बुरी आदत से बचने के लिए हमें अपने जीवन में अच्छी आदत अच्छी संगत और अच्छे गुरुओं का जीवन में अनुसरण करना पड़ेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान एनसीसी की छात्राओं ने पहाड़ी नाटी में प्रथम स्थान हासिल किया, दूसरा स्थान नृत्य में अंकिता ने हासिल किया और तीसरा स्थान गाना गाकर कोमल ने हासिल किया।
शिमला। हिमाचल अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुनीष गर्ग महासचिव अनिल सेन, उपाध्यक्ष संजय कुमार ने प्रदेश सरकार द्वारा कर्मचारी हित में लिए गए निर्णयों का स्वागत किया है। संगठन के अनुसार अराजपत्रित महासंघ के अध्यक्ष अश्वनी ठाकुर और महासचिव राजेश शर्मा के नेतृत्व में कर्मचारियों की प्रमुख मांगो को सरकार चरणबद्ध तरीके से पूरा कर रही है। इसके लिए कर्मचारी अराजपत्रित महासंघ के पदाधिकारियों के धन्यवादी हैं। कर्मचारियों को उम्मीद है कि उनकी सेनिओरिटी और पुरानी पेंशन तथा अन्य मांगों पर सरकार अगली कैबिनेट में फैसला लेगी। संगठन के पदाधिकारियों ने यह मांग रखी है कि भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के अनुसार नियुक्त कर्मियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता दी जाए और उनके अनुबंधकाल की सेवा को उनकी कुल सेवाकाल में जोड़ा जाए। कर्मचारियों की मांग की है कि सेनिओरिटी के विषय में कमेटी का शीघ्र गठन किया जाए और उसमें हिमाचल अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन के सदस्यों को भी शामिल किया जाए। प्रदेशाध्यक्ष मुनीष गर्ग के अनुसार जेसीसी की बैठक में सेनिओरिटी के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी के गठन की घोषणा हुई थी, लेकिन जेसीसी की मीटिंग के लगभग एक महीना बीत जाने के बावजूद भी कमेटी का गठन नहीं हुआ है। कर्मचारी संगठन अध्यक्ष मुनीष गर्ग के अनुसार संगठन अगले सप्ताह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, अराजपत्रित महासंघ के अध्यक्ष अश्वनी ठाकुर और महासचिव राजेश शर्मा से इस मांग के संदर्भ में शिमला में मिलेगा। साथ ही अराजपत्रित महासंघ जे नेतृत्व में मुख्यमंत्री के समक्ष इस मांग को उठाया जाएगा
जोगिंद्रनगर। शानन स्थित वैदिक पब्लिक उच्च वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के बच्चों ने नए साल का स्वागत सांस्कृतिक कार्यक्रमों व क्लास पार्टी के साथ किया। बच्चों ने अपनी कक्षा अध्यापिकाओं को खुद डिजाइन किए ग्रीटिंग कार्ड दिए। इस दौरान बच्चों में एक अलग प्रकार का उत्साह देखा गया। स्कूल की प्रधानाचार्य कंचन ठाकुर व निदेशक मेघ सिंह ने बच्चों और अध्यापिकाओं को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सभी को अपनी पुरानी और बुरी यादों को पीछे छोड़कर एक नई शुरुआत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें नए साल की शुरुआत अच्छे कामों से करनी चाहिए। उन्होंने आने वाले साल में बच्चों के स्वास्थ्य व उज्ज्वल भविष्य की कामना।
शिमला। कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह ने नववर्ष 2022 पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। प्रतिभा सिंह ने उम्मीद जाहिर की है कि नववर्ष 2022 सबको खुशियां लेकर आएगा और सभी का आपसी भाईचारा ओर भी मजबूत होगा। इसके अलावा विधायक विक्रमादित्य सिंह ने भी नव वर्ष पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
शिमला। न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से ओकओवर में मिला। न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ प्रदीप ठाकुर की अध्यक्षता में अपनी मांगे मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। जानकारी देते हुए प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री से ओल्ड पेंशन योजना की बहाली के लिए कमेटी की अधिसूचना के बाद कम से कम समय में कमेटी गठित करने का मामला उठाया और वर्ष 2009 की अधिसूचना भी तुरंत जारी करने की बात कही। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सभी मांगों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। वहीं कमेटी के गठन कर उसकी रिपोर्ट फरवरी माह तक जारी करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी है। इस दौरान न्यू पेंशन कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महासचिव भरत शर्मा, खुशाल शर्मा जिलाध्यक्ष शिमला, महासचिव शिमला नारायण हिमराल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय ठाकुर प्रदेश विवि इकाई अध्यक्ष कुशाल, सुभाष व विपिन प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे।
उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी ने गत दिवस अनुसूचित जाति, जन जाति अधिनियम 1989 के अन्तर्गत गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं प्रबोधन समिति एवं राष्ट्रीय न्यास अधिनियम के अन्तर्गत गठित स्थानीय स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा ने बताया कि वर्तमान में जिला के विभिन्न न्यायालयों में कुल 45 मामले विचाराधीन है जबकि 3 मामलों में निर्णय हो चुका है। 04 मामलों में अधिनियम की धारा डिलीट होने के कारण मामले बन्द हो चुके है। राष्ट्रीय न्यास अधिनियम के अन्तर्गत गठित स्थानीय स्तरीय समिति की बैठक में उपायुक्त ने कानूनी संरक्षण के लिए प्राप्त मामलों में अनुमोदन प्रदान किया। बैठक में गणपति एजुकेशन सोसाईटी के अध्यक्ष डाॅ. रोशन लाल शर्मा तथा डाईट सोलन प्रधानाचार्य चन्द्रमोहन शर्मा ने अवगत करवाया कि अभी तक बहुत से बच्चों के चिकित्सा प्रमाण-पत्र नही बने है। उपायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन को निर्देश दिए कि वे कल्याण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर खण्ड स्तर पर चिकित्सा शिविरों के आयोजन बारे एक विस्तृत योजना प्रस्तुत करें ताकि वंचित लोगो को चिकित्सा प्रमाण-पत्र शीघ्र जारी किये जा सकें। उन्होंने कहा कि यूडीआईडी पोर्टल पर लम्बित सभी आवेदनों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करें तथा जिन मामलोें में औपचारिेकताएं पूर्ण नहीं है, उन्हे भी तुरन्त औपचारिकताएं पूर्ण करने के लिए सूचित करें। बैठक में जिला राजस्व अधिकारी केशवराम कोली, पुलिस उप अधीक्षक संतोष शर्मा, पुलिस उप अधीक्षक, बददी नवदीप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल, उपजिला न्यायवादी चम्पा सुरील, डाॅ. रोशन लाल शर्मा, सुभाष अत्री एवं अन्य गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित थे।
उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी ने जिलावासियों को नव वर्ष-2022 की बधाई दी है। कृतिका कुलहरी ने अपने शुभकामना संदेश में जिला वासियों के सुख एवं समृद्धि की कामना करते हुए आशा जताई कि नव वर्ष सभी के जीवन में प्रसन्नता एवं उल्लास लेकर आएगा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मन्त्री डाॅ.राजीव सैजल ने नव वर्ष-2022 की पूर्व संध्या पर प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। डाॅ.सैजल ने अपने शुभकामना संदेश में आशा जताई कि नव वर्ष-2022 सभी के लिए सुख-समृद्धि एवं खुशहाली लेकर आए तथा नव वर्ष में विश्व, देश एवं प्रदेश को कोविड संक्रमण से मुक्ति मिलें। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मन्त्री ने इस अवसर पर सभी से आग्रह किया कोविड-19 के खतरे को देखते हुए अपने एवं अपने परिजनों तथा अन्य के बेहतर स्वास्थ्य के लिए विभिन्न नियमों का पालन सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से मास्क पहनें, सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन करें और अपने हाथ बार-बार साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाइजर से साफ करते रहें।
सोलन जिला के विभिन्न स्थानों पर उचित मूल्य की दुकानें खोलने के लिए 20 जनवरी तक आवेदन ऑनलाइन जमा करवाए जा सकते हैं। यह जानकारी जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियन्त्रक पूर्ण चन्द ठाकुर ने दी। पूर्ण चन्द ठाकुर ने कहा कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवार आवेदन प्रमाण पत्र विभागीय वैबसाईट food.hp.nic.in से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदक को निर्धारित प्रपत्र व अन्य दस्तावेज वैबसाईट emerginghimachal.hp.gov.in पर अपलोड करने होंगे। पूर्ण चन्द ठाकुर ने कहा कि नगर निगम सोलन के वार्ड नम्बर 10, कोटलानाला, विकास खण्ड नालागढ़ के अन्तर्गत नगर परिषद बद्दी के वार्ड नम्बर 2 तथा वार्ड नम्बर 9 में उचित मूल्य की दुकान खोलने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि धर्मपुर विकास खण्ड की ग्राम पंचायत जाबली के गांव गाही, ग्राम पंचायत कोटीनाम्ब के गांव कोटी तथा कुनिहार विकास खण्ड ग्राम पंचायत जघून के गांव जघून, ग्राम पंचायत कोटलू तथा ग्राम पंचायत चम्यावल में नई उचित मूल्य की दुकानें खोलने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की बैठक में लिया गया है। उन्होंने कहा कि नई उचित मूल्य की दुकानें खोलने के लिए आवेदन निर्धारित प्रपत्र पर 20 जनवरी को सांय 5.00 बजे किए जा सकते हैं। इसके उपरान्त कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं होगा। निर्धारित प्रपत्र खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सम्बन्धित निरीक्षक तथा जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियन्त्रक के कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियन्त्रक ने कहा कि आवेदन करने के लिए न्यूनतम योग्यता दसवीं निर्धारित की गई है। आवेदक को आवेदन प्रपत्र के साथ दसवीं का प्रमाण पत्र, अन्य उच्च शिक्षा प्रमाण पत्र, वित्तीय स्थिति, भूतपूर्व सैनिक, अपंगता, शिक्षित बेरोजगार होने की स्थिति में स्वयं या परिवार के किसी भी सदस्य के नियमित रोजगार में न होने सम्बन्धी प्रमाण पत्र लगाना होगा। दुकान की उपलब्धता एवं भण्डारण क्षमता, विधवा एकल नारी, यदि आवेदक बीपीएल, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जनजाति परिवार से सम्बन्धित है तो उसका प्रमाण पत्र आवेदन के साथ संलग्न करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि आवेदक उसी स्थान का है जिसमें उचित मूल्य की दुकान खोली जानी है तो उसे इस सम्बन्ध में ग्राम पंचायत द्वारा जारी प्रमाण पत्र की प्राधिकृत अधिकारी से सत्यापित प्रतियां संलग्न की जानी अनिवार्य है ताकि उस आधार पर उचित मूल्य की दुकान आवंटन के लिए वरीयता सूची तैयार की जा सके। पूर्ण चन्द ठाकुर ने कहा कि इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्यालय दिवस पर कार्यालय आकर या कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01792-224114 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
कृषि विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा एवं उत्थान महाभियान (पी.एम. कुसुम) योजना कार्यान्वित की जा रही है। इस योजना के अन्तर्गत सौर पम्पों से सिंचाई के लिए व्यक्तिगत व सामुदायिक स्तर पर मशीनरी लगाने के लिए लघु सीमांत वर्ग के किसानों को 85 प्रतिशत की सहायता तथा मध्यम व बड़े वर्ग के किसानों को 80 प्रतिशत की सहायता का प्रावधान है।प्रवक्ता ने कहा कि मंत्रालय के संज्ञान में यह आया है कि कुछ फर्जी वेबसाइट और मोबाइल ऐप्लीकेशन प्रधानमंत्री-कुसुम योजना के नाम पर किसानों से सोलर पम्प लगाने के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने और पंजीकरण शुल्क तथा पम्प की कीमत का ऑनलाइन भुगतान करने को कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से निराधार है और आवेदकों तथा जन-साधारण से ऐसी फर्जी वेबसाइट और मोबाइल ऐप्लीकेशन पर क्लिक न करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यह फर्जी वेबसाइट जन-साधारण से धोखाधड़ी कर उनके पैसे व आवश्यक जानकारी जुटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम. कुसुम योजना सरकार द्वारा केवल प्रदेश के नामित सरकारी विभाग के माध्यम से ही कार्यान्वित की जा रही है तथा लाभार्थी किसान को मनोनीत सरकारी विभाग को ही अपना हिस्सा जमा करवाना होता है। उन्होंने कहा कि नामित विभागों के बारे में तथा अन्य आवश्यक जानकारी जैसे कि भागीदारी के लिए पात्रता व कार्यान्वयन प्रक्रिया इत्यादि के बारे में अधिकारिक जानकारी एमएनआरई की वेबसाइट www.mnre.gov.in पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त टोल फ्री नम्बर-1800-180-3333 पर सम्पर्क करके भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि किसान अपने नजदीकी कृषि कार्यालय में जाकर भी इस योजना से सम्बन्धित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज यहां हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता फेडरेशन लिमिटेड (हिमफेड) का कैलेंडर जारी किया। हिमफेड के अध्यक्ष गणेश दत्त ने कैलेंडर जारी करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं दी। उन्होंने मुख्यमंत्री को प्रदेश सरकार के चार वर्ष के सफल कार्यकाल के लिए बधाई भी दी। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने डाॅ. वाई.एस. परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी, सोलन की किसान हैंडबुक और कैलेंडर भी जारी किया। इस अवसर पर डाॅ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के उप-कुलपति भी उपस्थित थे।
पीएम मोदी ने ओमीक्रोन के खतरे के बीच देश में 3 जनवरी से 15 से 18 वर्ष के बच्चों को वैक्सीन की डोज़ देने का ऐलान किया था। इसी के चलते हिमाचल प्रदेश में 15 से 18 वर्ष आयु के विद्यार्थियों के वैक्सीनेशन ड्राइव के लिए छुट्टियों के दौरान भी स्कूलों में बुलाए जाएंगे। गौरतलब है कि प्रदेश के शीतकालीन स्कूलों में एक जनवरी और ग्रीष्मकालीन स्कूलों में 3 जनवरी से सर्दियों की छुट्टियां घोषित की गई हैं। बता दें कि वैक्सीनेशन ड्राइव को सफल बनाने के लिए उच्च शिक्षा निदेशालय ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बुधवार को सभी जिला उप निदेशकों को पत्र जारी कर 15 से 18 वर्ष की आयु के विद्यार्थियों को टीका लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर शेड्यूल तैयार करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा निदेशक ने बताया कि शेड्यूल के मुताबिक विद्यार्थियों को छुट्टियों के दौरान नजदीकी स्कूलों में बुलाया जाएगा। ऐसे में सभी स्कूल और कॉलेज प्रिंसिपल को निर्देश दिए गए हैं कि इन आयु वर्ग के विद्यार्थियों को चिह्नित कर कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जाए।
नए साल पर भारी संख्या में प्रदेश में आ रहे सैलानियों के प्रबंधन को लेकर पुलिस ने कमर कस ली है। सभी जिला, टीटीआर और एचपी पुलिस के फेसबुक और सोशल मीडिया अकाउंटों के जरिये मौसम के पूर्वानुमान के अलावा ट्रैफिक डायवर्जन और अतिरिक्त पार्किंग जैसे विषयों पर जानकारी देने को कहा है। न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए वीरवार को बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंच गए। शहर के होटलों में ऑक्यूपेंसी करीब सौ फीसदी पहुंच गई है। प्रशासन कोरोना गाइडलाइंस को सख्ती से लागू करवाएगा। पर्यटन विकास निगम के होटल हॉलिडे होम सहित निजी होटलों में सैलानियों के लिए न्यू ईयर पार्टी को लेकर खास तैयारियां हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। 31 दिसंबर और एक जनवरी के लिए बसों में अधिकतर सीटें एडवांस बुक हैं।
हिमाचल प्रदेश में न्यू ईयर का जश्न मनाने के लिए हज़ारों की संख्या में पर्यटक प्रदेश का रुख कर रहे है। इसी के चलते प्रशासन ने कुछ सख्त इंतज़ाम किए है। शिमला में 5000 वाहनों की एंट्री के बाद अन्य वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। शहर की पार्र्किंग फुल होने के बाद प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन पार्क करवाए जाएंगे। टूटीकंडी क्रॉसिंग पर तैनात पुलिस कर्मी बाहरी क्षेत्रों से आने वाले सैलानियों को कनलोग बाईपास पर डायवर्ट कर देंगे। कुफरी, नारकंडा, मशोबरा और नालदेहरा की ओर जाने वाले वाहनों को भी बाईपास से रवाना किया जाएगा।
जसवां-परागपुर। तहसील डाडासीबा के तहत ग्राम पंचायत तयामल के करीब 55 प्रतिशत अक्षम 35 वर्षीय सन्नी कुमार पुत्र सतपाल सिह ने पैरा स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का डंका बजाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बता दें कि बीत दिनों धर्मशाला में हुए पैरा स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में सन्नी कुमार (35) गांव तयामल तहसील डाडासीबा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 5 मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सन्नी ने शॉटपुट में स्वर्ण, डिस्कस थ्रो में स्वर्ण, बेंच प्रेस में सिल्वर, 100 मीटर व्हीलचेयर रेस में सिल्वर तथा 200 मीटर व्हील चेयर रेस में सिल्वर मेडल प्राप्त किया है। सन्नी 55 प्रतिशत दिव्यांग है। उसकी आय का कोई भी साधन नहीं है उसके पिता मेहनत मजदूरी करते हैं तथा माता आंगनवाड़ी सहायिका है। इस दौरान अपने गांव पहुंचने पर जसवां-परागपुर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुरिंदर सिंह मनकोटिया, युवा नेता सोनू नरयाल सहित अन्य ने उसका भव्य स्वागत कर परिजनों को बधाई दी है।
रामपुर बुशहर। न्यू राईजिंग स्टार क्लब दोफदा द्वारा 18 जनवरी से क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। क्लब के अध्यक्ष रविंद्र कायथयान ने कहा कि इस प्रतियोगिता में विजेता टीम को एक लाख, उप विजेता टीम को पचास हजार की राशि व ट्राफी देकर सम्मानित किया जाएगा। तीसरे प्राइस के रूप में उनकी एंट्री वापस की जाएगी। प्रतियोगिता के मैच सिरमौरी बॉल से खेले जाएंगे। इस प्रतियोगिता में 80 से अधिक टीम भाग लेंगी। अध्यक्ष ने कहा कि प्रतियोगिता के आयोजन का मुख्य कारण युवाओं को नशे से दूर रखना और खेल भावना को बढ़ावा देना है। यह प्रतियोगिता की सबसे बड़ी प्रतियोगिता होगी। उन्होंने कहा कि दूर से आने वाली टीमों के रहने की व्यवस्था क्लब द्वारा की जाएगी। इस मौके पर क्लब पदाधिकारी अभिषेक जेल्टा और कार्यकारी अध्यक्ष राहुल जेल्टा उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व मंत्री चन्द्रेश कुमारी कटोच के पति आदित्य देव चंद कटोच के निधन पर शोक व्यक्त किया है। वह 78 वर्ष के थे।मुख्यमंत्री ने परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शान्ति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
रामपुर बुशहर। राजमाता शांति देवी आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला निरमंड में सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन डीएसपी रविंद्र नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विद्यालय के प्रधानाचार्य योगराज ठाकुर ने एनएसएस यूनिट की तरफ से मुख्य अतिथि को टोपी मफलर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान डीएसपी ने बच्चों को कानून व्यवस्था व करियर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को पहले ही अपने लक्ष्य को निश्चित करना चाहिए। ताकि लक्ष्य के मुताबिक मेहनत की जा सके। उन्होंने कहा कि छात्रों को अच्छी ज्ञानवर्धक पुस्तकें पढ़नी चाहिए। इस अवसर पर विद्यालय के अनेक अध्यापक मौजूद रहे।
ज्वालामुखी। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में वीरवार को प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने हाजिरी लगाई और मां ज्वालामुखी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। खन्ना अकसर हिमाचल प्रदेश के देव स्थानों में माथा टेकने के लिए आते हैं। उनकी दुर्गा पूजा में बड़ी आस्था और श्रद्धा है। उनके साथ ओबीसी आयोग के अध्यक्ष राम लोक धनोटिया जिला भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा महामंत्री एडवोकेट अभिषेक उपाध्याय भाजपा नेता सुनील गुप्ता व अन्य कई लोग उपस्थित थे। इस दौरान मंदिर न्यास ज्वालामुखी की तरफ से उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जिला भाजपा की तरफ से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
डाडासीबा। सड़क सुरक्षा, नशा निरोधक तथा साइबर क्राइम से सुरक्षा के अभियान के तहत वीरवार को राजकीय उत्कृष्ट कॉलेज कोटला बेहड में विशेष जागृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस चौकी संसारपुर टैरेस प्रभारी संजीव कुमार ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का सुचारू रूप से पालन, नशे से दूर रहने और उससे बचाव तथा साइबर क्राइम से अपने आप को सुरक्षित रखने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन अपने खुद की सुरक्षा अपने परिवार की सुरक्षा के लिए अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए। संजीव कुमार ने साइबर सुरक्षा पर विशेष बल देते हुए कहा कि फेसबुक व्हाट्सएप इत्यादि का जरूरत के हिसाब से और उचित इस्तेमाल किया जाए तथा किसी भी तरह की भ्रामक सामग्री का प्रचार न करें। इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्या राजेंद्रा भारद्वाज, दिनेश शर्मा, विजय कुमारी, मीना, राजेंद्र सपेहिया शिक्षक व रूपलाल मौजूद रहे।
संगड़ाह। हाटी समिति की संगड़ाह इकाई द्वारा वीरवार को जनजातीय दर्जे की मांग को लेकर स्थानीय एसडीएम डॉ. विक्रम नेगी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मांग पत्र भेजा गया। समिति के पदाधिकारी हेमचंद शर्मा, राजेंद्र ठाकुर, हीरा पाल, वीरेंद्र बिट्टू व विजेंद्र आदि ने उक्त ज्ञापन में प्रधानमंत्री से जल्द गिरीपार को जनजाति दर्जा दिए जाने की मांग की गई। मांग पत्र अथवा ज्ञापन के साथ उन्होंने हाटी समिति की संगड़ाह तहसील की 15 पंचायत इकाईयों द्वारा पारित किए प्रस्ताव की प्रति भी भेजी। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 1967 में तत्कालीन यूपी के बाबर-जौंसार इलाके को जनजातीय दर्जा दिए जाने के बाद से साथ लगते हिमाचल के सिरमौर जिला के गिरीपार वासी जनजातीय दर्जे की मांग कर रहे हैं। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि गिरीपार के तहत आने वाले विकासखंड संगड़ाह, शिलाई व राजगढ़ के अलावा पांवटा के आंज-भौज सहित 144 पंचायतों की हाटी समिति इकाईयों द्वारा गत 25 दिसंबर को विशेष बैठकों में जनजातीय दर्जे की मांग संबंधी प्रस्ताव पारित किए गए और संबधित एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार के माध्यम से इन्हे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा जा रहा है।
शिमला। भोंट पंचायत के दुदली रज्ञान को नगर निगम में शामिल नहीं करने देंगे। यह बात शिमला की भोंट पंचायत के पूर्व प्रधान एवं वर्तमान में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव बलदेव ठाकुर ने जारी बयान जारी में कही। उन्होंने कहा कि अगर सरकार भोंट पंचायत के दुदली या रज्ञान या किसी अन्य गांव को निगम में शामिल करने की की कोशिश करेगी तो गांव के लोग इसका विरोध करेंगे। बलदेव ने कहा कि भाजपा सरकार की मंशा गांव के लोगों से मात्र टैक्स के नाम पर पैसा ऐंठने की योजना है जबकि जो पहले भी नए वार्ड में शामिल किए गए हैं उनको सरकार की तरफ से कोई भी सुविधा नहीं दी जा रही है। इसके अलावा उनसे नगर निगम टैक्स वसूल रहा है। बलदेव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकार से मांग करती है कि पहले जो इलाके नगर निगम में शामिल किए गए हैं उनको सारी सुविधाएं दी जाएं। इसके अलावा नक्शे पास करने या बिजली और पानी के कनेक्शन का सरलीकरण करें।
सोलन। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घनागुघाट में एनएसएस शिविर के पांचवे दिन रुद्रा पब्लिक स्कूल धुंधन के प्रधानाचार्य ईशान भाटिया ने बतौर मुख्य वक्ता के तौर पर शिरकत की। यह जानकारी कार्यक्रम अधिकारी देशराज गिल ने दी। उन्होंने बताया कि इस सात दिवसीय शिविर में हर रोज एक घंटा स्वयंसेवकों को मुख्यवक्ता द्वारा कुछ टिप्स दिए जाते हैं। इसमें आज प्रधानाचार्य रुद्रा पब्लिक स्कूल ने छात्र-छात्राओं को उनके भविष्य में आगे बढ़ने के लिए विभिन्न कोर्स जैसे प्रसाशनिक सेवाएं, बीएड कोर्स व अन्य कोर्सों की जानकारी दी। कार्यक्रम अधिकारी व उप प्रधानाचार्य ने मुख्य वक्ता ईशान भाटिया को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने राजभवन में लेखिका डाॅ. देवकन्या ठाकुर की तीसरी पुस्तक ‘मलाणा क्रीम’ का विमोचन किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने लेखिका के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नशे जैसे विषयों को पुस्तक के माध्यम से आगे लाया जाना चाहिए ताकि लोगोें में जागृति पैदा हो और वे नशे के खिलाफ एक सुदृढ़ अभियान चला सकें। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक नवोदित लेखकों को प्रेरणा भी देगी। यह उपन्यास प्रकाशन संस्थान दिल्ली द्वारा प्रकाशित किया गया है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पिछले चार वर्षों के दौरान हिमाचल प्रदेश को 10620 करोड़ रुपये की विभिन्न बाह्य परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। विज्ञान भवन नई दिल्ली में वर्ष 2022-23 के केन्द्रीय बजट के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में आयोजित बजट पूर्व परामर्श बैठक को सम्बोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि वित्त मंत्रालय राज्य को निरंतर उदार वित्तीय सहायता प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में राज्य में आधारभूत संरचना के विकास के 400 करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त ऋण स्वीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि विशेष सहायता के रूप में 600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि प्रदान की जाए।मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के आर्थिक विकास को गति प्रदान करने के लिए औद्योगिक विकास योजना-2017 को अगले पांच वर्षोें के लिए जारी रखने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश सम्मेलन-2019 के उपरान्त कई औद्योगिक इकाईयों ने राज्य में अपने उद्योग स्थापित करने में रूचि दिखाई है और इससे लगभग 97 हजार करोड़ रुपये का निवेश संभावित है। उन्होंने कहा कि वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा संचालित औद्योगिक विकास योजना केवल मार्च, 2022 तक ही प्रभावी है और राज्य में औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए इसे आगे बढ़ाया जाए। जयराम ठाकुर ने केंद्रीय वित्त मंत्री से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अन्तर्गत सड़कों और पुलों के रख-रखाव और मुरम्मत के लिए विशेष अनुदान प्रदान करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में राज्य में बारिश, बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन के कारण सड़क आधारभूत संरचना को लगभग 1100 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। आपदा प्रबंधन के लिए एसडीआरएफ के अन्तर्गत उपलब्ध करवाई गई सहायता को अपर्याप्त बताते हुए उन्होेंने कहा कि यह निधि कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए भी आवंटित की गई थी। मुख्यमंत्री ने वेज एंड मीन्स एडवांसिज की सीमा को जारी रखने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे कोविड-19 महामारी के कारण प्रदेश के राजस्व में आई कमी की क्षतिपूर्ति की जा सकेगी और राज्य में विकास गतिविधियों को भी जारी रखा जा सकेगा। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त प्रबोध सक्सेना और मुख्यमंत्री के सलाहकार डाॅ. आरएन बत्ता भी उपस्थित थे।
ग्राम पंचायत बरायली के गांव चल्यावण के छटेरा में बने स्टोर टैंक में ग़म्बर स्कीम का पानी डालने बारे व ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के दाड़ला व नौणी गांव में पानी की किल्लत को लेकर पंचायत समिति अध्य्क्ष कुनिहार सोमा कौंडल द्वारा जल शक्ति विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया है कि इन पंचायतों के गांव में पानी की कमी संज्ञान में आई है। इस विषय पर लोगों का कहना है कि एलडब्ल्यूएसएस छटेरा स्कीम से जो पानी की आपूर्ति हो रही है वह इन गांव के लिए पर्याप्त नहीं है। इस कमी को पूरा करने के लिए एलडब्ल्यूएसएस छटेरा स्टोर के टैंक में ग़म्बर स्कीम का पानी डाला जाए, ताकि इन दोनों गांव के लोगों को पानी की किल्लत से निजात मिल सके।
जयसिंहपुर। कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में केंद्रीय छात्र परिषद का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इसमें महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रज्ञा मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान प्राचार्या द्वारा नामित अध्यक्ष पद के लिए रिजुल, उपाध्यक्ष शिखा, सचिव अंशु राणा, संयुक्त सचिव आंचल को शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही साथ अन्य विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट रहे विद्यार्थियों को भी महाविद्यालय के प्राध्यापकों द्वारा शपथ दिलाई गई। प्राचार्या ने कहा कि केंद्रीय छात्र परिषद की महाविद्यालय में अहम भूमिका होती है। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. सुरजीत राणा, डॉ. संजीव शर्मा, प्रो. औंकार चंद, प्रो. नविता देवी, प्रो. सुमिल सूद, तृप्ता देवी, रणजीत कुमार, मुकेश कुमार, गगन के एवं विद्यार्थियों में पंकज, शिक्षा, तरुण, लक्ष्मी, अमन, मोनिका, नेहा, स्वाति, रूचि, आयुष आदि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने धर्मशााला में आयोजित छठी हिमाचल प्रदेश पैरा-खेल राज्य चैपिंयनशिप में बेहतर प्रदर्शन करने वाले हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के विशेष रूप से सक्षम सात खिलाडि़यों को शुभकामनाएं दी। जिन्होंने इस प्रतियोगिता में 14 मेडल प्राप्त किए हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के अन्य विजेताओं और प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की भी सराहना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पैरा-खेल राज्य चैपिंयनशिप दिव्यांग खिलाडि़यों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का एक बेहतर मंच है और इससे अन्य प्रतिभागियों को भी ऐसे ही आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है।
जोगिंदरनगर में जन सुधार समिति की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में समिति की गैर सरकारी सदस्य मेघना ठाकुर ने मझारनू-भदरोल संपर्क सडक़ के सुधार का मामला उठाया। जिस बारे संबंधित विभागीय अधिकारियों ने बताया कि आगामी 30 जनवरी तक मनरेगा के माध्यम से सडक़ के सुधार कार्य को पूर्ण कर लिया जाएगा। साथ ही अगले बजट में सडक़ के रखरखाव के लिये बजट का प्रावधान भी किया जाएगा। गैर सरकारी सदस्य कमल ठाकुर ने 22 केवी भराडू विद्युत उपकेंद्र में कर्मियों की तैनाती न होने का मामला रखते हुए कहा कि इससे इस क्षेत्र की चार ग्राम पंचायतों को बिजली की परेशानी से आये दिन समस्या उठानी पड़ रही है। इस संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों ने बताया कि 6 माह के लिये आउटसोर्स के आधार पर कर्मियों की तैनाती की जा रही है जिस बारे टैंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। समिति की गैर सरकारी सदस्य कृष्णा ठाकुर ने गांव टिकरी मुशैहरा के लिये बजगर खड्ड से बिना फिल्टर पीने के पानी की सप्लाई का मामला उठाया। इस बारे संबंधित विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत खराब पड़े फिल्टर को आगामी 31 मार्च तक रिपेयर कर दिया जाएगा तथा नये फिल्टर का भी निर्माण किया जाएगा। इस संबंध में एसडीएम ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि फिल्टर ठीक होने तक ट्यूबवेल के माध्यम से लोगों को पीने का पानी मुहैया करवाया जाए। गैर सरकारी सदस्य विक्रम सिंह ने पंडोल स्कूल में खराब सोलर लाइट्स की मामला उठाया जिस बारे एसडीएम ने संबंधित स्कूल के प्रशासन को इन्हे रिपेयर करने के निर्देश दिये। दलीप सिंह ने द्रुब्बल में वन विभाग के विश्राम गृह निर्माण न होने का मामला रखा, जिस पर संबंधित विभागीय अधिकारियों ने नियमों का हवाला देते हुए इसका निर्माण न होने का बात कही। एसडीएम वन विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में संपूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये। तेज सिंह ने हरिजन बस्ती आरठी पीने के पानी के लिये फिल्टर व भंडारण टैंक न होने का मामला रखा। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि फिल्टर ठीक से कार्य कर रहे हैं जबकि जल भंडारण के लिये नये टैंक के निर्माण कार्य को टैंडर दे दिये गए हैं। इसके अलावा अलग लाइन बिछाने का कार्य भी किया जा रहा है।
शिमला शहरी इकाई द्वारा वीरवार को एसएसआई का 52वां स्थापना दिवस मनाया गया। एसएफआई के स्थापना दिवस के अवसर पर शहरी अध्यक्ष नीतीश द्वारा स्वाधीनता जनवाद और समाजवाद का झंडा फहराया गया। इस अवसर पर शहरी कमेटी द्वारा प्रदेश के अंदर और भारत में छात्र आंदोलन एवं इतिहास विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व राज्य अध्यक्ष विक्रम कैथ ने कहा कि जब 1970 के अंदर तिरुवंतपुरम में एसएफआई को बनाया गया था उस समय से लेकर लगातार एसएफआई छात्र मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि एसएफआई सबको शिक्षा सबको काम के नारे को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और आने वाले समय के अंदर इस संघर्ष को तेज करने की जरूरत है। इस दौरान शहरी सचिव नेहा ने कहा कि जिस तरह से प्रदेश के अंदर जो शिक्षा के ऊपर हमले हो रहे हैं उसके लिए संघर्ष करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय के अंदर के अंदर जो शिक्षा का निजीकरण और ठेकाकरण किया जा रहा है। उसके खिलाफ छात्रों को लामबंद करते हुए एक उग्र आंदोलन प्रशासन के खिलाफ एसएफआई तैयार करेगी।
उपमंडल स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने कहा कि जन शिकायत निवारण समिति की बैठक में रखे गए मामलों का संबंधित विभागीय अधिकारी समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित बनायें। उन्होने कहा कि जन शिकायत निवारण समिति की बैठक लोगों की समस्याओं को उठाने का यह एक महत्वपूर्ण मंच है तथा आने वाले समय में समिति की बैठक एक नियमित अंतराल के बाद सुनिश्चित की जाएगी ताकि जनसमस्याओं का एक निश्चित अवधि के भीतर निपटारा किया जा सके। एसडीएम मिनी सचिवालय परिसर में उपमंडल स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि जितने भी मामले इस बैठक में समिति के ध्यान में लाए गए हैं, उन पर समयबद्ध उचित कार्रवाई करते हुए मामले के निपटारे की जानकारी संबंधित गैर सरकारी सदस्यों को मुहैया करवाई जाए।उन्होने बैठक में भाग लेने वाले सभी गैर सरकारी सदस्यों का स्वागत भी किया तथा कहा कि उनके माध्यम से प्राप्त होने वाली जन शिकायतों को न केवल प्राथमिकता के आधार पर हल करने का पूरा प्रयास किया जाएगा बल्कि समय-समय पर इन मामलों की समीक्षा भी की जाएगी। साथ ही उन्होने बैठक में अनुपस्थित रहे विभागों से जबाव तलबी के भी निर्देश दिये।
जिला काँगड़ा हिमाचल प्रदेश में कार्यरत विभिन्न विभागों एवं बोर्ड के कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त काँगड़ा को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कर्मचारियों ने कहा कि RPGMC अस्पताल में कोविड-19 के लिए तैनात नर्सिंग स्टाफ को न ही वेतन और न ही कोविड-19 इंसेंटिव मिलें है। उन्होंने कहा कि इनकी नौकरी की भी सुरक्षा नहीं है। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए जो सरकार नीति बना रही है, उन्हें उसमें शामिल किया जाए। साथ ही उन्होंने मांग की कि शिक्षा विभाग में लम्बे समय से कार्यरत व्यवसायिक शिक्षकों एवं कम्प्यूटर शिक्षकों को भी नीति में शामिल किया जाए।
राजकीय महाविद्यालय लडभड़ोल में सत्र 2020-21 की वार्षिक पत्रिका ‘विद्यार्थी दर्पण’ का विमोचन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य संजीव कुमार ने संपादक मंडल तथा विद्यार्थियों सहित समस्त महाविद्यालय परिवार को बधाई दी। पत्रिका के संपादक मंडल में डॉ.अमित कौड़ा मुख्य संपादक, प्रो तिलक हिंदी अनुभाग, डॉ.चंचल अंग्रेजी अनुभाग व प्रो.यश पाल पहाड़ी अनुभाग के साथ-साथ छात्र संपादकों में कविता हिंदी अनुभाग, तबस्सुम अंग्रेजी अनुभाग तथा मृदुल भारती पहाड़ी अनुभाग से शामिल रहे। इस अवसर पर पत्रिका के मुख्य संपादक डॉ.अमित कौड़ा ने बताया कि पत्रिका के तीनों अनुभागों हिंदी,अंग्रेजी व पहाड़ी के अंतर्गत महाविद्यालय के अधिकतर विद्यार्थियों ने अपनी विभिन्न रचनाओं को शब्दों में व्यक्त करके इसमें अपना सहयोग सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को मंच प्रदान करना तथा उनकी प्रतिभा को खोज कर उसे विकसित करना ही पत्रिका प्रकाशन का प्रमुख उद्देश्य है। इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य संजीव कुमार ने कहा कि वार्षिक पत्रिका महाविद्यालय का दर्पण होता है। पत्रिका का स्तर महाविद्यालय के विद्यार्थियों की मनोदशा तथा उनके विचारों के साथ-साथ संस्थान की दिशा व दशा का भी परिचय देती है। इस मौके पर उन्होंने अपने सभी सहयोगियों को इस उत्कृष्ट कार्य व निरंतर प्रयासों के लिए धन्यवाद व शुभकामनाएं प्रेषित की।
बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में 43 एनसीसी कैडेट्स द्वारा वीरवार 30 दिसम्बर को एनसीसी ‘A’ प्रमाण पत्र के लिए परीक्षा दी गई I इस परीक्षा में बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के 25 एनसीसी कैडेट्स और और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार के 18 एनसीसी कैडेट्स उपस्थित थेI इस परीक्षा का आयोजन प्रथम छात्र वाहिनी सोलन हिमाचल प्रदेश के हवलदार कर्म चंद के मार्ग दर्शन से किया गया I जानकारी देते हुए एनसीसी अधिकारी अमर देव एवं एनसीसी अधिकारी कमलेश कुमारी ने बताया कि विद्यालय से द्वीतीय वर्ष के कुल 43 एनसीसी कैडेट्स ने यह परीक्षा SOP का पालन करते हुए दी I विद्यालय के प्रधानाचार्य पुर्शोतम लाल गुलेरिया ने बताया कि एनसीसी “A” प्रमाण पत्र का अपना महत्व है और इस प्रमाण पत्र को प्राप्त कर बच्चों को आर्मी, पुलिस एवं सरकारी नौकरी को प्राप्त करने में सहायक होता हैI वंही दौरान स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, विद्यालय के प्रधानाचार्य पुर्शोतम लाल गुलेरिया एवं अभिभावक संघ के अध्यक्ष और सभी अध्यापक वर्ग ने एनसीसी कैडेट्स को इस परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दी।


















































