देश की एकता, अखण्डता और सुरक्षा को बनाये रखने के लिए प्रत्येक नागरिक में समर्पण की भावना का होना अति आवश्यक है। ये उद्गार उपायुक्त राजेश्वर गोयल ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की 144वीं जयन्ती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस पर शपथ समारोह के पश्चात प्रकट किये। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिवेश में प्रत्येक नागरिक का दात्यिव है कि वे देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सत्यानिष्ठा से संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिकता की बुराई मनुष्य-मनुष्य में भेद करती है और समाज को बाॅटती है जो देश की एकता और अखण्डता के लिए घातक है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय एकता के लिए अपना योगदान देने के लिए अपने कर्तव्य का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का भारतवर्ष के लिए बहुत योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि भारत के प्रथम गृह मंत्री और प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल को लौह पुरुष के नाम से भी जानते है। उनके द्वारा किए गए साहसिक कार्यों की वजह से ही उन्हें लौह पुरुष और सरदार जैसी उपाधियों से नवाजा गया था। इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र के मैदान में राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई गई। एकता दिवस के मौके पर एएसपी. बिलासपुर भागमल ठाकुर ने रन फाॅर यूनिटी को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रन फाॅर यूनिटी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र, स्टेट होस्टल, सांई होस्टल, आदर्श डिफैंस अकादमी के छात्र, छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर सभी विभागों द्वारा अपने-अपने कार्यालयों में भी राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर शपथ दिलाई गई।
बी एल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में छात्रों और अध्यापकों ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर शपथ ग्रहण की। जानकारी देते हुए स्कूल प्रिंसिपल पदम् नाभम ने बताया की राष्ट्रीय एकता दिवस पर विद्यालय में प्रात:कालीन सभा के दौरान सभी छात्रों, अध्यापकों व अध्यापिकाओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाये रखने के लिए शपथ ग्रहण की। सभी छात्रों ने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनश्चित करने के लिए अपना योगदान देने के लिए सत्यनिष्ठा से संकल्प लिया। उन्होंने बताया की राष्ट्रीय एकता दिवस पर विद्यालय में चित्र लेखन, नारा लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य पदम् नाभम, उप-प्रधानाचार्य किरण जोशी, मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा, विद्यालय समन्वयक रामेश्वर कुमार और समस्त अध्यापक वर्ग और सभी छात्र मौजूद रहे।
रविवार 3 नवम्बर को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह कुनिहार में क्षेत्र की सभी सामाजिक संस्थाओं की एक सन्युक्त बैठक का आयोजन किया जा रहा है। इसमें कुनिहार क्षेत्र के विकास पर विचारों व सुझाओं का आदान - प्रदान कर एक साथ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया जाएगा। सर्व एकता मंच कुनिहार के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह बैठक रविवार 3 नवम्बर को सायं 3 बजे आरम्भ होगी। इस बैठक में क्षेत्र की सभी सामाजिक संस्थाओं, महिला मण्डलों, युवक मण्डलों व अन्य सभी लोगो से अनुरोध किया गया है कि इस बैठक में पहुंचकर क्षेत्र के विकास के लिए अपने बहुमुल्य सुझाव दें।
राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक पर उसी स्कूल की आठ छात्राओं ने छेड़छाड़ की शिकायत दी है। उनका आरोप है कि भूगोल के शिक्षक ने छात्राओं को अश्लील मैसेज भेजे और उनके साथ छेड़छाड़ की है। छात्राओं ने ये भी आरोप लगाया है कि टीचर लैब में सेल्फी लेने के बहाने उन्हें छूता था। हालाँकि आरोपी शिक्षक अभी फरार है। शिक्षा निदेशालय शिक्षक के राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय पुरस्कार वापस लेने के लिए भी कमेटी गठित करेगा। कमेटी के सुझावों और सरकार की मंजूरी मिलने के बाद आरोपी शिक्षक से पुरस्कार वापस लिए जा सकते है।
एनआईटी हमीरपुर में भर्तियों में धांधली मामले ने तूल पकड़ लिया है और मामले को लेकर कांग्रेस विधायक राजेंन्द्र राणा ने सीबीआई जांच की मांग करते हुए डायरेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विधायक राजेन्द्र राणा ने एमएचआरडी मंत्री को भी लिखित पत्र लिखकर भर्तियों में 95 प्रतिशत बाहरी लोगों को रखने के मामले की शिकायत की है। उन्होंने कहा है कि भर्तियों में 95 प्रतिशत लोग बाहरी राज्यों के रखे गए है।
सोलन जिला में विभिन्न आपदाओं के समय सरकारी तथा गैर सरकारी संस्थाओं के मध्य अधिक समन्वय स्थापित करने तथा सोलन जिला को आपदाओं की दृष्टि से बेहतर रूप से तैयार करने के लिए बुधवार को जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण द्वारा जिला आपदा अन्तर एजेन्सी समूह के साथ संवाद की श्रृखंला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमण्डलाधिकारी सोलन रोहित राठौर ने की। इस संवाद कार्यक्रम में रैमन मैगासेसे पुरस्कार से सम्मानित गैर सरकारी संस्था ‘गूंज’ के संस्थापक अंशु गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। रोहित राठौर ने इस अवसर पर कहा कि आपदाएं अचानक आती है और ऐसी स्थिति में इनसे निपटने के लिए केवल उचित प्रशिक्षण एवं बेहतर समन्वय की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से निपटने के लिए सभी स्तरों पर परिस्थिति के अनुरूप तैयारी आवश्यक है। उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों के समय मूलभूत अधोसंरचना तैयार करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण द्वारा जिला आपदा अन्तर एजेन्सी समूह के साथ हर माह के प्रथम शनिवार को संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संवाद का उद्देश्य जिला को आपदा प्रबन्धन के लिए और बेहतर रूप से तैयार करना है। ‘गूंज’ के संस्थापक अंशु गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि आपदा बचाव के लिए सभी को अपनी सोच में सकारात्मक परिवर्तन लाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी तथा गैर सरकारी संस्थाओं के मध्य बेहतर तालमेल एवं समन्वय के साथ आपदा प्रबन्धन को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था गत 20 वर्षों से आपदा प्रबन्धन के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने देश में गूंज द्वारा इस अवधि में किए गए कार्यों के आधार पर अपने अनुभव भी साझा किए। बैठक में रोटरी क्लब सोलन सहित जिला में कार्यरत विभिन्न गैर सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
चीड़ की पत्तियों पर आधारित उद्योगों स्थापित करने के उददेश्य से बुधवार को प्रधान मुख्य अरण्यपाल (हैड ऑफ फोरेस्ट फोर्स) अजय शर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रमुख उद्यमियों व सम्बन्धित वन परिक्षेत्रों के अधिकारियों ने भाग लिया। यह जानकारी देते हुए प्रधान मुख्य अरण्यपाल (हैड ऑफ फोरेस्ट फोर्स) अजय शर्मा ने बताया कि चीड़ की पत्तियों के कारण गर्मियों के मौसम के दौरान जंगलों में आग लगने का खतरा बना रहता है। जंगलों में आग की रोकथाम के लिए प्रदेश सरकार द्वारा गत वर्ष नई परियोजना चलाई गई है। इसके तहत चीड़ की पत्तियों पर आधारित उद्योग स्थापित किए जा रहे है। इसमें सरकार द्वारा उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने के लिए मशीनरी पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है जोकि अधिकतम 25 लाख रूपये है। उन्होंने बताया कि विपणन के लिए सरकार हर सम्भव सुविधा उपलब्ध करवाएगी व उद्योग के लिए प्रथम वर्ष के दौरान चीड़ की पत्तियां की आपूर्ति में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आईआईटी मंडी द्वारा चीड़ की पत्तियों पर आधारित मशीनरी का निर्माण किया गया है इसे हरियाणा व पंजाब के उद्यमी प्रयोग में ला रहे है। चीड़ की पत्तियों पर आधारित उद्योग स्थापित होने से जहां एक ओर लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे है। वहीं दूसरी और हमारी अमूल्य वन सम्पदा के संरक्षण की दिशा में भी ठोस कार्य हो रहे है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 27 उद्यमियों ने इस प्रकार के उद्योग लगाने के लिए आवेदन किया था। इसमें एक उद्योग ने कार्य करना आरम्भ कर दिया है। इस अवसर पर अतिरिक्त प्रधान मुख्य अरण्यपाल पी0एल0 चौहान, मुख्य अरण्यपाल मंडी उपासना पटियाल, मुख्य अरण्यपाल बिलासपुर आर.एस.पटियाल, वनमण्डलाधिकारी मंडी एस.एस. कश्यप सहित अन्य अधिकारी व उद्यमी उपस्थित थे।
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा सोलन जिला में प्रतिबन्धित प्लास्टिक के प्रयोग को पूर्ण रूप से समाप्त करने तथा विशेष रूप से विक्रेताओं को इस दिशा में जागरूक करने के लिए अभियान आरम्भ किया गया है। यह जानकारी बुधवार को एक सरकारी प्रवक्ता ने दी। प्रवक्ता ने कहा कि जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियन्त्रक मिलाप शांडिल की अगुआई में आज विभाग द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक लिफाफों के प्रयोग को रोकने के लिए औचक निरीक्षण किया गया। औचक निरीक्षण के तहत सोलन शहर के माल रोड, गंज बाजार तथा लोअर बाजार में 19 करियाना तथा सब्जी विक्रेताओं की दुकानों की जांच की गई। जांच में 09 दुकानदारों को प्रतिबंधित प्लास्टिक लिफाफों का प्रयोग करते हुए पाए गया। इन दुकानदारों से जुर्माने के रूप में 9000 रुपए वसूले गए तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक लिफाफों का पूरा स्टाॅक जब्त कर लिया गया। उन्होंने कहा कि औचक निरीक्षण के तहत दुकानदारों को जानकारी दी गई कि प्रदेश सरकार ने प्लास्टिक लिफाफों एवं पाॅलीथीन के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगाया है। इस अवसर पर सभी व्यापारियों से आग्रह किया गया कि वे किसी भी रूप में छोटे या बडे प्रतिबंधित प्लास्टिक लिफाफों एवं पाॅलीथीन का न तो प्रयोग करें और न ही इन्हें अपनी दुकान में रखेंगे। पैकिंग के लिए लाईसेंस प्राप्त व्यापारियों से भी आग्रह किया गया कि वे न तो प्लास्टिक पैकिंग सामग्री रखें और न ही प्लास्टिक लिफाफों में कोई भी सामान पैक करें क्योंकि उन्हें लाईसेंस उचित सामग्री में पैकिंग के लिए ही जारी किया गया है। दुकानदारों को अवगत करवाया गया कि यदि भविष्य में कोई व्यापारी प्रतिबंधित प्लास्टिक अथवा पाॅलीथीन का प्रयोग करता पाया गया तो उसके विरूद्ध नियमानुसार कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। औचक निरीक्षण की कार्यवाही में सोलन के विभागीय निरीक्षक अरूण कुमार तथा धर्मपुर के विभागीय निरीक्षक धर्मेश शर्मा उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत हनुमान बड़ोग के गांव कोटला में जागृति युवा मंडल ने युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों में दिलचस्पी बढ़ाने के उद्देश्य से कबड्डी, वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस दौरान प्रतियोगिता के समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अर्की विधानसभा क्षेत्र गोविंद राम शर्मा व विशेष अतिथि ओबीसी सोलन के जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह चौधरी रहे। युवा मंडल अध्यक्ष मनोहर लाल ठाकुर और उपाध्यक्ष नरेश ठाकुर ने बताया कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को देखते हुए फिट इंडिया अभियान के तहत नशे से नाता छोड़ो खेलकूद से रिश्ता जोड़ो की पंच लाइन के साथ संगठन अंडर-19 कबड्डी और ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें बद्दी, बिलासपुर, सोलन, मंडी, हमरीपुर की टीमों ने भी भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की लगभग 25 टीमों ने भाग लिया। कबड्डी का फाइनल मुकाबला बछाला टीम और बद्दी की टीम के मध्य हुआ, इसमें रोमांचक मुकाबले में बछाला ने बद्दी टीम को हराकर खिताब जीता। वॉलीबॉल का फाइनल मुकाबला बरमाणा टीम और कोटला टीम के मध्य हुआ, इसमें बरमाणा टीम ने जीत दर्ज की। पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा ने प्रतियोगिता के विजेता व उपविजेता टीमों को अपने अच्छे प्रदर्शन से लोगों का मनोरंजन करने के लिए बधाई दी। उन्होंने उपस्थित खिलाडि़यों और स्थानीय लोगों को संबोंधित करते हुए कहा कि खेलों की हमारे जीवन में महत्त्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यअतिथि ने समापन अवसर पर विजेता टीमों को इनाम राशि 8100-8100 रुपये और उपविजेता टीम को 5100-5100 रुपये इनामी राशि प्रदान करके सम्मानित किया। इस दौरान मुख्य अतिथि गोविंद राम शर्मा ने युवा मंडल को 3100 रुपये दान किए। उनके साथ विशेष अतिथि नरेंद्र सिंह चौधरी ने 2100 की राशि भेंट की। समापन समारोह में पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा, ओबीसी सोलन के जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह चौधरी, भाजपा किसान मोर्चा के कार्यालय सचिव नरेंद्र हांडा, बंटू शुक्ला, बसंत सिंह ठाकुर, भीम शर्मा, जगदीश ठाकुर, त्रिलोक ठाकुर, भूपेंद्र राठौर, मनोहर लाल, अमर सिंह, राम चंद युवा मंडल प्रधान मनोहर लाल, उपप्रधान नरेश ठाकुर, सचिव सुनील ठाकुर, मंच संचालक रिशु सहगल व रवि, सदस्यों में मुकेश, मनोज, गगन, दीपू, पंकज, प्रवीण सहित स्थानीय लोग व युवक मंडल के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चण्डी अर्की में छात्रों को नई वर्दी आबंटित की गई। ग्राम पंचायत सेवड़ा चण्डी के प्रधान मदन ठाकर तथा विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य चन्दु राम सिमर ने सभी छात्रों को वर्दी आबंटित करके बधाई दी तथा सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस नई वर्दी मिलने से छात्रों में उत्साह है तथा उनके आत्मविश्वास में बढ़ोतरी हुई है। गौरतलब है कि सरकार निःशुल्क वर्दी के साथ साथ सिलाई खर्चा भी देती है। इस अवसर समस्त स्टाफ सदस्यों सहित बच्चे उपस्थित रहे।
बी एल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार की छात्रा गुंजन राज्य स्तरीय खेल कूद स्पर्धा शॉट पुट व डिस्कस थ्रो में अपना दम दिखाएगी। जानकारी देते हुए शारीरिक शिक्षिका अरुणा शर्मा ने बताया की गुंजन ने रावमापा कुनिहार में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-14 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता में डिस्कस थ्रो में पहला स्थान व शॉटपुट में दूसरा स्थान प्राप्त किया था । इससे गुंजन का चयन राज्य स्तर की खेल कूद सपर्धा के लिए हुआ। जो की जिला हमीरपुर में 31 अक्टूबर से 1 नवम्बर तक आयोजित की जा रही है। विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष तथा अध्यापक अभिभावक संघ अध्यक्ष रतन तंवर व् सभी सदस्यों ने गुंजन व उनके अभिभावकों के साथ साथ शारीरिक शिक्षक अरुणा शर्मा और अमर देव को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है व उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने बताया की बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में ही नहीं बल्कि खेल कूद के क्षेत्र में भी विद्यालय और कुनिहार का नाम रोशन करते है। छात्रा गुंजन को प्रधानाचार्य पदम् नाभम, उप-प्रधानाचार्य किरण जोशी, मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा, विद्यालय समन्वयक रामेश्वर कुमार और समस्त अध्यापक वर्ग ने उनकी उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई दी और राज्य स्तर पर उम्दा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डाॅ. राजीव सैजल 31 अक्तूबर, 2019 को सोलन के प्रवास पर आ रहे है। डाॅ. सैजल 31 अक्तूबर को दिन में 01.00 बजे सोलन की ग्राम पंचायत बसाल में आयोजित बसाल मेले में मुख्य अतिथि होंगे।
उपायुक्त सोलन के.सी.चमन ने निर्देश दिए हैं कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के द्वितीय चरण के अन्तर्गत चयनित गांवो में ‘बेस लाईन सर्वे’ 31 दिसम्बर, 2019 तक पूर्ण किया जाए ताकि इन गांवो के लिए ग्राम विकास योजना को तैयार कर ऑनलाइन किया जा सके। उपायुक्त बुधवार को प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना चरण-2 की अभिसरण समिति की जिला स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। के.सी.चमन ने कहा कि आदर्श ग्राम योजना के तहत 50 प्रतिशत से अधिक अनुसूचित जाति जनसंख्या वाले चिन्हित गांवो का एकीकृत विकास सुनिश्चित करना उद्देश्य है। योजना के तहत चिन्हित गांवो में पर्याप्त अधोसंरचना का विकास तथा सामाजिक-आर्थिक संकेतकों में सुधार सुनिश्चित बनाना है ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिलें, असमानताएं कम हों और जीवन-यापन का स्तर मानकों के अनुरूप हो सके। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए चिन्हित गांवो में पेयजल व स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण सड़क और आवास, विद्युत एवं स्वच्छ ईंधन, कृषि क्रियाकलाप, वित्तीय समावेशन, डिजीटलीकरण तथा जीवन यापन और कौशल विकास जैसी बुनियादी आवश्यकताओं पर ध्यान दिया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि केन्द्र सरकार ने चिन्हित गांवो के लिए 20-20 लाख रुपए का प्रवधान किया है। इन गांवो का चयन वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार किया गया है। के.सी. चमन ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा सोलन जिला में 10 गांव चयनित किए गए है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अन्तर्गत धर्मपुर विकास खण्ड से ग्राम पंचायत टकसाल के कामली गांव, कुनिहार विकास खण्ड से ग्राम पंचायत देवरा के गांव मझयाट तथा ग्राम पंचायत ग्याणा के गांव ग्याणा, विकास खण्ड नालागढ़ से ग्राम पंचायत मलपुर के गांव मलकू माजरा, ग्राम पंचायत मलौण के गांव कोहू निचला, ग्राम पंचायत बगलेहर के गांव पल्ली, ग्राम पंचायत मंझौली के गांव मंझौली, ग्राम पंचायत रतवाड़ी के गांव सरोर, ग्राम पंचायत प्लासी कलां के गांव बीर प्लासी तथा ग्राम पंचायत बारियां के गांव सलेहरां का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि कुनिहार विकास खण्ड से ग्राम पंचायत ग्याणा के गांव ग्याणा को प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के प्रथम चरण में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण द्वारा पहले ही आदर्श ग्राम घोषित किया जा चुका है तथा इस सम्बन्ध में उचित स्तर पर सूचना प्रषित कर दी गई है। के.सी. चमन ने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के लिए सम्बद्ध विभागों को निर्देश दिए कि योजना के सफल कार्यान्वयन के लिए पूर्ण समन्वय के साथ काय करें तथा योजना के प्रत्येक स्तर पर इस सम्बन्ध में भारत सरकार के दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना से जिला के चिन्हित गांवो को तभी लाभान्वित किया जा सकता है जब बेस लाईन सर्वे को निर्धारित समय पर मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियोें को निर्देश दिए कि योजना के दिशा-निर्देशों का अनुसरण करें और 31 दिसम्बर, 2019 तक सर्वेक्षण को पूरा करें। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के अनुरूप चिन्हित गांवो की ग्राम विकास योजना को ग्राम सभा से पारित करवाकर ऑनलाइन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तदोपरान्त प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के सफल कार्यान्वयन के लिए मासिक आधार पर ग्राम स्तरीय अभिसरण समिति की बैठकें आयोजित की जाएंगी। उपायुक्त ने कहा कि ऐसी महत्वपूर्ण बैठक में चिन्हित पंचायतों के प्रधान इत्यादि अवश्य उपस्थित रहें ताकि सही योजना को मूर्त रूप दिया जा सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्प्ल, जिला कल्याण अधिकारी बी.एस. ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी वन्दना चैहान, जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियन्त्रक मिलाप शांडिल, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियन्ता अरविन्द शर्मा, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशाषी अभियन्ता सुमित सूद सहित सम्बद्ध विभागों के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
बुधवार को कुम्हारहटटी सनौरा छैला सड़क पर कार के दुर्घटनाग्रस्त होने मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय पेश आया जब कार संख्या एचपी 09B 7232 सनौरा से छैला की ओर जा रही थी कि अचानक शरगांव के समीप चालक कार पर से नियंत्रण खो बैठा और गाडी लगभग 400 फ़ीट की गहरी खाई में जा गिरी। गाडी में निवासी ठियोग लोक गायक प्रदीप शर्मा, श्यामलाल, सुरेश शर्मा और इशानी सवार थे। बताया जा रहा है कि ये सभी कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम करने के बाद वापिस लौट रहै थे। ग्रामीणों की सहायता से सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल सोलन ले जाया गया। जहां श्यामलाल और सुरेश शर्मा को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। लोगों ने सभी को अपनी गाड़ियों में सोलन अस्पताल पहुँचाया व मानवता का परिचय दिया। उप पुलिस अधीक्षक भीष्म ठाकुर के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है।
स्वतन्त्रता सेनानी बाबू कांशीराम यादगार समिति कुनिहार ने अपना स्थापना दिवस समिति अध्यक्ष प्रेम चन्द पंवर की अध्यक्षता में प्राचीन तालाब मन्दिर कुनिहार परिसर में मनाया। कार्यक्रम आरम्भ होने से पहले समिति के सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर सोनिया ठाकुर के आकस्मिक निधन पर उन्हें भाव भीनी श्रद्धांजलि दी। तत्पश्चात स्वतन्त्रता सेनानी बाबू कांशीराम व गौरीशंकर के चित्रों पर सभी सदस्यों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। स्थापना दिवस के मौके पर रविन्द्र सिंह ठाकुर द्वारा लिखित पुस्तक "सफरनामा" का विमोचन किया गया। समिति के महासचिव एम आर पाठक द्वारा समिति का लेखा जोखा प्रस्तुत किया गया।समिति के अध्यक्ष प्रेम चन्द पंवर ने सभी सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सफरनामा पुस्तक की एक एक प्रति समिति के सभी आजीवन सदस्यों को उनके सहयोग व योगदान हेतु धन्यवाद सहित प्रदान की जाएगी।इसके अलावा प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों व दफ्तरों में भी एक एक प्रति प्रदान की जाएगी। अध्यक्ष ने सभी उपस्थित सदस्यों से समिति द्वारा किए जा रहे जनहित व समाज सेवा के कार्यों बारे विस्तृत जानकारी दी व सभी से भविष्य के लिए अपने अपने सुझाव व सहयोग देने का अनुरोध किया। समिति के प्रधान व महासचिव ने युवा वर्ग को समिति की बागडोर सम्भालने का अनुरोध किया क्योंकि समिति के अधिकतर पदाधिकारी 80 वर्ष से ऊपर हो चुके है। इसके अलावा स्वतन्त्रता सेनानी बाबू कांशीराम के गांव नमोल में ग्रामवासियों के साथ जल्द ही एक बैठक करने का निर्णय लिया गया ताकि नमोल गांव के अधिक से अधिक लोग समिति की सदस्यता ग्रहण कर मार्ग दर्शन में समिति का सहयोग कर सके। समिति के सभी सदस्यों ने इस सुझाव का समर्थन किया। इस मौके पर प्रेम चन्द पंवर, एम आर पाठक, एस पी शर्मा,रविन्द्र ठाकुर, जगदीश सिंह, दिव्य रंजन ठाकुर, ग्राम पंचायत कोठी प्रधान प्रेम चन्द, कुमारी प्रतिष्ठा, जगदीश सिंह, चेतन पंवर, शोभा पंवर, रणजीत सिंह आदि उपस्थित रहे।
कुमारसैन के कोटगढ़ में गोशाला को तोड़ कर भालू ने गाय पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार किरटी के जगमोहन की गौशाला में सोमवार रात को भालू ने छत को तोड़ दिया व अंदर बंधी गाय को गंभीर रूप से घायल कर दिया। गाय की आवाज सुन लोगों ने भालू को भगाया। गौर फरमाने की बात ये है कि पिछले 6 महीने से कोटगढ की विभिन्न पंचायतों में भालू ने हमला कर कई गायों की जान ले ली लेकिन इस बारे में वन विभाग अभी तक कोई भी कार्यवाही नहीं कर पाया है और भालू को पकडऩे के लिए कोई इंतजाम नहीं किए है। जिला परिषद रीना ठाकुर व किरटी पंचायत की प्रधान सुनीता गुप्ता ने विभाग से मांग की है कि भालूओं को पकडने के लिए पिंजरे लगाए जाएं या खूखांर हो चुके भलुओं को शूट किया जाए।
देहरा समीप स्थित प्राचीन सिद्धपीठ मां बगलामुखी में ऑल इंडिया एंटी टैररिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष मनिन्दर जीत सिंह बिट्टा ने शीश नवाया। बिट्टा देर रात माता बगलामुखी के दरबार पहुंचे। मंदिर में पहुंचने के उपरांत उन्होंने पूजा-अर्चना करके मां का आशीर्वाद लिया। मंदिर के मुख्य प्रबंधक महंत रजत गिरी के आदेश अनुसार बिट्टा को मां के दर्शन तथा उनकी विधिवत पूजा-अर्चना करवाई गई। बता दें बिट्टा पंजाब में बेअंत सिंह की सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं और तोह ओर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं। बिट्टा राष्ट्रवादी सामाजिक कार्यकर्ता हैं और वह अपने फ्रंट के बैनर तले सामाजिक कार्यों में जुड़े रहते हैं। वह मुख्य रूप से शहीद सैनिकों और आतंकवादी घटना में शहीद हुए लोगों के परिवार वालों लिए काम करते हैं, साथ ही वह देश से आतंकवाद के खात्मे के लिए भी तरह-तरह की मुहिम चलाते रहते हैं। इनके ऊपर कई बार जानलेवा हमला हो जाने के कारण इन्हें आजीवन जेड श्रेणी सुरक्षा मिली है।
ज्वालामुखी समीप अधे दी हट्टी में स्कूटी और कार के बीच में टक्कर हो गयी। इसमें स्कूटी चालक व उसके पीछे बैठी महिला घायल हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों को इलाज के लिए ज्वालाजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चालक की हालत गंभीर देखते हुए टांडा हस्पताल रेफर कर दिया गया है। घायल व्यक्ति की पहचान प्रीतम चंद पुत्र बीरबल निवासी भाटी बोहन(सपडी) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि स्कूटी अपने आगे चल रही गाड़ी के पीछे जा टकराई जिसमें दोनों स्कूटी सवार घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और ब्यान दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी। पुलिस की जांच के दौरान यह पता लगा कि यह हादसा स्कूटी चालक की लापरवाही की वजह पेश आया है।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने चम्बा के एक दिवसीय दौरे के दौरान जिला के जनजातीय क्षेत्र भरमौर-पांगी में 209 करोड़ रुपये से भी अधिक की विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन किए व आधारशिलाएं रखीं। इससे पहले, होली हैलीपैड पर मुख्यमंत्री के आगमन पर पारम्परिक परिधानों में सुसज्जित स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने 2750 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली 240 मैगावाट की कुठेड़ जल विद्युत योजना की आधारशिला रखी। उन्होंने 4 करोड़ रुपये की लागत से डली से नाहा सड़क के मैटलिंग व टारिंग कार्यों तथा 5.83 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली चोली से कवारसी सड़क के निर्माण कार्य की आधारशिलाएं रखी। उन्होंने होली के हिलिंग गांव में 150 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 15 मैगावाट की कवारसी जल विद्युत योजना तथा 90 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 9 मैगावाट की सलुन जल विद्युत योजना का उद्घाटन किया। जय राम ठाकुर ने 6 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सचुईं से भरमाणी माता रज्जू मार्ग का भूमि पूजन किया। उन्होंने भरमौर में 1.33 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित साडा शाॅपिंग काॅम्पलैक्स का भी उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विश्राम गृह भरमौर से 165.49 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली क्षेत्र की 23 सड़कों की आधारशिलाएं रखीं। जय राम ठाकुर ने 19.57 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नागरिक अस्पताल भरमौर के भवन की आधारशिला रखी। उन्होंने 4.35 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले आई.टी.आई. भवन की आधारशिला रखी तथा 4.22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली ददीमा से चलेड सड़क का भूमि पूजन किया। चैरासी मन्दिर परिसर भरमौर में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जिला चम्बा के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि चम्बा एक समय प्रदेश का पिछड़ा जिला माना जाता था लेकिन अब वर्तमान राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विकासात्मक गतिविधियों के कारण यह जिला प्रदेश का अग्रणी जिला बनकर उभरेगा तथा विकास के मामले में दूसरे जिलों का मार्गदर्शन करेगा।
ग्राम पंचायत पारनु में जोगिंद्रा बैंक शाखा दाड़लाघाट के सौजन्य से एक दिवसीय ऋण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा प्रबंधक बीआर कौशल ने की। इस दौरान पंचायत प्रधान पारनु विद्यासागर शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को बैंक से मिलने वाले हर तरह के ऋण के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि उनके बैंक द्वारा पूरे जिला की सभी शाखाओं में जेसीसीबी फेस्टिवल बोनांजा के तहत ऋण मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें उपभोक्ताओं से किसी भी प्रकार का प्रक्रिया शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस ऋण मेले का उद्देश्य लोगों को ऐच्छिक ऋण सुविधा प्रदान करना है। इस दौरान लगभग 50 लाख के लोन स्वीकृत किए गए। उन्होंने लोगों से इस मेले के दौरान आग्रह किया कि वे कभी भी दाड़लाघाट स्थित ब्रांच में आकर बैंक में मिलने वाली हर सुविधा की जानकारी हासिल कर सकते है। इस अवसर पर पंचायत प्रधान विद्या सागर शर्मा,उपप्रधान मनीराम ठाकुर,बैंक प्रबंधक बीआर कौशल,सहायक प्रबंधक सचिन पाल,रमा देवी,मदन मोहन,विद्या देवी,बसन्त राम राठौर,भावना कौशल,महिला मंडल के प्रधान एवं सभी सदस्य,हेल्प ग्रुप के प्रधान,सचिव,सदस्य व किसानों सहित स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह 28 अक्तूबर, 2019 से 02 नवम्बर, 2019 तक आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह का विषय ‘ईमानदारी- एक जीवन शैली’रखा गया है। यह जानकारी एक सरकारी प्रवक्ता ने दी। उन्होंने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह आयोजित करने का उद्देश्य लोगों को भ्रष्टाचार के विषय में जागरूक बनाना है।
जिला सोलन के अर्की स्थित चैगान मैदान को वाहनों के लिए ‘नो पार्किंग जोन’ घोषित एवं अधिसूचित किया गया है। इस सम्बन्ध में जिला दण्डाधिकारी सोलन के.सी.चमन द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। यह आदेश मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 एवं 117, सड़क विनियम 1989 के नियम 15 तथा हिमाचल प्रदेश मोटर वाहन अधिनियम 1999 के नियम 184 एवं 196 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए गए हैं। यह आदेश सक्षम प्राधिकरण द्वारा प्राधिकृत सरकारी वाहनों सहित रोगी वाहन, अग्निशमन वाहन तथा कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए प्रयोग में लाए जा रहे वाहनों पर लागू नहीं होंगे।
सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने तंज कसते हुए कहा है कि सरकार ने इन्वेस्टर मीट की तैयारियां तो बड़े जोरों-शोरों से शुरू की है लेकिन सड़कों की हालत नहीं सुधारी है। उन्होंने इन्वेस्टर मीट को सरकार का ढकोसला करार देते हुए कहा कि इसके आयोजन से पहले सड़कों को सुधारा जाना चाहिए था, क्योंकि बदहाल सड़कों पर लगने वाले हिचकोलों से यहां आने वाले ओद्यौगिक घरानों की हालत पतली हो जाएगी। ऐसे में बेहतर रहेगा कि समय रहते मुसीबत बन चुकी इन सड़कों की हालत सुधार ले, ताकि बाहरी लोगों के सामने प्रदेश को शर्मसार न होना पड़े। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर की पक्की सड़कों की हालत तो कच्ची सड़कों से भी बदतर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सड़कों में हुए इन गड्ढों ने प्रदेश की जीवनदायिनी सड़कों को हादसों की चलती-फिरती मौत का तमगा दे दिया है। उन्होंने चिंता जताई कि रोजाना दर्जनों लोग इन डरावनी सड़कों की बदहाली के कारण चोटिल हो रहे हैं लेकिन सरकार सोई हुई है। सरकार को अपने ऐशोआराम के सिवाये जनता की पीड़ा का कोई एहसास नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों की हालत से परेशान जनता के सड़कों पर उतरने से पहले प्रदेश सरकार तुरंत कार्यवाही अमल में लाए, अन्यथा गहरी नींद में सोई सरकार को जगाने के लिए कांग्रेस पार्टी जन आंदोलन खड़ा कर धरना-प्रदर्शन शुरू करेगी।
प्रदेश के चम्बा में सुबह करीब 11 बजकर 31 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र चम्बा रहा। भूकंप की तीव्रता रिएक्टर पैमाने पर 3.4 मापी गयी जबकि भूकंप की गहराई जमीन से 6 किलोमीटर अंदर रही। भूकंप के झटकों से किसी के नुकसान की फिलहाल कोई खबर नहीं है। चम्बा जिला में पिछले 2 महीने से लगातार भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं।
ग्राम पंचायत पारनु के कंसवाला गांव चकाचौंध के इस युग में भी अपनी पुरातन संस्कृति तथा परंपरा को बदस्तूर संजोए हुए है। इस गांव में सदियों से दीपावली के दूसरे दिन आज भी करयाले का आयोजन बड़े उत्साह और धूमधाम से होता है। ग्रामीण परिवेश में प्रचलित करयाला आज भी लोग बड़े उत्साह तथा उमंग से देखते हैं। इस बार इस आयोजन के मुख्य अतिथि के रूप में अर्की मंडल भाजपा के सचिव नीम चंद ठाकुर ने शिरकत की। गांव में पहुंचने पर उन्होंने पहले ग्राम सुधार सभा द्वारा निर्मित स्वागत द्वार का रिबन काटकर उद्घाटन किया। तदुपरांत गांव के मध्य स्थित चौंरी नामक स्थल पर करयाले का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया। ग्राम सुधार सभा के प्रधान नरेश कुमार ने मुख्य अतिथि को शॉल टोपी भेंट की। मुख्य अतिथि ने कंसवाला वासियों तथा वहां की ग्राम सुधार सभा के सभी सदस्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कंसवाला वासियों ने इस पुरातन परंपरा को जीवित रखा है लेकिन आने वाली पीढ़ी पुरानी संस्कृति को दरकिनार करती जा रही है। पारंपरिक संस्कृति ही हमारे संस्कारों की द्योतक है। इसे बचाना अति आवश्यक है। उन्होंने ग्राम सुधार सभा को 81 सौ रुपए दान दिए। उनके साथ विशेष अतिथि के रूप में सन्याडी मोड़ के पूर्व प्रधान भगतराम गौतम भी उपस्थित थे। उन्होंने भी सुधार सभा को ₹501 की राशि भेंट की। खेमराज भोला पूर्व उपप्रधान पारनू पंचायत ने भी 11 सौ रुपए की राशि ग्राम सुधार सभा को दान दी। रूपलाल महाजन ने ग्राम सुधार सभा को ₹1100 की राशि दान दी। तदुपरांत मांद्री से आए करयाला कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन करते हुए सभी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस आयोजन में विजय कुमार,मदन मोहन,अमरचंद,फौजी मनीराम ठाकुर जमुनादास रामचंद्र,इनु,नरेंद्र, लालचंद,मेहर चंद दिनेश कुमार तथा अन्य सभी ग्राम सुधार सभा के सदस्यों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।
प्रगति समाज सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार द्वारा लावारिस गोवंश को दयनीय स्थिति से उबारने,उनके अनुशासित संवर्धन और उनकी समुचित व्यवस्था करने हेतु जो अनशन और आंदोलन पिछले चार दिन से चल रहा है हिंदू जागरण मंच उनकी इस मुहिम का पूरी तरह समर्थन करता है। हिंदू जागरण मंच का मानना है कि इस समस्या के निदान हेतु सरकार और प्रशासन को गंभीरता पूर्वक विचार कर इसकी सही व्यवस्था कर निवारण शीघ्रातिशीघ्र करने का प्रयास करना चाहिए। प्रशासन और सरकार की ओर प्रतिनिधि के रूप में अनशन स्थल पर पहुंचे घुमारवीं के विधायक राजेंद्र गर्ग और घुमारवीं एसडीएम शशिपाल शर्मा ने समस्त जनता के सामने आश्वासन दिया कि सुनील अपना अनशन समाप्त करें। सरकार और प्रशासन इस विषय पर गंभीरता से काम करेगी और एक माह के भीतर समस्या के निदान हेतु वैकल्पिक व्यवस्था करेगा। उधर हिन्दू जागरण मंच ने कहा है कि यदि सरकार इसमें असफल रहती है तो हिंदू जागरण मंच भी प्रगति समाज सेवा समिति के साथ इस आंदोलन में कंधे से कंधा मिलाकर खडा होगा और इस प्रकार के लचर रवैये के विरूद्ध उग्र आंदोलन करने पर विवश होगा। यह बात अनशन स्थल भगेड़ पहुंचे हिंदू जागरण मंच के बेटी बचाओ अभियान के प्रदेशाध्यक्ष कमल गौतम ने कही।
सोलन तथा शिमला जिला की सीमा पर बसे धामी में दीपावली पर्व से अगले दिन एक रोमांचक पत्थरों के खेल वाला मेला आयोजित होता है। करीब 3:00 बजे राजपुरोहितों के साथ लोगों का एक समूह ढोल नगाड़े तथा शहनाई पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के साथ भीमा काली के मंदिर में पूजा अर्चना करते हैं और उसके बाद मेला स्थल की ओर रवाना हो जाते हैं। इस रोमांच भरे मेले में यह खेल दो समुदायों के बीच में खेला जाता है। एक समुदाय धामी रियासत के राजा के महलों की ओर से कटैड़ु तुनड़ु,दगोई जठोटी खुंद,तथा दूसरा समुदाय जमोगी खुंद के रूप में सोलन जिला के पलानिया,गलोग की ओर से इस खेल में शामिल होता है। धामी के भीमा काली मंदिर के पास आयोजित होने वाला यह मेला तब तक चलता रहता है जब तक दोनों समुदायों के लोगों में से किसी एक समुदाय के किसी व्यक्ति के पत्थर लगने से खून न निकल जाए जिस भी व्यक्ति को पत्थर की चोट लगती है व खून बहने लगता है वह स्वयं को भाग्यशाली समझता है। उसका खून भीमा काली के मंदिर में चढ़ाया जाता है। एक किंवदंती के अनुसार सदियों पहले इस मेले में भीमा काली के मंदिर में नर बलि दी जाती थी। उसे रोकने के लिए धामी रियासत के राजा की रानी इसी स्थान पर सती हुई थी। उसके बाद इस स्थान पर नरबलि के स्थान पर पत्थर मारने वाला मेला लगता है। खेल का चौरा नामक स्थान पर होने वाले इस मेले में राजपरिवार के टीका नवदीप सिंह भी शामिल होते हैं। इस बार इसी समुदाय के देवांशु कश्यप को श्रद्धा का भाजन बनना पड़ा उनके सिर से निकले रक्त से भीमा काली के मस्तक पर टीका लगाया गया। उन्होंने बताया कि यह लोगों की अपार श्रद्धा का मेला बन गया है। यही कारण है कि आज तक इस खेल में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई क्योंकि यह आस्था और श्रद्धा का खेल है उन्होंने यह भी कहा कि जो बाहर के दर्शक लोग आते हैं उन्हें इस में भाग नहीं लेना चाहिए। इस मेले में सोलन तथा शिमला जिला के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।
सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने कहा है कि वर्तमान में देश में जिस तरह के खराब हालत बने हुए हैं, उससे जनता भी खुद हताश व निराश है। जिस पार्टी को उन्होंने पूर्ण बहुमत देकर सत्ता थमाई, उसी सरकार ने उन्हें धोखा क्यों दे दिया। जनता भी अब इस सरकार की जन विरोधी नीतियों को समझकर छुटकारा पाना चाहती है। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि इस सरकार ने 4 साल पहले ही टनों के हिसाब से आरबीआई का पैसा विदेशों में गिरवी रख दिया था। उन्होंने कहा कि विश्व बैंक कह रहा है कि देश भर में 200 के ज्यादा कार शोरूम बंद हो चुके हैं, जिनमें लाखों कर्मचारी बेरोजगार हुए हैं। सरकारी क्षेत्र के बैंक करोड़ों रुपए के घाटे में चल रहे हैं। अब भी देश की जनता को अच्छे दिनों के मोहजाल में ही फंसाया जा रहा है। राणा ने कहा कि वह यह सब जुमलेबाजी नहीं कर रहे हैं, बल्कि यह सब खबरें देश के प्रतिष्ठित समाचारों की सुर्खियां रही हैं। उन्होंने कहा कि ब्रांडिंग वाली इस सरकार ने देश व जनता को निचोडऩे का काम किया है जबकि अपने प्रचार-प्रसार पर ही 66 अरब रुपए खर्च कर देश की जनता को गुमराह किया है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारों को हर साल 2 करोड़ नौकरियां देने का छलावा कर अब आवेदन शुल्क ही पिछले साढ़े 5 सालों में कई गुना बढ़ गया है। रेलवे बोर्ड में ही भर्ती करने के नाम पर अरबों रूपए बेरोजगारों से वसूले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी बैंकों में भारतीयों के जमा पैसे में 50 फीसदी बढ़ोतरी हो चुकी है जिसका असर देश की बिगड़ी अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा है। उन्होंने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार की सारी हदें पार हो गई हैं। देश के बैंकों को कंगाल कर करोड़ों-अरबों रुपए का ऋण लेकर उद्योगपति विदेश भाग चुके हैं तथा जनता के अच्छे दिन अब तक नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार की दीवाली हर वर्ग के लिए फीकी रही है, क्योंकि निजी सेक्टर से लाखों कर्मचारी नौकरियों से हाथ धो बैठे हैं तो दुकानदार भी त्योहारों के सीजन में ग्राहकों का इंतजार करते रहे। व्यापारी पहले ही सरकार की नीतियों से दुखी हैं और करोड़ों बेरोजगार नौकरियों का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार व भाजपा के नेता इन सब मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि जनता को भी सच्चाई का पता लगे। उन्होंने कहा कि सरकार को यह भी बताना चाहिए कि केंद्र सरकार ने देश की जो दुर्गति की है, उससे देश को कब तक उबारेंगे। अगर देश नहीं चल रहा है तो देश हित में राष्ट्रवाद दिखाते हुए सरकार सत्ता छोड़े और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
सत्य,न्याय और समृद्धि का प्रतीक सब उपमंडल दाड़लाघाट में उल्लास, उमंग एवं उत्साह के साथ मनाया गया। उपमंडल में सर्वत्र रोशनी की जगमग रही। घरों और प्रतिष्ठानों को आकर्षक तरीके से सजाया गया। बाजारों में मिष्ठान और उपहार खरीदारी हेतु भीड़ रही। परिवार,जनमानस और राष्ट्र की मंगल कामना के लिए विधि विधान से लक्ष्मी पूजन किया गया। एक-दूसरे को मिठाई आदि भेंटकर त्योहार की खुशियां मनाई गई। घरों,प्रतिष्ठानों और औद्योगिक इकाइयों को दूधिया झालर,रोशनी आदि से आकर्षक रुप से सजाया गया। बाजार भी रोशनी से नहाए नजर आए। दाड़लाघाट चौक,पीएनबी मार्किट,चौधरी कॉम्प्लेक्स व शिव मंदिर मार्किट व स्यार मार्किट में दीपावली की जगमग रही। मिठाई,फूल,गिफ्ट की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ दिखी। मुख्य बाजारों में पैदल ही खरीदारी करनी पड़ी। हैंडलूम,रेडीमेड गारमेंट आदि की खरीदारी को दाड़ला चोक बाजार,बस स्टैंड मार्केट,शिव मंदिर मार्केट में भारी गहमागहमी रही। उधर मारुति,महिंद्रा व तपन शोरूम में भी दिवाली के पर्व पर खूब गाड़ियां बिकी। दाड़लाघाट के मंदिरों और शिवालयों में भी दीपावली पर्व पर विशेष पूजन किए गए। पुरोहितों और आचार्यों ने यजमानों को प्रसाद वितरित किया। घर परिवारों में यज्ञ,पूजा और लक्ष्मी पूजन के अनुष्ठान किए गए। शहर के मोहल्लों, कालोनियों में पूजन के बाद एक-दूसरे को मिठाईयां,गिफ्ट भेंटकर दीपावली की शुभकामनांए दी। बच्चों और महिलाओं ने बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया।
डॉ वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी,में सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। सप्ताह का आरंभ विश्वविद्यालय परिसर में प्रतिज्ञा समारोह के साथ शुरू हुआ। इसमें विश्वविद्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ परविंदर कौशल ने सभी कर्मचारियों को ईमानदारी की शपथ दिलाई। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह 28 अक्टूबर से 2 नवंबर 2019 तक मनाया जा रहा है। इस वर्ष के सतर्कता जागरूकता सप्ताह का विषय है ‘ईमानदारी- एक जीवनशैली'। इसे मनाने के लिए विश्वविद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य कर्मचारियों और जनता के बीच जागरूकता और सतर्कता पैदा करना है ताकि भ्रष्टाचार से निपटने में सभी की भागीदारी रहे।
ग्राम पंचायत सरयांज के गांव पट्टा में छोटे बच्चों द्वारा दिवाली तक मनाई जाने वाली रामलीला का समापन गया। बड़ी दीपावली को गांव पट्टा के बच्चों द्वारा रावण दहन के साथ इस रामलीला को पूर्ण किया गया। इस अवसर पर सुंदर नगर स्टेट बैंक के वरिष्ठ सहायक शिवकुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। गांव पट्टा के बच्चों द्वारा आयोजित इस रामलीला का आयोजन पिछले 10 वर्षों से किया जा रहा है तथा बच्चों की प्रतिभाओं को देखते हुए इस रामलीला को देखने वाले लोग मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। गांव पट्टा के बच्चों द्वारा आयोजित रामलीला के अंतिम दिन बड़ी दिवाली के अवसर पर रावण का दहन किया जाता है जिसमें इस क्षेत्र के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। शिवकुमार ने इस अवसर पर कहा कि गांव पट्टा के बच्चों द्वारा की जा रही रामलीला अपने आप में एक मिसाल है तथा इस क्षेत्र की युवाओं की प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का एक अच्छा मंच तैयार किया गया है। इस दौरान बच्चों के प्रोत्साहन के लिए मुख्य अतिथि ने अपनी ओर से 11 हजार की राशि का सहयोग किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान लेख राम,दर्शन तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
सोलन विकास खण्ड की पट्टाबराबरी पंचायत का 2 दिवसीय प्राचीन दुर्गा माता मेला ,मन्दिर परिसर में 3व 4 नवम्बर को बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। मेला कमेटी के प्रधान श्रीराम कौशल व उपप्रधान ख्याली राम ने जानकारी देते हुए बताया कि 3 नवम्बर को प्रातः 10 बजे माता दुर्गा जी के ध्वजारोहण द्वारा मेले का शुभारम्भ किया जाएगा। इस दौरान मुख्य अतिथि पंचायत समिति सदस्य व पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन इकाई पट्टाबराबरी-हरिपुर के प्रधान डी डी कश्यप होंगे। मेले के दौरान सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन होगा। प्रथम सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि रामेश्वर शर्मा डारेक्टर दूर संचार विभाग होंगे। 3नवम्बर को अंडर 19 वर्ष की कबड्डी व वालीबाल प्रतियोगिता होगी। 4 नवंबर को ओपन कबड्डी व वालीबाल की प्रतियोगिता होगी। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम व दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को नगद राशि पुरष्कार में दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 4 नवम्बर को मेले के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सामाजिक न्याय ,अधिकारिता एवं सहकारिता मन्त्री डॉ राजीव सहजल शिरकत करेंगे। 4 नवम्बर को शाम 3 बजे विशाल दंगल का आयोजन भी होगा। मेले की दूसरी व अंतिम सांस्कृतिक संध्या में मशहूर पहाड़ी कलाकार ए सी भारद्वाज व इंडियन आइडल फेम कृतिका तनवर अपनी बेहतरीन प्रस्तुति देंगे। मेला कमेटी ने सभी क्षेत्र वासियों से मेले में बढ़चढ़ कर भाग लेने व मेले के सफल आयोजन के लिए हर सम्भव सहयोग करने की अपील की है।
विधान सभा अर्की के कुनिहार से सम्बन्ध रखने वाली पूर्व जिला परिषद सदस्य तथा प्रदेश महिला मोर्चा की सदस्य सोनिया ठाकुर का रविवार को जुखाला के पास कार दुर्घटना में देहान्त हो गया। 54 वर्षीय सोनिया ठाकुर हंसमुख और बेबाक छवि के रूप में जानी जाती थी। सोनिया पिछले लगभग 30 वर्षों से भाजपा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाती रही। सोनिया ठाकुर के पति अमर सिंह ठाकुर व बेटा विषय ठाकुर भी भाजपा में काफी लंबे समय से प्रदेश स्तर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दिवाली के दिन जैसे ही कुनिहार व आसपास के लोगों को सोनिया ठाकुर की कार दुर्घटना में हुई मौत की खबर पता चली तो पूरा क्षेत्र शोक की लहर में डूब गया। उनकी अचानक हुई मृत्यु पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल,केंद्रीय राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर,पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप,सांसद सुरेश कश्यप,मंत्री डॉ राजीव सहजल, जिला अध्यक्ष के एल ठाकुर,प्रदेश भाजपा सचिव रतन सिंह पाल, पूर्व विधायक गोविन्द राम शर्मा,मण्डल अध्यक्ष डी के शर्मा,जिला मीडिया प्रभारी इंद्रपाल शर्मा,उपाध्यक्ष राजेश महाजन,दलीप पाल,रमेश ठाकुर,हीरा लाल चन्देल,सुरेस जोशी,रूप लाल,देव राज शर्मा,राम प्रकाश,ओम प्रकाश,चेतराम,गोपाल कृष्ण शर्मा,राजेन्द्र कुमार,श्यामानंद ,योगेश गौतम , राकेश गौतम, बृज लाल,हंसराज ,राजेश शर्मा, रघुवीर कंवर ,संजीव ,जसवंत ,देवीराम तनवर,राम चन्द पाल ,अनिल गर्ग,सुरेश कुमार जोशी,यशपाल,ताराचंद,कौसल्या कंवर , सुनीता ठाकुर ,प्रतिभा कंवर,रमा तनवर,पूर्ण चन्द,प्रभा ,उर्मिल ,आशा परिहार ,विनती मुकुल सहित सैंकड़ों भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
जिला खेल अधिकारी श्याम लाल कौंडल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला युवा सेवाएं एवं खेल कार्यालय बिलासपुर द्वारा इस वर्ष जिला स्तर पर लम्बी व मध्यम दूरी की ईनामी दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन कहलूर खेल परिसर लुहणू बिलासपुर में 1 नवम्बर को प्रातः 9 बजे किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता मे 13 से 15 वर्ष तक की आयुवर्ग के लडके व लड़कियों हेतु 3 हज़ार मीटर तथा 16 से 19 वर्ष की आयुवर्ग के लडके व लड़कियों के लिए 5 हजार मीटर की दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ग मे जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय, व तृतीय स्थान हासिल करने वाले खिलाडियों को क्रमशः 6 हजार, 5 हजार, 4 हजार रूपए की राशि का नकद पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी व हर वर्ग मे प्रथम, द्वितीय, व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता खिलाडियों का चयन राज्य स्तरीय दौड़ प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय, व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडियों को क्रमशः 15 हजार,10 हजार व 8 हजार रूपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा जो कि जिला चम्बा में 4 नवम्बर को आयोजित करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 13 से 15 वर्ष तक की आयु वर्ग के लड़के व लड़कियों का जन्म 1 जनवरी, 2005 के उपरान्त व 16 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लड़के व लड़कियों का जन्म 1 जनवरी, 2001 के उपरान्त होना चाहिए। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रत्येक खिलाड़ी को अपने साथ आयु प्रमाण पत्र व स्पोर्टस किट साथ लाना अनिवार्य है। 13 से 15 वर्ष के खिलाडियों का आयु प्रमाण पत्र पंचायत द्वारा फाॅर्म न 5 पर जारी किया गया हो तथा 15 से 19 वर्ष के खिलाडियों को दसवीं का मौलिक/मूल प्रमाण पत्र प्रतियोगिता के दौरान प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने बताया कि सभी खिलाडी सुबह 9 बजे प्रभारी खेल द्दात्रावास प्रदीप कालिया, जूनियर एैथलैक्टिस प्रषिक्षक राकेश कुमार तथा लिपिक हीरा लाल को रिर्पोट देना सुनिश्चित करेंगें।
हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा दिवाली पर्व पर घर आएंगे। नड्डा का दो दिवसीय बिलासपुर दौरा फाईनल हो गया है और वह रविवार शाम के समय बिलासपुर पहुंच जाएंगे जहां से वह सीधे विजयपुर पहुंचेंगे। यह जानकारी भाजपा के जिला सचिव स्वदेश ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि जेपी नड्डा दिवाली पर्व पर अपने घर आ रहे हैं। दिवाली पर्व की खुशियां अपने परिवार और कार्यकर्ताओं के साथ मनाएंगे। इस दौरान वह अपने परिवार के साथ मां लक्ष्मी की पूजा अर्चना करेंगे। उन्होंने बताया कि 28 अक्तूबर सोमवार को नड्डा पूरा दिन घर पर ही रहेंगे और कार्यकर्ताओं व आमजन से मिलेंगे। इस दौरान वह लोगों व कार्यकर्ताओं के साथ खुशियां मनाएंगे और मिठाईयां खिलाकर एक दूसरे का मुंह मीठा करेंगे। स्वदेश ठाकुर ने बताया कि 29 अक्तूबर को सड़क मार्ग से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद दूसरी बार नड्डा बिलासपुर आ रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा। प्रकाश दडोच ने सहारा योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए गंभीर बीमारियों से पीडित पात्र व्यक्ति लाभ उठा सकते है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत अब सात प्रकार की गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों को वित्तीय संकट से नहीं गुजरना पड़ेगा, सहारा योजना के अंतर्गत हर महीने 2 हजार रूपए उनके बैंक खाते में आएंगे।उन्होंने बताया कि जिन लोगों की वार्षिक आय चार लाख से कम होगी वो सभी लोग इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सहारा योजना के अनुसार सात रोगों के मरीजों को कैंसर, पार्किंसन पैरालाइसिस, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया और किडनी की विफलता और पूरी तरह से अक्षम व्यक्ति है को सहारा योजना के तहत प्रति माह 2 हजार रूपए मिलेंगे। उन्होंने बताया कि सहारा योजना के लिए वही व्यक्ति पात्र होंगे जो आर्थिक रूप से कमजोर व एकल परिवार से संबंध रखते हैं।वहीं इस योजना का लाभ लेने के लिए वे लोग पात्र नहीं होंगे जो सरकारी एवं पेंशनभोगी है और जो चिकित्सा प्रतिपूर्ति का लाभ उठाते हैं।उन्होंने बताया कि निर्धारित आवेदन प्रपत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज जैसे बीमारी के दस्तावेज, फोटो पहचान पत्र, आय प्रमाण पत्र, जीवन प्रमाण पत्र, स्थाई प्रमाण पत्र, बीपीएल प्रमाण पत्र, बैंक खाते की पूर्ण जानकारी सहित सभी दस्तावेज खंड चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर के कार्यालय में जमा होंगे। उसके उपरांत लाभार्थी को इस योजना का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने बिलासपुर की जनता से आग्रह किया है कि वे इस योजना का लाभ पात्र लाभार्थी तक अवश्य पहुंचाने के लिए मदद करें।
सुर्दशन के परिवार के लिए दिवाली से ठीक एक दिन पहले बूरी खबर आई है। उनका घर और घर में रखा सामान उनकी आँखों के सामने जल कर राख हो गया। उपमंडल मुख्यालय राजगढ़ के साथ लगती ग्राम पंचायत कोठिया जाजर के टिक्कर रोड पर शनिवार को सुबह सिलेंडर लीक होने से सुर्दशन के घर में आग लग गयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय सुदर्शन, उसकी पत्नी , दो बेटियां , एक बेटा व् भाई की दो बेटियां सहित उनका एक भाई घर में मौजूद थे। इस दौरान साथ में रहने वाले एक लड़के ने हिम्मत का परिचय देते हुए सिलेंडर को बाहर फेंका। सोलन से अग्निशमन की गाडी ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पा लिया। गनीमत यह रही की इस आगजनी में किसी की जान नहीं गई लेकिन आग पर काबू पाने की कोशिश में सुदर्शन का मुंह आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया और सुदर्शन के घर की रसोई व् दो कमरों के साथ साथ घर में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया। एक अनुमान के मुताबिक लगभग 7 लाख रूपये का नुकसान बताया जा रहा है एस डी एम राजगढ नरेश वर्मा के अनुसार घटना की सुचना मिलते ही प्रशासन की और से प्रभावित परिवार को 15 हजार रूपये की फोरी राहत प्रदान की गई है।
उपायुक्त सोलन के.सी चमन ने समस्त जिलावासियों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उपायुक्त ने अपने बधाई संदेश में सोलन जिला के सभी निवासियों के सुख, स्वास्थ्य एवं मंगल की कामना की है। उन्होंने कहा कि दीपावली से हम सभी को अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने की प्रेरणा मिलती है और सभी नागरिकों को एकजुट होकर देश, प्रदेश तथा स्वहित की दिशा में परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने आशा जताई कि यह त्यौहार हमें सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करेगा। केसी चमन ने सभी जिला वासियों से आग्रह किया कि दीपावली को सुरक्षित तरीके से मनाएं और अपने परिवार सहित आसपास पड़ोस का भी ध्यान भी रखें। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि दीपावली पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 अक्तूबर, 2019 को सुबाथू में ट्रांसफाॅर्मर एवं विद्युत लाईनों का रखरखाव एवं मुरम्मत कार्य किया जाना है। यह जानकारी शनिवार को प्रदेश विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता दिनेश कौंडल ने दी। उन्होंने कहा कि इस कार्य के दृष्टिगत 31 अक्तूबर, 2019 को सुबाथू, थड़ी, रडियाणा, नया नगर, कंडा, कुठाड़, बनलगी, जगजीतनगर, नौटी, खरशी, कक्कड़हट्टी, गम्भर, देलगी, भारती खडियाणा में प्रातः 9.00 बजे से सांय 6.00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि में लोगों से सहयोग की अपील की है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने प्रदेश वासियों सहित सोलन ज़िला के निवासियों को रोशनी के त्यौहार दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। डाॅ. सैजल ने अपने संदेश में कहा कि ‘दीपावली’ से हमें अंधकार से प्रकाश तथा असत्य से सत्य की ओर अभिमुख होने की प्रेरणा प्राप्त होती है। उन्होंने कामना की कि दीपों का यह महापर्व प्रदेश में प्रेम और सद्भाव के साथ ही लोगों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाये। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने जिलावासियों से अपील की है कि वे दीपावली को सौहार्द, सद्भाव और उल्लास के साथ मनाएं। डाॅ. सैजल ने गोवर्धन पूजा तथा भाई दूज की शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि ये पर्व सभी के जीवन में प्रसन्नता एवं उल्लास लाएंगे।
भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तथा सदर युवा नेता रूप लाल ठाकुर ने प्रैस को जारी बयान में कहा कि हिमाचल में उपचुनावों में मिली जीत से जहां मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की दूरदर्शी सोच विजयी हुई है वहीं पर भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की कार्यशैली का असर सीधे तौर पर दिखा है। उन्होंने कहा कि भले ही यह उपचुनाव हो लेकिन इस चुनावों में कई दिग्गजों की साख दाव पर लगी थी। बावजूद इसके इन दोनो विधानस भा के मतदाताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों पर मोहर लगाई है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कम सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद भाजपा का स्ट्राईक रेट पिछले चुनावों के मुकाबले बढ़ा है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में दोबारा देवेंद्र फड़नवीस की सरकार बनेगी जबकि हरियाणा में भी भाजपा की सरकार का बनना तय है। रूप लाल ठाकुर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार सुशासन देने में कामयाब रही है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश उन्नति के पथ पर अग्रसर है तथा समाज के हर तबके का एक समान विकास हो रहा है। प्रदेश में हो रहे अभूतपूर्व विकास के लिए मुख्यमंत्री और सभी मंत्रियों सहित नेता एकजुटता से काम कर रहे हैं जिसके धरातल पर परिणाम भी दिख रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि इसके विपरीत कांग्रेस के पास न तो कोई नेता है और न ही नेतृत्व है। कांग्रेस अपनी दयनीय हालत में है।
नयनादेवी (बिलासपुर) पुलिस थाना स्वारघाट में गांव स्वाहण की एक महिला किरण शर्मा के साथ टीजीटी शिक्षक राजकुमार व उसकी पत्नी व माता द्वारा दुकान में घुसकर मारपीट करने, गाली गलौच व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि पहले तो उक्त आरोपी युवक राजकुमार ने राशन डिपो में पीड़ित किरण शर्मा के साथ हाथापाई व गाली गलौच की उसके बाद शाम को राजकुमार की पत्नी व माता ने भी किरण शर्मा की दुकान में घुसकर मारपीट व जान से मारने को धमकी दी है। गांव स्वाहण निवासी एक महिला किरण शर्मा ने पुलिस थाना स्वारघाट में शिकायत दर्ज़ करवाई है कि 23 अक्तूबर के दिन सुबह 10 बजे के समय जब वह राशन डिपो की दुकान पर गई तो वहां बैठे एक युवक राजकुमार ने उससे गाली गलौच, हाथापाई व मारपीट की है। महिला किरण शर्मा ने पुलिस को दिये गए बयान में बताया कि उक्त युवक राजकुमार की पत्नी व माता ने भी शाम के समय उसकी निजी दुकान पर आकर हमला किया है। उन्होंने किरण शर्मा को जान से मार देने की धमकी भी दी है। जिस कारण पीड़ित महिला डर से बुरी तरह भयभीत है। महिला किरण शर्मा ने शिकायत में कहा है कि उक्त युवक राजकुमार जो स्वाहण स्कूल के टीजीटी शिक्षक के पद पर कार्यरत है। पीड़ित महिला किरण शर्मा का आरोप है कि उक्त आरोपी युवक अक्सर नशे में रहता है। स्कूल में भी कभी कभार ही जाता है। इससे बच्चों की पढ़ाई भी बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। उक्त युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के अन्तर्गत आईपीसी 451, 323,504,506,व 34 के तहत मुकदमा दर्ज़ कर लिया गया है। "उपमंडल पुलिस अधिकारी श्री नयनादेवी संजय शर्मा ने उक्त मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पीड़िता का मैडिकल प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्वारघाट में कराया जा रहा है। स्वारघाट पुलिस जांच में जुटी हुई है।"
उपायुक्त राजेश्वर गोयल ने स्वाईन फलू रोग के बारे में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि बदलते मौसम के कारण लोग रोगों की चपेट में शीघ्र आ जाते है और अनेकों बीमारियां होने का अंदेशा हो जाता है जिससे बचने के लिए एहतियात बरतना जरूरी है। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रकाश दरोच ने विस्तृत जानकरी देते हुए बताया कि स्वाइन फ्लू एक विशेष प्रकार के इनफलूजा ए (एच1 एन1) वायरस से ग्रसित व्यक्ति के संपर्क में आने से हो सकता है। उन्होंने बताया कि इससे बचाव के लिए खांसते अथवा छींकते समय अपने मुंह एवं नाक को रुमाल से ढके तथा नाक आंख अथवा मुंह को छूने से पहले अथवा पश्चात अपने हाथ साबुन से अच्छी तरह साफ कर लें। उन्होंने बताया कि अच्छी नींद लें शारीरिक रूप से सक्रिय रहें तथा तनाव से बचें तथा खुली हवा में सांस ले तथा योग क्रिया करें। उन्होंने बताया कि स्वच्छ तथा अधिक मात्रा में पानी पिएं तथा पोषण युक्त भोजन का सेवन करें और रोग से प्रभावित माताएं बच्चों को दूध पिलाते समय मास्क का प्रयोग करें। उन्होंने बताया कि संदिग्ध संक्रमित व्यक्ति से हाथ ना मिलाएं गले ना लगे अथवा अन्य संपर्क बढ़ाने वाले कार्य न करें। उन्होंने बताया कि डॉक्टर की सलाह के बिना कोई दवा न लें तथा अत्यधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ना जाएं और खुले में न थूकें।
नशे के दुष्परिणाम से शरीर पर होने वाले विभिन्न रोगों तथा दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक प्रदेश व्यापी विशेष नशा निवारण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी उपायुक्त राजेश्वर गोयल ने इस सम्बध में अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि जिला में इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला कल्याण अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है जबकि एडीएम उपायुक्त कार्यालय के नोडल अधिकारी होंगे। उन्होंने बताया कि जिला में नशा निवारण अभियान के तहत 15 नवंबर को प्रातः 6ः30 बजे उपायुक्त कार्यालय से प्रभातफेरी निकाली जाएगी जो कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल में संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि इसके उपरांत 7ः30 बजे योग क्रियाएं आयुर्वेद विभाग द्वारा करवाई जाएंगी तथा नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके उपरांत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वाद संवाद प्रतियोगिता, खेल गतिविधियां डीएडिक्शन द्वारा काउंसलिंग तथा नुक्कड़ नाटक इत्यादि गतिविधियां भी आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि 16 नवंबर से 15 दिसंबर तक जिला के विभिन्न स्थानों पर काउंसलिंग तथा अन्य विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज को विभिन्न प्रकार के नशों से बचाने के लिए आमजन की सहभागिता तथा जागरूकता की नितांत आवश्यकता है। उन्होेने कहा कि नशे से पीड़ित व्यक्तियों की पहचान करके उन्हें नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना सभी का दायित्व है। इसके लिए उन्होंने सरकारी, गैर सरकारी संस्थाओं, स्वयं सेवीयों तथा आमजन से आगे आने का आग्रह किया। इस मौके पर एडीएम विनय धीमान, कंमाडैट होम गार्ड अजय सिंह बौध, सीएमओ डा0 प्रकाश दरोच, पीओ संजीत सिंह, जिला कल्याण अधिकारी के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला दंडाधिकारी सोलन केसी चमन ने दीपावली के त्यौहार के दृष्टिगत आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोलन के पुराने उपायुक्त कार्यालय चौक से पुराना बस अड्डा सोलन तक वाहनों की आवाजाही के संबंध में आदेश जारी किए है। यह आदेश मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा-115 एवं 117 में निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए गए हैं। जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेशों के अनुसार 26 तथा 27 अक्तूबर, 2019 को सोलन के पुराना उपायुक्त कार्यालय चौक से पुराना बस अड्डा तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह आदेश उक्त तिथियों पर प्रातः 10.00 बजे से रात्रि 9.00 बजे तक लागू रहेंगे। आदेश रोगी वाहन, अग्निशमन वाहन, सेना, पुलिस तथा कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए प्रयुक्त किए जा रहे वाहनों पर लागू नहीं होंगे। जिला दंडाधिकारी ने समादेशक गृह रक्षा तथा अग्निशमन अधिकारी सोलन को निर्देश दिए हैं कि दीपावली के त्यौहार के दृष्टिगत पूरी तैयारी रखें। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग सोलन के अधिशाषी अभियंता तथा कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद सोलन को निर्देश दिए गए है कि वे दीपावली के त्यौहार के दृष्टिगत अग्नि शामकों के लिए समुचित जलापूर्ति सुनिश्चित बनाएं। वाहनों की आवाजाही के संबंध में पुलिस अधीक्षक सोलन, उपमंडलाधिकारी सोलन को उचित निर्देश जारी कर दिए गए है।
मुख्य सचिव हिमाचल प्रदेश सरकार श्रीकांत बाल्दी ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों से जिला में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की फीडबैक ली तथा सम्बन्धित अधिकारियों को विकास कार्यों में तीव्रता लाने के निर्देश दिए ताकि आमजन को प्रत्येक सुविधा मिल सके। उन्होंने मुख्यमंत्री सेवा संकल्प योजना की समीक्षा करते हुए बताया कि पूरे प्रदेश में इस योजना के तहत लोक निर्माण, डीआरडीए, आईपीएच, विद्युत तथा पुलिस विभाग से सम्बन्धित अधिक शिकायतें प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि जिला बिलासपुर से भी इन्हीं विभागों से सम्बन्धित शिकायते प्राप्त हुई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री सेवा संकल्प योजना के तहत लोगों से प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध निवारण करना सुनिश्चित करें ताकि लोगों को बेहतर सुविधा प्रदान की जा सके। उन्होने अधिकारियों से इस योजना की फीडबैक ली तथा योजना को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी मांगें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने के लिए बेहतर योजना है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत महिलाओं को 30 प्रतिशत तथा पुरूषों को 25 प्रतिशत उपदान के रूप में प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिला में निर्धारित लक्ष्य 250 के तहत 217 मामले बैंकों को भेजे गए जिसमें से 25 मामले बैंको द्वारा स्वीकृत किए गए। उन्होंने उपायुक्त को निर्देश देते हुए कहा कि शीघ्र ही बैंकों और सम्बन्धित विभागों के साथ विशेष बैठक का आयोजन करें तथा बैंक अधिकारियों को ऋण मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के उचित दिशा निर्देश दें ताकि अधिक से अधिक युवावर्ग इस योजना का लाभ लेकर अपने लिए रोजगार के साधन पैदा कर सके। गृहिणी सुविधा योजना की समीक्षा करते हुए उन्होने बताया कि जिला में उज्जवला योजना के तहत 14 हजार 461 तथा गृहिणी सुविधा योजना के तहत 9 हजार 451 नि:शुल्क गैस कुनैक्शन वितरित किए जा चुके है। उन्होने बताया कि इन दोनों योजनाओं में जिला में कुल 407 गैस कुनैक्शन वितरित करना शेष है। उन्होने कहा कि डीएफएससी और प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि 31 अक्तूबर तक पूर्ण जिला को इस योजना के तहत कवर किया जा सके। एम्स निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य 11 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है और जनवरी 2020 तक आयुष विभाग की ओपीडी आरम्भ कर दी जाएगी। उन्होने एम्स में पर्याप्त मात्रा में विद्युत और पानी की आपूर्ति के लिए आईपीएच और विद्युत विभाग को शीघ्र डीपीआर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिला में बन रहे हाईड्रो ईंजिनियरिगं काॅलेज का निर्माण कार्य 25 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है, आगामी वर्ष तक इसका कार्य पूरा करना प्रस्तावित है। उन्होंने रेलवे लाईन कार्य की समीक्षा करते हुए बताया कि रेलवे लाईन में बनने वाली 17 टनलों में से 7 टनलों का निर्माण कार्य आरम्भ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि फोरलेन के कार्य में गरामोडा से कैंचीमोड तक के कार्य अवार्ड कर दिया गया है तथा कैंचीमोड से डैहर तक टैंडर आमंत्रित कर लिए गए है और शीघ्र ही कार्य अवार्ड कर दिया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि इस सम्बन्ध में 1 और 14 अक्तूबर को एनएचएआई. के अधिकारियों के साथ आवश्यक बैठकें की गई तथा लोनिवि, आईपीएच तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फोरलेन के कार्य से बाधित हुई योजनाओं के बारे में एनएचएआई. को शीघ्र अवगत करवाएं ताकि लोगों मूलभूत सुविधाएं शीघ्र मिल सके। उन्होंने बताया कि लोगों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए चलाई जा रही हिमकेयर तथा आयुष्मान भारत योजना लाभकारी सिद्ध हो रही है। उन्होंने बताया कि जिला में 11 स्वास्थ्य संस्थान सूचीबद्ध किए गए है। उन्होने बताया कि जिला में हिमकेयर योजना के तहत लगभग 19 हजार लोगों के स्वास्थ्य कार्ड बनाए गए है तथा लगभग 47 हजार आयुष्मान योजना के कार्ड बनाएं गए है। उन्होंने कहा कि जिला में पर्यटन की आपार सम्भावनाएं है। उन्होने कहा कि पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पैराग्लाईडिंग, पैरासिंलिंग गतिविधियों को विकसित करना होगा ताकि बाहरी राज्यों से पर्यटक आकर्षित हों, इसके लिए उन्होंने प्रपोजल तैयार करने के निर्देश दिए। जिला के गोविंद सागर में जलमग्न हुए मंदिरों की भी समीक्षा की जिस पर उपायुक्त ने बताया कि जलमग्न मंदिरों को कोसरिंया में स्थानातरिंत करने के लिए ईओआई से प्राप्त दो प्रस्तावों को सरकार को प्रस्तुत कर दिया है। उन्होंने बताया कि भूमि हस्तातरणं का प्रकण राजस्व विभाग द्वारा सरकार को भेज दिया गया है। इस अवसर पर उपायुक्त राजेश्वर गोयल ने श्री नैना देवी जी को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए भी मुख्य सचिव से चर्चा की। उन्होने बताया कि श्री नैना देवी जी को श्वेत नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें देश के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हर सुविधा उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएगें। उन्होने बताया कि श्री नैना देवी जी में श्रद्धालु पर्यटकों के लिए म्युजियम, लाईट एंड सांउड के अतिरिक्त सरकुलर रोड और एक्सलेटर जैसी सुविधाएं प्रदान करने के प्रयास किए जाएगें। इस अवसर पर एडीएम विनय धीमान, एएसपी भागमल, एसडीएम नरेन्द्र कुमार, सीएमओ प्रकाश दडोच, डीएफओ. सरोज भाई पटेल के अतिरिक्त सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी सोलन ने नगर परिषद सोलन के वार्ड संख्या-4 चंबाघाट-सलोगड़ा के निर्वाचन के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इस अधिसूचना के अनुसार उक्त पद के लिए नामांकन प्रथम नवंबर, 2019 से 04 नवंबर, 2019 तक सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी सोलन के कार्यालय में किया जा सकेगा। नामांकन प्रातः 11.00 बजे से सांय 3.00 बजे के मध्य किया जा सकेगा। नामांकन उम्मीदवार अथवा उसके प्रस्तावक द्वारा किया जा सकेगा। नामांकन पत्र उमंडलाधिकारी सोलन के कार्यालय से उक्त दिवसों पर निर्धारित समय में प्राप्त किया जा सकता है। अधिसूचना के अनुसार नामांकन पत्रों की छंटनी 05 नवंबर, 2019 को प्रातः 10.00 बजे से की जाएगी। नामांकन वापसी 07 नवंबर, 2019 को सांय 3.00 बजे से पूर्व की जा सकती है। नामांकन वापसी का नोटिस उम्मीदवार अथवा उसके प्रस्तावक द्वारा उपमंडलाधिकारी कार्यालय सोलन में दिया जा सकता है। उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह 07 नवंबर, 2019 को नामांकन वापसी के उपरांत प्रदान किए जाएंगे। नामांकन वापसी के उपरांत ही 07 नवंबर को चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची तैयार की जाएगी। अधिसूचना के अनुसार निर्वाचन की स्थिति में मतदान 17 नवंबर, 2019 को प्रातः 7.00 बजे से सांय 3.00 बजे तक होगा। राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार भारत के संविधान के अनुच्छेद 243-जेडए तथा हिमाचल प्रदेश म्यूनिसिपल अधिनियम 1994 में निहित शक्तियों के अनुसार निर्वाचन की अधिसूचना के साथ ही नगर परिषद सोलन की परिधि में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
अर्की भाजपा मंडल अध्यक्ष के चुनाव के लिए तिथि घोषित होते ही नेता सक्रिय हो गए है। इस बार होने वाले मंडल अध्यक्ष चुनाव के लिए दावेदारों की फेहरिस्त लंबी हो रही है। एक ओर मंडल अध्यक्ष के लिए कई नामों की चरचाएं पहले ही चली हुई थी। अर्की भाजपा मंडल अध्यक्ष के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता देवेन्द्र कुमार शर्मा (डीके),संतोष शुक्ला, आशा परिहार, यशपाल कश्यप के नाम पहले ही चरचाओं में थे। अब आने वाले समय में नरेंद्र सिंह चौधरी, कृष्ण चंद शर्मा,योगेश गौतम,राजेश महाजन,जय चंद शर्मा, राकेश गौतम, जगदीश्वर शुक्ला, संजीव शर्मा,नरेश गौतम, जयनन्द शर्मा ने भी दावेदारी जतानी शुरू कर दी है। लोगों का कहना है कि अर्की भाजपा मंडल अध्यक्ष ब्राह्मण, अनुसूचित जाति व राजपूत बिरादरी के रह चुके है।
इंटरनेशनल इनरव्हील क्लब बिलासपुर की अध्यक्ष शालिनी शर्मा ने कहा कि क्लब केवल महिलाओं के कल्याण के लिए ही नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गो के लिए भी कार्य कर रहा है। महिला कल्याण क्लब की प्राथमिकता है। कल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ महिलाओं के शोषण व उत्पीड़न की रोकथाम के लिए भी इनरव्हील अहम महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। क्लब की अध्यक्ष शालिनी शर्मा शुक्रवार को बिलासपुर के लहणु मैदान में गरीब बच्चों और उनके माता पिता को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने बताया कि इंटरनेशनल रोटरी क्लब की सहयोगी संस्था इंटरनेशनल इनरव्हील ने बच्चों के पालन-पोषण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। पोलियो अभियान में इनरव्हील विशेष भूमिका अदा करता है। अब आंगनबाड़ी केंद्रों में नौनिहालों के पौष्टिक आहार के लिए अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि इंटरनेशनल इनरव्हील क्लब बिलासपुर की हर महीने के पहले शनिवार को बैठक होती है। इस मौके पर क्लब की सचिव नीतिका सेठी ने बताया कि बच्चों को तथा उनके माता पिता के साथ मिल कर इंटरनेशनल इनरव्हील क्लब बिलासपुर ने पौष्टिक आहार लेने के बारे में जानकारी दी और सभी को दीवाली की शुभकामनाएं दी और इको फ्रैंडली दीवाली का संदेश दिया। इस अवसर पर बच्चों को फुलझड़ियां वितरित की गई। इसके साथ ही उनके माता पिता को सजावट का सामान, मोमबत्तियां, दीपक और सुहागी बिंदी इत्यादि का वितरण किया गया। इस अवसर पर इनरव्हील क्लब बिलासपुर की आईएसओ अंजना शुक्ला, एडीटर शीला सिंह, कोषाध्यक्ष सुमन डोगरा सहित आशिमा खान व प्रीति वर्मा भी उपस्थित रहे।
मज़दूर संगठन सीटू मंडी ज़िला कमेटी की बैठक कामरेड तारा चन्द भवन मंडी में ज़िला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह आयोजित की गई। इसमें सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर औऱ राज्य महासचिव प्रेम गौतम विशेष तौर पर उपस्थित हुए। इसके अलावा ज़िला महासचिव राजेश शर्मा के अलावा रविकांत, रमेश गुलेरिया, गुरदास वर्मा, राजकुमारी, सुमित्रा, हमिन्द्री शर्मा, विमला शर्मा, सुदर्शना, सरोज, नरेश कुमार, सन्तोष कुमार, नरेंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार, दीपक कुमार, ललित कुमार, राजेन्द्र सिंह, सोहन लाल सहित 35 सदस्यों ने भाग लिया।बैठक में डॉ कश्मीर सिंह ठाकुर ने बताया कि आगामी 8 जनवरी 2020 को सभी मज़दूर संगठन व यूनिय नें मिलकर केंद्र सरकार की सार्वजनिक क्षेत्र के निजीकरण के ख़िलाफ़, मज़दूर विरोधी नीतियों व श्रम कानूनों में किये जा रहे मज़दूर विरोधी बदलावों और नए मोटर वाहन एक्ट के खिलाफ देशव्यापी हड़ताल की जाएगी।जिसकी तैयारी के लिए 1 नवम्बर को शिमला में सयुंक्त ट्रेड यूनियनों का राज्य स्तरीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। उसके बाद ज़िला औऱ यूनियन स्तर पर मजदूरों की मीटिंगे की जाएगी और 22 दिसंबर को मंडी में सीटू की विस्तारित बैठक की जाएगी। सीटू राज्य महासचिव प्रेम गौतम ने कहा कि मोदी सरकार राज्यों में बने श्रमिक कल्याण बोर्डों को खत्म करने जा रही है। इसके ख़िलाफ़ 5 दिसंबर को दिल्ली में देशव्यापी प्रदर्शन औऱ रैली की जाएगी। इसमें हिमाचल प्रदेश से एक हज़ार मजदूर भाग लेंगे। बैठक में आंगनवाड़ी औऱ मिड डे मील वर्करों को सरकारी कर्मचारी बनाने औऱ उन्हें न्यूनतम 18 हज़ार रुपये वेतन देने की मांग की गई। आंगनवाड़ी यूनियन की राज्य महासचिव राजकुमारी ने कहा कि एक तरफ़ विभाग ने वर्करों को आई फ़ोन देकर ऑनलाइन मॉनिटरिंग शुरू कर दी है लेकिन उन्हें न्यूनतम वेतन देने के लिए इनकार कर रही है। इसका यूनियन विरोध कर रही है और राष्ट्रीय स्तर पर इस बारे योजना बनाने के लिए आंध्रप्रदेश के सुन्दरमुंद्री ज़िला में 17-20 नवंबर से होने वाले सम्मेलन में योजना बनाएंगे। ज़िला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार आउटसोर्सिग आधर पर भर्तियां कर रही लेकिन उनके लिए नीति बनाने के लिए मुकर गयी है। इसके चलते सीटू आने वाली 24 नवंबर को मंडी में आऊटसोर्स मज़दूरों की बैठक की जाएगी और उसके बाद आंदोलन शुरु किया जाएगा। बैठक में मिड डे मील वर्करों को स्कूलों में नियुक्त किए जा रहे एम टी एस वर्कर के रूप में समायोजित करने की मांग की गई। बैठक में राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड से निर्माण और मनरेगा मजदूरों को मिलने वाली सहायता सामग्री को जल्दी वितरित करने की भी मांग की गई।


















































