धर्मशाला, 26 अप्रैल: उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि आपदाओं और कोविड-19 जैसी महामारियों का जितना प्रभाव समाज के शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ता है, उससे कहीं ज्यादा व्यापक प्रभाव लोगों के मानसिक स्वास्थ्य पर होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन इस विषय पर सभी विभागों के पदाधिकारियों व आमजन को जागरूक बनाने के प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में मानसिक स्वास्थ्य व मनो-सामाजिक समर्थन पर एक तीन-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन 26 से 28 अप्रैल तक किया जा रहा है। यह आयोजन जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, कांगड़ा द्वारा आपदा जोखिम प्रबंधन पर कार्यरत स्वैच्छिक संस्था डूअर्स संग मिलकर उपायुक्त कार्यालय के सभागार में किया जा रहा है। इस कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि मनो-सामाजिक सहायता और मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का ध्येय आपदा प्रभावित लोगों की सुरक्षा करना है। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं और मनो-सामाजिक सहायता को सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं के महत्वपूर्ण अंग के रूप में अबाध रूप में चलने वाला समझा जाता है।
डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा पॉलिसी सभी नागरिकों के लिए लाभदायक है और इनके माध्यम से आमजन अपनी धनराशि की उचित बचत कर सकते है। यह जानकारी आज यहां अधीक्षक डाकघर सोलन मण्डल रत्न चंद शर्मा ने दी। रत्न चंद शर्मा सोलन डाक मण्डल सपरुन द्वारा वित्त वर्ष 2021-22 में डाक विभाग से नियमित रूप से जुड़े 10 सुपर ग्राहकों को सम्मानित करने के उपरांत समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा के 10-10 सुपर ग्राहकों को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि डाक विभाग का यह प्रयास रहता है कि अपने सभी ग्राहकों को उच्च स्तरीय सुविधाएं प्रदान की जाए। इस दिशा में केन्द्र सरकार द्वारा समय-समय पर जारी नियमों एवं परामर्श पालन किया जाता है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए डाक विभाग सूचना प्रौद्योगिकी का समुचित उपयोग कर रहा है। उपभोक्ता अब विभिन्न योजनाओं के तहत अपने प्रीमियम की राशि का भुगतान डाक घर खाते के साथ-साथ ऑनलाइन भी कर सकते हंै। रत्न चंद शर्मा ने कहा कि 18 से 50 आयु वर्ग के व्यक्ति डाक विभाग से डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा के डायरेक्ट एजेंट रूप में जुड़ कर प्रोत्साहन आधार पर कार्य कर अपनी आर्थिकी सुधार सकते हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी पोस्ट इन्फो ऐप से घर बैठे ही प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर डाक जीवन बीमा के उपभोक्ता नीशा, रजनीश राणा, तरूणा, अर्चना गुप्ता, अनिता गुलेरिया, लोकेश, तनुज सूद, अनिता शर्मा, सुनीता रोजहे तथा अमृत सिंह और ग्रामीण डाक जीवन बीमा के उपभोक्ता वीना शर्मा, नील कमल, संदीप दुआ, अनुपमा कुमारी, गीता देवी, राम मोहन, निर्मला शर्मा, राकेश कुमार, सुनील कुमार तथा राज कुमार को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक मुलाकात की। नई दिल्ली में हिमाचल प्रदेश में अभिनव परिवहन समाधान के रूप में रज्जू मार्गों के विकास के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग रसद प्रबंधन लिमिटेड (एनएचएलएमएल) और रज्जू मार्ग एवं तीव्र परिवहन प्रणाली विकास निगम लिमिटेड (आरटीडीसी) हिमाचल प्रदेश के मध्य समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि शुरू में कांगड़ा, कुल्लू, चंबा, सिरमौर और बिलासपुर जिलों में 2264 करोड़ की अनुमानित लागत की सात रज्जू मार्ग परियोजनाओं की रिपोर्ट बनाने की संभावनाएं तलाश की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को यह भी अवगत करवाया कि शिमला-मटौर सड़क, पठानकोट-चक्की-मंडी सड़क और चक्की-मंडी-मनाली सड़क पर कुछ महत्वपूर्ण हिस्सों की मरम्मत की भी जरूरत है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा मंत्रालय को प्रस्तुत की गई नौ उच्च प्राथमिकता वाली सड़कों की अधिसूचना शीघ्र जारी करने का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने मंत्रालय के पास लंबित विस्तृत परियोजना रिपोर्टों के अनुमोदन के लिए आग्रह किया ताकि इनका कार्य शीघ्र सौंपा जा सके। ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी ने पावंटा-लाल ढांग-राजवन-शिलाई-रोहड़ू सड़क पर अपर्याप्त जल निकासी व्यवस्था का मामला उठाया और कहा कि इससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। केन्द्रीय मंत्री ने राज्य को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। मुख्य सचिव राम सुभग सिंह ने चर्चा के दौरान अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह भी बैठक में उपस्थित थे। प्रधान आवासीय आयुक्त एसके सिंगला मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित थे।
स्वास्थ्य विभाग किन्नौर द्वारा ज़िला मुख्यालय रिकांगपिओ में पोषण अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ रोशन लाल की अध्यक्षता में किया गया। इस शिविर में ज़िला कार्यक्रम अधिकारी डॉ अन्वेशा नेगी द्वारा आई सी डी एस विभाग के ज़िला कार्यक्रम अधिकारी, सी डी पी ओ, ज़िला व खण्ड के समन्वयक तथा स्वास्थय विभाग के चिकित्सकों को प्रशिक्षण दिया गया। जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा किन्नौर डा रोशन लाल ने बताया कि जिले में 5 वर्ष तक के कोई भी बच्चे कुपोषित न रहे इसके लिए एक प्रारूप तैयार किया गया है। जिसमे ज़िले के तीनों खण्डों निचार, पूह व सांगला में हर माह की 7 तारीख को प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र में आंगनबाड़ी कायकर्ताओं व पर्यवेक्षको की बैठक होगी, जिसमें कुपोषित बच्चों का ब्यौरा लिया जाएगा व 10 तारीख को सीडीपीओ व बीएमओ की बैठक में कुपोषित बच्चों लिस्ट तैयार की जाएगी तथा 12 तारीख को बीएमओ, सीडीपीओ व एसडीएम की बैठक होगी जिसमें खण्ड स्तर का प्रारूप बनाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि 13 तारीख को आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अपनी नज़दीकी स्वास्थ्य केंद्र में कुपोषित बच्चों को चिकित्सक से जाँच करवा कर ईलाज की शुरुआत करेगे तथा 17 तारीख को जिला कोऑर्डिनेशन कमेटी उपायुक्त किनौर की अध्यक्षता में जिला के तीनों खंड में चल रहे इस अभियान का समीक्षा की जाएगी। इस अवसर पर एम ओ एच किन्नौर डॉ कविराज नेगी, जिला कार्यक्रम अधिकारी डा तेहसीन व देव भगत नेगी सहित चिकत्सक उपस्थित थे।
मनीष ठाकुर। इंदाैरा विकास खंड इंदौरा के कृषि फार्म मिलवां में लगभग 27.5 हेक्टेयर उपजाऊ भूमि है, जिसमें से संपूर्ण भूमि में गेहूं एवं धान की खेती की जाती है। यह फार्म दो खंडों में विभाजित है। पहला फार्म जो कि मिलवां-1 है, जिसमें लगभग 11.5 हेक्टेयर भूमि आती है व खंड 2 में लगभग 16 हेक्टेयर भूमि आती है। इन दोनों खंडों में इस वर्ष गेहूं की उन्नत किस्म सीड ड्रिल द्वारा कतारों में लगाई गई थी। यह उन्नत किस्म HD-3086 दो हैक्टेयर व HS -542 9.5 हेक्टेयर भाग एक में व दूसरे भाग में HS-542 14 हेक्टेयर व HD- 3086 दो हेक्टेयर में लगाई गई थी।इसमें गेहूं फसल की उन्नत किस्मों की कटाई पूरी कर ली गई है। वह बीच को फोरम में स्टोर करके रख लिया गया है। कृषि अधिकारी ने बताया कि 20 मई के बाद ग्रेडिंग सेंटर जांच के लिए भेजा जाएगा।
प्रदेश विद्युत परिषद लिमिटेड उपमंडल-1 के तहत आने वाले 11केवी फीडर कांगड़ा-1 के उचित रखरखाव व पेड़ों की टहनियों की कटाई हेतु 27 अप्रैल को सुबह साढ़े नौ बजे से लेकर कार्य समाप्ति तक बिजली बंद रहेगी। इसके तहत वीरता, तारा मंदिर, गर्ग कॉलोनी, इंडस्ट्रियल एरिया, फोर्टिस हॉस्पिटल, बाला जी हॉस्पिटल, न्यू बस स्टैंड, जमानाबाद रोड, कॉलेज रोड, जयंती बिहार, डूंगा बाजार, मिनी सचिवालय, तहसील चौक, छोटी हलेड़, पुष्प बिहार, मंदिर बाजार, गुप्त गंगा रोड, वाल्मीकि मोहल्ला, संगरिया सराय की बिजली बाधित रहेगी।
जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा में गुरुदत्त विद्यार्थी की 158वीं जयंती मनाई गई। कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए मात्र कुछ शिक्षक स्कूल के मेन गेट में एकत्र हुए व माल्यार्पण किया गया। प्रधानाचार्य सुनीलकांत चड्ढा ने गुरुदत्त जी के जीवन पर प्रकाश डाला और बताया कि मात्र 26 वर्ष की अल्पायु में स्वर्गवास से पूर्व ही उन्होंने कई महान कार्य किए। दयानंद सरसवती के प्रिय शिष्य ने डीएवी संस्था व आर्य समाज की स्थापना में प्रमुख भूमिका निभाई। शिक्षा के क्षेत्र में उनके अतुल्य योगदान को देखते हुए जीएवी संस्था का निर्माण किया गया और कांगड़ा शहर में 1905 में हिंदी व 1987 में अंग्रेजी माध्यम के स्कूल की स्थापना की गई। जीएवी के प्रधानाचार्य सुनीलकांत चड्ढा ने 26 अप्रैल 2018 को पदभार संभाला था।
दाड़लाघाट पुलिस ने शराब पी कर अपने ही घर में हुड़दंग करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एसएचओ जीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि भराड़ीघाट के समीप कुंद गांव का निवासी मानसिंह पुत्र हरि राम जो पेशे से ड्राइवर है, उसने सोमवार रात को शराब पी कर अपने ही घर में हुड़दंग मचाया। वह नशे में इतना धुत था कि अपने घरवालों को गालियां तथा अनाप-शनाप आपत्ति जनक बातें बोलने लगा, यही नहीं वह अपने घर की बिजली फिटिंग के स्विच इत्यादि भी तोड़ने लगा तो उसके घर वालों ने तंग आकर उसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई।एसएचओ जीत सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह तथा कांस्टेबल राकेश कुमार के साथ एक पुलिस टीम उसके गांव कुंद भेजी जहां उसे मौके पर शराब के नशे में हुड़दंग करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। डीएसपी दाड़लाघाट प्रताप सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उसका मेडिकल करवाकर मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया गया।
अनूप। सुजानपुर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को सड़कों वाला मुख्यमंत्री क्यों कहा जाता है। इस बात का प्रमाण एक बार फिर से सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिला है। पूर्व मुख्यमंत्री के निर्देश पर सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पंचायत पनोह के चमियोला बाया खयुनद करीब 4 किलोमीटर वाली सड़क को पथ परिवहन निगम की बस सेवा से जोड़ दिया गया है। मंगलवार को इस मुख्य सड़क पर निगम की बस का सफर ट्रायल करवाया गया। इस मौके पर पथ परिवहन निगम, लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ-सथ सुजानपुर प्रशासन की ओर से उप मंडल अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बताते चलें कि संबंधित क्षेत्र के राजेंद्र कुमार एवं अश्विनी कुमार के साथ-साथ लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से 17 अप्रैल को सुजानपुर में मिला था और आग्रह किया था कि उनके निर्देश पर गांव में सड़क सुविधा उपलब्ध करवा दी गई है, जिसके लिए वे उन का तहे दिल से धन्यवाद करते हैं। ऐसे में अब इस सड़क पर परिवहन निगम की बस भी चलवाई जाए, ताकि लोगों को सड़क सुविधा के साथ-साथ बस सेवा का भी सीधा लाभ मिल सके। पूर्व मुख्यमंत्री ने लोगों की इस जनहित की मांग को 10 दिन के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए थे और कहा था कि इस समय अवधि में निगम की बस का ट्रायल यहां पर करवाया जाएगा। अगर सब कुछ सही रहता है, तो आने वाले दिनों में यहां पर निगम की बस सुविधा भी शुरू होगी। पूर्व मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभागीय टीम ने मंगलवार को मुख्य सड़क पर परिवहन निगम की बस सेवा का ट्रायल करवाया और यह ट्रायल पूरी तरह सही रहा। ऐसे में आने वाले दिनों में यहां पर निगम की बस सेवा जल्द ही लोगों को नसीब होगी। बस सेवा का सफल ट्रायल होने पर पंचायत प्रधान अनिल शामा, रोशन लाल काैंडल बूथ प्रधान मसत राम, राजेंद्र सिंह, प्रकाश सडियाल, संजय शर्मा व अश्वनी कुमार युवा वर्ग गांव की मातृशक्ति और अन्य स्थानीय लोगों ने रूट पर बस पास होने पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल का दिल की गहराइयों से धन्यवाद किया है। लोगों ने एक स्वर में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने एक सप्ताह के भीतर उनकी मांग को पूरा किया है, जिसके लिए वह सदैव उनके आभारी रहेंगे एवं आने वाले विधानसभा चुनावों में उनके साथ मिलकर काम करेंगे, उनकी जीत सुनिश्चित करेंगे। सुजानपुर भाजपा शहरी इकाई सचिव प्रकाश सड़ियाल ने बताया जिस मुख्य सड़क पर परिवहन निगम की बस सेवा का सफल ट्रायल हुआ है, उस गांव में सड़क पहुंचाने का श्रेय भी पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को जाता है। उनके निर्देश पर तमाम कार्रवाई हुई है, जिसके लिए पूरी पंचायत उनका धन्यवाद करती है।
डमटाल के अंतर्गत पड़ने वाली ग्राम पंचायत सूरजपुर में आज सुबह गांव वासियों ने नाले में पड़े नवजात शिशु के शव का शव मिलने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव वासियों ने नवजात शिशु के शव को जब नाले में देखा, उसके पश्चात उन्होंने थाना डमटाल में इसकी सूचना दी। थाना डमटाल पुलिस टीम ने मौके पर आकर नवजात शव को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी है, जिसकी अभी तक कोई भी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस टीम पूरी जानकारी में जुटी है, अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि नवजात शिशु किसका है और किस ने उसे यहां पर फैंका है। मामले की जानकारी देते हुए सुरेंदर शर्मा ने बताया कि सुबह फोन के माध्यम से थाना डमटाल में सूचना दी गई थी सूरजपुर में खंड में एक नवजात शिशु का शव मिला है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचा नवजात शिशु के शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि जानकारी प्राप्त होते ही आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अतिरिक्त उपायुक्त गंधर्वा राठौर ने बताया कि विश्व रेडक्रॉस आठ मई को कांगड़ा के यात्री सदन के प्रांगण में मनाया जाएगा। इसकी तैयारियों के संबंध में एडीसी ने अपने चैम्बर में एक बैठक बुलाई। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।उन्होंने बताया कि इस दिवस पर कृत्रिम अंग निर्माण निगम, मोहाली के कार्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व फंड (सीएसआर) के सहयोग से दिव्यांगजनों की सहायतार्थ यात्री सदन कांगड़ा में मूल्यांकन शिविर भी लगाया जाएगा। इस दौरान पात्र दिव्यांगजनों को नि:शुल्क सहायक उपकरण जैसे व्हील चेयर, ट्राईसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल आदि देने हेतु मूल्यांकन किया जाएगा। इसके लिए 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता प्रमाण पत्र, सहायक उपकरण प्राप्त करने हेतू चिकित्सक का परामर्श, आय प्रमाण पत्र (मासिक 15 हजार रुपये से कम), आधार कार्ड तथा पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ दस्तावेज लाना जरूरी होगा। इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी कांगड़ा के सचिव ओपी शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम कटोच, जिला पंचायत अधिकारी अश्वनी शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी रमेश कुमार, डीपीओ डाइट विनोद चौधरी, आईसीडीएस से अधीक्षक सरोज कुमारी, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय से संजय कुमसा तथा उपनिदेशक उच्च शिक्षा कार्यालय से सुधीर भाटिया उपस्थित थे।
जिला पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन के नव नियुक्त जिला अध्यक्ष आत्मा राम शर्मा व कार्यकारणी संगठन के जिला सोलन अध्यक्ष केडी शर्मा व अन्य ने कुनिहार में आयोजित स्वागत समारोह में भव्य स्वागत किया। आत्मा राम शर्मा ने सभी पेंशनरों को सम्बोन्धित करते हुए कहा कि राज्य कार्यकारणी की प्रथम बैठक शिमला के कालीबाड़ी हॉल में 29 अप्रैल को सुनिश्चित की गई है।इससे सभी जिले तथा सब यूनिटों के कार्यकारणी सदस्यों को आमंत्रित किया गया है, उन्होंने सभी आमंत्रित सदस्यों से राज्य स्तरीय इस प्रथम बैठक में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य की नव नियुक्त कार्यकारणी का हर सम्भव प्रयास होगा कि संगठन को मजबूत कर पेंशनरों की हर उचित मांग सरकार से पूरी करवाई जाए व हर समस्या का निदान किया जाए। इस अवसर पर बलवान कश्यप, सन्तराम चंदेल, रूप कौशल, सालीग राम शर्मा, जगदीश पंवर, रोशन, मनोहर सिंह कंवर, मनसाराम हरनोट, डीडी कश्यप, ईश्वर डट शर्मा, संजय शर्मा, स्यामनन्द शांडिल आदि मौजूद रहे।
किसान नेता मनजीत डोगरा ने बताया है कि विद्युत विभाग के उपमंडल चढ़ियार में लगभग 70% कर्मचारियों के पद रिक्त पड़े हैं, जिसके कारण चंगर धार क्षेत्र में बिजली को सुचारू रखने में विभाग को अच्छी खासी दिक्कत हो रही है। मनजीत डोगरा ने कहा कि चढ़ियार उपमंडल के तहत पांच सेक्शन हैं, तथा जिसमें 3 जेई के पद, दो फोरमैन तथा लाइनमैन के सभी 15 पद रिक्त पड़े हैं। एएनएम के 16 में से 1 पद भरा है। कुल मिलाकर के जूनियर टीम एप्स के सहारे उपमंडल में काम चल रहा है, चढ़ियार उपमंडल के अंतर्गत चंगरधार का क्षेत्र आता है, जोकि काफी फैला हुआ है तथा दुर्गम क्षेत्र है। कर्मचारियों के अभाव में क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को सुचारू रख पाना बहुत कठिन है, हिमाचल प्रदेश सरकार से मांग करते हुए किसान नेता मनजीत डोगरा ने कहा चढ़ियार उपमंडल में रिक्त चल रहे कर्मचारियों के पदों को तुरंत भरा जाए ताकि चगर धार क्षेत्र में सुचारू रूप से बिजली की पूर्ति करवाई जा सके।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट ऐसोसिएशन देहरा में खिलाड़ियों के चयन हेतु 1 मई को सुबह 8:30 बजे देहरा के खेल मैदान में स्थित सब सेंटर में ट्रायल होंगे। यह ट्रायल 9 वर्ष से 19 वर्ष तक के खिलाड़ियों के होंगे जिसमे लड़के व लड़कियां दोनों का चयन किया जाएगा। विजय शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने इस के लिए एक चयन समिति का गठन किया गया है। वहीं एडवोकेट अमित राणा ने बताया कि इस ट्रायल के लिए किसी भी तरह की कोई भी फीस खिलाड़ियों से नही ली जाएगी। गौरतलब है कि खिलाड़ियों के चयन के बाद ट्रायल में पास हुए खिलाड़ियों को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन सब सेंटर में कोचिंग देगा, इसके लिए एचपीसीए एक कोच की नियुक्ति करेगा।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा देहरा के हरिपुर में क्रिकेट सब सेंटर हरिपुर-गुलेर हेतु लिए गए युवा खिलाड़ियों के ट्रायल में उतीर्ण हुए खिलाड़ियों की सूची आज एचपीसीए द्वारा जारी कर दी गई है। इस ट्रायल में उतीर्ण हुए खिलाड़ियों के नाम उत्कर्ष, यक्ष , आशीष, परश, अयान, रोनित, शिवेन, अयांश, सक्षम, धैर्य, कृष्ण, रणवीर, आदित्य, अर्णव, आदित्य, शौर्य , आनव, भाविक, वरुण, अरुण चौधरी, माही, अर्पित, आयुष, विनेश, अकृत, आर्यन, हनुष, विवेश, दिव्यांश महाजन, रियान, लबिश, सार्थक, सक्षम, कार्तिक,अरमान, समीर, सूर्यांश, वेदांश, रितेश विवेक, अनीश, हर्ष, भार्गव, दिव्यांश, अर्श, आर्तिक, रिधम, रिशव, आदित्य जग्गी, धैर्य भारद्वाज, वेदांश, अनीश, अंकुश, अक्षित, धैर्या भारद्वाज, अंश कौशल, दीपांशी कौशल, आरव कौंडल, आहिल वशिष्ठ अनुराग ठाकुर व प्रणव वशिष्ठ है। इस पर अधिक जानकारी देते हुए हरिपुर- गुलेर एचपीसीए सब सेंटर के कोच अनिल कुमार ने बताया कि चयनित हुए खिलाडियों को जल्द ही अपना पंजीकरण करबाना होगा। जिसमे पंजीकरण फीस 1000 रुपए रहेगी तथा हर माह की फीस 400 रुपये रहेगी।
प्रतिमा राणा। पालमपुर कंडवाड़ी मैदान, ननाहर पंचायत, पालमपुर में संसद सदस्य इंदु बोला गोस्वामी के प्रयासों से पंजाब नेशनल बैंक द्वारा युवाओं, सेल्फ हेल्प ग्रुप्स, महिला मंडल और हर वर्ग के लोगों को स्वरोजगार आरंभ करने के लिए, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना तथा मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि कैसे आसान तरीके से बैंक से लोन लिया जा सकता है। अधिकारियों द्वारा उन्हें प्रोत्साहित किया गया तथा मौके पर ही फॉर्म भरवाए गए। इस कैंप के दौरान पंजाब नेशनल बैंक के कुलदीप कुमार कौशल एलडीएम तथा अरुण खन्ना, डीडीएम व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कैंप के माध्यम से किसान सम्मान निधि के तहत किसान क्रेडिट कार्ड के संबंध में जानकारी दी गई। सुकन्या समृद्धि योजना के विषय पर लोगों को जागरुक करने का कार्य भी किया गया। जब व्यक्ति कमाई नहीं करने की स्थिति में होता है वृद्धावस्था में पेंशन ही सहारा होता है, अटल पेंशन योजना के लाभ आमजन तक पहुंचाने का प्रयास इस कैंप के माध्यम से किया गया। सेलफ हेल्प ग्रुप से जुड़ने के लिए लोगों को मोटिवेट किया गया तथा आपस में अपना समूह बनाकर स्वयं एक-दूसरे की मदद से आगे कैसे बढ़ सकते हैं और समूह को सरल विधि से धन मुहैया कराने के लिए इस कैंप के दौरान जानकारी दी गई। पशुपालन और मत्स्य पालन से युवाओं के लिए कैसे रोजगार के अवसर मिलेंगं, यह जानकारी भी अधिकारियों द्वारा दी गई। ससंद सदस्य इंदु बाला गोस्वामी द्वारा हर वर्ग के लोगों को प्रोत्साहित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करते हुए नए भारत का निर्माण किया जाए तथा उन्हें हर संभव रोजगार प्राप्त करने के लिए मदद देने की भी बात कही इस दौरान जिला परिषद सदस्य श्रेष्ठा ठाकुर भी उपस्थित थी।
विनायक ठाकुर । डाडासीबा डाडासीबा के अंतर्गत पंचायत कस्बा जागीर (सयुल खडड)के सुरेंद्र सिंह सपेहिया पुत्र रमेश सिंह आर्मी के जवान ने 24 अप्रैल को अमृतसर में आयोजित अमन क्लासिक-2022 मेडल जीत कर अपने गांव का नाम रोशन कर दिया है। सुरेन्द्र उर्फ (सोनू ) ने 90+ कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीता है। इसे पहले सुरेन्द्र विगत कुछ माह पहले धर्मशाला में आयोजित वर्ल्ड फिटनेस फेडरेशन में स्वर्ण पदक जीता चुका है इस वक्त सुरेन्द्र राजस्थान में अपने सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने बताया उनका बचपन से बॉडी बिल्डिंग का शोक रहा है। आर्मी में हवलदार के पद पर काम करने के साथ-साथ उन्होंने अपने जुनून को जिंदा रखा है। अपनी जीत का श्रेय वो अपने माता-पिता देते हैं, जिन्होंने बताया बचपन से नशो से दूर रखा और आज है मुकाम तक पहुंचने के काबिल बनाया। उन्होंने बताया छुट्टियों में उन्हें अपने फिटनेस को मेनटेन करने में सहायता करने के लिए उन्होंने विशेष धन्यवाद समुराई फिटनेस सेंटर के निर्देशक सेंसेई पवन कुमार को भी किया है। सामुराई फिटनेस सेंटर के निर्देशक पवन कुमार ने युवा वर्ग को संदेश देते हुए उन्होंने लोगों को नशे से दूर रह कर जिम जाने व खेलों में भाग लेने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि जब सोनू छोटे तो उन्हें इतना मौका नहीं मिल पाया, लेकिन आज समुराई फिटनेस सेंटर में हर प्रकार की ट्रेनिंग उपलब्ध होने से युवा वर्ग को काफी प्रोत्साहन मिल रहे हैं। लोगो को इसका फ़ायदा उठाना चाहिए।
विनायक ठाकुर। देहरा उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने आज जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के स्वाणा में 21 महिला मंडलों को आवश्यक सामान भेंट किया। जिनमें महिला मंडल गुलांगड़ा, महिला मंडल फ़रेड़, महिला मंडल निचला स्वाणा, महिला मंडल वार्ड-2, महिला मंडल अप्पर दंगेहड़ा, महिला मंडल शिव शक्ति वार्ड-5, महिला मंडल अप्पर स्वाणा, महिला मंडल अनुसूचित जाति स्वाणा, महिला मंडल वार्ड-7, महिला मंडल काहरू वार्ड-5, महिला मंडल लोअर टिप्परी, महिला मंडल रंगड़ बस्ती वार्ड-4, महिला मंडल अमरां धीमान बस्ती, महिला मंडल लूसिहार, महिला मंडल कारू अप्पर, महिला मंडल तियामल वार्ड-2-3, महिला मंडल सुभाषपुर, महिला मंडल दोदरा कलां, महिला मंडल दोदरा खुर्द, राधे राधे महिला मंडल दोदरा, महिला मंडल अटल ग्रुप दोदरा को उद्योग मंत्री ने सामान वितरित किया। जिनमें महिला मंडलों की मांग के अनुसार गद्दे, कुर्सियां, पेटियां, मैट, दरियां, बर्तन, पंखे आदि जरूरत की तमाम वस्तुएं बांटी गई। उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के ध्येय को लेकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े वर्ग और व्यक्ति की सरकार चिंता कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्वाणा में 42 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्य किए गए हैं। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से 10.5 लाख, उनकी ऐच्छिक निधि से 5.5 लाख संकटग्रस्त लोगों की सहायता के लिए ग्राम पंचायत स्वाणा में उनके द्वारा बांटे गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने हेतु विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रही है। उन्होंने बताया कि जयराम सरकार ने पेंशन की आयु सीमा को घटाकर पहले 70 वर्ष किया और फिर मुख्यमंत्री ने वृद्धों की सेवा करने के संकल्प से पेंशन हेतु सबकी आयु सीमा 60 वर्ष करने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि दिसम्बर 2019 में हिमाचल को चूल्हा धुंआमुक्त सहायि राज्य घोषित किया गया। हिमाचल यह उपलब्धि प्राप्त करने वाला देश का पहला राज्य बना। उन्होंने बताया कि प्रदेश में गृहिणी सुविधा योजना के तहत 3.23 लाख परिवार लाभान्वित हो चुके हैं, जिसके लिए सरकार द्वारा 119.90 करोड़ रुपए व्यय किए जा चुके हैं। वहीं जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग पाँच हजार लोगों को गैस कनेक्शन वितरित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त ग्रामीण आजीविका मिशन, सशक्त महिला योजना, बेटी है अनमोल योजना, पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृवन्दना योजना, जननी सुरक्षा योजना जैसी अनेक योजनाओं के माध्यम से सरकार मातृशक्ति को संबल प्रदान करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विभिन्न महिला मंडलों से जुड़ी महिलाएं स्वयं सहायता समुह के माध्यम से किसी प्रोजेक्ट पर कार्य करें, जिसके लिए सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय जरूरतों और संसाधनों को ध्यान में रखते हुए हर महिला मंडल किसी विशेष परियोजना पर कार्य करे। जिस हेतु वह हर संभव सहायता सरकार एवं स्वयं के माध्यम से उपलब्ध करवाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में चल रही प्रदेश सरकार महिलाओं को समाज में अपेक्षित स्थान देने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस हेतु महिलाओं के स्वावलंबन के लिए सरकार द्वारा अनेकों कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सवाभिमान के साथ उन्हें सशक्त करना प्रदेश सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि समाज निर्माण में सबसे अहम योगदान मातृशक्ति का है। उन्होंने कहा कि महिला न केवल परिवार एवं समाज को दिशा देने का कार्य करती हैं। इसलिए महिलाओं को समाज में व्यापत बुराईयों को खत्म करने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कार्य करने चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के महिला मंडल भी क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रयास करें। विभिन्न जागरुकता अभियानों के माध्यम से महिला मंडल समाज में व्याप्त बुराईयों की समाप्ति के लिए कार्य करें। कार्यक्रम उपरांत उद्योग मंत्री ने जनसमस्याओं को सुनते हुए अधिकत्म का मौके पर निपटारा किया और शेष के समयबद्ध निवारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला परिषद् उपाध्यक्षा सनेह लता परमार, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अनिता सपहिया, महिला मोर्चा मंडलाध्यक्ष सत्या सूद, उपाध्यक्ष सुदेश कुमारी, बीडीसी सदस्य करनैल राणा, प्रधान ग्राम पंचायत सवाणा सुरिंद्र कुमार, महामंत्री रुपिंदर डैनी, कुलविंदर पठानिया व जसवंत यादव सहित विभिन्न महिला मंडलों के प्रतिनिधि और सदस्य उपस्थित रहे।
विनायक ठाकुर। देहरा राजकिय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या स्कूल गरली में पढ़ने वाली कक्षा 9वीं की छात्रा अक्षरा पामा ने राष्ट्रस्तरीय (एनएमएमएस) स्कॉलरशिप परीक्षा पास करके स्कूल के साथ क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रदेश भर से इस परीक्षा में 5860 बच्चों ने भाग लिया था, जिनमें से 832 बच्चे उतीर्ण हुए। अक्षरा ने बताया कि उसके स्कूल से 6 लड़कियां ने उक्त परीक्षा दी थी, जिनमें से उसने यह परीक्षा पास की है। अक्षरा ने कहा कि उन्हें यह परीक्षा को देने के लिए स्कूल प्रधानाचार्य श्याम मुरारी व अन्य शिक्षकों ने प्रेरित किया था। इसलिए इस कामयावी का श्रेय वह अपने गुरुजनों को देती है। अक्षरा आगे जाकर भारतीय सेना में देश की सेवा करना चाहती है।अक्षरा की माता आंगनबाड़ी में बतौर सहायिका कार्यरत हैं, जबकि पिता मेहनत मजदूरी करते हैं।
नरेंद्र धीमान। जयसिंहपुर क्षेत्र के विधायक रवि धीमान ने आज पंचरुखी जोन के व्याड़ा बूथ पर लोगों को संबेधित करते हुए सरकार द्वारा चलाईं जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता को दी तथा चल रहे विकास कार्यों पर भी चर्चा की। इस दौरान मौजूद सात महिला मंडलों को प्रोत्साहन राशि के रूप में 11-11 हजार की राशि के चैक प्रदान किए। बैठक के उपरांत लोगों की जन-समस्याओं से संबंधित आधिकतर मुद्दों के निपटारे किए गए तथा अन्य समस्याओं का संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द निपटारा करने के निर्देश भी विधायक रवि धीमान ने दिए।
विनायक ठाकुर। देहरा केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय वेदव्यास परिसर बलाहर के संस्कृत-प्रचार-मंच की ओर से सोमवार को मसोट गांव स्थित शिव मंदिर बाहली तथा ग्राम सुधार सभाभवन मसोट, इन दो स्थानों पर, दस-दिवसीय संस्कृत सम्भाषण शिविरों का आयोजन किया किया गया। दोनों शिविरों का शुभारंभ शाम 5:30 बजे दीप प्रज्वालन के साथ हुआ। इस अवसर पर शिव मन्दिर बाहली (मसोट) प्रथम शिविर स्थान पर, ग्राम की पंच आशा रानी, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, वेदव्यास परिसर की ओर से वेदांत विभाग के अध्यक्ष डॉ.मञ्जुनाथ भट्ट तथा संस्कृत प्रचार मंच परिसर की ओर से डॉ.पुरुषोत्तम शर्मा, डॉ. प्रदीपशर्मा तथा शिबिर संयोजक दीक्षा संदल एवं निशा व शीतल उपस्थित रहे। इस शिविर के प्रथम दिवस में लगभग 90 महिला, पुरुष व बच्चे उपस्थित रहे। ग्राम सुधार सभाभवन, मसोट, दूसरे शिविर स्थान पर ग्राम मसोट के पंच शशांक जसवाल तथा शहीद भाग सिंह की पत्नी कौशल्या देवी उपस्थित रहीं। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय वेदव्यास परिसर, बलाहर के निदेशक प्रो.लक्ष्मीनिवास पाण्डेय एवं संस्कृत प्रचार मंच की ओर से डॉ. प्रतिज्ञा आर्या तथा शिविर संयोजक ओंकार शर्मा व गिरीश चंद्र भट्ट शिउपस्थित रहे। इस शिविर में लगभग 60 महिला पुरुष व बच्चे उपस्थित रहे। मसोट गांव में आयोजित किए जा रहे दोनों शिविरों का उद्देश्य, परिसर के आस-पास व गांव में संस्कृत के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना है। वहीं, समाज को भारत की आत्मा संस्कृत के अध्ययन के प्रति जागरूक करना है। उपस्थित अतिथियों ने मसोट के उपस्थित लोगों को संस्कृत के महत्त्व को बतलाते हुए संस्कृताध्ययन के लिए प्रेरित किया। दस दिन तक शाम 5.30-6.45 तक चलने वाले इन दोनों शिविरों में वेदब्यास परिसर के छात्र टेकचंद तथा देवांश कृष्ण शिविर शिक्षक के रूप में रहेंगे।
जिला मंडी के नागचला में ग्रीन फील्ड हवाई अड्डे के विकास के लिए आज नई दिल्ली में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया की उपस्थिति में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) तथा प्रदेश सरकार के मध्य संयुक्त उपक्रम समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते से मंडी में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने के मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट का मार्ग प्रशस्त होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस हवाई अड्डे से न केवल प्रदेश में हवाई यातायात की सुविधा सुदृढ़ होगी, बल्कि इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को भी रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। यह हवाई अड्डा वाइड बॉडिड विमानों के उतरने के लिए उपयुक्त होगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं। मंडी जिला में ग्रीन फील्ड हवाई अड्डे में 3150 मीटर का रन-वे विकसित किया जाएगा तथा इसके लिए 2840 बीघा भूमि चिन्हित की गई है। भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण ने इसके लिए ऑबस्टेकल लिमिटेशन सरफेस (ओएलएस) तथा लीडार (लाइट डिटेक्शन एंड रेजिंग) सर्वेक्षण भी करवाए हैं। जय राम ठाकुर ने कहा कि ओएलएस और लीडार सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार, मण्डी में हवाई अड्डा रात में लैंडिंग और वर्षभर संचालन के साथ-साथ एबी-320 प्रकार के विमानों के संचालन के लिए व्यवहार्य और उपयुक्त है। मुख्यमंत्री ने एटीआर 42-600 को शिमला हवाई अड्डे पर उतारने और उड़ान-2 के तहत शिमला-कुल्लू-धर्मशाला के लिए उड़ान संचालन को प्राथमिकता क्षेत्र रूट बनाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने उड़ान-2 के तहत चंडीगढ़-धर्मशाला रूट को चंबा तक और शिमला-रामपुर रूट का विस्तार किन्नौर तक करने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने राज्य को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। एएआई के अध्यक्ष, संजीव कुमार, सचिव, नागरिक उड्डयन, राजीव बंसल, प्रधान सचिव पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन देवेश कुमार, एएआई और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
विनायक ठाकुर । देहरा पुलिस चौकी डाडासीबा के अंतर्गत सोमवार सुबह 11 बजे के करीब अचानक गांव चपलाह के पास दो कारों की आपस में जोरदार टक्कर होने का मामला सामने आया है। घायलों को 108 आपातकालीन सेवा से डाडासीबा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, वहां पर उनका उपचार चल रहा है। हादसा इतना जाेरदार था की दोनों गाड़ियों की दशा बिगड़ गई, लेकिन गमनीत यह रही की इस दौरान कार में बैठे चालक व अन्य लाेग बाल-बाल बच गए। इस हादसे में 5 लोग मामूली रूप घायल हुए हैं, जिनका उपचार डाडासीबा सिविल अस्पताल में किया गया। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह 11 बजे के करीब कार (HP40 D -8071) नंगल चौक से ढलियारा की तरफ जा रही थी और एक गाड़ी ढलियारा से डाडासीबा को आ रही थी, तो यह दोनों गाड़ियां में आपस में जोरदार टक्कर हुई। दोनों गाड़ियों की सीधी टक्कर होने से गाड़ियों का काफी नुकसान हुआ है, जो गाड़ी (HP36C-5845) नंबर की है जोर की टक्कर होने से उसका अगला टायर भी फट गया और चालक को भी चोटें आई हैं। उधर,इस संबंध में चौकी प्रभारी राजेश द्विवेदी से बात की गई। उन्होंने बताया डाडासीबा पुलिस मौके पर गई है। दोनों पार्टियों में आपसी सहमति हो गई है। मामले की छानबीन की जा रही है।
उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा माननीय उच्च न्यायालय के दिशा निर्देशों की अनुपालना हेतु कोविड-19 के कारण हुई मृत्यु में सहायता राशि प्रदान करने बारे आदेशों में कुछ संशोधन किए गए हैं। उपायुक्त ने बताया कि 20 मार्च, 2022 से पहले कोविड-19 के कारण हुई मृत्यु के मामले में मुआवजे के दावे दायर करने के लिए 24 मार्च से 60 दिनों की सीमा का निर्धारण किया गया है। भविष्य में कोविड-19 के कारण होने वाली मौतों के लिए, मृत्यु की तारीख से नब्बे दिनों का समय मुआवजे का दावा दायर करने हेतु प्रदान किया जाएगा। दावों को संशोधित करने और दावे की प्राप्ति की तारीख से 30 दिनों की अवधि के भीतर मुआवजे का वास्तविक भुगतान करने से पहले के आदेशों को जारी रखने का आदेश दिए गए हैं। उपायुक्त ने बताया कि अत्यधिक कठिनाई के मामले में यदि कोई दावेदार निर्धारित समय के भीतर आवेदन नहीं कर सकता है, तो दावेदार के लिए शिकायत निवारण समिति से सम्पर्क करने और शिकायत निवारण समिति के माध्यम से दावा करने का अधिकार होगा। इस पर शिकायत निवारण समिति द्वारा विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिकायत निवारण समिति द्वारा यदि यह पाया जाता है कि कोई विशेष दावेदार निर्धारित समय के भीतर दावा नहीं कर सकता है, जो उनके नियंत्रण से बाहर है, तो उसके मामले पर विचार किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 की महामारी के दौरान जिस किसी के परिवार के सदस्य की मृत्यु कोविड महामारी से हुई है उनके परिजनों को उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा परिवार के सदस्य को 50 हजार रुपए की राहत राशि प्रदान की जा रही है। राहत राशि के लिए फार्म वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध हैं। फार्म में मंागी गई जानकारी के आधार पर दस्तावेज संलग्न करके संबंधित उपमंडल कार्यालय में जमा करवाएं ताकि मृतक के परिवारों को जल्द से जल्द राहत राशि प्रदान की जा सके। उपायुक्त ने बताया कि कोविड-19 से जिला कांगड़ा में 1165 लोगों की मृत्यु हुई थी। जिसके तहत मुआवलक के लिए 722 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिसमें 659 लोगों के परिवारों को राहत राशि प्रदान कर दी गई है तथा शेष 63 लोगों के राहत राशि प्रदान की जानी है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिवारों को उपायुक्त कार्यालय द्वारा एक पत्र भेजा गया है तथा इच्छुक लोग निर्धारित समय सीमा अवधि में अपने फार्म जमा करवाएं, ताकि उन्हें मुआवजा राशि जारी की जा सके। उपायुक्त ने बताया कि संबंधित परिवार के सदस्य आवेदन फार्म के साथ मृतक का पहचान प्रमाण पत्र, दावेदार का पहचान पत्र, मृतक और दावेदार के बीच का सम्बन्ध प्रमाण पत्र, कोविड-19 के लिए सकारात्मक परीक्षण करने वाली प्रयोगशाला की रिपोर्ट, कोविड-19 से हुई मृत व्यक्ति का विवरण, मृत्यु प्रमाण पत्र की प्रतिलिपि तथा कानूनी वारिस प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य है।
मनाेज शर्मा। कांगड़ा भारतीय जनता पार्टी कांगड़ा मंडल तथा स्थानीय कांगड़ा के लोगों द्वारा पूर्व मंत्री स्व. चाैधरी विद्यासागर को तीसरी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी गई। उनको याद करते हुए संजय चौधरी पूर्व विधायक ने कहा कि चौधरी विद्यासागर जैसा व्यक्तित्व एवं नेता कांगड़ा के लिए वरदान था। जिला परिषद चेयरमैन रमेश, कुलभाष व सत प्रकाश सोनी ने उनको विकास का मसीहा बताया। मंच का संचालन करते हुए गोपीचंद अग्रवाल, पंडित राम प्रसाद शर्मा, पंडित रवि शर्मा, पंडित भवानी शंकर ने उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि चौधरी विद्यासागर एक युगपुरुष थे तथा कांगड़ा की जनता के दिल में वह हमेशा अमर रहेंगे। नवनीत शर्मा, तिलक सोनी, नीतू दमीर, देवीलाल, मदन वर्मा, सुभाष भसीन, चंचला, पवना चौधरी व सुरम सिंह आदि ने भी इस मौके पर उनकी जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके साथ बिताए गए क्षणों को याद किया। अंत में उनके पुत्र वीरेंद्र चौधरी प्रदेश सचिव भाजपा ने सबका श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए धन्यवाद किया।
उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि हिमाचल सरकार द्वारा प्रदेश के सभी 60 वर्ष या इससे अधिक आयु वर्ग के वृद्धजनों को बगैर आय सीमा के दी जाने वाली पैंशन हेतू एक सर्वव्यापक अभियान की शुरूआत की है। इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु शहरी स्थानीय निकायों तथा पंचायतों की भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए धर्मशाला व पालमपुर के नगर निगम के आयुक्त तथा जिला के सभी नगर परिषदों व नगर पंचायतों के कार्यकारी अधिकारियों व जिला के सभी समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित क्षेत्र के पार्षदों, वार्ड सदस्य तथा पंचायत स्तर पर पंचायत सचिवों द्वारा इस बात को सुनिििश्चत किया जाएगा कि उनके क्षेत्र से कोई भी पात्र वरिष्ठ नागरिक सामाजिक सुरक्षा पैंशन से वंचित न रहें। जिला कल्याण अधिकारी कांगड़ा द्वारा अगले एक-दो दिनों में उपरोक्त वर्णित सभी अधिकारियों के कार्यालयों में सामाजिक सुरक्षा पैंशन के पर्याप्त मात्रा में आवेदन पत्र उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। ये आवेदन पत्र, ख्ंाड विकास अधिकारियों के माध्यम से जिला के सभी पंचायत घरों में उपलब्ध करवा दएि जाएंगे। इस संबंध में तहसील कल्याण अधिकारियों को भी निदेश दिए गए हैं। आवदेन पत्र भरने के बाद शीघ्र संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी के कार्यालय में जमा करवाना होगा ताकि आगामी कार्यवाही की जा सके। उपायुक्त ने बताया कि सरकारी सेवा की पैंशन ले रहे वृद्ध दंपति अथवा आयकरदाता वृद्ध दम्पति बिना किसी आय सीमा की शर्त के दी जाने वाली वृद्धावस्था पैंशन प्राप्त करने के हकदार नहीं होंगे। वृद्धावस्था का लाभ केवल उन वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा जिनमें दंपति में से किसी को सरकारी सेवा की पैंशन न मिल रही हो अथवा दंपति में से कोई आयकरदाता न हो ताकि सामाजिक सुरक्षा पैंशन योजना का लाभ जरूरतमंदों को मिल सके। इसके अतिरिक्त बिना किसी आय सीमा के सभी श्रेणियों के पैंशन हेतु पात्र आवेदकों को ग्राम सभा के अनुमोदन की आवश्यकता नहीं होगी।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में कार्यवाहक प्रधानाचार्य नरेंद्र कपिल की अध्यक्षता में पंचायती राज दिवस मनाया गया। इस अवसर पर प्रवक्ता राजनीति शास्त्र सुरेंद्र कुमार ने विद्यर्थियों को पंचायती राज के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत सरकार ने पंचायती राज से संबंधित बलवंत राय की अध्यक्षता में 1957 में एक कमेटी का गठन किया था। इस कमेटी ने अपनी सिफारिश में तीन स्तरीय ढांचे की बात की थी। सबसे पहले राजस्थान के नागौर जिला के बग्धरी गांव में पंचायत की स्थापना 2 अक्तूबर, 1959 को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री ने की थी। भारतीय संसद ने दिसंबर 1992 में 73वां संविधानिक संशोधन पारित किया, जो कि 24 अप्रैल, 1993 को संपूर्ण भारत में लागू हो गया। इस संशोधन से भारतीय संविधान में अनुसूचियों की संख्या 11 हुई। पंचायती राज व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों का सामाजिक और आर्थिक विकास करना तथा केंद्र तथा राज्य सरकारों की योजनाओं को लागू करना है। इस अवसर पर प्रवक्ता अमर सिंह वर्मा, विनोद कुमार, नरेंद्र कुमार, राकेश शर्मा, नरेंद्र लाल, सुमन बट्टू, जय प्रकाश मिश्रा, धर्म दत्त, सुरेंद्र, मुकेश, मदन लाल, विजय, प्रवीण कुमार, अनीता कौंडल, रेणुका, नीलम शुक्ला, अनीता देवी, वीना देवी, किरण बाला, रेखा, जागृति, मंजू, व नीलम कुमारी सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के सभागार में सामुदायिक सलाहकार समिति की त्रैमासिक बैठक का आयोजन अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन के द्वारा किया गया। बैठक की अध्यक्षता अम्बुजा सीमेंट इकाई प्रमुख मनोज श्रीवास्तव ने की। उन्होंने जल प्रबंधन, प्राकृतिक खेती, पशुपालन और सामुदायिक स्वास्थ्य परियोजना, कृषि और दुग्ध व्यवसाय तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को एक प्रारुप की तरह विकसित करने का आह्वान किया और जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया। कार्यक्रम प्रबंधक भूपेंद्र गांधी ने पंचायत प्रमुखों, सामाजिक प्रतिनिधियों, खंड विकास समिति, पशुपालन विभाग के प्रतिनिधि, किसान उत्पादक संघ, स्वयं सहायता समूह के प्रमुख और समिति के सदस्यों, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, ग्राम पंचायत प्रधान कश्लोग, ग्याना, मांगू, दाड़लाघाट ने अपनी अपनी राय और भागीदारी को स्वास्थ्य सुविधाओं का उपयोग, आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से जनभागीदारी, सखियों के माध्यम से गृह मुलाकात, प्राकृतिक जल स्रोतों का संरक्षण और बचाव, पौधरोपण, पानी का संरक्षण, प्राकृतिक जल स्रोतों की पहचान और रखरखाव, महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लोगों को जोड़ने की बात पर बल दिया। एक सर्वजन हिताय प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई कि दाड़लाघाट क्षेत्र में सार्वजनिक पुस्तकालय की स्थापना हो, ताकि विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं में ज्यादा से ज्यादा जुड़े और उनका बौद्धिक विकास हो सकें। उपप्रधान हेमराज ठाकुर ने अपने विचार रखें। हेमराज, मीरा शर्मा, शांता शर्मा व ललित कुमार ने अपना-अपना योगदान दिया। उच्च रक्तचाप और मधुमेह से ग्रसित व्यक्तियों को घर-घर जाकर परामर्श देने और सुरक्षित रहने की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। अजीत कुमार सिंह, योगेश शर्मा, हरिकृष्ण शर्मा, मदन लाल शर्मा, आरती सोनी व दिलीप ने अपने अपने विचार रखें। इस मौके पर अगली कार्ययोजना की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य हीरा कौशल, पंचायत प्रधान रौडी रीना शर्मा, पंचायत प्रधान कोटलू नर्मदा शर्मा, उपप्रधान दाड़ला हेमराज ठाकुर, ललित गौतम, राजेश पूरी, नरेंद्र कुमार, बिमला देवी, वाटरशेड समिति पार्टी बड़ोग अनिल कुमार, केशव वशिष्ठ, रजनी बंसल व सुनीता देवी सहित अन्य उपस्थित रहे।
शिमला नागरिक सभा की टूटू इकाई ने प्रदेश सरकार के शहरी विकास मंत्री द्वारा टूटू में किये उद्घाटन,लोकार्पण,भूमि पूजन व शिलान्यास कार्यक्रमों को हास्यास्पद व चुनावी स्टंट करार दिया है। नागरिक सभा नेता विजेंद्र मेहरा, हेमराज चौधरी, टेक चंद, मलकीयत सिंह, सुरजीत कुमार, दीपक कुमार व संदीप वर्मा ने कहा है कि वर्तमान नगर निगम शिमला को कार्य करते हुए पांच साल पूर्ण हो चुके हैं, परन्तु इस दौरान टूटू में एक भी कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। डेढ़ महीने के भीतर प्रस्तावित नगर निगम चुनावों के मद्देनजर अब प्रदेश सरकार व नगर निगम शिमला कुंभकर्णी नींद से जागे हैं तथा उद्घाटन, भूमि पूजन, शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रमों में लग गए हैं। प्रदेश सरकार व नगर निगम शिमला टूटू में शिलान्यासों व उद्घाटन पट्टिकाओं को स्थापित करने को ही अपने पांच साल की उपलब्धियां मानकर चल रहे हैं। उन्होंने कहा है कि टूटू शिमला शहर के सबसे बड़े कस्बों में से एक है। इसकी हालत दयनीय है व नगर निगम के सौतेले व्यवहार के कारण यह नगर निगम शिमला के सबसे पिछड़े वार्डों में शामिल हो गया है। टूटू में पिछले पांच साल में एक भी पार्किंग व सामुदायिक भवन तक का निर्माण नहीं हो पाया है। पिछले पांच वर्षों में पार्किंग का शिलान्यास दूसरी बार हो गया, परन्तु इसका एक इंच कार्य तक नहीं हुआ है। मजठाई वर्षा शालिका से विजयनगर वर्षा शालिका सड़क को बनते हुए कई वर्ष बीत चुके हैं, परन्तु यह कार्य भी अभी अधूरा है। ऐसी सड़क जिस पर वाहन चल नहीं सकते हैं, उसके भूमि पूजन का क्या मतलब बनता है। टूटू चौक के बिल्कुल नजदीक समरहिल सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के होने के बावजूद नगर निगम शिमला की लचर कार्यप्रणाली के कारण टूटू चौक के अधिकतर भवनों को सीवरेज कनेक्टिविटी सुविधा नहीं मिल पाई है। टूटू में पैदल मार्ग, फुटओवरब्रिज, टूटू चौक, गोबिंद मोहल्ला, लोअर टूटू, टूटू स्कूल क्षेत्र, विजयनगर व बंगाला कॉलोनी में सीवरेज कनेक्टिविटी, रास्तों, स्ट्रीट लाइटों व सड़क किनारे की नालियों के रखरखाव, एम्बुलेंस सड़क के किनारे पैदल मार्ग, भवनों के नियमितीकरण, जलशक्ति विभाग द्वारा कई दिन बाद पानी आपूर्ति आदि समस्याओं के समाधान पर नगर निगम शिमला एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पाया है। वर्तमान नगर निगम को एक महीने में बनने वाले शौचालयों को बनाने में ही पूरे पांच साल लग गए तथा यादगार, लोअर टूटू, विजयनगर के शौचालयों का कार्य आज भी अधूरा है व ये कार्य भी अगले नगर निगम में ही संभव हो पाएंगे। उन्होंने कहा है कि मंत्री महोदय को आखिर इन अधूरे कार्यों को पूर्ण किए बगैर ही उद्घाटन व लोकार्पण की क्या जरूरत पड़ गई। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि वह उद्घाटन कार्यों की बजायइन अधूरे कार्यों को तुरन्त पूर्ण करने की ओर ध्यान दें।
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोहित राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि युवा सेवाएं एवं खेल विभाग कांगड़ा स्थित धर्मशाला द्वारा भारत की आज़ादी के 75 वर्ष के उत्सव ‘‘आजादी के अमृत महोत्सव’’ के उपलक्ष्य में धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश के धावकों के लिए राज्य स्तरीय नकद पुरस्कार पर आधारित ग्रेट हिमालयन/राज्य स्तरीय ओपन मैराथॉन 2021-22 का आयोजन 10 मई को प्रातः 7 बजे खेल परिसर धर्मशाला में किया जा रहा है। यह जानकारी एडीएम ने अपने चैम्बर में हिमालयन दौड़ (ओपन मैराथन) 2022 के सफल आयोजन की तैयारियों के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। एडीएम ने पुलिस विभाग को ट्रैफिक, जल शक्ति विभाग को पानी तथा चिकित्सा विभाग को एम्बुलैंस, डॉक्टर व पर्याप्त मात्रा में दवाईयों की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ओपन मैराथन के प्रचार-प्रसार के लिए चिन्हित स्थानों पर होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पुरूष वर्ग की 21 किलोमीटर की दौड़ के लिए प्रथम 10 पुरस्कार 31 हजार से एक हजार रुपए, महिला वर्ग की 10 किलोमीटर दौड़ के लिए प्रथम 10 पुरस्कार 21 हजार से एक हजार रुपए, अंडर-20 वर्ग के लड़के व लड़कियां की 8 किलोमीटर की दौड़ के लिए प्रथम 10 पुरस्कार 15 हजार से एक हजार रुपए, अंडर-16 वर्ग के लड़के व लड़कियों की 6 किलोमीटर दौड़ के लिए प्रथम 10 पुरस्कार 11 हजार से एक हजार, अंडर-14 वर्ग के लड़के व लड़कियों की 4 किलोमीटर दौड़ के लिए प्रथम 10 पुरस्कार आठ हजार से एक हजार, पुरूष व महिला (30 से 50) वर्ग की तीन किलोमीटर दौड़ के प्रथम 10 पुरस्कार 6 हजार रुपए से एक हजार रुपए, पुरूष व महिला (51 से 60) वर्ग की तीन किलोमीटर दौड़ के प्रथम 10 पुरस्कार 6 हजार से एक हजार तथा वरिष्ठ नागरिक/सभी आयु वर्ग की तीन किलोमीटर दौड़ के प्रथम 10 पुरस्कार 6 हजार से एक हजार की पुरस्कार राशि विजेताओं को दी जाएगी। महत्वपूर्ण दस्तावेज उन्होंने बताया कि मैराथान में भाग लेने वाले प्रतिभागी अपने साथ आयु प्रमाण पत्र की मूल प्रति या सत्यापित फोटो प्रति तथा हिमाचली बोनाफॉइड प्रमाण-पत्र अथवा किसी सरकारी संस्था द्वारा जारी फोटो प्रमाण-पत्र साथ लाएं। पंजीकरण उन्होंने बताया कि ग्रेट हिमालयन रन/राज्य स्तरीय ओपन मैराथॉन 2021-22 हेतू पंजीकरण करने के लिए बेवसाइट पर जाएं तथा लिंक के माध्यम से 05 मई तक ऑनलाइन फार्म भरें। इसके अतिरिक्त प्रतिभागी अपने मूल दस्तावेजों सहित जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी कांगड़ा स्थित धर्मशाला के कार्यालय में 10 मई प्रातः 7 बजे तक पंजीकरण करवा सकते हैं। प्रतिभागियों के लिए जल-पान की व्यवस्था भी खेल कार्यालय द्वारा की जाएगी। इस अवसर पर जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी नरेश पाल गुलेरिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से डॉ. गुरमीत कटोच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
जवाहर नवोदय विद्यालय रिकांगपिओ के प्राचार्य अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जला किन्नौर में सत्र 2022-23 के लिए छठी कक्षा में दाखिले के लिए चयन परीक्षा 30 अप्रैल को प्रात: 11:30 से दोपहर 1:30 बजे तक चलेगी। खंड स्तर पर चयन परीक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पूह, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सांगला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिकांगपिओ व प्रोजेक्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भावानगर में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा देने के लिए अभ्यर्थी को अपना प्रवेशपत्र अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य से सत्यापित कर लाना अनिवार्य है। अभ्यर्थी प्रवेश पत्र जवाहर नवोदय विद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। यदि प्रवेश पत्र डाउनलोड करते समय किसी भी तरह की कठिनाई हो तो अभ्यर्थी जवाहर नवोदय विद्यालय रिकांगपिओ के कार्यालय दूरभाष संख्या 01786-222232 पर संपर्क कर सकते हैं।
लाहुल स्पीति के कोकसर में लापता हुए दोनों पर्यटकों को रेस्क्यू कर लिया गया है। दोनों पर्यटक रविवार सुबह एक टैक्सी के माध्यम से आए थे। फिर कोकसर में यह गाड़ी से उतरकर पैदल ही घूमने निकल गए। काफी समय बीत जाने के बाद जब वापस नहीं आए तो टैक्सी चालक ने प्रशासन को इसकी सूचना दी। काफी देर तक ढूंढने के बाद भी इनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। इन पर्यटकों ने मोबाइल में लोकल सिम डाली हुई थी। इसी के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रेस की गई। रात को जब ट्रेसिंग की गई तो उनकी लोकेशन मनाली के पंचायत भवन में आई। प्रशासन ने संपर्क किया तो दोनों पर्यटकों ने बताया कि जिस जगह पर गाड़ी पार्क की थी उस जगह से पैदल काफी दूर निकल गए थे। वापस आए तो उन्हें वह टैक्सी नहीं मिली। इसके बाद वे लिफ्ट लेकर मनाली पहुंच गए। जिलाधीश नीरज कुमार ने बताया दोनों पर्यटक उत्तर प्रदेश संबंध रखते हंै। यह घूमने निकल गए थे वापस टैक्सी नहीं मिली और अन्य टैक्सी से कोकसर से मनाली चले गए थे। उन्होंने कहा कि मेरा सभी पर्यटकों से अनुरोध ऐसे सुनसान स्थानों पर न जाएं। इसके साथ ही टैक्सी चालक भी पर्यटकों को जागरूक करें।
राजेश कतनाेरिया। जवाली विधानसभा के अधीन राजकीय माध्यमिक पाठशाला ठेहडू में मिड-डे मील वर्कर की नियुक्ति संदेह के घेरे में आ गई है। मिड-डे मील वर्कर की नियुक्ति को लेकर स्कूल इंचार्ज व स्कूल प्रबंधन समिति आमने-सामने आ गए हैं। राजकीय माध्यमिक पाठशाला ठेहडू में 21 मार्च, 2022 में मिड-डे मील वर्कर के लिए आवेदन मांगे थे, जिसके लिए पंचायत व स्कूल के नोटिस बोर्ड पर भी चिपकाया गया था तथा आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मार्च, 2022 रखी गई थी। इसके लिए आरती देवी पत्नी सतीश कुमार निवासी बढिण तथा रीनू देवी पत्नी रमन कुमार निवासी ठेहडू ने आवेदन किया। दोनों ही आवेदकों का 23 अप्रैल को इंटरव्यू हुआ, जिसमें दोनों के अंक बराबर हो गए तथा स्कूल समिति व स्कूल द्वारा स्कूल के पास घर होने यानी दूरी के आधार पर रीनू देवी को सिलेक्ट कर लिया गया।इसके बाद शिकायतकर्ता आरती देवी ने कहा कि आखिरकार किस आधार पर रीनू देवी को नियुक्ति दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कहीं न कहीं स्कूल प्रशासन व स्कूल प्रबंधन समिति की मिलीभगत से रीनू देवी को सिलेक्ट किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझ कर स्कूल द्वारा ऐसा किया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि मैंने 25-26 मार्च को स्कूल में आवेदन किया था तथा जो फाइल जमा करवाई थी, उसमें मात्र पंचायत व पटवारी द्वारा ही वेरिफिकेशन की गई थी, जबकि फार्म ऑनलाइन नहीं हुए थे। स्कूल द्वारा 18 अप्रैल को मुझे फोन से सूचित किया गया कि आपके फार्म ऑनलाइन नहीं हुए हैं, उसी दिनांक को मैंने स्कूल से फाइल ली तथा ऑनलाइन डॉक्यूमेंट बनवाए तथा स्कूल में जमा करवा दिए। अब सवाल यह उठता है कि जब आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित थी, तो फिर स्कूल द्वारा 18 व 19 अप्रैल को बने प्रमाण पत्र कैसे जमा कर लिए, जबकि ऐसा करने की बजाए फाइल को ही रिजेक्ट कर देना चाहिए था। वहीं एक अन्य महिला साहनी देवी पत्नी बलबंत सिंह निवासी ठेहडू ने भी आरोप लगाया है कि मैंने भी स्कूल में मिड-डे मील वर्कर के लिए आवेदन किया था, लेकिन 11 अप्रैल को आवेदन किया था तथा मेरे आवेदन को रिसीव भी किया गया, लेकिन बाद में फाइल काे देरी से जमा करवाने के कारण फाइल को रिजेक्ट कर दिया गया। अगर मैंने लेट आवेदन किया था, तो फिर लेट फार्म बनवाकर जमा करवाने पर आरती देवी के आवेदन को कैसे ले लिया तथा उसका इंटरव्यू कैसे ले लिया गया। इस सारे मामले में कहीं न कहीं मिलीभगत की बू आ रही है। शिकायतकर्ता आरती देवी व साहनी देवी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, शिक्षा मंत्री, डिप्टी डायरेक्टर, बीईईओ जवाली से मांग की है कि इसकी उच्च स्तरीय जांच की जाए, ताकि सच्चाई का पता चल सके। इस बारे में स्कूल इंचार्ज अनु गिल ने बताया कि हमने बिल्कुल सही तरीके से कार्य किया है तथा एसएमसी की सहमति से ही रीनू देवी की बतौर मिड-डे मील सिलेक्शन की है। उन्होंने कहा कि हमारे ऊपर लगाए गए आरोप निराधार हैं। इस बारे में स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष रीनू देवी ने कहा कि किस-किस ने आवेदन किया है, इसके बारे में मुझे जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं तो अभी 3-4 दिन पहले ही चयनित हुई हूं। इस बारे बीपीईओ कार्यालय जवाली के अधीक्षक अजय कुमार ने कहा कि अगर दोनों के अंक बराबर थे, तो सर्वप्रथम नाम के अल्फवेट के आधार पर जिसके नाम का पहला अक्षर पहले आना था, उसकी नियुक्ति होनी चाहिए थी तथा अगर दोनों के नाम के प्रथम अक्षर एक जैसे हैं, तो फिर उम्र को आधार बनाकर जिसकी उम्र ज्यादा होनी थी, उसको नियुक्ति देनी चाहिए थी। स्कूल में दोनों में से किसी भी गाइडलाइन का अनुसरण नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि अगर हमारे पास शिकायत आती है, तो हम इस पर कार्रवाई करेंगे।
उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने रिकांगपिओ आज यहां जिले में सूखे की स्थिति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की। इस दौरान विभिन्न विभागों को निर्देश दिए कि यदि निकट भविष्य में जिले में सूखे की स्थिति बनती है तो इस स्थिति से निपटने के लिए कारगार योजनाएं तैयार की जाएं। उन्होंने जल शक्ति विभाग को सूखे की संभावनाओं को देखते हुए योजना तैयार करने के लिए कहा। इसके साथ ही बंद हैंड पंपों को पुन: करने व नए हैंड पंप लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूखे से निपटने के लिए विभिन्न पेयजल योजनाओं को दूसरी योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने विभाग के सभी पेयजल टैंकों की सफाई सुनिश्चित बनाने तथा क्लोरिनेशन सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला वासियों से अपने निजी पेयजल टैंकों की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित बनाने का आग्रह किया। बैठक में जल शक्ति विभाग को ऐसे स्थानों जहां पर अग्निशमन के वाहन नहीं पहुंच पाते हैं पर पानी के भण्डारण टैंक के निर्माण की संभावनाएं तलाशने तथा रिकांगपिओ, सांगला व भावानगर में फाईर हाईडैंट स्थापित करने के भी निर्देश दिए। उपायुक्त ने वन विभाग को सूखे के कारण जंगलों में लगने वाली आग पर कड़ी नजर रखने के भी निर्देश दिए।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला चंबा, शोषित, वंचित व पिछड़े समाज को अग्रणी पंक्ति में ला खड़ा करने का कार्य यदि किसी ने राजनीतिक दल के रूप में किया है, तो वह एकमात्र राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी है। यह उद्गार आज यहां अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान कार्यकर्त्ताओं को संबाेधित करते हुए नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद एवं भाजपा वरिष्ठ नेता प्रो. सिकंदर कुमार ने कहे। सिकंदर ने कहा कि वो भीमराव अंबेडकर द्वारा दिखाए गए। ऐसे धर्म को मानते हैं, जो स्वतंत्रता, समानता और भाईचारा सिखाता है। उन्होंने कहा कि वो सहर्ष स्वीकार करते हैं कि भाजपा राष्ट्र के सर्वागीण विकास, आपसी भाईचारे और जातियों में समानता के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दृढ़संकल्प के साथ गत आठ वर्षों से जुटी हुई है। उन्होंने बताया कि आज चाहे हिमाचल में जयराम सरकार हो या केंद्र में मोदी सरकार दोनो ही सरकारों की योजनाएं गरीब, पिछड़े व शोषित समाज को आर्थिक व सामाजिक रूप से संबल बनाने के लिए बनाई गई है। उन्होंने बताया कि एभी तक लगभग दो दर्जन ऐसी योजनाओं को लागू किया गया है। सिकंदर ने कहा कि भाजपा एक ऐसा राजनीतिक दल है, जो सरकार व संगठन में हमारे समाज को उचित अधिमान देता है। साथ ही भाजपा ने अनुसूचित जाति समाज को वोट बैंक न मानकर एक समान आगे बढ़ने के अवसरों का भी सृजन किया और आज इसी का परिणाम है कि तत्कालीन अनुसूचित जाति का व्यक्ति आज भारत गणराज्य के सर्वोत्तम संवैंधानिक पद पर आसीन है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसा राजनीतिक दल है, जिसमें कोई भी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, सांसद व विधायक बन सकता है, जबकि दूसरी ओर कांग्रेस एक ऐसा राजनीतिक दल है, जिसमें सिर्फ परिवारवाद से जनित व्यक्ति ही आगे बढ़ता है। कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों ने हमारे समाज को केवल वोट बैंक को तरह देखा है और इस्तेमाल किया है। उन्होंने बल देकर उपस्थित कार्यकर्त्ताओं को आग्रह किया कि अधिक से अधिक संख्या में अनुसूचित समाज के लोगों को भाजपा की रीति, नीति से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में अपना समग्र योगदान करें। बैठक पश्चात कार्यकर्त्ता मिलन कार्यक्रम के तहत प्रो. सिकंदर कुमार ने एक कार्यकर्ता के घर जाकर भोजन किया व कुशलक्षेम जाना। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा प्रदेश सचिव तिलक राज भाजपा जिला अध्यक्ष जसबीर इत्यादि उपस्थित रहे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला स्वाभिमान पार्टी धर्मशाला विधान सभा क्षेत्र के कोर ग्रुप की बैठक फूड प्लाजा में सम्पन्न हुई। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलदेव राज सूद तथा प्रदेश मंत्री डॉ. स्वरूप सिंह राणा तथा प्रदेश संगठन प्रभारी मदन राणा उपस्थित रहे। बैठक में धर्मशाला विधान क्षेत्र में पार्टी का संगठन चुस्त-दुरुस्त करने की योजना बनाई गई। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलदेव राज सूद ने कहा कि प्रदेश की जनता का भाजपा-कांग्रेस से मोह भंग हो गया है। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान पार्टी सत्ता का विकेंद्रीकरण करते हुए ग्राम सभाओं को सत्ता में भागीदारी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा प्रदेश की जनता कमरतोड़ मंहगाई, बेरोजगारी तथा हर क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार से त्रस्त है। प्रदेश मंत्री डॉ. स्वरूप राणा ने कहा कि पार्टी प्रदेश में तीसरे विकल्प के रूप उभर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी 2022 के चुनाव में ठीक-ठाक भूमिका निभाएगी। हमारा कार्य 30 विधानसभा क्षेत्रों मे ठीक चल रहा है तथा अन्यों में सतत संपर्क बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश राजस्व विभाग में 75 वर्षों की आजादी के वाद भी उर्दू तथा फारसी भाषा चल रही है। डॉ. स्वरूप सिंह राणा ने कहा स्वाभिमान पार्टी सता में आने पर राजस्व का समस्त कार्य हिन्दी में करेगी। बैठक में गौतम धीमान को धर्मशाला मंडल अध्यक्ष मनोनीत किया गया। बैठक में अतुल भारद्वाज एडवोकेट, समाज सेवी शरणदास शर्मा, रणवीर सिंह वर्मा व मनी कुमार ने भाग लिया।धर्मशाला की अगली बैठक मई के दूसरे सप्ताह में होगी।
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी धर्मशाला राधा सूद ने जानकारी देते हुए बताया कि उपमंडल कांगड़ा व खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी धर्मशाला के अधीनस्थ राजकीय प्राथमिक पाठशाला भडवाल तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला कोहाला में पार्ट टाईम मल्टी टास्क वर्कर के रिक्त पद भरे जाने हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक पात्र उम्मीदवार 27 अप्रैल, 2022 को सांय 5 बजे तक खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी धर्मशाला के कार्यालय में अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं, जिनकी छंटनी उपमंडल अधिकारी (नागरिक) कांगड़ा की अध्यक्षता में खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी धर्मशाला के कार्यालय में 12 मई, 2022 को की जाएगी। आवेदकों द्वारा प्रार्थना पत्र पर आवेदित पाठशाला का नाम अंकित करना अनिवार्य है। पार्ट टाईम मल्टी टास्क वर्कर के पद हेतू पात्रता प्रार्थी भारत का नागरिक हो। वह पागल व दिवालिया घोषित न किया गया हो, प्रार्थी की आयु सरकारी नियमों के अनुसार होनी चाहिए। उपरोक्त पद 38 मूल्याकंन से भरा जाएगा। उन अभ्यार्थियों को वरियता/प्राथमिकता दी जाएगी, जिनके परिवार का कोई भी सदस्य सरकारी सेवा में न हो, आवेदक द्वारा संबंधित ग्राम पंचायत/वार्ड संख्या का उल्लेख अनिवार्य है। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष नंबर 01892-223805 पर संपर्क किया जा सकता है।
उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने केंद्रीय सड़क परिवहन और हाईवे मंत्रालय लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, वन विकास निगम, विभिन्न बैंकों और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को हमीरपुर-अवाहदेवी नेशनल हाईवे के कार्य से संबंधित सभी औपचारिकताएं अतिशीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने बताया कि हमीरपुर-अवाहदेवी-मंडी नेशनल हाईवे का कार्य जल्द ही शुरू किया जाना है। इस नेशनल हाईवे का लगभग 19 किलोमीटर हिस्सा जिला हमीरपुर के अंतर्गत आता है। उपायुक्त ने बताया कि इस हाईवे से प्रभावित होने वाले जिला हमीरपुर के लगभग 75 प्रतिशत लोगों को मुआवजा राशि भी दे दी गई है। अन्य लोगों को भी मुआवजा राशि आवंटित करने के लिए संबंधित एसडीएम, राजस्व विभाग, हाईवे मंत्रालय और बैंकों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। अगर किसी व्यक्ति की जमीन बैंक के पास गिरवी है या उसने बैंक से ऋण ले रखा है तो संबंधित बैंक इस संबंध में तुरंत एनओसी जारी करें, ताकि ऐसे लोगों के खातों में भी तुरंत धनराशि हस्तांतरित की जा सके। अदालतों में लंबित मुआवजे के मामलों का भी जल्द निपटारा करवाएं। हाईवे की जद में आ रहे भवनों और अवैध निर्माणों को हटाने के लिए त्वरित कदम उठाएं। उपायुक्त ने कहा कि हमीरपुर से अवाहदेवी तक लगभग 852 पेड़ों को हटाने के लिए वन विकास निगम के अधिकारी नियमानुसार कार्रवाई करें। इसमें अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। बैठक में हाईवे से संबंधित कई अन्य मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर भोरंज के एसडीएम एवं सक्षम प्राधिकारी (भू-अर्जन) राकेश शर्मा ने इन मुद्दों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक में एडीएम जितेंद्र सांजटा, एसडीएम हमीरपुर डॉ. चिरंजी लाल चौहान, जिला न्यायवादी कपिल देव शर्मा, केंद्रीय सडक़ परिवहन और हाईवे मंत्रालय के परियोजना निदेशक अमित चौबे, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक एसके सिन्हा, वन विकास निगम के मंडल प्रबंधक डॉ. जगदीश गौतम और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन ओल्ड ऐज हेल्पलाईन सोसायटी सोलन वर्ष 2003 में अपनी स्थापना के समय से ही समाज सेवा के कार्यों को नए आयाम दे रही है। सोसायटी के सभी सदस्य आपसी समन्वय के साथ समाज सेवा के कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं। यह जानकारी सोसायटी के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह कंवर ने सोसायटी के 21वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में दी। शैलेंद्र सिंह कंवर ने कहा कि गत 21 वर्षों में सोसायटी ने अपने सभी सदस्यों की एकजुटता, समन्वय और सहायता के साथ समाज सेवा कार्यों को बरकरार रखा है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के समय में भी सोसायटी ने विभिन्न स्तरों पर जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता के लिए निरंतर प्रयास किया। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग से सोसायटी भविष्य में भी सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़ कर भाग लेती रहेगी। उन्होंने इस अवसर पर गत वर्षों में सोसायटी द्वारा किए गए विभिन्न कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सोलन तथा आस-पास के क्षेत्रों के लगभग 150 वरिष्ठ नागरिक सोसायटी के सदस्य हैं। उन्होंने निरंतर सक्रिय योगदान के लिए सोसायटी के सभी सदस्यों को बधाई दी और आशा जताई कि भविष्य में सोसायटी अपने कार्यों को और विस्तार करेगी। इस अवसर पर सोसायटी के 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सदस्यों को सम्मानित किया गया। सोसायटी ने अपने वरिष्ठतम सदस्यों यूएन खोसला, पीएल अवस्थी, एससी तिवारी, एसके नैयर, एके धर, डॉ. वीके राय और एचएल शांडिल को सम्मानित किया। सोसायटी के वरिष्ठ सदस्य 91 वर्षीय शिव सिंह चौहान द्वारा श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। 21वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोसायटी के द्विवार्षिक चुनाव भी संपन्न करवाए गए। शैलेंद्र सिंह कंवर को अध्यक्ष, कमलेश ओवराय को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रमेश कुमार तथा यादविंद्र सिंह चौहान को उपाध्यक्ष, वीएल कोरोला को सचिव, बलवीर सिंह ठाकुर को संयुक्त सचिव और एसआर गर्ग को कोषाध्यक्ष चुना गया। चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुए। 21वें स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता 92 वर्षीय वरिष्ठ सदस्य श्रीमती सूर्य सावित्री नाथ ने की।
उपमंडल बंजार में स्थित उप डाकघर के प्रांगण में डाककर्मियों ने योग शिविर लगाया। ज्ञात रहे कि 21 जून विश्व योग दिवस मनाया जा रहा है। इसी संदर्भ में कर्मचारियों ने अभ्यास शिविर लगाया। यह शिविर बंजार उप डाकपाल नोक सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में करवाया गया। इस शिविर में मुलाजिमों ने परिवार सहित हिस्सा लिया। इस दौरान स्थानीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शशिकिरण ने योग के टिप्स दिए। वहीं इस दौरान नगर पंचायत बंजार के पूर्व अध्यक्ष कुंजलाल राणा ने शिरकत की। वहीं उप डाकपाल लोक सिंह ने बताया कि पूरे देश में करीब 50,000 डाक शाखाओं में सभी डाक कर्मी ऑनलाइन के माध्यम दिल्ली से योग का अभ्यास किया है।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट ग्राम पंचायत दाड़लाघाट तथा हनुमान बड़ोग में भारतीय स्टेट बैंक के सौजन्य से किसानों के लिए "किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी " पखवाड़ा समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता दाड़ला पंचायत प्रधान बंसी राम तथा हनुमान बड़ोग में प्रधान प्रेम चोपड़ा ने की। भारतीय स्टेट बैंक से दाड़ला पंचायत में सहायक प्रबंधक शिवानी तथा हनुमान बड़ोग में बैंक मैनेजर गोवर्धन शर्मा ने किसानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजनाओं से अवगत करवाया और उन्हें जागरूक भी किया गया कि उन योजनाओं का लाभ किसान कैसे उठा सकते हैं। किसानों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। जैसे किसान क्रेडिट कार्ड का प्रयोग तथा उस से होने वाले लाभ, पशु चिकित्सालय के माध्यम से गोपालकों को मिलने वाले ऋण संबंधी जानकारी, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना की संपूर्ण जानकारी, किसी भी व्यक्ति की दुर्घटना हो जाने पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना के बारे विस्तृत जानकारी तथा रुपया एटीएम कार्ड के बारे में भी किसानों को संपूर्ण जानकारी दी गई। किसानों ने इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम से उन्हें सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं की उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई। प्रबंधक गोवर्धन शर्मा ने कहा कि यह पखवाड़ा 24 अप्रैल से पहली मई तक चलेगा।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शाहपुर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी ने आज शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के भलेड़ में छिंज मेले में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करने के उपरांत कहा कि मेले और त्यौहार हमें अपने पूर्वजों से विरासत में मिले हैं जिनका आयोजन पीढ़ी दर पीढ़ी चलता रहता है और हमें अपनी इन मूल्यवान विरासतों को संजोए रखना जरूरी है। उन्होंने मेला कमेटी को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सदस्यों की कड़ी मेहनत और स्थानीय लोगों के सहयोग से इन मेलों का सफलतापूर्वक आयोजन सुनिश्चित हुआ है। मेले के दौरान होने वाली छिंज को देखने के लिए लोग बहुत दूर-दूर से आते हैं। सरवीन चौधरी ने कहा कि मेले हमारे समाज को जोड़ने तथा हमारी संस्कृति और परंपरा को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। यह उत्पादकों और खरीददारों के लिए बाजार भी उपलब्ध कराते है। खाने-पीने से लेकर मौज-मस्ती की सभी चीजें मेले को आकर्षक बनाती हैं। उन्होंने कहा कि मेले को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए छिंज के अलावा महिलाओं के लिए रस्साकशी, कुर्सी दौड़ तथा बच्चों के लिए जलेबी रेस जैसी कुछ प्रतियोगिताओं का भी आयोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक संख्या में महिलाओं तथा बच्चों की सहभागिता भी मेलों में सुनिश्चित हो सके। मेला कमेटी के अध्यक्ष ने मुख्यातिथि का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने उन्होंने छिंज में विजेता रहे प्रतिभागियों को सम्मानित किया। सरवीन चौधरी ने छिंज मेला मैदान की सीढ़ियों के लिए 2.50 लाख रुपए तथा मेला कमेटी को 27 हजार रुपए देने की घोषणा की। सरवीन ने सुनी जनसमस्याएं इसके उपरांत सरवीन चौधरी ने भलेड़ में लोगों की समस्याओं को सुना। अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया तथा शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर घरोह के प्रधान तिलक राज शर्मा व राकेश मनु सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज राजभवन में सेंट बीड्स कॉलेज शिमला की बहु-विषयक पत्रिका जर्नल ऑफ रिसर्च द बीड एथेनियम के 13वें संस्करण का विमोचन किया, जो सेंट बीड्स शिक्षा समिति का आधिकारिक प्रकाशन है। शिक्षा के क्षेत्र में सेंट बीड्स कॉलेज के योगदान की सराहना करते हुए राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि शिमला का अपना शैक्षणिक इतिहास है और इस संस्थान का इसमें महत्वपूर्ण योगदान है। आमतौर पर विश्वविद्यालय स्तर पर शोध कार्य होता है, लेकिन यह संतोष की बात है कि यह कार्य कॉलेज स्तर पर हो रहा है और इसे पत्रिका के माध्यम से प्रकाशित भी किया जा रहा है। उन्होंने पत्रिका के संपादकीय और सलाहकार बोर्ड के सभी सदस्यों को उनके प्रयासों के लिए बधाई दी। इस अवसर पर सेंट बीड्स कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मौली अब्राहम और पत्रिका की प्रधान संपादक ने कहा कि इसमें विभिन्न विषयों के शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं से लेख आमंत्रित किए गए थे और पत्रिका के सभी शोध लेखों की स्वतंत्र रूप से समीक्षा की गई है। पत्रिका की प्रबंध संपादक और सेंट बीड्स कॉलेज के भौतिकी विभाग की एसोसिएट प्रो. डॉ. सपना शर्मा ने पत्रिका के विमोचन के लिए राज्यपाल का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पत्रिका के संपादक मंडल के सदस्य भी उपस्थित थे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला अधीक्षक डाकघर धर्मशाला मंडल सुरेंद्र पाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय खेल प्राधिकरण स्टेडियम, धर्मशाला में योगा पूर्वाभ्यास के रूप में विशेष कार्यक्रम के दौरान योग क्रियाओं तथा योग की महत्ता के संबंध में कार्यशाला का आयोजन किया गया। योग दिवस के पूर्वाभ्यास के लिए प्रातः 7.30 बजे से 8.30 बजे तक धर्मशाला डाक मंडल के सभी कार्यालयों में कार्यरत सभी कर्मचारियों द्वारा आनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों तरह से दिल्ली से आयोजित हुए मुख्य कार्यक्रम में भाग लिया गया। इस आयोजित योग कार्यशाला का उद्घाटन ऑनलाइन माध्यम से अश्वनी वैष्णव, संचार, रेलवे, इलेक्ट्रानिक्स और सूचना प्राद्योगिकी मंत्री, भारत सरकार तथा देवु सिंह चौहान, संचार राज्य मंत्री, भारत सरकार द्वारा दिल्ली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से किया गया। धर्मशाला डाक मंडल के सभी कार्यालयों तथा भारतीय खेल प्राधिकरण स्टेडियम, धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित सभी कर्मचारियों तथा समाज के गणमान्य व्यक्तियों को सीधे रूप से दिल्ली से प्रसारित हुए इस विशेष कार्यक्रम के साथ जोड़ा गया। इस दौरान विशेष रूप से आमंत्रित योग प्रशिक्षक श्री राजिंद्र द्वारा कार्यशाला में उपस्थित लोगों को योग की महता तथा योग क्रियाओं के बारे में मूलभूत जानकारी दी गई। इस पूरे आयोजन के बारे में अधिक जानकारी देते हुए धर्मशाला डाक मंडल के अधीक्षक सुरिंद्र पाल शर्मा द्वारा बताया गया कि वर्तमान में योग का महत्व प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में काफी अधिक बढ़ गया है। योग से जुड़कर प्रत्येक व्यक्ति अपने आप को शारीरिक तथा मानसिक रूप से निरोगी तथा बलवान बना सकता है। धर्मशाला डाक मंडल के 368 कार्यालय में कार्यरत लगभग 998 कर्मचारियों द्वारा इस कार्यशाला में भाग लिया गया। कार्यशाला के दौरान अश्वनी वैष्णव, संचार, रेलवे, इलैक्ट्रॉनिक्स और सुचना प्रोद्याैगिकी मंत्री, भारत सरकार द्वारा ऑनलाइन माध्यम से जुड़े लोगो से सीधा संवाद भी किया गया।कार्यक्रम के अंत में डाक अधीक्षक सुरिंद्र पाल शर्मा द्वारा कार्यशाला में उपस्थित सभी लोगों तथा गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद किया गया तथा जानकारी दी गई कि 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस के दौरान भी डाक विभाग द्वारा इसी उत्साह तथा उमंग के साथ योग प्रसार व प्रचार के लिए कार्य किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने हर वर्ग का ख्याल रखा है। यह बात पूर्व सीएम प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने सुजानपुर की पुरली पंचायत में कही। वह कामगार कल्याण बोर्ड कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे हुए थे। उन्होंने कहा कि मजदूरों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन पर कामगार कल्याण बोर्ड पूरे देश में काम कर रहा है और मनरेगा मजदूर को एक सैनिक की तर्ज पर सुविधाएं देने का काम किया जा रहा है। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री ने मनरेगा मजदूर परिवारों को कल्याण बोर्ड के अंतर्गत दी जाने वाली आवश्यक वस्तुओं को देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ अभियान को भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2009 में जब वह मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने इस योजना को बेटी है अनमोल के नाम से शुरू किया था हमें इस बात का गर्व होना चाहिए कि हिमाचल की कई योजनाओं को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश में लागू किया। प्रदेश को पॉलिथीन मुक्त बनाने की पहल हमने की थी और इस पहल को पूरे देश में लागू किया गया। उन्होंने कहा कि जिस समय प्रदेश को पॉलिथीन मुक्त किया गया था तो पूरे देश में हिमाचल प्रदेश पहला ऐसा राज्य था, जहां इसकी पहल की गई थी लेकिन अफसोस एक बार फिर से पॉलिथीन का प्रचलन लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन इस्तेमाल न करें।
राजकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय सायरी घाट के आसपास के जंगलों में भीषण आग लगी हुई है। आग ने पाठशाला को चारों ओर से घेर लिया था। इस आग पर छात्रों और अध्यापकों ने मिल कर काबू पाया। छात्रों और अध्यापकों के सफल प्रयासों पर पाठशाला को बाल-बाल बचा लिया गया।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज नई दिल्ली स्थित हिमाचल भवन में प्रदेश मीडिया केंद्र का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मीडिया कर्मियों के साथ नियमित संवाद को एक प्रभावी मंच प्रदान करने के लिए यह मीडिया केंद्र स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस सेंटर का निर्माण 16.5 लाख रुपए की लागत से किया गया है और यहां पत्रकारों को मूलभूत सुविधाएं तथा कार्यस्थल की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। इस अवसर पर राष्ट्रीय मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सामाजिक कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की है तथा पिछली सरकार के 400 करोड़ रुपए तुलना में इस पर 1300 करोड़ व्यय किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वृद्धजनों को अधिक संख्या में लाभान्वित करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा वृद्धावस्था पेंशन की आयु सीमा 70 वर्ष से घटाकर 60 वर्ष किया गया है। प्रदेश में 6,35,375 व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 20 लाख लोगांे को लाभान्वित किया जा रहा है, जबकि इस योजना से छूटे पात्र लाभार्थियों कोे मुख्यमंत्री हिमकेयर योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 2.40 लाख लोगों ने निःशुल्क उपचार सुविधा का लाभ उठाया है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी घरों को गैस कनैक्शन प्रदान करने वाला हिमाचल देश का पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि लगभग एक लाख लोगों को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत लाया गया है तथा प्रदेश सरकार ने शेष व्यक्तियों को कवर करने के लिए मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना शुरू की है, जिसके अंतर्गत 3.25 लाख गैस कनैक्शन प्रदान किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार द्वारा समाज के सभी वर्गों लाभान्वित करने के लिए शुरू की गई अभिनव योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री सहारा योजना, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना व मुख्यमंत्री शगुन योजना इत्यादि के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान करने के लिए जन मंच शुरू किया गया है। हर माह हर जिला में मंत्रियों की उपस्थिति में जन मंच का आयोजन किया जाता है और लोगों की शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जाता है। जन शिकायतों के समाधान के लिए मुख्यमंत्री सेवा हेल्पलाइन-1100 भी एक और प्रभावी मंच है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के लिए राज्य निजी निवेश को आकर्षित करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और दो ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के परिणामस्वरूप 41000 करोड़ का निवेश आया है। मुख्यमंत्री ने कोविड प्रबंधन के लिए किए गए प्रभावी उपायों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य कोविड टीकाकरण की पहली और दूसरी खुराक लगाने वाला देश में पहला राज्य है। हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, प्रधान अवासीय आयुक्त एसके सिंगला, निदेशक पर्यटन अजित कश्यप, निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क हरबंस सिंह ब्रसकोन सहित अन्य इस अवसर पर उपस्थित थे।
नरेंद्र डाेगरा। जयसिंहपुर राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पूरे भारतवर्ष में ग्रामसभा का आयोजन रविवार को किया गया। इसमें आजादी के बाद पंचायती राज स्थापित करने की क्यों जरूरत पड़ी यह ग्राम सभा के द्वारा लोगों को बताया गया। विकास खंड लंबागांव की ग्राम पंचायत लोअर लंबागांव में भी इस उपलक्ष्य पर रविवार को ग्राम सभा का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता ग्राम पंचायत प्रधान सुमन मैहरा ने की। इसमें सभी ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस ग्रामसभा में किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी भी ग्राम सभा में आए और जिन किसानों को किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत फायदा नहीं मिल रहा है, उन किसानों को भी इस योजना के बारे में बताया गया था कि वह किसान भी इस योजना का लाभ उठा सकें, जो अब तक इससे वंचित रह गए हैं। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के प्रधान सुमन मैहरा, उपप्रधान हरि दास, बीडीसी सदस्य अनिता सूद व पंचायत सदस्य के साथ ग्रामीण भी मौजूद रहे।
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कसौली निर्वाचन क्षेत्र के समीकरण बदल चुके है । दरअसल लंबे अरसे तक भाजपा में विभिन्न दायित्व संभाल चुके हरमेल धीमान अब आम आदमी पार्टी में शामिल हो चुके है। हरमेल धीमान जाने - माने समाजसेवी है और कई वर्षों के जमीनी स्तर पर काम कर रहे है। हरमेल भाजपा में भी टिकट के दावेदार थे और जानकार ये तय मान रहे है कि आगामी चुनाव में वे आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार होंगे। उनके साथ उनके काफी समर्थक भी अब आप में शामिल हो रहे है। पर दिलचस्प बात ये है कि बीते दिनों कई कांग्रेसी विचारधारा के लोग भी आप में शामिल हुए है। इनमे युवा इंटक के नेता भी शामिल है। वहीँ माना जा रहा है कि आगामी दिनों में भाजपा -कांग्रेस से और कई लोग आप का दामन थाम सकते है। यानी दोनों पार्टियों से खफा असंतुष्ट नेता - कार्यकर्ताओं का मेल हरमेल के साथ मुमकिन है। इनके साथ आने का कितना लाभ आप और हरमेल को मिलता है, ये देखना रोचक होने वाला है। बहरहाल ये तय है कि कसौली में इस बार मुकाबला आमने -सामने का नहीं बल्कि त्रिकोणीय होने जा रहा है। कसौली वीआईपी निर्वाचन क्षेत्र है क्यों कि यहाँ से प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ राजीव सैजल विधायक है। डॉ सैजल पिछले दो चुनाव हारते- हारते बचे है और लाज़मी है कि अब मंत्री होने के चलते क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाएं भी उनसे बढ़ी है। ऐसे में ये बदले समीकरण उनकी परेशानी में इजाफा कर सकते है। वहीँ पिछले दो चुनाव में डॉ सैजल को कड़ी टक्कर देने वाले विनोद सुलतानपुरी इस बार प्रो एक्टिव जरूर है लेकिन क्या वे इस बार भीतरघात साध पाते है या नहीं, ये देखना भी रोचक होगा। फिलवक्त हरमेल धीमान लाइम लाइट में है। उनका चुनाव लड़ना भी तय है और जिस आक्रमकता के साथ वे मैदान में उतर चुके है वो डॉ सैजल और सुल्तानपुरी दोनों के लिए खतरे की घंटी है। दोनों नेताओं को ये जहन में रखना होगा कि हरमेल के साथ न सिर्फ आप के समर्थक होंगे बल्कि दोनों तरफ के असंतुष्ट भी उन्हें मजबूत कर सकते है। बहरहाल चुनाव में काफी वक्त है और हर दिन नए समीकरण बनते बिगड़ते रहेंगे।
भारतमाला परियोजना के अन्तर्गत विकसित किए जाने वाले 11 औद्योगिक कॉरीडोर के 32 नोड में हिमाचल प्रदेश के बद्दी-बरोटीबाला-नालागढ़ नोड को शामिल किया गया है। इसके लिए सीएम जयराम ठाकुर ने केंद्र सरकार का धन्यवाद किया है। वहीं उन्होंने इससे संबंधित गतिविधियों को गति प्रदान करने के लिए एनआईसीडीसी के प्रयासों की भी सराहना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना उद्योगों को संभारतंत्र (लॉजिस्टिकस) उपलब्ध करवाने, भविष्य के औद्योगिक नगर और राज्य में औद्योगिक विकास को और प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए सहायक सिद्ध होगी। इससे रोजगार के साधन सृजित होंगे। वहीं प्रदेश का आर्थिक विकास भी होगा। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को मूर्तरूप प्रदान करने के लिए केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के समक्ष प्रभावी ढंग से मामला उठाया था और अमृतसर कोलकाता औद्योगिक कॉरीडोर से इसे जोडऩे से न केवल विनिर्माण क्षेत्र बल्कि कृषि क्षेत्र को भी होने वाले सीधे लाभ से उन्हें अवगत करवाया था। इसी कड़ी में राज्य सरकार के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज निदेशक उद्योग राकेश प्रजापति के नेतृत्व में नई दिल्ली में राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरीडोर विकास निगम सीमित (एनआईसीडीसी) के कार्यालय में आयोजित हितधारकों एवं परामर्शदाता संघों की बैठक में भाग लिया। इसमें एनआईसीडीसी के वरिष्ठ अधिकारी और एलएंडटी, पीडब्ल्यूसी और निप्पॉन-कोई की ओर से परामर्शदाता भी शामिल थे। यह बैठक मुख्य तौर पर अमृतसर कोलकाता औद्योगिक कॉरीडोर के तहत बद्दी-बरोटीबाला-नालागढ़ (बीबीएन) नोड के लिए परियोजना विकास गतिविधियों के संबंध में चुनिंदा परामर्शदाता संघों के साथ आयोजित की गई। इसी माह के प्रारम्भ में एलएंडटी के नेतृत्व वाले संघ को बीबीएन नोड की मास्टर प्लानिंग और प्रारम्भिक इंजीनियरिंग संबंधी परामर्श के लिए चयनित किया गया है। राज्य सरकार की ओर से निदेशक उद्योग ने बैठक में जानकारी दी कि बीबीएन क्षेत्र में औद्योगिक नोड के विकास के लिए 4000 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि उपलब्ध है। इस भूमि का स्टेट ऑफ आर्ट एकीकृत औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने और बेहतर आवासीय एवं सामाजिक अधोसंरचना की स्थापना में उपयोग किया जा सकता है। निदेशक उद्योग राकेश प्रजापति ने यह भी अवगत करवाया कि एनआईसीडीसी द्वारा अनुबंधित पेशेवर 26 अप्रैल से अपना कार्य प्रारम्भ कर देंगे और जून माह तक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर ली जाएगी। राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरीडोर विकास निगम सीमित की समीक्षा बैठक में देश में भविष्य के औद्योगिक नगरों की स्थापना और विश्व स्तरीय विनिर्माण सुविधाओं को प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरीडोर कार्यक्रम (एनआईसीपी) अपनाने पर सहमति बनी। इस कार्यक्रम का वृहद उद्देश्य विभिन्न सेक्टर में अगली पीढ़ी की तकनीकों के उपयोग से विश्व स्तरीय विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने के लिए आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है ताकि विश्व के उत्कृष्ट विनिर्माण और निवेश केन्द्रों से मुकाबला किया जा सके। यह परियोजना प्रदेश सरकार के सहयोग से संचालित की जा रही है और इसमें राज्य सरकार अपने परियोजना भागांश के रूप में भूमि उपलब्ध करवाएगी और नोड के विकास के लिए शेष व्यय केन्द्र सरकार वहन करेगी, जोकि राज्य द्वारा उपलब्ध करवाई गई भूमि की कीमत के बराबर होगा। नोड को विकसित करने के लिए राज्य एवं केंद्र सरकार संयुक्त रूप से कार्य करेगी। इस परियोजना की अधिकतम लागत 3000 करोड़ रुपए होगी। इसके अतिरिक्त, वॉएबल गैप फंडिंग के अन्तर्गत राज्य को 10 वर्षों के लिए ब्याजमुक्त ऋण का भी प्रावधान है।


















































