हिमाचल में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर अब प्रदेश से बाहर के लोगों को आसानी से नौकरी नहीं मिल सकेगी। गुरुवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक में इन श्रेणी के भर्ती नियमों को कड़ा करने का फैसला लिया गया है। प्रदेश में अब तृतीय श्रेणी के पदों के लिए 10वीं-12वीं और चतुर्थ श्रेणी के लिए आठवीं और 10वीं की परीक्षा हिमाचल के स्कूलों से पास करना जरूरी होगा। ये शर्तें हिमाचल के मूल निवासियों पर लागू नहीं होंगी। वहीं जिन भर्तियों की प्रक्रिया शुरू या पूरी हो चुकी है, उन्हें छोड़कर अब नई भर्तियों को संशोधित भर्ती नियमों के तहत ही किया जाएगा। बता दें कि जयराम सरकार में प्रदेश सचिवालय में विभिन्न पदों पर भर्तियां हुईं, इनमें बिहार और झारखंड तक के अभ्यर्थी चयनित हो गए।
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पांचवीं व आठवीं के छात्र अब फेल होंगे। सरकार ने पांचवीं-आठवीं दोनों कक्षाओं के लिए डिटेंशन पॉलिसी लागू कर दी है। खास बात यह है कि प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड पांचवीं व आठवीं कक्षा के प्रश्नपत्र तैयार करेगा। सरकार ने आरटीआई के नियमों को ध्यान में रखते हुए फैसला लिया है कि बोर्ड दोनों कक्षाओं के लिए प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाएं ही उपलब्ध करवाएगा। इसके अलावा परीक्षाओं को करवाने की पूरी जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन व उपनिदेशकों की होगी। अब पांचवीं व आठवीं के छात्रों को पास होने के लिए 33 प्रतिशत अंक लेना भी अनिवार्य किया गया है, अगर इससे कम नंबर लिए, तो ऐसे में छात्रों को फेल किया जाएगा। गुरुवार को प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में यह ऐतिहासिक फैसला लिया गया। हालांकि सरकार ने डिटेंशन पॉलिसी भले ही लागू की है, पर बोर्ड इन छात्रों की परीक्षाओं को चैक नहीं कर पाएंगे। सरकार ने यह जिम्मेदारी शिक्षा विभाग के ऊपर ही डाली है। सरकार ने फैसला लिया है कि पांचवीं व आठवीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए छात्रों को दूसरे स्कूल में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। छात्र उसी स्कूल में परीक्षा देंगे, जहां पर वह पड़ते हैं। इसके अलावा इन दोनों कक्षाओं के छात्रों के पेपर दूसरे स्कूल के शिक्षक चैक करेंगे। बता दें कि प्रदेश सरकार शैक्षणिक सत्र 2019-20 से नो डिटेंशन पॉलिसी को समाप्त करने की तैयारी काफी समय से कर रही थी। प्रदेश सरकार इस संदर्भ में केंद्र सरकार से आदेश जारी होने का इंतजार कर रही थी। केंद्र से मंजूरी मिलने के बाद शुक्रवार को सरकार ने कैबिनेट ने इस फैसले को मंजूर कर दिया। गौर हो कि राज्यसभा ने आठवीं तक फेल नहीं करने की नीति में संशोधन वाले विधेयक को काफी समय पहले मंजूरी दे दी थी। सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए काफी समय से यह मांग की जा रही थी, कि पांचवीं व आठवीं के छात्रों को फेल किया जाएगा।
पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की हालत में सुधार पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की तबीयत में अब सुधार है। गुरुवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आईजीएमसी पहुंचकर वीरभद्र सिंह का कुशलक्षेम जाना। हालांकि अभी उन्हें आईजीएमसी से डिस्चार्ज नहीं किया गया है, लेकिन डॉक्टर्स टीम का कहना है कि कुछ जरूरी टेस्ट किए गए हैं। रिपोर्ट ठीक आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। डॉक्टरों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री के खून संबंधित कुछ टेस्ट गुरुवार को लिए गए थे, जिसमें कई ठीक पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि सांस की तकलीफ के कारण उन्हें बुधवार को अस्पताल लाया गया था, जिसके बाद उन्हें भर्ती कर दिया गया।
डिपुओं की मशीने खराब ,उपभोक्ता हुए परेशान प्रदेश में राशन डिपुओं की मशीनें फिर हांफ गई हैं। पिछले माह भी ये शिकायतें खाद्य आपूर्ति विभाग से की गई थीं, लेकिन अब फिर मशीनों में दिक्कत आ गई है। इससे कई जिलों के उपभोक्ताओं को समय पर राशन नहीं मिल रहा है। इसके चलते खाद्य आपूर्ति विभाग अब प्रदेश के सभी राशन डिपुओं की जांच करने वाला है। प्रदेश खाद्य आपूर्ति विभाग ने इन मशीनों को जांचने के आदेश जारी किए हैं। गौर हो कि इसको लेकर सबसे पहले उपभोक्ता जियानंद शर्मा ने शिकायत की थी। इसमें कहा गया था कि डिपुओं में लगी पॉश मशीनें कार्डधारकों के साथ डिपो होल्डर्ज के लिए भी जी का जंजाल बन रही हैं। वहीं मशीनें फिंगर प्रिंट नहीं उठा रही है, इससे उपभोक्ताओं को खासी परेशानी का सामना करना पद रहा है।
धर्मशाला में प्रशासन की मोबाइल ऐप-जीपीएस सिस्टम से लैस बाइक चलाने की योजना हिमाचल प्रदेश की पहली स्मार्ट सिटी को जल्द ही मोबाइल ऐप से चलने वाली स्मार्ट बाइक्स मिलेंगी। इन बाइक्स में जीपीएस सिस्टम भी लगा होगा। बताया जा रहा है कि धर्मशाला शहर में बाइक शेयरिंग सिस्टम के तहत लोगों को यह सुविधा प्रदान की जाएगी। जैसे ही शहर से बाहर बाइक को ले जाया जाएगा, वह वहीं बंद हो जाएगी। बाइक शेयरिंग मोबाइल ऐप में किलोमीटर के हिसाब से पैसे कटेंगे। धर्मशाला स्मार्ट सिटी प्रशासन ने इस बाइक के लिए टेंडर प्रकिया शुरू कर दी है।
भारतीय वायुसेना के बहादुर पायलट विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को उनके अदम्य साहस के लिए स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारत सरकार की ओर से वीर चक्र दिया जा सकता है। भारतीय वायुसेना की एयर स्ट्राइक से बौखलाए पाकिस्तान ने 27 फरवरी को भारत के हवाई क्षेत्र का अतिक्रमण किया था, इसको भारतीय वायुसेना ने असफल कर दिया था। भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने के लिए पाकिस्तान के 24 लड़ाकू विमान आए थे, लेकिन भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान के शौर्य के आगे नहीं टिक पाए। बता दें वीर चक्र युद्धकाल में बहादुरी के लिए दिया जाने वाला तीसरा सबसे बड़ा सैन्य अवॉर्ड है। पहले नंबर पर परमवीर चक्र और दूसरे पर महावीर चक्र हैं।
कश्मीर में हालात सुधरे अनुच्छेद 370 खत्म होने के दो दिन बाद जम्मू-कश्मीर में जनजीवन सामान्य होने लगा है। गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव ने सरकारी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से काम पर वापस लौटने का निर्देश दिया है। इसके अलावा सांबा ज़िला में नौ अगस्त से सभी स्कूल पहले की तरह खुलेंगे। जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव ने एक आदेश में कहा कि डिविजनल लेवल, डिस्ट्रिक्ट लेवल और श्रीनगर स्थित सिविल सेक्रेटेरियट में काम करने वाले सभी कर्मचारी तत्काल प्रभाव से काम पर लौटें। इसके साथ ही प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि ड्यूटी पर आने वाले सभी कर्मियों की सुरक्षा और कामकाज के शांतिपूर्ण माहौल को हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
दाड़लाघाट से पहाड़ी पारम्परिक व लोक गीत सहित बरलाज के गायक ललित गर्ग ने मिंजर मेले में बाघल संस्कृति का परिचय देकर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं ललित गर्ग द्वारा गाया गया गीत राजा तेरे गोरखेया ने लुटेया पहाड़ ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ललित गर्ग इससे पहले अन्तराष्ट्रीय समर फेस्टिवल, कुल्लू दशहरा सहित शूलिनी मेला, सायरोत्सव अर्की मेला व कई जगह स्टेज शो कर चुके है। ललित गर्ग ने कहा कि उन्होंने कुछ वर्ष पहले बरलाज पर ओडियो सीडी भी निकाली थी जो कि लोगों द्वारा खूब सराही गयी। वहीं पूर्व राज्यपाल आचार्य देव व्रत ने इस ओडियो सीडी को सुनकर कहा कि यह एक जीवंत रामायण है। हमें हिमाचली लोक गीतों को संभालने की आवश्यकता है। हिमाचल की अपनी संस्कृति है व यही संस्कृति हमें दूसरे राज्यों से अलग दिखाती है। ललित ने कहा कि में इन भूले बिसरे पहाड़ी गीतों को पैसे के लिये न गाकर अपनी संस्कृति को जिंदा रखने के लिए गए रहा हूँ, और आगे भी गाता रहूंगा। उन्होंने कहा कि युवा वर्गों को पाश्चात्य संस्कृति की तरफ न जाकर लोक एवं वैदिक संस्कृति व लोक गीतों की तरफ रुख करना चाहिए।इससे हमारा विलुप्त हुआ संगीत पुनर्जीवित हो पाएगा।
हिमाचल प्रदेश के ज़िला किन्नौर में लगभग चार स्थानों पर बादल फटने और बाढ़ आने से 4 जल विद्युत परियोजनाओं से 3212 मेगावॉट बिजली उत्पादन ठप हो गया है। जब कि नेशनल हाइवे-5 दो स्थानों पर अवरुद्ध है। पूर्वनि को जोड़ने वाला तांगलिंग पुल भी बह गया है। वहीं कानम में बाढ़ की चपेट में आने से एक पिकअप बह गई। शुक्रवार को किन्नौर ज़िला के ऊपरी क्षेत्र कानम, मूरँग नाला, तंगलिंग और सांगला घाटी के टोंगतोंगचे नाला में बादल फटने के बाद बनी बाढ़ की स्थिति से जल विद्युत परियोजनाओं को बन्द करना पड़ा है। सतलुज नदी में अधिक सिल्ट के कारण एक हजार मैगावट की करछम वांगतू, बास्पा नदी में बनी 300 मेगावाट की बास्पा चरण दो, सतलुज नदी में बनी 1500 मेगावाट की नाथपा झाकड़ी और 412 मेगावाट की रामपुर हाइड्रो परियोजना से बिजली उत्पादन बन्द कर दिया गया है। सिल्ट अधिक होने के कारण करछम और नाथपा बांध के द्वार खोल दिए गए है। इससे सतलुज नदी का जलस्तर ऊंचा उठ गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सतलुज तट में लोगों को न जाने की सलाह दी है और तट क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सचेत रहने के लिए कहा गया है। रिब्बा नाला और रूंग नाला में जलस्तर बढ़ गया है। ऊपरी क्षेत्र में बारिश लगातार जारी है। कुछ स्थानों पर बाढ़ के कारण लोगों के सेब बागों को भी क्षति पहुँची है। हालांकि स्थिति नियंत्रण में है। किन्नौर और रामपुर पुलिस ने नदी तट के लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा है।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंधन के एनएसएस,एनसीसी,इको क्लब व स्काउट एंड गाइड यूनिट ने ग्राम पंचायत धुंधन में गांव घरटूरी में वन विभाग के साथ पौधारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया।पौधारोपण कार्यक्रम के बतौर मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने शिरकत कर स्वयं शहतूत का पौधा लगाकर शुभारंभ किया।इस कार्यक्रम में वन विभाग से वनरक्षक सुरेन्द्र,उपप्रधान त्रिलोक ठाकुर,एनएसएस प्रभारी संतोष बट्टू, एनसीसी प्रभारी सुमन बट्टू,नरेंद्र कपिला,अधीक्षक नरेंद्र,सुरेंद्र,करुणा सहित विद्यालय स्टाफ के अलावा,समस्त पंचायत सदस्य,महिला मंडल के सदस्यों के सहयोग से कार्यक्रम संपन्न हुआ।छात्रों ने विभिन्न प्रजातियों के 550 पौधे जिनमें शहतूत,कचनार,खैर,जडिनु,पाजा आदि लगाए।इस कार्यक्रम में रूपलाल वर्मा,राजेंद्र ने भी सहयोग दिया।
हिमाचल दस्तक मीडिया समूह ने डाॅ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवा प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और वर्तमान में प्रदेश के युवा अंतरराष्ट्रीय तथा राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी कुशलता का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने अनुच्छेद 370 को हटाकर पूरे विश्व में भारतीय प्रतिबद्धता को स्थापित किया है और ऐसे में भविष्य में भारतीय युवाओं के समक्ष अपनी काबिलियत साबित करने के अनेक अवसर सामने आएंगे। इन शिक्षण संस्थानों के छात्र किये सम्मानित हिमाचल दस्तक मीडिया समूह द्वारा आयोजित इस मेधावी छात्र सम्मान समारोह में जिला सोलन के राजकीय संस्कृत महाविद्यालय, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिलव संस्थान, शूलिनी विश्वविद्यालय, मुरारी लाल नर्सिंग महाविद्यालय, सांई संजीवनी नर्सिंग संस्थान, बाहरा विश्वविद्यालय, एलआर महाविद्यालय, डाॅ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, होम्योपेथिक चिकित्सा महाविद्यालय, डीएवी दन्त महाविद्यालय, ग्रीन हिल इंजीनियरिंग काॅलेज सहित विभिन्न संस्थानों के लगभग 200 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। अनुच्छेद 370 हटाने से पूरा हुआ अखंड भारत का सपना डाॅ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाकार 130 करोड़ भारतीयों के अखंड भारत के सपने को पूरा किया गया है। केंद्र सरकार का यह ऐतिहासिक व सराहनीय निर्णय है जिससे जम्मू-कश्मीर व लद्दाख क्षेत्रों में विकास के नए आयाम लिखे जाएंगे। इस निर्णय से क्षेत्रवासियों के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के इस निर्णय से न केवल पूरे भारतवर्ष में केन्द्र सरकार की कार्यप्रणाली के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है बल्कि जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख क्षेत्र के लोगों ने भी केन्द्र सरकार के इस फैसले की सराहना की है। ये रहे मौजूद बघाट बैंक के अध्यक्ष पवन गुप्ता, भाजपा सोलन मंडल के अध्यक्ष रविंद्र परिहार, ग्राम पंचायत शामती के प्रधान संजीव सूद, ग्राम पंचायत सपरून के प्रधान मदन मेहता, पूर्व बीडीसी सदस्य नंदराम कश्यप, डाॅ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के कुलपति डाॅ. परविन्द्र कौशल, उपमंडलाधिकारी कंडाघाट डाॅ. संजीव धीमान, शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ. पीके खोसला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं व प्राध्यापक इस अवसर पर उपस्थित थे।
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी में आज अष्टमी के दिन जिला पुलिस अधीक्षक ने कानून एवं व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । जिला पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने माता जी की पूजा अर्चना भी की और अष्टमी के पावन उपलक्ष्य पर माताजी का शुभ आशीर्वाद भी प्राप्त किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि अष्टमी के दिन आने वाले श्रद्धालुओं के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे और अभी तक आए आंकड़ों के मुताबिक 3लाख से ज्यादा श्रद्धालु माता जी के दर्शन कर चुके हैं और माता जी का शुभ आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि श्री नैना देवी क्षेत्र के कानून व्यवस्था पूरी तरह से सुचारु हैं । अभी तक किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना का समाचार नहीं हैं। मेला पूरी तरह से शांति पूर्वक चल रहा है । श्रद्धालुओं को छोटे -छोटे ग्रुपों में मंदिर भेजा जा रहा है ताकि भीड़ पर नियंत्रण बना रहे और श्रद्धालु भी आराम से माता जी के दर्शन करके अपने घरों को वापस लौटे।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों से महिलाओं को पोषण सम्बन्धी विषयों पर समय-समय पर जागरूक करने का आह्वान किया है। उपायुक्त महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वाधान में पोषण अभियान के अंतर्गत आयोजित एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उपायुक्त ने कहा कि महिलाओं को घर व बाहर हर जगह कार्य करना होता है। उन्होंने कार्यशाला में उपस्थित महिलाओं से आ्हवान किया कि आयरन युक्त भोजन करें तथा पोषण अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान बारे अपने आसपास के लोगो को भी बताएं। गर्भावस्था में बरती जाने वाले एहतियाती उपायों के बारे में बताया कार्यशाला में भारतीय प्रशासनिक सेवा की परीविक्षाधीन अधिकारी डाॅ. निधि पटेल ने उपस्थित महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान भोजन तथा इस अवधि में बरती जाने वाले एहतियाती उपायों के बारे में बताया। उन्होंने किशोरियों को होने वाली विभिन्न समस्याओं से निपटने के उपायों से भी अवगत करवाया। उन्होंने मीनोपोज के बारे में विस्तृत जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी वन्दना चैहान ने विभाग से समबन्धित महिलाओं की योजनाओं बारे चर्चा की। इस दौरान महिलाओं का एचबी टेस्ट भी किया गया। लघु फिल्म के माध्यम से गुड टच व बेड टच के बारे में बताया विधि अधिकारी रश्मि ने कार्यक्षेत्र में महिलाओं के यौन उत्पीड़न के कानून के विषय में महिलाओं को जागरूक किया। बाल कल्याण समिति की सदस्य कुमारी कृष्णा ने बच्चों के अधिकारों पर चर्चा की। कार्यशाला में लघु फिल्म के माध्यम से गुड टच व बेड टच के बारे में बताया। वन स्टाॅप सेंटर की कुमारी नीलम ने कार्यशाला में कहा कि महिलाओं को यदि किसी भी प्रकार की समस्या आती है वे इस सेंटर में संपर्क कर सकती हैं। तहसील कल्याण अधिकारी ने वृद्धावस्था पैंशन तथा कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग झंडूता के सौजन्य से लगगांव में विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता करते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी नरेंद्र कुमार ने कहा कि मां का दूध शिशु के लिए उत्तम आहार है। उन्होने कहा कि मां के दूध में वह सभी पोषक तत्व मौजूद होते है जोकि शिशु के पोषण के लिए आवश्यक होते है। उन्होने नवजात बच्चों को मां का पहला दूध देने तथा 6 माह तक केवल मां का दूध पिलाने का आग्रह किया। उन्होने बताया कि गर्भावस्था के दौरान गर्भवती महिलाओं को डेढ गुणा अधिक भोजन करना चाहिए। उन्होंने कहा नवजात शिशु को जन्म के एक घंटे के अंतर्गत स्तनपान करवाये इससे शिशु का मानसिक विकास होने के साथ साथ शिशु को होने वाले रोगों से बचाने में कारगर सिद्ध होता है। उन्होंने पोषण अभियान व प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी दी । इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारी डॉ रोशन ने माताओं को स्तनपान के लाभों के बारे में भी विस्तृत रूप से जानकारी दी। शिविर में वृत पर्यवेक्षक राजकुमारी, कौशल्य देवी, राजो देवी, महिला मंडल प्रधान बबीता, सुमति, रीना, रीता, परवीन कुमारी, आगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया।
एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी झण्डुता विकास शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शुरु किये गये मतदाता सत्यापित कार्यक्रम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र झंडूता में 16 अगस्त से 30 सितम्बर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि मतदाता स्वयं 16 अगस्त से 30 सितंबर तक अपने नाम व अन्य प्रविष्टियों की वेरिफिकेशन अपने मतदान केंद्र की मतदाता सूची जो कि भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर एनवीएसपी पोर्टल या वोटर हेल्पलाइन मोबाइल ऐप, लोक मित्र केंद्र तथा मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 के माध्यम से कर सकता है। इसके अतिरिक्त एक सितंबर से 30 सितंबर 2019 तक बूथ लेवल अधिकारी अपने मतदान केन्द्र के अन्तर्गत घर-घर जाकर मतदाता की पहचान करके सत्यापित करेंगे कि मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियां सही हैं अथवा नहीं। उन्होने बताया कि यदि किसी भी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो उसको सम्बन्धित प्ररुप भर कर सही किया जायेगा। इसके साथ ही मृत्यु, विवाह या अन्य कारण से स्थान परित्याग कर चुके मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने हेतु फार्म 7 पर आक्षेप किया जा सकता है। उन्होने बताया कि जो पात्र नागरिक अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है उनका नाम प्ररुप 6 में भरकर दर्ज किया जायेगा।
युवा कार्यक्रम एंव खेल मन्त्रालय, भारत सरकार के अन्तर्गत नेहरू युवा केन्द्र बिलासपुर के सौजन्य से स्वच्छता पखवाडा कार्यक्रम के तहत नव ज्योती सिनियर सकैण्डरी स्कूल बिलासपुर तथा रेनबो स्टार क्लब के संयुक्त तत्वाधान में जिला मुख्यालय में सफाई अभियान छेड़ा गया। इस मौके पर क्लब एंव स्कूल के विधार्थियों ने पॉलोथिन तथा कांग्रेस घास को हटाया। सफाई अभियान के उपरांत स्कूल परिषर से लेकर कॉलेज चॉक तक रैली निकाल कर स्वच्छता का संदेश भी दिया। इस मौके पर रेनबो स्टार क्लब के संरक्षक शीला सिंह, सदस्य अर्चना, शालू, स्कूल प्राधानाचार्य शालिनी शर्मा, संध्या शर्मा, प्रीती वर्मा और आशिमा खान मौजूद थे।
जिला सोलन के मानलोग में एक युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है । मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम दीपक है और उसने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली । आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भी दिया है, जिसके बाद ही आधिकारिक पुष्टि हो पायेगी। एएसपी सोलन डॉ शिवकुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सरकार का दावा : जम्मू-कश्मीर में स्थिति सामान्य करगिल में उग्र प्रदर्शन: करगिल के पूर्व विधायक हाजी असगर का दावा है कि करगिल में काफी हंगामा हो रहा है, धारा 144 के बीच करगिल में उग्र प्रदर्शन हो रहा है। धारा 144 बरकरार, ढील के बीच रोजमर्रा के सामान के लिए सड़कों पर निकले लोग बौखलाया पाकिस्तान, उलजुलूल बयानों का सिलसिला ज़ारी अभी भी श्रीनगर में हैं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल राजयसभा में नेता विपक्ष गुलाम नबी आजाद को श्रीनगर एयरपोर्ट पर रोका गया
अंजुम आरा ने पौधा लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश हिमाचल पुलिस की प्रथम सशस्त्र वाहिनी जुन्गा का 48वां स्थापना दिवस मनाया गया। कमांडेंट अंजुम आरा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस के सशस्त्र जवानों द्वारा खाकी वर्दी में मार्च पास करते हुए सलामी दी गई। स्थापना दिवस को और अधिक खास बनाते हुए जवानों द्वारा आसपास के जंगलों में 60 से अधिक फलदार व औषधीय पौधे भी लगाए गए। गौरतलब है की जुन्गा हिमाचल पुलिस का पहला सशस्त्र बल केंद्र है। जहाँ आज भी 48 वर्षों का पुलिस इतिहास मिलता है। कमांडेंट अंजुम आरा ने इस दौरान जवानों को बटालियन की स्थापना की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल की कानून व्यवस्था संभालने में इस बटालियन का बहुत योगदान रहा है।
आज हम आपको दर्शन करवाने जा रहे हैं भागसू नाग मंदिर की। यह मंदिर लोकप्रिय प्राचीन मंदिरों में से एक है, जो मैक्लोडगंज के मुख्य शहर से लगभग 3 किमी पूर्व और धर्मशाला से लगभग 11 किमी दूर स्थित है। प्रकृति की नैसर्गिक सुंदरता में बना यह मंदिर भागसू नाग की रोचक कथा लिए हुए है।इस मंदिर का निर्माण राजा भागसू द्वारा भगवान शिव और स्थानीय देवता भागसू नाग के समर्पण में बनाया गया था। भागसु नाग मंदिर समुद्र तल से 1770 मीटर की ऊंचाई पर है और यहां साल भर बड़ी संख्या में भक्त आते हैं। ये है इतिहास: यहां के शिलापट्ट पर महंत गणेश गिरी के हवाले से 1972 में लिखे वर्णन के अनुसार अजमेर का दैत्य राजा भागसू के नाम से जाना जाता था। वह मायावी और जादूगर था। उसके राज्य में एक बार भारी जल संकट हो गया। लोग त्राहि-त्राहि करने लगे। प्रजा को इस संकट से मुक्ति दिलाने के लिए राजा ने कमंडल उठाकर चल पड़ा। वह धौलाधार पर्वत श्रृंखला में 18 हजार फुट की ऊंचाई पर स्थित नाग डल अर्थात नाग झील पर पहुंचा। यहाँ पहुँच कर राजा ने झील के पवित्र जल को माया से अपने कमंडल में समेटा और लौट चला अपने देश। इसके कुछ देर बाद नाग देवता जब अपनी झील पर आए तो उन्होंने देखा कि झील का सारा पानी सूख गया है। राजा भागसू के पदचिह्नों का उन्होंने पीछा किया और आज के भागसू नाग मंदिर वाले स्थान पर नाग देवता ने उसे पकड़ लिया। दोनों में भयानक युद्ध हुआ। मायावी राजा भागसू मारा गया और कमंडल का जल बिखर गया। नाग देवता के डल में फिर से जल भर गया और युद्ध वाले स्थान पर पवित्र जल का चश्मा बहने लगा। किन्तु मरते वक्त राजा भागसू ने नाग देवता से अपने और अपने राज्य के कल्याण की प्रार्थना की तो नाग देवता प्रसन्न हुए और उसे वरदान दिया कि आज से तू केवल भागसू नहीं बल्कि भागसू नाग के नाम से प्रसिद्ध होगा और देवता के रूप में इसी स्थान पर तेरी पूजा अर्चना होगी। विशेषताएं भागसुनाथ मंदिर मैकलोडगंज का एक प्रमुख दर्शनीय स्थल है। भागसुनाथ मंदिर एक प्राचीन हिंदू मंदिर है, जो भगवान शिव को समर्पित है। पवित्र तीर्थस्थल अपने दो पूलों के लिए प्रसिद्ध है, जिनके बारे में माना जाता है कि उनमें उपचार के गुण हैं। इसके अलावा, मंदिर में प्रतिष्ठापित मूर्तियों को अविश्वसनीय शक्तियों का अधिकारी माना जाता है। भागसु नाग मंदिर स्थानीय गोरखा और हिंदू समुदाय द्वारा अत्यधिक पूजनीय है। भागसू नाग मंदिर की यात्रा का सबसे अच्छा समय वार्षिक मेले के दौरान होता है जो सितंबर के महीने में यहां लगता है। मंदिर परिसर में दो मंजिला विश्राम गृह है जहां मंदिर के दर्शन करने वाले भक्त रह सकते हैं। डल झील, कोतवाली बाजार और भागसू फॉल इस पवित्र मंदिर के आसपास के मुख्य आकर्षण हैं। भक्त इस मंदिर में सड़क मार्ग, रेल मार्ग, वायु मार्ग द्वारा पहुंच सकते हैं।
उपमंडलाधिकारी नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने कहा कि सोलन जिला के दून विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरोटीवाला में 11 अगस्त को आयोजित किए जा रहे जनमंच कार्यक्रम के लिए पूर्व जनमंच गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में आज पशुपालन विभाग द्वारा बरोटीवाला स्थित कन्हैया गौशाला में पशुओं की विस्तृत जांच की गई। इस दौरान पशुओं को होने वाले विभिन्न रोगों से बचाव के लिए टीकाकरण किया गया। विभाग द्वारा पशु चिकित्सालय बरोटीवाला का निरीक्षण भी किया गया। प्रशांत देष्टा ने कहा कि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा बरोटीवाला के सीमावर्ती क्षेत्रों की पंचायतों में खाद्य सामग्री की उचित वितरण व्यवस्था को लेकर रामशहर में थोक गोदाम का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं पटवार वृत्त बरोटीवाला का भी विशेष निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वन विभाग के अधिकारियों ने जनमंच आयोजन स्थल के सीमावर्ती क्षेत्रों में पौधारोपण किया तथा नर्सरी की जांच की। उन्होंने कहा कि जनमंच के लिए अब तक 12 शिकायतों तथा 7 मांगे एसडीएम कार्यालय में प्राप्त हुईं हैं। प्रशांत देष्टा ने कहा कि इस जनमंच के आयोजन बारे पिछले तीन दिनों से लगातार प्रचार वाहन द्वारा जनसंबोधन प्रणाली से तथा प्रचार सामग्री वितरित कर लोगों को जनमंच के बारे में बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रचार वाहन द्वारा आज भटौलीकलां, रिल्ली, मंझली, घरेर, साईं, सौड़ी टल्ली तथा सुन्हानी आदि क्षेत्रों में लोगों को जनमंच बारे जानकारी दी गई तथा लोगों से इस जनमंच में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि बड़ी संख्या में जन मंच कार्यक्रम में पहुंचे और अपने घरद्वार के समीप अपनी समस्याओं का निवारण सुनिश्चित बनाएं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सौजन्य से स्वास्थ्य खण्ड अर्की द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र मंज्याट में विश्व स्तनपान सप्ताह के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें स्वास्थ्य शिक्षक अश्वनी शर्मा व आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिका तारा पंवर विशेष रूप से उपस्थित हुए। अश्वनी शर्मा ने महिलाओं को जानकारी देते हुए बताया कि स्तनपान शिशु का जन्म सिद्ध अधिकार है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 6 माह तक शिशु को स्तनपान करवाना चाहिए। इसके बाद ऊपरी आहार देना चाहिए।वहीं 2 साल तक शिशु को स्तनपान करवाते रहे। ऐसा करने से बच्चा पूर्ण रूप से स्वस्थ रहता है। इस मौके पर आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिका तारा पंवर ने भी अपने विचार साँझा किये। इस अवसर पर महिलाओं के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी करवाई गई। इस प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार चंद्रकांता, दूसरा पूनम व तीसरा पुरस्कार कुलवंत कौर को मिला। इस मौके पर आशा वर्कर रमा शर्मा,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कविता,कमलेश शर्मा,आशा,रोशनी,मीना,वार्ड सदस्य सन्तोष देवी,रीता भारद्वाज मौजूद रहीं।
ग्राम पंचायत ग्याणा में एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता पंचायत प्रधान मीरा भट्टी ने की। बैठक में पंचायत उपप्रधान मोहन लाल तथा अन्य सभी सदस्यों ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 तथा संविधान के अनुच्छेद 35ए को समाप्त करने पर केन्द्र सरकार द्वारा उठाए गए ऐतिहासिक तथा साहसिक कदम की सराहना की गई। उन्होंने कहा कि इस फैसले से पूरे भारत में एक जैसा कानून होगा। इस फैसले के उपरांत जम्मू कश्मीर में न तो अलग संविधान होगा और न ही उनका अलग ध्वज रहेगा। इस अवसर पर पंचायत प्रधान मीरा भट्टी,उपप्रधान मोहन लाल,सदस्य अनिल कुमार,बलदेवराज,सरस्वती, भावना,सीमा,पंचायत सचिव अशोक कुमार शामिल रहे।
गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को कनिष्ठ वर्ग के लिए अंतसदनीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रत्येक सदन के 6-6 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर प्रतिभागियों से हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, सामान्य ज्ञान, खेल संबंधी प्रश्न, व वर्तमान घटनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे गए। सभी प्रतिभागियों ने बड़ी सूझ- बुझ के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए। इस अंतसदनीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में ऋग्वेद सदन ने प्रथम स्थान, यजुर्वेद ने द्वितीय और अथर्ववेद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में अभिराज, सानवी, ग्रेसी, नियति, ओजस्वी, सृष्टि, हर्षवर्धन, प्रकृति, प्रत्युष, फैरी, ध्रुव, तनुज, वैभवी ने हिस्सा लिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या गुरप्रीत माथुर ने सभी प्रतिभागियों की बहुत प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि स्कूल इस तरह की गतिविधियां समय- समय पर आयोजित करवाता रहता है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से छात्रों की बौद्धिक क्षमता का विकास होता है।
प्रदेश सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग निदेशालय द्वारा विभिन्न कंप्यूटर प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के लिए पात्र उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी बुधवार को ज़िला कल्याण अधिकारी सोलन बीएस ठाकुर ने दी। बीएस ठाकुर ने कहा कि यह आवेदन पोस्ट ग्रेजुऐट डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन्स (पीजीडीसीए) तथा डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन्स एवं डेस्क टाॅप पब्लिशिंग (डीसीए-डीटीपी) के एक वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए आमंत्रित किए गए हैं। पीजीडीसीए पाठ्यक्रम के लिए योग्यता स्नातक तथा डीसीए-डीटीपी पाठ्यक्रम के लिए योग्यता दस जमा दो निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि इन पाठ्यक्रमों के लिए प्रदेश के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग से संबंधित एवं विधवा, एकल नारी व विशेष रूप से सक्षम उम्मीदवार पात्र हैं। उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य होनी चाहिए तथा उम्मीदवार बीपीएल परिवार से संबंधित होना चाहिए अथवा परिवार की वार्षिक आय दो लाख रुपये से कम होनी चाहिए। प्रशिक्षण के इच्छुक उम्मीदवार सादे कागज पर ज़िला कल्याण अधिकारी सोलन अथवा संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में 18 अगस्त, 2019 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ दसवीं, 12वीं, स्नातक उतीर्ण प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, बीपीएल प्रमाण पत्र, तहसीलदार द्वारा जारी प्रार्थी के माता-पिता की वार्षिक आय प्रमाण पत्र तथा हिमाचली प्रमाण पत्र की सत्यापित प्रतियां संलग्न करनी होंगी। उन्होंने कहा कि उतीर्ण प्रशिक्षणार्थियों को 6 माह के लिए सरकारी अथवा गैर सरकारी संस्थानों में कंप्यूटर एप्लीकेशन में प्रवीणता प्राप्त करने के लिए रखा जाएगा। यह अनिवार्य है। सभी पाठ्यक्रम प्रथम सितंबर, 2019 से आरंभ होंगे। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान विभाग द्वारा 1000 रुपये प्रति माह छात्रवृति भी प्रदान की जाएगी। विशेष रूप से सक्षम को 1200 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। अधिक जानकारी के लिए ज़िला कल्याण अधिकारी सोलन के दूरभाष नंबर 01792-223742 अथवा संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सूरजपुर में बुधवार से तीन दिवसीय खंड स्तरीय अंडर-14 छात्र की विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया। शुभारम्भ अवसर पर उपप्रधान ग्राम पंचायत सूरजपुर भगत राम ने बतौर मुख्यतिथि शिरकत की। इस अवसर पर स्थानीय लोगों व स्कूल प्रशासन ने उनका स्वागत किया। मुख्यतिथि ने सर्वप्रथम दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यतिथि ने 25 स्कूलों से आये हुए करीब 285 प्रतिभावान खिलाड़ियों द्वारा आयोजित भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। वहीं स्थानीय पाठशाला के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। मुख्यतिथि भगत राम ने अपने सम्बोधन में कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी भाग लेना चाहिये। उन्होंने कहा कि खेलकूद में भाग लेने से जहाँ बच्चों का मानसिक व शारीरिक विकास होता हैं,वहीं वह अनुशासन का पालन भी करते हैं। उन्होंने खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वह खेल को आपसी प्रेम व भाईचारे से खेलें और आगे चलकर क्षेत्र, प्रदेश व देश का नाम रोशन करें। खेल प्रभारी रमेश ने बताया की 3 दिनों तक चलने वाली स्पर्धाओं में वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन तथा योगा इत्यादि स्पर्धाएं आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सूरजपुर के उपप्रधान भगत राम, विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार, खेल प्रभारी रमेश, संतराम, राम दास, पूर्व प्रधानाचार्य केसी शर्मा, एसएमसी प्रधान अनारकली, जयप्रकाश, नगीन, भगीरथ, रत्न ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग व विद्यालय के बच्चे मौजूद रहे।
साहित्यिक गोष्ठी बाबा भलखू की स्मृति और सम्मान को समर्पित विश्व धरोहर के रूप में विख्यात शिमला-कालका रेल में 11, अगस्त रविवार को बाबा भलकु की स्मृति में गत वर्ष की तरह दूसरी अनूठी साहित्यिक गोष्ठीआयोजित की जाएगी। यह आयोजन हिमालय साहित्य, संस्कृति एवं पर्यावरण मंच द्वारा किया जा रहा है। इसमें हिमाचल के तैंतीस रचनाकार व संस्कृतकर्मी भाग ले रहे हैं। इस साहित्यिक गोष्ठी को बाबा भलखू की स्मृति और सम्मान को समर्पित किया गया है। भलखू के सहयोग से शिमला कालका रेलवे लाइन के निर्माण में हो पाए सफल भलखू चायल के समीप झाझा गाँव का एक अनपढ़ लेकिन विलक्षण प्रतिभा संपन्न ग्रामीण था। इसकी सलाह और सहयोग से अंग्रेज इंजीनियर शिमला कालका रेलवे लाइन के निर्माण में सफल हो पाए थे। हरनोट ने शिमला में जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी बताया कि हिंदुस्तान तिब्बत रोड के निर्माण के वक्त भी बाबा भलकू के मार्गनिर्देशन में न केवल सर्वे हुआ बल्कि सतलुज नदी पर कई पुलों का निर्माण भी हुआ था। इसके लिए उन्हें ब्रिटिश सरकार के लोक निर्माण विभाग द्वारा ओवरशीयर की उपाधि से नवाजा गया था। गिनीज बुक में इस रेल लाइन को उत्कृष्ट नैरो गेज इंजीनीयरिंग का दर्जा हासिल है। इस रेलवे लाइन का निर्माण ब्रिटिश इंजिनीयर हर्बर्ट हेरिंगटन की देखरेख में 20 अप्रैल,1855 के दिन शुरू होकर 11 नवम्बर, 1903 को पूर्ण हुआ और पहली रेल शिमला के लिए चलायी गयी। इस लाइन पर 20 स्टेशन, 103 सुरंगें, 912 मोड़ और 969 छोटे-बड़े पुल हैं। यूनेस्को ने इस लाइन को 8 जुलाई, 2008 विश्व धरोहर का दर्जा प्रदान किया था। भलखु की स्मृति में शिमला पुराने बस स्टेशन के साथ भारत सरकार के रेलवे विभाग ने एक म्यूजियम भी स्थापित किया है। हरनोट ने शिमला में जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी जानकारी हरनोट के अनुसार यह यात्रा सुबह 10 :40 बजे शिमला से शुरू होगी और बड़ोग तक चलेगी। वहां दोपहर के भोजन और ठहराव के बाद तीन बजे पुन: शिमला की और रवाना होगी। रेल यात्रा के दौरान जाते हुए और लौटते हुए भी स्टेशनस के नाम पर कविता, ग़ज़ल, कहानी और संस्मरण के सत्र रखे गए हैं जो शिमला से बड़ोग तक समरहिल, तारादेवी, कैथलीघाट, कंडाघाट, कनोह और बड़ोग के नाम पर होंगे। लेखकों का मार्गदर्शन समरहिल स्टेशन के अधीक्षक संजय गेरा करेंगे। 33 वरिष्ठ और युवा लेखक तथा संस्कृतिकर्मी होंगें शामिल इस सृजन संवाद में जो 33 वरिष्ठ और युवा लेखक तथा संस्कृतिकर्मी शामिल होंगे उनमें सुदर्शन वशिष्ट, एस आर हरनोट, हेम राज कौशिक, मिनाक्षी पाल, सतीश रतन, बद्री सिंह भाटिया, कुल राजीव पन्त, आत्मा रंजन, गुप्तेश्वर नाथ उपाध्याय, विद्या निधि, राकेश कुमार सिंह, विनोद बिट्ठल, भारती कुठिआला, सुमन धनन्जय, दिनेश शर्मा,देव कन्या ठाकुर, सीताराम शर्मा, मोनिका छट्टू, मधु जी शर्मा, नरेश देयोग, कुलदीप गर्ग तरुण, दीप्ति सारस्वत, प्रियम्बदा शर्मा, देविना अक्ष्यवर, कौशल मुंगटा, उमा ठाकुर, कल्पना गांगटा, शांति स्वरुप शर्मा, अश्वनी कुमार, आनंद शर्मा, वंदना राणा और किरण गुलेरिया शामिल हैं।
पुराणों में देवभूमि हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर को छोटी काशी कहा गया है। मंडी में लगभग 80 देवी-देवताओं के विभिन्न शैलियों के प्राचीन मंदिर व शिवालय हैं। इन्ही में से एक है बाब भूतनाथ मंदिर। मंडी के बाबा भूतनाथ मंदिर का शिवलिंग स्वयंभू है। बाबा भूतनाथ का मंदिर राजा अजबर सेन ने 16वीं शताब्दी में बनवाया था। कहा जाता है कि पुरानी मंडी से व्यास नदी के दूसरी ओर जहां पर वर्तमान मंडी शहर बसा है, वहां जंगल हुआ करता था। पुरानी मंडी के एक ग्वाले की कपिल नाम की गाय हर दिन नदी पार करके जंगल में घास चरने आती थी और शाम को वापस घर लौटते वक्त वह गांव भूतनाथ मंदिर के पास खड़ी हो जाती थी। गाय के थनों से अपने आप ही दूध की धारा निकलने लगती थी और भोलेनाथ का दूधाभिषेक होता था। ग्वाले ने जब इस घटना को देखा तो उसने इसकी सूचना राजा अजबर सेन को दी। राजा ने मौके पर जाकर इस घटना को देखा।इसके पश्चात स्वयं भोलेनाथ ने राजा अजबर सेन को स्वप्न में दर्शन दिए और शिव मंदिर स्थापित करने तथा इसके आसपास नई मंडी नगर बसाने का आदेश दिया। स्वप्न के अनुरूप ही राजा ने भव्य शिखर शैली के शिव मंदिर का निर्माण किया और इस तरह नया मंडी शहर बसा। 1527 इस्वी में राजा अजबेर सैन ने शिखारा शैली से मंदिर का निर्माण करवाया। मंदिर निर्माण से आज तक यहां पर भगवान भूतनाथ की श्रद्धापूर्वक पूजा अर्चना की जाती है। देश विदेश से आने वाले सैलानियों के लिए भी मंडी शहर में बसा यह मंदिर का आकर्षण का केंद्र बना रहता है। यहां होता है अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंदिर के आसपास राजा ने नई मंडी नगर बसाया जो आज शिवरात्रि पर्व के नाम से जाना जाता है। बाबा भूतनाथ के प्रकाट्य के कारण ही महा शिवरात्रि का पर्व अस्तित्व में आया है जो आज अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले के रूप में विख्यात हो चुका है। बाबा भूतनाथ के दर्शनार्थ समूचे प्रदेश के अलावा विदेशी पर्यटकों का भारी सैलाब उमड़ता रहता है।
अर्की पुलिस थाना में कुनिहार निवासी एक व्यक्ति से लाखों की धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार चेतराम पुत्र बृजलाल निवासी गांव हाटकोट कुनिहार ने पुलिस थाना अर्की में इस आशय की शिकायत दर्ज करवाई है। चेतराम के अनुसार अजमेर निवासी सचिन पुत्र विनोद कुमार उनके पुत्र पंकज के सम्पर्क में आया। सचिन ने कहा कि वह अजमेर की एक नामी गिरामी कम्पनी में कार्यरत है । सचिन ने यह भी कहा कि वह स्वयं एक प्रसिद्ध कम्पनी का अधिकृत डीलर है तथा हिमाचल में कम्पनी के वाटर प्रोजेक्ट लगवा सकता है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसके बेटे पंकज ने बैंक से ऋण लेकर सचिन को करीब 15 लाख रुपये की राशि दे दी, परन्तु अब सचिन न ही फोन उठा रहा है और न ही उनसे सम्पर्क कर रहा है। डी एस पी पूर्ण चन्द ठुकराल ने पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है ।
माता श्री नैनादेवी जी श्रावण अष्टमी मेले में व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए व्हट्सएप ग्रूप महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहा है। यह जानकारी एसडीएम स्वारघाट सुभाष गौतम ने दी। उन्होंने बताया कि श्रावण अष्टमी मेले के प्रबंधन के कार्यों को व्यवस्थित रूप से चलाने के लिए इस व्हटसएप ग्रुप में विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों और स्वयं सेवियों के 66 मोबाईल नम्बरों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र को 9 सैक्टरों में विभाजित किया गया है। किसी भी सैक्टर में होने वाली किसी भी जानकारी, घटना या गतिविधि की तत्काल सूचना के लिए तथा त्वरित कार्यवाही के लिए संचालित किए जा रहे मेला आॅफिसर तथा मेला श्रावण अष्टमी, 2019 व्हाट्सएप ग्रुप अत्यंत प्रभावी भूमिका का निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए विभिन्न स्थलों पर पुलिस, होमगार्ड व स्वयं सेवी संस्थाएं पूर्ण रूप से कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करके अत्यंत सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थलों पर पुलिस सहायता केन्द्र व सूचना सहायता केन्द्र स्थापित किए गए है तथा असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सीसीटीबी कैमरों द्वारा 24 घंटें निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान पूरे मेला परिसर में स्वच्छता का पूर्ण ध्यान रखा जा रहा है। जिसके लिए लगभग 150 सफाई कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहें है। उन्होने बताया कि लंगर स्थल पर भी स्वच्छता बनाए रखने के लिए गीला और सूखा कूडा एकत्रित करने के लिए अलग-अलग कूडेदान लगाए गए है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष महावीर दल स्वरूप बिहारी शरण थे मुख्य अतिथि महावीर दल चंडीगढ़ द्वारा श्री नैना देवी मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए सेवा शिविरों का आयोजन किया गया।दस दिवसीय इन शिविरों में सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष महावीर दल श्री स्वरूप बिहारी शरण ने शिविर में उपस्थित हो कर सभी कार्यकर्ताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया ।इस दौरान अपने सम्बोधन में अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया जो कि निस्वार्थ भाव से सेवा में लगे हुए हैं । उन्होंने बताया कि महावीर दल के श्री नैना देवी जी मे 20 जगहों पर सेवा शिविर लगे हुए है । इन शिविरों में श्रद्धालुओं के भोजन व्यवस्था के साथ साथ चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध है । ये सभी निःशुल्क है। उन्होंने बताया कि महावीर दल के वर्दी धारी स्वयं सेवक माता जी के दर्शनों को सुविधा जनक बनाने मे एवम श्रद्धालुओं को कतार बद्ध करने में भी स्थानीय प्रशासन के साथ कार्यरत है।इस कार्य मे विशेष योगदान के लिए राम स्वरूप तुंगवाली ,डॉक्टर सतपाल, सतविंदर सिंह भादसों,सोहनलाल अग्निहोत्री का मुख्य रूप से सम्मान एवं धन्यवाद किया गया। दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने धारा 370 हटाने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , गृहमंत्री अमित शाह का भी आभार जताया । उन्होंने कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से शीघ्र ही मिल कर धन्यवाद प्रस्ताव सौपा जायेगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इकाई मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के प्रांत सह संयोजक एडवोकेट उच्च न्यायालय इमरान खान ने कहा कि धारा 370 और 35A यह भारत की एकता और अखंडता को तोड़ने वाले और अलगाव पैदा करने वाली धाराएं थी। अब पूरे देश में एक प्रधान, एक निशान और एक विधान हो गया है। जो लोग यह कह रहे हैं कि धारा 370 और 35A, जम्मू कश्मीर को पूरे भारत के साथ जोड़ती थी वह सरासर गलत बोल रहे हैं । यह धाराएं जम्मू कश्मीर को देश के साथ जोड़ती नहीं थी बल्कि तोड़ती थी, ।उन्होंने कहा वह जम्मू कश्मीर में सालों साल काम कर चुके हैं इसलिए अपने अनुभव से बोल रहे है। उन्होने कहा कि नेहरू के नेतृत्व में कांग्रेस ने धारा 370 और 35A को मंजूर कर के देश की एकता और अखंडता को कमजोर किया और सरदार वल्लभभाई पटेल के मार्ग पर चलते हुए भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन दोनों धाराओं को हटाकर और जम्मू कश्मीर राज्य का पुनर्गठन करके देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया है।
प्रचार वाहन को हरी दिखाकर किया रवाना घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेन्द्र गर्ग ने घुमारवीं विधान सभा क्षेत्र में आयोजित होने वाले जनमंच कार्यक्रम के चिन्हित पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के जनमंच प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के उपरांत जानकारी देते हुए कहा कि जनमंच कार्यक्रम जनता की समस्याओं के समाधान में पारदर्शी एवं सार्थक कदम है। उन्होंने कहा कि जनमंच कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को उनकी समस्याओं और शिकायतों के निवारण में सहायता मिल रही है। उन्होने कहा कि जनमंच कार्यक्रम से जहां आमजन के हित के लिए आरंभ की गई जनकल्याणकारी योजनाओं व कार्यक्रमों का समय पर कार्यन्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है वहीं लोगों को इस कार्यक्रम के सुखद परिणाम भी मिल रहे है। उन्होंने बताया कि 11 अगस्त को 10 बजे घुमारवीं विधान सभा क्षेत्र की 10 पंचायतों और नगर परिषद क्षेत्र के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल घुमारवीं में आयोजित होने वाले जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा करेंगे। उन्होंने बताया कि जनमंच प्रचार वाहन घुमारवीं विधान सभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में 11 अगस्त को आयोजित किए जाने वाले जनमंच कार्यक्रम के संदर्भ में लोगों को जागरूक करेगा। उन्होंने कहा कि जनमंच प्रचार वाहन चिन्हित 10 ग्राम पंचायतों जिनमें कोठी, दावला, पट्टा, सेऊ, घुमारवीं, बकरोआ, लुहारवीं, फटोह, अमरपुर, औहर इत्यादि गांवों व नगर परिषद घुमारवीं के लोगों को जागरूक करेगा ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी समस्याओं व शिकायतों के समाधान के लिए कार्यक्रम स्थल पर पंहुचे। उन्होंने जिला के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे जनमंच कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहना सुनिश्चित बनाएं ताकि लोगों की समस्याओं का निपटारा मौके पर ही सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि जनमंच कार्यक्रम में लोगों को प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ प्रदान करने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा स्टॅाल स्थापित किए जाएंगे तथा लोगों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए दस्तावेजी प्रक्रिया को भी मौके पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और आर्युवेदिक विभाग द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें लोगों के स्वास्थ्य जांच के अतिरिक्त निशुल्क दवाईयां भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस अवसर पर घुमारवीं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस निर्णय ने कांग्रेस की दोहरी मानसिकता के चेहरे से उतारा नकाब धारा 370 हटाने के इस ऐतिहासिक निर्णय ने कांग्रेस की दोहरी मानसिकता के चेहरे से नकाब उतार दिया है अब कांग्रेस के नेता मुंह छिपाते फिर रहे हैं ।यह बात सदर के विधायक सुभाष ठाकुर ने बिलासपुर में कही। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस के नेता देश के नागरिकों का सामना करने के बजाए दाएं बाएं की बाते कर रहे हैं। इस निर्णय ने देश के 130 करोड़ नागरिकों को न्याय दिलाने का कार्य किया है जिसके लिए भाजपा का सर्वोच्य नेतृत्व बधाई का पात्र है। बिलासपुर में इसके अलावा भाजपा एवं अन्य मातृ संगठनों द्वारा केंद्र सरकार द्वारा जम्मू कश्मीर के मुददे पर धारा 370 समाप्त करने पर प्रसन्नता मनाई गई। सुभाष ठाकुर ने आगे कहा कि आज का दिन भारत के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। आज भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में शामिल एक और वायदे को पूरा कर दिया है। आज डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना एक देश, एक निशान, एक पहचान को साकार किया है। आज के जम्मू कश्मीर केन्द्र शासित प्रदेश बन गया है वहीं लद्वाख को भी अपना केन्द्र शासित प्रदेश का नया नाम दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमितशाह बधाई के पात्र है। बिलासपुर में भाजपाइयों ने मनाया जश्न बजरंग दल के प्रदेश संयोजक तुषार डोगरा ने कहा कि भाजपा ने इस सावन मास के पहले सोमवार को चद्रयान 2 का सफलतापूर्वक परीक्षण किया, दूसरे सोमवार को 3 तलाक कानून को लागू किया और आज तीसरे सोमवार को देश को एक देश एक निशान और एक पहचान दिलाकर देश को गौरावान्वित किया है। विधायक राजेन्द्र गर्ग ने कहा कि धारा 370 समाप्त होने पर अब कश्मीर में रहने वाले पाकिस्तानियों को भारतीय नागरिकता नहीं मिलेगी। अब कश्मीर में आरटीआई और सीएजी जैसे कानून लागू होंगे जिससे पारदर्शिता आएगी। उधर, झंडुत्ता भारतीय जनता पार्टी झंडुत्ता मंडल द्वारा 370 व35 ए को हटाए जाने पर भारतीय जनता पार्टी झंडुत्ता मंडल ने पटाखे व आतिशबाजी और मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष सुभाष मन्हास,महासचिव दिनेश चंदेल, व्यापार मंडल के प्रधान अनिल धीमान,अनिल चंदेल,मनोज चंदेल,राकेश चंदेल,्रबाबू राम राणा,सुभाष वर्मा,इंद्र सिंह ,सत्यपाल वर्मा,दलजीत कटवाल,रामपाल शर्मा,सुरजीत गौतम,रविंद्र सिंह,मुख्त्यार सिंह,एसएल शर्मा,सुभाष,संजीव सोनी व विपन उपस्थित रहे। उधर, बिलासपुर शहर के गुरूद्धारा चौक पर विहिप के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश संयोजक तुषार डोगरा के नेतृत्व में एक दूसरे को मिठाई बांटकर खुशी मनाई। वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई बिलासपुर ने राष्ट्रपति आदेश द्वारा जम्मू कश्मीर से अस्थाई अनुच्छेद 370 को हटाने के लिए ऐतिहासिक कदम का स्वागत किया है। अभाविप के ईकाई अध्यक्ष राहुल ठाकुर ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने 11 सितंबर 1990 में चलो कश्मीर आंदोलन किया था। इसमें हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया एवं विद्यार्थी परिषद लगातार धारा 370 और 35 ए को हटाने के लिए आंदोलन कर रही थी। आज के दिन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आंदोलन की जीत हुई। इसी जीत को विद्यार्थी परिषद द्वारा भारत माता के जयघोष के साथ धूमधाम से मनाया गया।
ग्राम पंचायत घणागुघाट में एक बैठक का आयोजन किया गया।इस बैठक की अध्यक्षता पंचायत प्रधान धनीराम रघुवंशी ने की।बैठक में पंचायत उपप्रधान तथा अन्य सभी सदस्यों ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 तथा संविधान के अनुच्छेद 35ए को समाप्त करने पर केन्द्र सरकार द्वारा उठाए गए ऐतिहासिक तथा साहसिक कदम की सराहना की है।उन्होंने कहा कि इस फैसले से पूरे भारत में एक जैसा कानून होगा,इस फैसले के उपरांत जम्मू कश्मीर में न तो अलग संविधान होगा और न ही उनका अलग ध्वज रहेगा जिसके दूरगामी परिणाम होंगे।यह भारत की सेहत के लिए बहुत अच्छा कदम है।
नालागढ़ का उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह नालागढ़ के पुराने राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के मैदान में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी उपमंडलाधिकारी नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने आज नालागढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। प्रशांत देष्टा ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। समारोह में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी तथा स्काउट एंड गाईड द्वारा भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को इस कार्यक्रम में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशांत देष्टा ने स्थानीय लोगों से भी इस राष्ट्रीय पर्व में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है। बैठक में नगर परिषद नालागढ़ की अध्यक्ष नीरू शर्मा, नायब तहसीलदार आशा राम, उपमंडल आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कश्मीर से धारा-370 हटाए जाने का देशभर में स्वागत किया जा रहा है। देश के हित में लिया गया यह फैसला ऐतिहासिक है। उपमंडल दाड़लाघाट में इस फैसले को लेकर जश्न का माहौल है। भाजपा नेताओं ने चौधरी कॉम्प्लेक्स में भारत माता की जय के नारों के अलावा पटाखे फोड़ और लड्डू बांटकर खुशी का इज़हार किया। इस मौके पर भाजयुमो के प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य राकेश गौतम ने धारा 370 को हटाने को अराष्ट्रीयता पर राष्ट्रीयता की विजय करार दिया है। ओबीसी सोलन के जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि आज़ादी से लेकर अब तक कश्मीर को अखंड रखने में जितने शहीदों ने अपना बलिदान दिया है आज उन्हें श्रद्धांजलि मिली है। इससे पूर्व भारत माता की जय के जयकारों के साथ सभी कार्यकर्ता चौधरी कॉम्प्लेक्स पहुंचे। इस दौरान भाजयुमो के प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य राकेश गौतम, ज़िला अन्य पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष नरेंद्र चौधरी,भाजपा किसान मोर्चा के कार्यालय सचिव नरेन्द्र हांडा,बंटु शुक्ला,बसंत सिंह ठाकुर,नरेश गौतम,जगदीश्वर शुक्ला,पवन गौतम,जगदीश शर्मा,ओम प्रकाश शर्मा,मुनीष शुक्ला,श्याम चौधरी,भीम शर्मा,मनसा राम,बाबू राम,महेश्वर शुक्ला,राहुल चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पटाखे चलाकर व मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भारत सरकार की ओर से अनुच्छेद 370 को समाप्त करने के निर्णय को ऐतिहासिक बताया है। इससे जम्मू और कश्मीर के लोगों के सामाजिक एवं आर्थिक जन-जीवन और विकास पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और इससे राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता भी सुदृढ़ होगी। राष्ट्र के सर्वोच्च हित में लिए गए इस निर्णय की सराहना करते हुए जयराम ने कहा कि इस ऐतिहासिक पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह बधाई के पात्र है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से केंद्र में भाजपा सरकार की सुदृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति का पता चलता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उठाए गए इस कदम से जम्मू और कश्मीर में शांति, प्रगति तथा समृद्धि के नए अध्याय का सूत्रपात होगा। विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल और मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा ने भी इस फैसले का स्वागत कर इसे ऐतिहासिक बताया है। वहीं, प्रदेश भाजपा ने सोमवार को पूरे हिमाचल में जश्न मनाया। जम्मू-कश्मीर के लिए अनुच्छेद 370 को खत्म करने और जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को दो अलग-अलग केंद्र शासित राज्य बनाने पर पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया। जगह-जगह पर नाच-गाना भी हुआ। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच मिठाई बांटी गई। शिमला में मंडल भाजपा की ओर से नाज के पास जश्न मनाया गया। राज्य भर में भाजपा के अलग-अलग मंडलों में भी इसी तरह खुशी मनाई गई। ज़िला मुख्यालयों पर भी मोदी और शाह की जय-जयकार होती रही। प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी जश्न का माहौल रहा।
हिमाचल कांग्रेस के किसी भी बड़े नेता ने अनुच्छेद 370 और 35ए पर केंद्र सरकार के फैसले पर अपनी कोई भी प्रतिक्रिया व्यक्त करने से परहेज किया है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे और विधायक विक्रमादित्य सिंह ने सोशल मीडिया में पोस्ट कर केंद्र सरकार के भारतीय संविधान के अनुच्छेद 370 पर फैसले का स्वागत किया है। विधायक विक्रमादित्य सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि भारत की एकता और अखंडता बनी रहेगी। जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। इसे केंद्र शासित के बदले विशेष राज्य का दर्जा दिए बगैर देश के अन्य प्रदेशों की तरह राज्य बनाकर ही रखा जाना चाहिए। उन्होंने अपनी पोस्ट में औद्योगीकरण की आड़ में गैर हिमाचलियों को धारा 118 को नरम करने पर चिंता जताई है। उन्होंने लिखा है कि हम सरकार को ऐसा कुछ नहीं करने देंगे।
जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 खत्म करने के बाद तनाव के मद्देनजर हिमाचल में सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है। प्रदेश में रह रहे कश्मीरियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट पर है। खासकर जम्मू से सटे चंबा, कांगड़ा और लाहौल में निगरानी बढ़ाई गई है। शक्तिपीठों-मंदिरों और बिजली प्रोजेक्टों में भी सतर्कता बरती जा रही है। नाकों पर चेकिंग हो रही है। इसी बीच, हिमाचल पथ परिवहन निगम ने सोमवार को जम्मू, कटड़ा और उधमपुर जाने वाली तेरह बसें पठानकोट में ही रोक दीं। हालात सामान्य होने तक जम्मू के लिए बस सेवा बंद कर दी है। एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक पंकज चड्ढा ने कहा कि निदेशालय से आगामी निर्देशों के बाद ही बसें पठानकोट से आगे जम्मू के लिए भेजी जाएंगी। निगम के मंडलीय प्रबंधक (ट्रैफिक) पंकज सिंघल ने भी इसकी पुष्टि की है। बटालियनों को स्टैंडबाय रहने के निर्देश उधर, केंद्र के निर्देश पर प्रदेश में मुस्लिम बहुल क्षेत्रों और कश्मीरी बस्तियों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सूबे के सभी विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों के प्रबंधनों को भी एहतियात बरतने के लिए कहा गया है। निर्देश दिए हैं कि अगर किसी भी तरह की हरकत महसूस हो तो तत्काल स्थानीय पुलिस से संपर्क करें। पुलिस मुख्यालय ने सभी बटालियनों को स्टैंडबाय रहने के निर्देश दिए हैं। उन्हें किसी भी जरूरत पर तत्काल ड्यूटी पर भी प्रदेश के किसी भी हिस्से में भेजा जा सकता है।
गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में तीज उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया। इसमें शशि गर्ग, निशा गर्ग,अदिति गर्ग,शिखा गर्ग, चारू बंसल, इंदु संगल, उषा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम में इंदु और निशा ने बतौर निर्णायक की भूमिका निभाई। इस अवसर पर सभी अध्यापकों ने पंजाबी परिधान पहने। इस उत्सव पर अतिथियों और अध्यापकों के लिए कुछ प्रतियोगिताएं भी रखी गई जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या गुरप्रीत माथुर ने सभी को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दी। विद्यालय में हिंदुस्तान स्काउट और गाइड की ओर से कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों के लिए 29 /7/19 से 31/7/19 तथा कक्षा 3 से 5 तक के बच्चों के लिए 1/8/19 से 3/8/19 तक शिविर का आयोजन किया गया। इसमें स्काउट और गाइड में प्रशिक्षण प्राप्त संतोष देवी और निरंजन सिंह की देखरेख में छात्रों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। छात्रों को विभिन्न तरह की तालियां बजाना, ध्वज के विभिन्न प्रकार के संकेत के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। छात्रों को अनुशासित जीवन जीने, फिजूलखर्ची से बचने, बड़ों का सम्मान करना, अपना कार्य समय पर पूरा करना आदि के बारे में बताया गया। शिविर के समापन पर सभी को प्रमाण पत्र दिए गए प्रधानाचार्या ने कहा कि इस तरह के शिविर में छात्रों का चहुमुखी विकास होता है।
ज़िला दंडाधिकारी सोलन केसी चमन ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाबली को 06 अगस्त से 09 अगस्त 2019 तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश भारी वर्षा में भूस्खलन के कारण विद्यालय को होने वाले नुकसान के मद्देनजर सुरक्षा की दृष्टि से जारी किए गए हैं। यह निर्णय उपमंडलाधिकारी एवं भू-अर्जन अधिकारी सोलन की रिपोर्ट पर लिया गया है।
उपमंडलाधिकारी नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने आज नालगाढ़ में 11 अगस्त को दून विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में आयोजित होने वाले जनमंच कार्यक्रम के लिए प्रचार वाहन को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल करेंगे। कार्यक्रम प्रातः 10.00 बजे आरम्भ होगा। उन्होंने विभिन्न पंचायतों के प्रधानों एवं सचिवों से आग्रह किया कि वे अपनी-अपनी पंचायत में लोगों को जन मंच के विषय में जागरूक बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रचार वाहन द्वारा क्षेत्र की मानपुरा थाना, हरिपुर, पट्टा कैंथा, चडियार, मधानीघाट, नाली मंधाला में जनमंच में उपस्थित होने की अपील की गई। प्रशांत देष्टा ने कहा कि जनमंच से पूर्व विभिन्न विभागों द्वारा इन ग्राम पंचायतों में पूर्व जनमंच गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व जनमंच गतिविधियों में इन ग्राम पंचायतों में लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पशुपालन, कृषि तथा बागवानी विभाग द्वारा जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। पूर्व जनमंच गतिविधियों के अंतर्गत इन ग्राम पंचायतों में विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण भी किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि बड़ी संख्या में जन मंच कार्यक्रम में पहुंचे और अपने घरद्वार के समीप अपनी समस्याओं का निवारण सुनिश्चित बनाएं।
A group of Indian Association of Muscular Dystrophy (IAMD) interacted with the officials of Dr YS Parmar University of Horticulture and Forestry (UHF), Nauni on Sunday and shared their inspiring stories of courage. The visit was part of IAMD’s comprehensive and residential rehabilitation program for people afflicted with Muscular Dystrophy in which physiotherapy, meditation, counselling of parents and patients, outings, picnic are carried out. Around 60 people including 22 patients from different age groups from different parts of the country and three patients from Saudi Arabia took part in the event. The visit to UHF was called ‘picnic with a difference’. Dr Parvinder Kaushal, UHF Vice-Chancellor, welcomed the group by presenting roses to all the members. While addressing the gathering Dr Kaushal lauded the efforts of the Association in creating awareness about Muscular Dystrophy. He said that the association was doing a commendable job in bringing about a positive change in the lives of the families and people suffering from the neuromuscular genetic disorder. Dr Kaushal also appreciated the efforts of the families. He said that institutions need to assume more responsibilities in making higher education more accessible to everyone, particularly for people with disabilities. He said that UHF will make efforts to make more areas accessible to people with disabilities so that everyone can admire the beauty of the campus. Vipul Goyal, General Secretary of IAMD stressed on the need to create more awareness about the disease. While sharing the activities conducted by the association, Goyal said that the timely intervention and therapy and counselling can maintain the status quo in the disorder. He shared inspiring stories of several individuals suffering from disorder who through therapy and counselling have gone to shine in different fields. During the interaction, Harkirat, one of the members of the group from Punjab gave a recitation of his poem, which was widely appreciated by all. The visit concluded with the Association members singing their ‘Prerna’ song. Besides Dr PK Mahajan, Dean College of Forestry, Naresh Bhatia, Principal Farm Manager, Dr Anil Kumar, Physiotherapist, IAMD members Sangeeta Goyal and Nagar Mal Goyal also attended the event. The association has been working since 1992 to provide relief, rehabilitation to the people afflicted with Muscular Dystrophy in India and to create public awareness. IAMD headquarters is located at Solan, Himachal Pradesh.
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने जम्मू-कश्मीर को दो भागों में विभक्त करने और धारा 370 को हटाए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने इस निर्णय के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। डाॅ. सैजल ने कहा कि केन्द्र सरकार का यह ऐतिहासिक एवं सराहनीय कदम है। यह निर्णय देश और जम्मू-कश्मीर के लिए अत्याधिक आवश्यक था। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर को केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर और लद्दाख के रूप में विभक्त करने से जहां लद्दाख वासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है वहीं देशहित में समूचे क्षेत्र का दीर्घवधि में लाभ भी हुआ है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से देशहित के इस निर्णय का स्वागत और समर्थन करने की अपील की है। भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता रितु सेठी सहित सोलन ज़िला के अन्य नेताओं एवं आमजन ने केन्द्र सरकार के इस निर्णय का तह दिल से स्वागत किया है।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डाॅ. डेजी ठाकुर ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे महिलाओं की समस्याओं व उनके प्रति अपराधों के संबंध में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लें तथा कानून के अनुसार त्वरित कार्यवाही करें ताकि महिलाओं को समय पर न्याय प्राप्त हो सके। डाॅ. डेजी ठाकुर सोमवार को ज़िला सोलन के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस थानों में महिलाओं की शिकायतों एवं समस्याओं के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता कर रही थीं। डाॅ. डेजी ठाकुर ने कहा कि महिलाओं को सुगम न्याय प्रदान करने के लिए सरकार द्वारा विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करने का प्रावधान है। इस विषय में ग्रामीण व दुर्गम क्षेत्रों में महिलाओं को और अधिक जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुविधा के लिए प्रदेश सरकार द्वारा महिला पुलिस थाने खोले गए हैं एवं आवश्यकतानुसार और अधिक खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने मोबाइल से शक्ति ऐप बटन के माध्यम से तुरंत अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती हैं। इन शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित बनाया जाना आवश्यक है। पुलिस अधीक्षक सोलन मधुसूदन शर्मा ने कार्यशाला में पुलिस द्वारा शिकायत दर्ज करवाने के दौरान विभिन्न कानूनी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभिन्न महिला अपराधों के प्रति गंभीर है और इस दिशा में पुलिस कर्मियों को अधिक संवेदनशील बनाया जा रहा है। जिला न्यायवादी संजय चैहान ने महिला अपराधों की रोकथाम तथा इस संदर्भ में नवीनतम कानूनों के विषय में जानकारी प्रदान की। जिला कार्यक्रम अधिकारी वंदना चैहान ने प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं व किशोरियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर प्रकाश डाला। राजकीय महाविद्यालय सोलन की मनोविज्ञान की प्रवक्ता डाॅ. कल्पना भारद्वाज ने महिला-पुरूषों के प्रति सामाजिक व वैज्ञानिक दृष्टिकोण बारे विस्तृत चर्चा की। कार्यशाला में सहायक जिला न्यायवादी जितेंद्र शर्मा, जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ डाॅ. अजय सिंह, वन स्टाॅप सेंटर की प्रदेश प्रभारी नीलम कुमारी, नवनिर्माण फाउंडेशन की अध्यक्ष कुमारी सुदेश ने भी महिला अपराधों तथा विभिन्न कानूनी पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डाॅ. शिव कुमार शर्मा सहित ज़िला के विभिन्न पुलिस उप अधीक्षक एवं अन्य पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे।
ग्राम पंचायत कसौली-गढ़खल एवं गनोल में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि हमें यह सुनिश्चित बनाना होगा कि प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले वन महोत्सव एवं पौधरोपण कार्यक्रम महज औपचारिकता बनकर न रह जाएं। डाॅ. सैजल सोमवार को सोलन ज़िला के कसौली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कसौली गढ़खल तथा समोल में पौधरोपण कार्यक्रम के उपरांत समोल गांव में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने पौधरोपण कार्यक्रम में कसौली गांव में देवदार तथा समोल गांव में आंवला एवं देवदार का पौधा रोपा। इस अवसर पर 230 पौधे लगाए गए। डाॅ. सैजल ने कहा कि प्रतिवर्ष प्रदेश के सभी स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इनमें बड़ी संख्या में पौधे रोपे जाते हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों को तभी सफल माना जा सकता है जब रोपे गए पौधे अधिक से अधिक संख्या में वृक्ष बनें। इसके लिए यह आवश्यक है कि वन विभाग के साथ-साथ क्षेत्रवासी भी इस दिशा में प्रयास करें। उन्होंने कहा कि हमारी सभ्यता एवं संस्कृति में पेड़ों का विशेष महत्व रहा है एवं इन्हें देवतुल्य माना गया है। प्राचीन काल में पौधों को रोपने से पूर्व उनका औषधीय पौधों के रस से उपचार किया जाता था। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार के संक्रमण को समाप्त कर पौधे को एक स्वस्थ वृक्ष के रूप में विकसित करना होता था। डाॅ. सैजल ने इस अवसर पर महिला मंडल समोल को विभिन्न गतिविधियों के लिए 40 हजार रुपये प्रदान-प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गनोल के नए भवन के निर्माण के लिए प्राक्कलन के अनुरूप एक करोड़ रूपये शीघ्र उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने शक्ति युवा मंडल गनोल के भवन के लिए 12 लाख रूपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कसौली-गनोल संपर्क मार्ग को वर्तमान वित्त वर्ष में पक्का कर दिया जाएगा। उन्होंने इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गनोल के बच्चों को सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए पुरस्कृत भी किया। भाजपा युवा मोर्चा कार्यकारिणी के सदस्य मदन शांडिल ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा कार्यक्रम की जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर जिला भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष सुंदरम ठाकुर, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सदस्य एवं ग्राम पंचायत गुल्हाड़ी के प्रधान मदन मोहन मेहता, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य राजकुमार सिंगला, रमेश अत्री, अमित, नरेश ठाकुर ग्राम पंचायत गनोल के प्रधान निर्मल शर्मा, पूर्व प्रधान लाज किशोर शर्मा, तहसीलदार कसौली कपिल तोमर, डिप्टी रेंजर प्रदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
सिरमौर का पहला एवरेस्ट आरोहण करने वाला जांबाज - विवेक ठाकुर सोलन में सिरमौर कल्याण मंच की ओर से आयोजित परमार जयंती समारोह में उल्लेखनीय योगदान के लिए विवेक ठाकुर और विद्यानंद को सम्मानित किया। विवेक ठाकुर को सिर्फ ऊंचाइयों में चढ़ने का शौक था और ऐसी शौक ने उनके ख्वाबों को अंजाम तक पहुंचा दिया है। विवेक ठाकुर ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को 16 मई 2019 को फतेह किया। विवेक ठाकुर का जन्म 11-12-1989 को संगड़ाह उपमंडल के अंधेरी गांव में श्रीमती यशोदा देवी तथा पिता गुमान सिंह के घर हुआ। विवेक की शिक्षा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ददाहू, जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन, स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन से हुई। 2012 में विवेक ने सीआईएसएफ में सब इंस्पेक्टर के पद पर ज्वाइन किया तथा 2015 में विवेक प्रतिनियुक्ति पर एनएसजी में चले गए। यहां विवेक को पर्वतारोहण दल में शामिल किया गया। विवेक का कहना है कि युवाओं को जीवन में एक लक्ष्य लेकर दृढ़ता से आगे बढऩा चाहिए तथा नशे से दूर रहना चाहिए। विद्यानंद सरैक को मिला डॉ परमार सम्मान सिरमौर की धरती लोक साहित्य, संस्कृति की अजस्त्र स्त्रोत हैं। इस माटी के गर्भ में लोक संस्कृति के बहुत से स्वरूप मौजूद हैं। लोक संस्कृति-साहित्य कला संवाहकों से समृद्धि पाती है-ऐसे ही एक कलाकार हैं विद्यानंद सरैक। विद्यानंद सरैक का जन्म 25 जून 1941 को माँ मुन्नी देवी तथा पिता गणेश राम के घर देवठी मझगांव के वास-खुन्न में हुआ। विद्यानंद अपनी गायिका माँ को ही अपना गुरु मानते हैं। सरैक ने बीए तक की शिक्षा प्राप्त की। शिक्षा ग्रहण के बाद शिक्षा विभाग में नौकरी की। वहीं कला-साहित्य-संस्कृति के लिए 1976 में नौकरी त्याग दी। सरैक ने करियाला, नृत्य-गायन, अभिनय, लेखन-निर्देशन से अपनी प्रतिभा को निखारा। मृतहरी, गीता, गीतांजली, दुर्गा सप्तशति, सत्य नारायण कथा का पहाड़ी (सिरमौरी) में अनुवाद किया, जो श्रम साध्य और महनीय कार्य है। ठोडा, सिंहटू, भड़ाल्टू, देव-पूजाएं-पाजड़, लोक-दंत कथाओं पर कार्य किया। 1000 पहाड़ी गीतों की रचना की, जिन्हें सिरमौर की सभी प्रतिष्ठित आवाजों ने सुर दिया। टर्की, बुल्गारिया, मेसोडोनिया, ग्रीस आदि देशों में कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी है। राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर के अनेकों लब्ध प्रतिष्ठित पुरस्कारों से आपको नवाजा गया है। 2018 में देश के प्रतिष्ठितम पुरस्कार संगीत नाटक अकादमी अवार्ड से विद्यानंद को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के द्वारा नवाजा गया। ये सिरमौर ही नहीं प्रदेश के लिए गौरव के क्षण थे। लोक-गाथाओं, हार-वार, साके-प्वाड़े, पाजड़े, भारथो पर विद्यानंद निरंतर काम कर रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश पुलिस पेंशनर्ज का जनरल हाउस व त्रैमासिक बैठक शीत होटल कुनिहार में एसोसिएसन के प्रधान धनीराम तनवर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। सर्वप्रथम बैठक में सदस्यों ने पिछली अवधि में जिन पुलिस पेंशनर्ज का निधन हुआ उनकी आत्म शांति के लिए प्रार्थना कर दो मिनट का मौन रखा। खासकर चौधरी निरंजन सिंह रिटायर्ड निरीक्षक इन्होंने पूरी नौकरी हिमाचल प्रदेश में भिन्न भिन्न पदों पर रहते हुए की जिनका निधन कैंसर की बीमारी से कुछ दिन पहले अपने घर भवानीपुर( हरियाणा)में हुआ को यादकर श्रधांजलि दी। इसके उपरांत अध्यक्ष द्वारा कुनिहार निवासी 95 वर्षीय वृद्ध पेन्शनर दुर्गा राम को शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित कर सभी सदस्यों ने उनके स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना की। एसोसिएसन की अवधि चार वर्ष होने पर आम सभा का आयोजन हुआ जिसमें पुरानी कार्यकारणी को भंग कर नई कार्यकारणी का गठन करने का निर्णय हुआ। अध्यक्ष व कोषाध्यक द्वारा पिछले चार वर्षो के कार्यों को सभी के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि एसोसिएसन द्वारा कुछ मांगों को बहुत जल्द मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। एसोसिएसन द्वारा उठाई गई मांग कि हवलदार के 30 वर्ष की नौकरी पूरी होने पर अगला रैंक ए एस आई मिले को पूरा किया गया है। पिछला पूरा विवरण देने के बाद प्रधान द्वारा पुरानी कार्यकारणी को भंग कर विशेष अतिथि गोपाल पंवर प्रधान पेंशन यूनिट कुनिहार व भागमल तनवर से आग्रह किया गया कि वे चुनाव अधिकारी के रूप में एसोसिएसन के चुनाव करवाएं। चुनाव प्रक्रिया में धनीराम तनवर को एक बार फिर से सर्वसम्मति से एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष सन्तराम चन्देल, उपाध्यक्ष दीपराम ठाकुर, महासचिव केदार नाथ वर्मा, कोषाध्यक पत राम पंवर, मुख्य सलाहकार जगदीश चौहान, सलाहकार जगदीश गर्ग व भूपराम ठाकुर, गोपाल ठाकुर को एसोसिएसन का सदस्य बनाया गया।
पाईन ग्रोव स्कूल धर्मपुर में 78 स्कूलों को किया सम्मानित सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों के साथ-साथ जन-जन को व्यक्तिगत रूप से भी उत्तरदायी बनना होगा। डाॅ. सैजल आज सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर स्थित पाईन ग्रोव स्कूल में हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (हिमकोस्ट) के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन विभिन्न विद्यालयों को पर्यावरण संरक्षण एवं विद्यालयों में स्वच्छता की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित करने के लिए किया गया। डाॅ. सैजल ने इस अवसर पर सोलन जिला के 78 विद्यालयों को पर्यावरण संरक्षण एवं विद्यालयों में स्वच्छता की दिशा में उत्कृष्ट रहने पर सम्मानित किया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं देश को सही मायनों में स्वच्छ रखने के केन्द्र एवं प्रदेश सरकार के प्रयास तभी सार्थक होंगे जब प्रत्येक व्यक्ति इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी को समझेगा। उन्होंने कहा कि हमें अपने आवास एवं आसपास की स्वच्छता के साथ-साथ अपने क्षेत्र, समाज, प्रदेश तथा देश की स्वच्छता के लिए एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विश्व भर में विख्यात है तथा देश-विदेश से पर्यटक राज्य के विभिन्न स्थलों पर भ्रमण करने आते हैं। इसलिए हम सभी का दायित्व है कि हम प्रदेश में उन्हें बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ स्वच्छ एवं स्वास्थ्यवर्धक पर्यावरण कायम रखने में अपना योगदान दें। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता कायम रखने में सरकार के प्रयासों को संबल प्रदान करें। डाॅ. सैजल ने पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहतरीन कार्य करने वाले विद्यालयों को बधाई देते हुए कहा कि वैश्वीकरण, उष्मीकरण एवं निजीकरण के इस दौर में पर्यावरण संरक्षण एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। पहाड़ों पर पिघलते ग्लेशियर हमारे पर्यावरण के संतुलन को खतरा उत्पन्न कर रहे हैं। इसलिए प्रकृति के संरक्षण तथा जल संरक्षण में समस्त वर्गों को मिलजुल कर कार्य करना होगा ताकि हम भावी पीढ़ी को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण प्रदान कर सकें। डाॅ. सैजल ने ग्रीन स्कूल कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बोहली, विकास खंड धर्मपुर तथा एमआरए डीएवी स्कूल सोलन को जिला में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए पुरस्कृत किया। इससे पूर्व उप जिला शिक्षा अधिकारी चंद्रमोहन शर्मा ने मुख्यतिथि का स्वागत किया तथा कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि ग्रीन स्कूल कार्यक्रम के तहत समस्त प्राथमिक विद्यालयों में 5 पौधे तथा माध्यमिक तथा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में 10 पौधे रोपित किए जा रहे हैं। जिला सोलन में वर्तमान समय में 250 इको क्लब विभिन्न विद्यालयों में संचालित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सदस्य एवं ग्राम पंचायत गुल्हाड़ी के प्रधान मदन मोहन मेहता, पाइन ग्रोव पब्लिक स्कूल के अध्यापकगण तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि व काफी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।


















































