राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुन्दन में बाल दिवस मनाया गया व पंडित जवाहरलाल नेहरू भारत के प्रथम प्रधानमंत्री को याद किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नीम चंद ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने की। बच्चों के मनोरंजन के लिए जलेबी दौड़,चम्मच दौड़,लेग दौड़,रस्साकशी,रुमाल दौड़,म्यूजिकल चेयर व मोनो एक्टिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं अंतर सदनिय करवाई गई। दानी महिला प्रेमलता ने समस्त विद्यालय परिवार को धाम का आयोजन किया। जलेबी दौड़ में सतलुज से वैशाली व लक्ष्मी बाई से योगेश ने प्रथम स्थान,चम्मच दौड़ में ईषिता सतलुज से जीवन लड़कों से सतलुज ने प्रथम स्थान,थ्री लेग दौड़ में लड़कियों में बाडेश्वर व सतलुज प्रथम,लड़कों से कलाम व सतलुज प्रथम रहे।अंडर लैग दौड़ में सतलुज सदन ने लड़कियों व लड़कों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रस्साकशी में बाडेश्वर प्रथम,लड़कियों में तथा लड़कों में सतलुज में दबदबा जमाया। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दी।
हमीरपुर के भोटा पुलिस चौकी के तहत गांव खंसरा में चोरों ने भाजपा नेता के घर सेंध लगा दी। बताया जा रहा है रात को चोरों ने सात कमरों के ताले तोड़कर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश चंद गांव खसरा के घर में चोरों ने ताले तोड़कर प्रवेश किया। चोरों ने सातों कमरों में पूरे सामान को बिखेरा है और नुकसान भी पहुंचाया है। प्रकाश चंद ठाकुर के मुताबिक खंसरा गांव के लोगों ने रात को जानकारी दी कि आपके घर की बिजली जल रही है तो वे हमीरपुर स्थित नए घर से गांव पहुंचे। भनक लगते ही चोर रफूचक्कर हो गए। चोरों ने 7 कमरों व बाथरूम के ताले भी तोड़े हैं। इसके अलावा साथ लगते एक और मकान में भी चोरी का प्रयास किया गया है। प्रकाश चंद ने बताया कि चोरी की सूचना सर्वप्रथम लोडर पंचायत के उप प्रधान संजय कुमार को दी और उसके बाद भोटा चौकी पुलिस को भी चोरी की सूचना दे दी। भोटा चौकी पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी। प्रकाश चंद ठाकुर ने कहा कि वह अधिकांश हमीरपुर में नए घर में ही रहते हैं और गांव में स्थित पुराने घर में कोई भी नहीं था। पुलिस के मुताबिक चोरी के मामले की छानबीन जारी है।
वीरवार को सुबह बंदरों की लड़ाई में एक बन्दर को बिजली का करंट लगने से मार्मिक मौत हो गई। हिमाचल प्रदेश के बिजली कर्मचारियों जो कि अणु हमीरपर में तैनात हैं ने बिजली बन्द करके नीचे उतारा और मृत बंदर का संस्कार कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी पूर्व सैनिक तिलक राज कटोच ने बताया कि हमीरपुर नगर के कुछ दूरी के फ़ासले पर अणु क्षेत्र में बंदरों की लड़ाई के दौरान एक बंदर बिजली के खम्बे पर चढ़ गया और हाई बोल्टेज तारों में उलझ गया। करंट से उसका शरीर जलने लगा और धुंआ निकलना शुरू हो गया। उन्होंने बताया कि बिजली विभाग ने तुरंत विद्युत सप्पलाई बंद कर दी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन केसी चमन ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 25 के उपबन्धों के अनुसरण में सोलन जिला के पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों की सूची प्रकाशित कर दी है। यह सूची निर्वाचन आयोग के पूर्व अनुमोदन से जारी की गई है। यह जानकारी सरकारी प्रवक्ता ने दी। उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी ने 50-अर्की, 51-नालागढ़, 52-दून, 53-सोलन(अनुसूचित जाति) तथा 54-कसौली(अनुसूचित जाति) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदान केंद्रों की सूची जारी की है। यह सूची मतदान केंद्रों के युक्तिकरण के उपरांत जारी की गई है। युक्तिकरण के उपरांत सोलन जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में अब कुल 573 मतदान केंद्र हो गए हैं। पूर्व में जिला में कुल 557 मतदान केंद्र थे। युक्तिकरण के उपरांत 50-अर्की में एक, 51-नालागढ़ में पांच, 52-दून में दो, 53-सोलन(अनुसूचित जाति) में चार तथा 54-कसौली(अनुसूचित जाति) निर्वाचन क्षेत्र में चार नए मतदान केंद्र स्थापित किए गए है। मतदान केंद्रों का युक्तिकरण नए मतदान केंद्रों के सृजन एवं संशोधन के उपरांत किया गया है। अब 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में कुल 132 मतदान केंद्र, 51-नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 115 मतदान केंद्र, 52-दून विधानसभा क्षेत्र में कुल 95 मतदान केंद्र, 53-सोलन(अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र में कुल 128 मतदान केंद्र तथा 54-कसौली(अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र में कुल 103 मतदान केंद्र हो गए है।
नेहरू युवा केंद्र बिलासपुर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत नेहरू युवा केंद्र स्थापना दिवस कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्यालय में किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त ज्वाइंट डायरेक्टर एवं हिंदू मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के प्रांतीय ब्रांड एंबेसडर सुशील पुंडीर ने शिरकत की। जबकि विशेष अतिथि के रूप में लाडली फाउंडेशन की उपाध्यक्ष शालिनी शर्मा ने शिरकत की। युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुशील पुंडीर ने कहा कि नेहरू युवा केंद्रों की स्थापना वर्ष 1972 में ग्रामीण युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में भाग लेने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व और कौशल के विकास के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से की गई थी। 1987-88 में, नेहरू युवा केंद्र संगठन को इन केन्द्रों के कामकाज की निगरानी के लिए भारत सरकार, युवा मामलों और खेल मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संगठन के रूप में स्थापित किया गया था। वर्तमान में, देश के 623 जिलों में नेहरू युवा केंद्र कार्यरत है। इसके अलावा, 623 जिला आधारित नेहरू युवा केंद्रों को प्रबंधित करने, चलाने और चलाने के लिए, भारत के 29 राज्यों में क्षेत्रीय कार्यालयों की स्थापना नेहरू युवा केंद्र संगठन द्वारा की गई है। लाडली फाउंडेशन की उपाध्यक्ष एवं इंटरनेशनल इनरव्हील क्लब की जिलाध्यक्ष शालिनी शर्मा ने कहा कि एनवाईकेएस दुनिया में अपनी तरह का एक सबसे बड़ा जमीनी स्तर का युवा संगठन है। यह स्वैच्छिकता, आत्म-सहायता और सामुदायिक भागीदारी के सिद्धांतों पर युवाओं की शक्ति को नियंत्रित करता है। उन्होंने बताया कि नेहरू युवा केंद्र संगठन युवा मामलों के मंत्रालय के विभिन्न युवा कार्यक्रमों और अन्य मंत्रालयों के समन्वय और सहयोग में कुछ विशेष कार्यक्रमों के साथ युवा विकास के विभिन्न मोर्चों में काम कर रहा है। मुख्य ध्यान अच्छी नागरिकता के विकास मूल्य, धर्मनिरपेक्ष तरीकों से सोचने और व्यवहार करने, कौशल विकास और युवाओं को उत्पादक और संगठित व्यवहार को अपनाने में मदद करने पर किया गया है। युवाओं को संबोधित करते हुए आदर्श डिफेंस एकेडमी के प्रबंधक एवं समाजिक कार्यकर्ता मेजर सूबेदार ज्ञान चंद ठाकुर ने कहा कि नेहरू युवा केंद्र संगठन के मुख्य उद्देश्य राष्ट्र निर्माण गतिविधियों में ग्रामीण युवाओं को शामिल करना है तथा उन में ऐसे कौशल और मूल्यों को विकसित करने के लिए जिनके साथ वे आधुनिक, धर्मनिरपेक्ष और तकनीकी राष्ट्र के जिम्मेदार और उत्पादक नागरिक बन जाते है। इस मौके पर रेनबो स्टार क्लब के अध्यक्ष ईशान अख्तर, राजीव गांधी अक्षय ऊर्जा युवा क्लब के प्रधान लखन पाल, वासुदेव, नीतीश, नीलम सूद, हिमांशी मेहता, साइना, भारती ठाकुर, अंकित शर्मा, अनिल कुमार, अजय कुमार, शिवानी, चंद्रकांत, कल्पना देवी, पूनम, भारती, प्रीति, सुरेश ठाकुर, शालू इत्यादि युवा मौजूद रहे।
वर्ष 2019 में वैश्विक भुखमरी के आंकड़ों में स्थिति सुधारने में बुरी तरह पिछड़े भारत की तसवीर पर सुजानपुर के कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि वैश्विक भुखमरी के आंकड़ों में 117 देशों की सूची में हमारा देश 102वें स्थान पर पहुंच गया है, जोकि मोदी सरकार की 6 सालों की उपलब्धि है। अंधभक्त इस पर क्या कहेंगे, जब देश गरीबी उन्मूलन में इस कद्र पिछड़ गया है, इसमें पड़ोसी देशों को भी पछाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में तत्कालीन मनमोहन सरकार के समय देश 55वें स्थान पर पहुंच गया था लेकिन केंद्र में मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद भुखमरी में दोगुना उछाल सरकार की गलत नीतियों की ओर इशारा कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमसे बेहतर तो पड़ोसी मुल्क है, इनमें श्रीलंका 66वें, नेपाल 73वें व बाग्लादेश 88वें स्थान पर है। कर्ज में डूबे पाकिस्तान भी 94वें स्थान पथ हमसे बेहतर स्थिति में है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में भी देश 103वें स्थान पर था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 में हमारा देश 95वें नंबर पर था लेकिन तत्कालीन मनमोहन सरकार ने मनरेगा जैसी स्कीम शुरू कर गांवों में ही रोजगार सृजित कर गरीबी उन्मूलन में बड़ी कामयाबी हासिल की थी तथा देश 55वें नंबर पर पहुंच गया था। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के 6 माह के भीतर ही सरकार ने 1 लाख 76 हजार करोड़ रूपए का कर्ज आरबीआई से ले लिया है तथा चंद उद्योगपतियों के कर्जे माफ किए जा रहे है। बैंक बंद हो रहे है। अर्थव्यवस्था बर्बाद हो गई है तथा उद्योग बंद होने करोड़ों लोगों को नौकरियों से हाथ धोना पड़ा है। सरकार इस पर अपनी स्थिति सपष्ट करते हुए श्वेत पत्र जारी करे। उन्होंने कहा कि जिस सरकार के राज में गरीबी उन्मूलन में देश फिसल गया है तथा पड़ोसी देश भी बेहतर स्थिति में है, ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। ऐसी सरकार को अपनी खराब नीतियों के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए तथा पड़ोसी मुल्कों से स्थिति सुधारने की सीख लेनी चाहिए।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटि में बड़ी धूमधाम से वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। समारोह में पुष्प कांडा, उप शिक्षा निदेशक निरीक्षण विंग ने समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं डीसी चौधरी, बीईईओ निरीक्षण विंग, डॉ अलका शर्मा प्रिंसिपल निरीक्षण विंग विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में मंच का संचालन करते हुए गोपाल शर्मा और सुरेश भारद्वाज ने सर्वप्रथम सभी अतिथियों का स्वागत किया।कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके की गई। उसके बाद छात्राओं ने स्वागत गीत पेश किया। प्रिंसिपल रामकृष्ण शर्मा ने मुख्य अतिथि और विशेष अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और कार्यक्रम में पधारने पर उनका धन्यवाद किया। इस दौरान बच्चों ने अलग-अलग कार्यक्रम जैसे नाटी, भंगड़ा, स्काउट व गाइड बच्चों ने देशभक्ति के गीत और अन्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रिंसिपल रामकृष्ण शर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। मुख्य अतिथि पुष्पा कांडा ने विद्यालय की सराहना की और विद्यालय के प्रधानाचार्य, सभी अध्यापकों व अभिभावकों की प्रशंसा की। मुख्य अतिथि ने शैक्षणिक श्रेणी में प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान व अन्य गतिविधियों में स्काउट व गाइड, इको क्लब, खेल स्पर्धा में बच्चों को पारितोषिक वितरित किए। इस दौरान सुन्दर ठाकुर उप प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टा बरावरी , पंकज शर्मा प्रिंसिपल गर्ल्स स्कूल कुनिहार, प्रिंसिपल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शालाघाट, डीडी कश्यप बीडीसी सदस्य, अरुण कुमार, संगीता, कांता ,अमित शर्मा ,सुरेंद्र, विपिन कुमार, राकेश शर्मा,भी समारोह में मौजूद रहे। कार्यक्रम सुचारु रुप से संपन्न हुआ।
कुनिहार विकास खण्ड के अंतर्गत कोठी पंचायत के चुरून्डु कोठी में लावारिस पशुओं ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। हेमन्त व पवन ने कठिन परिश्रम करके अपने खेत मे गोभी व मटर की फसल सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती के अंतर्गत लगाई थी। खेतो में गोभी की फसल तैयार थी,परन्तु मंगलवार रात्री में लावारिस पशुओं ने पूरे खेत को तहस-नहस कर दिया। कोठी व साथ लगती अन्य पंचायतो में लावारिस पशुओं की हर रोज हो रही बढ़ोतरी की वजह से खेती करके परिवार का गुजर बसर करने वाले किसानों को परिवार के पालन पोषण की चिंता सताने लगी है। पवन व हेमन्त ने बताया कि उन्होंने फूलगोभी व मटर की फसल सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती के अंतर्गत लगाई थी। बीती रात्री लावारिस पशुओं ने फूलगोभी के खेत को खा कर व खुरो तले कुचल कर पूरी तरह बर्बाद कर दिया व साथ ही मटर की फसल को भी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने पंचायत से मांग की है कि इन लावारिस पशुओं को गौशाला में छोड़ा जाए, ताकि किसानों को अपनी मेहनत का फल मिल सके। साथ ही उन्होंने विभाग से फसल की पूरी तरह बर्बादी पर मुआवज़े की मांग की है। कोठी पंचायत के प्रधान प्रेम चन्द ने बातचीत में बताया कि बनिया देवी में गौशाला के लिए एक बीघा जमीन पंचायत को उपलब्ध हुई है,जिसमें शेड बनवाने के लिए सरकार को 5 लाख रु के बजट का प्रावधान करने के लिए एस्टीमेट भेजा गया है। जोकि अभी तक नही आया है। जैसे ही बजट उपलब्ध होता है,वैसे ही पंचायत में गौशाला का निर्माण करवा दिया जाएगा। उन्होंने लोगो से अपील की है कि अगर कोई व्यक्ति क्षेत्र में पशुओं को लावारिस छोड़ने के इरादे से आये तो उनकी जानकारी पँचायत या पुलिस को जरूर दें ताकि इनके ऊपर उचित कार्यवाही की जा सके।
प्रदेश रेडक्रॉस समिति की उपाध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की धर्मपत्नी डॉक्टर साधना ठाकुर की उपस्थिति में सोमवार को कंडाघाट जिला सोलन में प्रथम उपमंडल स्तरीय रेडक्रॉस मेले का शुभारंभ हुआ। इस दौरान प्रदेश रेडक्रॉस की उपाध्यक्ष डॉक्टर साधना ठाकुर ने हिम आदर्श पब्लिक स्कूल ममलीग की दसवीं की छात्राओं को जिन्होंने उत्कृष्ट अंक प्राप्त किये - महाविश बेग 94.29% हिमानी परिहर 92% श्वेता ठाकुर 90.85% कृतिका ठाकुर 90% नितिका 89% को सम्मान पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। स्कूल के अध्यक्ष हरिचंद ठाकुर ने उप मंडलीय रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष कंडाघाट डॉक्टर संजीव धीमान व उपाध्यक्ष डॉ साधना ठाकुर का छात्राओं को दिए गए इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।
मानव सेवा के लिए उत्कृष्ट कार्य कर रहे सराहकड़ स्कूल के सकाउटस ने फिर एक बार बीमार व्यक्ति की आर्थिक सहायता की है। उन्होंने फिर से मानव सेवा के लिए अपने प्रयासों को सार्थक किया है। राजकीय माध्यमिक पाठशाला सराहकड़ के स्काउटस ने अपने सकाउट मास्टर सतीश राणा के मार्गदर्शन में उतराखंड के नैनीताल के ऊधम सिंह नगर के लीवर से पीडि़त गुड्डू को पी जी आई चण्डीगढ़ ले जाने के लिए 6000 रूपये की मदद दी गई। यह राशि प्रिंसिपल ओंकार सिंह, जय सिंह, शशि ठाकुर, रतन रांगड़ा ने उनके क्वाटर में जाकर इसकी पत्नी बवली को दी। इस के साथ एक महीने का राशन दिया गया। स्काउट मास्टर सतीश राणा का कहना है कि स्काउटिंग का उद्देश्य जरुरतमंद लोगों की सेवा करना है और बच्चों को समाज के प्रति जागरूक नागरिक बनाना है।
नादौन अस्पताल में उस समय रोगियों की भारी भीड़ जमा हो गई,जब डयूटी पर केवल एक ही डॉक्टर उपस्थित थे। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने चोड़ू में कार्यरत चिकित्सक को डयूटी पर बुलाया। तब जाकर रोगियों की समस्याओं का निदान हो सका। यहां आए रोगियों व उनके तामीरदारों से मिली जानकारी के अनुसार सुबह जब वह लोग अस्पताल पहुंचे, तो अस्पताल में अन्य चिकित्सक छुट्टी पर होने के कारण केवल एक ही डॉक्टर डयूटी पर तैनात थे। इसके कारण अस्पताल में काफी भीड़ हो गई और बाहर तक लाइनें लग गई। इतना ही नहीं अस्पताल प्रशासन में केवल एक ही फार्मासिस्ट डयूटी पर होने के कारण भी लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जब इस बारे में प्रशासन को सूचना मिली तो चोड़ू अस्पताल में कार्यरत डा लेख राम धीमान को डयूटी पर बुलाया गया। गौर हो कि नादौन अस्पताल में केवल तीन ही चिकित्सक हैं, जिनमें से एक डॉक्टर की रात के समय डयूटी होने पर नियमानुसार अगले दिन उन्हें आराम दिया जाता है। ऐसे में एक भी डॉक्टर यदि छुट्टी पर हों तो स्टाफ की कमी हो जाती है।इस संबंध में बीएमओ डा अशोक कौशल ने बताया कि सुबह के समय रोगियों को कुछ दिक्कत हुई परंतु अन्य डॉक्टर की तैनाती के बाद स्थिति नियंत्रण में रही।
राज्य सरकार ने 17 नवम्बर, 2019 को जिला सोलन की नगर परिषद नालागढ़ तथा सोलन में रिक्त पदों पर होने वाले उप चुनाव के दृष्टिगत सवेतन अवकाश घोषित किया है। यह सवेतन अवकाश नैगोशिएबल इंस्ट्रूमेंटस एक्ट 1881 की धारा-25 के अंतर्गत घोषित किया गया है। उपचुनाव के दृष्टिगत इन क्षेत्रों में 17 नवंबर, 2019 को राज्य के सभी सरकारी कार्यालय, बोर्डों एवं निगमों के कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान तथा औद्योगिक विवाद अधिनियम के अंतर्गत आने वाली औद्योगिक इकाइयां एवं दुकानें भी इस दिन बंद रहेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष आकस्मिक अवकाश राज्य के विभिन्न स्थानों में कार्य करने वाले उन कर्मियों को देय होगा जो नगर परिषद सोलन अथवा नगर परिषद नालागढ़ के उप चुनाव वाले वार्डों के मतदाता है। इसके लिए कर्मचारियों को संबंधित पीठासीन अधिकारी से मतदान करने का प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा।
सोलन शहर में पैरागॉन होटल से मिनी सचिवालय तक के मार्ग को वन वे घोषित कर दिया गया है। इस संबंध में जिला दंडाधिकारी सोलन केसी चमन द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। यह आदेश मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 एवं 117, सड़क नियमन 1999 के नियम 15 एवं 17 तथा हिमाचल प्रदेश मोटर वाहन नियम 1999 के नियम 184 एवं 196 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए गए है। जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेशों के अनुसार पैरागॉन होटल से मिनी सचिवालय तक के मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों के लिए प्रातः 8.00 बजे से रात्रि 8.00 बजे तक वन वे (एकतरफा) घोषित कर दिया गया है। पैरागॉन होटल से मिनी सचिवालय तक मार्ग को सभी प्रकार के वाहनांे के लिए नो पार्किंग जोन भी घोषित किया गया है। इस मार्ग पर नो पार्किंग जोन की व्यवस्था हर समय लागू रहेगी। एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन तथा कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए प्रयुक्त किए जा रहे वाहनों पर यह आदेश लागू नहीं होंगे। यह निर्णय यातायात सुचारू बनाए रखने के दृष्टिगत लिया गया है।
सोलन के शिल्ली रोड से दुर्गा क्लब तक के मार्ग को वन वे अधिसूचित किया गया है। इस संबंध में जिला दंडाधिकारी सोलन केसी चमन द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह आदेश मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 एवं 117, सड़क नियमन 1999 के नियम 15 एवं 17 तथा हिमाचल प्रदेश मोटर वाहन नियम 1999 के नियम 184 एवं 196 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए गए है। इन आदेशों के अनुसार शिल्ली रोड से दुर्गा क्लब सोलन तक का मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए प्रातः 9.30 बजे से प्रातः 10.30 बजे तक वन वे (एकतरफा) रहेगा। इसी प्रकार सांय 5.00 बजे से रात्रि 8.00 बजे तक दुर्गा क्लब सोलन से शिल्ली रोड सोलन तक का मार्ग वन वे रहेगा। जिला दंडाधिकारी ने शिल्ली रोड से दुर्गा क्लब सोलन तक के मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों के लिए नो पार्किंग जोन भी घोषित किया है। इस मार्ग पर नो पार्किंग जोन की व्यवस्था हर समय लागू रहेगी। एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन तथा कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए प्रयुक्त किए जा रहे वाहनों पर यह आदेश लागू नहीं होंगे। यह निर्णय यातायात सुचारू बनाए रखने के दृष्टिगत लिया गया है।
नन्हें बाल वैज्ञानिक कड़ी मेहनत करेंगे तभी आगे चलकरबेहतर वैज्ञानिक बनेंगे। यह बात उपायुक्त राजेश्वर गोयल ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या बिलासपुर में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2019 का शुभारंभ करने के उपरांत प्रदेश के विभिन्न जिलों से एकत्रित नन्हें वैज्ञानिकों को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में बाल वैज्ञानिक भाग लेते है। उन्होंने कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस बाल वैज्ञानिकों को अपने वैज्ञानिक और नवीन कौशल को दिखाने और सांझा करने के लिए तथा बाल वैज्ञानिकों के बीच वैज्ञानिक स्वभाव और दृष्टिकोण को बनाने और विकसित करने के लिए एक मंच प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस 10 से 17 वर्ष के आयु वर्ग के बाल वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करती है। उन्होंने कहा कि बाल वैज्ञानिक महत्वपूर्ण सामाजिक समस्याओं और उनके कारणों का अध्ययन करें और उसके उपरांत वैज्ञानिक प्रक्रियाओं का उपयोग करके उन्हें हल करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस विज्ञान की खोज की भावना को प्रोत्साहित करती है। उन्होंने कहा हमारे आसपास हर जगह विज्ञान है विज्ञान की शिक्षा उत्सुकता से ईंधन देती है और बच्चों को मूल्यवान विचार, कौशल और भविष्य के संभावित कैरियर को बनाने के लिए विकल्प प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल कठिन परिभाषाएं और सूत्र नहीं है बल्कि यह समस्याओं, घटनाओं और वस्तुओं को गहनता से और अलग ढंग से व्याख्या करने और सौहार्दपूर्ण ढंग से समाधान खोजने के लिए एक दृष्टिकोण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चा भविष्य का वैज्ञानिक है और प्रत्येक वस्तु एक वैज्ञानिक उपकरण है बच्चों को ऐसी शिक्षा प्रदान करने और उनकी बुद्धि को प्रोत्साहित करने के साथ उनके आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल वातावरण बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस का विषय ’’क्लीन ग्रीन और हेल्दी नेशन के लिए विज्ञान, प्रोद्यौगिक और नवाचार है। उन्होंने कहा कि एचपी काउंसिल फॉर साइंस टेक्नोलॉजी एंड एनवायरमेंट हिमकोस्ट 1996 से राज्य में स्कूली बच्चों के बीच वैज्ञानिक और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा दे रहा है ताकि कम उम्र के बच्चों के लिए 6 गतिविधियों जिसमें विज्ञान गतिविधि कार्नर, वैज्ञानिक परियोजना रिपोर्ट, इनोवेटिव सांईस माॅडल, विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, गणितीय ओलम्पियाड, विज्ञान स्किट इत्यादि का आयोजन करके युवा मन में छिपी प्रतिभा को बाहर लाया जा सके। उन्होंने कहा कि विज्ञान में बच्चों को मात्र फार्मूले सीखाना नहीं अपितु उन्हें अपने परिवेश में प्रतिदिन होने वाली छोटी-छोटी गतिविधियों के व्यवहारिक रूप में अध्ययन बारे भी प्रेरित कर उसमें रूचि पैदा करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा तैयार किए गए छोटे-छोटे मॉडल दूसरे बच्चों को भी विज्ञान कौशल के रोमांच से विज्ञान रूचि की ओर आकर्षित करते हैं। उन्होंने तकनीकी दक्षता व विज्ञान के प्रति रूचि पैदा करने के लिए अध्यापकों द्वारा प्रैक्टिकल ट्रेनिंग देकर बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन किया तथा बाल वैज्ञानिकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण शिक्षा के लिये कम लागत से तैयार मॉडल खोज विज्ञान की प्रारम्भिक सीढ़ी है इसलिए अध्यापक बच्चों में पढ़ाई के साथ विज्ञान के प्रति भी सोच पैदा करें। उन्होंने अध्यापकों से आग्रह किया कि बच्चों को अध्यात्मिकता के बारे में जागरूक करते रहें। उन्होंने अभिभावकों से भी आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों की प्रतिदिन की दिनचर्या पर ध्यान रखें और नैतिक मूल्यों, कर्तव्य पालन और अनुशासन का पाठ पढ़ाएं। उपनिदेशक प्रारम्भिक सुदर्शन कुमार ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए बताया कि 13 से 16 नवम्बर तक आयोजित किए जा रहे चार दिवसीय राज्य स्तरीय विज्ञान सम्मेलन में प्रदेश भर के 700 बाल वैज्ञाानिक विभिन्न गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाल विज्ञान का मुख्य उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं विज्ञान के प्रति रूची पैदा करना है। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभाओं को जानने हेतू यह सम्मेलन बहुत लाभकारी है। उन्होंने कहा कि विज्ञान का प्रचार-प्रसार समाज से अंधविश्वास दूर कर बच्चों को विज्ञान के रहस्य बताकर उनके अन्दर आत्मविश्वास पैदा करता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को खोज विज्ञान के साथ जोडने के लिये स्कूल स्तर पर रोजमर्रा की घटनाओं को विज्ञान के साथ जोड़ कर इसे और सरल बना कर वैज्ञाानिक गतिविधियों से व्यवहारिक बनाया जा रहा है। इस मौके पर राष्ट्रीय शैक्षणिक समिति के सदस्य जेएम शर्मा, विज्ञान,प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण की राज्य स्तरीय समन्वयक प्रनीता ठाकुर, उपनिदेशक उच्च शिक्षा अमर सिंह ठाकुर, विज्ञान अध्यापक संघ के प्रदेशाध्यक्ष अजय शर्मा, महासचिव अमृत महाजन के अतिरिक्त अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
केंद्र सरकार की क्राफ्ट्समेन ट्रेनिंग स्कीम (सीटीएस) के अंतर्गत मैसर्ज सुजुकी मोटर्स गुजरात द्वारा तकनीकी कार्य प्रशिक्षण में प्रवेश के लिए कैंपस इन्टरव्यू 16 नवम्बर, 2019 को आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी गुमान सिंह वर्मा ने दी। कैंपस इन्टरव्यू 16 नवम्बर 2019 को जिला रोजगार कार्यालय सोलन में आयोजित किए जाएंगे। गुमान सिंह वर्मा ने कहा कि यह कैंपस साक्षात्कार केवल पुरूष उम्मीदवारों के लिए है। उम्मीदवार की आयु प्रथम दिसम्बर 2019 को 18 से 20 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उम्मीदवार शारीरिक रूप से सक्षम होना चाहिए। उम्मीदवारों का पुलिस सत्यापन करवाना अनिवार्य है। उम्मीदवार 10वीं कक्षा में न्यूनतम 55 प्रतिशत या इससे अधिक अंकों के साथ अंग्रेजी, गणित एवं विज्ञान विषय के साथ किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से संस्थागत छात्र के रूप में उत्तीर्ण होना चाहिए। जिला रोजगार अधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को प्रथम वर्ष 10 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। उत्तीर्ण छात्रों को भारत सरकार द्वारा एनसीवीटी प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों को कैंपस इन्टरव्यू में अपना आधार कार्ड, 10वीे की अंकतालिका, बोर्ड प्रमाण पत्र तथा दो पासपार्ट आकार के फोटो साथ लाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण की अवधि दो वर्ष की होगी। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय 01792-227242 पर संपर्क कर प्राप्त की जा सकती है।
सामाजिक संस्था रेनबो स्टार क्लब के अध्यक्ष एवं ऑपरेशन मुक्ति नशा निवारण अभियान के राज्य समन्वयक ईशान अख्तर की अगुवाई में लाडली फाउंडेशन हिंदू मुस्लिम राष्ट्रीय मंच तथा अर्धनारीश्वर सामाजिक संस्था के संयुक्त तत्वाधान में चिट्टा सरगना नशा माफियाओं की शव यात्रा पूरे बिलासपुर शहर में निकाली गई। चिट्टा सरगना की विशाल शव यात्रा गुरुद्वारा चौक से मेन मार्केट होते हुए,सब्जी मंडी मीट मार्केट वार्ड नंबर 8 से लक्ष्मी नारायण मंदिर से डियारा सेक्टर भ्रमण करते हुए बस स्टैंड पहुंच पहुंची। इसके उपरांत विशाल शव यात्रा बस स्टैंड से होते हुए राष्ट्रीय उच्च मार्ग के रास्ते चंपा पार्क मेन मार्केट से गुजरते हुए टाडू चेतना चौक पर हजारों युवा और समाजसेवियों ने विशाल शव यात्रा का दहन किया । गायत्री परिवार से परिव्राजक कुलवंत सुमन तथा हिंदू मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के प्रांत संयोजक इंजीनियर सत्यदेव शर्मा ने पूरे रीति-रिवाजों के साथ परिक्रमा करते हुए शव का दहन किया। ईशान अख्तर ने बताया कि शव यात्रा को लाल कपड़े में लपेट कर घसीटते हुए हजारों युवाओं ने चिट्ठा सरगना पर कड़ा प्रहार किया। इसके उपरांत ऑपरेशन मुक्ति नशा निवारण अभियान के बैनर तले उपायुक्त कार्यालय परिसर में जनसभा का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भाग मल ठाकुर ने शिरकत की रेनबो स्टार क्लब के संरक्षक शीला सिंह ने हिमाचली टोपी देकर मुख्य अतिथि भागवत ठाकुर का स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा युवा देश का भविष्य है देश की उन्नति के लिए सभी युवा कटिबद्ध हो जाएं और नशे से दूर रहें। इस मौके पर बिजली महंत ,केस पठानिया ऑपरेशन मुक्ति नशा निवारण अभियान जनसभा के उपरांत उपायुक्त बिलासपुर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत में नशीले पदार्थों पर रोक लगाने हेतु ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में मांग की गई कि भारत की सीमाओं पर कड़ी चौकसी बरती जाए ताकि अफगानिस्तान, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश इत्यादि देशों से ड्रग्स भारत में प्रवेश न हो तथा राष्ट्रीय स्तर पर एंटी ड्रग्स टास्क फोर्स कमेटी का गठन किया जाए । इस दौरान मुनीर अख्तर लाली , रमेश टंडन, प्रेम लाल, निर्मला राजपूत ,सुशील पुंडीर, शीला सिंह, अगस्त्य शर्मा, शीतल ठाकुर, पवन कुमार शर्मा, राजेश कुमार, शालू, शिल्पा ,ज्योति ,आरती ,आशीष शर्मा ,मेजर सूबेदार ज्ञान चंद ठाकुर, प्रोफेसर अरुण कुमार, लेफ्टिनेंट आर्मी विंग जय चंद महलवाल ,वासुदेव ,नीतीश ,सुधा हंस ,रेखा शर्मा परवेज खान मुन्ना,रफी मोहम्मद, अरशद शेख ,नंदलाल राही प्रोफेसर नीरज वर्मा, तनुज सोनी, स्कूली संस्थानों, बुद्धिजीवियों ने भाग लिया ।
बिलासपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बिलासपुर इकाई ने महाविद्यालय की छात्रा के साथ शिक्षक के द्वारा उत्पीड़न को लेकर कॉलेज के अध्यापक के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद करके रोष प्रकट किया। विद्यार्थी परिषद बिलासपुर इकाई के अध्यक्ष प्रशांत ठाकुर ने कड़े शब्दों में कहा कि अध्यापक समाज और राष्ट्र निर्माता के रूप में कार्य करता है परंतु इस घटना ने अध्यापक वर्ग को शर्मसार किया है। इस अध्यापक के खिलाफ पहले भी इस तरह का मामल ध्यान में आ चुका है। प्रशांत ठाकुर ने कहा कि अध्यापक वह दीपक है जो एक बच्चे के खाली दिमाग को बौद्धिक रूप से विकसित करता है और उसके भविष्य के निर्माण हेतु अपनी अग्रणी भूमिका निभाता है। विद्यार्थी परिषद ने बुधवार को आंदोलन के माध्यम से प्रशासन व सरकार से यह मांग करती है कि तुरंत प्रभाव से इस तरह का व्यव्हार करने वाले अध्यापक को बर्खास्त किया जाए। विद्यार्थी परिषद बिलासपुर इकाई अध्यक्ष प्रशांत ठाकुर ने कड़े शब्दों में प्रशासन व सरकार को चेताया कि अगर अध्यापक के ऊपर किसी प्रकार की कठोर कार्यवाही नहीं होती है तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करने में पीछे नहीं हटेगी। एक जागरुक छात्र संगठन होने के नाते विद्यार्थी परिषद इस घटना को बिलकुल भी सहन नहीं करेगी। परिषद ने गुरु शिष्य परंपरा को लज्जित करने वाले प्राध्यापक को बर्खास्त करने की मांग भी की।
डॉ. वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी द्वारा अगस्त माह में विज्ञापित जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (सूचना प्रौद्योगिकी) के 13 पदों के लिए लिखित परीक्षा रविवार,24 नवम्बर, 2019 को सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए 3100 से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। इस ऑबजेक्टिव टाइप टेस्ट की अवधि नब्बे मिनट होगी जिसमें गलत उत्तर के लिए नेगेटिव मार्किंग भी की जाएगी। विश्वविद्यालय ने सभी उम्मीदवारों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.yspuniversity.ac.in से एड्मिट कार्ड डाउनलोड करने की सलाह दी है। इसके अलावा,उम्मीदवारों को परीक्षा के समय एड्मिट कार्ड की कॉपी के साथ एक फोटो पहचान पत्र भी लाना होगा। विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड की जा सकती है। यह होंगे परीक्षा केंद्र इस परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय ने अपने नौणी स्थित मुख्य परिसर में सात केंद्र बनाए हैं। औदयानिकी महाविद्यालय, वानिकी महाविद्यालय,डॉ एलएस नेगी ऑडिटोरियम और ऑडिटोरियम की बेसमेंट, जिम हॉल, विश्वविद्यालय पुस्तकालय और विस्तार शिक्षा निदेशालय में यह परीक्षा आयोजित की जाएगी।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने छात्रों का आह्वान किया कि वे बुजुर्गों के अनुभवों से सीख लें क्योंकि वरिष्ठ जनों द्वारा जीवन से प्राप्त अनुभव युवाओं के भावी जीवन का सुदृढ़ आधार बन सकते हैं। डॉ. सैजल आज सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के चामियां स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के वार्षिक समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। डॉ. सैजल ने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ और तनाव भरे जीवन में हम कहीं न कहीं अपने परिवार के बुजुर्गों से संवाद स्थापित करने से दूर हो गए है। उन्होंने कहा कि इसका एक कारण हमारी जीवनशैली में परिवर्तन भी है। हम संयुक्त परिवार के स्थान पर एकल परिवार की ओर मुड़ गए है। इसके नकारात्मक प्रभाव अब दृष्टिगोचर हो रहे है। उन्होंने कहा कि हमारे बुजुर्गों ने अपना जीवन अपने परिवार, समाज तथा राष्ट्र की बेहतरी में समर्पित किया है। सभी वरिष्ठ नागरिक अपने युवा काल में देशहित के कार्यों में संलग्न रहे है। उन्होंने कहा कि ऐसे बुजुर्गों के अनुभव हम सभी के लिए विकास के द्वार खोल सकते है। वरिष्ठ जन अपने अनुभव के आधार पर युवाओं को चुनौतियों से जूझना सिखाकर कर उनके स्वर्णिम विकास का रास्ता दिखा सकते है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि बुजुर्गों से नियमित संवाद स्थापित करें और उनके अनुभवों से अपना भविष्य सुरक्षित बनाते हुए प्रदेश व देश के विकास में योगदान दें। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि अभिभावकों को भी नियमित तौर पर अपने बच्चों के साथ नियमित वार्तालाप करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे जहां युवा अपनी परेशानियों व समस्याओं को बेहिचक अभिभावकों के समक्ष रख पाएंगे वहीं अभिभावक भी अपने बच्चों की परेशानियों का शीघ्र हल ढूंढ पाएंगे। ऐसे संवाद से युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने में भी सहायता मिलेगी। डॉ. सैजल ने सभी छात्रों से आग्रह किया कि वे स्वच्छता के विषय में अपने परिजनों सहित अन्य को जागरूक बनाएं। उन्होंने कहा कि साफ वातावरण स्वास्थ्य एवं विकास के लिए आवश्यक है। इस दिशा में छात्रों की सहभागिता अनिवार्य है। उन्होंने अध्यापकों का आह्वान किया कि वे छात्रों को स्वच्छता जैसे सामाजिक विषय की बारिकियों से अवगत करवाएं। सहकारिता मंत्री ने कहा कि सभी बच्चे जन्मजात प्रतिभा के धनी होते है। अभिभावकों और अध्यापकों के उचित मार्गदर्शन द्वारा बच्चों की प्रतिभा को सभी के सामने लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि सही समय पर बच्चों को सही प्रेरणा प्राप्त हो तो बच्चे अनेक चमत्कारिक कार्य कर सकते है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में आयोजित होने वाले वार्षिक समारोह इस दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे पारिवारिक संस्कारों और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाएं। डॉ. सैजल ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए कृतसंकल्प है और इस दिशा में गत दो वर्षों में कार्यान्वित की जा रही योजनाओं के बेहतर परिणाम सामने आ रहे है। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूली बच्चों को अपनी ऐच्छिक निधि से 11000 रुपए प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने मेधावी छात्रों तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज बक्शी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता लाज किशोर शर्मा, ग्राम पंचायत चामियां के प्रधान लीला सिंह, ग्राम पंचायत कसौली-गढ़खल की प्रधान मधु शर्मा, भाजयुमो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मदन शांडिल, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गुलाब सिंह, ग्राम पंचायत चामियां के पूर्व प्रधान देवेंद्र ठाकुर, ग्राम पंचायत के उपप्रधान टीकाराम, सेवानिवृत प्रधानाचार्य सुमेधा शर्मा, डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के सेवानिवृत वैज्ञानिक प्रो. टीडी वर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति, अभिभावक, अध्यापक तथा छात्र इस अवसर पर उपस्थित थे।
त्रि-आयामी चिकित्सा से मस्क्युलर डिस्ट्रॉफी के रोगियों को राहत प्रदान कर रहा सोलन स्थित मानव - मंदिर
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला के कोठों गांव में स्थित मानव-मंदिर मस्क्युलर डिस्ट्रॉफी जैसे रोग से पीडि़त व्यक्तियों के लिए आशा की एक किरण बनकर उभरा है। मस्क्युलर डिस्ट्रॉफी एक ऐसा रोग है जिसमें शरीर की मांसपेशियां धीरे-धीरे कमज़ोर होती जाती हैं। इस बीमारी से पीडि़त व्यक्ति चलने-फिरने में असमर्थ हो जाता है और वह अपने प्रतिदिन के कार्यों के लिए पूर्ण रूप से अन्य पर आश्रित हो जाता है। यह एक तंत्रिकापेशीय अनुवांशिक विकार(न्यूरोमस्क्युलर जेनेटिक डिस्ऑर्डर) है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार भारत में प्रतिवर्ष लगभग 4000 बच्चों का जन्म मस्क्युलर डिस्ट्रॉफी जैसे रोग के साथ होता है। यह रोग युवावस्था में भी हो सकता है। अभी तक इस रोग का कोई उपचार ज्ञात नहीं है। ऐसे गंभीर रोग से पीडि़त व्यक्तियों के लिए सोलन जिला के कोठों गांव में स्थापित मानव-मंदिर द्वारा उपचार एवं फिजियोथेरेपी के साथ-साथ हाईड्रोथेरेपी की सुलभ सेवाएं प्रदान की जा रही है। मानव-मंदिर में इस बीमारी से पीडि़त रोगियों के लिए फिजियोथेरेपी की बेहतर सेवाएं उपलब्ध है। केंद्र में आधुनिक उपकरणों के साथ रोगियों की शारीरिक एवं मानसिक स्थिति को सुधारने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। मानव-मंदिर पुनर्वास केन्द्र मस्क्युलर डिस्ट्रॉफी के लिए एशिया का सबसे बड़ा संस्थान है। यहां इस रोग से पीडि़त व्यक्तियों का भौतिक चिकित्सा एवं योग के माध्यम से उपचार किया जाता है। मानव-मंदिर इस सोच के साथ कार्य कर रहा है कि पीडि़त व्यक्तियों को राहत एवं पुनर्वास प्रदान करके ही उन्हें बेहतर जीवन प्रदान किया जा सकता है। इस बीमारी से लड़ने के लिए रोगियों में दृढ़ इच्छा शक्ति होनी आवश्यक है। मानव-मंदिर में न केवल रोगियों की इच्छा शक्ति को मज़बूत बनाने के लिए योग एवं ध्यान का प्रयोग किया जाता है अपितु विभिन्न प्रकार की थेरेपी एवं उपचार के माध्यम से रोगियों की आंतरिक शक्ति का विकास भी किया जाता है। मस्क्युलर डिस्ट्रॉफी जैसी लाईलाज बीमारी के विषय में देश एवं प्रदेश में लोगों को जागरूक बनाने एवं उन्हें एक ही स्थान पर त्रि-आयामी चिकित्सा प्रदान करने के लिए इंडियन एसोसिएशन ऑफ मस्क्युलर डिस्ट्रॉफी (आईएएमडी) काम कर रही है। संस्था का मुख्यालय वर्ष 1992 से सोलन में कार्यरत है। संस्था नियमित रूप से इस रोग से पीडि़त व्यक्तियों को राहत एवं पुनर्वास प्रदान करने के साथ-साथ लोगों को जागरूक भी कर रही है। संस्था द्वारा स्थापित मानव-मंदिर में रोगियों की संपूर्ण देखभाल, रोग प्रबंधन, पुनर्वास, अनुसंधान एवं उपचार सुनिश्चित बनाया जा रहा है। यह देश का एकमात्र ऐसा संस्थान है जहां इस बीमारी के लिए समर्पित कार्य किया जा रहा है। आईएएमडी द्वारा वर्तमान में चंडीगढ़ तथा दिल्ली में इस रोग से पीडि़त रोगियों की फिजियोथेरेपी तथा परामर्श के लिए ‘राहत’ केन्द्र भी चलाए जा रहे हैं। मानव-मंदिर में इस रोग पर जागरूकता शिविर आयोजित करने के साथ-साथ आवासीय फिजियोथेरेपी, उचित देखभाल प्रबंधन, व्हील चेयर स्पोर्ट, आर्थिक सहायता और परीक्षण की सुविधा दी जा रही है। यहां मरीजों को हाईड्रोथेरेपी भी प्रदान की जा रही है। हाईड्रोथेरेपी अर्थात जल द्वारा उपचार की विधा को अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है। यहां पीडि़त रोगियों के लिए माह में 3 शिविर आयोजित किए जाते हैं। वर्ष 2017 से अब तक आयोजित 100 से अधिक शिविरों में लगभग 1000 रोगियों का उपचार किया जा चुका है। आईएएमडी के कार्य को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है और संस्था को अब तक अनेक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। इनमें वर्ष 2004 में तत्कालीन राष्ट्रीय डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वारा प्रदत्त राष्ट्रीय पुरस्कार, वर्ष 2006 में हिमोत्कर्ष पुरस्कार, वर्ष 2009 में प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा प्रदत्त राज्य पुरस्कार, वर्ष 2010 में सीएनएन आईबीएन-7 पुरस्कार, वर्ष 2011 में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा सक्षम पुरस्कार, वर्ष 2011 में प्रतिष्ठित दिव्य हिमाचल समूह द्वारा सामाजिक कार्यों के लिए पुरस्कार, वर्ष 2014 में आर्ट ऑफ लीविंग संस्था द्वारा विशालाक्षी पुरस्कार, वर्ष 2018 में महिला आयोग पुरस्कार तथा आईसीडीएस द्वारा विश्वकर्मा पुरस्कार प्रमुख है। केंद्र रोगियों के लिए निःशुल्क एंबुलेंस सेवाएं भी उपलब्ध करवाता है। यह सेवा सोलन स्थित मुरारी मार्केट से प्रातः 10.00 बजे, पुराने उपायुक्त कार्यालय से प्रातः 10.10 बजे तथा कोटलानाला चौक से प्रातः 10.20 बजे उपलब्ध है। भगवान शिव को समर्पित एशिया के सबसे ऊंचे जटोली मंदिर के समीप स्थित मानव मंदिर उन रोगियों के चेहरे पर मुस्कान ला रहा है जो संभवतः जीवन की आस छोड़ बैठे थे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चण्डी (अर्की) में एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर के पाँचवें व छठे दिन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्वच्छता एवं शारीरिक गतिविधियां की। स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर में क्यारियों इत्यादि में सफेदी की। पाँचवें दिन बौद्धिक सत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीना शर्मा ने शारीरिक सबलता के लिए संतुलित पोषक आहार लेने के विषय के बारे में जानकारी दी। छठे दिन रावमपा चनावग के प्रधानाचार्य राजकुमार ने एनएसएस के द्वारा अनुशासित जीवन से राष्ट्रनिर्माण हेतु युवाओं का आवाहन किया। इसी दिन दुसरे सत्र में जोगिन्द्रा बैंक चण्डी के अधिकारियों ने बेंकिंग प्रणाली के बारे में बताया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य चन्दु राम सीमर,एनएसएस अधिकारी सुनील कुमार, हेमलता तथा पवन कुमार अध्यापक चण्डी सहित एनएसएस के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
सोलन जिला की नगर परिषद नालागढ़ के वार्ड संख्या-8 बस्सियांवाला के 17 नवंबर, 2019 को होने वाले उप चुनाव के दृष्टिगत बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएनडीए) विकास प्राधिकरण के नालागढ़ के वार्ड संख्या-7 स्थित कार्यालय को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नालागढ़ के स्थान पर अस्थायी मतदान केंद्र अधिसूचित किया गया है। इस संबंध में निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी नालागढ़ प्रशांत देष्टा द्वारा आदेश जारी किए गए है। यह आदेश हिमाचल प्रदेश नगर निकाय निर्वाचन नियम-2015 के नियम-32(4) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए गए है। इन आदेशों के अनुसार 17 नवंबर, 2019 को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में पटवारी पद के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जानी है। इसी के दृष्टिगत मतदान केंद्र को अस्थायी तौर पर बीबीएनडीए कार्यालय में स्थनांतरित किया गया है।
पुलिस थाना बागा के अंतर्गत मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने का लालच देकर गांव कंधर (मांगल) के युवक से एक लाख 25 हजार रुपए ठग लिये। युवक की शिकायत पर पुलिस थाना बागा ने सिद्धार्थ नाम के व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार गांव कंधर के रहने वाले पंकज कुमार पुत्र श्यामलाल ने पुलिस को की गई शिकायत में कहा है कि सिद्धार्थ नाम का एक व्यक्ति जो दिल्ली का रहने वाला है। इसने पंकज कुमार से फोन पर बात की कि आपको विदेश मे मर्चेंट नेवी में भेज दूंगा। आप मेरे अकाउंट में 1,25000 डालो। पंकज कुमार झांसे में आकर तीन किस्तों में पैसे डाल दिए और इनकी आपस में फोन पर बात होती रहती थी। जब लास्ट किस्त पैसों की डाली तो सिद्धार्थ ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। इसके बाद पंकज कुमार ने सिद्धांत के खिलाफ बागा पुलिस थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई। थाना बागा पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए आईपीसी की धारा 420 के अधीन मामला दर्ज कर लिया है व आगमी कार्यवाही की जा रही है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी दाड़लाघाट पूर्ण चंद ठुकराल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
प्रतिस्पर्धा के लिए कोई उम्र नही होती और जब इंसान भीड़ का हिस्सा न बनकर भीड़ की वजह बनने का सोच लेता है तो किसी भी उम्र में प्रतिस्पर्धा उसके कदम चुम लेती है। यह बात मास्टरज गेम एशोसिएशन द्वारा बिलासपुर लुहनु मैदान में आयोजित खेल प्रतियोगिता में विभिन्न खेलो में 5 मैडल जीतने वाली प्रतिभागी खिलाड़ी 45 वर्षीय भारती दास न कही। उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर प्रथम व द्वितीय स्थान हासिल किया जो स्वयम में ही एक आश्चर्यजनक विषय है। स्कूल व कॉलेज के समय मे वह विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती थी परंतु विवाह के बाद वह अपने परिवार की देख रेख में पूरी तरह व्यस्त हो चुकी थी उसके वावजूद भी इतने समय के अंतराल बाद उनके पति दिनेश पॉल उर्फ मुन्ना के सहयोग व प्रोतसाहित करने पर जिला बिलासपुर के लुहनु मैदान में आयोजित तीसरी राज्य स्तरीय मास्टरज खेल प्रतियोगिता में भाग लिया और जीत हासिल कर 5 मैडल जीते जोकि उन्हें व उनके परिवार के लिए गर्व का विषय बना है। उन्होंने कहा कि खेलों में टैलेंट किसी भी उम्र का मोहताज नहीं होती है। प्रतिस्पर्धा किसी भी उम्र में हो सकती है बस सिर्फ जुनून होना जरूरी है। विशेषकर उन महिलाओं के लिए जो घर के काम काज व परिवार में यह भूल जाती है कि वह भीड़ का हिस्सा नही है बल्कि उन्हें भी कुछ अलग कार्य कर दिखा कर स्वयं की पहचान बनानी चाहिए व अपने वजूद को जिंदा रखना चाहिए। उन्होंने बताया कि यदि सरकार प्रत्येक उम्र की महिलाओं के लिए इस तरह की खेल प्रतियोगिताओ का आयोजन करती रहे तो हमारे समाज की बहुत सी महिलाओं को एक ऐसा मौका मिलेगा जो जीवन मे कुछ अलग करना चाहती है। वह रोजमर्रा जिंदगी में चल रहे तनाव से बाहर निकलेगी इसके साथ ही शारीरिक रोगों से भी मुक्ति मिलेगी।
शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बुधवार को आइजीएमसी अस्पताल लाए गए। बताया जा रहा है उनकी तबीयत खराब चल रही थी, इस कारण डायलिसिस करवाने के बाद अन्य चेकअप भी किया गया है। उनके पुत्र एवं शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह उन्हें आइजीएमसी अस्पताल शिमला लेकर आए। वीरभद्र सिंह कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रहे है। करीब एक महीने तक उनका पीजीआइ चंडीगढ़ में उपचार चला। अब डायलिसिस करवाने के लिए उन्हें शिमला आना पड़ता है। हालांकि चिकित्सकों का कहना है कि उनकी तबीयत सामान्य है।
हमीरपुर : ज़िला हमीरपुर के पट्टा में एक व्यक्ति की हार्ट अटैक से मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पट्टा बजार में दुकान में काम करने वाला एक कारीगर मंगलवार को दुकान का सारा काम करके रात को वही सो गया। लेकिन जब दुकान का मालिक बुधवार सुबह दुकान पर गया तो देखा की दुकान में काम करने वाला कारीगर नहीं उठा है। जब वह उसे उठाने के लिए गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बताया की शव को कब्जे में ले लिया है। अगली कार्यवाही की जा रही है।
समाजिक संस्था रेनबो स्टार क्लब के संरक्षक शीला सिंह,अर्धनारीश्वर सामाजिक संस्था की अध्यक्ष बिजली महात ,लाडली फाउंडेशन के राज्य अध्यक्ष शालू और हिंदू मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के प्रांत संयोजक इंजीनियर सत्यदेव शर्मा ने कहां की चिट्टा सरगना नशा माफियाओं की वजह से दर्जनों युवा मौत के घाट उतर रहे हैं। 13 नवंबर को चिटा सरगना नशा माफियाओं की शव यात्रा पूरे बिलासपुर शहर में निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि चिट्टा सरगना की शव यात्रा 13 तारीख को दो चरणों में निकाली जाएगी। प्रथम चरण में 10:00 बजे गुरुद्वारा चौक से मेन मार्केट होते हुए ,यह रैली लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंचेगी। दूसरे चरण में 11:00 बजे लक्ष्मी नारायण मंदिर से होते हुए डियारा सेक्टर भ्रमण करते हुए बिलासपुर के मेन मार्केट में शव यात्रा का दहन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शव यात्रा को लाल कपड़े में लपेट कर घसीटते हुए सैकड़ों युवा चिट्ठा सरगना पर कड़ा प्रहार करेंगे। रैली के बाद जनसभा का आयोजन किया जाएगा जिसका मंच संचालन इंटरनेशनल वुमन इनरव्हील क्लब की अध्यक्षा शालिनी शर्मा करेंगे। ऑपरेशन मुक्ति नशा निवारण अभियान के राज्य समन्वयक एवं क्लब के अध्यक्ष ईशान अख्तर ने कहा रैली को निकलने के लिए सफलतापूर्वक कमेटियों का निर्माण कर दिया गया है। इसमें अनुशासन समिति, जलपान कमेटी ,शव यात्रा कमेटी ,कानून एवं व्यवस्था समिति ,मंच कमेटी का गठन किया है।
सोलन जिला रेडक्राॅस समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त के.सी. चमन ने कहा कि रेडक्राॅस समिति पीड़ित मानवता की सेवा में समर्पित है और समाज के सभी वर्गों को इस पुनीत कार्य में रेडक्राॅस समिति को सहयोग प्रदान करना चाहिए। के.सी. चमन सोलन जिला के कंडाघाट में आयोजित प्रथम उपमंडल स्तरीय रेडक्राॅस मेले के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रेडक्राॅस द्वारा आयोजित की जाने वाली गतिविधियों के साथ अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के प्रयास किए जाने चाहिए ताकि जन-जन के सहयोग से समिति सोलन जिला में पीड़ित मानवता की सेवा के अपने ध्येय में पूर्ण रूप से सफल हो सके। उन्होंने लोगों से रेडक्राॅस समिति को उदारतापूर्वक अंशदान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सभी को जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा ईश्वर की सच्ची सेवा है। के.सी. चमन ने कहा कि प्रदेश एवं जिला स्तर पर नियमित रूप से रेडक्राॅस समिति द्वारा रेडक्राॅस मेले आयोजित किए जा रहे हैं ताकि इन आयोजनों के माध्यम से अधिक से अधिक धनराशि जुटाकर जरूरतमन्द लोगों की समयबद्ध सेवा की जा सके। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सोलन जिला को पूर्ण रूप से स्वच्छ रखने में कार्यरत रहें और जिला को प्लास्टिक मुक्त बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त तथा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान में बेहतर कार्य करने वाले महिला मण्डलों एवं अन्य को पंचायत स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि युवाओं को नशे से बचाएं और अपने परिवार के साथ समय अवश्य व्यतीत करें। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों एवं युवाओं से नियमित संवाद बनाए रखना चाहिए ताकि युवा निःसंकोच उनसे अपनी बात कह सकें। इस प्रकार युवाओं से बेहतर संवाद के माध्यम से उन्हें नशे से दूर रखने में सहायता मिल सकती है। उन्होंने इस अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर पारम्परिक ठोडा नृत्य की प्रस्तुति को खूब सराहा गया। अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। उपमंडलीय रेडक्राॅस समिति कंडाघाट के अध्यक्ष एवं उपमंडलाधिकारी कंडाघाट डाॅ. संजीव धीमान ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और कंडाघाट में रेडक्राॅस समिति की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने अवगत करवाया कि इस रेडक्राॅस मेले के लिए समिति द्वारा मुद्रित 05 लाख रुपए की सभी रेफल ड्रा टिकटों का क्रय लोगों द्वारा किया गया है। उन्होंने उपमंडलीय रेडक्राॅस समिति की और से जिला रेडक्राॅस समिति सोलन को 02 लाख रुपए का चैक भी भेंट किया। इस अवसर पर के.सी. चमन की धर्म पत्नी ऊषा चैहान, विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि, अन्य व्यक्ति तथा स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब नादौन के कारण ही नादौन नगरी की पहचान विश्व पटल पर की जाती है। नादौन में स्थित इस ऐतिहासिक गुरूद्वारा में स्थानीय लोगों सहित अन्य प्रदेशों के लोगों में भी गहरी आस्था है। इतिहास गवाह है की पहाड़ी राजाओं के आह्वान पर दशम पातशाही श्री गुरु गोविंद सिंह जी नादौन पधारे तथा मुगल सेनापति आलिफ खां को अपनी सेना सहित यहां से भागने के लिए मजबूर कर दिया था। गुरू जी ने राजा भीम चंद के आग्रह पर सन 1687 में मुगलों के साथ युद्ध किया था। श्री गुरु गोविंद सिंह जी ने मुगल सैनिकों को खदेड़ने के बाद अपने साथ लाए सैनिकों सहित 9 दिनों तक यहां विश्राम किया था। आज उसी स्थल पर यह भव्य गुरुद्वारा बना हुआ है। जहां भारत सहित पूरे विश्व भर के लोग पहुंचकर नतमस्तक होकर मन्नत मानते हैं और गुरु जी से अपने व अपने परिवार के उज्जवल भविष्य की प्राथर्नाएं करते हैं। गुरु जी ने इसी काल में लिखित अपनी पावन पुस्तक विचित्र नाटक के कुछ पन्ने इसी स्थल पर ब्यास नदी के किनारे स्थित मनोरम स्थान पर लिखे थे। स्थल के पास ही गुरु जी ने अपने सिंह सैनिकों को साथ लेकर मुगल सेनापति अलिफ खां की सेना पर बाघ की तरह दहाड़ते हुए उन्हें भागने पर मजबूर कर दिया था। आज यह स्थान उसी याद में बाघ नाला के नाम से जाना जाता है। वहीं गुरुद्वारे से चार किलोमीटर दूर गुरु जी ने मुगल सैनिकों पर फतेह का तीर छोड़ा था और विजय हासिल की थी। उस स्थान का नाम आज भी फतेहपुर के नाम से जाना जाता है। आज भी यहां गुरूद्वारा में फतेह दिवस धूमधाम से मनाया जाता है। ऐतिहासिक तथ्यों के अनुसार बिलासपुर के तत्कालीन राजा व अन्य राजाओं ने मुगलों को कर देने से इंकार कर दिया था, जिसे पहाड़ी राजाओं ने गुरुजी से उनकी सहायता के लिए तुरंत नादौन पहुंचने की गुहार लगाई थी। गुरु जी ने नादौन पहुंचकर मुगल सैनिकों के छक्के छुड़ा दिए थे और पहाड़ी राजाओं को अभय दान दिया था। गौर हो कि इसी गुरुद्वारा साहिब के कारण नादौन शहर को विश्व भर में एक अलग पहचान मिली है। सबसे पहले महाराजा रणजीत सिंह ने यहां एक छोटे गुरूद्वारा का निर्माण करवाया था परंतु बाद में काफी समय तक यहां के महंतों व पुजारियों ने इसकी देखभाल की। 1925 से 1928 तक अमृतसर के विसाखा सिंह ने दिल्ली के ठेकेदार राय सिंह को प्रेरित करके यहां गुंबद वाले गुरूद्वारा का निर्माण करवाया था। आजकल इस गुरुद्वारे का संचालन शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अमृतसर द्वारा चलाया जा रहा है। गुरुद्वारे में अटूट लंगर की व्यवस्था है। भिक्खोवाल के बाबा द्वारा भव्य सराय का निर्माण किया गया है, जहां श्रद्धालुओं को नि:शुल्क विश्राम की व्यवस्था रहती है। यही नहीं गुरुद्वारे के पास ही ब्यास नदी का दृश्य मन को मोह लेता है और निकट ही बल्ला नामक स्थल पर प्राचीन साइबेरियन पक्षियों को नदी में तैरते हुए देखना किसी कुदरत के करिश्मे से कम नहीं है।
त्युंन सरयून धार किसान एवम श्रमिक कल्याण सभा के अध्यक्ष आशीष ठाकुर ने हिमाचल सरकार पर धार के लोगों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हवाण,सरयून चलेहली पंचायत की तरफ से एक भी हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस नहीं चल रही है। इसकी वजह से कॉलेज,आईटीआई व सरकारी विभागों में कार्यरत लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बस न होने की वजह से कॉलेज व आईटीआई में पड़ने वाले बच्चे जिन्होंने बस पास बनवा रखे हैं उनका कोई उपयोग नहीं है। साथ में उन्होंने कहा कि जाहु चंडीगढ़ रूट के लिए परिवहन विभाग ने एक बस स्वीकृत की है, पर प्रदेश सरकार की नाकामी की वजह से पिछले 6 महीने से अभी तक वह बस रूट पर नहीं चली है,इससे लोगों में भारी रोष है। आशीष ठाकुर ने कहा कि जल्द से जल्द अगर उक्त बसें रूट पर नहीं चली तो ग्रामीणों के साथ मिलकर सभा एक बड़े आंदोलन की रूप रेखा तैयार करेगी।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज में भाईचारे की भावना को सुदृढ़ कर एक नए युग की शुरुआत की और सामाजिक कुरीतियों का विरोध कर समाज को नई सोच और दिशा दी। डाॅ. सैजल सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के गड़खल स्थित श्री गुरू सिंह सभा गुरूद्वारा में प्रथम गुरू, गुरू नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव एवं 81वें गुरूमति समागम के शुभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इस शुभ अवसर पर श्री गुरूसिंह सभा गुरूद्वारा में शीश नवाया, संगत के दर्शन किए और सभी के सुख, स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना की। डाॅ. सैजल ने कहा कि गुरू नानक देव जी ने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच की बुराई को समाप्त करने में सबसे पहले लंगर की शुरुआत की। लंगर के माध्यम से उन्होंने सभी को प्राणीमात्र की एकरूपता का सन्देश दिया। उन्होंने कहा कि गुरू नानक देव जी ने सुमिरन अर्थात नाम जपने, सदैव परिश्रम करने और बांटकर भोजन करने का सन्देश दिया ताकि समाज में सदैव प्रेम, सौहार्द तथा भाईचारा बना रहे। डाॅ. सैजल ने कहा कि हम सभी को शब्द एवं वाणी को आत्मसात करना चाहिए तथा यह प्रयास करना चाहिए कि जीवन में शब्द एवं वाणी को व्यवहारिक रूप में अमल में लाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व हम सभी को जीवन के अन्धकार को सही मार्ग पर चलकर समाप्त करने का सन्देश देता है। उन्होंने कहा कि आज के तनाव के जीवन में गुरू नानक देव जी की शिक्षाओं की प्रासंगिकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। हम सभी को उनके दिखाए मार्ग पर स्वंय भी चलना चाहिए और अन्य से भी इनका अनुसरण करने का आग्रह करना चाहिए। श्री गुरूसिंह सभा के अध्यक्ष मनिन्दर सिंह, सचिव जसविन्दर सिंह, सदस्य देवेन्द्र सिंह, रविन्दर सिंह, फौजा सिंह, सुरजीत सिंह, अरविन्द गुप्ता, सुरेन्द्र पाल, विक्रम सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
युवा सेवा एवं खेल विभाग जिला सोलन द्वारा 15 से 29 वर्ष की आयु वर्ग की सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट के विद्यार्थियों ने तीन स्पर्धाओं में भाग लेते हुए हारमोनियम में पहला स्थान और तबला वादन में भरत ने दूसरा स्थान व शास्त्रीय संगीत में भारती ने दूसरा स्थान अर्जित किया। स्कूल के प्रधानाचार्य रूप राम शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को इस अवसर पर बधाई दी।
जिला स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन दाड़लाघाट के मास्टर आर्यमन ने जूनियर कैटेगरी में साइंस एक्टिविटी में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मास्टर आर्यमन का चयन राज्य स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में जूनियर वर्ग के लिए हुआ। इससे पहले जिला स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में विभिन्न गतिविधियों में छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।सीनियर वर्ग की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मास्टर सोमिल तथा यक्ष ने दूसरा स्थान ओर मैथ्स ओलम्पियाड में मास्टर आशुतोष ने दूसरा स्थान हासिल किया। प्रधानाचार्य मुकेश ठाकुर तथा स्कूल प्रबंधन समिति के चेयरमैन अनुपम अग्रवाल ने विजेताओं को बधाई दी। प्रधानाचार्य मुकेश ठाकुर ने बताया कि मास्टर आर्यमन 13 से 16 नवंबर के बीच बिलासपुर में होने वाली राज्यस्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में भाग लेंगे। उन्होंने इस प्रतियोगिता के लिए मास्टर आयर्मन को अपनी शुभकामनाएं दी।
भोरंज पुलिस स्टेशन में इसी साल 26 अप्रैल को दर्ज एक मामले की सुनवाई पूरी करते हुए हमीरपुर सेशन कोर्ट ने पाँच नशाखोरों को एक एक साल की कठोर कारावास की सज़ा सुनाई है। दोषियों को कोर्ट ने दस दस हज़ार रुपए जुर्माना भी भरने के आदेश दिए हैं। इन पाँचों आरोपियों से 6.71 ग्राम चिट्टा पकड़ा गया था। दोषियों अनिल कुमार ञ्च संजू पुत्र रिखी राम, वीपीओ जाहू , करतार सिंह ञ्च तारू पुत्र बशरिया राम, निवासी भांबला , अनिल कुमार ञ्च नीलू पुत्र रमेश कुमार निवासी भांबला, सुनील कुमार ञ्च सिल्लू पुत्र नारायण सिंह निवासी भांबला और राजिंदर ञ्च रिंकू पुत्र सतपाल वीपीओ जाहू को एक एक साल की कठोर सज़ा और दस दस हज़ार रुपये जुर्माना भरने के आदेश जिला और सत्र न्यायाधीश हमीरपुर के न्यायालय द्वारा पारित किए गये हैं। इनमें से कुछ दोषियों के ख़िलाफ़ मंडी जिला के अलग-अलग थानों मे विभिन्न धाराओं में 8 से अधिक मामले दर्ज हैं। जानकारी के मुताबिक़ भोरंज पुलिस ने नाके के दौरान जब गाड़ी को नाके पर रोका तो ड्राइवर गाड़ी को भगाकर भांबला की तरफ़ ले गया। पुलिस ने पीछा कर इन्हें भांबला चौक में घेर लिया । पुलिस के शिकंजे में फँसता देख तीन आरोपी गाड़ी छोड़ भाग गये लेकिन दो पुलिस के हत्थे चढ़ गये। तलाशी लेने पर इनसे 6.71 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ । पुलिस ने एन॰डी॰पी॰एस॰ एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कुल पाँच आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया । सोमवार को ज़िला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश कैंथला की अदालत ने पाँचों दोषियों को कठोर कारावास और जुर्माने की सज़ा सुनाई। पुलिस की तरफ़ से सारे मामले की छानबीन एसएचओ भोरंज कुलवंत सिंह ने की थी ।
Pinegrove School, District Solan HP organized the Annual Awards Function at its pristine location at Dharampur. Sharing the success stories of the students at a glittering prize distribution ceremony, the Chief Guest for the day was G P Upadhayaya, the Additional Chief Secretary of Government of Sikkim and Anjali Chhabra, Deputy Secretary, CBSE Centre of excellence, Chandigarh was the Guest of Honour. The students who had performed exceptionally well in academics, sports and cocurricular activities received commendations on the day. Special medals for toppers of CBSE Board exams, toppers in the final exams in each class, credit worthy performances in sports at Inter School tournaments and co curricular activities, diamond stars for impeccable behaviour and “School Honours” were awarded to the meritorious students. Trophies, mementos and certificates were distributed for various Inter House sporting activities as well. The Chief Guest, G P Upadhayaya expressed his delight over myriad achievements of the students in diverse fields and complimented the School for achieving success over the period of time since its inception. Words of praise and wisdom were shared with the students by the Guest of honour, Anjali Chhabra. In an inspiring speech, she addressed the gathering giving a message to the student community about the importance of discipline and focus in attaining goals. Cultural performances including Raag Shankara, Shiv Tandav Stotram and Rajasthani folk dance by the students also kept the audience spellbound.
सराहा विकास खंड के तहत पड़ने वाली ग्राम पंचायत नैरी नावण के चूनर, अंजी, फागू व ताप गांव मे विद्युत लाईन मे हाई वोल्टेज आने के कारण विद्युत उपकरण जल गए। इसके कारण लाखो रूपये का नुकसान होने का समाचार है। पंचायत पंच दलबीर सिह के अनुसार यह हादसा क्षेत्र के उपर से गुजर रही एक बडी टावर लाईन से एक तार के गिरने का कारण हुआ पर गनीमत यह रही कि इस हाई टैशन लाईन की तार रात्रि के समर गिरी नही तो लोग व मवेशी भी इसकी चपेट मे आ सकते थे। मिली जानकारी के अनुसार जैसे ही यह तार क्षेत्र को विद्युत आपूर्ति करने वाली एल टी लाईन की तारो पर गिरी तो इन सभी गांव के घरो मे हाई वोल्टेज कंरट आ गया और बिजली के मीटर सहित सभी उपकरण जो उस समय चालू थे और जल गए। मिली जानकारी के अनुसार चूनर, अंजी, ताप, फागू गावं के धर्म सिह, खुशी राम, पदम सिह, भीम सिह, चतर सिह, पृथ्वी सिह, शमशेर सिह रवि कुमार, सही राम, रमेश, नरपत, हिरा सिह सोहन सिह, सागर सिह, ब्रजैश, रणवीर सिह भरत सिह, आदि के टी वी, फ्रिज, लेपटॉप, व अन्य बिजली के उपकरण जल गये है। इससे लाखो रुपये के नुकसान का अनुमान है और इन सभी गांव मे बिजली सप्लाई अभी बंद है। विद्युत विभाग के कर्मचारी विद्युत सप्लाई को ठीक करने मे जुटे है।
धरोहर गाँव परागपुर में फिर से एक बार लाइट कैमरा एक्शन गूंजेगा। वेदान्ता ग्रुप के सौजन्य से परागपुर में शूटिंग की जाएगी। इसको लेकर एक बार फिर परागपुर गाँव छोटे पर्दे पर नजर आएगा। वेदान्ता ग्रुप की शूटिंग 13 नवंबर से 13 दिसंबर तक चलेगी। टीम के डायरेक्टर विवेक कक्कड़ ने बताया कि लोकेशन हेतु शूटिंग टीम ने शूटिंग स्पोर्ट का निरीक्षण पहले ही कर लिया था। शूटिंग हेतु जगह को उपयुक्त बताते हुए शूटिंग टीम में प्रोड्यूसर चेतन काले, अयूब मलिक, कोमल रावत, प्रोडक्शन डिजाइनर रुपिंदर डैनी, अमित ठाकुर टीम ने बताया कि शूटिंग धरोहर गांव परागपुर, गरली, चम्बपतन में कई स्थानों पर की जाएगी। ज्ञात रहे इससे पूर्व भी धरोहर गाँव परागपुर में कई दिग्गज कम्पनिया जैसे टाटा, फेविकोल की शूटिंग भी सम्पन्न हो चुकी है।
बिलासपुर में आयोजित मास्टर्ज़ गेम्स की तीसरी राज्य स्तरीय स्पर्धा के समापन में वन पर्यावरण एवं खेल मंत्री गोविंद ठाकुर ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि खेलों को खेलने से हर कोई स्वस्थ रहता है। उन्होंने परिवहन नियमो की पालना करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण भी आज की आवश्यकता है। इन्वेस्टर मीट के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सराहना की। उन्होंने विधायक सुभाष ठाकुर की मांग पर पैरा ग्लाइडिंग को बढ़ावा देने के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने मास्टर गेम्स असोसिएशन को भी 2 लाख देने की घोषणा की। इसके अलावा कहलूर स्पोर्ट्स परिसर में बकाया रहे कार्यों के लिए और धन राशि देने का कहा। इस अवसर पर मास्टर फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव व राज्य अध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि इस प्रकार का आयोजन पूरे भारत में करवाए जा रहे है। इससे खिलाड़ी नेशनल के लिए तैयार होंगे जो बड़ौदा में फरवरी 2020 में होंगे। उन्होंने मास्टर्ज़ गेम्स की ओर से मंत्री महोदय को एक मांग पत्र भी सौंपा। इसमें मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन को मान्यता प्रदान करने मुख्य मांग रखी गई और मास्टर्स गेम्स की प्रतियोगिताओं के दौरान के सभी कर्मचारी खिलाड़ियों को छुट्टियों का प्राबधान करने की मांग की गई। इससे पहले राजय महासचिव व आयोजन सचिव तेजस्वी शर्मा ने मुख्यातिथि महोदय का समारोह में पहुंचने पर पुष्प गुच्छ प्रदान करके अभिनंदन किया। उन्होंने अपने संबोधन में मास्टर्स गेम्स के आयोजन के लिए सभी सहयोगियो का आभार व्यक्त किया। तेजस्वी शर्मा ने जिला प्रशासन और खेल विभाग का भी सहयोग के लिए विशेष आभार जताया। विधायक सुभाष ठाकुर भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। ओवरआल ट्रॉफी बिलासपुर को इस प्रतियोगिता में ओवरआल ट्रॉफी बिलासपुर 55 गोल्ड मेडल्स के साथ मिली व सोलन 30 गोल्ड व दूसरे नंबर व हमीरपुर 22 गोल्ड के साथ तीसरे नंबर पर रहा। हॉकी में 40 प्लस वोमेन में बिलासपुर ने सोलन को हराकर विजेता का खिताब जीता, हॉकी 50 प्लस में सोलन 1 ने सोलन 2 को हराया, सोलन ही विजेता रहा। हॉकी मेन्स में 40 प्लस में बिलासपुर प्रथम हमीरपुर द्वितीय। हॉकी मेन्स 50 प्लस सिरमौर प्रथम और बिलासपुर द्वितीय रहा।
उपमंडलाधिकारी नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने कहा कि नालागढ़ उपमंडल में पटवारी मोहाल तथा पटवारी बंदोबस्त पद के लिए लिखित परीक्षा 17 नवम्बर, 2019 को आयोजित की जाएगी। प्रशांत देष्टा इस संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। प्रशांत देष्टा ने कहा कि यह परीक्षा 17 नवम्बर, 2019 को प्रातः 11.00 बजे से दिन में 12.30 बजे तक आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को प्रातः 10.30 बजे तक निर्धारित परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा। उन्होंने कहा कि नालागढ़ उपमंडल में पटवारी लिखित परीक्षा के 23 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए है। उन्होंने बैठक में सभी परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के सुचारू संचालन सुनिश्चित बनाएं ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक नालागढ़ चमन लाल, पुलिस उपाधीक्षक बद्दी अजय कुमार, तहसीलदार नालागढ़ ऋषभ शर्मा, तहसीलदार रामशहर बिमला वर्मा, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के अधिकारी उपस्थित थे।
सोमवार को सिसिल होटल चौड़ा मैदान में सिसिल प्रबंधन के खिलाफ हिमाचल होटल मजदूर लाल झण्डा यूनियन के बैनर तले सिसिल होटल के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए हिमाचल होटल मजदूर लाल झण्डा युनियन के महासचिव विनोद विरसांन्टा व सीटू जिला अध्यक्ष कुलदीप ने बताया कि 22 अक्टूबर 2019 को 32 मजदूरों को गैर कानूनी तरीके से सिसिल के प्रबंधन द्वारा नौकरी से निकालने के विरोध में होटल के बाहर यह धरना प्रदर्शन किया गया। नेताओं ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया है कि प्रदेश के अंदर मालिकों के द्वारा श्रम कानूनों का खुलेखाम उलंघन जिस पर प्रदेश सरकार गम्भीर नहीं है। पहले ही प्रदेश में बेरोजगारों ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं फिर भी जो लोग रोजगार में लगे हैं, उन्हें मालिकों द्वारा नोकरी से निकालने की कोई रोक टोक न होने के कारण उनका रोजगार भी छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ सरकार के द्वारा इन मालिकों के खिलाफ कोई करवाई नहीं की जा रही है। नेताओं ने कहा सिसिल प्रबंधन मजदूरों को नौकरी पर वापस नहीं रख रहा, जिस पर श्रम विभाग भी कोई करवाई नहीं कर रहा है। नेताओं ने चेताया कि यदि प्रबंधन के द्वारा गैर क़ानूनी तरीके से निकाले गए मजदूरों को नोकरी पर नहीं रखा गया तो आने वाले दिनों में मजदूर उग्र संघर्ष करने के लिए विवश हो जाएगा। इसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार जिला प्रशासन व होटल प्रबंधन की होगी। सीटू जिला उपाध्यक्ष किशोरी डटवालिया ने कहा कि होटल का प्रबंधन जिला प्रशासन की आड में सरेआम श्रम कानुनों की धज्जियां उड़ा रहा है। मजदूरों को बिना किसी कारण के प्रताड़ित किया जा रहा है। होटल का प्रबंधन सरकार की आड मे मजदूरों के आंदोलन को कुचलने के प्रयास कर रही है। यदि मजदूरों को नौकरी पर वापिस नहीं लिया गया तो सीटू आंदोलन को ओर उग्र रूप देगा।
कुनिहार : हिमाचल प्रदेश पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन कुनिहार की त्रैमासिक बैठक सोमवार को मैरिज हॉल न्यू बस स्टैंड कुनिहार में प्रधान धनीराम तनवर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पिछली अवधि में स्वर्गवासी पुलिस पेंशनरों की आत्मिक शांति के लिए 2 मिनट का मौन रखा गया। एसोसिएशन कि पिछले करीब 2 महीने पहले आई जी पी वेलफेयर व एस पी वेलफेयर से पुलिस मुख्यालय शिमला में बैठक हुई थी, जिसमें एसोसिएशन ने मांग रखी थी कि 2015 के आदेश जिसमें पुलिस पेंशनर के निधन होने पर अंतिम सम्मान के लिए प्रदेश पुलिस को निर्देश जारी किए गए थे उसको दोबारा से रिव्यू करके सभी जिला के एसपी को शक्ति के साथ पालना करने के आदेश जारी किए जाए। सभी थानों में अंतिम सम्मान के आदेश की कॉपी थाना चौकी के नोटिस बोर्ड पर लगाई जाए, ताकि पुलिस स्टाफ पेंशनर के निधन होने की सूचना पर यह जवाब ना दे कि उन्हें इस आदेश की जानकारी नहीं है। बैठक में इस पर सहमति बनी थी मगर जब मांग पर कोई कार्रवाई ना हुई तो एसोसिएशन ने पुलिस मुख्यालय से मांगों के बारे में आग्रह किया जो वहां से एसोसिएशन को पत्र द्वारा प्राप्त हुआ कि आदेश की कॉपी थाना के नोटिस बोर्ड पर लगाने के साथ 2018 को आदेश कर दिए गए थे, मगर उसकी कॉपी एसोसिएशन को नहीं मिली। एसोसिएशन ने फिर से इस आदेश की कॉपी को भेजने का आग्रह किया मगर आज तक ना आदेश की काफी आई और पता करने पर मालूम हुआ कि किसी भी थाना चौकी के नोटिस बोर्ड पर इस आदेश की कॉपी नहीं लगी है। ऐसा प्रतीत होता है कि अफसरों द्वारा एसोसिएशन को झूठे आश्वासन दिए गए है। पुलिस पेंशनर के मेडिकल बिलों की भी कई महीनों से अदायगी नहीं हो रही है ।जो मांग करने पर एसपी सोलन का पत्र प्राप्त हुआ है कि बिल की अदायगी के लिए सरकार से 21लाख देने का आवेदन किया गया है मगर बजट अभी तक प्राप्त नहीं हो रहा है। जबकि सरकार अपने मंत्रियों व माननीयो को वेतन भत्ते करोड़ों में अदा कर रही है। एसोसिएशन फिर से सभी सरकारों व न्यायपालिका से पुलिस कर्मचारी के साथ मारपीट करने के बारे में सख्त कानूनी कार्यवाही करने की मांग करती है जैसा कि दिल्ली व अन्य राज्य में इस प्रकार की घटनाएं हो रही है। इस बैठक में संत राम चंदेल, रूप राम ठाकुर, जगदीश चौहान, केदार शर्मा,लेख राम कायस्थ, जगदीश गर्ग, विक्रम ठाकुर, शमशेर कंवर, चेतराम तनवर, ओम प्रकाश, जगदीश, पतराम पंवर, रतीराम, मुनीलाल, मंसाराम ठाकुर आदि उपस्थित रहे।
कुनिहार : कुनिहार क्षेत्र में आवारा कुत्तों, उत्पाती बंदरो व लावारिस पशुओं के कारण आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। आये दिन कुनिहार मे लावारिस पशुओं की बढ़ती तादात के कारण स्थानीय लोगों की परेशानियां नित्य बढ़ती ही जा रही है। सरकार की हर पंचायत में गौशाला खोले जाने की कवायत सिर्फ कागजों तक ही सीमित नजर आती है, जबकि हकीकत में जमीनी स्तर पर इस योजना पर बहुत कम कार्य हुआ नजर आता है। कुनिहार व आसपास के क्षेत्र में लोग रात के अंधियारे में गाड़ियों में पशुओं को भर कर अक्सर छोड़ जाते है, जो यँहा लोगों की फसले तो बर्बाद करते ही है साथ ही कुनिहार बाजार में आवारा घूमते रहते है और लोगों पर भी यह कई मर्तबा हमला कर देते है, इसका कई बार लोग शिकार भी हो चुके है।
कुनिहार : जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार के विद्यार्थियों ने अर्की पुलिस थाने का सोमवार का एक दिवसीय शैक्षणिक दौरा किया व पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में कई जाने वाली कार्यप्रणाली को जाना।विद्यालय अध्यापक मदन लाल मेहरा की अगुवाई में जेएनवी कुनिहार के आठवीं कक्षा के 29 विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान एसएचओ अर्की व थाना के स्टाफ द्वारा विद्यार्थियों को नए मोटर वाहन अधिनियम,साइबर क्राइम के बारे विस्तृत जानकारी दी गई ।उन्होंने बच्चो को अर्की पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में पुलिस कार्यप्रणाली से भी अवगत करवाया।बच्चो को नशे से दूर रहने की नसीहत देते हुए कर्म सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्हें अपने जीवन के तय मुकाम को हासिल करके अपने प्रदेश व देश के नव निर्माण में अहम योगदान देना चाहिए,ताकि आपके विद्यालय सहित आपके क्षेत्र व अभिवावकों का नाम रोशन हो सके।
कुनिहार : जिला पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन का इस वर्ष अखिल भारतीय पेंशनर्ज दिवस समारोह 17 दिसम्बर 2019 को जिला सोलन के नालागढ़ में बड़ी ही धूमधाम से मनाया जाएगा। उक्त जानकारी जिला अध्यक्ष केडी शर्मा व जिला प्रेस सचिव डीडी कश्यप ने एक प्रेस विज्ञप्ति से देते हुए बताया ,कि अखिल भारतीय पेंशनर्ज दिवस पूरे भारत वर्ष में मनाया जायेगा व जिला स्तरीय पेंशनर्ज दिवस को इस बार नालागढ़ में आयोजित किये जाने का निर्णय लिया गया है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला की सभी इकाइयों को आमंत्रित किया गया है। जिला में करीब 3500 सदस्य है। इस सम्मेलन में पेंशनरों की सभी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश रेडक्रॉस समिति की उपाध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति में आज सोलन जिला के कंडाघाट में प्रथम उपमंडलस्तरीय रेडक्रॉस मेले का शुभारंभ हुआ। डॉ. साधना ठाकुर की उपस्थिति में हिमाचल की विख्यात गायिका गीता भारद्वाज ने रेडक्रॉस मेले की सांस्कृतिक संध्या की शुरूआत की। इस अवसर पर चंद अल्फाज़ों के साथ डॉ. साधना ठाकुर ने भी गीता भारद्वाज के साथ गीतों को अपनी आवाज़ दी। उन्होंने इस अवसर पर मेले के आयोजन के लिए रेडक्रॉस समिति कंडाघाट को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। रेडक्रॉस मेले की प्रथम सांस्कृतिक संध्या में 07 वर्षीय शिवांगी के नृत्य को खूब सराहा गया। इस अवसर पर समाजसेवी डॉ. राजेश कश्यप, जिला परिषद सदस्य शीला, रितु सेठी, लोकेश्वर शर्मा, मदन ठाकुर, देवेंद्र वर्मा, उपमंडलाधिकारी एवं उपमंडलस्तरीय रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष डॉ. संजीव धीमान, तहसीलदार कंडाघाट एवं रेडक्रॉस समिति के सचिव ओपी मेहता, विभिन्न पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, अन्य गणमान्य व्यक्ति, व्यापार मंडल कंडाघाट के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (हिम्कोष्ट) के सदस्य सचिव डीसी राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 से 16 नवंबर तक 27वें राज्य स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन का आयोजन शिक्षा विभाग हिमाचल प्रदेश और राष्ट्रीय विज्ञान विकास उद्योग परिषद और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी.) भारत सरकार नई दिल्ली के सहयोग से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या बिलासपुर में आयोजित कर रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त राजेश्वर गोयल द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय शैक्षणिक समिति के सदस्य (एनएसी.) डॉ जयंत शर्मा, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुदर्शन कुमार, एसपीडी आशीष कोहली, एसएसए/आरएमएस से उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि हिम्कोष्ट की ओर से संयुक्त सदस्य सचिव सनी शर्मा कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि बाल विज्ञान कांग्रेस 2019 का मुख्य विषय ‘‘स्वच्छ, हरित और स्वस्थ राष्ट्र के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार’’ है। उन्होने बताया कि 4 दिनों के कार्यक्रम में कांग्रेस के दौरान वैज्ञानिक परियोजना रिपोर्ट, विज्ञान प्रश्नोत्तरी, गतिविधि कॉर्नर, विज्ञानिक स्किट एंड प्ले, गणितीय ओलंपियाड और विज्ञान मॉडल जैसी के प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। राज्य भर के 700 से अधिक छात्र और शिक्षक इन 4 दिनों के दौरान भाग लेने के लिए आ रहे है। उन्होंने बताया कि 27वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य आकर्षण आगस्टा इंटरनेशनल फाउंडेशन, बंगलौर और सैंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट द्वारा प्रदर्शनी होगी। उन्होंने बताया कि फाॅर्मस्टा इंटरनैश्नल फाउंडेशन, बंगलौर की टीम द्वारा बिलासपुर के 100 छात्रों को वैज्ञानिक तौर-तरीकों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा और शिमला जिले 50 छात्र जिन्हें सैंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट द्वारा माह सितम्बर में प्रशिक्षित किया गया था। ‘‘नवीकरणीय ऊर्जा (सौर छत) और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन‘‘ पर मॉडल प्रदर्शित करेंगे। उन्होने बताया कि इस अवसर पर विश्व विद्यालयों औश्र अन्य सरकारी विभाग की एंजैसिंयां राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के दौरान प्रतिभागी छात्रों और शिक्षकों के लाभ के लिए लगभग 20 स्टाॅलों में वैज्ञानिकों नवाचारों और विकास को प्रदर्शित करेंगे। उन्होने बताया कि हिम्कोष्ट ने राज्य भर के छात्रों के प्रतिभागियों के लिए तारामंडल शो और नाइट स्काई वाचिंग आयोजित करने की योजना बनाई है। राष्ट्रीय स्तर के संगठनों के वैज्ञानिक, भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक परियोजना रिपोर्ट में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 16 छात्रों का समूह 27 से 31 दिसम्बर 2019 के दौरान केरल के तिरुवंतपुरम में राष्ट्रीय स्तर के बाल विज्ञान कांग्रेस में भाग लेगा।
सोलन जिला के नालागढ़ उपमंडल की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरूना में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत स्वच्छता एवं योग गतिविधियां आयोजित की गई। शिविर में स्वयंसेवकों से योग, स्वच्छता और शारीरिक गतिविधियां करवाई गयी। इस दौरान स्वयंसेवकों ने स्कूल परिसर तथा गोद लिए गांव बरुना के कुश्ती मैदान की साफ-सफाई की तथा एकत्रित किए गए कूड़े-कचरे का विधि पूर्वक निष्पादन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य दयाल सिंह ने बौद्धिक सत्र के दौरान स्वयंसेवकों को भारतीय संस्कार तथा भारतीय संस्कृति विषय पर अपने बहुमूल्य विचार सांझा किए। उन्होंने कहा कि एन.एस.एस. स्वयंसेवकों का समाज में महत्वपूर्ण योगदान रहता है। उन्होंने कहा कि एनएसएस स्वयंसेवी समाज के लोगों के साथ मिलकर समाज के हित में कार्य करते हैं। साक्षरता संबंधी कार्य, पर्यावरण सुरक्षा, स्वास्थ्य, आपातकाल या प्राकृतिक आपदा के समय पीडि़त लोगों की सहायता में इन एनएसएस स्वयंसेवियों का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन से ही समाजपयोगी कार्यों में संलग्न रहने से युवाओं में समाज सेवा तथा राष्ट्र सेवा के गुणों का विकास होता है। इस अवसर पर एन.एस.एस प्रभारी विजय कुमार व जसविंदर कौर, इंदरजीत सिंह, ओंकार सिंह, भजन सिंह, किरन गुप्ता, युजविंदर कौर, नीलिमा, दिनेश कुमार राघव, सुनील कुमार, विक्रम सिंह और मक्खन सिंह सहित विद्यालय के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
बढ़ती महंगाई व गिरती अर्थव्यवस्था को लेकर कांग्रेस पार्टी के धरना-प्रदर्शनों पर भाजपा नेताओं द्वारा की जा रही बयानबाजी पर सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता हकीकत से भाग रहे हैं जिन्हें देश के हालात ठीक लग रहे है जबकि महंगाई बेरोजगारी, भ्रष्टाचार व गिरती अर्थव्यवस्था से पूरे देश में हाहाकार मचा हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की सच्चाई के आइने को हमेशा झुठलाने की आदत रही है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा सजग विपक्ष की भूमिका निभाते हुए जनता की समस्याओं को धरना-प्रदर्शनों के माध्यम से सरकार के समक्ष रखा जा रहा है लेकिन उससे भी भाजपा नेताओं को घबराहट हो रही है। उन्होंने कहा कि होना तो यह चाहिए था कि जिस जनता ने भाजपा पर विश्वास जताते हुए उन्हें सत्ता के गलियारे दिखाए, उस जनता की समस्याओं का सरकार को समाधान करना चाहिए था, क्योंकि भाजपा के राज में सब चौपट हो गया है। उद्योग धंधे तेजी से बंद हो रहे हैं। करोड़ों लोग बेरोजगार हो चुके हैं जिसे देखते हुए कांग्रेस ने जन आंदोलन छेडक़र सरकार को जगाने का काम कर रही है। अब यह सब भी भाजपा नेताओं को अखर रहा है तो भाजपा नेता बताएं कि क्या कांग्रेस पार्टी मूकदर्शक बनकर उनकी तरह हाथ पर हाथ धरे बैठी रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के साथ चलने में विश्वास रखती है तथा देश की वर्तमान बिगड़ी परिस्थितियोंं पर भी एक जिम्मेवार एवं सजग विपक्ष की भूमिका निभाते हुए सरकार को सच से अवगत करवा रही है लेकिन सरकार उस पर अमल करने के बजाये अपनी धुन में मस्त है। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार व भाजपा नेताओं को देश में बेरोजगारी अच्छी लग रही है। क्या रेंगती अर्थव्यवस्था व उद्योगों का बंद होना भाजपा सरकारों की नाकामी नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में हालात ऐसे बन चुके है कि ज्वलंत मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार नित्त नए-नए हथकंडे अपनाती रहती है, ताकि सच्चाई दफन रहे तथा जनता को अच्छा-अच्छा ही दिखे लेकिन जनता भी हकीकत जानने लगी है और भाजपा की जनविरोधी नीतियों से पर्दा उठना शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के हक-हकूकों की लड़ाई लड़ती आई है तथा पार्टी का इतिहास रहा है कि जब देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा हुआ था, तब भी कांग्रेस ने बलिदान देते हुए देश को आजाद करवाने की लड़ाई लड़ी थी। अब दोबारा आजादी से पहले वाले हालात वर्तमान केंद्र सरकार की नीतियों से बन गए है, इनसे निपटने व देश को गुलामी की ओर धकेल रही ऐसी शक्तियों से बचाने के लिए कांग्रेस बीच में खड़ी हो गई है।
ग्राम पंचायत दाड़लाघाट से लगते गांव बटेड, डुगली, सुल्ली, खाता, बागा,डवारू, रौड़ी, जाबलु, कुन,पछिवर के ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत को अलग बनवाने हेतु महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया। बैठक की अध्यक्षता पूर्व पंचायत सदस्य बाबूराम शर्मा द्वारा डवारू मंदिर परिसर में की गई। युवा जागृति क्लब धार के सदस्य राजीव ठाकुर ने बताया की इस दौरान बैठक में नई गठित किए जाने वाली ग्राम पंचायतों में धार के ग्रामीणों ने पंचायत बनाने को लेकर सभी ग्राम वासियों के साथ एक ही आवाज मे अलग ग्राम पंचायत बनाने के लिए आवाज़ उठाई। वहीं बैठक में उपरोक्त गांव के लोगों ने पूरे जोर शोर के साथ अलग पंचायत का गठन करने हेतु अगली बैठक 17 नवंबर को डवारू मंदिर परिसर में ग्राम पंचायत के सदस्यों,महिला मंडल,सुधार सभा के साथ बैठक करने का फैसला लिया। बैठक में चर्चा हुई कि इस गठन का ज्ञापन प्रदेश सरकार व जिला उपायुक्त को भेजा जाएगा। इस दौरान विभिन्न मुद्दों पर स्थानीय ग्रामीणों ने चर्चा की। इस अवसर पर बाबूराम शर्मा, प्रेम केशव, जगन्नाथ शर्मा, अनु, नरेंद्र, श्यामलाल, जीत (बिट्टू), राजीव ठाकुर, दीपक ठाकुर, रवि शर्मा, प्रदीप, मनु शर्मा, ललित, प्यारेलाल, देवेंद्र, लोक राम, दिनेश, रामलाल, रवि ठाकुर सहित काफी संख्या में धार के ग्रामीणों ने भाग लिया।


















































