मौसम की अनुकूलता के मद्देनजर गेहूं की फसल में पीला रतुआ रोग फैलने की संभावना बढ़ गई है क्योंकि तापमान में उतार-चढ़ाव इस रोग के फैलने हेतु अनुकूल होता है। यह जानकारी कृषि उपनिदेशक बिलासपुर डा. के.एस. पटियाल ने दी। उन्होंने बताया कि जिस गेहूं की बिजाई अक्तूबर-नवंबर माह में हो चुकी है उसमें इस रोग के फैलने की ज्यादा संभावना है, रोग का प्रकोप विशेषकर पेड़ों के आसपास उगाई गयी फसल व अधिक ठंड और नमी वाले मौसम में उग्र होता है। पीला रतुआ रोग के लक्षण पीले रंग की धारियों के रूप मे पत्त्तियों पर दिखाई देते हैं। यदि यह रोग कल्ले निकलने की अवस्था में या इससे पहले आ जाए तो फसल को भारी हानि होती है। पीली धारियां मुख्यतः पत्त्तियों पर ही पाई जाती है परंतु रोग के अधिक प्रकोप की व्यापक दशा में पत्त्तियों के आवरण, तनों एवं बालियों पर भी देखी जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए किसान जागरूक रहें तथा कहीं भी इस रोग के लक्षण दिखाई देने पर प्रभावित क्षेत्र में ही प्रोपीकोनाजोल (टिल्ट) १ मी.ली. दवाई का 1 ली. पानी में घोल बना कर छिड़काव करें। यह दवाई कृषि विभाग के सभी विक्रय केंद्रों पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी हेतु अपने नजदीकी कृषि विषयवाद विशेषज्ञ, कृषि विकास अधिकारी और कृषि प्रसार अधिकारी से संपर्क करें।
प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस आशीष ठाकुर ने आम बजट 2020 पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करते हुए कहा कि बजट में केंद्र सरकार द्वारा युवाओं का कोई ध्यान नही रखा गया है युवाओं को रोजगार के संसाधन जुटाने के बारे में कोई चर्चा नही हुई, इससे प्रतीत होता है कि भाजपा के पास युवाओं के लिए कोई विशेष नीति नहीं है, हिमाचल प्रदेश की जनता ने जिस तरह से बढ़ चढ़कर लोकसभा चुनावों में भाजपा के पक्ष में मतदान किया था उससे लोगों को सरकार से उम्मीद थी कि बजट में हिमाचल प्रदेश को विशेष पैकेज का तोहफा मिलेगा, पर केंद्र सरकार हिमाचलियों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई, केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर ने चुनाव जीतने के लिए लोगों से वायदा किया था कि सत्ता में आते ही वो हिमाचल प्रदेश में रेल लाइन का विस्तार करेंगे पर बड़े ही दुर्भाग्य की बात है कि आज वो केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री होने के बावजूद हिमाचल को कुछ भी दिलवाने में असमर्थ सिद्ध हुए हैं ,भाजपा के सत्ता में आने के बाद आज जनता का बैंकों के ऊपर से भी विश्वास उठ रहा है, बजट में भी साफ कहा गया है कि बैंक बन्द होने की स्थिति में लोगों के सिर्फ 5 लाख रुपये तक ही सुरक्षित रहेंगे। लोग आज असमंजस की स्थिति में हैं।
लाडली फाउंडेशन की बैठक का आयोजन जिला मुख्यालय में जिला अध्यक्षा अनीता शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। जिसमें विशेष तौर पर लाडली फाउंडेशन के राज्य अध्यक्ष शालू एवं उपाध्यक्ष अनीता जसवाल ने शिरकत की। बैठक में महिला सशक्तिकरण के बारे में चर्चा की गई। राज्य अध्यक्ष शालू एवं उपाध्यक्ष अनिता जसवाल ने कहा कि भारत में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिये सबसे पहले समाज में उनके अधिकारों और मूल्यों को मारने वाले उन सभी राक्षसी सोच को मारना जरुरी है जैसे दहेज प्रथा, अशिक्षा, यौन हिंसा, असमानता, भ्रूण हत्या, महिलाओं के प्रति घरेलू हिंसा, बलात्कार, वैश्यावृति, मानव तस्करी और ऐसे ही दूसरे विषय। लैंगिक भेदभाव राष्ट्र में सांस्कृतिक, सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक अंतर ले आता है जो देश को पीछे की ओर ढ़केलता है। भारत के संविधान में उल्लिखित समानता के अधिकार को सुनिश्चित करने के लिए महिलाओं को सशक्त बनाना सबसे प्रभावशाली उपाय है इस तरह की बुराईयों को मिटाने के लिये। बैठक में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, महिला हेल्पलाइन योजना ,उज्ज्वला योजना ,महिला शक्ति केंद्र ,पंचायती राज योजनाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण के बारे में भी विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। लाडली फाउंडेशन की घूमारवी इकाई की अध्यक्ष निशा कुमारी ने कहा कि गुड़िया हेल्पलाइन 1515, होशियार सिंह हेल्पलाइन 1090 महिला हेल्पलाइन 1091,चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में पूरे प्रदेश में जागरूकता सेमिनार लगाए जाएंगे। इस मौके पर दीक्षा मेहता, ज्योति कुमारी, शालिनी शर्मा, पिंकी देवी, शिवानी, वासुदेव, अजय कौशल, नीतीश कुमार इत्यादि मौजूद थे।
दिल्ली कॉन्वेंट स्कूल ने एक बार फिर सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा में बाजी मारी है। इस वर्ष भी दिल्ली कान्वेंट स्कूल ने अपने छात्रों को मिलिट्री व सैनिक स्कूल में भेजने का सिलसिला बरकरार रखा है। हाल ही में दिल्ली कान्वेंट स्कूल के छात्र सार्थक झा का मिलिट्री कॉलेज देहरादून में चयन अपने आप में ही क्षेत्र के लिए बड़े गर्व की बात है। इस सिलसिले को जारी रखते हुए इस वर्ष कक्षा पांच के चार छात्रों में क्षितिज, अर्नव ,कार्तिक, अक्षित का सैनिक स्कूल में चयन दिल्ली कान्वेंट स्कूल के सफलता अध्याय में एक नए पृष्ठ का शामिल होना हैं । स्कूल निदेशक डॉक्टर प्रवीण राजपूत ने बताया कि हर वर्ष स्कूल कक्षा पांचवीं के लिए विशेष कक्षाओं के आयोजन करता है जिसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को मिलिट्री स्कूल, सैनिक स्कूल व नवोदय विद्यालय के लिए छात्र तैयार करना है साथ ही साथ यह सफलता इस तरह के प्रयासों को ओर बल प्रदान करती है वहीं उन्होने बताया कि अपने छात्र सार्थक झा के लिए विद्यालय में विशेष टीम का गठन किया जिन्हें इंटरव्यू के लिए तैयार करना था। इस टीम में ढलियारा कॉलेज के प्रोफेसर डॉक्टर कर्ण पठानिया, डीसीएस सुनहेत से डॉक्टर प्रवीण राजपूत, पूनम शर्मा, निशित शर्मा थे। इस में लगभग 20 छात्रों का साक्षात्कार करवाया गया। सार्थक झा का मिलिट्री कॉलेज देहरादून में चयन समूचे क्षेत्र के लिए महान उपलब्धि है। सभी चयनित छात्रों ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजन, स्कूल को दिया है।
सोलन जिला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बघेरी में 09 फरवरी 2020 को आयोजित होने वाले जनमंच कार्यक्रम के लिए शिकायतों तथा मांगों संबंधी आवेदन 07 फरवरी तक स्वीकार किए जाएंगे। यह जानकारी उपायुक्त सोलन केसी चमन ने दी। केसी चमन ने कहा कि जनमंच की अध्यक्षता शहरी विकास, नगर नियोजन एवं आवास मंत्री सरवीण चौधरी करेंगी। जनमंच प्रातः 10।00 बजे आरंभ होगा। केसी चमन ने कहा कि इस जनमंच में नालागढ़ विकास खंड की ग्राम पंचायत बघेरी, बेरछा, खिल्लियां, घोलोवाल, मस्तानपुर, करसोली, जोघों, कश्मीरपुर, बरूणा तथा जगतपुर की समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनमंच के लिए अभी तक 12 मांगे व 14 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। जनमंच के लिए मांगों तथा शिकायतों संबंधी आवेदन 07 फरवरी तक स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद प्राप्त आवेदनों पर 09 फरवरी के दिन जनमंच कार्यक्रम में चर्चा नहीं होगी। जनमंच कार्यक्रम में महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पैंशन, जन धन योजना, बेटी है अनमोल योजना, डिजिटल राशन कार्ड, टीकाकरण इत्यादि विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। लोगों को न केवल इन कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी अपितु पात्र व्यक्तियों तक इन योजनाओं के लाभ भी पहुंचाएं जाएंगे। उपायुक्त ने कहा कि जन मंच में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आयुर्वेद विभाग तथा पशु पालन विभाग द्वारा निशुल्क जांच एवं दवा वितरण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। जन मंच में हिमाचली प्रमाण पत्र, अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, विभिन्न राजस्व प्रमाण पत्र, मृदा स्वास्थ्य कार्ड इत्यादि भी जारी किए जाएंगे। कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पैंशन, विधिक सहायता, पूर्व सैनिकों को सहायता से संबंधित कागजी कार्यवाही भी पूरी की जाएगी। केसी चमन ने इन ग्राम पंचायतों के सभी निवासियों से आग्रह किया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बघेरी में आयोजित होने वाले जनमंच कार्यक्रम का लाभ उठाएं।
प्रदेशाध्यक्ष सीटू हिमाचल प्रदेश विजेंद्र मेहरा ने कहा कि केंद्र सरकार का बजट पूरी तरह कर्मचारी व मज़दूर विरोधी है। सरकार की पूंजीपतियों व उद्योगपतियों से सीधी मिलीभगत है परिणाम स्वरूप पूरे सार्वजनिक क्षेत्र को बेचने के दरवाज़े इस बजट व इस से पहले जारी किए गए आर्थिक सर्वेक्षण ने खोल दिये हैं। रेलवे में 150 निजी रेलें चलाना, एलआईसी व एयर इंडिया को बेचना, बीएसएनएल में 90 हज़ार कर्मचारियों को वीआरएस के लिए मजबूर करना, बैंकों का मर्जर कर तेरह हज़ार ब्रांचों को बन्द करना व लाखों कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की साज़िश रचना, शिक्षा व स्वास्थ्य जैसे सेवा क्षेत्र के बजट में भारी कमी, बंदरगाहों के निजीकरण की साज़िश ये सब उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने व उनकी मुनाफ़ाखोरी को बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है। इस से सरकारी क्षेत्र में लाखों स्थायी सरकारी नौकरियां खत्म होंगीं। ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस के नाम पर चौबालिस श्रम कानूनों को खत्म करके केवल चार श्रम संहिताएं बनाना स्थायी मजदूरों के संविदाकरण, ठेकाकरण, फिक्स टर्म रोजगार को जन्म देगा व उनकी सामाजिक सुरक्षा को खत्म करेगा। कॉरपोरेट टैक्स को मोदी सरकार ने वर्ष 2014 की तुलना में लगभग आधा करके नए उद्योगों को प्रोत्साहित करने के नाम पर 15 प्रतिशत करके उन्हें लाखों करोड़ रुपये का फायदा दिया है जबकि 7वें वेतन आयोग व 15वें भारतीय श्रम सम्मेलन की सिफारिशों पर मजदूरों के वेतन को 21 हज़ार रुपये करने की मांग को सरकार ने बिल्कुल सिरे से खारिज कर दिया है। एनपीएस पर सरकार की खामोशी ने सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों की पोल खोल कर रख दी है। साफ नज़र आ रहा है कि यह सरकार किसके साथ है। शाइनिंग इंडिया व चमकते भारत के पूंजीपतियों व उद्योगपतियों के लिए लूट के सारे दरवाज़े खोल दिये गए हैं। सफरिंग इंडिया व तड़पते भारत के गरीबों,मजदूरों व कर्मचारियों का गला बुरी तरह घोंट दिया गया है। मोदीनोमिक्स व थालीनॉमिक्स की पोल खुल गयी है। यह बजट पूरी तरह पूंजीपति व उद्योगपति परस्त है। यह बजट गरीबों, मजदूरों व कर्मचारियों के लिए लॉलीपॉप व झुनझुना है।
शनिवार को वाई एन जी स्टूडियो पतलीकहुल के गायक सोनू ठाकुर का धमाका 2020 नाॅन स्टाॅप एलबम का विमोचन हिमाचल एकता मंच के चैयरमेन दीप लाल भारद्वाज व जय नाग धुम्बल प्रोडक्शन के मालिक नरेश कुमार ने किया। एलबम में सभी गीत कुल्लू के सराज क्षेत्र के हैं। गीतों की रचना स्वयं सोनू ठाकुर ने की है।इस गीत को योगी चौहान ने संगीत से संवारा है। बता दें इससे पहले सोनू ठाकुर की चौदह एलबम आ चुकी है। इसमें सोनू का देव गीत नारायण बहुत चर्चित रहा। यह एलबम म्यूज़िक राइडर्स युटयुव चैनल पर रिलीज हुई है। इस मौके पर संगीतकार निरज व योगी चौहान, दीप लाल भारद्वाज, नरेश कुमार, जय राम, रोहित खतरी, देवेन्द्र सोनी आदि मौजूद रहे। शीघ्र ही एलबम का विडियो भी रिलीज किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश विद्युत पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन दाड़लाघाट व नम्होल यूनिट की महत्वपूर्ण बैठक प्रधान सुखराम नड्डा की अध्यक्षता में मलोखर में हुई। महासचिव प्रेम केशव ने बताया कि इस बैठक में ग्राम पंचायत छकोह के साथ की सभी पंचायतों के अलावा दाड़लाघाट व नम्होल यूनिट के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इसी बैठक में 2003 के उस कानून का भी विरोध जताया गया, जिसके कारण लाखों कर्मचारी व पेंशनरों की पेंशन व सैलरी पर विपरीत असर पड़ेगा। बैठक में सुखराम नड्डा ने बताया कि सन् 2003 के बाद के कर्मचारियों को भी पेंशन का लाभ मिलना चाहिए। बैठक में सभी सदस्यों ने प्रदेश विद्युत बोर्ड से आग्रह किया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को प्रदेश सरकार की तर्ज पर महंगाई भत्ते की किश्त जारी करने का आग्रह किया। छकोह के साथ की पंचायतों के अलावा मांगल के इलाके से भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी हाजिरी दर्ज करवाई। इस अवसर पर सीता राम,परसराम शर्मा, लछु राम, मस्तराम, प्रेमचंद कौंण्डल, हरीमन, परस राम ठाकुर, रतन चौधरी, प्रेम केशव, तुलसीराम, चेतराम, कमलेश चौहान, नंदलाल ठाकुर, नंदलाल कपलास सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
कांग्रेस सेवादल के हमीरपुर जिला संयोजक राजीव चोपड़ा ने शनिवार को भाजपा में शामिल होकर कांग्रेस को करारा झटका दिया है। हमीरपुर में भाजपा जिला अध्यक्ष बलदेव शर्मा की मौजूदगी में राजीव चोपड़ा को विधिपूर्वक भाजपा में शामिल कर लिया गया। बलदेव शर्मा ने उन्हें भाजपा का पटका पहनाया और स्वागत किया। राजीव चोपड़ा ने भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रभावित होकर कांग्रेस को त्यागने का फ़ैसला लिया है। जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा ने बताया कि शीघ्र ही कांग्रेस के कुछ लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
जिला मंडी की उप मंडल करसोग के पागना के गोड़न गांव की बेटी अंजना ठाकुर ने बिजली के करंट के कारण हुई दुर्घटना में दायाँ हाथ खोने के बावजूद जिंदगी से हार नहीं मानी। मुश्किलों से बाएं हाथ से लिखना सीखा। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से अब वनस्पति शास्त्र में एमएससी करते हुए पहले प्रयास में वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की कठिन परीक्षा उत्तीर्ण कर जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) के लिए चयनित हुई है। असिस्टेंट प्रोफ़ेसर के लिए राज्य परीक्षा ‘सेट’ वह पहले ही पास कर चुकी है। अंजना का सपना है प्रोफेसर बनना। शिक्षा सुरेश भारद्वाज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैज़ल, कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार और वनस्पति शास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. देसराज ठाकुर ने अंजना ठाकुर की सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश की इस प्रतिभाशाली बेटी पर गर्व है। वह अपने सपने अवश्य पूरे करेगी। विश्वविद्यालय की कार्यकारिणी परिषद (ईसी) के सदस्य एवं विकलांगता मामलों के नोडल अधिकारी प्रो.अजय श्रीवास्तव ने बताया कि आईआरडीपी परिवार की इस छात्रा ने दसवीं कक्षा से लेकर बीएससी तक हमेशा 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। आजकल वह हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के विद्योत्तमा गर्ल्स हॉस्टल में रहती है। मंडी जिला की उप तहसील पांगणा के गांव गोड़न की रहने वाली अंजना जब करसोग कॉलेज में बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा थी, उसी दौरान करंट लगने के हादसे से उसका पूरा दायां हाथ काटना पड़ा। इस कारण उसकी पढ़ाई पर भी असर पड़ा और एक वर्ष का नुकसान हुआ। उसने जिंदगी के इस भयावह मोड़ को एक चुनौती माना और बाएं हाथ से लिखना सीखा। परिवार में मां चिंतादेवी, पिता हंसराज और बड़े भाई गंगेश कुमार ने हमेशा हौसला बढ़ाया। अंजना बताती है कि सीएसआईआर की जेआरएफ परीक्षा को भी उसने एक चुनौती की तरह देखा। रोज़ कई घन्टे की तैयारी की ताकि अपने लक्ष्य की तरफ बढ़ने के लिए यह पड़ाव पार कर सके। अब विश्वविद्यालय और कॉलेज में सहायक प्रोफेसर बनने की पात्रता उसके पास आ गई है और पीएचडी में दाखिला भी आसान हो गया है। उमंग फाउंडेशन और डिसएबल द स्टूडेंट्स एंड यूथ एसोसिएशन (डीएसवाईए) से जुड़ी अंजना जेआरएफ में अपनी कामयाबी का श्रेय अपने शिक्षकों के आशीर्वाद को देती है। उसका कहना है कि दृढ़ संकल्प के साथ की गई कड़ी मेहनत रंग अवश्य लाती है।
हरलोग में व्यापारी वर्ग एवम टैक्सी ऑपरेटरों की संयुक्त बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से पंचायत प्रधान कमलेश ठाकुर ने उपस्थिति दी। बैठक में हरलोग से सम्बंधित समस्याओं के ऊपर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि व्यापारी वर्ग एवम टैक्सी ऑपरेटरों के उत्थान के लिए एक संयुक्त मण्डल बनाना अत्यंत आवश्यक है। उसके तुरन्त पश्चात बैठक में सर्वसम्मति से मेहर चन्द को संयुक्त मण्डल का अध्यक्ष चुना गया। सचिव पद के लिए पवन को चुना गया। सलाहकार पद के लिए मान सिंह चन्देल को सर्वसम्मति से चुना गया, राकेश पाठक, संजीव कुमार, दिनेश कुमार, रणवीर सिंह, देश राज, महंत राम को सदस्य चुना गया।
बिलासपुर में उपायुक्त बिलासपुर राजेश्वर गोयल की अध्यक्षता में वाल्मिकी समुदाय की समस्याओं के निवारण के लिए बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिला वाल्मिकी सभा बिलासपुर की ओर से प्रधान अशोक कुमार मौजूद रहे। प्रैस को जारी बयान में प्रधान अशोक कुमार ने बताया कि लंबे समय से चली आ रही वाल्मिकी समुदाय की दिक्कत एवं परेशानियों के समाधान को लेकर उन्होंने उपायुक्त बिलासपुर से समय की मांग की थी जिसके तहत इस बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि बिलासपुर ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में वाल्मिकी समुदाय के लोगों के पास रहने के लिए जमीन तक नहीं है, उन्हें नियमानुसार भूमि अलाट की जाए तथा राजस्व रिकार्ड में भी जोड़ा जाए। उन्होंने बताया इस समुदाय के लोगों को जाति और हिमाचली प्रमाणपत्र बनाने में परेशानियों से जूझना पड़ता है, बिना इसके लोगों को सरकार की योजनाओं से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की समय-समय पर जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस समुदाय से एक परिवार ऐसा भी है जो भाखड़ा विस्थापित होने के साथ भूमिहीन भी है। किराए के मकानों में अपना जीवन यापन कर रहे इस परिवार को कम से कम दो बिस्वा भूमि प्राथमिकता के तौर दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वाल्मिकी समुदाय के जो लोग किराए पर रह रहे हैं उन्हें सरकार की ओर से भूमि प्रदान की जाए ताकि वे अपना मकान बनाकर जीवन जी सके। इसके अलावा सफाई कार्य का निजीकरण बंद होना चाहिए व ठेका प्रथा पर अंकुश लगाया जाना चाहिए। अशोक कुमार ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि बिलासपुर में बन रहे एम्स प्रोजेक्ट में वाल्मिकी समुदाय के पढ़े लिखे युवक एवं युवतियों को भी प्राथमिकता के आधार पर रोजगार प्रदान किया जाए। उन्होंने बताया कि उपायुक्त बिलासपुर ने उनकी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
तहसीलदार बिझड़ी प्रेम सिंह भाटिया 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हो गए हैं। सेवानिवृति के अवसर पर एसडीएम बड़सर प्रदीप कुमार की मौजूदगी में तहसील स्टाफ़ व अन्य लोगों द्वारा उन्हें भावपूर्ण विदाई दी गई। प्रेम सिंह भाटिया बिझड़ी से पहले जिला बिलासपुर के कौल डैम में फरबरी 2012 से बतौर नायब तहसीलदार अपनी सेवायें दे रहे थे ।पांच वर्ष चार महीने नायब तहसीलदार के रूप में सेवाए देने के बाद उन्हें तहसीलदार प्रमोट करके बिझड़ी तहसील का कार्यभार सम्भालने की जिम्मेवारी मिली थी । प्रेम सिंह भाटिया नें 1982 से पटवारी के रूप में अपना करियर शुरू किया था ।पटवारी की नौकरी करने के साथ साथ ही उन्होंने अपनी पढाई इग्नू के माध्यम से जारी रखी तथा 1989 में वे कानूनगो के रूप में सेवाए प्रदान करने लगे भाटिया नें अपने सम्बोधन में कहा कि सेवाकाल के दौरान उन्हें ढट्वाल के लोगों का भरपूर सहयोग व प्यार मिला जिसके वे सदैव आभारी रहेंगे।
प्रदेश सरकार द्वारा आम लोगों के कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा कार्यान्वित किए गए विशेष प्रचार अभियान के तहत पूजा कलामंच बाड़ीधार सरयांज के कलाकारों ने आज नालागढ़ विकास खंड की ग्राम पंचायत बघेरी में कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। कलाकारों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जहां लोगों का मनोरंजन किया वहीं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी प्रदान की। कलाकारों ने बताया कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत लघु अवधि प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए 8,000 उम्मीदवारों को पंजीकृत किया गया है। योजना के अंतर्गत अब तक 7627 युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है। कलाकारों ने बताया कि योजना के तहत 18 से 35 वर्ष तक के बेरोजगार युवक-युवतियों को लैब तकनीशियन, प्रोडक्शन अथवा मशीन ऑपरेटर, मेडिकल सेल्ज रिप्रेजेन्टेटिव, क्वालिटी कन्ट्रोल केमिस्ट इत्यादि के लिए 3 से 5 माह का प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। कलाकारों ने लोगों को योजना का लाभ लेने का तरीका एवं जरूरी दस्तावेजों की जानकारी भी प्रदान की। कलाकारों ने लोगों को बताया कि प्रदेश में 26 हजार युवाओं को लघु अवधि का कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए प्रदेश के 38 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। 3000 युवाओं को विभिन्न ट्रेड्स में प्रशिक्षण के लिए पंजीकृत किया गया है। कलाकारों ने नुक्कड़ ‘ठगड़े री सीख’ के माध्यम से बताया कि प्रदेश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पैंशन के तहत वृद्धावस्था पैंशन की आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया गया है। वृद्धजनों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन 1300 रूपये से बढ़कार 1500 रूपये की है। सामाजिक सुरक्षा पैंशन को 750 रुपये से बढ़ाकर 850 रुपये किया गया है। कलाकारों ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पैंशन के लिए पात्र व्यक्ति जिला कल्याण अधिकारी या तहसील स्तर पर तहसील कल्याण अधिकारी के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर ग्राम पंचायत बघेरी के प्रधान विजय कुमार, उप प्रधान राम प्रकाश, वार्ड सदस्य निर्मला रानी, दर्शना कौर, पोला देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
राज्य में महिला सशक्तिकरण एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आरम्भ की गई हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत अब तक 02 लाख 62 हजार से अधिक पात्र परिवारों को निःशुल्क गैस कुनेक्शन उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। यह जानकारी आज प्रदेश सरकार द्वारा आम लोगों के कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा धर्मपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत चामियां तथा गनोल में प्रदान की गई। विशेष प्रचार अभियान के तहत सप्तक कला मंच के कलाकारों ने लोगों को अवगत करवाया कि हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत पात्र परिवारों को लगभग 3500 रुपए मूल्य की किट निःशुल्क प्रदान की जाती है। पात्र परिवारों को गैस कुनेक्शन, चूल्हा, भरा हुआ गैस सिलेंडर, रेगुलेटर, सुरक्षा पाईप इत्यादि निःशुल्क प्रदान की जाती हैं। लोगों को अवगत करवाया गया कि हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना तथा प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के लाभार्थियों को एक अतिरिक्त रिफिल्ड सिलेण्डर देने का प्रावधान भी किया गया है। इस निर्णय से दो लाख से अधिक परिवार लाभान्वित होंगे। कलाकारों ने समूह गान ‘गांव में विकास की धारा’ के माध्यम से मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन की जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 आरम्भ की गई है। यह हेल्पलाइन रविवार को छोड़कर सप्ताह के 06 दिन सुबह 7.00 बजे से रात 10.00 बजे तक कार्य कर रही है। कलाकारों ने बताया कि अनुवर्ती कार्यक्रम के माध्यम से अनुसूचित जाति, जनजाति तथा अन्य पिछड़े वर्ग के व्यक्ति जिनकी वार्षिक आय 35 हजार से कम हो तथा जिन्होंने आईटीआई या किसी अन्य प्रशिक्षण केन्द्र से प्रशिक्षण प्राप्त किया हो, को स्वावलंबी बनाने के लिए सिलाई मशीन व उपकरण खरीदने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। अक्षिता कला मंच के कलाकारों ने कुनिहार विकास खंड की ग्राम पंचायत देवरा में आम जन को महिला कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं की जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि बेसहारा लड़कियों के विवाह के लिए आरम्भ की गई मुख्यमन्त्री कन्यादान योजना के तहत अनुदान राशि को 40,000 रुपए से बढ़ाकर 51,000 रुपए कर दिया गया है। अब तक 8206 पात्र कन्याओं को इस योजना के तहत लाभान्वित किया गया है। लोगों को बताया गया कि महत्वाकांक्षी बेटी है अनमोल योजना के अन्तर्गत बी.पी.एल परिवार की बालिका को दी जाने वाली एकमुश्त अनुदान राशि को 10,000 रुपए से बढ़ाकर 12,000 रुपए कर दिया गया है। कलाकारों ने इस अवसर पर लोगों को प्रधानमन्त्री मातृ वन्दना योजना, महिला स्वरोजगार सहायता योजना सहित सौर सिंचाई योजना एवं प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। लोगों को अवगत करवाया गया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हाल ही में नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की इन्ट्रा स्टेट पीडीएस राशन कार्ड पोर्टेबिलिटी योजना का शुभारंभ किया है। अब उपभोक्ताओं को बार-बार अपना डिपू बदलवाने की आवश्यकता नहीं होगी। उपभोक्ताओं के लिए फोर्टिफाईड गेंहू आटा उपलब्ध करवाने की योजना भी आरंभ की गई है। इस आटे में आयरन फोलिक एसिड और विटामिन बी12 जैसे पोषक तत्व हैं। यह आटा प्रदेश के लोगों के स्वास्थ्यवर्धन के लिए सहायक सिद्ध होगा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत देवरा की प्रधान अंजना ठाकुर, उप प्रधान अमर सिंह ठाकुर, पंचायत सचिव सावित्री देवी, वार्ड सदस्य हेमराज शर्मा, ताराचंद, संतोष देवी, ग्राम पंचायत चामियां की प्रधान लीला सिंह, उप प्रधान टीका राम, पंचायत सचिव रमा देवी, महिला मंडल प्रधान उमा देवी, वार्ड सदस्य मोहन लाल, मीरा देवी, ग्राम पंचायत गनोल के प्रधान निर्मल शर्मा, पंचायत सचिव पूनम ठाकुर, वार्ड सदस्य मोहन लाल, कमलेश, बिमला शर्मा तथा शांता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
घनागुघाट ग्राम पंचायत में प्रधान धनी राम रघुवंशी की अध्यक्षता में विशेष बैठक का आयोजन किया गया। वहीँ बैठक में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि को कुष्ठ रोग निवारण दिवस के रूप में आयोजित किया गया। पंचायत प्रधान धनी राम रघुवंशी ने उपस्थित सभी लोगों का धन्यवाद किया और कहा कि जिस प्रकार हमने अपनी पंचायत को चेचक और पोलियो रोग से मुक्त कर दिया है उसी प्रकार अब हमे इस पंचायत को कुष्ठ रोग से भी मुक्त करना है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए हमारे स्वास्थ्य कार्यकर्ता गांव गांव में कुष्ठ रोग के बारे में लोगों को जागरुक कर रहे हैं और कुछ रोग के लक्षणों से अवगत करवा रहे हैं यदि किसी भी व्यक्ति को किसी संदिग्ध कुष्ठ रोगी का पता चलता है तो वह तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें। इस दौरान पंचायत प्रधान धनी राम रघुवंशी ने उपायुक्त सोलन का संदेश पढ़कर सुनाया व उपस्थित लोगों को शपथ दिलवाई इस अवसर पर आशा वर्कर गीता देवी,हीरादेई,पंचायत सचिव बलदेव ठाकुर,जोगिंदर,जगदीश, कमलेश कुमार,हेमन्त कुमार,ज्ञान चंद,प्रेम चंद उपस्थित रहे।
थाना हमीरपुर के अंतर्गत गांव चलोखर का साहिल जिसकी उम्र 18 वर्ष रंग सांवला है । 22 जनवरी से वो घर से लापता है। साहिल के पिता अजीत कुमार ने थाना हमीरपुर में अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उनके अनुसार साहिल 22 जनवरी को नीली पेंट और काली जैकट पहन रखी थी। उसके पिता ने पुलिस से अपने बेटे साहिल को जल्द ढूंढने की गुहार लगाई है। अगर किसी को साहिल के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो हमीरपुर थाने में या दूरभाष नंबर 01972-224306 पर संपर्क करें।
व्यास उत्सव मेला 2020 का विधिवत समापन हो गया। समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि समाजसेवी व मैनेजर कोपरेटिव बैंक मीरा भोगल ने शिरकत की। व्यास उत्सव आयोजन समिति के चेयरमैन चमन गुप्ता, अध्यक्ष कमलेन्द्र कश्यप, विजयराज, अविनाश कपूर ने उन्हें शॉल, टोपी, स्मृति चिन्ह व व्यास जी की प्रतिमा देकर सम्मानित किया। व्यास उत्सव के अंतिम दिन मिस्टर व्यास व मिस व्यास प्रतियोगिता का परिणाम निकाला गया। जिसमें निखिल चौधरी मिस्टर व्यास व मनीषा को मिस व्यास चुना गया। वहीं सुशांत शर्मा प्रथम रनरअप मिस्टर व्यास व विकास शर्मा द्वितीय रनरअप मिस्टर व्यास रहे। वहीं कनुप्रिया प्रथम रनरअप मिस व्यास व सुमेधा द्वितीय रनरअप मिस व्यास चुनी गई। इसके अलावा मिस्टर हैंडसम शिवम, मिस्टर पब्लिक चुआईस राकेश शर्मा, मिस्टर कॉन्फिडेंस अश्वनी, मिस्टर मोटिवेटर राकेश,मिस्टर हरफनमौला रोहित भाटिया को चुना गया। इसके अलावा मिस्टर मिस्टर व्यास व मिस व्यास प्रतियोगिता की शॉ स्टॉपर आक्षी कालिया को मिस लिटल चैम्प से नवाजा गया। व्यास उत्सव मेले में रैफल ड्रॉ भी निकाला गया। जिसमें प्रथम पुरस्कार टीवी रसीद नम्बर 344, द्वितीय पुरस्कार मोबाइल 754, तृतीय पुरस्कार ब्लूटूथ स्पीकर 487, चतुर्थ पुरस्कार इंडक्शन चूल्हा 218 व पांचवा पुरस्कार रूम हीटर 251 नम्बर रसीद को निकला। व्यास नगर समिति के अध्यक्ष कमलेन्द्र कश्यप ने बताया कि जिसको भी ये पुरस्कार निकले है वह एक हफ्ते के अंदर समिति से पुरस्कार प्राप्त कर सकते है। इस अवसर व्यास उत्सव आयोजन समिति के चेयरमैन चमन गुप्ता, व्यास नगर समिति के चेयरमैन विजयराज उपाध्याय, अध्यक्ष कमलेन्द्र कश्यप, जिला खेल अधिकारी प्रदीप कालिया, चीफ कंट्रोलर अविनाश कपूर, तरुण टाडू, राज कुमार, लोकेश कौशल, कृष्णकांत, गोपाल शर्मा, पुरषोतम शर्मा, सुशील पुंडीर, विनोद कौशल, प्रवक्ता कर्ण चन्देल, मुनीश मोंटू आदि उपस्थित रहे।
स्वर्ण एजुकेशनल एण्ड वैलफेयर ट्रस्ट (सेवा) के सौजन्य से सोलन शहर में वृद्ध महिलाओं की देखभाल के लिए चलाए जा रहे डे केयर सेंटर ‘खुशी’ में आज बुजुर्ग महिलाओं द्वारा सोलन के जिला कल्याण अधिकारी बीएस ठाकुर को उनकी सेवानिवृति की पूर्व संध्या पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के सचिव एवं विशेष सचिव कृषि राकेश कंवर एवं उनकी धर्मपत्नी सुप्रसिद्ध लेखिका मीनाक्षी चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। राकेश कंवर ने इस अवसर पर कहा कि बीएस ठाकुर ने सोलन में जिला कल्याण अधिकारी के पद पर कार्य करते हुए न केवल विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी तरीके से कार्यान्वित किया अपितु जिला के वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के लिए वे सदैव तत्पर रहे। उन्होंने कहा कि खुशी डे केयर सेंटर की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने और यहां बुजुर्ग महिलाओं की सहायता के लिए बीएस ठाकुर ने सदैव प्रशंसनीय कार्य किया। विशेष सचिव कृषि ने कहा कि जीवन की संध्या में पहुंचे वृद्धजनों ने अपने सम्पूर्ण जीवन में विभिन्न कार्यों का अनुभव प्राप्त किया है। इनका यह अनुभव जहां उनके परिवार की अमूल्य धरोहर है वहीं इससे युवा पीढ़ी विशेष रूप से लाभान्वित हो सकती है। उन्होंने कहा कि अनुभव से प्राप्त सीख जटिल से जटिल समस्याओं को पलभर में हल करने का सरलतम साधन है। उन्होंने खुशी डे केयर सेंटर में आने वाली सभी बुजुर्ग महिलाओं से आग्रह किया कि वे अनुभव से प्राप्त अपने ज्ञान को युवाओं के साथ सांझा करें। प्रख्यात लेखिका मीनाक्षी चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि डे केयर सेंटर खुशी ऐसा पहला केंद्र है जो पूर्ण रूप से बुजुर्ग महिलाओं को समर्पित है। उन्होंने कहा कि गत 05 वर्षों में इस केंद्र से सोलन की अनेक बुजुर्ग महिलाएं किसी न किसी रूप में जुड़ी रही हैं। यह केंद्र जहां समाज की रीढ़ कही जाने वाली बुजुर्ग महिलाओं को गुणवत्तायुक्त समय बिताने के लिए मंच प्रदान करता है वहीं इसके माध्यम से इनकी अनेक समस्याओं का समाधान भी होता है। उन्होंने कहा कि खुशी डे केयर सेंटर में 60 वर्ष से अधिक आयुवर्ग की महिलाएं बातचीत के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़ी भी रहती हैं। यह सेंटर वृद्ध महिलाओं को अनुभव सांझा करने का सशक्त मंच उपलब्ध करवाता है। रविवार को छोड़कर सप्ताह के अन्य दिनों में सेंटर प्रातः 11 बजे से सांय 5 बजे तक खुला रहता है। महिलाओं की देखभाल के लिए सेंटर में कर्मचारी भी नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह सेंटर वर्ष, 2007 से पंजीकृत सेवा ट्रस्ट महिलाओं को स्तन कैंसर और इसके इलाज के विषय में जागरूक करने के साथ-साथ अन्य बीमारियों के संबंध में जानकारियां उपलब्ध करवाता है। 31 जनवरी, 2020 को सेवानिवृत हो रहे जिला कल्याण अधिकारी बीएस ठाकुर ने कहा कि समाज की बुजुर्ग महिलाओं से प्राप्त सम्मान उनके लिए अमूल्य है और वे इसे ताउम्र याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि सोलन जिला में कार्यरत विभिन्न उपायुक्तों विशेषकर राकेश कंवर के सुयोग्य मार्गदर्शन में जिला के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन के दिशा-निर्देश में सोलन जिला हिमाचल का ऐसा पहला जिला बन गया है जहां पात्र व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा पैंशन पूर्ण रूप से डाकघर के खातों के माध्यम से उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि वे सदैव समाज के वरिष्ठ नागरिकों एवं खुशी डे केयर सेंटर की सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे। बीएस ठाकुर से 35 वर्षों से अधिक की सरकारी सेवा के उपरांत 31 जनवरी, 2020 को सेवानिवृत हो रहे हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाएं तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
डॉ वाईएस परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के व्यवसाय प्रबंधन विभाग द्वारा ग्रामीण युवाओं के लिए उद्यमिता पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य उन उद्यमियों को विकसित करना है जो कृषि व्यवसाय और ग्रामीण उद्यमों के क्षेत्रों में रोजगार पैदा कर सके। प्रशिक्षण में सिरमौर जिला के बीस युवाओं ने हिस्सा लिया। विश्वविद्यालय के विस्तार शिक्षा के पूर्व निदेशक डॉ ओपी शर्मा समारोह के मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने प्रतिभागियों के साथ अपने बहुमूल्य अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि किसानों के उद्यमशील विचारों को विकसित करना और उन्हें सर्वोत्तम तकनीकी संसाधन उपलब्ध करना महत्वपूर्ण है। व्यवसाय प्रबंधन विभाग के प्रोफेसर डॉ केके रैना ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण युवाओं के व्यावसायिक विचारों को आगे ले जाने और सीखने का माहौल प्रदान करते हैं। व्यवसाय प्रबंधन विभाग किसानों के कल्याण के लिए इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है और यह कार्यक्रम इन प्रशिक्षणों की श्रृंखला में दूसरा है। प्रशिक्षण का समन्वय विभाग की संकाय नीना घोंगरोकता द्वारा किया गया। प्रशिक्षण में विभाग के संकाय और छात्रों ने भी भाग लिया।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटिड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 जनवरी, 2020 को 11 केवी लवीघाट फीडर के अंतर्गत विद्युत लाइनों के आवश्यक रखरखाव कार्य के दृष्टिगत विद्युत आपूर्ति बाधित की जाएगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता दिनेश ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि इसके दृष्टिगत 31 जनवरी को दोपहर 02.00 बजे से सांय 4.00 बजे तक सपरून, गुरूद्वारा तथा डाक घर व इसके आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
प्रदेश सरकार द्वारा विद्यार्थियों को आरम्भिक शिक्षा से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने की दिशा में कारगर कदम उठाए गए हैं। यह जानकारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध सप्तक कलामंच के कलाकारों ने आज धर्मपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत चम्मो तथा जाबली में आयोजित जन जागरूकता कार्यक्रमों में दी। कलाकारों ने बताया कि अटल वर्दी योजना के तहत पहली कक्षा से जमा दो कक्षा के 9 लाख से अधिक विद्यार्थियों को निःशुल्क स्मार्ट वर्दी के दो-दो सेट उपलब्ध करवाए गए हैं। कलाकारों ने उपस्थित जनसमूह का गीत-संगीत व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जहां मनोरंजन किया वहीं आम लोगों के कल्याण के लिए कार्यान्वित की गई विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की। कलाकारों ने नुक्कड़ ‘आउं चलां स्कूल’ के माध्यम से अटल वर्दी योजना, मेधा प्रोत्साहन योजना, अखण्ड शिक्षा ज्योति, मेरे स्कूल से निकले मोती योजना की जानकारी प्रदान की। लोगों को बताया गया कि प्रदेश सरकार द्वारा पहली, तीसरी, छठी व नौवीं कक्षा के विद्यार्थियांे को स्कूल बैग वितरित किए जा रहे हैं। योजना के तहत 2.56 लाख विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित करने का प्रावधान किया गया है। सोलन जिला में वर्ष 2019-20 में 17695 विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए हैं। कलाकारों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को जमा दो तथा स्नातक के उपरान्त प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के लिए मेधा प्रोत्साहन योजना आरम्भ की गई है। योजना के तहत मेधावी विद्यार्थियों को मेडिकल और इंजीनियरिंग सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के लिए एक लाख रुपये प्रदान करने का प्रावधान किया गया है। अक्षिता लोक कलामंच कहलोग के कलाकारों ने कुनिहार विकास खंड की ग्राम पंचायत बातल तथा चम्यावल में विकास गीत ‘गांव में विकास की धारा’ के माध्यम से प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। कलाकारों ने बताया कि प्रदेश की 3740 राजकीय पाठशालाओं में प्री-प्राइमरी कक्षाएं आरम्भ की गई है। इन कक्षाओं में 47 हजार बच्चों का नामांकन किया गया है। कलाकारों ने बताया कि 114 महाविद्यालयों में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध करवा दी गई है तथा शेष 23 महाविद्यालयों में यह सुविधा प्रदान की जा रही है। कलाकारों द्वारा इस अवसर पर लोगों को प्रधानमन्त्री मातृ वन्दना योजना, महिला स्वरोजगार सहायता योजना सहित सौर सिंचाई योजना एवं प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत चम्यावल के प्रधान परविंद्र ठाकुर, उप प्रधान धर्मपाल, पंचायत सचिव बाबू राम, वार्ड सदस्य देवकी देवी, किरपा राम, पार्वती, कृष्णा देवी, ग्राम पंचायत बातल के प्रधान रतन लाल, उप प्रधान नरेंद्र रांगड़, ग्राम पंचायत चम्मो की प्रधान डिम्पी धीमान, पंचायत सचिव राज कुमार, वार्ड सदस्य रविंद्र सिंह, पूर्ण चंद, लता देवी, अनुराधा, ग्राम पंचायत जाबली के उप प्रधान विनय, वार्ड सदस्य जयदेव अत्री, रूबिन कुमार, यशोधा सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
प्रदेश सरकार का यह प्रयास है कि वर्ष 2022 तक हिमाचल प्रदेश के सभी किसान प्राकृतिक खेती अपनाएं। अभी तक राज्य में 50 हजार से अधिक किसान प्राकृतिक खेती अपना चुके हैं। वर्ष 2020 में 02 लाखों किसानों को प्राकृतिक खेती के अधीन लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह जानकारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध पूजा कलामंच के कलाकारों ने आज नालागढ़ विकास खंड की ग्राम पंचायत कुण्डलू तथा मलहैणी में उपस्थित जनसमूह को गीत-संगीत व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रदान की। कलाकारों ने बताया कि सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती में सोलन जिला के पांचों विकास खंडों में अब तक 4456 किसानों को किसान जागरूकता शिविरों के माध्यम से प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए जागरूक किया गया है। 2742 किसानों ने प्राकृतिक खेती को अपनाया है तथा इसे जिले का 93.34 हैक्टेयर क्षेत्र प्राकृतिक खेती के अंतर्गत लाया जा चुका है। लोगों को बताया गया कि प्राकृतिक खेती सोलन विकास खंड में 550, कंडाघाट विकास खंड में 500, धर्मपुर विकास खंड में 576, कुनिहार विकास खंड में 526 तथा नालागढ़ विकास खंड में 590 किसान प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। लोगों को बताया गया कि प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से देसी गाय क्रय करने पर 25 हजार रुपये तथा गौशाला के लिए 80 हजार रुपये का उपदान प्रदान कर रही है। लोगों को बताया गया कि प्राकृतिक खेती सभी के लिए सुरक्षित है तथा इससे भूमि का उपजाऊपन भी बना रहता है। देसी गाय के गोबर एवं गौमूत्र से एक किसान प्राकृतिक खेती कर सकता है। देसी प्रजाति के गौवंश के गोबर एवं मूत्र से जीवामृत, घनजीवामृत तथा जामन बीजामृत बनाया जाता है। इनका खेत में उपयोग करने से मिट्टी में पोषक तत्वों की वृद्धि के साथ-साथ जैविक गतिविधियों का विस्तार होता है। इस विधि से खेती करने वाले किसान को बाजार से किसी प्रकार की खाद और कीटनाशक रसायन खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती है। कलाकारों ने बताया कि सरकार किसान हित को ध्यान में रखकर अनेक कृषक हितैषी योजनाएं कार्यान्वित कर रही है। लोगों को बताया गया कि प्रदेश सरकार किसानों को ट्रैक्टर खरीदने पर 03 लाख रुपये तथा पावर टिल्लर के लिए 25 हजार रुपये का उपदान प्रदान कर रही है। कलाकारों ने बताया कि उद्यमियों को आकर्षित करने तथा उन्हें प्रोत्साहन देने के लिए नई औद्योगिक निवेश नीति बनाई गई है। दस्तकारों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री दस्ताकर योजना के तहत परंपरागत दस्तकारों को 30 हजार रूपये तक के उपकरण या औजार खरीदने पर 75 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान किया गया है। योजना के तहत वित्त वर्ष 2019-20 में 50 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। कलाकारों ने समूह ‘गांव में विकास की धारा’ के माध्यम से महिला स्वरोजगार सहायता योजना, प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सामाजिक सुरक्षा पैंशन योजना तथा बेटी है अनमोल योजना की जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत कुण्डलू के प्रधान श्याम लाल, उप प्रधान ओम प्रकाश, वार्ड सदस्य श्याम लाल, अनीता, दसोदा, रेनु शर्मा, रोशन लाल, देशराज, निर्मला देवी, जगदीश चंद, मीना देवी, पंचायत सचिव गुरदयाल, ग्राम पंचायत मलहैणी की प्रधान राजकुमारी, उप प्रधान राजकुमार, वार्ड सदस्य राम किशन, रंजीत सिंह, रामकली सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यामिक स्कूल बंदला में वीरवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास से मनाया गया । प्रधानाचार्य नीरज पालीवाल की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में शिक्षा उपनिदेशक निरीक्षण प्रकाश चंद धीमान ने बतौर मुख्यातिथि शिरक्त की। समारोह में स्कूल के छात्र -छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समा बांधा। मुख्यातिथि ने स्कूल के मेधावी बच्चों को ईनाम देकर पुरस्कृत किया। शैक्षणिक क्षेत्र में ज्योति, ललिता, अर्पित, सुनील, आशीष, शिवानी, ज्योति, स्मृति, पूनम व नैन्सी आदि विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कृतिका, किरण, निशा, कृष्णा, कंगना, संजना, जागृति, रमा, नेहा, बलबीर, धीरज, तानिया, ज्योति आदि को पुरस्कृत किया जबकि खेलकूद में देवीलाल, आदित्य, सन्नी, अजय, रमन, रमा, नेहा, अरूण, अंकित आदि को पुरस्कृ त किया। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों जैसे गणेश बंदना, एक्शन सॉग, राजस्थानी नृत्य, सामूहिक गान की प्रस्तूति की गई । पर्यावरण बचाओ और मोबाइल के दुष्प्रभाव पर प्रस्तूति देकर विद्यार्थियों को जागृत किया। इस मौके पर एसएमसी अध्यक्षा निशा देवी, ग्राम पंचायत प्रधान जयपाल, प्रधानाचार्य प्रदीप ठाकुर, मुख्याध्यापक सिहड़ा सुरेंद्र धर्माणी, बीडी अध्यक्षा कमलेश शर्मा, चुनीलाल, चंदन शर्मा, बच्चों के अभिभावकगण और स्थानीय जनता भी मौजूद रही।
बसंत पंचमी के अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर पाठशाला मेन मार्किट में गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।। माँ सरस्वती के पूजन अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया जिसके बाद दिव्य मंत्रोचारण के साथ हवन विधान को सम्पन्न किया गया। इस अवसर पर उपस्थित बच्चो के अविभावकों सहित बच्चों ने हवन में आहुतियां डाली। इस दौरान छोटे बच्चों का सनातन परंपरानुसार विधि विधान के साथ विद्यारम्भ संस्कार किया गया, जिसमें बच्चों के जीवन मे माँ सरस्वती से सौभाज्ञ प्राप्ति की कामना की गई। इस अवसर पर स्कूल से एक शोभायात्रा भी निकाली गई जो कि पतंजली योगपीठ से जुड़े हुए शिक्षिको के घरों में जाकर वहां से रामायण ग्रंथ को लेकर वापिस स्कूल लौटी। इस शोभा यात्रा में सभी बच्चों सहित अविभावकों ने भी बढ़चढ़ कर भाग लिया। स्कूल प्रबंधक सुरेश चौधरी ने सभी को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दी । वहीं, प्रिंसिपल ने भी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्कूल की सभी शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग दिया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधक सुरेश चौधरी सहित प्रिंसिपल रंजना शर्मा व अन्य शिक्षिकाएं , स्वप्न छाया, लीना, मीनाक्षी, प्रोमिला,मेघा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में बच्चों के अविभावक भी उपस्थित रहे। समापन पर बच्चों सहित सभी को मां सरस्वती के आशीर्वाद युक्त दिव्य प्रसाद वितरण किया गया।
बिलासपुर जिला में शिको काई कराते इंटरनेशनल इंडिया द्वारा मान्यता प्राप्त ब्रिज कराते अकैडमी के द्वारा शिशु निकेतन पब्लिक स्कूल दसमल में कलर बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा का आयोजन अकादमी के तकनीकी निदेशक सेंसाई बृजलाल चौहान व अन्य प्रशिक्षक कपिल गारला तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रदीप कुमार शर्मा व अन्य प्रशिक्षकों की मौजूदगी में किया गया जिसमें 7 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया और ग्रेडिंग परीक्षा पास की । सेंसाई बृजलाल चौहान ने बताया की शिवानी, ऋषिका, विवेक राही, कर्तव्य ,अभिनव ठाकुर, वरुण शर्मा व अरुण कुमार ने येलो बेल्ट प्राप्त कर अपने विद्यालय का नाम रोशन किया बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा के आयोजन का उद्देश्य लोगों में मार्शल आर्ट को बढ़ावा देना तथा बच्चों और युवाओं में शारीरिक स्वास्थ्य तथा शारीरिक क्षमता आत्मरक्षा और खेल के रूप में जागरूकता लाना रहा है । कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रदीप कुमार शर्मा जी ने बच्चों को सर्टिफिकेट और बेल्ट देकर सम्मानित किया तदोपरांत बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना के साथ सबको बधाई दी संसाई बृजलाल चौहान ने अकादमी के सभी पदाधिकारी व बच्चों के अभिभावकों का धन्यवाद करते हुए हंसी भारत शर्मा चीफ इंस्ट्रक्टर/एग्जामिनर एंड टेक्निकल निदेशक एस० के० के० आई० का भी आभार व्यक्त किया।
सड़कें किसी भी क्षेत्र की भाग्य रेखा होती है, हर गांव के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिले इसके लिए प्रदेश सरकार प्रयासरत है। विधानसभा सदर बिलासपुर में लोगों को बेहतर सड़क सुविधा प्राप्त करवाने के लिए 90 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे है। यह बात विधायक सुभाष ठाकुर ने प्रधानसमंत्री सड़क सुविधा योजना के तहत कुनाला से कोलहवीं सड़क के भूमि पूजन के उपरांत जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि लगभग 14-15 वर्ष इस सड़क का कार्य लम्बित पड़ा था जिससेे गांव के लोगों को कठिनाइयों का सामान करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि कुनाला से कोलहवीं लगभग 630 मीटर सड़क के लिए लगभग 41 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे और इसके निर्मित हो जाने से कोहलवीं गांव मुख्य सड़क से जुड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव कोलहवीं के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं जैसे पानी, स्वास्थय, शिक्षा एवं सड़क प्राथमिकता से उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहा है। उन्होंन सम्बन्धित विभाग को निर्देश दिए की सड़क निर्माण के साथ-साथ डंगें भी लगाए जाए और यह भी ध्यान रखे कि इससे लोगों की भूमि को कोई भी नुकसान न पहुचें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी वर्गों के हित के लिए कार्य कर रही है ताकि सभी वर्ग प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हो सके। उन्होंने अपरडूगली नई सड़क निर्माण के लिए 2 लाख रुपये भी स्वीकृत किए। इस अवसर पर पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अशीष डीलों, स्थानीय प्रधान प्यारे लाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष राकेश ठाकुर, अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण वी.एन. पराशर के अतिरिक्त अन्य गणमान्य लोग तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सोलन एवं केन्द्रीय भवन अनुसंधान संस्थान रूड़की के सौजन्य से जिला में बहु आपदा भवन निर्माण प्रणाली के विषय में दो दिवसीय कार्यशाला शुरू हुई। कार्यशाला का शुभारंभ उपायुक्त सोलन केसी चमन ने किया। इस प्रशिक्षण कार्यशाला में लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जिला ग्रामीण विकास प्राधिकरण तथा जेपी विश्वविद्यालय के 30 अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि भूकंप की दृष्टि से सोलन जिला जोन 4 व 5 में आता है। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण कार्यों में भूकंप रोधी तकनीक अपनाकर भूकंप से होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भूकंप आने पर सबसे ज्यादा नुकसान लोगों की अज्ञानता एवं भवनों के गिरने के कारण होता है। भूकम्प रोधी ढांचे के निर्माण के साथ-साथ लोगों को आपदा के समय बचाव के विभिन्न उपायों के बारे में भी जागरूक करना आवश्यक है। केसी चमन ने कहा कि इस कार्यशाला के दौरान 30 विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्य प्रशिक्षक के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। मुख्य प्रशिक्षक भविष्य में प्रत्येक गांव के 05 राजमिस्त्रियों को बहु आपदा रोधी भवन निर्माण तकनीक बारे प्रशिक्षित करेंगे। कार्यशाला में वास्तुकार डॉ. एसके नेगी ने निर्माण उद्योग के क्षेत्र में कौशल विकसित करने में केन्द्रीय भवन अनुसंधान संस्थान रूड़की के प्रयासों पर प्रकाश डाला। डॉ. अजय चौरसिया ने भूकंप के कारण भवनों को हुए नुकसान तथा भविष्य में इससे निपटने के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने भूकम्प, तूफान तथा बर्फबारी रोधी भवन निर्माण के डिजाइन की भी जानकारी दी। इंजीनियर एचके जैन ने बहुआपदा रोधी दीवारों तथा छतों की तकनीक के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विवेक चंदेल, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की समन्वयक अपूर्वा मारिया, प्रलेखन समन्वयक गौरव मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
उपायुक्त बिलासपुर राजेश्वर गोयल ने बचत भवन में सत्य व अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 72वें शहीदी दिवस पर जिला प्रशासन द्वारा उनकी शान्ति के लिए दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा भारत की आजादी के संघर्ष के दौरान अपना जीवन कुर्बान करने वाले वीर सपूतों को याद किया गया और उनकी आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर ए.डी.एम. विनय धीमान, एस.डी.एम. सदर रामेश्वर, साहयक आयुक्त सिद्धार्थ आचार्य, पी.ओ. डी.आर.डी.ए. संजीत के अतिरिक्त जिला के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहेे।मत्स्य निदेशालय में दो मिनट का मौन रखा भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की स्मृति में वीरवार को भारत के गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार मात्स्यिकी विभाग के समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों ने निदेशक एवं प्रारक्षी, मत्स्य के नेतृत्व में मत्स्य निदेशालय परिसर में 11 बजे दो मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर उप-निदेशक महेश कुमार, देवसेन नेगी, अधीक्षक ग्रेड 1 के अतिरिक्त अन्य भी उपस्थित रहे।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन में बसंत पंचमी उत्सव मनाया गया। प्रातः काल की सभा में जागृति कपिल ने इस उत्सव के बारे में विद्यालय परिवार को बताया की माघ मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को बसंत पंचमी मनाई जाती है,इसी दिन संगीत का प्रकाटोत्सव हुआ। इस पर्व के आते ही प्रकृति में परिवर्तन शुरू हो जाता है,चारों और फूल खिल जाते हैं,वनस्पतियों में नए रस का संचार हो जाता है। इसके साथ-साथ एनएसएस यूनिट ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को याद किया। उनकी पुण्यतिथि को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है।एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश चंद ने बताया कि भारत की स्वतंत्रता में इनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।सत्य व अहिंसा से ही इन्होंने आजादी दिलाने के लिए योगदान दिया। इनकी पुण्यतिथि कुष्ठ रोग दिवस के रूप में मनाई जाती है। कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश चंद ने अपने संबोधन में बताया कि इस रोग को कोट भी कहा जाता है,अब इसका इलाज मल्टी ड्रग थेरेपी से किया जाता है। महात्मा गांधी कुष्ठ रोगियों से बड़ी सहानुभूति रखते व इनकी सेवा भी करते थे,इसलिए इनकी पुण्यतिथि कुष्ठ रोग दिवस के रूप में मनाई जाती है। महात्मा गांधी को याद करते हुए व श्रद्धांजलि देते हुए पूरे विद्यालय परिवार ने मौन रखा। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने समस्त विद्यालय परिवार को बसंत पंचमी पर्व की शुभकामनाएं दी व राष्ट्रपिता के गुण,सत्य,अहिंसा आदि को ग्रहण करते आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उपमण्डल झण्डुता के पिछड़े क्षेत्र की ग्राम पंचायत पपलोआ के गांव गाह , सड़ेपाणी, घोड़ी की भौगोलिक परिस्थितियों को मद्देनजर रखते हुए और जनसंख्या के मानकों में छूट देकर एक नई पंचायत "गाह" बनाई जाए। गुज्जर कल्याण बोर्ड के पूर्व सदस्य मस्त राम चौधरी, हंस राज, गिल्लू राम, पंचायत के वार्ड पंच छोटू राम, देव राज, चन्दू राम, धन्नू राम, अमीं चंद, राकेश कुमार, राकेश धीमान, रूप लाल व गाह के बाशिंदों ने अपने क्षेत्र की कठिन परिस्थितियों को बताते हुए कहा कि बर्तमान समय में उनकी पंचायत पपलोआ है जिसका मुख्यालय अर्थात पंचायत घर यहां से बारह किलोमीटर से लेकर पन्द्रह किलोमीटर दूर है जहां अपने किसी छोटे से छोटे कार्य को करवाने के लिए जाना पड़ता है जिसके लिये कोई बस सुविधा नहीं है और लोगों को निजी गाड़ी किराए पर लेकर हर बार पांच सौ रूपये खर्च करने पड़ रहे हैं। क्षेत्र के निवासियों ने अपनी दुःख भरी गाथा सुनाते हुए कहा है कि इलाके में सड़कों की हालत काफी खराब है । थोड़ी सी वर्षा हो जाये तो एकमात्र सरकारी बस यहां से नौ किलोमीटर दूर बौंका नामक स्थान पर रूक जाती है जिससे इलाका निवासियों को भारी आर्थिक और मानसिक नुकसान का सामना करना पड़ता है। लोगों ने बताया कि स्थानीय विधायक जीतराम कटवाल के सामने इलाका निवासियों ने कई बार अपनी समस्याओं को रखा परन्तु उनके कानों में जूं तक नहीं रेंगी है। लोगों ने विधायक की कार्य-पद्धति पर भी सवालिया निशान लगाया है और कहा है कि पिछले वर्ष उन्होंने मण्डीखर नामक स्थान से धणीपखर तक सड़क की दशा को सुधारने के लिए वहां भूमि पूज़न किया था जिसका वहाँ टंगा हुआ भूमि पूजन बोर्ड जख्मों पर नमक छिड़क रहा है तथा सड़क सुधार के नाम पर एक ईंच सड़क भी पक्की नहीं हुई हैं। अति पिछड़ा क्षेत्र होने का दंश झेल रहे जनता के इन जागरूक लोगों ने बताया कि इस इलाका के बाशिंदों को बैंक की सुविधा प्राप्त करने के लिए बीस किलोमीटर दूर जड्डू कुलज्यार जाना पड़ता है। यहां तक कि डाकघर की सुविधा से इलाका -निवासी वंचित हैं। अतः जनता ने इस पिछड़े गांव में एक बैंक और डाकघर की शाखाओं को खोलने के लिए तथा इस पिछड़े गांव गाह में नई पंचायत के सृजन के लिए पंचायती राज मंत्री कंवर वीरेन्द्र सिंह और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से जोरदार मांग की है। क्षेत्र की प्रबुद्ध जनता ने हिमाचल प्रदेश की जयराम सरकार को चेताया है कि यदि उनकी समस्याओं को शीघ्र हल करके उनकी जायज मांगों को नहीं माना गया तो मजबूर होकर उन्हें आगामी लोकतांत्रिक कठिन कदम उठाने के लिए विवश होना पड़ेगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल 31 जनवरी, 2020 को सोलन जिला के नालागढ़ के प्रवास पर रहेंगे। डॉ. सैजल 31 जनवरी को प्रातः 10.30 बजे नालागढ़ के न्यू ज्ञान धाम पब्लिक स्कूल के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर दो मिनट का मौन रखा गया। इस दिवस को देश में शहीदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। उपस्थित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उपायुक्त केसी चमन, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सोलन विवेक चंदेल, सहायक आयुक्त भानू गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
बसंत पंचमी के पावन अवसर पर गुरुकुल इंटरनैशनल सी० से० स्कूल में प्रधानाचार्य गुरप्रीत माथुर स्कूल के निर्देशक सुनील गर्ग शिक्षक वर्ग तथा छात्रों द्वारा धूप दीप, पुष्प अक्षत आदि से विद्या दायिनी माँ सरस्वती की पूजा अर्चना की गई। प्रधानाचार्य ने दसवी तथा बारहवीं के छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा की आने वाली परीक्षा के लिए उन्हें कड़ी महनत के साथ साथ माँ सरस्वती का आशीर्वाद भी प्रदान करना चाहिए। इस सत्र में गुरुकुल स्कूल प्रत्येक क्षेत्र में ऊँचाइयों को छूए इसी प्रार्थना के साथ सभी ने माँ सरस्वती की आरती गाई साथ ही मीठे चावल का भोग लगा कर सभी को चावल वितरित किये गए।
जिला रोजगार अधिकारी हंस राम गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रम एव रोजगार विभाग, बिलासपुर की ओर से 29 जनवरी को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंदला में मुख्यमंत्री द्वारा घोषणा के सन्दर्भ में युवाओं के लिये व्यावसायिक मार्गदर्शन एवं कैरियर काउंसलिंग शिविर का आयोजन किया गया। उन्होने बताया कि विभिन्न विभाग से आये हुए विभागाध्यक्षों ने छात्रों को व्यावसायिक मार्गदर्शन प्रदान किया, जिसमें 150 छात्रो ने भाग लिया। इन युवाओं को विभिन्न विभागों के माध्यम से चलाई जा रही उपयोगी योजनाओं व छात्रों को भविष्य निर्माण के बारे में परामर्श दिया गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रधानाचार्या नीरज पालीवाल का शिविर को सफल बनाने में विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर वेटेनरी अधिकारी पशुपालन डॅा0 विकास कौशल, उद्यान विकास अधिकारी मोनिका कपिल, विषय विशेषज्ञ कृषि विभाग राजेन्द्र कुमार, जिला संयोजक उच्च शिक्षा राजमति कौशल, निदेशक आर.सेटी. यू.को. बैंक बी.के. धीमान, सह-संयोजक हिमाचल कौशल विकास निगम कुमार गौरव, उद्योग विकास से श्रवण कुमार, विषय विशेषज्ञ स्वास्थ विकास विजय कुमारी, अधीक्षक राजेश मैहता, यंग प्रोफेशनल जिला रोजगार कार्यालय भूपेश शर्मा उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटिड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 जनवरी, 2020 को राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन कार्य के दृष्टिगत 11 केवी वाटर सप्लाई फीडर की विद्युत आपूर्ति बाधित की जाएगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता दिनेश ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि इसके दृष्टिगत 30 जनवरी को प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक एनआरसीएम से डीजल पम्प तथा बेर पानी एवं आसपास के क्षेत्रों विद्युत आपूर्ति बाधित की जाएगी। उन्होंने इस अवधि में लोगों से सहयोग की अपील की है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं तथा अध्यापकों व अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को गुणवत्तायुक्त एवं संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ आत्मरक्षा प्रशिक्षण के लिए भी प्रेरित करें। डॉ. सैजल आज अर्की विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लोहारघाट स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के छठे वार्षिक समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने इससे पूर्व क्षेत्र के गांव वानली ब्राह्मणा में 10 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले शहीद राम रत्न सम्पर्क मार्ग का भूमि पूजन किया। इस संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी को भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए उनके समग्र विकास पर ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस द्वारा विद्यालयों में लड़कियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। अध्यापकों को चाहिए कि वे छात्राओं को इस प्रकार के कार्यक्रमों से लाभ लेने के लिए प्रेरित करें ताकि किसी भी कठिन परिस्थिति में छात्राएं अपना तथा अपने परिवार का बचाव करने में सक्षम बन सकें। डॉ. सैजल ने कहा कि बच्चे अधिकतर समाज व परिवार से सीखते हैं इसलिए अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों के साथ अच्छा व्यवहार करें ताकि बच्चे भी अच्छे व्यवहार को अपनाकर अपने जीवन में उतार सकें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय प्रतियोगिता का समय है तथा किसी भी प्रतिस्पर्धा में सफल होने के लिए छात्रों को एक लक्ष्य लेकर चलना होगा तथा इस दिशा मंे समर्पित होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यालय का वार्षिक समारोह उस विद्यालय के छात्रों द्वारा वर्ष भर की गई मेहनत का परिणाम होता है तथा इस दिन के इंतजार छात्र बड़ी उत्सुकता के साथ करते हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में वर्तमान प्रदेश सरकार युवाओं को बेहतर व्यावसायिक शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ नैतिक मूल्यों की जानकारी देने पर भी बल दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यह प्रयास कर रही है कि युवाओं को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों एवं हिमाचली लोकाचार एवं संस्कृति की भी जानकारी प्राप्त हो। डॉ. सैजल ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लोहारघाट के निमार्णाधीन भवन का निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य के बजट में आ रही कमी को पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि लोहारघाट में सब्जी मंडी का निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से आग्रह किया कि वे सब्जी मंडी के लिए स्वेच्छा से भूमि उपलब्ध करवाएं। डॉ. सैजल ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में विकास के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अर्की विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं व मांगों को प्रमुखता से हल किया जा रहा है। सहकारिता मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लोहारघाट में सांस्कृतिक कार्यक्रमों प्रस्तुत करने के लिए 11 हजार रुपए तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला लोहारघाट को सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए 5100 की राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने लोहारघाट में शहीद राम रत्न स्मारक तथा पार्क के शीघ्र निर्माण का भी आश्वासन दिया। इस अवसर पर डॉ. सैजल ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटाने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश सचिव रतन सिंह पाल ने विद्यार्थियों को वार्षिक समारोह की बधाई दी तथा मुख्यातिथि का कार्यक्रम में आने के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार की दिशा में बेहतर कार्य कर रही है तथा हाल ही में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्ज मीट से राज्य में आर्थिक उन्नति के साथ-साथ रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। इस अवसर पर जमा दो कक्षा की रेश्मा देवी तथा दिनेश कुमार को शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट गतिविधियों के लिए बेस्ट ब्वाय तथा बेस्ट गर्ल से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भाजपा अर्की मंडल के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, जिला भाजपा उपाध्यक्ष राजेश महाजन, भाजपा अर्की मंडल के पूर्व अध्यक्ष बाबू राम पंवर, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष छोटू राम, ग्राम पंचायत क्यार कनेता की प्रधान गीता महाजन, भाजयुमो अर्की के अध्यक्ष योगेश शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता जयनंद शर्मा, भाजपा तथा भाजयुमो के अन्य कायकर्ता, उपमंडलाधिकारी अर्की विकास शुक्ला, लोक निर्माण विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता रवि कपूर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लोहारघाट के प्रधानाचार्य चनन सिंह राणा सहित अध्यापक, अभिभावक व स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट में बुधवार को बाल अधिकारों को लेकर पांच दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ।इस कार्यशाला का आयोजन वासु राय इनीशिएटिव फाउंडेशन दिल्ली व विद्या विहार शिक्षा समिति सोलन हिमाचल प्रदेश द्वारा किया जा रहा है।इस कार्यशाला का आयोजन शेयरिंग कंपैशन एंड रियलाइजिंग इंडिया थीम के अंतर्गत किया जा रहा है।इस पांच दिवसीय कार्यशाला में ताइवान से आए स्वयंसेवी विद्यार्थी विद्यालय के विद्यार्थियों को बाल अधिकारों,बाल यौन शोषण के विरुद्ध अधिकार,बाल तस्करी के विरुद्ध बचाव,नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव व साइबर क्राइम के बारे में जागरूक करेंगे।कार्यशाला के आरंभ से पूर्व विद्यालय प्रांगण में वासु राय इनीशिएटिव फाउंडेशन के मुख्य वासु राय उनकी जीवनसाथी चेतना शर्मा उनकी सांस व ताइवान से आए सभी विद्यार्थियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया।विद्यालय के प्रधानाचार्य रूप राम शर्मा ने वासु राय व ताइवान से आए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि बाल अधिकारों के बारे में जागरूकता कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को अति महत्वपूर्ण बातें सीखने को मिलेगी।इस अवसर पर सीडीपीओ अर्की विनोद गौतम भी उपस्थित रहे।कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए विद्यालय के समस्त अध्यापक, प्राध्यापक,एसएमसी प्रधान रूपचंद व स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।
अखिल भारतीय कृषि छात्र संघ (AIASA) ने डॉ वाईएस परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय,नौणी को इंस्टीट्यूट ऑफ एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया है। हाल ही में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में सम्पन्न हुए अखिल भारतीय कृषि छात्र संघ के राष्ट्रीय युवा सम्मेलन में इस पुरस्कार की घोषणा की गई। यह आयोजन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) द्वारा सह-आयोजित किया गया था। कई विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के अलावा, इस आयोजन में देश के 74 विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं ने भाग लिया। आईसीएआर के कृषि शिक्षा के डीडीजी डॉ आर सी अगरवाल सम्मेलन के मुख्य अतिथि रहे। विश्वविद्यालय को बागवानी और वानिकी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए यह पुरस्कार दिया गया है। अखिल भारतीय कृषि छात्र संघ के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण वर्मा ने नौणी में आयोजित एक कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ परविंदर कौशल को यह पुरस्कार प्रदान किया। इस पुरस्कार के अलावा, विश्वविद्यालय ने सम्मेलन में तीन अन्य पुरस्कार भी जीते। डॉ के एस पंत को सर्वश्रेष्ठ शिक्षक का पुरस्कार मिला जबकि पीएचडी एग्रीबिजनेस के छात्र पंकज ठाकुर को 'आवाहन' पुरस्कार से सम्मानित किया गया। एक अन्य छात्र, प्रियंक शर्मा ने मौखिक प्रस्तुति में दूसरा पुरस्कार जीता। इस अवसर पर कुलपति डॉ परविंदर कौशल ने आईसीएआर और अखिल भारतीय कृषि छात्र संघ का धन्यवाद किया और कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा राज्य में बागवानी और वानिकी के विकास के लिए की जा रही गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विश्वविद्यालय के संकाय, छात्रों और कर्मचारियों को श्रेय दिया, जिन्होंने पिछले तीन दशकों से शिक्षा, अनुसंधान और विस्तार गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। डॉ कौशल ने आश्वासन दिया कि विश्वविद्यालय किसानों की आय और उनकी आजीविका में वृद्धि करने कि दिशा में प्रयास जारी रखेगा।
हिमाचल प्रदेश में विश्व स्तरीय निवेश आकर्षित करने के लिए हाल ही में आयोजित इन्वेसटर्स मीट में 96 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश के 703 समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किए गए हैं। यह जानकारी आज सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबंद्ध पूजा कलामंच के कलाकारों ने नालागढ़ विकास खंड की ग्राम पंचायत सौड़ी तथा ग्राम पंचायत गुल्लरवाला में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में प्रदान की। कलाकारों ने बताया कि धर्मशाला में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्ज मीट राज्य की आर्थिक उत्थान की दिशा में सफल प्रयास है तथा इससे प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर सृजित होंगे। लोगों को बताया गया कि निवेशकों के साथ एमओयू हस्ताक्षरित करने का क्रम अभी भी जारी है। इन प्रस्तावों में 13656 करोड़ रुपए की 240 परियोजनाओं की ‘ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी’ हाल ही में आयोजित की गई है। कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत अब तक 7627 युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है। कलाकारों ने बताया कि योजना के तहत 18 से 35 वर्ष तक के बेरोजगार युवक-युवतियों को लैब तकनीशियन, प्रोडक्शन अथवा मशीन ऑपरेटर, मेडिकल सेल्ज रिप्रेजेन्टेटिव, क्वालिटी कन्ट्रोल केमिस्ट इत्यादि के लिए 3 से 5 माह का प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। कलाकारों ने लोगों को योजना का लाभ लेने का तरीका एवं जरूरी दस्तावेजों की जानकारी भी प्रदान की। कलाकारों ने लोगों को बताया कि प्रदेश में 26 हजार युवाओं को लघु अवधि का कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए प्रदेश के 38 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। 3000 युवाओं को विभिन्न ट्रेड्स में प्रशिक्षण के लिए पंजीकृत किया गया है। कलाकारों ने लोगों को अवगत करवाया कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण एवं राज्य के एक समान विकास के लिए नवीन योजनाएं कार्यान्वित कर रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस वर्ष के बजट में न केवल पिछले वर्ष की योजनाओं को और गति प्रदान की है अपितु विभिन्न क्षेत्रों के विकास के लिए नवीन योजनाएं आरंभ की हैं। कलाकारों ने बताया कि प्रदेश सरकार का जनमंच कार्यक्रम आम लोगों की समस्याओं को घरद्वार पर सुलझाने का बेहतर माध्यम बना है। उन्होंने कहा कि जनमंच में लोग किसी भी प्रकार की समस्या का समाधान प्रदेश सरकार के मंत्री की उपस्थिति में हल करवा सकते हैं। इससे जहां लोगांे के समय व धन की बचत हो रही है वहीं आम लोगों को त्वरित न्याय भी उपलब्ध हो रहा है। कलाकारों ने उपस्थित जनसमूह से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा टोल फ्री नशा निवारण हेल्पलाईन नंबर 1908 शुरू किया गया है। कलाकारों ने समूह गीत ‘गांव में विकास की धारा’ के माध्यम से जल से कृषि को बल योजना, सौर सिंचाई योजना, हिमकेयर योजना, जनमंच तथा सहारा योजना की जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत गुल्लरवाला की प्रधान प्रेमी देवी, उप प्रधान हेम राज, वार्ड सदस्य मनजीत कौर, महिमा सिंह, गंगादेई, सुनीता देवी, ग्राम पंचायत सौड़ी के प्रधान राजेंद्र कौर, उप प्रधान केदार नाथ, पंचायत सचिव हरिदास, तरसेम लाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
प्रदेश सरकार द्वारा हिमकेयर योजना के अन्तर्गत रोगियों के उपचार पर 51।33 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। यह जानकारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबंद्ध सप्तक कलामंच के कलाकारों ने आज धर्मपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत नारायणी तथा प्राथा में आयोजित कार्यक्रमों में नुक्कड़-नाटकों एवं गीत संगीत के माध्यम से प्रदान की। कलाकारों ने बताया कि योजना के अन्तर्गत राज्य के पंजीकृत अस्पतालों में भर्ती होने पर प्रति परिवार 5 लाख रुपये के निःशुल्क इलाज का प्रावधान किया गया है। योजना के तहत राज्य के 199 अस्पतालों को पंजीकृत किया गया है, जिसमें से 56 अस्पताल निजी क्षेत्र में हैं। प्रदेश सरकार ने ऐसे परिवारों को उपचार सुविधा उपलब्ध करवा रही है जो परिवार आयुष्मान भारत योजना में नहीं आते हैं। उन्होंने बताया कि हिमकेयर के तहत पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज करवाने के लिए अलग से कार्यालय स्थापित किया गया है। योजना के तहत अब तक 5 लाख 50 हजार परिवारों को पंजीकृत किया जा चुका है। कलाकारों ने उपस्थित लोगों को गीत संगीत व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन, सहारा योजना, हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना, मुख्यमंत्री ग्रीनहाउस नवीकरण योजना की जानकारी प्रदान की। अक्षिता कलामंच के कलाकारों ने कुनिहार विकास खंड की ग्राम पंचायत हनुमान बड़ोग तथा सारना में प्रदेश सरकार द्वारा आम लोगों के कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं की जानकारी गीत-संगीत व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रदान की। कलाकारों ने उपस्थित जनसमूह को नशे के दुष्परिणामों के बारे में भी अवगत करवाया। कलाकारों ने बताया कि परिवार भी तभी संपन्न होंगे जब हमारा प्रदेश और देश तरक्की की राह पर अग्रसर होगा। इसके लिए हमारे युवाओं का पूर्ण रूप से स्वस्थ एवं जागरूक होना आवश्यक है। यह तभी संभव है जब युवा शक्ति को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखा जा सके। कलाकारों ने बताया कि माता-पिता को न केवल अपने बच्चों को गलत संगती से दूर करना होगा अपितु यह प्रयास भी करना होगा कि उनके अन्य साथियों को भी सही दिशा में लेकर जाया जा सके। कलाकारों ने सौर सिंचाई योजना, सहारा योजना, जल से कृषि को बल योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री ग्रीनहाउस नवीकरण योजना तथा जननी सुरक्षा योजना की भी जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर ग्राम पंचायत ग्राम पंचायत सारमा के प्रधान अश्वनी कुमार, उप प्रधान गोपाल दास, वार्ड सदस्य सरोज, अमित, जयदेव, वनीता देवी, बीना देवी, ग्राम पंचायत हुनमान बड़ोग के प्रधान कृष्ण सिंह कंवर, उप प्रधान अशोक कुमार, ग्राम पंचायत प्राथा के उप प्रधान प्रेम सिंह, महिला मंडल प्रधान ऊषा, वार्ड सदस्य लक्ष्मण, किशन ठाकुर, कमला देवी, तारा देवी, रूपी देवी, ग्राम पंचायत नारायणी की प्रधान बिमला देवी, उप प्रधान यशपाल वार्ड सदस्य मीना देवी, रतन सिंह, राजेश, किशोरी लाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला में 25 जनवरी को दसवां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया, जिसका विषय मजबूत लोकतन्त्र के लिए निर्वाचन साक्षरता था। इस सम्बन्ध में जिला बिलासपुर के 100 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके बुजुर्ग मतदाता जो जिला स्तरीय मतदाता दिवस 25 जनवरी के कार्यक्रम में बीमारी के कारण उपस्थित नहीं हो सके थे को जिला निर्वाचन अधिकारी (उपायुक्त) राजेश्वर गोयल के निर्देशानुसार तहसीलदार निर्वाचन विजय शर्मा द्वारा उनके निवास स्थान पर जा कर सम्मानित किया गया। तहसीलदार निर्वाचन द्वारा 46-झंडूता विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के ग्राम लधेड़ा मतदान केन्द्र बेरी दरोला की हरदेई, 48-बिलासपुर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के ग्राम कुनाला की शिवदेई और शहरी क्षेत्र के मतदान केन्द्र लक्ष्मी नारायण मन्दिर की देवकी को उनके घर जाकर शाॅल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंनेे उपस्थित लोगों को निर्वाचन प्रक्रिया सम्बन्धी विस्तृत जानकारी दी तथा लोगो ने भी निर्वाचन के बारे में अपने विचार साँझा किये और निर्वाचन आयोग की निर्वाचन प्रक्रिया में पूर्ण विश्वास जताया। इस अवसर पर 100 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके मतदाताओं ने बताया कि वे प्रत्येक चुनावों में अपने मत का प्रयोग करते आ रहे हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि प्रत्येक मतदाता खासकर युवा वर्ग मजबूत लोकतन्त्र के लिये अपने मताधिकार का प्रयोग अपने विवेक के अनुसार अवश्य करें। इस मौके पर नायब-तहसीलदार निर्वाचन राजेश कौंडल, व० सहायक दिनेश धीमान, विपिन धीमान, अखण्ड समाज सेवा समिति बहना जट्टा के प्रधान संतोष धीमान, पंचायत प्रधान बहना जट्टा विक्रमा धीमान, सेवानिवृत उप-निदेशक पंचायती राज सीता राम शर्मा पर उपस्थित रहे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजगाई में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में विधायक सुभाष ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि शिक्षक तथा अभिभावक भी बच्चों पर विशेष ध्यान रखें क्योंकि देश का भविष्य उन्हीं के कन्धों पर हैं। उन्होंने कहा कि यदि युवा स्वस्थ और सुरक्षित होगा तो देश भी सुरक्षित रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का आहवान करते हुए कहा कि वे इस सामाजिक बुराई के प्रति सचेत रहें और कभी भी नशा न करने का संकल्प लें। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ स्कूल की अन्य गतिविधियों में भी भाग लेने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस युग में लक्ष्य को निर्धारित कर मन लगाकर पढ़ाई करें। उन्होंने कहा कि समय का सदुपयोग, कड़ी मेहनत और लगन से ही निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने पाठशाला की विभिन्न गतिविधियों में पुरस्कार विजेता रहे विद्याार्थियों को बधाई दी तथा पुरस्कार लेने से वंचित रहे विद्यार्थियों को इनसे प्रेरणा लेने का आहवान किया। प्रधानाचार्य अश्वनी गुप्ता ने मुख्यतिथि तथा अन्य अतिथितियों का स्वागत किया और वार्षिक गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। मुख्यातिथि ने शिक्षा, खेलकूद तथा अन्य गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। स्कूल में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने 11 हजार रूपए देने की घोषणा की। इस अवसर जिला परिषद सदस्य सावित्री देवी, स्थानीय प्रधान सुशील शर्मा, एस.एम.सी. प्रधान छोटा राम ठाकुर, पूर्व विधायक बाबू राम, उच्च शिक्षा के उप-निदेशक पी.सी. धीमान, जिला विज्ञान पर्यवेक्षक अमृत महाजन रा.व.मा.पाठशाला मांगल के प्रधानाचार्य सुरेन्द्र, रा.व.मा.पाठशाला छात्र बिलासपुर के प्रधानाचार्य जीवन ज्योति शर्मा, कमलेश ठाकुर, सेवानिवृत संयुक्त निदेशक शिक्षा सुशील पुण्डीर भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
बिलासपुर युवा कांग्रेस की बैठक धार टटोह में सम्पन हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस आशीष ठाकुर ने की। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस बलदेव ठाकुर एवम सचिव लोकसभा हमीरपुर वीरेंदर सन्धु मौजूद रहे। बैठक में युवा कांग्रेस को मजबूत करने के बारे में रणनीति तैयार की गई । इस मौके पर युवा नेता आशीष ठाकुर ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज देश के अंदर बेरोजगारी पिछले 45 वर्षों के उच्चतम स्तर पर पहुंच चुकी है। बेरोजगारी से परेशान होकर हर दिन 36 युवा आत्मदाह कर रहे है। सयुंक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के मुताबिक भारत के हर 5 में से 2 युवा शिक्षा या प्रशिक्षण के चलते बेरोजगार है। आज देश की अर्थव्यवस्था दिन प्रतिदिन गिरती जा रही है। इस मौके पर युवा कांग्रेस बिलासपुर के युवाओं ने केंद्र सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द बेरोजगारी रजिस्टर शुरू किया जाए ओर बेरोजगारी से झूझ रहे युवा साथियों को सरकारी व निजी क्षेत्र में रोजगार मुहैया करवाया जाए। आशीष ठाकुर ने कहा कि आज देश मे अराजकता का मौहाल बना हुआ है।आशीष ठाकुर ने कहा कि अगर जल्द से जल्द केंद्र सरकार बेरोजगार युवाओं के लिए नीति का गठन नही करेगी तो सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा,जिसकी जिम्मेदारी सरकार एवं प्रशासन की होगी।इस मौके पर अजय,संदीप,अभिषेक, अक्षय,अक्षु, मनीष,लकी,अंकुश,प्रियांशु,बंटी व अन्य युवाओं ने भाग लिया।
व्यास उत्सव आयोजन समिति जिला प्रशासन द्वारा मार्च में कराए जाने वाले नलवाडी मेले में साथ जुड़े यह बात जिलाधीश बिलासपुर राजेश्वर गोयल ने व्यास उत्सव मेला 2020 छठी सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यातिथि पहुंचने पर अपने सम्बोधन में कही। उन्होंने कहा कि व्यास उत्सव आयोजन समिति व्यास उत्सव के माध्यम से कलाकरों को निखारने के कार्य कर रही है। चाहे वो सांस्कृतिक हो या फिर खेल । हर क्षेत्र में हर उम्र के बच्चे के लिए कोई ना कोई प्रतियोगिता इस उत्सव में रखी गई है। इस उत्सव के माध्यम से ये हर विधा को छू रहे है। उन्होंने कहा कि मार्च में होने वाले नलवाड़ी मेले में यहां के कलाकारों को मौका दिया जाएगा। व्यास नगर समिति को नलवाड़ी मेले में प्रशासन के साथ जोडा जाएगा। इससे पहले डीसी का व्यास उत्सव की छठी सांस्कृतिक संध्या में पहुंचने ओर समिति द्वारा स्वागत किया गया।कार्यक्रम में आर एस एस के प्रांत कार्यवाह किस्मत कुमार ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। समिति के चेयरमैन चमन गुप्ता, वायस चैयरमेन सन्तोष जोशी, अध्यक्ष कमलेन्द्र कश्यप, अविनाश कपूर, विजयराज व अन्य ने मुख्यतिथि कि विशेष अतिथि को शॉल , टोपी, व्यास जी की प्रतिमा व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। व्यास उत्सव मेले के छठी सन्ध्या में मिस्टर व्यास व मिस व्यास प्रतियोगिता का फाईनल राउंड आयोजित किया गया। एकल गायन वर्ग घ हिमाचली में सन्तोष ने मेला बिलासपुर रा, रवि ने अखियां दा सुखी गया नीर, रोहित ने धोलरे रा राजा, श्वेत कुमार ने तेरा मेरा प्यार, पूनम ने ऐसा लगा गोरिया गीत प्रस्तुत किये। बेबी शौ 0-1 में अर्श प्रथम, शिवाय द्वितीय, 1-2 में ऋग्वेद प्रथम, दर्श द्वितीय, 2-3 में दिव्यांश प्रथम व रुद्रांश द्वितीय रहे। एकल नृत्य घ वर्ग में वेदांती दबड़ा प्रथम व पल्लवी द्वितीय रही। समूह नृत्य ख वर्ग मे सोनाली ग्रुप प्रथम व विंग क्वीन भांगड़ा ग्रुप द्वितीय रहे। समूह नृत्य ग में डायनमिक ग्रुप प्रथम व आर्या ग्रुप द्वितीय रहे। एकल नृत्य ग में चारु प्रिया प्रथम व सुमेधा दास द्वितीय रहे। शतरंज में आदित्या ग्रह प्रथम व रितेश द्वितीय रहे। इन्हें मिले व्यास गौरव व व्यास प्रेरणा सम्मान बोर्ड मेरिट में वंशिका, मयंक, सिमरन, अमय, सान्वी,ईशा, सुज्या, स्मृति,अविषि, विश्रुत,अशिता, भूमिका, प्रियंजली, ध्रुव, रक्षित, हिमेश। इसके अलावा रक्तदान के क्षेत्र में 10 बार से अधिक बार रक्तदान करने पर निशांत शर्मा व कपिल गुप्ता को व्यास गौरव से सम्मानित किया गया। साथ ही निशांत शर्मा, गोपाल आचार्य, विकास टेस्सू को भी रक्तदान के लिए समानित किया गया। इस अवसर पर चमन गुप्ता, विजयराज, कमलेन्द्र कश्यप, संतोष जोशी, राज कुमार, तरुण टाडू, कृष्णकांत,लोकेश कौशल, तेजस्वी शर्मा, परवीन शर्मा, अविनाश कपूर, रामहरि, गोपाल, नवीन वर्मा, मुनीश व प्रवक्ता कर्ण चंदेल उपस्थित रहे।
बीती रात प्रदेश में हुई बर्फबारी के बाद अब सड़को पर फिसलन बढ़ गई है जिसके कारण सड़क पर गाड़ी चलाना मुश्किल हो गया है। राजधानी शिमला के नवबहार में सवारियों से भरी एचआरटीसी की बस बड़े हादसे का शिकार होने से बच गई । बस नवबहार की चढ़ाई चढ़ते चढ़ते अचानक एक मोड़ के पास फिसल गई और कोने में दीवार से टकराकर वंही रुक गई जिस वजह से बड़ा हादसा होने से टल गया। बस में 12 लोग सवार थे। हादसा सुबह के वक्त पेश आया जब बस सुबह साढ़े 7 बजे ओल्ड बस स्टेंड से ढली की ओर जा रही थी। परिवहन निगम की ओर से आदेश थे कि समय पर बस चलाई जाए।
एस०वी०एन० विद्यालय बडोरघाटी ( कुनिहार) के बच्चों ने माँ सरस्वती की अर्चना कर धूमधाम से मनाया बसंत पंचमी का त्यौहार । माघ महीने में जब बसंत ऋतु की शुरुआत होती है तब चारों ओर सर्दी से ठिठुरती प्रकृति अंकुरित होने लगती है। वही बसंत पंचमी सरस्वती माँ की पूजा के रूप में त्यौहार की तरह पूरे भारत में मनाई जाती है। जिसका विद्यालयो में विद्यार्थियों के जीवन में विशेष महत्व होता है संगीत व विद्या की देवी का प्रतीक यह दिन सारे भारत में बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है । एस०वी०एन० विद्यालय बडोरघाटी (कुनिहार) में भी बसन्त पँचमी की खूब धूम रही । विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने अपने अध्यापकों के साथ माँ सरस्वती को फूल चढ़ाकर,पूजा अर्चना कर शीश झुकाकर अनंत विद्या ज्ञान का वरदान मांगा । विद्यालय प्रिंसिपल सुकन्या गुहा ने विधिवत सरस्वती पूजन के साथ सभी बच्चों को वसंत पंचमी की उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी । विद्यालय निदेशक लूपिन गर्ग ने चेयरमैन टी०सी० गर्ग के साथ विशेष तौर पर माँ सरस्वती को पुष्प भेंट कर मां की पूजा की और सभी बच्चों को प्रसाद वितरित किया। साथ ही विद्यार्थियों को उनकी शीघ्र ही आने वाली वार्षिक परीक्षाओं के लिए शुभ आशीष प्रदान किया।
एस०वी०एन० वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में सीरत महाजन की अध्यक्षता में NIIT N.Guru I.T क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें पाठशाला की छठी कक्षा से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। उनमें गूगल टीम में रमन, ध्रुव, व स्नेहा, माइक्रोसॉफ्ट टीम में पीयूष, रुमित, गरिमा व ओरेकल टीम में खुशबू ,आर्यन व जानवी ने भाग लिया। तीनों टीमों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और तेज दिमाग का लोहा मनवाया । परंतु अंत में गूगल टीम ने बाजी मार खिताब को अपने कब्जे में किया। श्रोतागणों में सातवीं कक्षा की छात्रा अलीशा ने सबसे अधिक प्रश्नों के उत्तर देकर सांत्वना पुरस्कार अपने नाम किया । स्कूल की ओर से प्रियंका पाल ,वीना शर्मा ,अनु कवँर, राकेश ठाकुर, सीमा ठाकुर ,राजेश आजाद आदि टीचरों ने भाग लिया। अंत में स्कूल प्रधानाचार्य टीसी गर्ग ने विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने कहा कि आर्थिक सम्पन्नता एवं समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं की सफलता के लिए बैंकों द्वारा लक्षित वर्गों तक लाभ समय पर पंहुचाए जाने आवश्यक हैं। उपायुक्त आज यहां जिला के अग्रणी यूको बैंक द्वारा निर्धारित 158वीं जिला सलाहकार समीति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। केसी चमन ने कहा कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लक्षित वर्गों को वित्तीय एवं अन्य लाभ प्रदान किए जाते हैं। इस दिशा में बैंकों द्वारा समय पर अपेक्षित कार्यवाही कर लाभार्थियों तक पंहुचना योजना की सफलता की गारन्टी है। उन्होंने सभी बैंको से आग्रह किया कि इस दिशा में सजग होकर कार्य करें। केसी चमन ने जिला में कार्यरत सभी बैंकों के अधिकारियों का आह्वान किया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि लोग इन योजनाओं के वित्तीय घटक एवं अन्य आवश्यकताओं से अवगत हो पाएं। केसी चमन नेे कहा कि बैंकों द्वारा आयोजित किए जाने वाले वित्तीय साक्षरता शिविरों में अन्य विभागों के प्रतिनिधियों को भी उपस्थित रहना चाहिए क्योंकि बैंक विभिन्न विभागों की योजनाओं के लिए उपदान दरों पर ऋण प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों में विभागीय प्रतिनिधियों के उपस्थित रहने से बैंक और ऋण प्राप्त करने वालों को सुगमता होगी और योजना के विषय में किसी प्रकार के भ्रम को दूर करने में भी सहायता मिलेगी। केसी चमन ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना शिक्षित बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी बैंकों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना के तहत लम्बित ऋण के मामलों को अविलम्ब निपटाया जाए। केसी चमन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऋण स्वीकृत न होने की स्थिति में लोगों को समय पर उचित कारण एवं निवारण बताया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला अग्रणी बैंक को योजनाओं के विषय में अद्यतन आंकड़े समयबद्ध प्रेषित करें ताकि केंद्र सरकार से प्राप्त होने वाली वित्तीय सहायता मिलने में देरी न हो। बैठक में बैंको द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंर्तगत निर्धारित वित्तीय लक्ष्यों व उपलब्धियों की समीक्षा की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि जिला में दिसम्बर 2019 तक प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत 170965 खाते खोले गए हैं। इन खातों में 7187.86 लाख रुपए जमा हैं। इस अवधि तक प्रधानमंत्री बीमा सुरक्षा योजना से 242225 लाभार्थी जुड़े है। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से 145972 तथा अटल पैंशन योजना से 28064 लाभार्थी जुड़ चुके हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत सोलन जिला में दिसम्बर 2019 तक 12779 खाते खोले गए हैं। इस अवधि में योजना की शिशु श्रेणी के तहत 2019.98 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। योजना की किशोर श्रेणी में 15529.32 लाख रुपये तथा 16695.97 लाख रुपये तरूण श्रेणी में स्वीकृत किए गए हैं। जिला में दिसम्बर, 2019 तक 23377 रूपे किसान क्रेडिट कार्ड जारी किए गए हैं। बैठक में अवगत करवाया गया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत अब मत्स्य पालन, मौन पालन, मुर्गी पालन, कृषि व्यापार केन्द्र, खाद्य एवं कृषि प्रसंस्करण इत्यादि को भी सम्मिलित किया जाएगा। भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबन्धक स्वर ग्रोवर ने बैंकों को समय-समय पर जारी होने वाले दिशा-निर्देशों की जानकारी दी तथा इनकी अनुपालना का आग्रह करते हुए सभी बैंक अधिकारियों से खंड स्तरीय बैंकर्ज समिति की प्रत्येक कार्यशाला में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सोलन, हमीरपुर और चम्बा के बैंको को दिसम्बर, 2020 तक पूर्ण डिजीटिकरण के लिए चिन्हित किया गया है ताकि पूर्ण लेनदेन डिजीटाईज्ड हो। इससे पूर्व अग्रणी जिला प्रबंधक बीडी सांख्यान ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त भानु गुप्ता, डीडीएम नाबार्ड अशोक चैहान, अन्य अधिकारियों सहित विभिन्न बैंको के प्रबंधक एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजन उप्पल ने कहा कि सोलन जिला में लिंगानुपात में समानता लाने के लिए विभिन्न स्तरों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं तथा जिला प्रशासन के सहयोग से कार्यान्वित किए जा रहे इन प्रयासों के सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। डाॅ. उप्पल आज यहां पूर्व गर्भाधान एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम की जिला सलाकार समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस दिशा में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को आमजन के सत्त सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्तरों पर लोगों को बताया जाता है कि गर्भ में पल रहे शिशु की लिंग जांच अपराध है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में विभाग द्वारा अल्ट्रासाऊंड क्लिीनिकों की नियमित जांच की जाती है तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाही अमल में लाई जाती है। डाॅ. उप्पल ने कहा कि ज़िला में कुल 31 अलट्रासाऊंड क्लीनीक पंजीकृत हैं और वर्ष 2019-20 में अब तक जिला में पूर्व गर्भाधान और प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम के अन्तर्गत 63 निरीक्षण किए गए हैं। जिला में संचालित किसी भी अल्ट्रासाउंड केंद्र से कोई भी शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होेंने कहा कि जिला के विभिन्न सरकारी संस्थानों एवं अस्पतालों में शीघ्र ही एलईडी व स्क्रोल स्थापित किए जाएंगे ताकि सभी को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ एवं समान लिगांनुपात के बार में जागरूक किया जा सके। जिला स्वास्थ्य अधिकारी, डाॅ. एन के गुप्ता ने बैठक में आए समिति के सदस्यों का स्वागत किया तथा पूर्व गर्भाधान और प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होने सलाहकार समिति को अवगत करवाया कि पूर्व गर्भाधान और प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम के तहत जन्म से पूर्व शिशु के लिंग की जांच पर पाबंदी है तथा ऐसे में अल्ट्रासांऊड करवाने वाले व्यक्तियों या करने वाले चिकित्सक, लैब कर्मी को सजा और जुर्माने का भी प्रावधान है। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. शालिनी पुरी, चिकित्सा अधिकारी ,डाॅ. जितेन शर्मा, जिला अधिवक्ता एम के शर्मा, स्वास्थ्य परिवेक्षक देवरत्न शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


















































