बागा में अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी और ऑपरेटरों के मध्य चल रहा गतिरोध थमने का नाम नही ले रहा है। सोमवार को फिर ट्रक ऑपरेटरों ने प्रदर्शन किया। ऑपरेटरों ने शालुघाट से लेकर कंपनी गेट तक रैली निकाली। वहीं मुख्य गेट के सामने ऑपरेटरों ने जमकर नारेबाजी की।ऑपरेटर ठाकुर दास भारद्वाज, भगत राम, हीरा लाल, महेंद्र लाल, अजीत सिंह सेन, चुनी लाल, सीताराम ठाकुर, प्रताप कौंडल, प्रेम लाल चौहान ने बताया कि हमने 26 दिनों से शांतिपूर्वक अपनी मांगों को मनाने के लिए संघर्ष किया जिस बारे प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी मिले थे जिन्होंने जिलाधीश सोलन को इस बारे कार्यवाही करने के आदेश दिए थे जिसके तहत जिलाधीश सोलन द्वारा कंपनी को एक जून 2018 के लिखित समझौते को लागू करने के आदेश दिए थे लेकिन कंपनी है जो न सरकार की मानती है न ही प्रशासन की। उन्होंने बताया कि कंपनी अपने पूरे अड़ियल रवैये से काम कर रही है। इसको लेकर ट्रांसपोर्टरों में भारी रोष है, कंपनी प्रबन्धन के लोग न सरकार की सुन रहे है न ही प्रशासन की। उन्होंने बताया कि कम्पनी का अड़ियल रवैया अभी भी जारी है। उन्हें समझौते के हिसाब से डिमांड नही मिल रही। जब तक कम्पनी उनके साथ हुए लिखित समझौते को लागू नही करती उनका धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। जब इस बारे उपमंडलाधिकारी अर्की विकास शुक्ला से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जल्द ही ट्रांसपोर्टरों की समस्या का हल किया जाएगा। उन्होंने ट्रांसपोर्टरों को चेताया कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें क्योंकि कुछ गलत अफवाहें फैलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि भटिंडा, रुड़की व देहनी के साथ साथ नए रूटों जम्मू, पावँटा व भरतगढ़ के लिए भी कम्पनी द्वारा काम देने की बात चल रही है ताकि ट्रांसपोर्टरों को मांग के मुताबिक सम्मानजनक कार्य मिल सके।
पिछले कुछ दिनों से कुनिहार में भिखारियों की तादात दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। जिससे कुनिहार के व्यापारी वर्ग सहित आम लोग बहुत ज्यादा परेशान है। इन भिखारियों में महिला, पुरुषों सहित छोटे छोटे बच्चे अधिक सँख्या में हैं। यह सभी भिखारी बाहरी राज्यों से है और कोई गले मे सांप कोई हाथों में भगवान की तस्वीरें लेकर भीख मांग रहे हैं तो किसी ने पम्पलेट छपवा रखे है जिसमे लिखा है कि गरीबो की मदद करो, कन्या की शादी है 5,10, 20 रुपये दान करे। पुराना बस अड्डा व नये बस अड्डे पर बसों में घुस कर जँहा सवारियों को भीख देने पर मजबूर कर रहे है तो ग्राहकों की गाड़ियां रुकते ही गाड़ी के पास पहुंचकर जब तक इन्हें भीख नही मिल जाती लोगों का पीछा नही छोड़ते। व्यापारियों का कहना है कि हमारी बोहनी भी नही हुई रहती यह भिखारी सुबह ही दुकानों में भीख मांगने पहुंच जाते है। कृष्ण लाल, पंकज वैस, हरजिंदर ठाकुर, राजकुमार, पीयूष, पूर्ण चन्द, राजेश, महेंद्र, विजय आदि का कहना है कि कुछ दिनों से इन भिखारियों की सँख्या बहुत अधिक बढ़ी है और यह कंहा से आए है कोई पता नही है इनमे ज्यादातर छोटे छोटे बच्चे है जिनकी उम्र 10-12 साल से ऊपर नही है। लोगों ने पुलिस प्रसाशन से इन भिखारियों के प्रति कड़ी कार्यवाही करने की मांग करते हुए कहा है कि इनकी पूरी जांच पड़ताल की जाए कि यह कंहा से आए है और भीख मांगने के अलावा इनका कोई और मकसद तो नही है। इस बारे एसएचओ कुनिहार जीत सिंह ने बताया कि जल्द ही बाहरी राज्यो से आए भीख मांगने वालों पर उचित कार्यवाही कर लोगो को इस समस्या से राहत दिलाई जाएगी।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर पहली बार सोलन आ रहे जे पी नडडा के दौरे को लेकर भाजपा अर्की मण्डल में अलग अलग जोनों में चल रहा बैठकों का दौर। भाजपा अर्की मण्डल द्वारा संगठन को 9 जोनों में बांटा गया है। इसके अंतर्गत कुनिहार जोन की बैठक सोमवार को लोक निर्माण विश्राम गृह कुनिहार में आयोजित की गई।खण्ड प्रमुख अमर सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पांच पंचायतों कुनिहार, हाटकोट, कोठी, मान व खरड़हट्टी के सभी बूथों के बूथ पालक, बूथ अध्यक्ष, बी एल ए,ग्राम केंद्र प्रभारी और पार्टी के सभी जन प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जानकारी देते हुए जिला मीडिया सह प्रभारी इन्द्रपाल शर्मा ने बताया कि बैठक में प्रदेश सचिव रतन सिंह पाल, जिला महामंत्री अमर सिंह परिहार, मण्डल अध्यक्ष देवेंद्र कुमार शर्मा, जिला सचिव सुरेश जोशी, मीडिया सह प्रभारी इन्द्रपाल शर्मा, जिला परिषद सदस्य कंचन माला, बीडीसी सीमा महन्त, राम चन्द पाल, राजीव शर्मा, ओमप्रकाश, चैतराम सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित हुए। इन्द्रपाल शर्मा ने बताया कि इससे पहले कल दिगल, जयनगर व डुमेहर जोन की बैठके आयोजित की गई जिन्हें प्रदेश सचिव रतन सिंह पाल, जिला अध्यक्ष आशुतोष वैद्य ,मण्डल अध्यक्ष देवेंद्र कुमार व जिला महामन्त्री अमरसिंह परिहार ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए संग़ठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने व केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे लोगो को अवगत कराने का आवाहन किया। इन बैठकों में भगत सिंह बहलवाल, दलीप पाल, जिला उपाध्यक्ष राजेश महाजन, रमेश ठाकुर, बाबूराम पंवर, गीता महाजन, मस्तराम महाजन, जयनन्द शर्मा, योगेश गौतम, रूपराम, शर्मा आदि उपस्थित रहे। बैठक में 27 फ़रवरी को सोलन में पहली बार आ रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नडडा की स्वागत रैली में जोनों से निर्धारित किए गए लक्ष्य को पूरा करने का भी आवाहन गया।
दी माइनिंग एरिया लैंड लूजर ट्रांसपोर्ट कोऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड ग्याणा की आम बैठक हुई। बैठक में माइनिंग एरिया के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बाघल विकास परिषद के प्रधान परसराम ने बताया कि दी माइनिंग एरिया लैंड लूजर ट्रांसपोर्ट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड ग्याणा के पंजीकृत हेतु चर्चा हुई व खुशी का इजहार किया गया। साथ ही पूर्व माइनिंग एरिया के लोगों ने तीनों इकाइयों द्वारा (न्यायिक प्रशासन हिमाचल सरकार व प्रशासन) का आभार व्यक्त किया गया। इस ऐतिहासिक कार्य के बाद पूरी माइनिंग एरिया के लोगों में खुशी की लहर है जिसमें मुख्यतः पंचायतें ग्याणा, चंडी सेवड़ा, कशलोग, संघोई तथा मांगू शामिल हैं।
ग्राम पंचायत सरयांज में डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति शिमला के सौजन्य से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान संगठन मंत्री विजय कुमार, जिला उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा,आरोग्य फार्मासिस्ट देविंद्र इत्यादि ने अपनी सेवाएं दी। इस शिविर में लगभग 102 मरीजों की खून जांच, शुगर टेस्ट, ब्लड प्रेशर की जांच की गई। स्थानीय लोगों ने इस शिविर को बहुत सराहा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान लेखराम बंसल, पूर्व प्रधान रमेश ठाकुर, पवन कुमार ठाकुर, बलदेव ठाकुर, मनसा राम, तुलसी राम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मिनी सचिवालय सोलन स्थित कैन्टीन की नीलामी 16 मार्च, 2020 को मिनी सचिवालय के उपायुक्त कार्यालय के बैठक कक्ष में होगी। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त विवेक चंदेल ने दी। विवेक चंदेल ने कहा कि नीलामी 16 मार्च को प्रातः 11 बजे होगी। उन्होंने कहा कि नीलामी के लिए इच्छुक ठेकेदार को एक लाख रुपए की धरोहर राशि का चैक अथवा ड्राफ्ट उपायुक्त सोलन के नाम पर बनाकर प्रार्थना पत्र के साथ संलग्न करना होगा। उन्होंने कहा कि ठेकेदार को कैन्टीन में खाने की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का ध्यान रखना होगा। कैन्टीन की मान्यता दो वर्ष के लिए होगी। संतोषजनक सेवाएं होने पर अनुबंध की अवधि को एक वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकता है। इसके लिए किराए में बढ़ोत्तरी की दर अलग से निर्धारित की जाएगी। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए कैन्टीन में खाद्य वस्तुओं की दरें निर्धारित कर दी गई हैं। ठेकेदार को इन दरों के अनुसार खाद्य पदार्थों की बिक्री करनी होगी। इन दरों के अनुसार चाय 07 रुपए, कॉफी 15 रुपए, कोल्ड कॉफी 20 रुपए, प्लेन परांठा 10 रुपए, भरा हुआ परांठा 20 रुपए, तवे की चपाती 05 रुपए, तंदूर की चपाती 06 रुपए, हॉफ थाली 30 रुपए, फुल थाली 60 रुपए, स्पेशल थाली 140 रुपए, मटर-पनीर व पालक पनीर 40 रुपए, सैंडविच 15 रुपए, ब्रेड पकोड़ा 10 रुपए, पैटीज 15 रुपए, चौमिन फुल प्लेट 50 रुपए, चौमिन हाफ प्लेट 30 रुपए, समोसा 10 रुपए, चना भटूरा, दही-सलाद व आचार 50 रुपए, सब्जी दही के साथ चार पुरी 40 रुपए तथा चना समोसा 30 रुपए के मूल्य पर विक्रय किया जा सकेगा।
सोलन जिला की विभिन्न औद्योगिक इकाईयों तथा निजी शिक्षण संस्थानों में विभिन्न पदों को भरने के लिए जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय सोलन में 27 फरवरी, 2020 को प्रातः 10.00 बजे कैंपस साक्षात्कार आयोजित किया जा रहा हैं। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी सुधा सूद ने आज यहां दी। सुधा सूद ने कहा कि मैसर्ज बीएल सैन्ट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुनिहार जिला सोलन, मैसर्ज सिस्केम फार्माक्रेटस सोलन, मैसर्ज एनएफसीआई ग्रुप ऑफ एजुकेशन सोलन में विभिन्न श्रेणियों के पद भरे जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऑपरेटर एलु बलिस्टर कम्प्रेशन, बी-फार्मा, बीएससी कैमेस्ट्री के पद के लिए आयु सीमा 23 वर्ष, पीजीटी गणित, पीजीटी जीवन विज्ञान, पीजीटी रसायन शास्त्र, पीजीटी भौतिक शास्त्र तथा संगीत शिक्षक के पद के लिए आयु सीमा 19 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है। एक्जिक्यूटिव तथा काउंसलर के पद के लिए केवल महिला उम्मीदवार पात्र होंगी। इस पद के लिए आयु सीमा 26 वर्ष निर्धारित की गई है। जिला रोजगार अधिकारी ने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार अपने सभी अनिवार्य दस्तावेजों सहित जिला रोजगार कार्यालय सोलन में 27 फरवरी, 2020 को प्रातः 10.00 बजे कैम्पस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी दूरभाष संख्या 01792-227242 से प्राप्त की जा सकती है।
जिला दंडाधिकारी सोलन केसी चमन ने धारा-144 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आम लोगों की सुरक्षा के दृष्टिगत आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार जिला सोलन में रहने वाले प्रवासियों, आजीविका, व्यापार के लिए रेहड़ी-फड़ी, शॉल बेचने, फेरी वाले, ठेकेदारों और मजदूरी करने वाले अन्य प्रवासियों को पुलिस थाना में अपने पूर्ण दस्तावेज, फोटोग्राफ सहित पहचान प्रमाणित करवाकर अपना पंजीकरण करवाना अनिर्वाय होगा। उन्होंने कहा कि किरायेदार के रूप में रहने वाले व्यक्तियों को स्वयं तथा उनके मकान मालिकों को भी यह अनिवार्य होगा कि वे संबंधित थाना में पहचान पत्र सहित उन्हें पंजीकृत करवाएं। इसके अलावा रोजगार प्रदाता, ठेकेदार तथा अन्य व्यवसासियों के लिए भी यह आवश्यक होगा कि वे अपने पास काम करने वाले प्रवासी श्रमिकों का पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें। जिला दंडाधिकारी ने आदेश जारी कर कहा है कि सर्व साधारण की जान-माल की सुरक्षा तथा अप्रिय घटना को रोकने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पंजीकरण आवश्यक है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं तथा आदेश दो माह की अवधि तक लागू रहेंगे। आदेशों की अवहेलना करने वाले मालिक और उनके पास मजदूरी कार्य करने वाले प्रवासियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी अर्की में मातृभाषा दिवस के उपलक्ष्य पर विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें संविधान की प्रस्तावना पढ़ना, समूहगान, वाद विवाद प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, निबन्ध लेखन तथा पोस्टर निर्माण जैसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन प्रमुख रहा। प्रधानाचार्य भूपेन्द्र गुप्ता ने छात्रों को उद्घोधित करते हुए कहा कि किसी भी भाषा का अपने आप में बहुत महत्त्व है। जब बात मातृभाषा की हो तो महत्त्व दोगुना हो जाता है। मातृभाषा से व्यक्ति के व्यक्तित्व का विकास निहित होता है। हिन्दी भाषा गंगा की तरह ही प्रायः सम्पूर्ण भारत के जनमानस में नवचेतना जगाती हुई एकसुत्र में बांधे हुए है। सभी को स्व मातृभाषा पर गर्व होना चाहिए साथ ही कहा है "निज भाषा की उन्नति अहे सब को मूल"। प्रधानाचार्य भूपेन्द्र गुप्ता ने कहा कि विद्यालय की छात्रा मीनाक्षी शर्मा ने एनएमएमएस (NMMS) इस छात्रवृत्ति परीक्षा में सोलन में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह गौरव के क्षण हैं एवं चंडी विद्यालय के छात्र भविष्य में और ऊँचाइयों को प्राप्त करेंगे यह हमारा संकल्प है। उन्होने इस छात्रा को धनराशि से पुरस्कृत भी किया।
उपमंडल स्तरीय विधिक सेवाएं समिति सोलन द्वारा गत दिवस सोलन विकासखंड की ग्राम पंचायत चेवा में एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राजेश चौहान ने की। राजेश चौहान ने कहा कि न्याय प्राप्त करना हर व्यक्ति का संवैधानिक अधिकार हैं। आर्थिक परिस्थितियों केे कारण नागरिक को न्याय से वंचित नहीं रखा जा सकता। गरीब लोगों को सुलभ न्याय प्रदान करने के उद्देश्य से देश एवं प्रदेश में विधिक सेवाएं प्राधिकरण स्थापित किए गए हैं। प्राधिकरण आर्थिक रूप से कमजोर लोगों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिलाओं, बच्चों, औद्योगिक कर्मकारों, दिव्यांगजनों तथा आपदा पीडि़त लोगों के लिए निशुल्क न्याय की व्यवस्था करता है। न्याय प्राप्त करने के लिए सादे कागज पर प्राधिकरण अथवा उप मंडलीय विधिक सेवाएं समिति को आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में मोबाइल की बढ़ती उपयोगिता के कारण साइबर अपराध के खतरों में वृद्धि हुई है। उन्होंने मोबाइल इंटरनेट का प्रयोग अभिभावकों के संरक्षण में सावधानीपूर्वक करने के लिए सभी को जागरूक किया। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने कहा कि विभिन्न मामलों को न्यायालय से बाहर निपटाने के लिए लोक अदालतों एवं न्यायालय द्वारा नियुक्त मध्यस्थों की सहायता ली जा सकती है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि आपस में निपटने वाले मामलों को मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए बनाए गए मध्यस्थता केन्द्रों में विभिन्न मामले दोनों पक्षों के हितों को ध्यान में रखकर ही सुलझाए जाते हैं। राजेश चौहान ने लोगों से आग्रह किया कि मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों की अनुपालना का भी ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि मौलिक कर्तव्यों की अनुपालना देश तथा प्रदेश के विकास एवं आमजन के कल्याण के लिए आवश्यक है। शिविर में अधिवक्ता मृदुल ने घरेलू हिंसा से महिलाओं की सुरक्षा अधिनियम, उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम तथा पत्नी, बच्चों व माता-पिता के खर्चें व भरण-पोषण के अधिकार बारे विस्तृत जानकारी प्रदान की। अधिवक्ता रोहित शर्मा ने स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) सहित मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर ग्राम पंचायत चेवा की प्रधान चित्रलेखा, उप प्रधान मुकेश ठाकुर, पूर्व प्रधान रमेश चौहान, विनोद शर्मा, सुमन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
पाइनग्रोव स्कूल मंगोटी मोड़ के समीप एक युवक शराब के नशे में ढांक में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे इलाज हेतू मारकंडेश्वर मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर ले जाया गया। जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की पहचान परमेश्वर कुमार (25) पुत्र छोटे लाल निवासी गांव सेरका सियारटोली (झारखंड) के रूप में हुई है। मृतक अपने परिवार के साथ रिहायशी ढारे के समीप रहता था। सोमवार को मृतक का धर्मपुर पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सौंपा जाएगा।
हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के निदेशक ललित जैन ने सोलन जिला के विकास खंड सोलन की ग्राम पंचायत नौणी मझगांव में 10 लाख रुपए की लागत से स्थापित कूड़ा संयंत्र मशीन एवं ई-रिक्शा का लोकार्पण किया। ललित जैन ने इस अवसर पर कहा कि यह कार्य स्वच्छ भारत मिशन के तहत किया गया है। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा के माध्यम से ग्राम पंचायत नौणी के सभी वार्डों तथा आसपास के क्षेत्रों के घर-घर से गीला व सूखा कचरा पृथक-पृथक उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में लोगों को जागरूक बनाया गया है। यह पृथक-पृथक कूड़ा ग्राम पंचायत नौणी में स्थापित कूड़ा संयंत्र मशीन तक लाया जाएगा। यहां इस कचरे का वैज्ञानिक निपटारा सुनिश्चित बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत नौणी सोलन जिला की ऐसी प्रथम पंचायत है जहां स्वच्छता के क्षेत्र में नया आयाम स्थापित किया गया है। ठोस एवं तरल कूड़ा-कचरा प्रबंधन की इस पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। प्रदेश में कांगड़ा जिला के विकास खंड पालमपुर की ग्राम पंचायत आईमा तथा ऊना जिला के विकास खंड ऊना की ग्राम पंचायत अजौली में पहले ही इस तरह का कार्य आरम्भ किया गया है। उन्होंने ग्राम पंचायत नौणी में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन के अंतर्गत किए गए कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों के लिए सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शमरोड़ का निरीक्षण भी किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि प्रातकालीन प्रार्थना सभा में प्रतिदिन छात्रों को स्वच्छता से संबंधित जानकारी प्रदान कर जागरूक बनाया जाए। उन्होंने कहा कि छात्र सही मायनों में स्वच्छता दूत बनकर प्रदेश को पूर्ण रूप से स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। ललित जैन ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को स्वच्छ बनाने के लिए योजनाबद्ध कार्य कर रही है और इस दिशा में सभी का सकारात्मक सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने इस अवसर पर ग्राम पंचायत नौणी में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न व्यक्तियों को सम्मानित भी किया। ग्राम पंचायत नौणी के प्रधान बलदेव ठाकुर, पंचायत सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, खंड विकास अधिकारी सोलन ललित विक्रम सिंह दुल्टा सहित विभागीय कर्मचारी तथा ग्राम पंचायत के निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
नगर परिषद सोलन के वार्ड 14 के तहत हाउसिंग कॉलोनी फेज एक स्थित महाकालेश्वर मंदिर में रविवार को शिवरात्रि के उपलक्ष्य में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर में शीश नवाया। मंदिर सभा के चेयरमैन नरेश गांधी ने बताया कि मंदिर में हर वर्ष महाशिवरात्रि पर्व पर विशेष भजन कीर्तन और भंडारे का आयोजन किया जाता है।
क्षेत्र में 108 एंबुलेंस में तैनात कर्मचारियों ने एम्बुलेंस में रविवार को एक महिला का सफलतापूर्वक प्रसव करवाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह समय करीब 7:10 बजे 108 एंबुलेंस पर सूचना प्राप्त हुई कि चंडी कशलोग की एक महिला लक्ष्मी देवी पत्नी दीपक का प्रसव समय नजदीक है। महिला को प्रसव के लिए दाड़लाघाट से 108 एंबुलेंस लेकर टेक्नीशियन अशोक कुमार और चालक सुरेश कुमार मोके पर पहुचे महिला की तबीयत अधिक खराब होने के कारण उच्च चिकित्सक के साथ संपर्क करके उन्होंने उसे प्राथमिक उपचार दिया।लेकिन महिला की हालत में सुधार न होने पर उन्होंने महिला का प्रसव वाहन में ही करवाने का निर्णय लिया। जिसके बाद उसका सफलतापूर्वक प्रसव गांव कलडवार के पास करवाया गया जहां महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित व स्वस्थ है।प्रसव के बाद उन्हें एफआरयू अर्की में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस थाना कुनिहार में नशा निवारण शिविर का आयोजन एसएचओ कुनिहार जीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। शिविर मे युवाओं व लोगो को मादक पदार्थो के सेवन से होने वाले खतरनाक प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान सभी को ड्रग फ्री एप्प की जानकारी भी दी गई। जीत सिंह ने लोगो से अपील करते हुए कहा कि वे पुलिस को समाज मे या अपने आस पास हो रहे किसी भी तरह के नशे के व्यापार करने वालो की सूचना दे, ताकि आज की युवा पीढ़ी को नशे के गर्त में जाने से रोका जा सके। उन्होंने ड्रग फ्री एप्प के लाभ के बारे में अपने आसपास के लोगो को भी बता कर जागरूक करने का आह्वाहन किया। इस दौरान शिविर में काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
प्राचीन शिव ताण्डव गुफा कुनिहार में 11 दिवसीय शिवमहापुराण कथा व महा शिवरात्रि पर्व के सफलतापूर्वक आयोजन के अवसर पर शनिवार को गुफा प्राँगण में समिति व शम्भू परिवार द्वारा क्षेत्र वासियों के लिए विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया जिसमें हजारों लोगों ने मालपुआ व अन्य लजीज व्यंजनों का आनन्द लिया। शिव गुफा में प्राकृतिक शिवलिंग के दर्शन के लिए लम्बी कतारे लगी रही। अपने आराध्य शिव की पूजा अर्चना कर भक्तों ने भण्डारे का प्रशाद ग्रहण कर अपना शिवरात्रि का व्रत पूरा किया। शम्भू परिवार के सदस्य देसराज पूरी ने बताया कि गड़खल बाबा बालक नाथ मंदिर के बाबा विजय कुमार ने भी गुफा में विराजमान शिवलिंग के दर्शन किए व भक्तों को अपना आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर गुफा समिति व शम्भू परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे।
कुनिहार जनपद के आस पास की अधिकांश पंचायते सदियों से कभी पेप्सू व पटियाला रियासत में रही तो कभी पंजाब रियासत में रही। दूरी के कारण इन पंचायतों के लोग हमेशा विकास के लिए उपेक्षा के शिकार रहे। वर्ष 1966 में पंजाब का पुनर्गठन होने के फलस्वरूप ये सभी पहाड़ी ग्राम पंचायते हिमाचल प्रदेश को आबंटित हो गई और उस समय की हिमाचल सरकार ने तत्कालीन परिस्थितयों के कारण जल्दबाजी में प्रदेश की पुरानी तहसीलों/विकास खण्डों जैसे धर्मपुर, कसौली, नालागढ़, कंडाघाट व सोलन में डाल दिया गया। हिमाचल में मिलने से इस पहाड़ी क्षेत्र के लोगो को राहत तो मिली, परन्तु अप्रत्याशित दूरी आज भी बनी हुई है। समाजसेवी व संयोजक तहसील/विकासखण्ड विकास मंच कुनिहार मोहन लाल भारद्वाज जो काफी लम्बे समय से कुनिहार को तहसील बनाने की लड़ाई लड़ रहे है और इन पंचायतों को कुनिहार तहसील में मिलाकर लोगों की मांग को बार बार सरकार से कर रहे है ने कुनिहार में प्रेसवार्ता कर कहा कि इन सभी प्रस्तावित करीब 25 से 30 पंचायतों और उनके पटवार व्रतों के लोग कुनिहार जनपद में उपलब्ध जनसुविधाओं का लाभ उठाते है। उक्त पंचायत के लोगो को शिक्षा, स्वास्थ्य के लिये कुनिहार का रुख करना पड़ता है। लोग कुनिहार बाज़ार से जंहा जरूरत की दैनिक भोग की वस्तुएं खरीदते है, तो वन्ही कृषि, बागवानी व दुग्ध आदि उत्पाद कुनिहार बाज़ार में ही बेचते है। प्रदेश की पिछली सरकार ने कुनिहार को उप तहसील तो बना दिया, परन्तु इसमें मात्र कुनिहार, हाटकोट, कोठी, मान, सरली, खरड़हट्टी, बलेरा व बड़ोग आठ पंचायतों को लाभ मिला। अधिकतर पंचायतों के लोग निराश हो गए, जबकि कुछ एक पंचायतों की दूरी कुनिहार जनपद से मात्र 3 से 5 किलोमीटर है। जैसे सोलन तहसील की ग्राम पंचायत जाडली, जाबल झमरोट व कंडाघाट तहसील की जघाणा व कनैर आदि पंचायते। इस विषय मे पूर्व सरकारों से लोग निरन्तर विरोध प्रकट करते रहे है। वर्ष 2012 से अनवरत लिखित कार्यवाही की जा रही है, परन्तु प्रदेश के तत्कालीन सभी मुख्यमंत्री व राजस्व मंत्रियों ने इस अन्याय को स्वीकार करके दूर करने का मात्र कोरा आश्वाशन ही दिया। परन्तु उक्त क्षेत्र के लोगो को आज कुछ उम्मीद व आश बंधी है, क्योंकि प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर व डॉ राजीव सहजल सामाजिक न्याय आधिकारिता एवं सहकारिता मंत्री ने इस विषय पर सहानुभूति पूर्ण निर्णय लेने का आश्वाशन दिया है व जिलाधीश सोलन से इस संदर्भ में रिपोर्ट मांगी है। प्रेसवार्ता के दौरान मोहन लाल भारद्वाज ,नम्बरदार दुनीचंद तनवर, विकास सभा कोठी के अध्यक्ष रतन तनवर, स्यामनन्द शांडिल, राजेन्द्र आदि उपस्थित थे।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का 27 फरवरी को होने जा रहे अभिनन्दन समारोह के भव्य आयोजन के लिए सोलन में पार्टी तैयारियों में जुटी है। इस संधर्ब में शनिवार को जिला भाजपा सोलन की बैठक का आयोजन किया गया जिसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसमें खासबात यह रही कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल की मौजूदगी में करीब करीब 120 लोगों ने भाजपा का दामन थामा। इस अवसर पर सोलन कांग्रेस के कई युवाओं ने भाजपा की नीतियों और डॉ राजीव बिंदल के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए पार्टी का दामन थामा। कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए अधिकतर लोग सोलन के वार्ड 7 और वार्ड 15 से आते है। सभी ने वार्ड 7 के पार्षद मुकेश वर्मा की अगुवाई में पार्टी की सदस्यता ली। डॉ राजीव बिंदल व डॉ राजीव सैजल ने नए सदस्यों का भाजपा परिवार में शामिल होने पर स्वागत किया। साथ ही उन्हें विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का हिस्सा बनने की बधाई दी। डॉ बिंदल ने इस मौके पर पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के अभिनंदन समारोह में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। बिंदल ने सोलन में अपने होने का आभास करा दिया। उनके स्वागत के लिए हिमाचल भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, कैबिनेट मंत्री राजीव सैजल अपनी टीम के साथ मैदान में जुट गए है। सोलन के ठोड़ो मैदान में आयोजित होने जा रही विशाल रैली की सभी समितियों को जिमेदारियाँ सौंपी गई। वहीं अभिनन्दन समारोह को भव्य बनाने के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने खुद मैदान में डट गए है। प्रदेश अध्यक्ष के साथ मंत्री डॉ राजीव सहजल, सोलन जिला प्रभारी गणेश दत्त, चन्दर मोहन ठाकुर, पुरुषोत्तम गुलेरिया, डॉ राजेश कश्यप, रश्मिधर सूद, मदन ठाकुर, रविंदर परिहार, कुमारी शीला, पवन गुप्ता, देवेंदर ठाकुर, मीरा आनंद, रितू सेठी, राकेश शर्मा, मुकेश गुप्ता, नरेश गाँधी, सभी समितियों के प्रभारी, सोलन नगर परिषद के वार्ड पार्षद सहित जिला व् मंडल के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कराडाघाट-ग्याणा सड़क मार्ग पर एक स्कोर्पियो गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार युवक की मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात कराडाघाट-चंडी कश्लोग सड़क मार्ग पर करीब 300 फुट नीचे ग्याणा लिंक रोड पर गाड़ी नंबर एचपी-52बी-2223 गिरने से चालक की मौत हो गई। चालक की पहचान जितेंद्र कुमार पुत्र मनसाराम गांव घुमारो के रूप में हुई है। पुलिस थाना दाड़लाघाट ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार जनों को सौंप दिया। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी दाड़लाघाट प्रताप सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
संत निरंकारी मिशन शाखा दाड़लाघाट के प्रवक्ता दिनेश गुप्ता ने कहा कि 23 फरवरी को बाबा हरदेव सिंह की 66 वीं जयन्ती गुरु पूजा दिवस के रूप में मनाएगा। उस दिन मिशन की सभी शाखाओं में होने वाले सत्संग कार्यक्रमों में बाबा जी को श्रद्धांजलि अर्पित की जायेगी और उनके जीवन तथा शिक्षाओं से प्रेरणा ली जायेगी। गुरु पूजा दिवस के उपलक्ष्य में ही 23 फरवरी, 2020 को संत निरंकारी चेरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में एक वृक्षारोपण तथा सफाई अभियान चलाया जाएगा जिसमें देशभर में सरकारी अस्पतालों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इन अस्पतालों की सफाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकतर अस्पतालों में संत निरंकारी मिशन सफाई अभियान चलाएगा। संत निरंकारी सत्संग भवनों तथा पार्कों की सफाई के साथ-साथ वृक्षारोपण भी किया जाएगा। इस अभियान में फाउंडेशन के वोलंटियर तथा सेवादल के भाई-बहन अपनी-अपनी निर्धारित वर्दी में सेवाएं देंगे। दिनेश गुप्ता ने कहा कि गुरु पूजा दिवस पर मिशन के द्वारा ऐसे वृक्षारोपण तथा सफाई अभियान वर्ष 2003 से आयोजित किये जा रहे हैं। सन् 2010 से यह अभियान संत निरंकारी चेरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित किये जा रहे हैं।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि जल की एक-एक बूंद का सदुपयोग कर ही भविष्य की आवश्यकताओं के लिए जल प्रबन्धन सुनिश्चित बनाया जा सकता है। डाॅ. सैजल सोलन स्थित विश्व प्रसिद्ध जटोली मन्दिर में पेयजल भण्डारण टैंक का भूमि पूजन करने के उपरान्त उपस्थित श्रद्धालुओं को सम्बोधित कर रहे थे। 50,000 लीटर पेयजल भण्डारण क्षमता वाले इस टैंक के निर्माण पर 03.50 लाख रुपए व्यय होंगे तथा यह जटोली मन्दिर आने वाले श्रद्धालुओं एवं मन्दिर परिसर की विभिन्न आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में लाभदायक सिद्ध होगा। इस पेयजल भण्डारण टैंक के लिए स्वर्गीय देवकू देवी ने भूमि दान की थी। उन्होंने इस अवसर पर योगानन्द आश्रम जटोली में शीश नवाया और सभी के स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की। उन्होंने सभी प्रदेशवासियोें को महाशिवरात्रि पर्व की बधाई भी दी। डाॅ. सैजल ने कहा कि जल जीवन की मूलभूत आवश्यकता है तथा राज्य की सभी बस्तियों में स्वच्छ पेयजलज पंहुचाने के लिए प्रदेश सरकार वचनबद्ध है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए योजनाबद्ध कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर जल सीमित है और जल की एक-एक बूंद का सदुपयोग ही सभी के लिए जल उपलब्धतता की गारन्टी है। हमारे धार्मिक स्थलों एवं गुरूजनों को इस दिशा में लोगों को जागरूक बनाने में प्रदेश सरकार का सहयोग करना होगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि एशिया के सबसे ऊंचे जटोली मन्दिर में पेयजल की बेहतर सुविधा से सभी लाभान्वित होंगे। प्रदेश सरकार हर घर को नल के माध्यम से स्वच्छ जल तथा हर खेत तक सिंचाई सुविधा प्रदान करने के लिए वृहद स्तर पर कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल में 1172 बस्तियों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। प्रधानमन्त्री कृषि सिंचाई योजना के तहत लगभग 313 करोड़ रुपए की 111 लघु सिंचाई योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। उन्होंने कहा कि महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन के तहत सोलन जिला के लिए लगभग 250 करोड़ रुपए की 55 योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। सोलन ज़िला में गत दो वर्षों में 797 पेयजल योजनाएं पूर्ण कर ली गई हैं तथा 79 योजनाओं का कार्य प्रगति पर है। इस अवधि में ज़िला में 289 सिंचाई योजनाएं पूरी कर ली गई हैं तथा 54 सिंचाई योजनाओं का कार्य प्रगति पर है। जटोली मन्दिर समिति के सचिव डाॅ. उपेन्द्र कौल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उन्हें मन्दिर परिसर एवं समिति की योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रदेश खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया, जिला भाजपा महामन्त्री नरेन्द्र ठाकुर, जिला भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सुनील ठाकुर, मन्दिर समिति के अध्यक्ष नरेश वर्मा, ग्राम पंचायत शामती के प्रधान संजीव सूद, ग्राम पंचायत ओच्छघाट के पूर्व प्रधान प्रेम कंवर, ग्राम पंचायत सन्होल के पूर्व प्रधान राजेश, भाजपा तथा भाजयुमो के अन्य पदाधिकारी, जल शक्ति विभाग के एसडीओ रमेश कुमार, अन्य अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति तथा भक्तजन इस अवसर पर उपस्थित थे।
दाडलाघाट व आसपास के क्षेत्रों में शिवरात्रि पर्व बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। शिव मंदिर दाड़लाघाट में भी महाशिवरात्रि के महा पर्व में प्रातः काल से ही शिव मंदिर में भक्तों की लंबी-लंबी कतारें शिव दर्शन के लिए लग गई थी। लोग बड़े उत्साह के साथ शिव दर्शन तथा शिवार्चन हेतु बड़ी संख्या में दिन भर आते रहे। शिव मंदिर में बाबा जयदेव गिरी ने तथा अन्य श्रद्धालुओं ने शिव भोग के कई स्टॉल लगाए थे,जहां शिव भक्तों ने विशेष तौर से तैयार किया गया घोटा,फलाहार,खीर सभी भक्तों में आवंटित किया गया। जिसे प्राप्त कर शिव भगत स्वयं को कृतकृत्य मान रहे थे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने खूब भजन कीर्तन कर शिव का गुणगान किया जिससे मंदिर परिसर का वातावरण शिवमय हो गया था।साथ ही दाडला बाजार में भी लोगों ने जगह जगह पर दूध,पकोड़े व फलों का प्रसाद वितरण किया।
कुनिहार स्थित द एसवीएन सीवीएस स्कूल वडोर घाटी में कक्षा नवम व दशवी कक्षा का फेयरवेल समारोह मनाया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं ने विदाई गीत प्रस्तुत कर जनसमूह को भावुक कर दिया। कार्यक्रम में वंश तँवर को मिस्टर फेयरवेल तथा श्रृष्टि चौहान को मिस फेयरवेल चुना गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के चेयरमैन टी सी गर्ग, प्रधानाचार्य सुकन्या गुहा व निदेशक लुपिन गर्ग ने किया। कार्यक्रम मे स्कूल चेयर मेन टीसी गर्ग ने सभी बच्चो को कार्यक्रम के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमे अपने विद्यालय के बच्चों से पूरी आशा है कि हमारे विद्यालय के बच्चे आगे चलकर सफलता के शिखर पर पहुंचेंगे और विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। बच्चों ने प्राथमिक स्तर से अब तक जो शिक्षा एवं संस्कार इस विद्यालय में प्राप्त किए हैं, वही आगे चलकर उनके सपनों को पूरा करने में सहयोगी बनेंगे।वही स्कूल प्रधानाचार्य सुकन्या गुहा ने बच्चों को तनावमुक्त रहकर परीक्षा देेने की सलाह दी। छात्र-छात्राओं ने विदाई गीत, ग्रुप डांस, एकल डांस प्रस्तुत किया। स्कूल निदेशक लुपिन गर्ग ने सभी बच्चों को इस कार्यक्रम के लिए बहुत-बहुत बधाई दी व साथ ही विद्यालय अध्यापकों को भी इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार की ओर से बहुत-बहुत शुभकामनाएं दी व उन्होंने कहा कि स्कूल ही देश के विकास की नींव होते हैं। इस मौके पर सुमन, लालिमा जोशी, कृष्णा, मधु, शांता, कृतिका व कक्षा नवी व दशवी के छात्र छात्रा मौजूद रहे।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के अभिनंदन समारोह की तैयारियों को लेकर सोलन मंडल की बैठक हुई। बैठक में ठोडो मैदान सोलन में होने वाले अभिनंदन समारोह के सफल आयोजन की लिए समितियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेवारियाँ सौंपी गई। जिला सोलन भाजपा के प्रेस सहसचिव मुकेश गुप्ता व सोलन मंडल के प्रेस सचिव नरेश गांधी की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक अभिनंदन समारोह के लिए 18 समितियों का गठन किया गया है। इसमें स्वागत समिति, समन्वय स्वागत समिति, पंजीकरण समिति, मीडिया समिति, साज साजा रैली समिति, नगर साज सजा समिति, भोजन व्यवस्था समिति, प्रचार व् प्रसार समिति, यातायात समिति, बिजली पानी व स्वच्छता समिति, अधिकारी व्यवस्था समिति, अनुशासन व्यवस्था समिति, मंच व्यवस्था समिति, आपूर्ति समिति, आवास व्यवस्था समिति, आईटी समिति और चिकित्सा समिति शामिल है। मीडिया प्रभारी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के अभिनंदन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री मंत्री जयराम ठाकुर सहित मंत्रीमंडल, सभी सांसद, सभी विधायक, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, पार्टी के सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, बोर्ड निगम के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला व् मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। इस मौके खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के अभिनंदन समारोह मे कोई कमी न रहे इसको लेकर विशेष ध्यान रखा जा रहा है। बददी से शुरू हुई बैठक के बाद सोलन नगर परिषद के सभी वार्डो व पंचायतों में बैठके पूरी कर ली गई है। शहर में सभी व्यवस्थाएं सही रहे इसका विषेश ध्यान रखा जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटिड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 फरवरी, 2020 को गांव आंजी में नई लाईन बिछाने के कार्य के दृष्टिगत 11 केवी की विद्युत आपूर्ति बाधित की जाएगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता ने दी। उन्होंने कहा कि इसके दृष्टिगत 22 फरवरी को प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक गांव आंजी, शराणू व इसके आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित की जाएगी। उन्होंने इस अवधि में लोगों से सहयोग की अपील की है।
वीरवार सुबह सोलन पुलिस ने एक युवक से 12 बोतलें कांच शराब देसी मार्का संतरा न0 1 For sale in Himachal Pradesh Only बरामद की। युवक का नाम व पता पूछने पर उसने नाम रवि कुमार निवासी गांव मंढेसर तह० कसौली, जिला सोलन उम्र 29 वर्ष बताया। उपरोक्त गाडी में एक गता पेटी जिसमें 12 बोतलें कांच शराब की थी बरामद हुई। पुलिस के परमिट/लाईसैंस मांगने पर वह परमिट पेश न कर सका। जिस सन्दर्भ में पुलिस थाना कसौली में मामला पंजीकृत करके आगामी कार्यवाही अम्ल में लाई जा रही है ।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि सोलन जिले के एतिहासिक एवं प्रसिद्ध शिव मन्दिरों को देश एवं प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर उभारने के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं। डॉ. सैजल महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सोलन जिले के अर्की उपमण्डल के कुनिहार स्थित शिव तांडव गुफा मन्दिर में पूजा-अर्चना के उपरान्त श्रद्धालुओं को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होने शिव महा पुराण कथा ज्ञान, यज्ञ के अन्तिम दिवस पर पूर्ण आहूति दी। उन्होेंने इस अवसर पर प्रदेश एवं जिलावासियों की सुख-समृद्धि की कामना की तथा महाशिवरात्री पर्व की बधाई दी। डॉ. सैजल ने कहा कि शैव मत को किसी न किसी रूप में विश्वभर में माना जाता है।हिमाचल भगवान शिव से अभिन्न रूप से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न शिव मन्दिरों को धार्मिक पर्यटन से जोड़ कर बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं। उन्होेंने युवाओं का आह्वान किया कि वे विभिन्न त्यौहारों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए एकनिष्ठ होकर कार्य करें। उन्होेने कहा कि संस्कृति का संवर्द्धन देश एवं प्रदेश की एकता में भी सहायक है। सोलन स्थित विभिन्न मन्दिरों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होने आश्वासन दिया कि शिव तांडव गुफा मन्दिर से मुख्य सडक तक तथा मन्दिर में पाकशाला के निर्माण लिए प्राक्कलन के अनुसार उचित धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। इस अवसर पर आचार्य हेमन्त गर्ग, भाजपा सचिव हिमाचल प्रदेश रतन सिंह पाल, जिला परिषद सदस्य कंचन माला, भाजपा मण्डलाध्यक्ष डी के उपाध्याय, जि़ला महामंत्री भाजपा अमर सिंह परिहार, मण्डल महामंत्री यशपाल कश्यप, सहमीडिया प्रभारी इन्द्रपाल शर्मा, जिला भाजपा सचिव सुरेश जोशी, प्रधान ग्राम पंचायत कोठी सुनीता ठाकुर, बीडीसी सदस्य सीमा महन्त, आचार्य हेमन्त शर्मा, शिव ताण्डव समिति गुफा के अध्यक्ष राम रत्न पंवर, पूर्व प्रधान समिति नर्वदा कंवर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
पहली बार जिला सोलन में आ रहे राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के आगमन की तैयारियां लगभग पूरी हो गई है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के अतिरिक्त जिला सोलन के पांचों मंडलो से भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। यह बात कुनिहार में आए न्याय अधिकारिता एवं सहकारिता मंत्री डॉ राजीव सहजल ने पत्रकार वार्ता में कही। कुछ दिनों पूर्व जिला कांग्रेस द्वारा सोलन में मंहगाई को लेकर प्रदेश सरकार को घेरने पर मंत्री ने कहा कि कुछ उत्पादों में जंहा मूल्यों में वृद्धि हुई है वहीं पर कुछ उत्पादों के मूल्यों में गिरावट भी आई है। दाड़लाघाट में पिछले काफी दिनों से चल रहे ट्रांस्पोटरो और कम्पनी विवाद पर उन्होंने कहा कि यह विषय प्रदेश मुख्यमंत्री के संज्ञान में है व इसे शीघ्र सुलझा लिया जाएगा। प्रदेश मुख्यमंत्री द्वारा करीब एक वर्ष पूर्व कुनिहार में अटल आदर्श विद्यालय खोले जाने की घोषणा के पूर्ण न होने को लेकर न्याय अधिकारिता एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि कोई भी घोषणा हवा में नहीं होती व इसे भी शीघ्र अमलीजामा पहना दिया जाएगा। इतना ही नहीं कुनिहार पुलिस थाना के लिए भूमि का भी चयन कर लिया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश सचिव रतन सिंह पाल, मंडलाध्यक्ष देविंदर शर्मा, प्रदेश किसान मोर्चा सचिव दलीप पाल, जिला महामंत्री अमर सिंह परिहार, मीडिया प्रभारी इंद्रपाल शर्मा, जिला परिषद सदस्य कंचन माला, रामेश्वर शर्मा, अनिल गर्ग, देवी राम तनवर, ओमप्रकाश, कौशल्या कँवर, सुनीता ठाकुर, राजेन्द्र जोशी सहित काफी लोग उपस्थित रहे।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन में "एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान" के बारे में जानकारी सांझा की। प्रातः कालीन सभा में एनएनएस कार्यक्रम अधिकारी संतोष बट्टू ने अपने वक्तव्य में बताया कि एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर शुरू किया गया। इस अभियान का उददेश्य एक राज्य दूसरे राज्य की रीति-रिवाज, परम्परा, रहन-सहन, खान-पान और संस्कृति को सीखे व आगे बढ़ाने का प्रयास करे। इस अभियान के अन्तर्गत "अन्तर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस" मनाया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संतोष बट्टू ने इस दिवस के औचित्य को सिद्ध करते हुए बताया कि यूनेस्को ने अंदेशा जताया कि कई भाषाएँ लुप्त होने के कगार पर है। इस दिवस का उद्देश्य अपनी मातृभाषा को जानना और बोलने में गर्व होना चाहिए। मातृभाषा में जो भावों की अभिव्यक्ति हो सकती है, वह अन्य भाषा में नहीं। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने संबोधन में बताया कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए एक जुट होना जरूरी है और मातृभाषा को बोलते हर देशवासी एकता की मिशाल कायम करे। इस दौरान प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने सभी देशवासियों को शिवरात्रि की शुभकामनाएं दी।
सरस्वती विद्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने हिमाचल प्रदेश सरकार के सौजन्य से शिक्षा विभाग द्वारा आवंटित किए जा रहे लैपटॉप प्राप्त किए। विद्यालय के प्रधानाचार्य गीताराम ठाकुर ने बताया कि इस विद्यालय के 12 मेधावी विद्यार्थियों ने दसवीं की परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन कर ये लैपटॉप प्राप्त किए है। उन्होंने कहा कि इन मेधावी विद्यार्थियों में प्रकृति, ईशा, स्मृति, तरुण, हर्ष, अंकिता, शिल्पा, विकास, चेतना, अंबिका, चारु व सिमरन हैं। प्रधानाचार्य गीता राम ठाकुर व अन्य अध्यापकों ने इन बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए इनको तथा इनके अभिभावकों को भी बधाई दी है।
भारतीय पैन्शनरज महासंघ हिमाचल प्रदेश सरकार से प्रदेश के कर्मचारियों को केन्द्र सरकार द्वारा दिए जाने वाले वेतनमान को यंहा लागू करने की मांग करता है। प्रैस को जारी विज्ञप्ति में हिमाचल पैशनर महासंघ के प्रदेश महामंत्री इन्दर पाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियो के विभिन संगठन और समस्त कर्मचारी वर्ग केन्द्र के वेतनमानो से जुड़ने की मांग कर रहा है। उन्होँने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियो पर पहले से ही केन्द्र सरकार के आर एण्ड पी रुल्ज लागू होते हैं इसलिए वेतन मान भी केन्द्र का ही मिलना चाहिए। इन्दर पाल शर्मा ने कहा कि कर्मचारी पंजाब के अधार पर वेतनमान नही चाहते तथा सरकार को अपना वेतन आयोग बनाने की भी आवश्यकता नहीं पड़ेगी। देश के अनेक राज्य भी केन्द्र सरकार के वेतनमान ही दे रहे हैं। इन्दर पाल शर्मा ने मुख्य मंत्री जय राम ठाकुर से आग्रह किया है कि वे इस बजट सत्र में प्रदेश के कर्मचारियो के लिये उनकी मांग पर केन्द्रीय वेतनमान दिए जाने की घोषणा करे। शर्मा ने मुख्य मंत्री से प्रदेश के पैन्शनरो के लिये शीघ्र सँयुक्त सलाहकार समिति का गठन किए जाने की भी मांग की है।
राज्य खादी और ग्रामोद्योग आयोग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (भारत सरकार) शिमला द्वारा सोलन के मुरारी मार्किट में आयोजित 10 दिवसीय राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का समापन अतिरिक्त उपायुक्त विवेक चन्देल ने किया। प्रदर्शनी में हिमाचल प्रदेश में कार्यरत खादी और ग्रामोद्योग संस्थाओं, आर.ई.जी.पी./पी.एम.ई. जी.पी. के अंतर्गत वित्तपोषित ग्रामोद्योगी इकाईयों द्वारा निर्मित उत्पादों को प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए रखा गया। अतिरिक्त उपायुक्त विवेक चन्देल ने अपने सम्बोधन में कहा कि खादी ग्रामोद्योग के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर गरीब लोग रोजगार प्राप्त कर अपनी आर्थिकी सुदृढ कर रहे हैं। उन्होने सोलन में प्रदर्शनी के आयोजन के लिए सम्बन्धित विभाग का धन्यवाद किया तथा भविष्य में भी इस तरह की प्रदर्शनियों के आयोजन का आग्रह किया ताकि लोगों को खादी ग्रामोद्योग के उत्पाद उचित दाम पर उपलब्ध हो सकें। इससे पहले निदेशक खादी ग्रामोद्योग मांगे राम ने मुख्यअतिथि का स्वागत किया तथा विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होने ने अवगत करवाया कि प्रदर्शनी का आयोजन प्रधान मंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत खादी और ग्रामोद्योग आयोग द्वारा वित्तपोषित संस्था, हिमाचल खादी आश्रम, शिमला के माध्यम से किया गया। उन्होने कहा कि इस प्रदर्शनी में दूसरे राज्यों से भी लाभार्थियों ने अपने उत्पादों सहित भाग लिया। समापन समारोह में ज़िला उद्योग केन्द्र सोलन, खादी ग्रामोद्योग आयोग, शिमला, हिमाचल प्रदेश ग्रामोद्योग बोर्ड, सोलन संचालक, हिमाचल खादी आश्रम शिमला, अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
मंगलवार 18 फरवरी परवाणू में पुलिस ने एक युवक से 7.41 ग्राम हेरोईन बरामद की। नाम व पता पूछने पर युवक ने अपना नाम राजू गिरी उर्फ राजू निवासी टकसाल तहसील कसौली जिला सोलन बताया। पुलिस थाना परवाणु में युवक के खिलाफ मामला पंजीकृत किया गया है और आगामी कार्यवाही अम्ल में लाई जा रही है।
जिला परिषद सोलन की त्रैमासिक बैठक बुधवार को जिला परिषद के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष धर्मपाल चैहान ने की। बैठक में जिला परिषद सोलन की 22 नवम्बर, 2019 से 18 फरवरी, 2020 तक की लगभग 6।47 करोड़ रुपए की आय-व्यय को भी स्वीकृति प्रदान की गई। बुधवार को आयोजित बैठक में 79 मदों पर सारगर्भित चर्चा की गई। जिला परिषद अध्यक्ष धर्मपाल चैहान ने इस अवसर पर कहा कि चुने हुए जनप्रतिनिधि विभिन्न समस्याओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर त्वरित सुलझा सकते हैं। इससे बैठक में अनेक गंभीर समस्याओं को उठाने का पर्याप्त समय मिल सकता है। उन्होंने कहा कि जनता की प्रत्येक समस्या का निवारण करना सभी चुने हुए प्रतिनिधियों का प्रयास होता है और यह कार्य अधिकारियों के सकारात्मक सहयोग से ही संभव है। उन्होंने कहा कि जनहित के मामलों पर शीघ्रता से कार्यवाही आमजन का अधिकार है तथा सभी अधिकारियों को इस दिशा में गम्भीर प्रयास करने चाहिए। उन्होने अधिकारियों से आग्रह किया कि विकासात्मक कार्योें में गुणवत्ता के साथ-साथ गतिशिलता लाएं। उन्होंने कहा कि जिला परिषद सदस्यों एवं पंचायती राज प्रतिनिधियों की लोकतंत्र में अहम भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के क्रियान्वयन एवं जन समस्याएं सुलझाने में सभी स्तरों पर जन प्रतिनिधियों से तालमेल स्थापित करें ताकि समस्याओं का अविलम्ब समाधान हो तथा विकास योजनाएं नियत समय पर पूरी हों। बैठक में लोक निर्माण, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग, हिमाचल पथ परिवहन निगम, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, राज्य विद्युत बोर्ड, उद्योग, आबकारी, ग्रामीण विकास, पुलिस, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा दूरसंचार इत्यादि विभागों से संबंधित 79 मदों पर चर्चा की गई। जिनमें से 15 मदों का कार्य पूर्ण हो चुका है। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन विवेक चंदेल ने विश्वास दिलाया कि जिला प्रशासन चुने हुए प्रतिनिधियों के समन्वय के साथ जन समस्याओं के निवारण के लिए प्रयासरत है। उन्होने अवगत करवाया कि प्रशासन द्वारा बीबीएन क्षेत्र में प्रदूषण को नियन्त्रित करने के उददेश्य से 23 उद्योगों का निरिक्षण कर दोषियों पर लगभग 39 लाख रूपये का जुर्माना लगाया गया है तथा सूर्या एनवाएरा के एक प्लांट को बन्द भी करवाया गया है। इसके अतिरिक्त बीबीएन क्षेत्र में आम जन के सहयोग से सफाई अभियान को व्यापक स्तर पर चला कर प्रदूषण को नियन्त्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में जिला परिषद सोलन के उपाध्यक्ष जगन्नाथ शर्मा, जिला परिषद सदस्य शीला, सुमन लता, मीना वर्मा, रमा ठाकुर, सुखदेव कौर, सत्या देवी, सुनीता गर्ग, कंचन माला, उजागर सिंह, यशवंत सिंह, रामकृष्ण शर्मा और चैन सिंह तथा विभिन्न पंचायत समिति के अध्यक्षों सहित जिला के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
फाल्गुन माह की महाशिवरात्रि माह इसी पुण्य को पुनः वृद्धि करने का वरदान है। स्वयं भगवान शिव माता पार्वती, गणेश, कार्तिकेय, नंदी और अपने शिवगणों सहित इस दिन अपने भक्तों के द्वारा किए जाने वाले पूजन-श्रीरुद्राभिषेक का तत्क्षण फल प्रदान करते हैं। यह जानकारी कुनिहार के प्रख्यात पण्डित कामेश्वर शर्मा ने दी। उन्होंने बताया की महादेव को प्रसन्न करने के लिए अच्छे अवसर के रूप में महाशिवरात्रि का पावन पर्व 21 फरवरी शुक्रवार को है। शिव की आराधना पंचामृत से करें तो अति उत्तम रहेगा। शिव की ही ऐसी पूजा है जिसमे केवल पत्रं पुष्पं फलं तोयं अर्थात- पत्र, पुष्प, फल और जल से करके भी पूर्ण फल प्राप्त किया जा सकता है। इसलिए इसदिन आपके पास सामग्री नहीं हो तो भी इन्हीं मंत्रों से श्रद्धा-विश्वास के साथ जलाभिषेक करते हुए भगवान शिव कि पूजा करें और "ॐ नमः शिवाय ॐ नमः शिवाय" का जप करते रहें व स्त्रियों के लिए शिवाय नमः से जप कर सकते है। ऐसा जपते हुए बेलपत्र पर चन्दन या अष्टगंध से राम-राम लिख कर शिव पर चढ़ाएं। पुत्र पाने की इच्छा रखने वाले शिवभक्त दूध अथवा मंदार पुष्प से, घर में सुख शान्ति चाहने वाले धतूरे के पुष्प अथवा फल से, शत्रुओं पर विजय पाने वाले अथवा मुकदमों में सफलता कि इच्छा रखने वाले लोग भांग से शिव कि पूजा करें तो सभी तरह की पराजित होने वाली संभावनाएं समाप्त हो जाएंगी। कर्ज से मुक्ति पाने वाले भक्त शहद और घी से रुद्राभिषेक करें। अधिक मान सम्मान और यश प्राप्ति की कामना करने वाले भक्तों को गुलाब जल से अभिषेक करना चाहिए जबकि विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में अच्छी कामयाबी के लिए दूध और मिश्री को मिश्रित करके शिवाभिषेक करें। संपूर्ण कष्टों और पुनर्जन्मो से मुक्ति चाहने वाले मनुष्य गंगा जल और पंचामृत चढाते हुए "ॐ नमो भगवते रुद्राय ॐ तत्पुरुषाय विद्महे महादेवाय धीमहि तन्नों रुद्रः प्रचोदयात।" मंत्र को पढ़ते हुए सभी सामग्री जो भी यथा संभव हो उसे लेकर समर्पण भाव से शिव अर्पित करें। श्रद्धा भाव और विश्वास के साथ जो भी करेंगे महादेव आपकी सभी मनोकामना पूर्ण करेंगे।
हिमाचल प्रदेश में फिर मौसम बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। राज्य के मध्यम और ऊँचाई वाले इलाकों में 24 फरवरी तक मौसम ख़राब रहेगा। यह जानकारी मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने दी। विभाग के अनुसार 19 फरवरी से प्रदेश के दस जिलों में बारिश व बर्फ़बारी की सम्भावना है। विभाग ने इन दस जिलों में येल्लो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में सोलन, शिमला, सिरमौर, चम्बा, कांगड़ा, मंडी, उन, कुल्लू, बिलासपुर और हमीरपुर शामिल है। इन जिलों में 20 और 21 फरवरी को गरज तथा तेज़ हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। सोलन जिला के न्यूनतम व अधिकतम तापमान में बुधवार को भरी गिरावट देखी गई है। आसमान बादलों से घिरा रहेगा और 10 किमी/घ की रफ़्तार से हवाए चलेंगी। 21 और 22 फरवरी को बारिश होने की संभावना भी जताई जा रही है।
हिमाचल सरकार के सौजन्य से उप शिक्षा निदेशक कार्यालय सोलन द्वारा एस वी एन स्कूल कुनिहार के 13 होनहार छात्र छात्राओं को लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय निदेशक लूपिन गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि सत्र 2017-18 की दसवीं व +2 की वार्षिक परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर मैरिट सूची में स्थान प्राप्त करने पर विद्यालय के 13 बच्चों ने यह सम्मान हासिल किया जिससे विद्यालय प्रबन्धको,अध्यापकों व अभिभावकों में खुशी की लहर है। बच्चों की इस उपलब्धि के लिए विद्यालय प्रधानाचार्य टी सी गर्ग, निदेशक लूपिन गर्ग, एस एम सी अध्यक्ष रणजीत पाल सहित समिति के सभी सदस्यों व अध्यापक वर्ग ने बच्चों व अभिभावकों को बधाई देते हुए बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की है। लैपटॉप प्राप्त करने वाले छात्र छात्रों के नाम मुकुल सिंह, अंकिता, प्रतिभा शर्मा, कार्तिक कँवर, अर्जुन, हर्षिता, हर्ष रत्तन, मुस्कान, कनिका, निकिता, मुस्कान ठाकुर, अंकिता वर्मा, नीरज कौंडल हैं।
बी एल सेंट्रल वरिष्ठ माद्यमिक पाठशाला कुनिहार के 11 मेधावी छात्रों को हिमाचल प्रदेश सरकार के सौजन्य से लैपटॉप बांटे गए। जानकारी देते हुए विद्यालय प्रबंधन समिती अध्यक्ष ने बताया की बी एल स्कूल कुनिहार के 11 मेधावी बच्चों जिसमे कक्षा जमा दो विज्ञानं संकाय से स्नेहा कालरा (460/500), व वाणिज्य संकाय से मोनिका पाल (418/500) ने अंक प्राप्त कर और दसवीं कक्षा में इशिका शर्मा (675/700), दिव्यांशी शर्मा (671/700), माधुरी (662/700), अनन्या शर्मा (664/700), उर्वशी (653/700), कनिका चौधरी (653/700), विवेक (639/700), कृतिका शर्मा (631/700), चित्र ठाकुर(627/700) ने आंक हासिल कर मेरिट में आकर लैपटॉप प्राप्त किये हैं। इन बच्चों ने सत्र 2017-18 में वर्ष बोर्ड की जमा दो व दसवीं की परीक्षा मार्च वर्ष 2018 में मेरिट में आने पर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा उप शिक्षा निदेशक सोलन के माध्यम से वितरित किए गए हैं। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व अद्यापक अभिभावक संघ के अध्यक्ष रतन तंवर व सभी सदस्यों ने इन सभी बच्चों व उनके अभिभावकों तथा उनके अद्यापकों को भी बधाई दी है और बताय की इस विद्यालय के बच्चे हर वर्ष मेरिट में आकर शिक्षा विभाग से अधिक से अधिक लैपटॉप और कुछ चैत्रावृत्ति हासिल करते है। इस अवसर पर उच्च उप शिक्षा निदेशक सोलन योगेंदर मखौक, प्राम्भिक उप-शिक्षा निदेशक सोलन श्रवण कुमार चौधरी, योगेंदर ने भी इन सभी बच्चों को लैपटॉप मिलने पर बधाई दी। विद्यालय आने पर इन सभी बच्चों को, उप-प्रधानचार्य किरण जोशी, मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा ने बधाई दी और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया।
"Every story has an end but in life every ending is just a new beginning". Solan Public School opened its door for the students for the academic session 2020-21. The students started their day with morning prayers and meeting their head mistress Ms. Kiran Sharma and new subject teachers and also welcomed their new colleagues in their classes. Our MD Ms. Preetee Kumar also met the students and wished them success in their new session. Solan Public School believes in being different so the first day at school was filled with fun and learning activities such as hoola hoop, hand painting, balancing on a wooden plank and treasure hunt. The major attraction was the selection of the houses. All the students participated enthusiastically and loved this different start of their academic session. The students also had a selfie session with their hand painted wings. All the students, teachers and supporting staff look forward to new beginnings at SPS.
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डाॅ. राजीव सैजल 18 फरवरी, 2020 से सोलन के प्रवास पर रहेंगे। डाॅ. सैजल 18 फरवरी, 2020 को दिन में 01.00 बजे सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के गढ़खल में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय सम्मान समारोह की अध्यक्षता करेंगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री 20 फरवरी, 2020 को दिन में 01.00 बजे महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर अर्की विधानसभा क्षेत्र के कुनिहार स्थित शिव गुफा पंहुचेंगे। डाॅ. सैजल 21 फरवरी, 2020 को दिन में 02.00 बजे सोलन में टैंक रोड स्थित नरसिंह मन्दिर में ‘भोले की बारात’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट के 17 मेधावियों को सत्र 2017-2018 के दौरान परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया। लैपटॉप प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में 3 बच्चे 10वीं कक्षा से पूजा कुमारी, उर्वशी, हिमांशी रही। कक्षा 12वीं कला संकाय से आरती, वर्षा और सुजाता रही। कक्षा बारहवीं कॉमर्स संकाय ने सबसे अधिक 11 बच्चों को लैपटॉप प्राप्त हुए उनमें शालू, काजल, प्रियंका, रंजना, शुभम, भारती, दीक्षा, ललित, योगेश, हरीश, जतिन रहे। इन सभी बच्चों ने अपनी मेहनत के बल पर अपने अपने परिवार का और अपने विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रूप राम शर्मा ने सभी बच्चों को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान पूरे विद्यालय परिवार की ओर से भी सभी मेधावी छात्र छात्रों को बधाई दी गई।
हिमाचल आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी परिषद् के एक राज्यस्तरीय प्रतिनिधि मंडल ने के के शर्मा, विशेष कार्यकारी अधिकारी एवं अश्वनी शर्मा राज्य महासचिव के नेतृत्व में स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं आयुर्वेद मंत्री विप्पिन सिंह परमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री विप्पिन सिंह परमार के समक्ष आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारियों को एलोपैथिक चिकित्सको के समक्ष वेतनमान देने एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियो की सेवा निवृति की आयु साठ साल करने की मांग की। स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं आयुर्वेद मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को उनकी मांगो पर सहानुभूति पर विचार करने का आश्वासन दिया। डॉक्टर अश्विन शर्मा, महासचिव ने जानकारी दी की परिषद् के एक प्रतिनधिमंडल स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं आयुर्वेद मंत्री की अगवाई में अपनी मांगो को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी शीघ्र ही मुलाकात करेगा।
धरमपुर पुलिस ने सोमवार दोपहर एक युवक को 104.53 ग्राम चरस के साथ पकड़ा। युवक का नाम इकबाल गांव हाटकोट कुनिहार बताया जा रहा है। पुलिस थाना धर्मपुर में उपरोक्त के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया गया है और आगामी कार्यवाही अम्ल में लाई जा रही है । रविवार शाम पुलिस थाना डगशाई ने एक युवक से 29 बोतलें शराब देशी बरामद की। युवक का नाम डिम्पल उर्फ विरू निवासी कथेड़ सोलन बताया जा रहा है। युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया गया है और आगामी कार्यवाही अम्ल में लाई जा रही है।
प्राचीन शिव ताण्डव गुफा कुनिहार में चल रही 11 दिवसीय शिव महापुराण कथा के आठवें दिन की कथा में आचार्य हेमन्त गर्ग ने हनुमान जन्म कथा सहित शिव ज्योतिर्लिंगों की सुंदर कथा सुनाई। जयेष्ठ सोमवार को शिव महापुराण कथा सुनने के लिए भारी सँख्या में कथा प्रेमी पहुंचे व गुफा में प्राकृतिक शिवलिंग के दर्शन भी किए। कथा में आचार्य हेमन्त गर्ग जी नें श्रोताओ को बजरंग बली के जन्म की विस्तृत कथा सुनाते हुए श्री राम जी के प्रति समर्पण व आस्था की झलक दिखाई। भगवान व भक्त के प्रेम कथा से समाज को भक्ति किस तरह होनी चाहिए का सुंदर सन्देश दिया। इसके साथ ही कथा में शिव ज्योतिर्लिंगों का भी विस्तृत व्याख्यान किया। उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि मनुष्य को हर परिस्थिति में भगवान की स्तुति करनी चाहिए, भगवान की स्तुति से हर कष्ट व दुख दूर हो जाते हैं। सुंदर आरती के साथ कथा को विराम दिया गया। उसके बाद भण्डारा वितरित किया गया। इस अवसर पर गुफा समिति प्रधान राम रत्तन तनवर, उप प्रधान अमरीश ठाकुर, गुमान कंवर, देशराज पूरी, हरिपाल, राजेन्द्र चौधरी, राम दयाल, दीपक, नेक राम वर्मा, रितिक जोशी, जयपाल, सुभाष, प्रमोद सहित समिति व शम्भू परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे। गुफा समिति के प्रधान ने बताया कि 20 फरवरी को कथा समापन पर प्रदेश के सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं सहकारिता मंत्री डॉ राजीव सहजल शिरकत करेंगे व प्राकृतिक गुफा में भोले शंकर की पिंडी के दर्शन कर शिव कथा श्रवण करेंगे। उन्होंने बताया कि 21 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा तथा 22 फरवरी को विशाल भण्डारे का आयोजन समिति व शम्भू परिवार द्वारा किया जाएगा।
पूर्व गर्भाधान एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम (पीसी एण्ड पीएनडीटी एक्ट) के अन्तर्गत जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला 18 फरवरी, 2020 को हिमानी होटल, सोलन के सम्मेलन कक्ष में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकरी सोलन डाॅ. राजन उप्पल ने दी। उन्होंने कहा कि कार्यशाला प्रातः 10.30 बजे आरम्भ होगी।
जिला परिषद सोलन की बैठक 19 फरवरी, 2020 को जिला परिषद भवन सपरून के बैठक कक्ष में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद सोलन के अध्यक्ष धर्मपाल चैहान करेंगे। यह जानकारी जिला परिषद सोलन के सचिव ने दी। उन्होंने कहा कि बैठक प्रातः 11.30 बजे आरम्भ होगी।
संत निरंकारी सत्संग भवन दाड़लाघाट में साप्ताहिक सत्संग में रविवार को सयोंजक महात्मा शंकर दास निरंकारी ने मिशन का संदेश दिया।प्रवचनों की अमृतवर्षा करते हुए उन्होंने कहा कि न केवल परमात्मा को जानना बल्कि परमात्मा की मानना भी जरूरी है।परमात्मा की मानने में तभी आनंद है जब हम परमात्मा को जान लेते हैं।इसीलिए कहा गया है कि पहले जानो फिर मानो।महात्मा शंकर दास निरंकारी ने कहा कि परमात्मा कण-कण में व्याप्त है।इसका बोध पूर्ण गुरु द्वारा ही संभव है।उन्होंने कहा कि सद्गुरु का यहीं संदेश है कि गृहस्थ जीवन में रह कर ही इनसानियत की सेवा करें।दूसरों के दुख बांटे,वहीं दूसरों की खुशी में भी सहभागी बने।ईश्वर को वह लोग प्रिय हैं जो इनसानियत से प्यार करते हैं।परोपकारी जीवन जीते हैं और जहां भी मौके मिले दूसरों के हमदर्द बनने के प्रयास में रहते हैं। महात्मा शंकर दास निरंकारी ने कहा कि सद्गुरु से परमात्मा को बोध करके हम ब्रह्मज्ञानी अर्थात निरंकारी तो कहलाते हैं मगर वास्तविक निरंकारी हम तभी कहलाते हैं जब सद्गुरु के उपदेशों का अनुसरण करते हैं।इससे पहले मिशन के अन्य अनुयाइयों ने भजन,प्रवचन और कविता के माध्यम से कण-कण में व्याप्त निराकार सत्ता का गुणगान किया।इस मौके पर काफी संख्या में निरंकारी समुदाय के अनुयायियों उपस्थित रहे।अंत में लंगर का भी आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज सोलन जिला में कण्डाघाट के नजदीक चायल रोड़ पर बने दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समझौता ज्ञापन हत्ताक्षरित करने के एक वर्ष के भीतर ही 250 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित दिल्ली वल्र्ड पब्लिक स्कूल, कण्डाघाट अस्तित्व में आ जाना प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे दृढ़ प्रयासों की सफलता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने एक वर्ष पहले स्कूल प्रबन्धन के साथ इस शिक्षण संस्थान को खोलने के लिए 250 करोड़ रुपये का समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया था और यह प्रसन्नता का विषय है कि एक वर्ष की अल्पावधि में ही यह संस्थान बन कर तैयार हो गया है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान आने वाले समय में न केवल 6 हजार विद्यार्थियों को बेहतरीन शिक्षा सुविधाएं प्रदान करेगा बल्कि क्षेत्र के 800 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध भी करवाएगा। क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण व विश्व स्तरीय शिक्षा सुविधाएं प्रदान करने के अलावा यह संस्थान क्षेत्र के लोगों की आर्थिकी भी सुदृढ़ करेगा। जय राम ठाकुर ने कहा कि स्कूलों का मुख्य कार्य नई पीढ़ी में सांस्कृतिक मानक व मूल्यों का हस्तांतरण करना है क्योंकि स्कूल हमारी विविध जनसंख्या को एकल राष्ट्रीय पहचान वाले समाज में बदलते हैं और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल ज्ञान, सीखने और पढ़ने के शैक्षणिक कौशल के संचार के साधन हैं। उन्होंने कहा कि यह स्कूल राज्य के विद्यार्थियों के लिए अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं प्रदान करके उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए तैयार करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक वर्ष की अल्पावधि में स्कूल प्रबंधन द्वारा हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में विश्व स्तरीय शिक्षण संस्थान का निर्माण वास्तव में सराहनीय कार्य है जो विद्यार्थियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने की स्कूल प्रबंधन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह स्कूल अपने उद्देश्यों को प्राप्त करने में सफल होगा। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विकास और प्रगति के लिए निजी सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है, जिसके लिए गत वर्ष धर्मशाला में ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन किया गया था। उन्होंने कहा कि इस मैगा इवेंट में 36 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस अवसर की शोभा बढ़ाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश 96000 करोड़ रुपये से अधिक के समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित करने में सफल रहा और ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट के एक माह के भीतर 13,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का ग्राउंड बे्रकिंग का कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि स्कूल प्रबन्धक ने प्रदेश से संबंध रखने वाले विद्यार्थियों के लिए 60 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने के अलावा कण्डाघाट तहसील से सम्बन्ध रखने वाले विद्यार्थियों के लिए शुल्क में 15 प्रतिशत छूट देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि एक छोटा राज्य होने के बावजूद भी हिमाचल प्रदेश ने देश के बहुत से बड़े राज्यों को रास्ता दिखाया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में ही नहीं बल्कि अन्य विभिन्न क्षेत्रों में विकास के आदर्श राज्य के रूप उभरा है। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्धाज ने कहा कि एक समय में भारत को विश्व गुरू का दर्जा हासिल था और अब समय आ गया है कि इस पुरानी प्रतिष्ठा को पुनः प्राप्त करने के लिए हम सामुहिक रूप से कार्य करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को देश का सबसे विकसित और प्रगतिशील राज्य बनाने के लिए कृतसंकल्प है। इससे पूर्व दिल्ली वल्र्ड पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष बलवान शौकीन ने मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस स्कूल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के विद्यार्थियों को उनके घरद्धार पर विश्व स्तरीय शिक्षण सुविधाएं प्रदान कर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने कहा कि स्कूल कण्डाघाट तहसील के विद्यार्थियों को फीस में 15 प्रतिशत छूट देगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डाॅ. राजीव सैजल, सांसद सुरेश कश्यप, विधायक कर्नल डाॅ. धनी राम शांडिल, भाजपा नेता डाॅ. राजेश कश्यप, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुंडू और स्कूल की प्रधानाचार्य रीना पांटा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
कृषि, जनजातीय विकास एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डाॅ रामलाल मारकंडा ने कहा कि किसानों एवं बागवानों को प्रदेश के बागवानी एवं वानिकी तथा कृषि विश्वविद्यालय में किए गए अनुसंधान एवं उच्च तकनीक का लाभ शीघ्र मिलना चाहिए ताकि इनके माध्यम से राज्य की आर्थिकी को सुदृढ़ किया जा सके। डाॅ मारकण्डा डाॅ यशवन्त सिंह परमार वानिकी एवं बागवानी विश्वविद्यालय, नौणी में ‘प्रैक्टिसिस ऑफ पैकेजिज फाॅर वैजिटेबल्स’ विषय पर कार्यशाला का शुभारम्भ करने के उपरान्त उपस्थित वैज्ञानिकों, अधिकारियों एवं अन्य को सम्बोधित कर रहे थे। डाॅ मारकण्डा ने कहा कि हिमाचल की जनसंख्या का बड़ा भाग वर्तमान मे भी अपनी आजीविका के लिए कृषि एवं बागवानी पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि यह जनसंख्या प्रदेश की आर्थिकी के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है। प्रदेश के किसानों एवं बागवानों तक वैज्ञानिकों का अनुसंधान शीघ्र पंहुचाया जाना आवश्यक है। कृषि मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती को जन आंदोलन के रूप में अपनाना समय की मांग है ताकि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक खेती की दिशा में विश्व तथा देश में एक आदर्श राज्य बनकर उभरे और हिमाचल को पूर्ण रूप से प्राकृतिक खेती राज्य घोषित किया जा सके। वर्तमान में हम सभी रसायन युक्त खेती के दुष्परिणामों से परिचित हैं। इन दुष्परिणामों से बचाव के लिए प्राकृतिक खेती कारगर उपाय है। उन्होंने आग्रह किया कि प्राकृतिक खेती के विषय में सभी को जानकारी दें ताकि प्रदेश के सभी किसान प्राकृतिक खेती अपनाकर इससे लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में प्रदेश के 02 लाख किसानों को प्राकृतिक खेती के दायरे में लाया जाएगा। वर्तमान में प्रदेश सरकार के प्रयासों से राज्य में 61000 से अधिक किसान प्रकृतिक खेती कर रहे हैं। डाॅ मारकण्डा ने कहा कि यह कार्यशाला 07 वर्ष के अन्तराल के उपरान्त आयोजित की जा रही है। भविष्य में इस कार्यशाला को नियमित रूप से चैधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर तथा डाॅ। यशवन्त सिंह परमार वानिकी एवं बागवानी विश्वविद्यालय, नौणी में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में शीघ्र ही कृषि, जाईका तथा प्रकृतिक खेती की योजनाओं को समन्वय के साथ कार्यान्वित किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक किसान एवं बागवान इनसे लाभान्वित हो सकें। विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ। परविन्दर कौशल ने इस अवसर पर कहा कि इस कार्यशाला से सब्जी उत्पादन के बारे में नवीनतम जानकारी उपलब्ध होगी। निदेशक विस्तार शिक्षा डाॅ राकेश गुप्ता ने सभी का स्वागत किया। कार्यशाला में चैधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर तथा डाॅ यशवन्त सिंह परमार वानिकी एवं बागवानी विश्वविद्यालय, नौणी के वैज्ञानिक, कृषि विभाग के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकरिता तथा सहकारिता मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि सोलन ज़िला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के परवाणु में इण्डोर स्टेडियम निर्मित करने की सम्भावनाएं तलाशी जाएंगी। डाॅ. सैजल परवाणु में परवाणु स्पोर्टस क्लब द्वारा आयोजित दो दिवसीय परवाणु कप क्रिकेट प्रतियोगिता के शुभारम्भ के अवसर पर उपस्थित खिलाड़ियों एवं अन्य को सम्बोधित कर रहे थे। इस क्रिकेट प्रतियोगिता में हिमाचल, पंजाब, हरियाणा व चण्डीगढ़ की लगभग 25 टीमें भाग ले रही हैं। डाॅ. सैजल ने इस अवसर पर नशा निवारण जागरण अभियान के तहत नशा निवारण हस्ताक्षर पट्ट पर हस्ताक्षर भी किए। डाॅ. सैजल ने कहा कि परवाणु में इण्डोर स्टेडियम के निर्माण के लिए अधिकारियों को शीघ्र भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए जाएंगे। प्रदेश सरकार खेलों को प्रोत्साहित कर युवाओं की ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह प्रयास किया जा रहा है कि प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री युवा निर्माण योजना के तहत चरणबद्ध तरीके से दो बड़े बहुदेशीय मैदान निर्मित किए जाएं। डाॅ. सैजल ने कहा कि सभी को किसी न किसी खेल गतिविधि में अवश्य भाग लेना चाहिए। खेल व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ उन्हें प्रत्येक परिस्थिति से निपटने के लिए भी तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खेल एक आकर्षक कैरियर भी बन कर उभरे हैं। उन्होेंने कहा कि खेलों में सर्वोच्च स्थान पर पंहुचने के लिए योग्य गुरू के मार्गदर्शन में अनुशासन के साथ नियमित अभ्यास आवश्यक है। युवाओं को नशे के मकड़जाल से बचाने के लिए उन्हें खेलों से जोड़ना समय की मांग है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि नशे को न कहें और परिश्रम के साथ अपने भविष्य को संवारें। उन्होंने इस अवसर पर परवाणु स्पोर्टस क्लब को अपनी एच्छिक निधि से 21,000 रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की। परवाणु स्पोर्टस क्लब के अध्यक्ष पुनीत शर्मा, उपाध्यक्ष कुशाग्र पाठक, सचिव रोहित सरसवल व मोहिल ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डाॅ. डेजी ठाकुर, भाजपा मण्डल सोलन के उपाध्यक्ष दौलत ठाकुर, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सदस्य मदन मोहन मेहता, भाजपा मण्डल कसौली के सचिव अश्वनी शर्मा, भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य जोगिन्द्र शर्मा व किरण प्रकाश, युवा मोर्चा सदस्य नरेन्द्र ठाकुर एवं रोहित ठाकुर, परवाणु उद्योग संघ के महासचिव सार्थक तनेजा सहित परवाणु स्थित विभिन्न उद्योगों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति, खिलाड़ी तथा स्थानीय निवासी उपस्थित थे।


















































