जिला देहरा के जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता अचल पठानिया के हिमाचल प्रदेश भाजयुमो का वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनने पर युवा मोर्चा में भारी उत्साह है। इससे पूर्व पठानिया भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। जसवां परागपुर विधानसभा की जनता में अचल पठानिया खासी पहचान है। मिशन 2022 को लेकर पार्टी अपने अनुभवी और कर्मठ कार्यकर्ताओ को संगठन में जगह दे रही है और इससे पहले भी अचल पठानिया संगठन के कई दायित्वों पर रह चुके है। जिनका लाभ पार्टी को मिला है। भाजयुमो के प्रदेश सचिव नितिन ठाकुर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रमन शर्मा, संगठनात्मक भाजयुमो जिला अध्यक्ष मुकेश सोनी, जसवां परागपुर मण्डल भाजयुमो अध्यक्ष रिंकी ठाकुर, राहुल मेहता, पंकज कुमार, सन्नी कुमार, सुदेश कुमार, अजय कुमार, विपिन कुमार, पवन राणा, विनय कुमार, प्रदीप कुमार व संगठनात्मक जिला देहरा मीडिया प्रभारी अविनाश सेठी ने प्रदेश पार्टी हाईकमान का धन्यवाद किया है। अचल पठानिया ने बीते कल शिमला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का धन्यवाद किया और उन्हें नई जिमेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाने के लिए आश्वस्त किया। इस बारे जानकारी देते हुए उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप केंद्रीय मंत्रीअनुराग ठाकुर, राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार और प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल का व प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा औऱ युवा मोर्चा के अध्यक्ष अमित ठाकुर का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा की संगठन द्वारा दी गई नई जिमेदारी को वह पहले की तरह पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
क्षेत्रीय बोर्ड कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) हिमाचल प्रदेश की 39वीं बैठक आज यहां उद्योग, श्रम एवं रोजगार व परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस अवसर पर बिक्रम सिंह ने कहा कि प्रदेश में शीघ्र ही न्यायाधिकरण (मेडिकल ट्रिब्यूनल) का गठन किया जाएगा। इसका गठन ईएसआई विनियमन, 1950 (साधारण) के विनिमयन 76 के तहत किया जाएगा। इस ट्रिब्यूनल में बीमाकृत व्यक्ति चिकित्सा बोर्ड के निर्णय से संतुष्ट न होने पर अपील कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य के सात जिलों में ई एस आई योजना कार्यरत है। हमीरपुर, चम्बा, कुल्लू किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में यह योजना शीघ्र ही कार्यन्वित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सात कार्यन्वित जिलों में ई एस आई कोर्ट की स्थापना की जा चुकी है तथा शिमला, कांगड़ा और बिलासपुर में ई एस आई के शाखा कार्यालय खोलने की प्रक्रिया जारी है। श्रम एवं रोजगार मंत्री ने प्रदेश में स्थापित जल विद्युत परियोजनाओं में कार्यरत कामगारों को ई एस आई सी सुविधा प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को ई एस आई सी के संस्थान खोलने के लिए प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रदेश सरकार को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बिक्रम सिंह ने सभी विभागों को बीमितों को अधिक से अधिक लाभ प्रदान करने के लिए समन्वय से कार्य कर प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कर्मचारी राज्य बीमा निगम के लाभार्थियों को जागरूक करने के दृष्टिगत जागरूकता अभियान आयोजित करने को भी कहा। निदेशक व सदस्य सचिव क्षेत्रीय बोर्ड संजीव कुमार ने कर्मचारी राज्य बीमा निगम एवं प्रदेश में कर्मचारी राज्य बीमा योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ई एस आई योजना के तहत चलाए जा रहे अस्पतालों औषधालयों में प्रदान की जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी अवगत करवाया। बैठक में निदेशक स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन सुमित खिमटा, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं एवं परिवार कल्याण डाॅ. अनीता महाजन, निदेशक व सदस्य सचिव क्षेत्रीय बोर्ड संजीव कुमार, उप-निदेशक पीबी गुरंग, कर्मचारी राज्य बीमा निगम के राज्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अमित साहलीवाल, उप-चिकित्सा अधीक्षक आदर्श अस्पताल बद्दी डाॅ. सुनील दत्त शर्मा, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, भारतीय मजदूर संघ, सीआईटीयू और इंटक के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता अचल पठानिया के हिमाचल प्रदेश भाजयुमो का वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनने पर युवा मोर्चा में दौड़ी खुशी की लहर है। बता दें कि इससे पूर्व भी पठानिया भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष पर रह चुके हैं। जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में अचल पठानिया सबसे उभरता हुआ चेहरा है। यही कारण रहा जो उन्हें फिर से भाजयुमो में प्रदेश का वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया। उनकी हुई ताजपोशी पर भाजयुमो के प्रदेश सचिव नितिन ठाकुर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रमन शर्मा, संगठनात्मक भाजयुमो जिला अध्यक्ष मुकेश सोनी, जसवां परागपुर मण्डल भाजयुमो अध्यक्ष रिंकी ठाकुर, राहुल मेहता, पंकज कुमार, सन्नी कुमार, सुदेश कुमार, अजय कुमार, विपिन कुमार, पवन राणा, विनय कुमार, प्रदीप कुमार ने प्रदेश पार्टी हाईकमान का धन्यवाद किया है। वहीं ऐसे समय में पार्टी हाईकमान ने अचल पठानिया की ताजपोशी कर जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के कई नेताओं को कड़ा संदेश भी दे दिया है कि सरकार से ऊपर संगठन होता है।
विधानसभा क्षेत्र देहरा के तहत स्थित प्राइमरी स्कूल में बुधवार की वनमहोत्सव पार्षद सुनीता शर्मा पार्षद की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। आपको बता दें प्राइमरी विद्यालय के सानिध्य में वृक्षारोपण किया गया। जिसमें वार्ड नं 4 की पार्षद दीपिका, महिला मण्डल की अध्य्क्ष पुष्पा उप्पल, सचिव उर्मिला शर्मा और महिला मंडल, स्कूल प्रबंधन और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान पार्षद सुनीता शर्मा ने कहा कि हम सब को पेड़ पौधे लगाने चाहिए साथ ही अपने पर्यायवरण को स्वछ भी रखना चाहिए।
बुधवार को आम आदमी पार्टी ज्वालामुखी यूथ विंग के अध्यक्ष विकास धीमान ने प्रेस विज्ञापित माध्यम से कहा कि पूरा हिमाचल हमारे युवा नेता अनुराग ठाकुर के स्वागत में लगा हुआ है। इसके लिए उन्हें बधाई परन्तु उन्हें आश्चर्य है कि वह वित्त और कॉर्पोरेट मामलों के राज मंत्री रहे और उन्होंने पीएसयू के विनिवेश के बारे में भी चर्चा नहीं की। युवा सरकारी क्षेत्र में नौकरी पाने का सपना देख रहे हैं और वे इसके लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों के विनिवेश में व्यस्त है। अनुराग ठाकुर हमारे सांसद हैं और हमारे अधिकारों के लिए लड़ना उनकी जिम्मेदारी है। अब भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी पाना हमारे युवाओं के लिए एक सपना बनकर रह जाएगा। यहां देश सरकार से राहत की तलाश में है लेकिन सरकार लोगों को तनाव देने में व्यस्त है। आप नेता विकास धीमान ने कहा की अनुराग ठाकुर ने युवाओं के लिए नौकरियों के बारे में कुछ भी चर्चा नहीं की, जबकि हिमाचल प्रदेश के युवा इस बात से बहुत खुश थे कि उनका नेता अधिक ऊँचाइयों पर है और उनके लिए कुछ करेगा। लेकिन नेता ने युवाओं के रोजगार के अवसरों के बारे में कुछ भी नहीं बताया।
किसान और पशुपालक अब अपनी समस्याओं का समाधान कृषि विवि पालमपुर के किसान पोर्टल पर कर सकेंगे। किसानों की समस्याओं का समाधान सरल हिंदी भाषा में होगा। कृषि विवि ने छात्रों और कृषक समुदाय के लिए दो नई सेवाओं की शुरुआत की। कुलपति प्रो. हरिंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि नेशनल अकादमिक डिपॉजिटरी की सुविधा छात्रों को उनकी प्रामाणिक डिजिटल डिग्री और अन्य शैक्षणिक दस्तावेजों तक पहुंच प्रदान करेगी। विश्वविद्यालय की नई अपडेटिड वेबसाइट में प्रौद्योगिकियों के हस्तांतरण के लिए समर्पित किसान पोर्टल शामिल है। किसान पोर्टल के माध्यम से किसान सीधे खेत से सवाल पूछ सकते हैं और विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों से तेज और विश्वसनीय समाधान प्राप्त कर सकते हैं। वे पोर्टल पर हिंदी या अंग्रेजी में अपने प्रश्नों के साथ प्रासंगिक फोटो भी अपलोड कर सकते हैं।
पुलिस थाना ज्वालामुखी के अंतर्गत पुलिस टीम एएसआई नाजर सिंह के नेतृत्व में ट्रैफिक चेकिंग ड्यूटी पर सपडी से खुंडिया रोड पर मौजूद थी। यहां मोटरसाइकिल नम्बर एचपी 36बी0285 पर दो व्यक्ति सवार थे जो खुंडिया की तरफ सपडी की ओर आ रहे थे। पुलिस टीम को देखकर दोनों वापस भागने लगे लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। इस पर मोटरसाइकिल के पीछे बैठे व्यक्ति ने अपनी जेब से कुछ सामान निकालकर झाड़ियों में फेंक दिया, जिसे बाद में उठाकर देखने पर चरस पाई गई है। बताया जा रहा है कि उक्त चरस का वजन 22.15 ग्राम पाया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ ज्वालामुखी जीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।
ज्वालामुखी के पूर्व विधायक एवम कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता संजय रत्न ने कहा है कि मोदी सरकार देश की पहली ऐसी सरकार है जो सत्ता में आने के बाद से ही एक-एक करके सरकारी संपत्तियां बेचती जा रही है। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश को खोखला करने के लिए मोदी सरकार ने कमर कसी हुई है और एक बार फिर मोदी सरकार सरकारी संपत्तियां बेचकर पैसे जुटाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सरकारी संपत्ति को जल्द बेचने के लिए मोदी सरकार के जिस नये प्रोग्राम का खुलासा किया है, वह इस सरकार की हर मोर्चे पर विफलता और दिशाहीनता का सूचक है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने सरकारी संपत्तियां बेचकर पैसा जुटाने के लिए मोदी सरकार को जनादेश नहीं दिया था बल्कि वायदों को हकीकत में बदलने के लिए भारी जन समर्थन दिया था। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सत्ता में आने से पहले देश की जनता को इस नारे के साथ भ्रमित किया था कि-"बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार" और अब देश की जनता ने साक्षात देख लिया है कि मोदी शासन में गैस सिलेंडर 1000 और पेट्रोल ₹100 प्रति लीटर का आंकड़ा पार कर गया है। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ डाली है। हर साल 2 करोड युवाओं को नौकरियां देना तो दूर की बात रही, सरकार की गलत नीतियों के चलते करोड़ों लोग अपने रोजगार से हाथ धो बैठे हैं। हर वर्ग सरकार से हताश और निराश है। किसान सड़कों पर बैठे हैं और मोदी सरकार चैन की बंसी बजा रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार चंद पूंजीपतियों को खुश करने वाली सरकार बन कर रह गई है और आम आदमी की पीड़ा से मोदी सरकार ने अपना मुख मोड़ लिया है।
जसवां-परागपुर : प्रदेश की जयराम सरकार द्वारा केबिनेट में रक्कड़ सीएचसी का दर्जा बढ़ाकर 24/7 में आपातकाल की सुविधा मिलने से स्थानीय जनता में स्वदेशी जागरण मंच के पूर्व संयोजक देशबंधु, प्रेम चन्द, केडी शर्मा, रक्कड़ की प्रधान जीवन लता, कुहना के प्रधान रामपाल, पूर्व प्रधान रत्न सिंह राठौर, नरेश, समीर, सजींव, राजेश, मनोज आदि ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार व प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, उद्योग व परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर, स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल, संगठन मंत्री पवन राणा का रक्कड़ में सीएचसी का दर्जा बढ़ाने पर इन सभी नेताओं का धन्यवाद किया है। आपको बता दे कि पिछले काफी समय से रक्कड़ सीएचसी को अपडेट करने की मांग स्थानीय जनता द्वारा की जा रही थी, यही नहीं थोड़े ही समय पहले स्वदेशी जागरण मंच के पूर्व संयोजक देशबंधु इस मांग को लेकर भूख हड़ताल पर भी बैठे थे जिसे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आशावासन के उपरांत तोड़ दिया गया था। आज हिमाचल प्रदेश केबिनेट में सीएचसी रक्कड़ का दर्जा बढ़ाकर 24/7 में आपातकाल सुविधा देने का फेसला लिया है वहीं स्थानीय वाशिंदों ने इस देन के लिए प्रदेश सरकार का दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त किया है। बीते काफी सालों से यह मांग लोगों द्वारा की जा रही थी जिसे आज पूरा कर दिया गया है। लोगो का आरोप था कि रक्कड़ में ढंग की स्वास्थ्य सुविधा न होने की वजह से कई लोग मौत का ग्रास बन जाते थे रात में अगर कोई बीमार पड़ जाए तो उक्त व्यक्ति को या तो नादौन या फिर देहरा अस्पताल लेकर जाना पड़ता था और कई लोगों की वहां पहुँचने से पहले ही मौत हो जाती थी। अब सीएचसी रक्कड़ का दर्जा बढ़ने से लोगों को स्वास्थ्य जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। रक्कड़ में ही लोगों का समय रहते उपचार हो जाएगा।
ज्वालामुखी : डीएवी भड़ोली स्कूल में चरित्र निर्माण शिविर का आयोजन प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा के दिशा निर्देशों में किया गया। हवन यज्ञ ,यज्ञ प्रार्थना, भजन, प्रवचन, ओम का उच्चारण, गायत्री मंत्र, तथा ईश्वर स्तुति प्रार्थना मंत्र कार्यक्रम के आकर्षण रहें। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के वाइस चेयरमैन डॉ ओपी सौंधी व नादौन क्षेत्र के आर्य समाज के प्रधान सुरेंद्र आर्या विशेष रूप से उपस्थित हुए। कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्रोच्चारण से की गई तथा "तेरे पूजन को भगवान बना मन मंदिर आलीशान" भजन से की गई। यज्ञ में प्रधानाचार्य ने अपने अध्यापकों व विद्यालय में कार्यरत हर व्यक्ति सहित भाग लिया और यज्ञ में परमपिता परमात्मा से कोरोना महामारी से मुक्त होने की प्रार्थना की। प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा ने अपने संबोधन में अध्यापकों को कहा कि बच्चों को प्रारंभ से ही अपने माता-पिता की सेवा करना, बड़ों का कहना मानना, परिश्रम करना, तथा नैतिक मूल्यों पर आधारित कहानियों के माध्यम से उनमें नैतिकता के गुणों को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के चेयरमैन प्रबोध महाजन वाइस चेयरमैन ओपी सोनी, ए आर ओ वीके यादव व प्रबंधक नमित शर्मा ने प्रधानाचार्य की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
काँगड़ा : पुलिस थाना हरिपुर के अंतर्गत डाकघर बिलासपुर तहसील हरिपुर के निवासी ने पुलिस में अपनी 16 वर्षीय लड़की के 19 अगस्त दोपहर से घर से गायब होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। हरिपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि उक्त लड़की को ढूढने के लिए पुलिस हर सम्भव प्रयास कर रही है। डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया यह लड़की पहले भी अपने घर से भागी है जिसे पुलिस ने ढूंढ कर सुरक्षित घर पहुंचाया था। साथ ही बताया कि पुलिस हर पहलू की बारीकी से तफ़्तीष कर रही है।
ज्वालामुखी : प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा की अध्यक्षता में शनिवार को 'रक्षाबंधन दिवस' के उपलक्ष्य पर विभिन्न स्तरों पर मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। जहाँ एक ओर एल०के०जी० व यू०के०जी० की कक्षाओं के लिए 'कलर राखी' पहली और दूसरी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए ' ड्रा राखी' और तीसरी से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए 'मेक राखी' शीर्षक के अंतर्गत गतिविधियाँ करवाईं गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में अपने त्योहारों को लेकर मन में तरंगे उत्पन्न होती हैं और अपनी संस्कृति के प्रति भी निश्छल प्रेम उत्पन्न होता है। स्कूल के लगभग सभी बच्चों ने बढ़-चढ़कर इन गतिविधियों में भाग लिया। कनिका, आर्यन, आयुष, कनिष्का, प्रणव, कौशिक, मान्या, हर्षित, सिमरन, कंचन, ओजस, शिवेन,प्रणव, शाइना, काव्या आदि कई बच्चों ने हर्षोल्लास के साथ अपनी गतिविधियाँ प्रस्तुत कीं। सभी बच्चों के प्रयास बहुत ही सराहनीय रहे। प्रधानाचार्य ने भी सभी बच्चों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और रक्षाबंधन संदेश देते हुए कहा कि रक्षाबंधन के पर्व से भाई-बहन की कई भावनाएँ जुड़ी हैं। यह त्योहार भाई और बहन के प्रेम का प्रतीक है। त्याग, प्रेम और कर्तव्य का यह बंधन है। राखी का रंग- बिरंगा धागा भाई-बहन के प्रेम के बंधन को और भी मजबूती प्रदान करता है।
जसवां-परागपुर : केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा एव खेल मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा आशीर्वाद यात्रा में रक्कड़ जनसभा में युवा नेता सुधीर शर्मा के नेतृत्व में युवाओं ने मंत्री अनुराग ठाकुर को रक्कड़ में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए ज्ञापन सौंपा। इस पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि रक्कड़ में केंद्रीय विद्यालय पर जल्द ही विचार किया जाएगा। जानकारी के अनुसार बीते बर्ष पहले रक्कड़ जनसभा में अनुराग ठाकुर ने केंद्रीय विद्यालय खोलने की घोषणा की थी। इस विषय पर सुधीर शर्मा ने कहा कि मंत्री अनुराग ठाकुर ने हमारी मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया है।
जसवां-परागपुर : पूर्व कामगार एवम कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह मनकोटिया ने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कहते है कि शादियों आदि कार्यक्रमो से कोरोना बढ़ता है और दूसरी तरफ अनुराग ठाकुर की रैली में खुलेआम कोरोना नियमो की धज्जियाँ उड़ाई गयी। जिला कांगड़ा मे ही नही बल्कि हिमाचल के कई जिलों मे आयोजित हुए केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर के कार्यक्रमो मे सोशल डिस्टैन्सिंग तो दूर, अनुराग ठाकुर सहित अन्य जनता भी बिना मास्क के देखी गई। सुरिंद्र मनकोटिया ने कहा कि जहां हिमाचल पुलिस बिना मास्क घूमने वालो के चालान काट रही है और उक्त रैली मे सबको मास्क न पहने की छूट दे रखी थी। उन्होंने एक फ़ोटो शेयर करते पूछा क्या नियम सिर्फ जनता के लिए ही है। एक तरफ जहां बिलासपुर के झंडूता में तहसीलदार ओर थाना प्रभारी ने बिना मास्क घूम रहे लोगो के चालान काट दिए वही अनुराग ठाकुर की रैली में नियमो को ताक पर रख दिया गया। उन्होंने अनुराग ठाकुर से ये भी पूछा कि महंगाई कम तो हो नही रही मोदी सरकार से ? डीजल तेल पेट्रोल गेस बेरोजगारी चरम सीमा पर है अब तो सरसो का तेल भी इतना महंगा हो गया है कि युवा पकोड़े भी तल नही सकता। निजीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। अम्बानी ओर अडानी को फायदा पहुचाया जा रहा है। मोदी सरकार और अनुराग सिर्फ एक बात का उत्तर दे कि पुलवामा हमले में आजतक किसको गिरफ्तार किया है और इतना आरडीएक्स आया कहां से ? देश प्रदेश की जनता जानना चाहती है पुलवामा हमले के गुनहगार अभी तक पकड़े क्यों नही गए ।
जिला कांगड़ा के चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर का 16वां दीक्षांत समारोह सोमवार को आयोजित किया गया जिसकी अध्यक्षता राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने की, जबकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित हुए।राज्यपाल ने अपने संबोधन में युवा विज्ञानियों और डिग्रीधारकों से अपील की कि वे रोजगार की तलाश के बजाय रोजगार प्रदात्ता बनें। इसके लिए उन्हें स्वरोजगार की राह पर आगे बढ़ना चाहिए। उनके ज्ञान का लाभ समाज, विशेषकर कृषि समुदाय को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक योगदान के अलावा, वे राज्य के कृषि क्षेत्र में भी योगदान दें। युवा देश की सम्पदा हैं और उन्हें राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। राष्ट्र तभी विकसित हो सकता है जब युवा केंद्रित, अनुशासित और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाएं। उन्होंने युवाओं से अपने जीवन में अनुशासन, देशभक्ति, ईमानदारी और समर्पण जैसे मूल्यों को विकसित करने का आग्रह किया। श्री आर्लेकर ने कहा कि अनुसंधान और तकनीक के माध्यम से नवाचार बड़े पैमाने पर कृषि समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध होगा। राज्यपाल ने स्वर्ण पदक विजेताओं, सभी डिग्रीधारकों और पूर्व विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार द्वारा 1 नवम्बर, 1978 को विश्वविद्यालय के रूप में रोपा गया यह पौधा आज देश में उच्च शिक्षा का केंद्र बन गया है। शांता कुमार की इस परिकल्पना को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है और इस दिशा में योगदान देना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान और प्रसार की दिशा में अपनी भूमिका बखूबी निभा रहा है। पिछले साल भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् ने इस विश्वविद्यालय को देश के सभी कृषि विश्वविद्यालयों और समकक्ष कृषि संस्थानों में 14वें स्थान पर आंका, जिसके लिए विश्वविद्यालय प्रबंधन बधाई का पात्र है। उन्होंने विश्वविद्यालय को और अधिक कार्य करने की सलाह दी ताकि यह विश्वविद्यालय देश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर सके। राज्यपाल ने कहा कि स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थी समाज, राष्ट्र और राज्य के लिए समर्पण की भावना से कार्य करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी विश्वविद्यालय से अर्जित शिक्षा और ज्ञान का भरपूर उपयोग करें। मुख्यमंत्री ने दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि चौधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय देश के हिमालयी राज्यों के कृषि अनुसंधान और शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी विश्वविद्यालयों में एक है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की 90 प्रतिशत जनसंख्या ग्रामीण क्षेत्रों में रहती जिसका मुख्य व्यवसाय कृषि है। इसलिए प्रदेश की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए कृषि क्षेत्र में अनुसंधान और अधिक महत्त्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के बिना प्रदेश के विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। कृषि के इस योगदान को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने उत्पादन में सुधार, रोजगार के अवसर सृजित करने और परिवार की आय को बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की हैं।जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी कृषि क्षेत्र ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस महामारी का वैश्विक अर्थव्यवस्था का प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है लेकिन कृषक समुदाय ने यह सुनिश्चित किया कि देश की घटती अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ सहयोग प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सशक्त नेतृत्व मिल रहा है और उन्होंने इस संकट की घड़ी से देश को सफलतापूर्वक बाहर निकाला है। विभिन्न बाधाओं के बावजूद प्रधानमंत्री ने यह सुनिश्चित किया है कि देश पीपीई किट्स, वेटिंलेटर और दवाई जैसी आवश्यक वस्तुओं में आत्मनिर्भर बने। उन्होंने कहा कि आज देश में विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के कृषक समुदाय के कल्याण के लिए चिन्तित हैं और महामारी के दौरान विशेषकर किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से किसान सम्मान निधि योजना शुरू की गई है। इस योजना के अन्तर्गत राज्य के 9.32 लाख किसानों को 1 हजार 350 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। प्रदेश सरकार रसायनों के न्यूनतम प्रयोग व कम निवेश से किसानों की आय को बढ़ाने के लिए प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना का क्रियान्वयन कर रही है। प्रदेश के सभी जिलों में जिका परियोजना क्रियान्वित की जा रही है जिससेे फलों और सब्जियों के अंतर्गत क्षेत्र बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने फसलों को बन्दरों, जंगली जानवरों और बेसहारा पशुओं से बचाने के लिए मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना शुरू की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने पूर्ण राज्यत्व के 51वें वर्ष में प्रवेश किया है। उन्होंने विश्वविद्यालय को कृषि क्षेत्र में प्रदेश की यात्रा को प्रदर्शित करने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि फसलों की पैदावार बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों का अधिक उपयोग सुनिश्चित करने के लिए कृषि उत्पादन तकनीकों, विभिन्न फसलों की किस्मों, भूमि और जल प्रबंधन, जैविक संसाधनों के उपयोग व संरक्षण, जल भण्डारण, रोग और कीट नियंत्रण तकनीकों जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अनुसंधान न केवल अतिआवश्यक है, बल्कि यह किसानों की आर्थिकी को भी सुदृढ़ करेगा। यह विश्वविद्यालय देश में अग्रणी और प्रमुख कृषि विश्वविद्यालय बनकर उभरा है जिसका श्रेय विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों की मेहनत और समर्पण को जाता है। उन्होंने मेडल और अवार्ड विजेता विद्यार्थियों के उज्जवल और सफल भविष्य की कामना की। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के डिजी-लाॅकर और वेबसाइट के अपडेटड वर्जन का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के जैनेटिक्स एण्ड प्लांट ब्रिडिंग विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डाॅ. राजन कटोच द्वारा लिखित पुस्तक राइसबीनः एक्सप्लाॅयटिंग द न्यूट्रिशनल पोटेंशियल आॅफ एन अण्डरयूटिलाइजड लैग्यूम, आर.एस. चन्देल द्वारा लिखित पुस्तक पेस्ट्स आॅफ फ्रूट एण्ड प्लांटेशन क्राॅप्स, डाॅ. आर.के. राजू द्वारा लिखित मेज-गोल्डन ग्रेन आॅफ हिमाचल प्रदेश और विश्वविद्यालय की संयुक्त रिपोर्ट का भी इस अवसर पर विमोचन किया गया। इससे पूर्व, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में 1.13 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हरित अतिथि गृह का लोकार्पण किया। पूर्व मुख्यमंत्री शान्ता कुमार ने इस अवसर पर कहा कि उन्हें इस बात की प्रसन्नता है कि 43 वर्ष पूर्व उनके मुख्यमंत्रीत्व काल के दौरान इस विश्वविद्यालय की स्थापना की गई थी। इन वर्षों में इस विश्वविद्यालय ने देश के कृषि विश्वविद्यालयों के मध्य अपना एक विशेष स्थान बनाया है। उन्होंने कहा कि कृषि विश्वविद्यालयों के विज्ञानियों के परिश्रम और अनुसंधान का ही परिणाम है कि आज भारत अन्न उत्पादन में आत्मनिर्भर है, जिसके परिणामस्वरूप कोरोना महामारी के दौरान देश के 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन प्रदान करवाया गया। उन्होंने कहा कि कत्र्तव्य के प्रति समर्पण बलिदान नहीं बल्कि हमारे जीवन का भाग है इसलिए हमें दूसरों तथा समाज के लिए जीना चाहिए ताकि अपने जीवन को सार्थक बना सकें। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने मेडल विजेताओं और डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि यह उनकी मेहनत और समर्पण का फल है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र द्वारा सुदृढ़ आधार प्रदान करने के फलस्वरूप कोरोना महामारी के दौरान भी प्रदेश की आर्थिकी स्थिर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वर्ष 2022 तक देश के किसानों की आय दोगुना करने की परिकल्पना है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कृषि वैज्ञानिकों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय देश में कृषि क्षेत्र के विश्वविद्यालयों मेें अग्रणी है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हरिन्दर कुमार चौधरी ने राज्यपाल व मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह में 393 विद्यार्थियों को डिग्रियां आबंटित की गईं हैं जिनमें से 262 स्नातक, 110 स्नातकोत्तर और 21 पीएचडी धारक हैं। विश्वविद्यालय के आठ विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किए गए जबकि दो पूर्व विद्यार्थियों नन्द लाल शर्मा और तिलक राज शर्मा को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अनुसंधान व शैक्षणिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस स्वर्ण जयंती वर्ष से विश्वविद्यालय विभिन्न राष्ट्रीय एजेंसियों के साथ हिमाचल के 51 स्थानीय उत्पादों के पंजीकरण का कार्य आरम्भ करेगा। कृषि मंत्री वीरेन्द्र कंवर, विधायक अरूण मेहरा, मुल्ख राज प्रेमी व रविन्द्र कुमार, अध्यक्ष वूलफेड त्रिलोक कपूर, अध्यक्ष मिल्कफेड निहाल चन्द शर्मा, पूर्व विधायक प्रवीण कुमार, डाॅ. वाई.एस. परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के कुलपति प्रो. परविन्दर कौशल, सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक नन्द लाल शर्मा, विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, विद्यार्थी और पुरस्कार विजेता विद्यार्थियों के अभिभावक भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
देहरा : देवभूमि क्षत्रिय संगठन एवं देवभूमि स्वर्ण मोर्चा संगठनात्मक जिला देहरा की कार्यकारिणी ने प्रदेश सलाहकार रविन्द्र शर्मा की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर को हिमाचल प्रदेश में सवर्ण आयोग के गठन के बारे में कुण्डलीहार में ज्ञापन सौंपा वहीं हिमाचल प्रदेश में जल्द से जल्द सवर्ण आयोग के गठन हेतु आग्रह किया गया। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र देहरा, जसवां:परागपुर, ज्वालामुखी से लगभग 150 कार्यकर्ता केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर से मिले। जिला देहरा कार्यकारिणी ने अपनी मांग को पूरे जोर-शोर से मंत्री अनुराग ठाकुर के आगे उठाया। इस मौके पर प्रदेश सचिव सुमित वालिया, देहरा क्षत्रिय संग़ठन अध्यक्ष अंकुश, स्वर्ण मोर्चा अध्यक्ष देहरा रमन शर्मा, सचिव स्माइल ठाकुर, सतविंदर गुलेरिया, राजन शर्मा, सलाहकार सुमित, यश पठानिया, पुष्पिंदर चौहान, सुशील ठाकुर, अनिकेत, संदीप कुमार, नीरज राणा नीलू, रमन सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
काँगड़ा : केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की जन आशिर्वाद यात्रा रविवार को ज्वालामुखी, देहरा और जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। इस अवसर पर उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर, योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं ज्वालामुखी के विधायक और पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि ने उनका स्वागत किया। ज्वालामुखी, कुंडलिहार और रक्कड़ में जनसभाओं को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। सभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी और आगे भी प्रदेश के विकास में किसी प्रकार की कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उनको दी गई यह जिम्मेदारी पूरे प्रदेश के लिए सम्मान है। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 25 स्थानों में क्षेत्र की जनता ने पूरी गर्मजोशी से केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। लोगों का हुजूम और स्नेह को देखकर उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन में आजतक ऐसा वातावरण नहीं देखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश की जनता का आशिर्वाद लेने के लिए उन्हें यहां भेजा और प्रदेश की जनता ने उनकी कल्पना और अपेक्षा से अधिक स्नेह दिया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि, भाजपा प्रदेश महासचिव त्रिलोक कपूर, ज़िला भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा, मण्डल अध्यक्ष ज्वालामुखी मानसिंह राणा, मंडलाध्यक्ष जसवां परागपुर विनोद शर्मा, मंडलाध्यक्ष देहरा निर्मल सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
काँगड़ा: संस्कृत दिवस पर जिलास्तरीय संस्कृत श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता, हर-घर-पाठशाला, संस्कृत शिक्षक परिषद्, हिमाचल संस्कृत अकादमी तीनों संस्थाओं द्वारा संस्कृत दिवस पर आयोजित जिलास्तरीय संस्कृत श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें कांगड़ा जिला के विभिन्न विद्यालयों से 40 छात्रों एवं 20 शिक्षकों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता का आयोजन गूगल मीट के माध्यम से किया गया। हिमाचल संस्कृत अकादमी के सचिव डॉ केशवानन्द कौशल ने इस प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया। छात्रों को सम्बोधित करते हुए कौशल ने कहा कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है, जिसका प्रचार एवं प्रसार करना हम सभी का दायित्व है। इस अवसर पर राजकीय संस्कृत शिक्षक परिषद् के प्रदेशाध्यक्ष डॉ मनोज शैल भी उपस्थित रहे। उन्होंने कोरोना काल में छात्रों के इस उत्साह की प्रशंसा की तथा छात्रों को संस्कृत के उपदेश दिए। प्रदेश के महासचिव डॉअमित शर्मा, आईटीसंयोजक डॉअमनदीप शर्मा, डॉ शिव कुमार, प्रतियोगिता के निर्णायक राजकुमार शर्मा, राजेश शर्मा कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
काँगड़ा: जसवां में स्वर्गीय आशाराम की पुण्य स्मृति में परिवार जनों के द्वारा कस्बा कोटला में टियाले का निर्माण करवाया गया। इस अवसर पर उनके सुपुत्र सौरव शर्मा ने बताया कि उनके पिता की इच्छा थी कि उनकी स्वर्गीय माता रमा देवी एवं स्वर्गीय पिता सालिग्राम की याद में टियाले का निर्माण करवाया जाए। इसी प्रण को निभाते हुए उन्होंने अपनी माता बृजबाला एवं ताया रवि दत्त शर्मा के साथ मिलकर टियाले का कार्य पूरा करके लोकार्पित किया। इस अवसर पर ग्राम वासी उनके साथ उपस्थित रहे तथा अंत में भण्डारे का आयोजन किया गया।
काँगड़ा: डाडासीबा में 22 अगस्त रविवार को रक्षाबंधन का पर्व बहुत ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांध कर दीर्घायु के लिए मां ज्वाला से प्रार्थना की। इस दौरान जहां बहनों ने अपने भाइयों की कलाइयों पर राखी बांध कर उनकी लम्बी उम्र की कामना की, वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों की रक्षा करने का वायदा कर उनको उपहार दिए। इस बार भी विदेशी राखियों का बहिष्कार कर बहनों ने स्वदेशी राखी अपने भाइयों की कलाई पर बाँधी। गांव डाडासीबा की रिया और सिया ने बताया कि इस बार हमने अपने भाई अनमोल की कलाई पर हाथ से बनी स्वदेशी राखी ही बांधी है।
अशोका चक्र से सम्मानित शहीद मेजर सुधीर वालिया की बहन के लिए रविवार को रक्षाबंधन का दिन एक भावुक पल था। 20 सालों के लंबे इंतजार के बाद यह पहला मौका था की शहीद मेजर सुधीर वालिया की बहन आशा वालिया ने पालमपुर में शहीद भाई की प्रतिमा स्थापित होने के बाद पहली बार आज प्रतिमा पर भाई को राखी बांधी और श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस मौके पर शहीद मेजर सुधीर वालिया की बहन आशा वालिया ने देश की सुरक्षा में डटे भारतीय जवानों और हर भाई की लंबी उम्र की कामना की और रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस मौके पर शहीद की बहन आशा वालिया के साथ ऋषिका, जैस्मिन तथा बहनोई परवीन आहलूवालिया प्रतिमा स्थल पर उपस्थित रहे।
पालमपुर : हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला कांगड़ा इकाई के नवनिर्वाचित अध्यक्ष हर्षवर्धन राणा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार से भेंट की। हिमाचल प्रदेश प्रवक्ता संघ ने विपिन सिंह परमार के निवास ननाओं में उनसे भेंट की। विधान सभा अध्यक्ष ने प्रवक्ता संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष हर्षवर्धन राणा को अध्यक्ष पद पर निर्वाचन की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर्षवर्धन राणा के नेतृत्व में प्राध्यापक संघ और मजबूत होगा। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को सम्मनित करते हुए संघ के पदाधिकारियों को उनकी समस्याओं और मांगों को सुलझाने के लिये हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मी सरकार की रीढ़ के रूप में कार्य करते हुए सरकार की कल्यणकारी योजनाओं और नीतियों को आम आदमी तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार समय समय पर सरकारी कर्मियों की यथासंभव मांगों को पूर्ण किया है और करोड़ों रुपये वितीय लाभ भी समय समय उपलब्ध करवाए गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने संघ को भरोसा दिलाया कि अध्यापकों की जो भी समस्याएं और मांगे हैं, उन्हें सुलझाने में सहयोग किया जाएगा तथा सरकार के समक्ष उनकी समस्याओं को पुरजोर तरीके से रखकर हल करवाया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानाचार्य अनिल नाग, विजय शर्मा निवर्तमान अध्यक्ष राकेश भढ़वाल, धीरज व्यास, विजय राणा, सतीश स्याल, सतीश कटोच, लेखराज, मिलाप, संजय सूद, अकाश दीप शर्मा ,सिकंदर मिन्हास , राजकुमार, सुधीर गुलेरिया सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।
कांगड़ा, मंडल ने जन आशीर्वाद यात्रा का स्वागत किया, जहाँ प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, मंत्री विक्रम ठाकुर, विधायक रमेश धवला, पूर्व विधायक रविन्द्र रवि एवं महामंत्री त्रिलोक जम्वाल उपस्थित रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मैं माँ ज्वाला के आशीर्वाद से आज इस पद पर हूं। उन्होंने कहा इस रक्षा बंधन के पावन त्योहार पर आशीर्वाद देने आए आप सब बहनों का दिल से धन्यवाद, मैं हमेशा इस पल को याद रखूंगा। उन्होंने कहा की भाजपा की धूमल सरकार ने रक्षा बंधन पर मुफ्त बस सेवा दी थी आज बसों में बड़ी संख्या में बहने अपने भाइयों को राखी बांधने जा रही है। उन्होंने कहा जब यह जन आशीर्वाद यात्रा प्रारंभ हुई तब हिमाचल भवन में 3 हज़ार लोगों ने हमारा स्वागत किया था। जिस प्रकार से यात्रा आगे बढ़ रही है, यात्रा का स्वरूप कल्पना से बढ़कर निकल कर आया है। उन्होंने कहा बारिश में इतनी बड़ी तादात में नौजवान निकल कर आए जो पूरी तरह भीग गए और छोटे छोटे बच्चे भी इस यात्रा में नारे लगा रहे थे। ऐसा मैन पहले कभी नहीं देखा। उन्होंने कहा ज्वालामुखी मंडल ने मुझे मेरे चुनावों में रिकॉर्ड लीड दी थी। आज नरेंद्र मोदी सरकार ने हिमाचल को देने में कोई कमी नही छोड़ी है और आगे भी कोई कमी नही आने देंगे। उन्होंने कहा हिमाचल देव भूमि है और हिमाचल को हम खेल भूमि भी बनाएंगे, जल्द नए खेल मैदानों का निर्माण होगा। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल को स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा लाभ दिया है। हिमाचल में डबल इंजन की चाल रही है और जल्द ही हम हिमाचल को देश का नंबर 1 राज्य बनाएंगे। उन्होंने कहा कि रोजगार एवं पर्यटन को बढ़ावा देने का कार्य भी किया जाएगा, हमने धर्मशाला का स्टेडियम बनवाया जिससे कांगड़ा में पर्यटन के क्षेत्र में बड़ा विकास हुआ था। उन्होंने कहा हम हिमाचल प्रदेश की संस्कृति को पूरे विश्व मे ले जाने का काम करेंगे। हमारे पास कला एवं संस्कृतिक क्षेत्र में आपार संभावनाएं है बस हमें मिल कर एक टीम की तरह काम करना है
ज्वालामुखी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दीपक चौहान ने प्रेस के जारी बयान में कहा की पूर्व विधायक संजय रतन के विकास कार्य से प्रभावित होकर ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से 15 लोगो ने भाजपा को छोड़कर ज्वालामुखी कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है जिनमे अधवानी पंचायत से बलवंत चौधरी, सतीश कुमार, सुभाष चंद, राम स्वरुप्प, कुलदीप कुमार, दिलीप कुमार, राकेश कुमार, ईश्वर दास, युवाओं में सौरव कौडल गुम्मर, मुनीश कुमार, सौरव वर्मा, रवि कुमार, जगदीश कुमार दरंग, रोहित, सक्षम जागोत्रा कथोग ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। इस मोके पर पूर्व विधायक संजय रतन ने कहा की ज्वालामुखी कांग्रेस में शामिल हुए सभी भाइयों का कांग्रेस पार्टी में स्वागत है, पार्टी में हर व्यक्ति पूरा मान सम्मान दिया और जिम्मेदारियां दी जाएगी। उन्होने कहा ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र से कोई भी व्यक्ति कांग्रेस पार्टी में शामिल होना चाहेगा तो सभी के लिए हर वक़्त कांग्रेस पार्टी के दरवाजे खुले है। पूर्व विधायक संजय रतन ने कहा की ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र को विकास की बुलंदियों पर ले जाना ओर विधानसभा क्षेत्र के हर मतदाता के हितो की रक्षा करना ही मेरा लक्ष्य है।
जसवां:परागपुर- क्षेत्र के जाने माने लोक गायक परागपुर निवासी विवेक राणा को भारतीय जनता पार्टी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ का जिला संयोजक नियुक्त किया गया है। भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष करनैल राणा द्वारा प्रेस नोट जारी किया गया है जिसमें उन्होंने अपनी इस टीम का गठन किया।प्रदेश भाजपा द्वारा विवेक राणा को मिली इस अहम जिम्मेदारी के लिए उन्होंने भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष करनैल राणा सहित देहरा भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा, प्रदेश उद्योग, परिवहन व श्रम एवं रोजगार मंत्री बिक्रम ठाकुर व प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का तहेदिल से आभार व्यक्त किया है। वहीं विवेक राणा ने कहा कि वे इस दायित्व का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करेंगे। विवेक राणा को भाजपा में यह दायित्व दिए जाने पर परागपुर सहित समूचे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
ज्वालामुखी के पूर्व विधायक एवम प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता ने ज्वालामुखी में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने देश की अखंडता, एकता के लिए और आतंकवाद को जड़ से उखाड़ने को लेकर अपने प्राणों का बलिदान दिया था। स्व. गांधी देश के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाले प्रधानमंत्री थे। देश के विकास में उनकी अग्रणी भूमिका रही। कंप्यूटर और मोबाइल युग उन्हीं की देन है। संचार क्रांति लाने वाले प्रधानमंत्री को देश कभी भूल नहीं पाएगा। संजय रत्न ने कहा कि गांधी परिवार का इतिहास कुर्बानियों से भरा रहा है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने मॉडर्न इंडिया का सपना देखा था, जबकि आइटी सेक्टर में तरक्की, कंप्यूटर का युग, पंचायती राज और 18 साल की आयु में युवा को मत का अधिकार देने के लिए देश में प्रयास राजीव गांधी ने ही किए थे, जिसके बाद से लोकतांत्रिक तरीके से हर 18 वर्ष की आयु वाला नागरिक अपने मत का इस्तेमाल कर सकता है। संजय रत्न ने कहा कि राजीव गांधी के बलिदान को न देश भूला है और न ही कभी भूल पाएगा। उनमें देश को आगे बढ़ाने की दृढ़ इच्छाशक्ति थी।
जसवां-परागपुर ब्लॉक परागपुर कांग्रेस मण्डल ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी की जयंती मनाई गई। इस दौरान पूर्व कामगार एवं कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह मनकोटिया आदि कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर डाडा सीबा सिविल हॉस्पिटल में मरीजों को फल बांटे तो वही पौध रोपण किया। कांग्रेसी नेता सुरेन्द्र सिह मनकोटिया ने आधुनिक भारत के शिल्पकार, आईटी. के जनक, नई शिक्षा नीति, 18 वर्ष के युवाओं को वोट देने का अधिकार देने वाले आधुनिक भारत के निर्माता, भारत रत्न, भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी को उनकी जयंती पर नमन किया। इस मौके पर कांग्रेस महिला अध्यक्ष अनुराधा सपेहिया, पूर्व प्रधान धर्मचंद, कुशल सपेहिया, उप प्रधान पंडित परमेश्वरी दास, शिंपू व सनील कुमार आदि मौजूद रहे ।
जसवां-परागपुर : पुलिस संसारपुर टैरेस चौकी की ग्राम पंचायत हलेड निवासी कानपुर के युवक ने पेड से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी व वहीं दूसरी तरफ पति को फंदे पर झूलते देख पत्नी ने भी घर आकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिससे उसकी भी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कानपुर निवासी मंजीत सिंह उम्र 34 बर्ष सुपुत्र प्रकाश चंद ने वीरवार सुबह करीब 10 बजे अपने घर से थोडी दूर स्वां खडड किनारे पेड के साथ फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। प्रथम दृष्टया में मामला आत्महत्या का लग रहा है व देहरा पुलिस डीएसपी देहरा अंकित शर्मा , एस.एच.ओ कुलदीप कुमार व संसारपुर टैरेस पुलिस एएसआई संजीव कुमार व टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन कर शव को पेड से नीचे उतारकर शव को पोस्टमार्टम के लिऐ देहरा भेजा गया। वहीं इसी दौरान जब युवक ने फंदा लगाया व लोगों को इसके बारे में पता चला तो पति को फंदे पर झूलते देख मंजीत सिंह की पत्नी रूचि उम्र 33 बर्ष ने घर का दरवाजा बन्द कर कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। वहीं पत्नी की तबीयत बिगडती देख परिजनों ने युवक की पत्नी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया परन्तु पत्नी की भी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार युवक औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर टैरेस में रात की डयूटी कर घर लौटा था व सुबह घर से थोडी दूर पेड से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। वहीं डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया में युवक द्वारा फंदा लगाने की बात सामने आ रही है व बाकी पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। उन्होंने कहा कि पत्नी ने भी कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया व दोनों का पोस्टमार्टम देहरा अस्पताल करवाया जायेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू पर बारिकी से जांच कर रही है।
धर्मशाला: पुलिस थाना धर्मशाला के तहत काला पुल में एक विवाहित प्रेमी जोड़े ने जहर निगल कर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने वाला जोड़ा ऊना जिले का बताया जा रहा है। सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि जिला ऊना के पंजोआ क्षेत्र से भागे एक प्रेमी जोड़े ने धर्मशाला के काला पुल स्थित एक निजी होटल में जहर निगलकर आत्महत्या कर ली। दोनों ने बुधवार रात को जहर निगल लिया था और गुरुवार सुबह होटल स्टाफ को इसकी सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जानकारी के मुताबिक मृतक शिक्षक था और उसके दो बच्चे भी हैं। अभी करीब 15 दिन पहले उसके घर में दूसरी बेटी हुई है। बताया जा रहा है शिक्षक की पत्नी भी अध्यापिका है। शादी के बाद दोनों संपर्क में आए। काजल के भी दो बच्चे हैं। वहीं मृतक महिला का पति ऑटो मोबाइल कंपनी में नौकरी करता है। किसी विवाद के कारण दोनों अपने घरों से भागकर धर्मशाला आ गए थे। यहां बुधवार रात को दोनों ने जहर निगल लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न महिला मंडलों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता की राह पकड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान में योगदान दें। बरनाली में महिला मंडलों को सामान वितृत करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर यह बात बोल रहे थे। उद्योग मंत्री द्वारा वीरवार को बरनाली में ग्राम पंचायत बाड़ी, नारी और गमरूर के 11 महिला मंडलों को लगभग 5 लाख रूपये का सामान बांटा गया। जिनमें महिला मंडलों की मांग के अनुसार गद्दे, कुर्सियां, पेटियां, मैट, दरियां, बर्तन, पंखे आदि जरूरत की तमाम वस्तुएं बांटी गई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विभिन्न महिला मंडलों से जुड़ी महिलाएं किसी एनजीओ या स्वयं सहायता समुह के माध्यम से किसी आत्मनिर्भरता के प्रोजेक्ट पर कार्य करें, जिसके लिए सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय जरूरतों और संसाधनों को ध्यान में रखते हुए हर महिला मंडल अच्छी परियोजनाओं का प्रस्ताव बनाकर उनके पास लाए। जिस हेतु वह हर संभव सहायता सरकार एवं स्वयं के माध्यम से उपलब्ध करवाएंगे। उद्योग मंत्री ने सरकार द्वारा गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह हेतु चलाई गई शगुन योजना के तहत 07 परिवारों को 2 लाख 17 हजार की राशि के चेक भी वितृत किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में चल रही प्रदेश सरकार मानवीय मूल्यों के आधार पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद बच्चों विशेषकर बेटियों की पढ़ाई के लिए वह सदैव सहायता करते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कोई भी जरूरतमंद बेटी जिसको पढ़ाई या आत्मनिर्भर बनने के लिए किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो, वह उनसे निःसंकोच संपर्क कर सकती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सवाभिमान के साथ उन्हें सशक्त करना प्रदेश सरकार का प्रमुख लक्ष्य है। उद्योग मंत्री ने कहा कि महिलाओं को सम्मान देकर, उन्हें सशक्त बनाना ही उनकी सरकार का ध्येय है। उन्होंने कहा कि समाज निर्माण में सबसे अहम योगदान मातृशक्ति का है। उन्होंने कहा कि महिला न केवल परिवार एवं समाज को दिशा देने का कार्य करती हैं। इसलिए महिलाओं को समाज में व्यापत बुराईयों को खत्म करने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कार्य करने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाओं के सम्मान और सवाभिमान को ध्यान में रखते हुए 65 वर्ष से उपर सभी महिलाओं को पेंशन देने का ऐतिहासिक निर्णय जयराम सरकार ने लिया। इसके अतिरिक्त हिमाचल गृहणी सुविधा योजना, ग्रामीण आजीविका मिशन, सशक्त महिला योजना, बेटी है अनमोल योजना, पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृवन्दना योजना, जननी सुरक्षा योजना जैसी अनेक योजनाओं के माध्यम से सरकार मातृशक्ति को संबल प्रदान करने का कार्य कर रही है। कार्यक्रम के उपरांत उद्योग मंत्री ने जनसमस्याओं को सुनते हुए अधिकतम का मौके पर निपटारा किया और शेष को समयबद्ध निवारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला परिषद् उपाध्यक्षा स्नेह परमार, बीडीसी अध्यक्षा अनु जामला, जिला परिषद् सदस्या अनु राणा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अनिता सपहिया, महिला मोर्चा मंडलाध्यक्ष सत्या सूद, उपाध्यक्ष सुदेश कुमारी, मंडलाध्यक्ष विनोद शर्मा, महामंत्री विरेंद्र ठाकुर, रूपिंद्र डैनी, हरबंस कालिया, एसडीएम देहरा धनबीर ठाकुर, बीडीओ परागपुर कंवर सिंह, तहसीलदार जसवां अंकित शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हर्ष पुरी, अधिशासी अभियंता विद्युत बोर्ड कुल्दीप राणा, सीडीपीओ परागपुर जीत सिंह सहित विभिन्न महिला मंडलों की प्रतिनिधि और सदस्य उपस्थित रहीं।
उपमंडल देहरा के अंतर्गत नेहरनपुखर गांव में चल रही सरकारी आईटीआई कैंपस में एक बार फिर से युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा। इसके लिए आगामी 24 अगस्त को देश की नामी कम्पनी मारुति सुजुकी द्वारा आईटीआई नैहरनपुखर में लिखित परीक्षा व केंपस इंटरव्यू के माध्यम से युवाओं का चयन किया जाएगा। कंपनी के एचआर विभाग के अधिकारी ने बताया कि 24 अगस्त को होने वाली लिखित परीक्षा व साक्षात्कार के लिए 60% अंकों से कोर्स पूरा कर चुके व दसवीं की परीक्षा 50% अंकों से उत्तीर्ण करने वाले सभी अभ्यर्थी पात्र होंगे। अभ्यर्थी की आयु 18 से 23 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि कंपनी चयनित युवाओं को 19400 रुपये मासिक वेतन के साथ अन्य सुविधाएं भी देगी। कैंपस इंटरव्यू में पात्र युवा 24 अगस्त को सुबह 9:00 बजे अपने मूल प्रशिक्षण प्रमाण पत्रों यानि सेक्शन प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड के साथ आईटीआई नेहरण पुखर कैंपस में पहुंचे। संस्थान प्रधानाचार्य ललित मोहन ने बताया कि युवाओं की चयन प्रक्रिया में पहले एक लिखित परीक्षा होगी और उसके बाद साक्षात्कार लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कैंपस इंटरव्यू में प्रदेश भर के सरकारी व निजी आईटीआई के छात्र हिस्सा ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए संस्थान के ट्रेनिंग व प्लेसमेंट अधिकारी प्रदीप कुमार दूरभाष पर 9418479816 सम्पर्क कर सकते हैं।
बुधवार को बाल विकास योजना भवारना व उपमण्डलीय आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी बदलां पालमपुर के संयुक्त तत्वाधान में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन आत्मा हॉल पालमपुर में हुआ इस कार्यशाला में डॉक्टर रितु धीमान , डॉक्टर बबीता गौतम, डॉक्टर अंकुर राणा जबकि डॉक्टर विनीता शर्मा उप मंडलीय आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी ने मुख्य अतिथि के रुप में शिरक्त की। खंड भवारना के लगभग 100 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर व सुपरवाइजर अजय, आशा, अमिता, स्मृति, प्रतिमा, शिखा, नीनू, कांता, किरण वाला, सुभाष विशेष रूप से उपस्थित रहे। अनिल कौल. बाल विकास परियोजना अधिकारी भवारना ने खंड भवारना में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के अंतर्गत एक बूटा बेटी के नाम चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी उन्होंने आयुर्वेदिक विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग व आईसीडीएस के माध्यम से कोविड-19 महामारी से बच्चों को तिसरी लहर से बचाने के लिए अभी से जुट जाने का आह्वान किया।
जीएनए विश्वविद्यालय पंजाब का एक प्रमुख निजी विश्वविद्यालय है, जो यूजीसी द्वारा अनुमोदित है, यह छात्रों के विविध समुदाय के लिए चुना गया शैक्षिक केंद्र बन गया है। 50 से अधिक स्नातक और स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के साथ, इसने व्यापार, आतिथ्य, एनिमेशन, इंजीनियरिंग और कंप्यूटर कार्यक्रमों के लिए भारत में एक अग्रणी विश्वविद्यालय के रूप में खुद को स्थापित किया है। जीएनए विश्वविद्यालय प्रशिक्षित संकायों, सर्वोत्तम शिक्षण प्रथाओं और अच्छी तरह से सुसज्जित कक्षाओं के साथ, GNA विश्वविद्यालय भारत में विश्व स्तर की शिक्षा के लिए एक ब्रैंड नाम बन गया है। यह खुद को अनुकूलित जीवन कौशल कोचिंग के एक प्रमुख केंद्र में बदल गया है जो छात्रों को उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार करने में सक्षम बनाता है। इस काउंसलिंग में बच्चे व उनके अभिभावक भाग ले सकते है। इस काउंसलिंग को डॉक्टर समीर वर्मा की अध्यक्षता में करवाया जाएगा। आजकल अभिभावकों को यह चिंता रहती है की बच्चो को कोनसा कोर्स करवाया जाए ताकि कल को नौकरी की समस्या न आए। इन सभी विषय पर इस काउंसलिंग के दौरान विश्वविद्यालय से मिल रही नौकरियों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने अध्यापकों व अभिभावकों से अनुरोध किया कि बच्चों को इस चीज के विषय के बारे में बताएं ताकि बच्चे अपने भविष्य का चुनाव सही से कर सकें। इस दौरान वह GNA विश्वविद्यालय की तरफ से दी जाने वाली छात्रवृति जोकि 25% से लेकर 100% है। इसको प्राप्त करने के बारे में भी जानकारी देंगे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पीहडी में स्कूल प्रबंधन समिति का त्रिवार्षिक चुनाव प्रधानाचार्य विनोद वस्सी की अध्यक्षता में किया गया। इसमें विजय सिंह को सर्वसम्मति से प्रधान नियुक्त किया गया, प्रधान पीहढ़ी पंचायत विक्रम सिंह, पूर्व प्रधान कमलेश कुमारी, बच्चों के अभिभावक मुख्य रूप से उपसथित रहे, विजय सिंह को नए कार्यभार संभालने के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए स्कूल प्राचार्य व स्टाफ ने उम्मीद जताई है कि उनके कार्यकाल में समिति छात्र अध्यापक व स्कूल के हित में नित नए फैसले लेकर स्कूल को आगे बढ़ने में प्रेरित करेंगे
चंगर क्षेत्र टिहरी की सरिता धीमान को भारतीय जनता पार्टी जिला देहरा में उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा ने एक नियुक्ति पत्र के जरिये इसकी पुष्टि की है। टिहरी की सरिता धीमान ने अपनी नियुक्ति पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, विधायक रमेश धवाला, देहरा के पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि, प्रागपुर विधायक व केबिनेट मंत्री विक्रम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, भाजपा संगठन मंत्री पवन राणा, जिला देहरा प्रभारी नरेंद्र अत्री, जिला अध्यक्ष संजीव शर्मा, जिला महामंत्री अभिषेक पाधा, ज्वालामुखी मंडल अध्यक्ष मान चंद राणा व सभी पदाधिकारियों का आभार जताया है और विश्वास दिलाया है कि संगठन का कार्य पूरी निष्ठा से करेंगी।
ज्वालामुखी में सोमवार को सब्जी मंडी परिसर में ड्राइविंग ट्रायल और गाड़ियों की पासिंग हुई। एसडीएम ज्वालामुखी मनोज ठाकुर, एमवीआई जसवीर सिंह, परिवहन निगम देहरा के अधिकारी गणेश शर्मा, एसडीएम ज्वालामुखी कार्यालय के अधिकारी जगतपाल सिंह, कैमरामैन प्रभारी सतीश शर्मा की टीम ने आज 163 लोगों के ड्राइविंग ट्रायल लिए और लगभग 70 गाड़ियों की पासिंग हुई। इसकी विस्तृत जानकारी देते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम के अधिकारी गणेश शर्मा ने बताया कि आज 88 टू व्हीलर 58 एलएमवी और 17 हैवी वाहन के लिए लोगों ने ट्रायल दिए लगभग 70 गाड़ियों की आज पासिंग हुई जिसमें कोविड प्रोटोकॉल का पूरा ख्याल रखा गया। सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए लोगों को खड़ा किया गया और बारी-बारी से ट्रायल हुए। इसके बाद गाड़ियों की पासिंग का क्रम शुरू किया गया और शाम तक यह ट्रायल और पासिंग का कार्यक्रम चलता रहा l
युवा पीढ़ी स्वतंत्रता सेनानियों और देश के कुर्बान हुए शहीदों के जीवन मूल्य को समझें ताकि वह आजादी का अर्थ सही मायनों में समझ सकें। सदवां मे चल रहे लोटस इंटरनेशनल कान्वेंट स्कूल मे 15 अगस्त को बतौर चीफ गेस्ट पहुँचे मेनेजमेंट कमेटी के डायरैक्टर गुरपाल सिह पठानिया ने यह बात कही। स्कूल प्रधानाचार्य पंकज शर्मा की अध्यक्षता मे आयोजित हुए इस समारोह मे पठानिया ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान असंख्य लोगों ने बलिदान दिए। देश के महान नेताओं ने अपना जीवन आजादी के लिए न्यौछावर कर दिया। असंख्य लोग जान हथेली पर रखकर देश को आजाद करने के लिए आगे आए। कई दशकों के लगातार संघर्ष के बाद आखिरकार देश को 15 अगस्त 1947 को आजादी मिली। गुरपाल सिंह पठानिया ने कहा कि आज का यह दिन महान स्वतंत्रता सेनानियों का याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि जिस आजादी का सपना लोगों ने देखा उसे संघर्षों के बाद पाया और हम इसे लेकर आगे बढ़ते रहे हैं। हमारे सामने तमाम चुनौतियां आईं और कई चुनौतियां आएंगी। इनसे लड़ने के लिए हमें लगातार प्रयास करने होंगे। हमें तमाम बुराइयों से लड़ते हुए अपनी आजादी को कायम रखना होगा ताकि हम एक देश के तौर पर उन्नति कर सकें। उन्होंने कहा कि पूरा विश्व आज कोविड 19 से लड़ रहा है। ऐसे में हम सभी का दायित्व है कि सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए सरकार और प्रशासन का सहयोग करें और हम शीध्र इस पर काबू पाकर खुली हवा में सांस ले सकें। उन्होंने सभी लोगों से इस मामले पर प्रशासन के सहयोग की अपील भी की।
आजादी का जश्न हर हिन्दुस्तानी के सिर चढकर बोलता है। कोरोना जैसी घातक बीमारी ने भले ही स्कूली बच्चों को इस जश्न के लिए मंच नही दिया है लेकिन कटोह टिक्कर की 9 बर्षिय आकृति धीमान ने साबित कर दिया कि स्कूल मे छुट्टियां है तो क्या उसने अपने घर की छत पर ही अकेले ने देशभक्ति के गानो पर ऐसी धमाल मचाई कि वहां से गुजरने वाला हर कोई आकृति धीमान के डांसरुपी जज्बे को सलाम करता नजर आया। एसबीएस हाई स्कूल शान्तला मे पांचवी कक्षा की छात्रा आकृति धीमान की मां अनिता धीमान ने बताया कि आजादी के जश्न के लिए इसने करीब दो से तीन घन्टे लगातार स्कूल की तर्ज पर यहां विभिन्न देशभक्ति गानो पर डांस करके 15 अगस्त का दिन सैलिब्रेट किया ।
देश आज़ादी के 75वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज़ादी के इस महोत्सव को अमृत महोत्सव के रूप में मनाने का देश वासियों से आह्वान किया है। इसी कड़ी में देहरा विधानसभा क्षेत्र की 100 वर्ष पुरानी कृषि सहकारी सभा समिति बिलासपुर में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के इस कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ सुकृत सागर ने ध्वजारोहण कर देहरा वासियों के साथ साथ समस्त देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। ध्वजारोहण के बाद लोगों को सम्बोधित करते हुए डॉ सुकृत सागर ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक पूरा भारत वर्ष गर्व के साथ सही मायने में स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। डॉ सुकृत ने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की नई गाथा लिखते हुए विश्व मानचित्र पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 1857 से लेकर 1947 तक असँख्य विभूतियों ने देश की आज़ादी के लिए सर्वोच्च वलिदान दिया उन सभी को आज हम श्रद्धा सुमन अर्पित करते है। आज़ाद भारत में सांस लेने वाला हर एक व्यक्ति इन स्वतंत्रता सेनानियों का ऋणी है। इस मौके पर सहकारी समिति के प्रधान सीता राम, पूर्व प्रधान रमेश चंद रंधावा, सहकारी समिति के उप प्रधान कर्म चंद, समिति के सचिव दिनेश सिहोता, समिति के विक्रेता अशोक सिहोता, पूर्व पंचायत उप प्रधान किशन कुमार आदि मौजूद रहे।
उपमंडल देहरा के अंतर्गत पड़ती पंचायत खेरियाँ में रविवार 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोउल्लास एवम उतसाहपूर्ण तरीके से मनाया गया। इस दौरान पंचायत प्रधान रेनू देवी, उप प्रधान जसबीर गुलेरिया एवम स्थानीय जनता द्वारा स्वंतंत्रा दिवस के उपलक्ष्य पर झंडा लहराया गया। साथ ही जनता को सम्बोधित करते हुए उप-प्रधान जसबीर गुलेरिया ने कहा कि हमें गर्व है कि हम सब भारतीय हैं ओर आज बहुत गौरवपूर्ण महसूस हो रहा है की हमारी पंचायत के सभी सदस्यों एवम स्थानीय वाशिंदों ने मिलकर देश की शान तिरंगा झंडा को फहराया। हर साल इसी हर्षोउल्लास के साथ इस दिवस को मनाया जाएगा।
उपमण्डल ज्वालामुखी के अंतर्गत पड़ते मझीन में पुलिस ने सुरला, (झझर) डाकघर सियालकड़, त० खुण्डिया में दुकानदार से अवैध शराब बरामद की है। बताया जा रहा है उपरोक्त व्यक्ति सुरला में ही मीट अंडा व नमकीन की दुकान करता है, उक्त आरोपी की दुकान के साथ उसकी पशुशाला से मौके पर पुलिस ने 10 बोतल इंपीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब, 04 बोतल देसी शराब मार्का उना न०1 व 06 बोतल देसी शराब मार्का ऑरेंज संतरा कुल 20 बोतल शराब पशुशाला से बरामद की गई है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ज्वालामुखी चन्द्र पाल ने बताया कि पुलिस ने मौके पर कार्यवाही करते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरु कर दी है।
स्थानीय बाजार के बीच स्थित नरसिंह मंदिर के प्रांगण में आगामी 15 अगस्त(रविवार)को सुबह 11 बजे खस्ताहाल स्वास्थ्य सुविधाओं से जूझ रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रक्कड़ में उच्चस्तरीय सुविधाओं की मांग व 24 घँटे चिकित्सकों की उपलब्धता इत्यादि प्रमुख मांगों के दृष्टिगत रक्कड़ व आसपास की विभिन्न पंचायतों के लोगों की उपस्थिति में समाजसेवी एवं स्वदेशी जागरण मंच के पूर्व प्रांत संयोजक देशबंधु की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया जाएगा| गौरतलब है कि जनहित से जुड़ी इन मांगों के कारण ही देशबंधु जुलाई माह में सीएचसी रक्कड़ के प्रांगण में आमरण अनशन पर बैठे थे तथा उन्होंने अनशन के चौथे दिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा कैबिनेट बैठक में इन मांगों को अमलीजामा पहनाने के आश्वासन के उपरांत अनशन तोड़ा था| यह जानकारी देते हुए देशबंधु ने कहा कि गत माह से लेकर आजतक करीब तीन कैबिनेट बैठक आयोजित होने के बाबजूद भी प्रदेश सरकार ने इस विषय पर कोई गंभीरता नहीं दिखाई तथा इस स्थिति में आगामी 15 अगस्त को ध्वजारोहण व राष्ट्रगान के बाद आगामी रणनीति पर मौजूद लोगों से चर्चा कर अगला कदम उठाया जाएगा |
जसवां परागपुर ब्लॉक महिला कांग्रेस कमेटी के सौजन्य से अप्रत्याशित मूल्य वृद्धि को लेकर शुक्रवार को नायब तहसीलदार परागपुर के माध्यम से प्रदेश के राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया। जिसमें इस समय रोजमर्रा की वस्तुओं, सामग्री और खानपान की चीजों में बेतहाशा वृद्धि हुई है।जिसने आम आदमी, गृहणी की कमर तोड़ कर रख दी है। वहीं लिखा है कि 2014 में पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 9.20 थी तथा डीजल पर 3.45 थी, लेकिन अब इसे केंद्र व राज्य सरकार ने भारी मात्रा में बढ़ा दिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जैसे-जैसे कच्चे तेल के रेट कम होते गए वैसे-वैसे केंद्र सरकार एक्साइज ड्यूटी बढ़ाती गई, जिसका सारा बोझ आम जनता पर ही पड़ रहा है। यही कारण है कि पेट्रोल आज सेंचुरी मार रहा है, तो डीजल भी उसका अनुसरण करते हुए सेंचुरी के पास पहुंच गया है। जहां आज खाने का तेल 200 रुपए लीटर बाजार में बिक रहा है, वहीं गैस का सिलेंडर 1000 रुपए के आसपास है। जिस कारण लोगों के घरों का बजट खराब हो चुका है और दो वक्त का चूल्हा जलाना भी मुश्किल हो रहा है। लोहे, सीमेंट, रेत, बजरी के मूल्यों में इतनी वृद्धि हो चुकी है की आज गरीब, किसान, मजदूर, विधवा, गृहणी अपना मकान बनाने के बारें में सोच ही नही सकते। ऐसा लगता है कि यह उनके लिए कहीं सपना ही न बनकर रह जाए और डबल इंजन की केंद्र व राज्य सरकार कुंभकर्ण की गहरी नींद में सोई हुई है व महिला कांग्रेस ने अंत मे राज्यपाल से विनम्र निवेदन किया है कि वे सरकार को आदेश दें कि मूल्य वृद्वि पर लगाम लगाए ताकि आम लोगों को अपना घर चलाने के लिए दर-दर की ठोकरे ना खानी पड़े। इससे पूर्व विश्राम गृह परागपुर परिसर से होते हुए जसवां परागपुर महिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनुराधा व कार्यकारी अध्यक्ष अंजना कुमारी के नेतृत्व में विशाल रैली परागपुर बाजार तक निकाली गई।जिसमें हिप्र अन्य कामगर कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुरिंद्र मनकोटया विशेष रुप से मौजूद रहे। वहीं इस अवसर पर स्थानीय विश्राम गृह में सुरिंद्र मनकोटिया की अध्यक्षता में कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक भी आयोजित हुई। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरिंद्र मनकोटिया, जिला कांग्रेस कमेटी सचिव रेणु बाला, जिला महिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष इंद्रा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव व जसवां परागपुर कांग्रेस प्रभारी आरके अग्रवाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव किरण गुलेरी, जिला पार्षद पुष्पा मिन्हास, दीपक गुलेरिया(मीडिया विभाग), पुनीत मल्ली, मीडिया विभाग, संजीव कुमार, अध्यक्ष (एससी विभाग), सोमराज, अध्यक्ष (ओबीसी विभाग), जगमेल सिंह, निदेशक, कांगड़ा कृषि सहकारी बैंक, लेखराज कंवर, निदेशक, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक, मोनू पटियाल, सुरेश कुमार, काकू धीमान, युवा अध्यक्ष शुभम नांगला, कांग्रेस सेवा दल अध्यक्ष जगवीर गग्गी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता काफी संख्या में मौजूद रहे।
उपमण्डल देहरा के तहत पड़ते रानीताल के अंतर्गत पंचायत भंगवार के गांव सुक्का बाग मे शुक्रवार सुबह लगभग 54 वर्षीय महिला का शव सड़क किनारे मिलने की सूचना प्रकाश में आई है। बताया जा रहा है कि उक्त महिला भंगवार की ही निवासी है। मृतक महिला की पहचान संतोष कुमारी पत्नी जयचंद निवासी भंगवार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीती शाम अपने निवास स्थान से कुछ सामग्री लेने समीप ही मार्केट में गई थी वहीं उक्त महिला वापस नहीं आयी जिस पर इंतजार करने के उपरांत उसके घर के वासियों ने उसे ढूंढना प्रारम्भ कर दिया । बताया जा रहा है कि अगली सुबह सड़क किनारे उस महिला का शव उसके घर से 100 मीटर दूरी पर पड़ा हुआ मिला है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
ग्राम पंचायत नगरी के भलेड़ में सैनिक कैंटीन का शुभारंभ एसडीएम दग्ध डॉ अमित गुलेरिया ने किया। सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट के माध्यम से खोली गई इस कैंटीन में सभी प्रकार खाद्य एवं अन्य उत्पाद उपलब्ध बाजार से सस्ते दामों पर आम आदमी के लिये उपलब्ध होंगे। गुलेरिया ने सैनिक कैंटीन खोलने के लिए संतोष कुमार धीमान के परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि नगरी जैसे ग्रामीण क्षेत्र में कैंटीन खुलने से नगरी और आसपास की पंचायतों के लोगों को मल्टी ब्रांड उत्पादन घर के नजदीक कम रेट पर उपलब्ध होंगे।
इनरव्हील क्लब पालमपुर ने गत दिवस अपना पद स्थापना समारोह मनाया गया। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्षा नीतिका जमवाल को पुनःक्लब की अध्यक्ष बनाया गया। पालमपुर के होटल द ब्लिस में आयोजित एक समारोह में मुख्य अतिथि शर्मिला परमार तथा इनरव्हील एसोसिएशन काउंसिल मेंबर सोनीका गुप्ता की उपस्थिति में नीतिका जमवाल को यह ज़िम्मेदारी अगले वर्ष के लिए भी सौंपी गई। इस अवसर पर क्लब के PDC चंद्रकँवलजीत और PDC रजनी नेगी भी उपस्थित थे। इस मौके पर PDC रजनी नेगी ने पिछले वर्ष हुए कामों की सराहना की औऱ इस वर्ष भी नए प्रोजेक्ट्स औऱ समाज सेवा का आहवान क्लब के सदस्यों से किया। इस अवसर पर बोलते हुए नीतिका जमवाल ने क्लब की पिछले वर्ष की गतिविधियों तथा उपलब्धियों के बारे में भी उपस्थित लोगों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि क्लब ने पिछले वर्ष कोरोना महामारी के चलते विभिन्न प्रकल्पों को लिया तथा उन्हें पूरा किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी समाज के विभिन्न वर्गों की विभिन्न आवश्यकताओं को देखते हुए महिलाओं और बुजुर्गों तथा बच्चों के लिए विभिन्न सेवा कार्य किए जाएंगे। इस वर्ष शमा साहनी को सचिव, पुष्पा महाजन को उपाध्यक्ष, आभा पीटर को कोषाध्यक्ष, विपिना शर्मा को एडिटर सरिता कोरला को ISO, नीहारिका कालिया को अतिरिक्त सचिव घोषित किया गया । चार नए सदस्य ममता जमवाल, दीपा सूद, शशि शर्मा और अंजना राणा को क्लब की सदस्यता दी गयी। पंजाब के कपूरथला से पालमपुर पधारी सोनीका गुप्ता ने क्लब की गतिविधियों की भूरि भूरि प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि क्लब की सदस्य योगिता सेठी की गतिविधियों को राष्ट्रीय स्तर पर इ- बुलेटिन में भी स्थान और सराहना मिली है। उन्होंने क्लब की अध्यक्षा को आउटस्टैंडिंग प्रेसिडेंट घोषित किया तथा क्लब को डिस्ट्रिक्ट स्तर पर दो रनिंगट्रॉफ़ीज से भी सम्मानित किया। मुख्यातिथि शर्मिला परमार ने कहा कि क्लब बहुत ही अच्छा कार्य कर रहा है तथा उन्होंने भविष्य में क्लब को हर प्रकार की मदद देने का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर क्लब के पूर्व अध्यक्ष तथा क्लब की सलाहकार सीमा शर्मा पूर्व अध्यक्ष अनीता कपूर सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित थे । अंत में क्लब की पूर्व अध्यक्ष सीमा शर्मा ने मुख्य अतिथि शर्मिला परमार, सोनिका गुप्ता, क्लब के सदस्यों, रोटरी क्लब के सदस्यों तथा उपस्थित पत्रकारों का कार्यक्रम में पधारने पर आभार जताया।
कांगड़ा: नई पेंशन स्कीम कर्मचारी एसोसिएशन के कांगड़ा जिला प्रधान राजिन्दर मन्हास ने कहा की सरकार की लगातार अनदेखी से हिमाचल के एक लाख एनपीएस कर्मचारी काफी खफा हैं। मुख्यमंत्री लगातार चार साल से 2009 की अधिसूचना को लेकर एक ही डायलॉग एनपीएस कर्मचारियों से बोल रहे हैं कि मामला सरकार के ध्यान में है जल्द निर्णय लिया जाएगा परन्तु चार साल से 2009 की अधिसूचना हिमाचल में लागु नही हो पाई है, जिससे कर्मचारियों में रोष बढ़ रहा है। जिला प्रधान ने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि एनपीएस एक राज्य को छोड़ पूरे भारत में सम्मान रूप से लागू है परन्तु 2009 की अधिसूचना जिसके तहत सेवा के दौरान कर्मचारी की मौत पर पेंशन का परिवार को प्रावधान है इस अधिसूचना को 8 राज्य लागू कर चुके हैं तो ऐसे में प्रदेश सरकार को इसे लागू करने में भी ऐतराज ह। जिला प्रधान ने कहा कि पिछले माह जिला कांगड़ा के 7 विधायकों से एसोसिएशन इस अधिसूचना को लागू करवाने को मिली पर दुख यह रहा कि यह 7 विधायक भी विधानसभा में इस मांग पर चुप्पी साध बैठे रहे। जिला प्रधान ने कहा कि अब कर्मचारी बहुत याचना कर चुके हैं और अब याचना नही होगी। जिला प्रधान ने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उपचुनाव से पहले 2009 की अधिसूचना जारी नही हुई तो उपचुनावों के नतीजे सरकार के सारे दावों की हवा निकाल सकते हैं। जिला प्रधान ने कहा कि हर विधानसभा में 1500 परिवार एनपीएस कर्मचारियों के है जो किसी भी पार्टी के आंकड़े खराब करने को काफी है। उन्होनें एक बार फिर मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि 15 अगस्त को यह अधिसूचना तत्काल लागू की जाए।
जसवां परागपुर ब्लाक काग्रेस ब्लॉक की अध्यक्षा अनुराधा ठाकुर व कार्यकारी अध्यक्षा अजना शर्मा ने संयुक्त ब्यान में बताया कि हिमाचल प्रदेश कॉंग्रेस कमेटी(महिला) के आह्वान पर अगामी 13 अगस्त को जसवां परागपुर महिला कॉंग्रेस द्वारा बढ़ते गैस, खाद्य तेल, पैट्रोल, डीज़ल, दाल, सब्जियों के दामों, बढ़ती मंहगाई, किसानों, बागवानों व आम जनता की अनदेखी, बेरोजगारी के ख़िलाफ़ महिला आक्रोश प्रदर्शन किया जाएगा व रैली निकाली जाएगी। महिला अध्यक्ष अनुराधा ठाकुर व अंजना शर्मा ने बताया कि न तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल मे महगाईं भ्रष्टाचारी चरम सीमा तक जा पहुचीं है। दैनिक जीवन का हर सामान दिन प्रति दिन महँगा होता जा रहा है, परन्तु वर्तमान डबल ईंजन सरकारों से मंहगाई कंट्रोल नहीं हो रही है। बेरोजगारी चरम सीमा पर है, युवा दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं, कोरोना में यह बिल्कुल फेल हुए हैं, इन सबसे ध्यान बंटाने के लिए यह पार्टी नया शिगूफा छोड़ते हैं। बड़े-बड़े इंडस्ट्रीयलिस्ट देश चला रहे हैं, यह इनके आगे पंगु बने हुए हैं। जयराम ठाकुर और बिक्रम ठाकुर से सवाल किया कि ऐसी कौन सी मजबूरी है और ऐसा क्या काम किया कि खुद सरकार होते हुए, इंडस्ट्रीयलिस्ट को बोल नहींं पा रहे हैं।
मंगलवार को केंद्रीय विद्यालय नलेटी में कक्षा ग्यारहवीं में प्रवेश चाहने वाले विद्यार्थियों के लिए ओरियंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को विषय चुनने के बारे में जानकारी देना है। केन्द्रीय विद्यालय नलेटी में विज्ञान और वाणिज्य संकाय है। इस उद्देश्य से बच्चों को विज्ञान में वाणिज्य विषयों के बारे में विस्तार से बतलाया गया तथा भविष्य में उनके सुनहरे अवसरों से भी अवगत करवाया गया। इस विषय में सर्वप्रथम जीव विज्ञान शिक्षिका शशि कला कटोच ने साइंस बायोलॉजी के बारे में विस्तार से बताया। संगणक शिक्षिका शिखा ने संगणक विषय की महत्ता पर प्रकाश तथा गणित अध्यापक अमित ने साइंस मैथ के बारे में विस्तृत जानकारी दी। तत्पश्चात वाणिज्य शिक्षक राजेश कुमार ने व्यवसायिक व लेखांकन विषय पर अपने व्याख्यान दिए और भविष्य में इनसे मिलने वाले रोजगार के बारे में बतलाया। अर्थशास्त्र के शिक्षक संजीव कुमार ने अर्थ शास्त्र विषय की महत्ता व आवश्यकता पर प्रकाश डाला। अंत में विद्यालय प्राचार्या स्वाति अग्रवाल ने ग्यारहवीं के सभी विद्यार्थियों को कक्षा दस में सफल होने पर बधाई दी तथा उनके सुनहरे भविष्य के लिए उचित विषय चुनने हेतु बच्चों को विभिन्न क्षेत्रों से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि कक्षा ग्यारहवीं शिक्षार्थियों के लिए जीवन का दूसरा चरण है, इस दूसरे चरण में बच्चों को अपने रुचि के विषयों को चुनने की छूट होती है। अत: पूर्ण जानकारी व अपनी रुचि के विषय का चयन कर इस नए पथ पर उन्नति के नये आयाम बनाओ।
राजकीय महाविद्यालय रक्कड़ में मंगलवार को "आजादी का अमृत महोत्सव" थीम के तहत कॉलेज परिसर में एन. एस. एस स्वयंसेवियों और प्राचार्य डॉ अनिल डोगरा द्वारा पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य ने बच्चों को ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि जितने अधिक पौधे लगेगें मनुष्य का स्वास्थ्य उतना ही स्वस्थ रहेगा। वहीं इस मौके पर एन. एस. एस प्रभारी मीना कुमारी ने प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में और अपने प्रत्येक जन्मदिन पर पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया। इस अभियान में महाविद्यालय के अन्य प्रध्यापक वर्ग में प्रोफेसर रजनीश शर्मा, प्रोफेसर नमिता और एन. एस. एस के स्वयंसेवियों ने भाग लिया।


















































