पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत आती राम गोपाल मंदिर की भूमि में आए दिन खनन माफिया अवैध खनन कर सरकार और मंदिर की भूमि को चपत लगा मोटा मुनाफा कमा रहा था जिसकी शिकायत चैन सिंह द्वारा पुलिस थाना डमटाल में की गई थी जिसके चलते सोमवार को पुलिस ने राम गोपाल मंदिर की भूमि में हो रहे अवैध खनन पर औचक निरीक्षण किया जिस पर पुलिस ने दो टिप्पर तथा एक जेसीबी मशीन को अवैध खनन करते हुए मौके पर पकड़ा तथा जेसीबी मशीन और दोनों टिपरों को जप्त कर लिया है तथा उन पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है इसके अलावा पुलिस ने अवैध खनन कर रहे तीन टिपरो तथा दो ट्रैक्टरों का चालान करके 55000 हजार का जुर्माना वसूल किया है। बता दें चैन सिंह ने अवैध खनन पर पुलिस थाना डमटाल में शिकायत दर्ज करवाई थी जिसके ऊपर कार्यवाही करते हुए भूरी सिंह गांव मोहटली की जेसीबी मशीन तथा दो टीपरों को अवैध खनन करते हुए मौके पर जप्त किया है इसके अलावा एक अन्य मामले में तीन टीपरों और दो ट्रैक्टरों पर 55000 जुर्माना वसूला गया है। मामले की पुष्टि डीएसपी नूरपुर ने की है।
जसवां-परागपुर विधानसभा के तहत पड़ते गाँव बाड़ी घमरूर के 27 वर्षीय राघव जम्वाल ने शिरडी, अहमदानगर, महाराष्ट्र में ग्रेपलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित ग्रेपलिंग की राष्ट्रीय स्तर प्रतियोगिता में सवर्ण पदक हासिल कर हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया है। बता दें राघव जम्वाल की बचपन से ही इस खेल की ओर रुचि थी। इस प्रतियोगिता से पहले भी राघव जम्वाल फेसिंग में भारत देश का बेंगकोक में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। राघव जम्वाल के पिता गुरविंदर जम्वाल सरकारी ठेकेदारहैं। वंही उनकी माता पदमा जम्वाल घर का काम काज संभालती है। जानकारी देते हुए राघव के पिता गुरविंदर ने बताया कि उनके बड़े भाई अनित जम्वाल ही उनके पुत्र के मुख्यमार्गदर्शक हैं। राघव की 12वीं तक कि पढ़ाई एयरफोर्स बाल भारती विद्यालय दिल्ली से हुई है, साथ ही दिल्ली विश्विद्यालय से ही उन्होंने ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है। इस वक्त राघव आईआईएम रोहतक से स्पोर्ट्स मैनेजमेंट में एमबीए कर रहे हैं। राघव जम्वाल की इस उपलब्धि पर समस्त क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ उठी है।
सदवां स्थित लोटस इंटरनेशनल कॉन्वेंट स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा को ऑल इंडिया प्रिंसिपलस एसोसिएशन द्वारा शिक्षा पदम सम्मान 2021 से सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के स्कूल प्रिंसिपलों ने भाग लिया। प्रदेश के लगभग 100 प्रिंसिपल भी इसमें शामिल रहे। एसोसिएशन के अध्यक्ष नवदीप कुमार ने बताया कि स्कूल प्रिंसिपल के पुरुस्कार चयन हेतु ज्यूरी बैठती है तथा उनकी प्रोफाइल में दर्ज उपलब्धियों के आधार पर सम्मान के लिए चयन किया जाता है। लोटस स्कूल के प्रिंसिपल के पंकज शर्मा ने अपने सभी अध्यापक गणों के साथ इस उपलब्धि को साझा किया। स्कूल की प्रबंधक कमेटी और अध्यापक गणों ने मिलकर उन्हें इस सम्मान के लिए बधाई दी।
कथोग स्थित लॉरेट फार्मेसी संस्थान में पास आउट छात्रों के लिए तीसरी एलुमनाई मीट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्यअतिथि प्रोफेसर डॉ रंजीत सिंह, वाइस चांसलर शोभित यूनिवर्सिटी गंगोह तथा विशेष अतिथि गोपाल कृष्ण शर्मा प्रेजिडेंट स्टेट फार्मेसी कौंसिल शिमला, हेमंत शर्मा, सुरेंदर नड्डा, शिवानी शर्मा रहे। इस कार्यक्रम के सर्वप्रथम संस्थान के निर्देशक एवं प्राचार्य प्रोफेसर डॉ महेंद्र सिंह आशावत तथा प्रबंध निर्देशक डॉ रण सिंह ने स्वागत शब्दों के साथ इस कार्यक्रम में आये हुए समस्त एलुमनाई का स्वागत किया और बताया की लॉरेट संस्थान में पढाई कर चुके एलुमनाई ने फार्मेसी फील्ड में देशभर में अपना नाम कमाया है। एलुमनाई मीट की सेक्रेटरी अर्चना चौधरी ने प्रोग्राम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में देशभर से 200 से ज्यादा एलुमनाई ने भाग लिया और अपना अनुभव सांझा किया। सभी एलुमनाई को कार्यक्रम के अंत में डायमंड, गोल्ड और सिल्वर शीर्षक से पुरस्कृत किया गया और साथ में एलुमनाई एसोसिएशन की मीटिंग में नए प्रेजिडेंट डॉ रोहित भाटिया तथा वाईस प्रेजिडेंट राधिका सूद का चयन किया गया।
जसवां-परागपुर की पंचायत कस्बा जागीर के उपप्रधान व समाजसेवी मुकेश ठाकुर द्वारा गढ़ पंचायत में बच्चों के खेलने के लिए मैदान का निर्माण करवाया जा रहा है ताकि इस मैदान में यहां के बच्चे सुबह शाम खेल सके और बड़े बुजुर्ग यहां पर आकर सुबह-शाम कसरत कर सकें। वंही लग-बलियाणा पंचायत में रास्ते के निर्माण के लिए मुकेश ठाकुर ने सीमेंट के 20 बैग दान किये। स्थानीय ग्रामीणों ने मुकेश ठाकुर का धन्यवाद किया। बता दें कि समाजसेवी मुकेश ठाकुर कोरोना काल से ही लोगों की मदद कर रहे है। कोरोना के समय उन्होंने जसवां-परागपुर की तमाम पंचायतों में डोर टू डोर जरूरतमंद लोगों को खाना, राशन, स्कूल के बच्चों को कॉपियां, किताबें व जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं की शादी के लिए नकद राशि व धाम का सामान दिया। उन्होंने गरीब परिवार के बच्चों को पढ़ाई करने के लिए मुफ्त मोबाइल फोन भी दिए है।
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल ठाकुरद्वारा की एनएसएस इकाई द्वारा सात दिवसीय कैम्प का आयोजन किया गया था। जिसका रविवार को समापन हो गया। समापन समारोह की अध्य्क्षता स्कूल की कार्यकारी प्रिंसिपल सुदेश कुमारी ने की। इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के रूप में ग्राम पँचायत ठाकुरद्वारा के प्रधान गणेश कुमार व उपप्रधान राणा प्रताप ने शिरकत की। इस मौके पर उनके साथ ठाकुरद्वारा पँचायत के समस्त वार्ड सदस्य व बीडीसी सदस्य भी मौजूद रहे। इस मौके पर उन्होंने बताया की इस सात दिवसीय कैम्प के दौरान स्वयंसेवियों ने गाँव ठाकुरद्वारा के हेल्थ सेंटर, मंदिरों, पुलिस चौकी और तमाम सार्वजनकि स्थलों की साफ सफाई की। इसके साथ ही प्रतिदिन अन्य विभागों से संबंधी जानकारी भी दी गई। इस मौके पर कार्यकारी प्रिंसिपल सुदेश कुमारी ने सात दिवसीय कैम्प को सफल बनाने को लेकर स्वयं सेवियों व स्कूल स्टाफ की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
पंचायत कस्बा जागीर के उपप्रधान व समाजसेवी मुकेश ठाकुर विकास खंड परागपुर की सभी पंचायतों में कई जरूरतमद परिवारों की लगभग सभी तरह की सेवा में जुटे हुए हैं। पिछले कई महीनों से लगातार समाजसेवी मुकेश ठाकुर लोगों के बीच जाकर उनकी जरूरत को समझ कर उनकी मदद करते आ रहे है। वहीं इसी कड़ी में डाडा सीबा, नंगल चौंक, गुराला, कोल्हापुर जटोली, गरली,सुहीं, कलोहा शांतला इत्यादि पंचायतों में समाजसेवी मुकेश ठाकुर ने स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों को पढा़ई के लिए किताबें भेंट की। इसके अलावा जसवां परागपुर क्षेत्र में बच्चों को खेलकूद का सामान दिया जा रहा है। वहीं मुकेश ठाकुर लडकियों की शादी के लिये शगुन व लोगों के लिए राशन मुहैया करवाने के अलावा कई समाजसेवा से जुडे कार्य कर रहे हैं, जिसकी क्षेत्रवासी सराहना कर रहे हैं।
हर विद्यार्थी जीवन में कुछ हासिल करना चाहता है। बच्चों के माता पिता भी अपने बच्चों को आगे बढते देखना चाहते हैं। आजकल जीवन मे कामयाब होने के अनेकों अवसर हैं। खुंडिया के रिटायर्ड कर्नल एमएस राणा ने गवर्नमेंट सीनियर सैकंडरी स्कूल मझीण मे एनएसएस कैंप में बतौर मुख्यातिथि विद्यार्थियों संग जीवन मे कामयाबी के गुरुमंत्र सांझा किए। लगभग डेढ घंटा चले कार्यक्रम में विद्यार्थियो से सवाल जवाब भी किए तथा सही जवाब के लिए मौके पर ही दो दर्जन से अधिक बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य व अन्य अध्यापक मौजूद रहे तथा मोटिवेशनल भाषण के लिए कर्नल राणा का धन्यवाद किया।
उद्योग व परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के बाड़ी में सड़क मार्ग का भूमिपूजन किया । औद्योगिक गलियारे के अंतर्गत 50 लाख की लागत से होने वाले इस सड़क के स्तरोन्नयन कार्य से देहरा घाटी से गांव बाड़ी सड़क मार्ग का न केवल सुधार किया जाएगा अपितु इसका विस्तार भी किया जाएगा। उद्योग मंत्री ने कहा कि गांव के लोगों की दशकों से मांग थी कि सड़क का निर्माण कर इसे सुविधाजनक बनाया जाए। सरकार ने न केवल इस सड़क का निर्माण करवाया अपितु अब औद्योगिक गलियारे के अंतर्गत इस सड़क का स्तरोन्नयन भी किया जा रहा है, जिसे वह बहुत जल्द क्षेत्र की जनता को समर्पित भी करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में रहने वाली जनसंख्या को आने वाले दिनों में आरामदायक यात्रा करने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जयराम सरकार आने के बाद जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में तेजी से सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। कुछ क्षेत्र ऐसे भी थे जहां आज तक सड़क मार्ग उपलब्ध नहीं था, उन गांवों को सड़क से जोड़ने का कार्य भी प्रदेश सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में औद्योगिक गलियारे के अन्तर्गत ही करोड़ों रूपये की लागत से सड़को का निर्माण एवं सुधारीकरण का कार्य किया जा रहा है। जिसमें 2 करोड़ रूपये की लागत से कोटला अमरोह से पतियाल बस्ती संपर्क मार्ग, 19 लाख की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग 503 से बाबा टिल्ला से बगली संपर्क मार्ग, 24 लाख की लागत से मुख्य मार्ग बेही से शिव मंदिर- पठानिया बस्ती, 3 करोड़ की लागत से जनडौर से जोल मार्ग का सुधारिकरण और 71 लाख की लागत से रिड़ी कुठेड़ा से तलपियां दी सराये का सुधारीकरण किया जा रहा है।
ज्वालामुखी मंडल भाजपा के नेताओं ने स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीर पर पुष्प चढ़ाकर उनकी जयंती पर उन्हें याद किया। इस मौके पर ज्वालामुखी के विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला, भाजपा नेता मान चंद राणा, चमन पुंडीर, विमल चौधरी अन्य कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। रमेश धवाला ने उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन के बारे में विस्तार से बताया और उनके दिखाए हुए मार्ग पर चलने का आवाहन भी किया l
कथोग स्थित लॉरेट फार्मेसी संस्थान में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का समापन हुआ। इस अधिवेशन का आयोजन हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर द्वारा प्रायोजित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्यथिति प्रोफेसर डॉ रंजीत सिंह वाइस चांसलर शोभित यूनिवर्सिटी गंगोह रहे। इस राष्ट्रीय सम्मेलन के सर्वप्रथम संस्थान के निर्देशक एवं प्राचार्य प्रोफेसर डॉ महेंद्र सिंह आशावत ने दो दिवसीय कार्यक्रम में आये हुए प्रतिनिधियों के समक्ष कुछ तथ्यों पर प्रकाश डाला। इस सम्मेलन के पैटर्न डॉ.रण सिंह प्रबंध निर्देशक ने स्पेक्रतल एनालिसिस टेक्निक्स के उपयोग के बारे में बताया। बता दें कि इस महाधिवेशन में पहली बार देशभर से 500 से ज्यादा प्रतिनिधियों ने अपना पंजीकरण करवाया था।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मझीण स्कूल की छात्रा आरती का प्रीआरडी कैंप के लिए चयन हुआ है। यह छात्रा 27 दिसम्बर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोंदपुर बनेहडा में प्रीआरडी कैंप परेड़ में शामिल होगी। यदि छात्रा का चयन 26 जनवरी की गणतंत्र दिवस की परेड़ के लिए होता है तो वह शिमला के रिज मैदान पर आयोजित होने वाले परेड़ में हिस्सा लेगी। आरती ने अपनी इस उपलब्धि का इसका श्रेय स्कूल के प्रधानाचार्य संजय धीमान, एनएसएस प्रभारी व्यास देव, मीरा देवी, रविन्द्र शर्मा, सुरेन्द्र कुमार व विपन पटियाल को दिया है।
उपमण्डल ज्वालामुखी के अंतर्गत पड़ते एक निजी होटल में बजरंग दल एवम विश्व हिंदू परिषद संगठनात्मक जिला देहरा के तत्वधान में गीता जयंती के पावन पर्व पर शौर्य संचलन का भव्य आयोजन किया गया। साथ ही इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सहमंत्री पंकज भारती मुख्यतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पवन बजरंगी द्वारा की गई है। साथ ही कुलदीप राणा विभाग सहमंत्री विशेष तौर पर उपस्थित रहे। इस दौरान पंकज गुलेरिया ने तमाम कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए गीत जयंती व शौर्या दिवस के पावन पर्व की बधाई दी। विश्व हिंदू परिषद जिलाध्यक्ष पवन बजरंगी ने कहा कि सनातन धर्म के अनुयायियों के लिए आज का दिन बहुत ही विशेष है क्योकिं विश्व का मार्गदर्शन करने वाली श्रीमद भागवत गीता की जयंती हिन्दू मान्यताओं के अनुसार मनाई जाती है। इस दौरान जिला कार्याध्यक्ष प्रशांत शर्मा, कोषाध्यक्ष मुनीश सूद, बजरंग दल जिला संयोजक मुनीश गुलेरिया, देहरा प्रखंड संयोजक लक्की राणा, वरिष्ठ कार्यकर्ता तरलोक चन्द शर्मा, जिला विशेष सम्पर्क प्रमुख देशराज इत्यादि गणमान्य उपस्थित रहे।
गुरुद्वारा गुरु रविदास सभा नंगल चौंक की बैठक शुक्रवार को मंदिर के प्रांगण में अध्यक्ष रिटायर हेड मास्टर गुरदास राम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें सर्वसम्मति से पिछले वर्षों की भांति इस साल भी 16 फरवरी 2022 को गुरु रविदास का जन्मदिन मनाने के बारे में चर्चा की गई। इसके अलावा जन्मदिन मनाने के लिए रागी जत्था भी बुलाए जाने के बारे में विचार-विमर्श किया गया। अध्यक्ष गुरदास राम ने बताया प्रभात फेरी 14 फरवरी 2022 को गुरुद्वारा से आरंभ होकर वाया चनौर ढलियारा से वापिस होकर डाडा सीबा तक जाएगी और प्रभात फेरी वापसी गुरुद्वारा नंगल बंडा में पहुंचेगी। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए लंगर का आयोजन किया जाएगा।
लड़कों और लड़कियों की अंडर 16 और अंडर 20 राज्य स्तरीय शतरंज चैंपियनशिप ज्वालामुखी में 29 और 30 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। जिला शतरंज संघ कांगड़ा के प्रधान डॉ कुलवंत राणा, उपप्रधान अजय शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में जिला कांगड़ा से 50 से ज्यादा शतरंज खिलाड़ी भाग लेंगे। इस चैंपियनशिप के लिए तैयारी चल रही है। इस प्रतियोगिता में से 2 लड़कों और 2 लड़कियों का चयन नेशनल चैंपियनशिप अंडर-16 और 2 लड़कों और 2 लड़कियों का चयन नेशनल चैंपियनशिप अंडर-20 के लिए किया जाएगा। लड़कों और लड़कियों की अंडर-20 नेशनल चैंपियनशिप 9 से 15 जनवरी तक दिल्ली में आयोजित की जाएगी और अंडर-16 नेशनल चैंपियनशिप 23 से 28 जनवरी तक आंध्रप्रदेश के विशाखापत्तनम में होगी। जो भी खिलाड़ी इस चैंपियनशिप में भाग लेना चाहते है वे 25 दिसंबर से पहले सचिव जगदीश चंदेल से 7018640927 पर संपर्क कर सकते है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पठशाला ज्वालामुखी के एनएसएस स्वयंसेवियों ने स्वच्छता अभियान के अंतर्गत स्कूल प्रांगण, एनएसएस वाटिका और स्कूल ग्राउड की साफ सफाई की। ये स्वच्छता अभियान एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार एवम नीलम कुमारी की देखरेख में चला। स्कूल प्रधानाचार्या मंजू चौधरी ने स्वयंसेवियों के कार्य की प्रशंसा की और स्वयंसेवियों से ये आहवान किया कि वे समाज को भी स्वच्छता के बारे में जागरूक करे और अपने जीवन में स्वच्छता को अपनाए। इस मौके पर तिलक राज प्रवक्ता वाणिज्य, अशोक चौधरी प्रवक्ता इतिहास, राजेश सूद प्रवक्ता भौतिकी, रजनीश शर्मा रसायन विज्ञान, आरती प्रवक्ता अंग्रेजी, अशोक कुमार डीपीई, राकेश जामवाल टीजीटी कला, बाली ठाकुर भाषा अध्यापक, जसवंत शर्मा शास्त्री आदि मौजूद रहे।
कथोग स्थित लॉरेट फार्मेसी संस्थान में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारम्भ हुआ। इस अधिवेशन का आयोजन हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान संस्थान के निर्देशक एवं प्राचार्य प्रोफेसर डॉ महेंद्र सिंह आशावत ने समस्त प्रतिनिधियों का स्वागत किया। गौरतलब है कि सम्मेलन में भारत के विभिन्न क्षेत्रों से शोधकर्ता, शिक्षक एवं विज्ञान के छात्र भाग ले रहे हैं। वंही सम्मेलन में देश के फार्मेसी संकाय के प्रसिद्ध वक्ता डॉ शैलेन्द्र श्रॉफ ने फार्मेसी विभाग में औषधियों के शोध में अन्य तरीकों के बारे में उपस्थित लोगों को अवगत करवाया। इस महाधिवेशन में पहली बार देशभर से 500 से ज्यादा प्रतिनिधियों ने अपना पंजीकरण किया है। इस अधिवेशन में साइंटिफिक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पोस्टर प्रेजेंटेशन भी आयोजित की गई। महाधिवेशन के पहले दिन डॉ राजेंद्र कुमार सह प्रोफेसर रसायन विभाग सेंट्रल यूनिवर्सिटी हिमाचल प्रदेश, डॉ अमरदीप प्रोफेसर एवं हेड दवा विश्लेषण विभाग प्रमुख लॉरेट फार्मेसी संस्थान और डॉ ऋचा दयारमानी ने अपने प्रेजेंटेशन से दवा विश्लेषण की जानकारी दी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मझीण में एनएसएस के सात दिवसीय कैंप का शुभारंभ उपमंडल अधिकारी ज्वालामुखी मनोज ठाकुर द्वारा किया गया। यह कैंप 22 दिसम्बर से 28 दिसम्बर तक स्कूल प्रंगॎण व बाग गाँव में चलेगा। एनएसएस प्रभारी व्यास देव व मीरा देवी ने बताया कि सात दिनों में स्वयंसेवक स्कूल प्रांगण की साफ-सफाई के साथ लोगों को कोविड-19 से बचाव के बारे में जानकारी देंगे। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य संजय धीमान ने बताया कि एनएसएस के बच्चे प्लास्टिक से बनी चीजों का प्रयोग न करने की शपथ लें व पौधों की विभिन्न प्रजातियों और उनके गुणों के बारे में जागरूक होकर पर्यावरण बचाने और घरों के आसपास साफ़ सफाई रखने व प्लास्टिक का उपयोग न करें। इस मौके पर रविन्द्र शर्मा प्रवक्ता भौतिकी, सुरेन्द्र प्रवक्ता अर्थशास्त्र, विपन पटियाल प्रवक्ता वाणिज्य, सुशील सैणी प्रवक्ता कम्प्यूटर, टीजीटी दीपमाला, मीनाक्षी व निर्मल मौजूद रहे।
डीएवी भड़ोली स्कूल में क्रिसमस डे के उपलक्ष्य पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा के निर्देश में किया गया।इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने बताया कि पूरी दुनिया में मनाया जाने वाला पर्व क्रिसमस शांति एवं प्रेम का संदेश लेकर आता है। इस विशेष अवसर पर हर कक्षा के लिए गतिविधियों का आयोजन किया गया। कक्षा एलकेजी और सेकंड के बच्चों को संता क्लॉज की पोशाक पहनकर उनका अभिनय करना था और कक्षा तीसरी से पाँचवी तक के बच्चों के लिए कैंडल डेकोरेशन गतिविधि करवाई गई। वहीं कक्षा छठी से नौवी तक के विद्यार्थियों के लिए क्रिसमिस ट्री सजाओ गतिविधि का आयोजन करवाया गया। इन सभी गतिविधियों में बच्चों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दी।
उपमंडल देहरा के पूर्व सैनिक व उनके परिवारों लिए राहत की खबर सामने आई है। उपमंडल के पूर्व सैनिक परिवारों को अपनी किसी भी समस्या के समाधान हेतु धर्मशाला डिप्टी डायरेक्टर सैनिक कल्याण बोर्ड कार्यलय के चक्कर नही काटने पड़ेगे। प्रदेश के उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर के प्रयासों से ब्लॉक खण्ड परागपुर के अन्तर्गत ग्राम पंचायत चौली में पूर्व सैनिक व उनके परिवारों के लिए सैनिक कार्यलय खोला गया है। इस दौरान कार्यालय में एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान उपमंडल देहरा से पहुंचे 36 पूर्व सैनिक परिवारों की समस्याएं सुनी व मौके पर उनका निपटारा किया गया।
हिमाचल प्रदेश के जिला काँगड़ा में एक दर्दनाक मामला पेश आया है। दरअसल कांगड़ा थाना के तहत हलेड़कलां में पड़ोसी ने महिला को छत से धक्का दे दिया, जिससे वह घायल हो गई और उसे उपचार के लिए टांडा मेडिकल अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन अस्पताल में महिला की मौत हो गई। मृतक महिला की मौत से पहले पुलिस को दिए बयान के आधार पर कांगड़ा पुलिस ने महिला के पड़ोसी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित व्यक्ति को गिरफ्तार कर दिया है और मामले की तफ्तीश जारी है। बताया जा रहा है कि हलेड़कलां की रहने वाली शकुंतला देवी (उम्र 60 साल )पत्नी रोशन लाल निवासी बड़ी हलेड़ तहसील व जिला कांगड़ा की बहू सुमना कुमारी पत्नी स्वर्गीय संजीव कुमार निवासी वार्ड नंबर 13 बड़ी हलेड़ तहसील व जिला कांगड़ा ने पुलिस को बताया कि वीरवार दोपहर को अपनी जेठानी अनिता के साथ घर के अंदर बैठी थी तथा इसकी सास शकुंतला देवी घर के घर की छत पर बैठी थी। उन्होंने बताया उनकी छत के साथ उनके पड़ोसी विचित्र सिंह पुत्र पंछी राम इनके लैंटर पर आकर इसकी सास के साथ धक्का मुक्की करने लगा। जब वह व उसकी जेठानी छत के ऊपर आई तथा विचित्र सिंह से अपनी सास को छुड़ाने लगी तो विचित्र सिंह ने इसकी सास को जोर से धक्का दिया और वो छत के किनारे गिरने के बाद नीचे गली में गिर गई। जिसे टांडा अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया।
मां ज्वाला जन कल्याण सभा जवालाजी ने सभा के अध्यक्ष राकेश कुमार बंटा की अध्यक्षता में जवालाजी नगर में आ रही समस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर एडवोकेट अभिषेक पाधा ने ज्वालाजी के एसडीएम मनोज कुमार ठाकुर को समस्याओं को लेकर सौंपे ज्ञापन में कहा कि ज्वालाजी विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है लेकिन यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए न तो पीने के पानी की व्यवस्था है और न ही शौचालय की व्यवस्था है। उल्लेखनीय है कि मुख्य मंदिर ज्वालाजी के पास जूते रखने के लिए बने कमरे पर काफी समय से ताला लटका हुआ है। जिसके कारण श्रद्धालुओं को जूते उतारने में बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यही वजह है कि मन्दिर प्रशासन की लापरवाही का फायदा अक्सर जूता चोर उठाते रहते हैं, मन्दिर में जूते चोरी होने की वजह से कई श्रद्धालुओं को नंगे पांव ही अपने घर लौटना पड़ता है। इस अवसर पर राकेश कुमार बंटा, एडवोकेट भिषेक पाधा,वीरेंद्र शर्मा, केके शर्मा, ओंकार चन्द डोगर आदि उपस्थित थे। इस सम्बंध में जवालाजी के एसडीएम मनोज कुमार ठाकुर ने कहा कि ज्वालाजी शहर में समस्याओं को लेकर जन कल्याण सभा ने ज्ञापन सौंपा है। इन जनहित समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। इस बारे जल्द ही नगर परिषद की एक बैठक बुलाई जाएगी।
ज्वालामुखी उपमण्डल के तहत पड़ते खुंडिया में युवा मोर्चा द्वारा क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 3 जनवरी को किया जाएगा। इस बात की जनाकारी देते हुए क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में विजेता तथा उपविजेता क्रिकेट टीम को प्रोत्साहन स्वरूप उचित पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वहीं रेजिस्ट्रेशन के लिए टीम दिए हुए नम्बर 88944-10070 तथा 85806-45525 पर सम्पर्क कर सकती है। अध्यक्ष अजय राणा ने कहा कि क्रिकेट प्रतियोगिता से युवाओं के बीच में खेल के प्रति जागरूकता आती है साथ ही क्रिकेट एक उत्साह पूर्वक खेले जाने वाला खेल है। जिसमें जरूरत के अनुसार नए-नए परिवर्तन भी होते रहे हैं। क्रिकेट की अनेक विशेषताएं होती हैं। खेल के भाव से खेल को खेलना, जीत-हार को छोडकर खेल की कला का आनन्द लेना, खेल में भ्रातृभाव अथवा जीवन के श्रेष्ठ गुणों का आभास क्रिकेट के मैदान में पाया जाता है।
ज्वालामुखी बाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा निराली का चयन प्री गणतंत्र दिवस के लिए हो गया है। अब यह छात्रा ऊना के गोंदपुर बनेहड़ा स्कूल, 27 दिसंबर से परेड में भाग लेगी। अगर यह छात्रा वहां पर चयनित हो जाती है तो यह 26 जनवरी को शिमला के रिज मैदान पर परेड में भाग लेंगी। ज्वालामुखी स्कूल की प्रधानाचार्य मंजू चौधरी, एनएसएस पीओ अजय कुमार, प्रेम लता, निशा कुमारी और विकास धीमान ने निराली चौधरी के उज्जवल भविष्य की कामना की है और निराली चौधरी के पिता हरीश चौधरी और माता प्रेमलता को बधाई दी है। आपको बता दें कि निराली चौधरी बचपन से ही कला की गुणी हैं। चाहे नाच, गायन कला इत्यादि हो बड़ी ही सरलता के साथ इन सभी को कर लेती है। निराली की माता प्रेम लता ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही काफी सक्रिय है।
उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर ने जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए संसारपुर टैरस में विभिन्न विभागों के उपमंडल स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न विकासात्मक कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिये। उद्योग मंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी पूर्ण जवाबदेही, ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्यों का गुणवत्तापूर्वक रूप से समय पर निष्पादन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की वर्तमान सरकार आम आदमी की सरकार है। समाज के सभी वर्गों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना तथा कमजोर वर्गों का सामाजिक आर्थिक उत्थान प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उद्योग मंत्री ने लोक निर्माण विभाग द्वारा किये जा रहे विकासात्मक कार्यों की जानकारी ली। अधिशाषी अभियंता ने उद्योग मंत्री को बताया की जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के अंतर्गत 2680 लाख रुपए की लागत से 17 सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। जिनमें से 11 सड़कों का काम पूरा किया जा चुका है और दो सड़कों का कार्य जनवरी, 2022 में पूर्ण कर लिया जाएगा और शेष बची 4 सड़कों का कार्य 31 मार्च, 2022 तक पूरा हो जाएगा। बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि बैठकों के माध्यम से जहां प्रदेश सरकार को योजना की सफलता एवं कमियों की जानकारी मिलती है वहीं अधिकारियों को भी योजना कार्यान्वयन में किये जाने वाले बदलावों का पता चलता है। उन्होंने कहा कि आमजन को प्रदेश सरकार से अनेक अपेक्षाएं हैं। प्रदेश सरकार अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग समन्वय एवं परिश्रम के माध्यम से जन अपेक्षाओं पर खरा उतरेगी। इस अवसर पर तहसीलदार जसवां अंकित शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हर्ष पुरी, आरएम देहरा कुशल गौतम, सीडीपीओ प्रागपुर जीत सिंह और विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कड़ोआ में सात दिवसीय एनएसएस शिविर संपन्न हुआ। कमांडेंट पद से सेवानिवृत्त राजेश्वर सिंह राठौर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। सांस्कृतिक कार्यक्रम से खुश होकर कमांडर राजेश्वर सिंह ने 5100 रुपये दिए। ग्राम पंचायत कड़ोआ की प्रधान रीना देवी उपप्रधान व वार्ड सदस्य ने भी 3100 रुपये स्वंयसेवियों को प्रोत्साहन के लिए दिए। एसएमसी प्रधान तिलक राज ने 1100 पूर्व प्रधान प्रकाश चंद शिव कुमार व आशा देवी ने ₹500 रुपये प्रोत्साहन राशि दिए। प्रधानाचार्य मलकीत सिंह ने प्रत्येक स्वयंसेवी को शब्दकोश बांट कर सम्मानित किया। वहीं अर्थशास्त्र प्रवक्ता मोनिका शर्मा ने 11 हज़ार रुपये अनुदान दिए। बेस्ट वालंटियर प्रशांत राणा को चुना गया। 7 दिवसीय शिवर के कार्यक्रम अधिकारी वेद प्रकाश व रानी देवी ने बताया कि 28 स्वंयसेवियों ने इस शिविर में भाग लिया। इस शिविर में कड़ोआ गांव को संवारा गया। वह औषधालय प्राथमिक पाठशाला स्कूल प्रांगण की सफाई व खेल के मैदान को समतल किया गया।
ज्वालामुखी उपमण्डल के तहत पड़ते राजकीय उच्च विद्यालय जूजपुर में स्कूल प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष सुनिल कुमार की अध्यक्षता में अभिभावकों की बैठक आयोजित हुई। जिसमें स्कूल भवन की मौजूदा जर्जर हालत पर चिंता व्यक्त की गई। वह स्कूल के मुख्याध्यापक से बात करने पर उन्होंने बताया कि स्कूल प्रशासन सेे समय-समय पर पत्राचार के माध्यम से शिक्षा विभाग पंचायत प्रधान पीढ़ी और एचपीपीडब्ल्यूडी को लिखा है, मगर आज तक इस संदर्भ में कोई निष्कर्ष नहीं निकला। स्कूल भवन की छतों का प्लास्टर समय-समय पर गिरता रहता है। जिसके कारण कभी भी कोई अप्रिय घटना घटित होने की आशंका बार-बार बनी रहती है। कमेटी प्रधान सुनील कुमार और अभिभावकों ने सरकार व प्रशासन से अपील की है कि स्कूल के भवन की जो दयनीय हालत है इस पर ध्यान दिया जाए। ताकि किसी प्रकार की भविष्य में अप्रिय घटना होने से बचा जा सके। उपरोक्त समस्या का समाधान जल्दी से जल्दी नहीं हुआ तो शिक्षा विभाग के प्रति स्थानीय लोग धरना प्रदर्शन करेंगे।
डीएवी भडोली स्कूल में जस्टिस मेहर चंद महाजन की 131वीं जयंती पर विशेष हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा छठी, सातवीं और आठवीं के बच्चों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। इस दौरान विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापकों ने अपने विचार रखे। प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा ने उनके जीवन से संबंधित विस्तृत जानकारी देते हुए बच्चों को उनके बताए गए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में देहरा विधानसभा क्षेत्र के बंगोली का इंडियन नेवी का जवान केशव उपाध्याय की लापता होने की रिपोर्ट उसके माता पिता ने हरिपुर थाना में करवाई थी। सूचना के अनुसार उक्त युवा अब मिल गया है, जवान बिल्कुल सुरक्षित है। जवान कैसे और क्यों लापता हुआ इसका अभी पता नहीं चल पाया है। जवान को उसके बेस विशाखापट्टनम ले जाया गया है। उधर, जवान के मिलने से परिजनों में खुशी का माहौल है। बता दें किविधानसभा क्षेत्र देहरा के तहत पड़ते बंगोली का इंडियन नेवी का जवान आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से लापता हो गया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। जवान के मोबाइल की सीडीआर डिटेल मंगवाई गई थी। जवान केशव उपाध्याय के पिता आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि उनका बेटा शिप बिल्डिंग सेंटर (एसबीसी) कृष्णा गेट नवल बेस विशाखापट्टनम में तैनात है। 13 दिसंबर शाम को छुट्टी काटकर घर से गया था। 16 दिसंबर को सुबह सवा पांच बजे व्हाट्सएप पर उसका मैसेज आया कि वह विशाखापट्टनम पहुंच गया है। इसके बाद दो दिन तक उसका फोन नहीं आया। उन्होंने सोचा कि काम में व्यस्त होगा। फिर दो तीन दिन बाद विशाखापट्टनम से एक अन्य जवान का फोन आया और उसने केशव का एक मोबाइल नंबर बंद होने की बात कर कोई दूसरा नंबर मांगा पर वह नंबर भी बंद था। उन्होंने विशाखापट्टनम में बेटे के आलाधिकारी से बात की। उन्हें बताया गया कि बेस में आया था। सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड हुआ है। आंधे घंटे बाद बाहर निकलता भी दिखा। उन्होंने कहा कि केशव स्पेशल विंग में तैनात है। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से मामले त्वरित कार्रवाई की मांग की थी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाडा सीबा में एनएसएस सात दिवसीय शिविर लगाया गया है। एनएसएस प्रभारी सुभाष ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि यह शिविर 20 दिसंबर से 26 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान एनएसएस के बच्चों ने सकूल प्रांगण में साफ सफाई करके स्वच्छ रहने का संदेश दिया। वंही डाडा सीबा राधा कृष्ण मंदिर, बाजार और तालाब की बच्चों ने साफ सफाई की और लोगों को स्वच्छ रहने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि इस शिविर में कई विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर विद्यालय के मैडम सरोज कुमारी व सभी स्टाफ सदस्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय कोटला बेहड़ में महाविद्यालय की पत्रिका बिपाशा के प्रथम संस्करण का अनावरण किया गया। मुख्य संपादक प्रोफेसर दिनेश शर्मा द्वारा महाविद्यालय की प्राचार्य राजेंद्रा भारद्वाज को बिपाशा पत्रिका का प्रथम अंक सौंपा गया। प्राचार्य ने अपने संबोधन में बताया कि पत्रिका विद्यार्थियों की सृजन शक्ति बढ़ाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देती है। इस मौके पर महाविद्यालय शिक्षक वर्ग से प्रोफेसर विजय कुमारी, प्रोफेसर दिनेश शर्मा, प्रोफेसर मीना कुमारी व सेवानिवृत्त शिक्षक राजेंद्र सपेहिया लिपिक वर्ग से रूपलाल मौजूद रहे।
पंचायत कस्बा जागीर के उपप्रधान व समाजसेवी मुकेश ठाकुर विकास खंड परागपुर की सभी पंचायतों में कई जरूरतमद परिवारों की लगभग सभी तरह की सेवा मे जुटे हुए हैं। पिछले कई महीनों से लगातार समाजसेवी मुकेश ठाकुर लोगों के बीच जाकर उनकी जरूरत को समझ कर उनकी मदद करते आ रहे है। वहीं इसी कड़ी में गुरुवार को डाडा सीबा, नंगल चौंक, गुराला, कोल्हापुर जटोली, कलोहा व शांतला पंचायत में समाजसेवी मुकेश ठाकुर ने स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों को पढा़ई के लिए किताबें भेंट की। इसके अलावा जसवां-परागपुर क्षेत्र की पंचायत में एक व्यक्ति पिछले पांच सालों से बीमारी से पीड़ित है और चलने-फिरने में असमर्थ हैं। इसलिए आज समाजसेवी मुकेश ठाकुर ने उन्हें एक व्हीलचेयर भेंट की और जसवां परागपुर क्षेत्र में बच्चों को खेलकूद का सामान दिया जा रहा है।
उपमण्डल देहरा के अंतर्गत पड़ते ढलियारा बाजार में ढाबे पर सिलेंडर में आग लगने से अफरा तफरी का माहौल बन गया है। ढाबा मालिक बिट्टू का कहना है कि जब वह खाना बना रहे थे तो अचानक से रेगुलेटर के पास आग लग गई। जिसे देखते ही उन्होंने तुरंत सिलेंडर बाहर निकल दिया और उसे बुझाने की कोशिश करने लगे। स्थानीय दुकानदारों ने पेट्रोल पंप से अग्निशामक यंत्र लाकर आग को बुझाया। इसी दौरान किसी ने अग्निशमन विभाग व गैस एजेंसी को भी इसकी सूचना कर दी थी। अग्निशमन की गाड़ी भी तुरंत मौके पर पहुँच गयी थी। इस घटना की वजह गैस पाइप लीक होना बताया गया।
विधानसभा क्षेत्र इंदौरा में सड़कों को तो काफी हद तक पक्का किया गया है पर कई जगह पर ठेकेदार लोकनिर्माण विभाग की आँखों के सामने ही सड़कों को समतल न कर और पानी की निकासी के बारे में सोच विचार न कर आनन फानन में रोड पर तारकोल डालकर अपना टेंडर पूरा कर अपनी जेबे तो भरकर चले गए है पर आम जनता को आने वाले समय मे रोड से होनी बाली समस्याओं के झमेले में डाल गए है। जिसका ताजा उदाहरण उपमंडल इंदौरा के अधीन पड़ते गाँव राजाखासा से इंदपुर को जाने वाली सड़क में देखने को मिला है। यहां राजाखासा गाँव के तालाव के पास रोड बनाने बाले ठेकेदार ने दोनों तरफ से सड़क को समतल न कर दोनों ओर से ढलान दार सड़क पर ही तारकोल डाल दी है और सड़क के मध्य वाला हिस्सा वर्षो से तालाब का रूप धारण किये बैठा हुआ है। ग्रामीण हरदेव सिंह, दीप सिंह, सुरमी सिंह, इंदु, रिंकू सिंह, अमनदीप कौर, लीला देवी, विंदु देवी, रंजू कुमारी, लखविंदर सिंह, मक्खन सिंह ओर लखविंदर सिंह आदि ने लोकनिर्माण विभाग इंदौरा के खिलाफ रोष जाहिर करते हुए कहा कि जिस समय इस सड़क का निर्माण हुआ था तो न ही ठेकेदार और न ही विभाग ने इस जगह पर पानी की निकासी के बारे में सोचा ओर दोनों तरफ से रोड ऊंचा होने के चलते पूरे गाँव के घरों का गंदा पानी बिच सड़क में खड़ा रहता है जिससे उनको घरो की दीवारों को जमीन में धसने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया के इस जगह रोजाना कई छोटे और बड़े वाहन दुर्घटना ग्रस्त होना एक आम बात हो गई है और रोड पर बने इस पानी भरे तलाव में रात के अंधेरे में कई वाहन चालक गिरकर अपनी टांग बाजू ओर शरीर के अन्य हिस्सों को चोटिल करवा चुके है। ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ रोष जाहिर करते हुए कहा कि हमने इस सड़क समस्या के बारे में कई बार विभाग को ओर कई बार मौजूदा सरकार के नुमाइंदों को भी बताया पर आज तक यह समस्या ज्यों की त्यों ही बनी हुई है। विभाग के अधिकारी आए पर मात्र फोटो खींचकर चले गए और रोड की दशा को नही सुधार सके। ग्रामीणों ने कहा कि इस सड़क को दोनों तरफ से बराबर कर तारकोल डाली जाए और पानी की निकासी के लिए एक तरफ से कंक्रीट के डंगे का निर्माण कर रोड के मध्य पाइप डालकर उनको इस समस्या से निजाद दिलाई जाए। इस सम्बंध में जब लोकनिर्माण विभाग इंदौरा के अधिशाषी अभियंता बलदेव से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस समस्या का पता उन्हें आपके माध्यम से ही लगा है मैं सुबह अपने जेई ओर अन्य स्टाफ को मौके ओर भेज रहा हूँ और जल्द ही उस सड़क को ठीक करवा दिया जाएगा।
बुधवार को राजकीय उच्च विद्यालय टिप्प में 'कोरोना से बचाव' पर मुख्याध्यापक अजय कुमार आचार्य की अध्यक्षता में प्रतियोगिताएं करवाई गई जिसमें चित्रकला भाषण एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताएं करवायी गईं। निबंध लेखन में शिवानी, अंकिता और नेहा चित्रकला मेँ नेहा, निखिल और आकाश भाषण में शिवानी, नेहा, सुमेश और तमन्ना ने क्रमश: प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। अजय आचार्य ने बताया कि 23 दिसम्बर को होने वाले शिक्षा संवाद के उपलक्ष पर इन सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विक्रम राणा, संदीप सिंह, अनीता, रेणु व् रवि भी उपस्थित रहे ।
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक सुलह द्वारा ग्राम पंचायत गरलादई में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पंचायत के लोगों ने भाग लिया और वित्तीय जानकारियां हासिल की। बैंक की ओर से हर्ष रणौत, संजय कुमार और सतीश कुमार ने लोगों को वित्तीय प्रबंधों की जानकारी दी। उन्होंने एटीएम संचालन, नेट बैंकिंग, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी योजनाओं का लाभ लेने और जानकारी अन्य लोगों तक पहुंचाने के उपस्थित लोगों से आग्रह किया।
विधानसभा देहरा के तहत पड़ते बंगोली का भारतीय नेवी का जवान आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से लापता हो गया है। जवान के परिजन परेशान हैं। उन्होंने पुलिस स्टेशन हरिपुर में भी मामले की शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जवान मोबाइल की सीडीआर डिटेल मंगवाई गई है। जवान केशव उपाध्याय के पिता आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि उनका बेटा शिप बिल्डिंग सेंटर (एसबीसी) कृष्णा गेट नवल बेस में तैनात है। 13 दिसंबर शाम घर से गया और 16 दिसंबर को विशाखापट्टनम पहुंचकर दो दिन तक उसका फोन नहीं आया। उन्होंने सोचा कि काम में व्यस्त होगा लेकिन फिर दो तीन दिन बाद विशाखापट्टनम से एक अन्य जवान का फोन आया और उसने केशव का एक मोबाइल नंबर बंद होने की बात कर कोई दूसरा नंबर मांगा पर वह नंबर भी बंद था। उन्होंने विशाखापट्टनम में बेटे के आलाधिकारी से बात की। उन्हें बताया गया कि वह बेस पर आया था। सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड भी हुआ है। आंधे घंटे बाद बाहर निकलता भी देखा गया है। उन्होंने कहा कि केशव स्पेशल विंग में तैनात है पर नेवी वाले उसकी तलाश को संजिदा नहीं हैं। वह परिवार में कमाने वाला इकलौता है। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से मामले की त्वरित कार्रवाई की मांग की है। मामले की पुष्टि एसएचओ हरिपुर सुशील कुमार ने की है।
धर्मशाला में जिला कांगड़ा बैडमिंटन संघ की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता कांगड़ा जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष सुनील मनोचा ने की। सुनील मनोचा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार राज्य स्तरीय बैडमिंटन अंडर-19 पुरुष एवं महिला वर्ग की प्रतियोगिता धर्मशाला इंडोर स्टेडियम में 28 दिसंबर से लेकर 30 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। जिसमें प्रदेशभर से खिलाड़ी भाग लेंगे। 2019 के बाद 2021में जिला कांगड़ा बैडमिंटन संघ राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता की मेज़बानी करेगा। जिसमें की राज्य स्तरीय बैडमिंटन संघ पूरी तरह से अपना सहयोग करेगा। इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर से लगभग 70 खिलाड़ी भाग लेंगे। जिसमें हर एक जिले से जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता रहे एकल वर्ग में तथा विजेता रहे युगल एवं मिक्स डबल्स मुकाबलों में इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। वंही जिला कांगड़ा बैडमिंटन संघ के प्रेस सचिव विलास हंस ने जानकारी दी कि सभी जिलों की टीमों के साथ कोच मैनेजर भी आएंगे जो कि 27 दिसंबर को धर्मशाला में पहुंच जाएंगे। हिमाचल प्रदेश बैडमिंटन संघ के महासचिव राजेंद्र शर्मा भी विशेष रूप से 27 दिसंबर को धर्मशाला में पहुंच जाएंगे।
धर्मशाला में गत बरसात आई भयंकर बाढ़ के चलते क्षतिग्रस्त हुई बालू और रौंदी कुहलों का निर्माण शुरू कर दिया गया है। शीघ्र ही खेतों में सिंचाई व्यवस्था पूर्व की भांति शुरू हो जाएगी। इस बात की कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा दी। उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हुई इन कुहलों से करीब 450 किसान परिवार प्रभावित हुए हैं और खेतों की सिंचाई व्यवस्था चरमरा गई है। यह कुहलें करीब 4 हज़ार कनाल भूमि की सिंचाई करती हैं और किसानों का भरण पोषण करती हैं। सुधीर शर्मा ने बताया कि प्रभावित क्षत्रों दाड़ी, पास्सू, पंतेहड़ सहित विभिन्न गांवों के ग्रामीणों ने उक्त कुहलों के पुनःनिर्माण के लिए सरकार और प्रसाशन से कई बार मांग की लेकिन किसानों के हितों को अनसुना किया गया। उन्होंने कहा कि किसानों को पेश आ रही दिक्कत को देखते हुए वह अपने स्तर पर उक्त कुहलों का निर्माण करवा रहे हैं। सुधीर शर्मा ने बताया कि वह गत बरसातों में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों के साथ हैं और हर संभव मदद के लिए प्रयासरत हैं।
डमटाल स्थित मेंट इंडिया लिमिटेड फैक्ट्री में सोमवार रात आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। हालाँकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दरअसल देररातफैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ था। इस धमाके की आवाज़करीब 4 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। धमाके की आवाज से पुरे क्षेत्र दर का माहौल पैदा हो गया। वंही धुएं का गुबार भी कई किलोमीटर दूर तक देखा गया। इस घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी डमटाल हरीश गुलेरिया टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड की टीमों को सूचित किया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तबतक लाखों की सम्पति जलकर रख हो चुकी थी। वंही डीएसपी नुरपुर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि फैक्ट्री में फर्नेस ऑयल टैंक जिसमें 30000 लीटर ऑयल था, उसमें भी आग लग गई है। हादसे के समय फैक्ट्री में कोई भी कर्मचारी नहीं था।
जसवां-परागपुर की पंचायत कस्बा जागीर के उपप्रधान व समाजसेवी मुकेश ठाकुर ने बरसात में जहां-जहां रास्ते खराब हुए थे , जेसीबी भेज कर उनकी मुरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया है। इसी के चलते मंगलवार को पंचायत घमरूर गाँव वुहाला में 10 परिवारों को घर जाने के लिए रास्ता नहीं था। ग्रामीणों को यहाँ आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने समाजसेवी मुकेश ठाकुर से इस रस्ते को बनवाने का आग्रह किया। समाजसेवी मुकेश ठाकुर ने दूसरे दिन ही जेसीबी भेज कर वहां पर जेसीबी द्वारा चलने योग्य रास्ता बनवा दिया। स्थानीय ग्रामीणों ने समाजसेवी मुकेश ठाकुर का रास्ता बनाने पर धन्यवाद किया है । इस दौरान मुकेश ठाकुर ने कहा कि जहाँ भी रास्ते खराब है उनकी जल्द मुरम्मत करवाई जाएगी। बता दें कि कोरोमना काल में मुकेश ठाकुर ने लोगों कि हर संभव मद्दद की है। इस संकट की घड़ी में वह सदैव लोगों की मद्दद के लिए आगे रहे है। इसी के चलते उन्होंने अपनी ठाकुर बस सर्विस में टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार हेतु जाने वाले तमाम मरीजों को निशुल्क सफर की सुविधा भी प्रदान की है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ठाकुरद्वारा में चल रहे सात दिवसीय एनएनएस शिविर के चौथे दिन स्वयं सेवियों को जागरूक करने के लिए पीएचसी तेयोडा में तैनात मैडिकल ऑफिसर निखिल शर्मा विशेष तौर पर शिविर में पहुँचे। इस मौके पर उन्होंने स्वयं सेवियों को नशे के कुप्रभावो के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि कैंसर,दमा ओर टीवी अदि कई जानलेवा बीमारियों की सौगात देने वाले तबाकू विश्व में हर पल 14 लोगों को अपना शिकार बनाती है। जिनमें 20% लोग भारतीय है। उन्होंने कहा के इन आंकड़ों को सुनकर ही इंसान के रोगटे खड़े हो जाते है। हर उत्पाद पर लिखी चेतावनी को पढ़ने के बावजूद भी लोग सीगरेट व बीडी का इस्तेमाल कर रहे है। उन्होंने कहा कि युवाओं को इस लत को त्याग कर खेलों की ओर ध्यान देना चाहिए। इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी व स्वयं सेवियों द्वारा डॉक्टर निखिल शर्मा को स्मृति चिन्ह देकर समानित किया गया।
लोकमित्र केंद्र जिला कांगड़ा के संचालकों द्वारा एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें कांगड़ा जिला के लोकमित्र केंद्रों के संचालक शामिल हुए। बैठक में लोकमित्र केंद्र संचालकों की कांगड़ा इकाई का गठन भी किया गया। साथ ही बैठक में संघ की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया, जिसमें राजेंद्र कौशल को सर्वसम्मति से संघ का प्रधान चुना गया। कुशल कुमार को संघ का उपप्रधान, परवीन कुमार को महासचिव व देव राणा को सहायक सचिव चुना गया। विपुल कुमार संघ के कोषाध्यक्ष होंगे, जबकि संजीव कुमार सह-कोषाध्यक्ष व विजय कुमार को सलाहकार चुना गया है। कार्यकारिणी सदस्यों के तौर पर अजय कुमार, रविंद्र कुमार, अमरजीत सिंह, रघुबीर सिंह, सुभाष चंद, बबलू, अजय, मुकेश, हरबंस लाल, सुनील कुमार व जगन्नाथ को शामिल किया गया है।
राजकीय सी एंड वी अध्यापक संघ जिला कांगड़ा का त्रैवार्षिक चुनाव पर्यवेक्षक रमन सहोड़ व राकेश संदल की देखरेख में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या देहरा में सम्पन्न हुआ। चुनाव में गुरदयाल सिंह कौंडल को सर्वसम्मति से जिला कांगड़ा सीएंडवी संघ का अध्यक्ष चुना गया। सरिता शर्मा को महासचिव, सुरजीत सिंह संदल को कोषाध्यक्ष, नरदेव पठानिया को वरिष्ठ उपाध्यक्ष औऱ महिला मोर्चा अध्यक्षा रजनी को चुना गया। नवनियुक्त अध्यक्ष गुरदयाल सिंह कौंडल ने इस अवसर पर कहा कि वह सीएंडवी अध्यापकों से संबंधित मांगों को सरकार के समक्ष रखेंगे औऱ उन्हें हल करवाने का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर अन्य सीएंडवी अध्यापक भी मौजूद रहे।
फिल्म एंटरटेनमेंट एंड प्राइड अवार्ड सीजन-2 रविवार को शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में आयोजित हुआ। इसमें बतौर मुख्यातिथि शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर एवं विशेष अतिथि के रूप में एसजेवीएन के चेयरमैन नंदलाल शर्मा ने शिरकत की। इस अवार्ड शो का आयोजन प्रोमोटर ऑफ सोशल एंड कल्चरल हेरिटेज हिमाचल के चेयरमैन नरेश कुमार कौंडल ने किया। इसमें हिमाचल प्रदेश की जानी मानी हस्तियों को सम्मानित किया गया। इस अवार्ड शो में तहसील रक्कड़ की कुड़ना (सलेटी) पंचायत के गांव सरड़ दाई की अक्षिता को मोस्ट पॉपुलर चाइल्ड आर्टिस्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह अवार्ड अक्षिता को बेस्ट एंकर, मॉडल एवं बेस्ट एक्टर के लिए दिया गया। बता दें कि इससे पहले भी वे अपनी प्रतिभा और हुनर के बलबूते कई नेशनल और स्टेट अवार्ड अपने नाम कर चुकी हैं।
लोक निर्माण विभाग देहरा पर सरकारी ठेकेदारों ने रोप लगाते हुए कहा है कि टेंडर प्रक्रिया में विभाग पक्षपात कर रहा है। ठेकेदारों का कहना है कि एक मण्डल के अधीन आते दो विधानसभा क्षेत्रों में टेंडरों को लेकर अलग-अलग कानून हैं। ठेकेदार यूनियन देहरा के महासचिव विवेक पठानिया का कहना है कि लोक निर्माण विभाग मण्डल देहरा में देहरा व ज्वालामुखी दो विधानसभा क्षेत्र आते हैं। उन्होंने कहा कि ज्वालामुखी क्षेत्र की 5 लाख से कम की निविदाएं ऑफलाइन आमंत्रित की जाती हैं, जबकि देहरा क्षेत्र की निविदाएं ऑनलाइन आमंत्रित की जाती है। ठेकेदार यूनियन के प्रधान जेपी वालिया व महासचिव विवेक ने सवाल पूछते हुए कहा है कि एक मण्डल में दो अलग कानून क्यों है। उनका कहना है कि ऑनलाइन टेंडरों में बाहर के ठेकेदार भी टेंडर डाल देते हैं जिसके कारण यहां के ठेकेदारों खासकर क्लास डी ठेकेदारों को रोजी रोटी के भी लाले पड़ गए हैं। ठेकेदार जय प्रकाश वालिया, विवेक पठानिया, जगदीश ठाकुर, रमेश चंद, कुलदीप सिंह, तरुणदीप, सुरजीत सिंह, सुधीर शर्मा,अंकुश ठाकुर आदि का कहना है कि टेंडर के लिए एक मण्डल में दो अलग कानून बनाए गए हैं जो कि सरासर गलत है। उन्होंने मांग की है कि ज्वालामुखी की तरह देहरा क्षेत्र के 5 लाख से कम के टेंडरों को ऑफलाइन किया जाए। उन्होंने कहा है कि यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो ठेकेदार संघर्ष का रास्ता अपनाते हुए आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संसारपुर टेरेस की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय वार्षिक शिविर का शुभारम्भ प्रिंसिपल मुलख राज शर्मा द्वारा कार्यक्रम अधिकारी मनजीत सिंह सिपाहिया एवं मीनाक्षी शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। प्रिंसिपल मुलख राज शर्मा ने सभी एनएसएस वोलेंटियर को राष्ट्रीय सेवा योजना का महत्व बताते हुए कहा कि एनएसएस का एकमात्र उद्देश्य युवा छात्रों को सामुदायिक सेवा के माध्यम से अपने व्यक्तित्व को विकसित करने के लिए अनुभव प्रदान करना है। उन्होंने मुख्य गतिविधियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षा और साक्षरता, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण और पोषण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा कार्यक्रम, महिलाओं की स्थिति में सुधार, उत्पादन उन्मुख कार्यक्रम, आपदा राहत तथा पुनर्वास संबंधी कार्यक्रम, सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान, डिजिटल भारत, कौशल भारत, योग इत्यादि बारे युवाओं को जागृत करना है। कार्यक्रम अधिकारी मनजीत सिंह सिपाहिया ने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर वृहद रूप से चर्चा की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार है। समाज के साथ राष्ट्र सेवा की भावना छात्रों में पैदा होती हैं। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य विपिन कुमार, मधु शर्मा, पवन कुमार एवं स्कूल स्टाफ सुनीता शर्मा, राजन पठानिया, सुरेश कुमार ठाकुर, नरेश कुमार, राजेश सिंह, संजीव राणा, रेणु शर्मा, सुकन्या, मीनाक्षी, कुसुम, महिंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।
एक परिवार जोकि गरीब हो और ऊपर से उसके परिवार में कोई अचानक बीमारी जैसी आफत आ जाए तो उस गरीब परिवार पर क्या गुजर रही हो इस बात का अंदाजा उपमंडल इंदौरा के अधीन पड़ती ग्राम पंचायत भोग्रवा के गाँव मंड भोग्रवा के एक परिवार में देखने को मिला है। इस गाँव के एक परिवार में 30 वर्षीय युवक 18 महीनों से किडनी की बीमारी से ग्रस्त है। जिसके चलते गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ गिर गया है। जानकारी देते हुए पीड़ित युवक के पिता ओम पाल पुत्र चरण दास निवासी मंड भोग्रवा ने बताया किन उनका बड़ा बेटा अनिल कुमार जोकी किडनी की बीमारी से ग्रस्त है। उन्होंने बताया कि वह के पिता ने बताया कि वह अति निर्धन परिवार से संबंध रखते है। लेकिन फिर भी उनका परिवार बीपीएल सूची में नही है। वह लोगों के घरों में छोटे-छोटे प्रोग्राम में रसोइए का काम करने के साथ साथ दिहाड़ी लगते है। अनिल के पिता ने बताया कि अनिल फरवरी 2020 से इस बीमारी से ग्रस्त हुए है। उन्होंने सूर्या हॉस्पिटल रेहन में भी अपने बेटे का इलाज करवाया परंतु कुछ फर्क न पड़ा उसके बाद के चलते नूरपुर के सरकारी हॉस्पिटल में इलाज शुरू किया गया उस समय डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि उनके बेटे कि दोनों किडनियाँ खराब हो चुकी है। इलाज के लिए टांडा के शिमला आईजीएमसी में रैफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि अपने बेटे के इलाज के लिए वे लाखों रुपए खर्च चुके है। उन्होंने सरकार से मदद के लिए गुहार लगाई है।
पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी में कांगड़ा के भलाड़ गांव का एक जवान शहीद हो गया है। 51 वर्षीय शहीद सिपाही ओंकार सिंह अमृतसर के तरनतारन में 103 बीएसएफ बटालियन में तैनात थे। घने कोहरे के बीच पाकिस्तान की तरफ से की गई फायरिंग में उन्हें गोली लग गई थी। रविवार को शहीद ओंकार सिंह का तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा। यहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके साथ आई सैन्य टुकड़ी, पुलिस बल ने हवा में फायर दागकर उन्हें सलामी दी। इस दौरान जवाली के विधायक अर्जुन सिंह ने शहीद के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। बता दें कि शहीद ओंकार सिंह अपने पीछे तीन बच्चे और पत्नी को छोड़ गए हैं।
केंद्र सरकार द्वारा लड़कियों की शादी की उम्र 21 वर्ष करने के कैबिनेट के फैसले का जिला कांगड़ा जिला परिषद उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेत्री स्नेह लता परमार ने स्वागत किया है। स्नेह लता परमार ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया हैं। स्नेह लता परमार ने कहा कि देश में अनेक क्रांतिकारी निर्णय लिए जा रहे हैं, जिससे सबके जीवन में परिवर्तन आ रहा है। उन्होंने कहा कि समानता के अधिकार की बात तो बहुत की जाती है लेकिन समानता वास्तव में है कि नहीं इस पर चिंतन नहीं होता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने लड़कियों की शादी की आयु भी 21 वर्ष कर एक बेहतरीन निर्णय किया है, जिससे महिलाओं के हितों का संरक्षण होगा और यह निर्णय आने वाले समय में सबके लिए एक बेहतर मील पत्थर होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उनकी सरकार का आभार है।


















































